झील में कूदकर छोटे भाई ने सुसाइड किया, उसी में दो दिन बाद मिली बड़े भाई की लाश
जोधपुर। जोधपुर में एक दर्दभरी घटना सामने आई है। यहां कायलाना झील में कूदकर दो भाइयों ने आत्महत्या कर ली। दोनों भाई अलग-अलग दिन पानी में कूदे। एक भाई ने बुधवार को झील में कूद अपनी जान दी। इसके बाद करीब एक हफ्ते से लापता चल रहे बड़े भाई का शव भी शनिवार को उसी झील से बरामद किया गया।
छोटे भाई का शव झील से मिलने के बाद पुलिस को आशंका थी कि बड़ा भाई भी इसमें कूदा होगा। ऐसे में दो दिन से वहां खोज अभियान चलाया जा रहा था। शनिवार सुबह पानी के ऊपर उतराता हुआ उसका शव मिला। मृतक की पहचान हड़वंत सिंह के रूप में की गई। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया है।
कायलाना झील में बुधवार को एक होमगार्ड के जवान ने छलांग लगा दी थी। रात को उसका पानी में पता नहीं चला। गुरुवार की सुबह पुलिस ने गोताखोरों की मदद से फिर तलाश करवाई। बाद में उसका शव पानी से बाहर निकाला जा सका। उसका बड़ा भाई भी पिछले कुछ दिनों से गुमशुदा था। जिसकी रिपोर्ट सूरसागर थाने में दर्ज करवाई गई।
राजीव गांधी नगर थानाधिकारी मूलसिंह भाटी ने बताया कि भूरटिया स्थित गली नंबर-9 में रहने वाला नरपत सिंह पुत्र नगसिंह राजपूत होमगार्ड था। वह बुधवार को दिन में अपनी बाइक लेकर कायलाना तालाब पहुंचा था। जहां पर बाइक खड़ी कर अपनी चप्पल उतारी और मोबाइल व पर्स को गाड़ी पर रखा था। फिर उसने पानी में छलांग लगा ली। इसे ऐसा करते हुए एक राहगीर ने देखा लिया था। उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रात तक उसकी पानी में तलाश की, मगर वो नहीं मिला।
गुरुवार सुबह फिर से पानी में उसकी तलाश करवाई गई। तब गोताखोर को उसका शव मिला। उसी दौरान जानकारी मिली कि नरपत सिंह का बड़ा भाई भी लापता है। इस पर पुलिस ने कायलाना में खोज अभियान तेज किया। इसके बाद शनिवार सुबह उसका शव भी उसी तालाब में मिला।
हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि पहले किस भाई ने अपनी जान दी थी। लेकिन शव को देख माना जा रहा है कि छोटे के आत्महत्या करने के बाद बड़े भाई ने भी पानी में कूद कर खुदकुशी कर ली। दोनों भाई के पास से किसी तरह का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। दोनों ने जान क्यों दी? इसकी भी जांच की जा रही है। हालांकि, शुरुआती जांच के बाद पुलिस का कहना है कि छोटा भाई अवसाद में था। उसकी मौत के बाद बड़ा भाई ने भी तनाव में आकर जान दे दी।


.jpg)
.jpg)





.jpg)
Leave A Comment