35 बार एक ही लाइन लिखी मिली...! रीट का एग्जाम अच्छा हुआ, जरूर सलेक्शन हो जाएगा, और फिर...
जोधपुर। जोधपुर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही पाली की 22 वर्षीय युवती ने किराए के कमरे में फांसी लगा ली। परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो उनके होश उड़ गए। वे तुरंत जोधपुर पहुंचे। बुधवार को नारलाई में अंतिम संस्कार किया गया। युवती ने रीट की परीक्षा दी थी। इसके दो दिन बाद 28 सितंबर को अपने कमरे पर फांसी लगा दी।
पुलिस ने बताया कि नारलाई गांव की 22 वर्षीय सुमन जोधपुर में सरदारपुरा में अपनी एक सहेली के साथ किराए के रूम में रहती थी। दोनों प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। सुमन का आईएएस बनने का सपना था। परिजनों ने बताया कि सुमन शुरू से ही पढ़ाई में होशियार थी। पोस्ट ग्रेजुएशन के बाद उसने बीएड किया। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए जोधपुर में रहती थी। दो दिन गांव में रहने के बाद वह जोधपुर चली गई। रीट की परीक्षा दी और 28 सितंबर को जोधपुर में अपने किराए के कमरे में फांसी लगा ली। उस समय उसकी रूम पार्टनर गांव गई हुई थी।
सुमन के कमरे में पुलिस को एक नोट मिला। इसमें 35 बार एक ही लाइन लिखी मिली। रीट का एग्जाम अच्छा हुआ, जरूर सलेक्शन हो जाएगा, जय ओम बन्ना की। इसके अलावा कुछ नहीं मिला। होनहार बेटी के यूं आत्महत्या करने से परिजन सदमे में हैं। उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि सुमन ने आत्महत्या कर ली। उन्हें लगता है कि उसके साथ कुछ बुरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


.jpeg)

.jpg)



.jpg)

Leave A Comment