- Home
- छत्तीसगढ़
-
भिलाईनगर। सुपेला लक्ष्मी नगर गुरुद्वारे के पास शासकीय रिक्त भूमि पर पार्किंग स्थल प्रस्तावित है। जहां कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया था। पुलिस बल के साथ जोन 1 आयुक्त अजय सिंह राजपूत स्वयं स्थल रिक्त करवाएं। वहां पार्किंग स्थल बन जाने से सामान खरीदी बिक्री करने वाले ग्राहकों का गाड़ी पार्किंग होगी, जिससे आवागमन में सुविधा होगी। हमेशा वहां जाम की स्थिति निर्मित होती है जिससे दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है।
इसी प्रकार आकाशगंगा में भी पार्किंग व्यवस्था की जा रही है, जिससे लोगों को सुविधा मिले। स्थानीय व्यापारियों द्वारा वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन से भी मांग किया गया था कि वहां व्यवस्थित पार्किंग बने। पार्किंग स्थल पर पेवर ब्लॉक, गेट सहित प्रवेश एवं निकासी की व्यवस्था होगी। अच्छी लाइटिंग सुविधा होगी, जो सबके लिए सुविधाजनक होगा। स्थानीय व्यापारियों ने इस कार्य से खुशी व्यक्त करते हुए प्रशासन को धन्यवाद दिया।जुनवानी चौक पर शासकीय स्कूल के सामने नाली के ऊपर अवैध कब्जे को हटाया गया। खुले में मांस बेचने वालों पर चलानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान जोन राजस्व अधिकारी अजय शुक्ला, प्रसन्न तिवारी, शशांक सिंह, विनोद शुक्ला, इनाम सिंह कन्नौज, निरंजन असाटी, संतोष हरमुख एवं सुपेला थाना पुलिस बस उपस्थित रहे। -
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) किफायती आवास के ‘‘मोर मकान मोर आस’’ एवं ‘‘मोर मकान मोर चिन्हारी’’ घटक के अंतर्गत किरायेदारी के रूप में निवास कर रहे परिवारों को योजना के तहत आवास आबंटन किया गया है। आबंटित आवास को 30 वर्षीय पटटे पर प्रावधिक रूप से एवं स्वयं के आवासीय उपयोग हेतु ही आबंटन किया जाता है । आबंटितों को आवास विक्रय करने अथवा पटटे, किराये, दान में देने अथवा अन्य किसी भी रिति में अन्य संक्रमण करने का अधिकार नही होगा। आबंटित आवास को स्वयं के निवास हेतु उपयोग करें यदि हितग्राही द्वारा किसी कारणवश आबंटित आवास छोड़कर जाने की स्थिति में अथवा अन्यत्र निवास स्थापित करने पर आबंटन स्वमेव रद्द हो जायेगा एवं उक्त आवास पर नगरीय निकाय का अधिकार होगा।
आबंटित आवास को क्रय-विक्रय करने का कोई प्रावधान नही है, ऐसा करने पर आबंटित आवास के आबंटन को रद्द कर दिया जावेगा। आबंटन संबंधी किसी भी कार्य की जानकारी प्राप्त करने हेतु नगर पालिक निगम भिलाई सुपेला के मुख्य कार्यालय प्रधानमंत्री आवास योजना विभाग कक्ष क्रमांक 16 में सम्पर्क करें तथा दलालों एवं बिचोलियों के झांसे में न आये एवं आबंटित आवास का क्रय-विक्रय न करें। ऐसा करना आबंटन नियम का उल्लघन है, शिकायत प्राप्त होने पर नियमानुसार कार्यवाही की जावेगी। -
भिलाई नगर। नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा मुख्य मार्गों पर घूमते आवारा मवेशियों के कारण हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने एवं जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इन मवेशियों को नगर निगम टीम द्वारा पकड़कर, उचित व्यवस्था हेतु कोसा नगर स्थित गौ-शाला में पहुँचाया जा रहा है। इस कार्यवाही के दौरान कुछ स्थानीय पशुपालकों द्वारा विरोध भी दर्ज किया गया है, किंतु जनहित एवं यातायात सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए यह कार्रवाई आवश्यक है।साथ ही, सड़कों पर विचरण कर रहे मवेशियों को रात्रि में भी दिखाई दे, इस हेतु पशुओं को रेडीयम बेल्ट भी पहनाया जा रहा है, जिससे सड़क दुर्घटना न हो।नगर निगम द्वारा मुनादी के माध्यम से स्थानीय पशुपालकों से यह भी अपील की जा रही है कि वे अपने मवेशियों को खुला न छोड़ें एवं उन्हें उचित देखरेख में रखें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध पशु अधिनियम एवं नगर निगम अधिनियम के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में जयन्ती स्टेडियम के पास शिवमहापुराण का आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं की भारी मात्रा का अनुमान लगाकर कार्यक्रम स्थल के आसपास घुमंतू पशुओं पर कार्यवाही हेतु आयुक्त महोदय द्वारा भिलाई इस्पात संयंत्र के महा प्रबन्धक को पत्र लिखा गया है। जिससे आवागमन में कोई व्यवधान न हो, एवं कार्यक्रम सुचारु रूप से संचालित हो सके। -
भिलाईनगर। भारत सरकार आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा अमृत मित्र योजना अंतर्गत वुमेन फार ट्री अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें अमृत 2.0 मिशन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, वृक्षारोपण, रखरखाव, जागरूकता एवं पर्यावरणीय अभियान से संबंधित कार्यों हेतु डे-एन यू एल एम मिशन अंतर्गत पंजीकृत इच्छुक महिला स्व-सहायता समूहों से नगर पालिक निगम भिलाई .क्षेत्र में उक्त कार्य के संचालन हेतु रुचि की अभिव्यक्ति आॅफर दिनांक 01.08.2025 को सायं 5ः30 बजे तक स्पीड/पंजीकृत डाक/व्यक्तिगत हाथों-हाथ आमंत्रित की जाती है। आमंत्रित रूचि की अभिव्यक्ति में चयनित स्थलों पर वृक्षारोपण, पौधों की देखरेख/सिंचाई एवं संधारणीय निगरानी, पौधो की जियो टैगिंग और नियमित प्रगति रिपोर्टिग, वृक्षारोपण एवं पर्यावरणीय संरक्षण हेतु सामुदायिक सहभागिता को सम्मिलित किया गया है।
रूचि की अभिव्यक्ति में भाग लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज 100 रूपये का डिमांड ड्राफ्ट, शपथपत्र, स्व सहायता समूह के विवरण, स्व सहायता समूह के द्वारा अद्यतन कृत कार्यो का विवरण, पदाधिकारियों का विवरण, आवेदन पत्र के साथ समूह का पंजीयन प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, बैंक खाता विवरण, समूह की हालिया बैठक की कार्यवाही विवरण प्रस्तुत करना अनिवार्य है। आवेदन कार्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि 01.08.2025 निर्धारित है। इच्छुक स्व सहायता समूह निर्धारित अंतिम तिथि के पूर्व मुख्य कार्यालय के उद्यान विभाग से जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दस्तावेज सहित आवेदन कर सकते हैं। -
भिलाई नगर। नगर निगम भिलाई में निवासरत समस्त नगरिकों के लिए सुनहरा अवसर है । संपत्ति कर जमा करने वालों के लिए वर्तमान में निगम भिलाई द्वारा 5% की छूट दी जा रही है। 5 प्रतिशत छूट की अंतिम तिथि 31 जुलाई को है। अतः जिनका भी संपत्ति कर बकाया है वे अपनी संपत्ति कर जल्द से जल्द जमा कर सकते हैं और चल रहे ऑफर का लाभ ले सकते हैं ।
यदि स्वविवरणी अनुसार अपने मकान/ दुकान का क्षेत्रफल का गलत जानकारी दिए हैं तो नगर निगम आकर, टीम के जांच के पूर्व अपना स्वविवरणी सुधार कर लेवे। अन्यथा जांच में गलत जानकारी पाए जाने पर अंतर की राशि का 5 गुना राशि भुगतान करने का प्रावधान है। - महासमुंद / समग्र शिक्षा एवं जिला प्रशासन महासमुंद के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांग बच्चों के लिए जिला स्तरीय मेगा आकलन शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर में पात्र चिन्हांकित दिव्यांग बच्चों को प्रमाण पत्र और सहायक सामग्री वितरित कर उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने स्कूलों में दिव्यांग बच्चों के समावेशी शिक्षा को विशेष महत्व देने और हर सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही। अपर कलेक्टर श्री रवि साहू ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि दिव्यांगता जीवन में बाधा नहीं है दृढ़ संकल्पित होकर पढ़े लिखे तो हर ऊंचे पदों पर मन वांछित स्थान पर अपना स्थान बना सकते हैं।शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा बच्चों की संपूर्ण जांच एवं आकलन किया गया। इस टीम में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. मानस अंकुर सतपति, श्रवण बाधित विशेषज्ञ डॉ. ओमकेश्वरी साहू, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद गुप्ता, नेत्र विशेषज्ञ डॉ. मंजूषा चंद्रसेन एवं मनोवैज्ञानिक डॉ. टिकेश्वरी गोस्वामी सम्मिलित थीं, जिन्होंने अपनी विशेषज्ञता के माध्यम से शिविर को सफल बनाया।कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, सीईओ जिला पंचायत श्री एस. आलोक के मार्गदर्शन में जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे, जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा, एपीसी डी. एन. जांगड़े के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।कार्यक्रम का संचालन खेमिन साहू ने किया। आभार प्रदर्शन जागेश्वर सिन्हा बीआरसीसी महासमुंद ने किया।इस विशेष शिविर में महासमुंद जिले के पाँचों विकासखंड—महासमुंद, बागबाहरा, पिथौरा, बसना और सरायपाली से 173 से अधिक दिव्यांग बच्चे, उनके पालक एवं शिक्षक उपस्थित रहे। इनमें से 110 बच्चों की विशेषज्ञों द्वारा जांच की गई, जिनमें से पात्र पाए गए बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।कार्यक्रम को सफल बनाने में उप संचालक समाज कल्याण श्रीमती संगीता सिंह, बीईओ लीलाधर सिन्हा, बीआरसीसी जागेश्वर सिन्हा, बीआरपी अनीता निर्मलकर, रंभा जायसवाल, राकेश कुमार, निर्मल, अवधेश यादव, स्पेशल एजुकेटर तुलसी साहू, डिम्पल जांगड़े, सुखदेव, अंकित, संकुल समन्वयक आशीष साहू, नीरज साहू, सुरेश पटेल, पवन साहू, ईश्वर कमार, गणेश टंडन, टाकेश्वर साहू, केशव साहू एवं शिक्षकों ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई। यह शिविर समावेशी शिक्षा की दिशा में एक सराहनीय प्रयास रहा, जिससे दिव्यांग बच्चों के अधिकारों और उनके बेहतर भविष्य की दिशा में ठोस पहल सुनिश्चित हुई।
-
-इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के इंटरनॅशनल अतिथि गृह में सावन महोत्सव मनाया गयारायपुर । जय हरितिमा महिला समिती ने इंदिरा गांधी कृषि विश्व विद्यालय के इंटरनॅशनल अतिथि गृह में सावन महोत्सव मनाया। इस अवसर पर भगवान शिव की पूजा की गई और हरियाली का आनंद लिया गया। कार्यक्रम में सावन क्वीन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जय हरितिमा की सुंदर सदस्यों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में श्रीमति हेम शशी साहू सावन क्वीन चार्मिग लेडी बनीं, जबकि श्रीमति निशा वर्मा, प्रिटी लेडी और श्रीमति ज्योति भट्ट लवली लेडी रनर अप रहीं।इसके अलावा सावन स्पेशल गेम भी खेला गया, जिसमें श्रीमति दुर्गा प्रजापति और श्रीमति क्षमा अग्रवाल विजेता रहीं। कार्यक्रम का संचालन क्लब की सचिव श्रीमति दुर्गा प्रजापति जी और सहसचिव श्रीमति दिप्ती मयी दास ने किया. गेम प्रभारी थी श्रीमती प्रीति भंडारकर. अध्यक्ष श्रीमति ममता चंदेल और जज श्रीमति मधुलिका दास का विशेष सहयोग रहा। स्वादिष्ट भोजन , हरे रंग से लबरेज व्यंजनों की व्यवस्था की ममता चंदेल ने. धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष श्रीमती ममता लखेरा ने किया. - - प्रथम बटालियन ग्राउण्ड में आयोजित होगा स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह- समारोह में स्कूली बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम की होगी प्रस्तुति- 12 अगस्त को होगी फायनल रिहर्सल- उत्कृष्ट कर्मचारी होंगेे सम्मानितदुर्ग / प्रतिवर्ष की भांति स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त का आयोजन जिले में गरिमामयी एवं हर्षाेल्लास के साथ जिला मुख्यालय अंतर्गत भिलाई स्थित प्रथम बटालियन ग्राउण्ड में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 9ः00 बजे से किया जाएगा। सभी शासकीय कार्यालयों में सुबह 8ः00 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के आयोजन के लिए कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने आज अधिकारियों की बैठक में विभागवार जिम्मेदारी सौंपी है। जिला मुख्यालय में मुख्य समारोह स्थल में ध्वजारोहण पश्चात् परेड द्वारा सलामी दी जाएगी। परेड में जिला आरक्षक बल, विशेष बल, केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, होमगार्ड, एनसीसी एवं स्काउट गाइड शामिल होंगे। इसी प्रकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए समिति बनाने तथा जिला शिक्षा अधिकारी को स्कूली बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम तैयारी प्रारंभ करने कहा गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रम में सभी प्रदेश की सांस्कृतिक गतिविधियां समाहित हो। कार्यक्रम स्थल में बेरिकेटिंग एवं बैठक व्यवस्था के लिए लोक निर्माण विभाग को, साफ सफाई, पेयजल, शौचालय सहित शामियाना, कुर्सियां, लाउडस्पीकर आदि की व्यवस्था के लिए नगर निगम भिलाई को, विशिष्ट अतिथियों के लिए आवश्यक व्यवस्था के लिए लोक निर्माण विभाग को, कार्यक्रम स्थल में चबूतरा निर्माण, झण्डे आदि की व्यवस्था के लिए लोक निर्माण व रक्षित निरीक्षक को जिम्मेदारी दी गई है।मंच सजावट के लिए उद्यानिकी विभाग को, विद्युत कनेक्शन, जनरेटर आदि की व्यवस्था के लिए नगर निगम एवं विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग को, सम्मानीय अतिथियों की बैठक व्यवस्था के लिए प्रभारी अधिकारी प्रोटोकॉल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को, ध्वजारोहण पश्चात् रंग बिरंगी गुब्बारे आसमान में छोेड़ने के लिए उद्योग विभाग को दायित्व दिए गए हैं। मुख्य अतिथि का परेड निरीक्षण के लिए वाहन व्यवस्था हेतु पुलिस विभाग को, मुख्यमंत्री का संदेश वाचन के लिए पुस्तिका की व्यवस्था के लिए जनसंपर्क विभाग को, कार्यक्रम स्थल में उद्घोषक के लिए शिक्षा, पर्यावरण एवं आदिवासी विकास विभाग को जिम्मेदारी दी गई है। प्रमुख चौक-चौराहों पर देशभक्ति गीत-संगीत के प्रसारण के लिए नगर निगम दुर्ग-भिलाई को, कार्यक्रम का विडियो एवं फोटोग्राफी के लिए जनसंपर्क विभाग एवं खनिज विभाग को जिम्मेदारी दी गई है। प्रथम बटालियन ग्राउण्ड में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण की व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक दुर्ग और लोक निर्माण विभाग को दी गई है। आमंत्रण पत्रों का मुद्रण एवं प्रोटोकॉल अनुसार वितरण के लिए सी.ई.ओ. जिला पंचायत, वरिष्ठ लिपिक शाखा, प्रोटोकॉल शाखा को जिम्मेदारी दी गई है।कलेक्टर श्री सिंह ने जिला स्तरीय अधिकारियों को जिला मुख्यालय में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन से संबंधित राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग से प्राप्त दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय में शासन द्वारा विनिर्दिष्ट माननीय मंत्री जी द्वारा ध्वजारोहण किया जाकर परेड की सलामी ली जाएगी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के संदेश” का वाचन किया जाएगा। जीएडी के गाइड लाईन अनुसार ध्वजारोहण पश्चात परेड द्वारा सलामी दी जायेगी। परेड में पुलिस, नगर सेना, जेल प्रहरी, बीएसएफ, सीआईएससफ, एनसीसी एवं स्काउट गाइड भाग लेंगी। कलेक्टर ने कहा कि यह ध्यान रखा जाए कि समारोह में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम गरिमामय एवं रूचिपूर्ण हों। 12 अगस्त को सुबह 9.00 बजे रिहर्सल होना है। स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत् उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारी सम्मानित होंगे। इसके लिए जिला कार्यालय प्रमुख अधिकारी 10 अगस्त तक कर्मचारियों की सूची अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराएं।कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जनपद पंचायत मुख्यालयों पर संबंधित जनपद पंचायत अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा एवं राष्ट्रगान होगा। ऐसी नगर पालिका/नगर पंचायत जिनका मुख्यालय ब्लॉक मुख्यालय पर नहीं है, उनमें अध्यक्ष, नगर पालिका/नगर पंचायत द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। पंचायत मुख्यालयों में सरपंच द्वारा एवं बड़े गांवों में, गांवों के मुखिया द्वारा ध्वजारोहण किया जाये एवं सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गान गाया जाए। विभाग/कार्यालय प्रमुख द्वारा उनके कार्यालय में ध्वजारोहण का कार्यक्रम आयोजित किया जाए तथा ध्वजारोहण के पश्चात् सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गान (जन-गण-मन) गाया जाए। पूर्व के वर्षों की भांति इस वर्ष स्कूली बच्चों के कार्यक्रम तथा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। सभी शासकीय/सार्वजनिक भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2025 की रात्रि में जिले के सभी शासकीय/सार्वजनिक भवनों/राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों पर रोशनी की जाए। उक्त पर होने वाला व्यय संबंधित प्रशासकीय विभाग अपनी विभागीय बजट से वहन करेंगे।बैठक में सहायक कलेक्टर श्री अभिजीत बबन पठारे, एडीएम श्री वीरेन्द्र सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री बीके दुबे, सभी नगर निगम आयुक्त, सभी एसडीएम, जनपद सीईओ सहित समस्त विभाग के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
- - निर्वाचन संबंधी लंबित शिकायतों का भी करें निराकरण- विभागों में कंडम गाड़ी को कराएं अपलेखन- कलेक्टर ने समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा कियादुर्ग / कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर समय-सीमा लंबित प्रकरणों की विभागवार गहन समीक्षा किया। उन्होंने अधिकारियों को विभागों को प्राप्त आवेदनों का निराकरण समय-सीमा के भीतर करने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने पावरग्रिड प्रभावित किसानों को मुआवजा राशि के संबंध में सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को 400 के.व्ही. डबल सर्किट पावरग्रिड रायपुर पुल-धमतरी संचरण लाइन निर्माण कार्य अंतर्गत टावर स्थापना व तार के नीचे प्रभावित भूमि का मुआवजा भुगतान कराने और अद्यतन भुगतान राशि की जानकारी देने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि संबंधित अनुभाग अंतर्गत आरबीसी 6-4 के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों की जानकारी भी उपलब्ध कराये जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री निवास से प्राप्त आर्थिक सहायता राशि के प्रकरण लंबित न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्वाचन के दौरान प्राप्त शिकायतों के निराकरण की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2025 के दौरान प्राप्त शिकायतों का भी निराकरण कर अवगत कराएं।कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप 15 वर्ष से अधिक चली शासकीय वाहनों का अपलेखन किया जाना है। उन्होंने जिले के विभिन्न विभागों में अभी भी अपलेखन होने से 12 लंबित वाहनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को जिला परिवहन कार्यालय के माध्यम से अपलेखन कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि विभाग में अपलेखन हेतु कंडम वाहन शेष न रहेे। उन्होंने समीक्षा के दौरान एसडीएम एवं जनपद सीईओ को संबंधित क्षेत्र में कृषि मजदूर कल्याण योजना अंतर्गत पात्र हितग्राहियों का परीक्षण करा लेने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने राशन कार्ड केवायसी के संबंध में कहा कि ऐसे राशन कार्ड जिनका केवायसी नहीं हुआ है, सत्यापन कराएं और शासन के मार्गदर्शी निर्देशों के तहत कार्यवाही सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन, हितग्राहियों का आधार सीडिंग कराये। साथ ही फिंगरप्रिंट के कारण लंबित हितग्राहियों की जानकारी शासन को प्रेषित की जाए। कलेक्टर ने आगामी माह प्रस्तावित संभाग से रामलला दर्शन तीर्थयात्रा हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिये। बैठक में स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त हेतु अधिकारियों को कार्यभार दायित्व सौंपे गये। राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती कार्यक्रम आयोजन के संबंध में अवगत कराया गया। साथ ही अधिकारियों को विभागीय कार्य गतिविधियों की रूपरेखा शीघ्र कलेक्टोरेट में जमा कराने कहा गया। सुशासन तिहार के लंबित आवेदनों के निराकरण की जानकारी देने हेतु 30 जुलाई को मुरमुंदा में आयोजित विशेष शिविर में सभी अधिकारियों को उपस्थिति सुनिश्चित करने कहा गया है।बैठक में सहायक कलेक्टर श्री अभिजीत बबन पठारे, एडीएम श्री विरेन्द्र सिंह, जिला पंचायत के सीईओ श्री बजरंग दुबे, नगर निगम दुर्ग आयुक्त श्री सुमीत अग्रवाल, नगर निगम रिसाली आयुक्त श्रीमती मोनिका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्री हरवंश मिरी एवं श्रीमती सिल्ली थॉमस, एसडीएम श्री सोनल डेविड, श्री हितेश पिस्दा, डिप्टी कलेक्टर श्री उत्तम ध्रुव सहित समस्त विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
- रायपुर / मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में पदक विजेता खिलाड़ियों ने सौजन्य भेंट की।मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों को और अधिक मेहनत कर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।प्रदेश के विजेता खिलाड़ियों में रजत पदक विजेता अन्नू देवी कुंवर, दीप्ति साहू तथा कांस्य पदक विजेता संजना कन्नौजिया और हर्षा सेन शामिल थीं। प्रशिक्षक श्री विशाल हियाल भी इस अवसर पर उपस्थित थे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ किक बॉक्सिंग संघ के प्रदेशाध्यक्ष श्री छगन लाल मुंदड़ा तथा महासचिव श्री आकाश गुरुदीवान उपस्थित थे।
- रायपुर /मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने “ऑपरेशन महादेव” के तहत सुरक्षाबलों द्वारा की गई सफल कार्रवाई को आतंक के विरुद्ध भारत की अडिग नीति का प्रतीक बताया है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पहलगाम आतंकी हमले में शामिल तीन आतंकवादियों को मार गिराकर आतंक के विरुद्ध निर्णायक कार्यवाही की है। उन्होंने सुरक्षाबलों के साहस को नमन करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों के पराक्रम से पहलगाम आतंकी हमले के तीनों गुनहगार सज़ा पा चुके हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ऑपरेशन महादेव, यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह जी के संकल्प का सशक्त परिणाम है। भारतीय सेना के जवानों का पराक्रम हर देशवासी के हृदय में विश्वास और गर्व की भावना भर देता है। सेना का यह ऑपरेशन मात्र एक कार्रवाई नहीं यह संदेश है उन सभी दुश्मनों को, जो भारत की भूमि पर आतंकी मंसूबे लेकर आते हैं।
- -मुख्यमंत्री ने कहा – छत्तीसगढ़ एक शांतिप्रिय प्रदेश है, कानून अपना कार्य कर रहा हैरायपुर /मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से आज मंत्रालय, महानदी भवन में केरल एवं ओडिशा के सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में लोकसभा सांसद चलाकुडी से श्री बेनी बेहनन, कोट्टायम से श्री के. फ्रांसिस जॉर्ज, कोल्लम से श्री एन. के. प्रेमचंद्रन, कोरापुट से श्री सप्तगिरि उल्का, और केरल विधानसभा सदस्य श्रीमती रोजी एम. जॉन शामिल थे।प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से राज्य में हाल ही में चर्चा में आए धर्मांतरण प्रकरण की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक शांतिप्रिय और समरसता में विश्वास रखने वाला प्रदेश है, जहाँ सभी धर्मों के लोग सौहार्दपूर्वक रहते हैं।मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले की जांच न्यायिक प्रक्रिया के तहत की जा रही है। कानून स्वतंत्र रूप से अपना कार्य कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश की बेटियाँ और नागरिक सुरक्षित और सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत करें।
-
-प्रोजेक्ट "धड़कन" के अंतर्गत जन्मजात हृदय रोग की जांच हेतु विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित
-कलेक्टर केंदीय विद्यालय क्रमांक-2 में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में हुए शामिल-जिला प्रशासन एवं श्री सत्य साई हॉस्पिटल की पहलरायपुर / मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिला प्रशासन की एक और नवाचार पहल "प्रोजेक्ट धड़कन" के तहत केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 रायपुर में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें कलेक्टर डॉ गौरव सिंह शामिल हुए। इसमें बच्चों की हृदय रोग से संबंधित जांच की गई।कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा की हम प्रोजेक्ट धड़कन के माध्यम बच्चों को होने वाले ह्रदय की समस्या से बचाना चाहते है, कई बार सही समय पर पता नहीं चलने पर समस्या का सामना करना पड़ता है | इस योजना के माध्यम से सभी बच्चो के हृदय की जांच की जाएगी और कुछ कमी पाए जाने पर श्री सत्य साई हॉस्पिटल नवा रायपुर में ईलाज किया जाएगा |कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी और शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की प्रारंभिक पहचान और निशुल्क इलाज सुनिश्चित करना है। तेज धड़कन, वजन न बढ़ना, शरीर में नीलापन, बार-बार सर्दी-खांसी, सांस लेने में परेशानी, स्तनपान के समय पसीना आना आदि लक्षणों के आधार पर बच्चों की जांच की जा रही है। कार्यक्रम में मौजूद परिजनों ने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया। इस अवसर परश्री सत्य साईं हॉस्पिटल से चेयरमैन श्री सी. श्रीनिवास, जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार विश्वरंजन, केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य श्री सुजीत सक्सेना, विद्यालय के विद्यार्थी एवं शिक्षक उपस्थित रहे | - -बैठक लेकर करेंगे योजनाओं की समीक्षाबिलासपुर, /छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष श्री नेहरू राम निषाद और उपाध्यक्ष श्रीमती चंद्रकांति वर्मा 7 अगस्त को बिलासपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। श्री निषाद इस दिन दोपहर 2 बजे जिला कार्यालय के सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर पिछड़े वर्गाें के विकास के लिए संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। बैठक में विशेषकर अन्य पिछड़े वर्ग के क्रिमीलेयर निर्धारण के संबंध में अधिकारियों से चर्चा कर मार्गदर्शन देंगे। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी संबंधित अधिकारियों को तैयारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
- बिलासपुर /जिले में खेती-किसानी के लिए किसानों को पर्याप्त मात्रा में सरकार द्वारा खाद उपलब्ध कराने से किसानों में खुशी की लहर है। खेती-किसानी का काम जोरों पर है। किसान रोपा-बियासी का काम पूरे उत्साह से कर रहे है।बिल्हा ब्लॉक के सेलर गांव के किसान श्री जसबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि वे 15 एकड़ में खेती करते है। सोसायटी द्वारा वाट्सअप में उन्हें खाद की उपलब्धता की सूचना दी गई। सोसायटी जाने के तुरंत बाद ही उन्हें खाद मिल गया। उन्होंने कहा कि अच्छी बारिश हो रही है और पर्याप्त मात्रा में खाद मिलने से खेती किसानी के काम में बहुत मदद मिल रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत उन्हे भी हर वर्ष 6 हजार रूपये की राशि मिलती है। इसी प्रकार श्री रामकुमार पटेल ने बताया कि उनके पास 10 एकड़ जमीन है। सोसायटी से उन्हें यूरिया, पोटाश, डीएपी पर्याप्त मात्रा में मिला है। उन्होंने बताया कि कृषक उन्नति योजना सरकार की लाभकारी योजना है। जिसके तहत 3100 रूपये प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से धान खरीदी की जा रही है। इससे मिलने वाली राशि से उन्हें बहुत फायदा होता है। श्री रामकुमार पटेल ने बताया कि इस बार समय पर खाद बीज मिलने से खेत की बुआई समय पर हो गई है। इससे हमें अच्छी फसल की उम्मीद है। इसी गांव के किसान श्री पुष्पेन्द्र कुमार पटेल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद देते हुए बताया कि सरकार की किसान हितैषी योजनाओं से किसानों को बहुत फायदा हुआ है। सरकार और प्रशासन की तत्परता से किसानों में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।
- बिलासपुर, /कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के निर्देशानुसार जिले में खनिज विभाग द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एंव भण्डारण पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। खनिज अमला बिलासपुर द्वारा चकरभाठा, रहँगी, सिरगिट्टी, मस्तूरी क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। चांपा से बिना वैध अभिवहन पास के परिवहन कर रहे 02 हाइवा वाहन एंव मस्तूरी से खनिज गिट्टी का बिना वैध अभिवहन पास के परिवहन करते पाये गए 01 हाइवा वाहन को जप्त कर खनिज चौकी लावर एंव पुलिस थाना चकरभाटा की अभिरक्षा मे रखा गया है। खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन, भण्डारण पर खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्यवाही जारी है।
- -कलेक्टर के निर्देश पर सभी एसडीएम ने जारी किए आदेश-भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 तत्काल प्रभावशील-हादसा के लिए मवेशी मालिक होंगे जिम्मेदारबिलासपुर /कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर जिले के सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारियों द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 प्रभावशील कर दिया गया है। इसके तहत कोई भी मालिक अपने पशुओं को खुले में नहीं छोड़ सकेगा। उन्हें अपने सभी पशुओं को बांधकर रखना होगा। अधिनियम का उल्लंघन करने पर उन्हें कठोर सजा या जुर्माना से दण्डित किया जाएगा। पशु क्रूरता अधिनियम के तहत भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।जिले के सभी एसडीएम द्वारा जारी अलग-अलग आदेश के अनुसार जिले में भारतीय राजष्ट्रीय राजमार्ग, राज्यीय राजमार्ग एवं स्थानीय मार्गाे में लगातार सड़क दुर्घटना घटित हो रहा है जिसका एक प्रमुख कारण स्थानीय पशु मालिकों द्वारा लापरवाही व गैर जिम्मेदारीपूर्वक पशुओं को सड़क एवं सार्वजनिक स्थल पर स्वतंत्र रूप से छोड़ देना है। इन आवारा पशुओं के कारण न केवल आवागमन बाधित होता है अपितु जनहानि, पशुहानि एवं मालहानि जैसी गंभीर घटना घटित होता है। जिससे कानून एवं लोक शांति व्यवस्था की स्थिति निर्मित होती है। इन आवारा पशुओं के मार्गाे में एकत्रित होने से अत्यावश्यक सेवा एवं आपातकालीन सेवा देने वाले वाहनों का आवागमन भी गंभीर रूप से प्रभावित होता है। यदि इन आवारा पशुओं के मालिकों द्वारा इन पशुओं को सड़क अथवा सार्वजनिक स्थलों में न छोड़कर उचित प्रबंधन एवं रख रखाव किया जाता है तो होने वाली मानव जीवन की क्षति, पशु क्षति, संपत्ति की क्षति तथा कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति निर्मित होने से बचा जा सकता है। उपरोक्तानुसार पशुओं के मार्गाे में एकत्रित होने से घटित गंभीर सड़क दुर्घटना का माननीय उच्च न्यायालय द्वारा भी WP(PIL)58/2019 में संज्ञान लिया जाकर राज्य शासन से जवाब चाहा गया है। इस प्रकार सड़क पर एकत्रित आवारा पशु न केवल आमजन के आवागमन में बाधक या सड़क दुर्घटना का कारण है अपितु प्रशासनिक समस्या भी बन चुका है। जिसके लिए पूर्ण रूप से जिम्मेदार इन आवारा पशुओं के लापरवाह व गैर जिम्मेदार पशु मालिक है। पशु मालिकों का इस प्रकार गैर जिम्मेदाराना एवं लापरवाहीपूर्वक आचरण भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 291 के अंतर्गत तथा पशु क्रूरता अधिनियम 1960 के अध्याय 3 धारा 11(1) के अंतर्गत दण्डनीय अपराध की श्रेणी में भी आता है।उपरोक्त वर्णित तथ्यों के प्रकाश में सभी तथ्यों पर विचार करने के उपरांत इस क्षेत्र में मानव/पशु जीवन, लोकहित, लोक सुरक्षा, कानून एवं लोक शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए मुझे यह समाधान हो गया है कि अनुविभाग के विभिन्न मार्गों एवं सार्वजनिक स्थानों में विभिन्न पशु मालिकों द्वारा अपने पालतू पशुओं को स्वतंत्र रूप से छोड़े जाने से रोका जाना आवश्यक हो गया है। इनके द्वारा छोड़े गये पशुओं से मार्ग अवरूद्ध न हो एवं जन सामान्य/पशुओं की सुरक्षा तथा सुविधा के साथ-साथ आपातकालीन एवं अत्यावश्यक सेवा के निर्वाथ व शांतिपूर्ण ढंग से संचालन तथा कानून व्यवस्था की दृष्टि से इस क्षेत्र को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के अंतर्गत प्रतिबंधित किया जाना आवश्यक प्रतीत होता है। आमजन/पशुओं की जीवन सुरक्षा हेतु तथा जनहित में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 अंतर्गत यह आदेश पारित करता हूँ कि अनुविभाग अंतर्गत सभी पशु मालिक अपने पशुओं को बांधकर रखेंगे। इन पशुओं को मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वतंत्र रूप से न छोड़ेगें न एकत्रित होने देगें अन्यथा भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 291 के अंतर्गत सजा एवं जुर्माना से दण्डित किया जावेगा साथ ही पशु क्रूरता अधिनियम 1960 के अध्याय 3 धारा 11 (1) तथा अन्य सुसंगत प्रावधानों के अंतर्गत कठोर कार्यवाही की जावेगी। चूंकि इस आदेश को पारित करने के पूर्व व्यक्तिगत सुनवाई का तथा साक्ष्य प्राप्त करने का अवसर दिया जाना संभव नहीं है। अतः यह आदेश एकपक्षीय पारित किया जा रहा है।
- बिलासपुर /कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आज साप्ताहिक जनदर्शन में दूर दराज से आए सैकड़ों ग्रामीणों की निजी और सामुदायिक समस्याएं इत्मीनान से सुनी और अधिकारियों को जल्द निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जनदर्शन में आए किसानों से चर्चा कर खेती-किसानी के ताजा हालात और खाद-बीज की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी ली। नगर निगम कमिश्नर श्री अमित कुमार एवं सीईओ जिला पंचायत श्री संदीप अग्रवाल ने भी लोगों की समस्याएं सुनी।साप्ताहिक जनदर्शन में कोटा ब्लॉक के ग्राम करगीकला के सरपंच सहित ग्रामीणों ने शासकीय भूमि में अवैध अतिक्रमण को हटाने की मांग की। उन्होंने बताया कि लगभग 10 एकड़ शासकीय भूमि पर अशोक प्रजापति एवं किशन प्रजापति के द्वारा अनाधिकृत रूप से अतिक्रमण कर अवैध रूप से ईंट निर्माण का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर ने ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम कोटा को जांच के निर्देश दिए है। पुराना सरकण्डा लोधीपारा के अवधेश कुमार क्षत्रीय ने कलेक्टर को आवेदन देकर ट्राईसिकल दिलाने की बात कही। उन्होंने कलेक्टर को बताया कि वे दिव्यांग है और चलने फिरने में असमर्थ है। साथ ही कहीं आने जाने के लिए उनके पास उचित साधन नहीं है। कलेक्टर ने संयुक्त संचालक समाज कल्याण को आवेदन सौंपते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। कोटा ब्लॉक की संगीता दुबे ने अपने शिक्षाकर्मी पति के निधन पश्चात अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने इस मामले को जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा। सकरी तहसील के अजय कुमार वस्त्रकार ने कलेक्टर के समक्ष प्रधानमंत्री आवास योजना में मजदुरी भुगतान की राशि और आवास की तीसरी किश्त की राशि नहीं मिलने के संबंध में आवेदन दिया। श्री वस्त्रकार ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनको मिलने वाली तीसरी किश्त की राशि का भुगतान अभी तक उन्हें नहीं हुआ है। इसके साथ ही आवास योजना में उनके द्वारा किये गये मजदूरी का भुगतान भी नहीं किया गया है। कलेक्टर ने मामले को सीईओ जिला पंचायत को सौंपते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
- -ओंकारेश्वर, महेश्वर और महाकाल के दर्शन कर छत्तीसगढ़ की सुख समृद्धि और प्रगति की कामना की-रानी अहिल्याबाई होलकर राजबाड़ा और अहिल्या महल का किया भ्रमण-दृष्टिबाधित बच्चों के स्किल कार्यक्रम में शामिल होकर उनके आत्मविश्वास, हुनर और जिजीविषा की सराहना कीरायपुर ।महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े मध्यप्रदेश के दो दिवसीय प्रवास में रहीं। प्रवास के प्रथम दिन श्रीमती राजवाड़े ने खंडवा जिले में नर्मदा तट पर स्थित देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक श्री ओंकारेश्वर महादेव के मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की जनता के कल्याण, सुख-समृद्धि और सामाजिक सौहार्द की कामना करते हुए नर्मदा पूजन भी किया। इसके पश्चात वे प्रसिद्ध महेश्वर मंदिर (जिला-खरगौन) पहुँचीं, जो देवी अहिल्याबाई होल्कर की धार्मिक आस्था और वास्तुकला के लिए प्रसिद्ध है। यहां उन्होंने महेश्वर घाट और मंदिर परिसर का भी दर्शन किया।प्रवास के दूसरे दिन मंत्री श्रीमती राजवाड़े उज्जैन पहुँचीं। श्रीमती राजवाड़े महाकालेश्वर मंदिर में प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल हुई। इस दौरान उन्होंने शिव आराधना कर छत्तीसगढ़ की जनता के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया। उज्जैन में श्री कालभैरव मंदिर के दर्शन कर उन्होंने छत्तीसगढ़ की सुरक्षा और समृद्धि की प्रार्थना की।धार्मिक स्थलों के दर्शन के बाद मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने इंदौर के ऐतिहासिक देवी अहिल्याबाई होल्कर महल (राजबाड़ा) का भ्रमण किया। यहां उन्होंने मराठा कालीन स्थापत्य कला, अहिल्याबाई की जीवन गाथा एवं प्रशासनिक कुशलता से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई जैसी महिलाओं से प्रेरणा लेकर आज की महिलाएं भी समाज में नेतृत्व की भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने इस धरोहर को महिलाओं की सामाजिक-राजनीतिक सशक्तिकरण की ऐतिहासिक मिसाल बताया।मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने इंदौर प्रवास के दौरान दृष्टिबाधित (दिव्यांग) बच्चों के लिए आयोजित रोजगार मूलक स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों के आत्मविश्वास, हुनर और जिजीविषा की सराहना की।उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। मंत्री ने प्रशिक्षकों और सामाजिक संस्थाओं से आग्रह किया कि वे ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को और अधिक व्यापक और समावेशी बनाएँ, जिससे दिव्यांग बच्चों को सम्मानजनक रोजगार के अवसर मिल सकें।अपने दौरे के समापन पर मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा, “मध्यप्रदेश की भूमि न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण है, बल्कि यहाँ की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक चेतना भी अत्यंत प्रेरणादायक है। इस प्रवास ने मुझे नई ऊर्जा दी है।
-
राजनांदगांव । जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मागदर्शन केन्द्र राजनांदगांव तथा जनपद पंचायतों में 1 से 7 अगस्त 2025 तक सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक कमांडेट कार्यालय क्षेत्रीय प्रशिक्षण केन्द्र जशपुर द्वारा प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया गया है। इसके तहत 1 अगस्त को जनपद पंचायत राजनांदगांव, 4 अगस्त को जनपद पंचायत डोंगरगढ़, 5 अगस्त को जनपद पंचायत छुरिया, 6 अगस्त को जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मागदर्शन केन्द्र राजनांदगांव, 7 अगस्त को जनपद पंचायत डोंगरगांव में प्लेसमेंट कैम्प का आायोजन किया जाएगा। प्लेसमेंट कैम्पोंं के माध्यम से सिक्युरिटी गार्ड के 100 पद , सिक्युरिटी सुपरवाईजर के 50 पद एवं जीटीओ ऑफिसर के 25 पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी अपने शैक्षणिक योग्यता के सम्पूर्ण प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, 2 पासपोर्ट साईज फोटो, रोजगार पंजीयन कार्ड के साथ प्लेसमेंट कैम्प में शामिल हो सकते है।
-
राजनांदगांव । कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने कलेक्टर कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न स्थानों से आए जनसामान्य की शिकायत एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनी। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त सभी आवेदनों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नागरिकों की समस्याओं का निराकरण करते हुए उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने कहा। आवेदनों का अवलोकन कर नियमानुसार पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित आवेदन प्रदान कर शीघ्र निराकरण करने के लिए निर्देशित किया। जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित करने, विद्युत पोल हटाने, सड़क मरम्मत कराने, अतिक्रमण हटाने, अवैध प्लाटिंग की शिकायत, ऑनलाईन रिकार्ड दुरूस्त करने, आर्थिक सहायता, नजूल भूमि का पट्टा बनाने, राशन कार्ड बनवाने, आधार कार्ड में अपडेशन, सड़क दुर्घटना से मृत्यु होने पर आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभ दिलाने जैसे आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह उपस्थित थी।
- रायपुर ।छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन “बिहान“ के माध्यम से आत्मनिर्भरता की मिसाल बनी श्रीमती केतकी बाई पटेल आज “लखपति दीदी“ के नाम से जानी जाती हैं। जनपद पंचायत दुर्ग के आमटी ग्राम की निवासी और प्रगति महिला स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष केतकी दीदी ने सब्जी उत्पादन और विक्रय से अपनी मेहनत और निश्चय के बल पर आर्थिक समृद्धि हासिल की है। शुरुआत में संघर्ष करना पड़ा, फिर समूह से उनको सहारा मिला। समूह से जुड़ने से पहले दीदी के पास संसाधनों की कमी थी। सब्जी उत्पादन की इच्छा होते हुए भी आर्थिक तंगी के कारण वे इसे बड़े स्तर पर नहीं कर पा रही थीं। जब उन्हें बिहान योजना की जानकारी मिली, तो उन्होंने स्वयं पहल कर महिला साथियों के साथ स्व-सहायता समूह का गठन किया। छोटी-छोटी बचत करके अपने समूह को सशक्त बनाई। उसके उपरांत उन्होंने बैंक लिंकेज के माध्यम से 30 हजार का लोन लिया और सब्जी उत्पादन का कार्य प्रारंभ किया। बिहान योजना से सामुदायिक निवेश कोष से 20 हजार का लोन प्राप्त कर अपना व्यवसाय को आगे बढ़ाया।केतकी दीदी ने एक एकड़ निजी भूमि में सब्जी उत्पादन शुरू किया और धीरे-धीरे आधुनिक तकनीक अपनाते हुए, जैसे कि मचान विधि, उत्पादन की गुणवत्ता और मात्रा दोनों बढ़ाई। आज उनके खेत में भिंडी, बरबटी, करेला, मक्का, बैगन, भाजी जैसी कई मौसमी सब्जियां उगाई जाती हैं। वे सप्ताह में चार दिन बाजार में विक्रय कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही है। दो दिन निकुम बाजार और दो दिन आलबरस बाजार में सब्जियों की बिक्री करती हैं। उनकी दैनिक बिक्री लगभग 3500 रूपए तक होती है, जिससे सप्ताह में लगभग 14 हजार रूपए और महीने में 32 हजार रूपए तक की शुद्ध आय होती है। वार्षिक रूप से वे करीब 3.5 लाख रूपए की आमदनी कर रही हैं। आमदनी बढ़ने के साथ ही केतकी दीदी ने स्वयं का पक्का मकान बनवाया, पावर डीलर मशीन खरीदी और अब उन्होंने पांच एकड़ अतिरिक्त भूमि भी अर्जित कर ली है, जिसमें वे धान की खेती करती हैं। आज केतकी दीदी अपने मेहनत के दम पर उत्कृष्ट लखपति बनी है और सब्जी उत्पादन के कार्यों से अपनी एक नई पहचान बना रही है।
- बलौदाबाजार /आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा राज्य के अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति वर्ग के कक्षा 12वीं उत्तीर्ण, 100 विद्यार्थी (64 अनुसूचित जनजाति, 36 अनुसूचित जाति) जो ड्राप लेकर इंजीनियरिंग एवं मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते है, ऐसे इच्छुक पात्र अभ्यार्थियों से आवेदन पत्र कार्यालय आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग कलेक्ट्रेट परिसर बलौदाबाजार में 11 अगस्त 2025 तक मंगाए गए है। आवेदन पत्र एवं विज्ञापन से संबंधित विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाईट www.tribal.cg.gov.in से अवलोकन एवं डाउनलोड किया जा सकता है। परीक्षा से संबंधित समस्त जानकारी हेतु पात्र अभ्यर्थी, परीक्षा केन्द्र, परीक्षा परिणाम आदि की सूचना विभागीय वेबसाईट से प्राप्त कर सकते है।
- बलौदाबाजार /कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी अतुल परिहार के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय महिला सशक्तिकरण केन्द्र (हब) के द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम स्कूल पंचमदीवान, शासकीय माध्यमिक शाला सुरखी में स्कूली बालिकाओं को एक माह का आत्मरक्षा के लिए प्रशिक्षण हेतु जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य बालिकाओं को शारीरिक मानसिक सामाजिक रूप से मजबूत एवं सशक्त बनाना है ताकि किसी भी खतरे का सामना कर सके। आत्मरक्षा प्रशिक्षण में मार्शल आर्ट जैसे जूड़ो, कराटे, मुक्केबाजी के साथ ही साथ बालिकाओं को आत्मरक्षा के लिए आश्यक कौशल के गुण सिखाते है। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रैनर्स किरण साहू, गोपाल साहू, सुधीर साहू, दिनेश साहू ,गोमती साहू सहित स्कूली छात्राएं उपस्थित रहे।
- -ग्रामीण महिला उद्यमियों के लिए रायपुर प्रशासन की अभिनव पहल – प्रोजेक्ट बिजनेस दीदी सफलतापूर्वक संपन्न-प्रोजेक्ट बिजनेस दीदी: महिला उद्यमिता को मिली नई उड़ानरायपुर / महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशन में जिला प्रशासन रायपुर द्वारा एक नई पहल "प्रोजेक्ट बिजनेस दीदी" की शुरुआत की गई। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन के सहयोग से 26 एवं 27 जुलाई 2025 को मल्टी यूटिलिटी सेंटर, सेरीखेड़ी में आयोजित किया गया। यह पहल कलेक्टर डॉ गौरव सिंह के मार्गदर्शन तथा जिला पंचायत रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन के कुशल नेतृत्व में किया गया।इस दो दिवसीय कार्यशाला का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिला उद्यमियों को व्यवसायिक जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाना था। कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी लगभग 200 महिला उद्यमियों ने भाग लिया। उन्हें मार्केटप्लेस लिटरेसी के अंतर्गत प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें उत्पाद मूल्य निर्धारण, बाजार की समझ, ग्राहक व्यवहार, विपणन रणनीति तथा व्यवसाय को कैसे आगे बढ़ाया जाए इन सभी बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।यह प्रशिक्षण लोयला मेरीमाउंट यूनिवर्सिटी, लॉस एंजिल्स के प्रख्यात प्रोफेसर मधु विश्वनाथ द्वारा दिया गया एवं जिला प्रशासन रायपुर तथा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, भिलाई (IIT भिलाई इनोवेशन एवं टेक्नोलॉजी फाउंडेशन) के संयुक्त प्रयास से संपन्न हुआ। विशेषज्ञों ने व्यावसायिक रणनीतियों से लेकर डिजिटल प्लेटफॉर्म्स (जैसे ONDC) पर उत्पादों को प्रदर्शित करने तक की जानकारी भी साझा की।इस आयोजन में आई.बी.आई.टी.एफ के सी.टी.ओ श्री विष्णु त्रिवेदी, बिहान परियोजना से जुड़े जिला स्तरीय अधिकारी, विभिन्न महिला स्व-सहायता समूहों के प्रतिनिधि, एफपीओ (फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन) के सीईओ एवं अन्य संबंधित अधिकारी भी सक्रिय रूप से सम्मिलित हुए। उनकी उपस्थिति ने प्रशिक्षण सत्र को और अधिक व्यावहारिक, प्रभावशाली एवं नीति-आधारित बनाया।यह कार्यक्रम महिला उद्यमिता को ग्रामीण क्षेत्रों में एक नई दिशा देने वाला साबित हुआ। इसके माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार की संभावनाएं मिलीं और उन्हें स्थानीय एवं राष्ट्रीय बाजारों में प्रतिस्पर्धा करने के लिए सक्षम बनाया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।





.jpeg)





.jpg)





.jpg)


.jpg)






