देश में 49 लाख से अधिक लोगों को कोविड टीका लगाया गया
नई दिल्ली। देश भर में अब तक 49 लाख 59 हजार से अधिक लोगों को कोविड के टीके लगाये जा चुके हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि गुरुवार को पांच लाख नौ हजार से अधिक लोगों को कोविड के टीके लगाये गये। मंत्रालय ने कहा है कि आठ राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के 61 प्रतिशत लोगों को टीका लगाया गया है। उत्तरप्रदेश में देश के कुल लाभार्थियों का 11 प्रतिशत टीकाकरण किया गया है।
इस बीच, कल 15 हजार से अधिक रोगियों के ठीक होने से देश में स्वस्थ होने की दर बढ़कर 97.16 प्रतिशत हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि अब तक एक करोड चार लाख रोगी कोविड संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। इस समय देश भर में एक लाख 51 हजार सात सौ सक्रिय मामले हैं, जो कुल संक्रमित लोगों के केवल चार प्रतिशत रह गये हैं।
देश भर में कल 12 हजार 408 नये मामलों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही संक्रमित लोगों की कुल संख्या एक करोड़ आठ लाख से अधिक हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि पिछले 24 घंटों के दौरान 120 रोगियों की मौत की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही कोविड से मरने वालों की संख्या एक लाख 54 हजार से अधिक हो गई है।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद ने कहा है कि गुरुवार को विभिन्न जांच केन्द्रों में सात लाख 15 हजार से अधिक लोगों की जांच की गई। अब तक देश में नौ करोड 99 लाख लोगों की जांच की जा चुकी है।


.jpg)
.jpg)





.jpg)
Leave A Comment