दो माओवादी कमांडरों ने लोहरदगा में आत्मसमर्पण किया
लोहरदगा (झारखंड)। राज्य सरकार द्वारा अपनायी गयी आत्मसमर्पण नीति ‘नई दिशा' के तहत बुधवार को प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन माओवादी के सब जोनल कमांडर विष्णु दयाल नगेशिया व एरिया कमांडर आकाश नगेशिया ने जिला उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक व केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कमांडेंट सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। राज्य की आत्मसमर्पण नीति के तहत दोनों को एक-एक लाख रुपये दिये गए और पुर्नवास की भी व्यवस्था की जाएगी। माओवादियों द्वारा आत्मसमर्पण करने के पश्चात उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो व पुलिस अधीक्षक प्रियंका मीणा ने इसे सुरक्षा बलों की बड़ी उपलब्धि बताया। उपायुक्त ने कहा कि पुलिस के लगातार बढ़ते दबिश तथा संगठन के आंतरिक शोषण से क्षुब्ध होकर और झारखंड सरकार के आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर दोनों नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। पुलिस कप्तान प्रियंका मीणा ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले जोनल कमांडर विष्णु दयाल नगेशिया तथा एरिया कमांडर आकाश नगेशिया उर्फ समेश्वर नगेशिया दोनों जिले के पेशरार थाना अंतर्गत इचवा टांड ओनेगढा के निवासी हैं। इनके विरुद्ध पेशरार, कुरुमगढ़, गारू थाने में विभिन्न कांडों के लगभग एक दर्जन मामले दर्ज हैं। सब जोनल कमांडर व विष्णु दयाल नागेशिया एवं एरिया कमांडर आकाश नगेशिया ने 2013-14 में माओवादी रविंद्र गंझू के दस्ते में शामिल होकर कई उग्रवादी घटनाओं को अंजाम दिया था।





.jpg)


.jpg)

Leave A Comment