पोर्टल ई-श्रम पर चार करोड़ से अधिक श्रमिकों का पंजीकरण कराया—केंद्रीय श्रम मंत्री
नई दिल्ली। केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा है कि असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए बने पोर्टल- ई-श्रम पर चार करोड़ से अधिक श्रमिकों का पंजीकरण हो गया है। यह देश में असंगठित कामगारों का पहला राष्ट्रीय डेटाबेस है। श्री यादव ने एक ट्वीट में यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि पंजीकरण से असंगठित क्षेत्र के कामगारों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। कुल पंजीकृत कामगारों में से 50 प्रतिशत से अधिक महिलाएं हैं जबकि पुरुष 49 दशमलव 98 प्रतिशत हैं।
ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में ई-श्रम पोर्टल पर सर्वाधिक कामगारों ने पंजीकरण कराया है। सबसे ज्यादा पंजीकरण कृषि और निर्माण क्षेत्र के मजदूरों का हुआ है। पंजीकरण के लिए कोई भी कामगार ई-श्रम के मोबाइल ऐप से भी अपना आवेदन दे सकता है। इसके अलावा सामान्य सेवा केंद्र, राज्य सेवा केंद्र, श्रम सुविधा केंद्र, चयनित डाकघरों के डिजिटल सेवा केंद्र में भी पंजीकरण कराया जा सकता है। पंजीकरण के बाद असंगठित क्षेत्र के कामगारों को डिजिटल ई-श्रम कार्ड मिलेगा। यदि कोई कामगार ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकृत है, तो दुर्घटना में मृत्यु होने पर या स्थायी विकलांगता पर दो लाख रुपये मिलेंगे। आंशिक रूप से विकलांग होने पर पंजीकृत मजदूर को एक लाख रुपये दिए जाएंगे।
Leave A Comment