उत्तराखंड में भारी बारिश बनी आफत... अब तक 37 लोगों की मौत
कुमाऊं । उत्तराखंड के कुमाऊं में सोमवार और मंगलवार को बेमौसम बादल काल बनकर बरसे। भूस्खलन, मकान ढहने, पानी में दौड़ते करंट आदि कारणों से 37 लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ लोगों के लापता होने की भी आशंका जताई जा रही है। मंगलवार को नैनीताल में सबसे ज्यादा 27, अल्मोड़ा में छह और चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और ऊधमसिंह नगर में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। फिलहाल सरकारी दावों में मरने वालों की संख्या 22 बताई गई है। दो दिन की बारिश में प्रदेश में मृतकों की संख्या 43 पहुंच गई है। नौ लापता बताए गए हैं। उधर, गढ़वाल में मंगलवार को किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली। सोमवार को यहां तीन लोग अपनी जान गंवा बैठे थे। मौसम साफ होने से अवरुद्ध मार्गों को खोलकर दिन भर चारधाम यात्रियों व अन्य फंसे लोगों को निकालने का काम दिन भर चलता रहा।
प्रलयंकारी बारिश से नैनीताल जिले में सबसे अधिक 27 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें चौकटा में पांच, सलड़ी में सात, सुकुना में 9, बोराकोट में दो, चोपड़ा में एक, भीमताल में एक क्वारब में दो की मौत हुई है। अल्मोड़ा जिले में छह लोगों की अलग-अलग जगहों पर मलबे में दबने से मौत हुई। अल्मोड़ा जिले में आपदा की भेंट चढ़ छह लोगों में तीन लोग भिकियासैंण क्षेत्र के ग्राम रापड के एक ही परिवार के थे।
वहीं एक महिला अल्मोड़ा चितई गांव की और एक युवती अल्मोड़ा के एनटीडी क्षेत्र की थी। अल्मोड़ा जिले के स्याल्दे में भी एक महिला की मलवे में दबने से मौत हुई है। चंपावत के तेलवाड़ में भूस्खलन की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। दो लोग लापता हैं। पिथौरागढ़ जिले में भी एक व्यक्ति की मौत हुई है। रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर) में रामपुर के विधायक कमलेश शुक्ला की पुत्रवधू की बारिश के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। वहीं, बाजपुर में सोमवार को बहे किसान का शव बरामद कर लिया गया है।
नैनीताल जिले में 15, पिथौरागढ़ जिले में 28, चंपावत में 14, अल्मोड़ा में 22, बागेश्वर में 10 सड़कें बंद हैं। कोसी नदी में पानी बढऩे से रामनगर के गर्जिया मंदिर को खतरा पैदा हो गया। पानी मंदिर की सीढिय़ों तक पहुंच गया है। वहीं बैराज के सभी फाटक खोल दिए गए हैं। कोसी बैराज पर कोसी नदी का जलस्तर 139000 क्यूसेक है। जो खतरे के निशान से काफी ऊपर है। कोसी बैराज में खतरे का निशान 80000 क्यूसेक है।
उधर, नैनीताल में भारी बारिश से कई जगह पानी भर गया है। वहीं, तल्लीताल चौराहे में (डांठ) में लगभग दो इंच की दरार पड़ गई। सूचना मिलते ही एसडीएम और सीओ मौके पर पहुंच गए। कैंट रोड में पानी का बहाव बहुत तेज होने के कारण दुकानों के अंदर फंसे लोगों को सेना के जवानों ने रेस्क्यू कर निकाला। नदी के ओवरफ्लो होने से कोसी नदी का पानी रामनगर-रानीखेत मार्ग स्थित लेमन ट्री रिजॉर्ट में घुस गया था। डीजीपी अशोक कुमार के मुताबिक इस दौरान लगभग 100 लोग फंस गए थे। वे सभी सुरक्षित हैं। पहाड़ों की बारिश के बाद हरिद्वार में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। सुबह साढ़े आठ बजे से पानी के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है। जिसके बाद से प्रशासन अलर्ट मोड पर है। बैराज के खतरे का निशान 294 मीटर पर है। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के एसडीओ शिवकुमार कौशिक ने बताया कि रात 12:00 बजे के बाद टिहरी बांध व श्रीगंगानगर से पानी छोड़े जाने से गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। जिससे क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है
ऋषिकेश में गंगा खतरे के निशान से महज 20 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। त्रिवेणी घाट के आरती स्थल समेत विभिन्न गंगा घाट जलमग्न हो गए हैं। प्रशासन तटीय क्षेत्रों में रह रहे लोगों को आश्रय स्थलों में शिफ्ट कर रहा है। ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर 340.30 मीटर पर पहुंच गया है। गंगा चेतावनी निशान 340.50 मीटर के बिल्कुल करीब पहुंच गई है। केंद्रीय जल आयोग ने मैदानी जिलों के प्रशासन अलर्ट कर दिया है। पुलिस गंगा के तटीय क्षेत्र में रहने वाले लोगों लगातार अलर्ट कर रही है। वहीं चंद्रेश्वर नगर, मायाकुंड, चंद्रभागा के आसपास रहने वाले लोगों को शिफ्ट किया जा रहा है। त्रिवेणी घाट का आरती स्थल, परमार्थ घाट, नाव घाट, शत्रुघ्न घाट आदि घाट पानी में डूब गए हैं।
केदारनाथ में बारिश के साथ ऊपरी पहाडिय़ों पर बर्फबारी हो रही है। वहीं, यमुनोत्रीधाम सहित यमुना घाटी की पहाडियां कोहरे से ढकी हुई हैं। उधर, राजधानी देहरादून समेत पहाड़ों की रानी मसूरी मे चटक धूप खिली है। गोला नदी के तेज बहाव के कारण हुए भू- कटाव के चलते काठगोदाम में रेलवे ट्रेक क्षतिग्रस्त हो गया। बारिश के बाद उत्तराखंड आने वाली कई ट्रेनें निरस्त की गई हैं। वहीं, कई ट्रेनों को शार्ट टर्मिनेट किया गया है। सूचना के लिए पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के मुख्य स्टेशनों पर हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
काठगोदाम- 9368702980
हल्द्वानी - 9368702979
रुद्रपुर - 9368702984
Leave A Comment