- Home
- छत्तीसगढ़
- -कलेक्टर ने किया निरीक्षण, जनवरी 2025 तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश-केन्द्र-राज्य के सहयोग से 115 करोड़ में बन रहा चार मंजिला अस्पतालबिलासपुर.। कलेक्टर अवनीश शरण ने कोनी में सिम्स के विस्तारित यूनिट के रूप में 115 करोड़ की लागत से बन रहे राज्य कैंसर संस्थान का निरीक्षण किया। छत्तीसगढ़ का यह पहला सरकारी स्तर का राज्य कैंसर संस्थान होगा। कलेक्टर ने अस्पताल की विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया। लगभग 65 प्रतिशत भवन निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने जनवरी 2025 तक निर्माण कार्य पूर्ण कर सौंपने के निर्देश दिए। सीजीएमएससी निर्माण एजेन्सी इसका निर्माण कर रही है। उन्होंने निर्माण कार्य के साथ मेडिकल उपकरणों और स्टॉफ भर्ती की कार्रवाई भी साथ-साथ करने को कहा है ताकि अस्पताल जल्द शुरू किया जा सके।सिम्स के कैंसर विभाग के एचओडी एवं संस्थान के नोडल अधिकारी डॉ. चंद्रहास धु्रव ने बताया कि मल्टी स्पेशियालिटी हास्पिटल के नजदीक करीब 115 करोड़ रूपये की लागत से इसका निर्माण किया जा रहा है। इसमें 60 प्रतिशत अंशदान भारत सरकार का एवं 40 प्रतिशत हिस्सेदारी राज्य सरकार का है। कैसर अस्पताल ग्राउण्ड फ्लोर के साथ 4 मंजिला होगा। अस्पताल के लिए क्लास वन से लेकर क्लास फोर तक 289 पद स्वीकृत किये गये हैं। इसमें कैंसर मरीजों के लिए 100 बेड की सुविधा होगी। 20 बेड कैंसर आईसीयू एवं 80 बेड जनरल वार्ड का होगा। 20-20 करोड़ रूपये की लागत के दो अत्याधुनिक लीनियर एसीलीरेटर रेडियो थिरेपी मशीन होगी। कीमोथिरेपी की दवाईयां भी मरीजों को निःशुल्क मिलेगी। इस अवसर पर सिम्स के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं टेक्निकल एक्सपर्ट के रूप में डॉ. संतोष पटनायकुनी एवं सीजीएमएससी के ईई डीके रावटे भी उपस्थित थे।
- - जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए कई अहम फैसले- हेलमेट व सुरक्षा बैल्ट लगाकर नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपीलबिलासपुर। सड़क दुर्घटनाओं के कारण एवं इसे रोकने के उपायों के संबंध में मंगलवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर श्री अवनीश शरण की अध्यक्षता में आयोजित की गई। कलेक्टर एवं एसपी श्री रजनेश सिंह ने अधिकारियों को जिले के संभावित दुर्घटना वाली जगहों का चिन्हांकन कर आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए। बैठक में इन उपायों पर सभी ने विचार-मंथन किया। उन्होंने दुर्घटना रहित यात्रा के लिए नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी नागरिकों से हेलमेट व सुरक्षा बैल्ट लगाकर नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए।बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को सड़क में घूमने वाले आवारा मवेशियों मुख्यमार्ग से हटाने प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। बताया गया कि ग्रामीण इलाकों में जनचौपाल लगाया जा रहा है जहां पशुपालकों को इस संबंध में जागरूक किया जा रहा है। कलेक्टर ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति से वाहन चलाने एवं हेलमेट नहीं लगाने की वजह से सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। उन्होंने अभियान चलाकर इसकी जांच के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि पुलिस विभाग द्वारा ई-चालान के 22 हजार 334 प्रकरणों में एक करोड़ 56 लाख 24 हजार शमनशुल्क लिया गया। एसपी श्री रजनेश सिंह ने बताया कि जिले में निजात नशा विरोधी अभियान चलाया जा रहा है जिसके जरिए लोगों को नशे से दूर रहने लगातार जागरूक किया जा रहा है।कलेक्टर ने स्कूलों एवं कॉलेजों में यातायात जागरूकता के लिए कार्यक्रम आयोजित करने कहा। आरटीओ ने बताया कि जनवरी 2023 से जून 2024 तक 19 हजार 212 लर्निंग लाइसेंस जारी किया गया है। बैठक में एडीशनल एसपी यातायात ने बताया कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। तेज रफ्तार से गाडी चलाने वाले, यातायात संकेत उल्लंघन करने वाले, शराब पीकर वाहन चलाने वाले और वाहन चलाते समय मोबाईल पर बात करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। लोगों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूकर करने चौक-चौराहों एवं प्रमुख मार्गो में जिंगल द्वारा लगातार सड़क सुरक्षा से जुड़ी तमाम जानकारी दी जा रही है। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री आरपी चौहान, एडीशनल कलेक्टर श्री तन्मय खन्ना, एडीएम श्री आरए कुरूवंशी, एडीशनल एसपी यातायात श्री नीरज चन्द्राकर, एडीशनल एसपी शहर श्री उमेश कश्यप, आरटीओ श्री आनंदस्वरूप तिवारी सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे।
- - जिला स्तरीय समिति एवं मेन्टार्स की बैठक संपन्नदुर्ग.। दुर्ग जिले में निःशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के प्रभावी एवं सुचारू क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय समिति एवं आरटीई मेंटोर की बैठक मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में शिक्षा का अधिकार अधिनियम के नियमों एवं प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने कहा कि जिले में आर.टी.ई. अंतर्गत चयनित छात्रों का प्रवेश निर्विघ्न रूप से किया जाए।कलेक्टर सुश्री चौधरी ने जिले में नियुक्त सभी मेंटोंर से कहा कि वे आरटीई के चयनित छात्रों को उनकी शिक्षा पूर्ण होने तक विद्यालयों में अध्ययनरत् रखने का सतत् प्रयास करें। आर.टी.ई. के छात्रों से किसी प्रकार का भेदभाव न हो। कलेक्टर ने मेंटोंर को पालकों से समन्वय स्थापित करने कहा, ताकि छात्रों की उपस्थिति विद्यालय में नियमित रहें। कलेक्टर ने कहा कि समिति सदस्य यह ध्यान रखे कि आर.टी.ई. के छात्रों से किसी प्रकार का फीस न लिया जाए। छात्रों को सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में भी शामिल किया जाए ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सकें। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यालय में आर.टी.ई. के छात्रों को गणवेश एवं पुस्तक के लिए भेदभाव न बरती जाए। कलेक्टर ने समिति को सभी बिन्दुओं पर त्रैमासिक समीक्षा करने के निर्देश दिये। बैठक में समिति सदस्यों के सुझाव भी आमंत्रित किये गये।बैठक में एडीएम श्री अरविन्द एक्का, डीएफओ श्री चन्द्रशेखर परदेशी, सहायक कलेक्टर श्री एम. भार्गव, नगर निगम भिलाई के आयुक्त श्री देवेश ध्रुव, जिला पंचायत के सीईओ श्री अश्वनी देवांगन, दुर्ग नगर निगम आयुक्त श्री लोकेश चन्द्राकर, रिसाली नगर निगम आयुक्त श्रीमती मोनिका वर्मा सहित सभी एसडीएम, सभी जनपद सीईओ तथा समिति सदस्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी श्री सुरेन्द्र पाण्डेय, श्री अमित घोष सहित समस्त विभाग के प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
- भिलाईनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना केन्द्र सरकार की अति महत्वकांक्षी योजना है। जिसके अंतर्गत आवासहीन हितग्राहियो को नियमानुसार पक्का आवास प्रदान किया जा रहा है। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्रांतर्गत अविनाश मेेेेेेेेेेेेेेेेेेेेेट्रोपोलिस जुनवानी में प्रधानमंत्री आवास योजना मोर-मकान मोर-आस के तहत आवेदन करने वाले हितग्राहियों की लाॅटरी निकाली गई थी। जिसमें चयनित 54 पात्र हितग्राहियो को आवास का आबंटन किया गया जिसमें 15 हितग्राहियों के द्वारा पूर्ण राशि जमा कराकर कब्जा प्रदान किया गया ।मकान पूर्ण रूप से बन कर तैयार हो जाने के पश्चात आज 15 हितग्राहियों को मकान का भौतिक अधिपत्य प्रदान किया गया। नियमानुसार 2 विकलांग एवं 1 वरिष्ठ हितग्राही को भूतल का मकान सौंपा गया। वरिष्ठ महिला रूखमणी देवांगन अपना सपनो का मकान क्रं. 1/4 भूतल में प्रवेश करते हुए कहा कि मेरी वर्षो की इच्छा पुरी हुई। बरसात के मौसम में मुझे परिवार सहित रहने के लिए नीचे का घर मिला, मेरे परिवार को भी छत मिल गया। अब मैं कह सकती हूॅ मेरे धर में रसोई, शौचालय, नहानी खोली एवं रहने का कमरा भी है। मै और मेरे बच्चे बहुत खुश है। मकान मिलते ही हितग्राही अपना सामान लेकर सिफ्ट होने लगे। दिव्यांग धनंजय को भूतल का मकान प्राप्त करते हुए खुसी व्यक्त की मैं नीचे का मकान चाहता था और नीचे का ही मकान मिल गया। उन्होने निगम प्रशासन को धन्यवाद दिया।कार्यवाही के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के सहायक नोडल अधिकारी बी.के.वर्मा, सहायक अभियंता अजय गौर, प्रभारी अधिकारी विद्याधर देवांगन, सूडा से अभियंता उत्पल शर्मा, आदित्य सिंह उपस्थित रहें।
- -समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देशबालोद। कलेक्टर श्री इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने निर्धारित समयावधि में लंबित प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए। जिससे कि आम जनता के माँगों एवं समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित होने के साथ-साथ उन्हें शासन के जन कल्याणकारी योजनाओं का समुचित लाभ भी मिल सके। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे, अपर कलेक्टर श्री चन्द्रकांत कौशिक, सयुंक्त कलेक्टर श्री अजय किशोर लकरा एवं डीआर ठाकुर सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।बैठक में श्री चन्द्रवाल ने विद्युत विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यपालन अभियंता श्री सहारे को ट्रांसफाॅर्मरों को व्यवस्थित करने तथा उसका देख-रेख एवं रखरखाव की भी समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने वर्षा ऋतु के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए। जिले के छात्रावास, आश्रमों की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सहायक आयुक्त आदिवासी विकास से जिले में माँग एवं आवश्यकता के अनुरूप कन्या छात्रावासों की सीट बढ़ाने हेतु की जा रही कार्यवाही के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को इसके लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्री चन्द्रवाल ने जिले के स्कूलों में निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा करते हुए लोक निर्माण विभाग एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के कार्यपालन अभियंताओं को प्रगतिरत कार्यों को पूरा कराने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने मौजूदा मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए जिले के सहकारी समितियों में खाद, बीज की उपलब्धता की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को खाद, बीज की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जिससे की किसानों को खाद, बीज का प्रबंध करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। श्री चन्द्रवाल ने जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास से महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी केन्द्रोें के लिए कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की भर्ती की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। श्री चन्द्रवाल ने 22 जुलाई से 26 जुलाई तक आयोजित होने वाले विधानसभा सत्र के दौरान सभी अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्यालय में निवास करने तथा बिना उनकी अनुमति के अवकाश पर नही जाने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने अंतर विभागीय समन्वय के प्रकरणों की भी समीक्षा की।
- बालोद,। संयुक्त जिला कार्यालय के जनदर्शन कक्ष में मंगलवार को आयोजित जनदर्शन मंे कलेक्टर श्री इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने जिले के विभिन्न स्थानों से पहुँचे लोगों से मुलाकात कर उनके मांगों एवं समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तलब कर जनदर्शन में पहुँचे लोगों के समस्याओं के निराकरण हेतु त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में आज जिले के विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में आवेदक अपने मांगों एवं समस्याओं के निराकरण हेतु कलेक्टर श्री चन्द्रवाल से मुलाकात करने पहुंचे थे। कलेक्टर ने उन सब से बारी-बारी से मुलाकात कर उनके मांगों एवं समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। जनदर्शन में डिप्टी कलेक्टर श्रीमती प्रतिमा ठाकरे झा एवं अन्य अधिकारियों ने आम लोगों के मांगों एवं समस्याओं को सुनकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को उसके निराकरण हेतु त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।जनदर्शन में मंगलवार को डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम सोनझर निवासी श्री राम दर्रो ने ग्राम सोनझर में धान खरीदी केन्द्र खोलने तथा वार्ड नंबर 10 गुण्डरदेही निवासी श्री मनोज कुमार ने अपने ग्राम के शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग की। गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम पेण्ड्री निवासी श्री गजानंद साहू ने सामाजिक पेेंशन दिलाने तथा ग्राम लिमोरा निवासी श्री चंद्रहास साहू ने अपने गांव में सीसी रोड निर्माण करने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम डंगनिया परसौद निवासी दिव्यांग दूरपत बाई साहू ने कृत्रिम पैर प्रदान करने की मांग की। ग्राम पेण्ड्री के युगल किशोर साहू ने अपने गांव के शासकीय जमीन से अवैध कब्जा हटाने की मांग की। इसी तरह बालोद विकासखण्ड के ग्राम घुमका निवासी श्री निर्मल कुमार एवं डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम खरथुली निवासी श्री राजकुमार ने रोजगार दिलाने की मांग की।
- -कलेक्टर, सीईओ जिला पंचायत, अपर कलेक्टर एवं अधिकारियों ने उनके कार्यों एवं व्यवहार की सराहना कीबालोद। एसडीएम बालोद श्रीमती शीतल बंसल के संयुक्त कलेक्टर के पद पर जिला राजनांदगांव एवं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती तरूणा साहू का अवर सचिव के पद पर महानदी भवन मंत्रालय रायपुर में स्थानांतरण होने पर मंगलवार को सर्किट हाउस बालोद में आयोजित विदाई समारोह में उन्हें बिदाई दी गई। इस दौरान कलेक्टर श्री इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे, अपर कलेक्टर श्री चन्द्रकांत कौशिक एवं अन्य अधिकारियों ने उनके कार्यों एवं व्यवहारों की सराहना की।कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने श्रीमती शीतल बंसल को कार्य के प्रति समर्पित एवं निष्ठावान अधिकारी बताते हुए उनके कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। इस दौरान उन्होंने डिप्टी कलेक्टर श्रीमती तरूणा साहू के कार्याें एवं व्यवहार की सराहना की। श्री चन्द्रवाल ने इन दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके नये जिम्मेदारियों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे ने श्रीमती शीतल बंसल को एक योग्य एवं कुशल प्रशासनिक अधिकारी बताया। उन्होंने कहा कि श्रीमती शीतल बंसल एवं श्रीमती तरूणा साहू अपने नये कर्मक्षेत्र में भी उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य का प्रदर्शन करेंगे। अपर कलेक्टर श्री चन्द्रकांत कौशिक ने श्रीमती शीतल बंसल एवं श्रीमती तरूणा साहू को अपने कार्य के प्रति सजग एवं समर्पित अधिकारी बताया। उन्होंने इन दोनों अधिकारियों के कार्यों की सराहना की और उनके नये जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी। समारोह में उपस्थित अधिकारियों ने भी श्रीमती शीतल बंसल एवं श्रीमती तरूणा साहू के कार्यों का स्मरण करते हुए उन्हें बेहतरीन प्रशासनिक अधिकारी बताया। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्री अजय किशोर लकरा, एसडीएम गुरूर श्रीमती पूजा बंसल, एसडीएम डौण्डीलोहारा श्री शिवनाथ बघेल, एसडीएम गुण्डरदेही श्री सुरेश साहू, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती प्रतिमा ठाकरे झा एवं सुश्री प्राची ठाकुर, तहसीलदार बालोद सुश्री निलिमा देहारी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
- -बलौदाबाजार जिले के 515 किसानों को असामायिक वर्षा एवं फसल क्षति के आधार पर 73.31 लाख रूपये का किया गया भुगतानरायपुर। कृषकों के फसल को प्रतिकूल मौसम सूखा, बाढ़, ओलावृष्टि आदि प्रकृतिक आपदाओं से किसानों को होने वाले नुकसान से राहत दिलाने के लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 2024 के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की अधिसूचना जारी कर दी गई है। खरीफ वर्ष 2024 के लिए बीमा की अंतिम तिथि 31 जुलाई तक निर्धारित की गई।प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत् जिले के किसान मुख्य फसल धान सिंचित,धान असिंचित एवं अन्य फसल, मक्का, सोयाबीन,अरहर (तुअर), उड़द एवं कोदो फसल का बीमा करा सकते हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत किसानों को फसल को प्रतिकूल मौसम एवं प्राकृतिक आपदाओं से किसानों को होने वाले नुकसान से राहत दिलाने के लिए बीमा में शामिल किये जाने वाले ऋणी एवं अऋणी किसान जो भू-धारक व बटाईदार हो सम्मिलित हो सकते हैं। जो किसान अधिसूचित ग्राम में अधिसूचित फसल के लिए वित्तीय संस्थानों से मौसमी कृषि ऋण स्वीकृत, नवीनीकृत की गई हो अनिवार्य रूप से सम्मिलित होंगे।इनके अलावा ऐच्छिक आधार पर अधिसूचित फसल उगाने वाले सभी गैर ऋणी किसान जो योजना में सम्मिलित होने के लिए इच्छुक हो वे फसल बुआई पत्र,अथवा प्रास्तावित फसल बोने के आशय का स्व-घोषणा पत्र नवीन आधार कार्ड, नवीनतम भूमि प्रमाण पत्र (बी-1, पी-2) की कॉपी, बैंक पासबुक के पहले पन्ने की कॉपी जिस पर खाता क्रमांक/आईएफएससी कोड, बैंक का पता साफ दिख रहा हो, किसान का वैच गोबाईल नंबर बटाईदार/कास्तकार/साझेदार किसानों के लिए फसल साझा / कास्तकार का घोषणा पत्र इत्यादि दस्तावेज लेकर अपनी समिति, संबंधित बैंक, संबंधित बीमा प्रदाय कम्पनी, लोक सेवा केन्द्र, डाक घर में निर्धारित अंतिम तिथि 31 जुलाई 2024 के पूर्व अपने फसलों का बीमा करा सकते हैं।बलौदाबाजार के कृषि विभाग के अनुसार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनान्तर्गत खरीफ वर्ष 2023 में असामायिक वर्षा एवं फसल क्षति के आधार पर जिले 515 कृषकों को 73.51 लाख का बीमा भुगतान कर नुकसान की भरपायी की गई थी। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनान्तर्गत मौसम खरीफ 2024 तक जिले के लिए एच.डी.एफ.सी. इर्गाे जनरल इंस्युरेंश कम्पनी लिमिटेड को निविदा के आधार पर चयनित हुआ है। किसानों के द्वारा प्रदाय किये जाने वाले प्रिमियम दर खरीफ 2024 में फसल बीमा योजनान्तर्गत कुल बीमित राशि का 2 प्रतिशत् किसानों द्वारा प्रीमियम राशि देय है।एक ही अधिसूचित क्षेत्र एवं अधिसूचित फसल के लिए अलग-अलग वित्तीय संस्थाओं से कृषि ऋण स्वीकृति होने की स्थिति में किसानों को ही एक ही स्थान से बीमा कराया जाना है। जिसकी सूचना किसानों को संबंधित बैंक को देनी होगी। ऋणी एवं अऋणी किसानों के द्वारा समान रकबा, खसरा का दोहरा बीमा कराने की स्थिति में किसान के समस्त दस्तावेज को निरस्त करने का अधिकार बीमा कम्पनी के पास होगा। फसलों के लिए बीमांकित राशि एवं कृषक द्वारा देय प्रीमियम दर प्रति एकड़ निम्नानुसार निर्धारित है. जिसमें धान सिंचित प्रति एकड़ 480 रूपये ,धान असिंचित 360रूपये एवं मक्के 336 रूपये, सोयाबीन 320,अरहर (तुअर) 304रूपये, 184 रूपये उड़द एवं कोदो 128 रूपये प्रति एकड़ की दर शामिल है।प्रधानमंत्री फसल बीमा में निम्नानुसार वर्णित जोखिमों हेतु बीमा आवरण उपलब्ध होगा। जिसमेंबाधित रोपाई / रोपण जोखिम प्रतिकूल मौसम में बुवाई, रोपण,अंकुरण न हो पाने वाली नुकसान से सुरक्षा प्रदान करना। स्थानीय कृत आपदायें ओलावृष्टि, बादल फटना आदि नुकसान से सुरक्षा प्रदान करना, फसल कटाई उपरान्त होने वाले नुकसान फसल कटाई उपरान्त सुखाने हेतु छोटे-छोटे बंडलों में बांधकर खेत में रखे हुए फसलों को अधिकतम दो सप्ताह (14 दिन) तक बेमौसमी वर्षों से सुरक्षा प्रदान करना। एवं उपज में कमी के आधार पर ग्राम इकाई के वास्तविक उपज औसत उपज से कम होने पर सुरक्षा प्रदान करना शामिल है। प्राकृतिक आपदाओं से नुकसान होने के दिन से 72 घण्टे के भीतर टोल फ्री नंबर 18002660700 शिकायत दर्ज कराना होगा।
- कोण्डागांव। विभिन्न गंभीर बीमारियों के निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए 11 जुलाई को जिले में महाअभियान चलाया जाएगा। इस महाअभियान में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए गांव-गांव में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देशन में आयुष्मान कार्ड बनाने का यह महा अभियान इसलिए चलाया जा रहा है, ताकि अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति में कोरोना, कैंसर, गुर्दा रोग, हृदय रोग, डेंगू, चिकुनगुनिया, मलेरिया डायलिसिस, घुटना व कूल्हा प्रत्यारोपण, निःसंतानता, मोतियाबिंद और अन्य चिह्नित गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए हर पात्र परिवार को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपए तक की सहायता उपलब्ध कराई जा सके। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके सिंह ने अपील की है कि आयुष्मान कार्ड से वंचित हितग्राहीे अपना राशन कार्ड एवं आधार कार्ड लेकर अपने क्षेत्र के स्वास्थ्य कार्यकर्ता, मितानीन या ग्राम पंचायत सचिव से संपर्क कर 11 जुलाई के आयुष्मान महाअभियान में अपना आयुष्मान कार्ड बनवा सकतें है।
- दंतेवाड़ा। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार तथा जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन के मार्गदर्शन पर जिले में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण का कार्य जारी है। इस कड़ी में अब तक संचालित आश्रम, छात्रावासों एवं विशिष्ट संस्थाओं में 05 जून से 29 जून को वृहद स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के आश्रम, छात्रावासों एवं विशिष्ट संस्थाओं में 3 हजार 5 सौ 21 पौधे रोपित किये जा चुके है। जिसके तहत दंतेवाड़ा में 396, गीदम में 2099, कुआकोण्डा में 489 तथा कटेकल्याण में 537 पौधे रोपित किए है।
- - कोई भी पशुपालक बीमार पशु की इलाज के लिए चिकित्सा वाहन अपने स्थान पर बुला सकता हैरायपुर। अब राज्य के पशुपालको को अपने पशुओं के बीमार होने पर चिंता होने की जरूरत नहीं रही, क्योंकि अब वह आसानी से अपने स्थान पर चिकित्सा वाहन बुलवाकर अपने बीमार पशु का अच्छे से इलाज करवा सकता हैं। इस योजना के तहत केवल एक मोबाइल कॉल के द्वारा बीमार गोवंश को बेहतर चिकित्सा का लाभ मिल रहा है। वहीं इंसानों की तरह ही अब पशुओं को भी चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल रहा है, जिससे पशुओं में बीमारियां कम फैलने के कारण उनकी मृत्यु दर में कमी आ रही है।पशुपालकों ने बताया कि पशुओं के स्वास्थ्य के लिए अब चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। कोंडागांव जिले में मोबाईल पशु चिकित्सा इकाई पशुपालक किसानों के लिए वरदान बन गई है। कोंडागांव जिले में पशुओं को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा पहुंचाने में यह सेवा बहुत ही कारगर साबित हो रही है। इस योजना में चिकित्सा वाहन के माध्यम से बीमार पशुओं को घर घर जाकर उचित इलाज किया जा रहा है। अच्छी ईलाज के अभाव में जब पशुओं में बीमारी फैलने से उसकी मृत्यु हो जाती है। जिससे पशुपालक को भी हानि होती है। इससे किसान की आर्थिक स्थिति पर भी विपरीत प्रभाव पड़ता है। मोबाईल पशु चिकित्सा इकाई के कारण अब किसानों को बीमार पशुओं को अस्पताल तक पहुंचाने की चिंता भी कम हो गई है। मोबाइल चिकित्सा योजना के लागू हो जाने के बाद पशु संरक्षण को बढ़ावा मिलने लगा है। अब कोई भी पशुपालक अपने पशु के बीमार होने पर जल्द से जल्द चिकित्सा वाहन को अपने स्थान पर बुलवा सकते हैं और अपने पशुओं का अच्छे से समय पर इलाज करवा सकते हैं।पशु चिकित्सा सेवाएं के उप संचालक श्री शिशिरकांत पांडे ने बताया कि इस वाहन में रोग की जांच व उपचार के साथ ही कृत्रिम गर्भाधान और निकृष्ट बैलों के बधियाकरण के उपकरण की सुविधा भी उपलब्ध रहती है। यह वाहन प्रतिदिन तीन स्थानों पर शिविर आयोजित कर पशुओं के रोगों की जांच व उपचार करती है।इसके माध्यम से अब तक 40 हजार 783 पशुओं का उपचार, 11541 पशुओं में रोग जांच, 38 हजार 945 पशुओं को दवाईयां, 71 गायों का कृत्रिम गर्भाधान, 1818 निकृष्ट पशुओं का बधियाकरण और 29189 पशुओं का टीकाकरण किया गया है।ग्राम पश्चिम बोरगाव के पशुपालक श्री सनोज दास की गाय में प्रसव पश्चात उसका गर्भाशय (बच्चादानी) बाहर आ गया था । जिसकी सुचना पशु मालिक द्वारा मोबाईल पशु चिकित्सा इकाई के हेल्पलाइन न. 1962 में कॉल कर दी गयी। सुचना पर मोबाईल पशु चिकित्सा इकाई की टीम ने तत्काल पहुच कर पीड़ित गाय का गर्भाशय अंदर किया गया तथा जरूरी उपचार किया गया। वर्तमान स्थिति में गाय पूर्ण रूप से स्वस्थ है।माकड़ी ब्लॉक के ग्राम पखनाबेड़ा के पशु पालक श्री मरदम सिंह वट्टी की बकरी प्रसव करने में असमर्थ थी तथा 6 घंटों से पीड़ित थी। जिसकी सूचना पशु मालिक द्वारा मोबाईल पशु चिकित्सा इकाई की टीम को मिलने पर टीम द्वारा तत्काल पहुंचकर बकरी के गर्भाशय मे फंसे हुए मेमना को बाहर निकाला गया और बकरी तथा मेमने दोनों की जान बचाई गई वर्तमान मे बकरी तथा मेमना दोनों ही स्वस्थ है।
- मोहला । नक्सल प्रभावित मोहला- मानपुर जिले में कलेक्टर जनदर्शन आयोजित हुआ। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित उक्त जनदर्शन में कलेक्टर एस. जयवर्धन ने विभागीय जिलाधिकारीयों की मौजूदगी में जिले के विभिन्न अंचलों से आए आमजनों से भेंटकर उनकी समस्याओं, मांगों और शिकायतों को सहानुभूति पूर्वक सुना।जनदर्शन के दौरान कलेक्टर ने जिला अधिकारियों से कहा कि दूर दराज से आए नागरिकों, ग्रामीणों की समस्याओं को सुनें। साथ ही साथ उनकी समस्या से उन्हें निजात दिलाने में गंभीरता का परिचय भी दें। कलेक्टर जनदर्शन दरमियान कुल 17 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त सभी आवेदनों का ऑनलाइन पंजीयन करने के साथ ही आवेदनों को संबंधित विभाग में भेजे जाने की कार्यवाही की गई है।कलेक्टर जनदर्शन में आये अं.चौकी वार्ड नं. 06 की निवासी कुमारी अदिति खिलाड़ी ने अपने उच्च शिक्षा हेतु अनुदान प्रदाय करने संबंधित आवेदन प्रेषित किया है। कु.अदिति ने आवेदन देते हुए बताया की मेरे माता-पिता मजदुर हैं, मजदुरी करके हमारे परिवार का गुजर बसर चलता है, मैं आगे नर्सिग की पढ़ाई करना चाहती हूं, परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने के चलते मेरे पढ़ाई का खर्च वहन नही कर सकते हैं। इसी प्रकार औंधी निवासी महिला लक्ष्मन्तीन बाई ठाकुर ने अपने समस्या से निजात पाने पेंशन प्रकरण संबंधित आवेदन प्रेषित किया। अलावा इसके ग्राम गोटाटोला निवासी ओमप्रकाश कुंभकार ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के बीमा क्लेम का पैसा दिलाने के संबंध में आवेदन दिया गया। यही नहीं मानपुर वि.ख के ग्राम पंचायत - टोहे, तुमड़ीकसा, परालझर्री के समस्त ग्रामवासीयों ने पटवारी प्रशांत धुर्वे का स्थानांतरण रोकने के संबंध में आवेदन दिया है। इसी तरह ग्राम विचारपुर केे समस्त ग्रामवासीयों द्वारा स्थानीय सेजेस इंग्लिश मिडियम स्कुल में शिक्षकों/प्रचार्य की समस्या का निराकरण करने के संबंध में आवेदन दिया गया साथ ही ग्रामवासियों द्वारा जल्द निराकरण की मांग भी की गई हैं। इसी तरह से जिले के सभी क्षेत्रों से आये आवेदनकर्ताओं ने अपने समस्याओं व जरूरतों को लेकर कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन प्रेषित किया है। दूसरी ओर कलेक्टर ने संबंधित अफसर को जन सामान्य से मिले आवेदनों का त्वरित निराकरण करने का दिशा निर्देश दिया है।
- - स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने दिये निर्देशदुर्ग। .कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक में शिशु मृत्यु अंकेक्षण सहित समस्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024-25 में हुई चिन्हांकित शिशु मृत्यु के प्रकरण, प्रत्येक प्रसव प्रकरणों का पार्टोग्राफ भरते हुए आवश्यक होने पर समय पर उच्च संस्था में रिफरल करने हेतु भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित के विरूद्ध शक्त कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने राष्ट्रीय टीबी उन्मुलन कार्यक्रम के तहत समस्त गर्भवती महिलाओं की तथा स्वास्थ्य संस्थाओं की ओपीडी संख्या का 5 प्रतिशत एवं 01 दिन की भी खांसी/बुखार होने पर स्पूटम जांच सुनिश्चित करने कहा। ताकि यथाशीघ्र टीबी प्रकरणों का चिन्हांकन कर त्वरित उपचार प्रारंभ किया जा सके। कलेक्टर ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की समीक्षा करते हुए प्रत्येक गर्भवती का शीघ्र पंजीयन करने हेतु मैदानी स्तर पर निगरानी बढ़ायी जाने हेतु निर्देशित किया। साथ ही घर पर हुए प्रसव को तुरंत रोक लगाने हेतु कठोर कदम उठाने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिये। बैठक में जिला अस्पताल आईसीयु के निर्बाध संचालन, गंभीर गर्भवती महिला हेतु 01 आईसीयु बिस्तर आरक्षित रखने एवं हेतु आवश्यक मानव संसाधन एवं चिकित्सकीय उपकरण की तुरंत उपलब्ध कराने हेतु सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक को निर्देशित किया। बैठक में उपस्थित समस्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संबंधित नोडल अधिकारी एवं कंसल्टेंट को सतत् निगरानी एवं उचित कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।बैठक में सहायक कलेक्टर श्री एम. भार्गव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. हेमन्त कुमार साहू, डॉ. के. एस. संघा डीएमएस चंदुलाल चन्द्राकर शास. मेडिकल कॉलेज कचांदुर, डॉ. दिव्या श्रीवास्तव जिला टीकाकरण अधिकारी एवं नोडल शिशु स्वास्थ्य, डॉ. आर. के. खण्डेलवाल जिला कार्यक्रम अधिकारी, डॉ. सी.बी.एस. बंजारे जिला नोडल अधिकारी आईडीएसपी, डॉ. अनिल कुमार शुक्ला जिला क्षय अधिकारी, श्री संदीप ताम्रकार जिला कार्यक्रम प्रबंधक, डॉ. अर्चना चौहान जिला नोडल अधिकारी मातृत्व स्वास्थ्य, डॉ. वाय. किरण कुमार, शिशु रोग विशेषज्ञ, डॉ. विनिता धु्रवे स्त्री रोग विशेषज्ञ, डॉ. अनिल सिन्हा आईसीयु विशेषज्ञ एवं समस्त सीपीएम, कंसल्टेंट व स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।
- दंतेवाड़ा । एकीकृत बाल विकास परियोजना बारसूर द्वारा जारी विज्ञप्ति अनुसार वर्तमान में आंगनबाड़ी केन्द्र घोटपाल बट्टीनामा में आंगनबाड़ी सहायिका की 01 पद रिक्त है। उक्त पदों पर विभागीय नियमानुसार नियुक्ति की जानी है। इस हेतु संबंधित ग्राम पंचायतों से इच्छुक सभी आवेदनकर्ताओं से 9 जुलाई से 23 जुलाई 2024 तक कार्यालयीन समय 10 बजे से संध्या 5.30 बजे तक कार्यालय में सीधे अथवा डाक द्वारा आवेदन निश्चित प्रारूप में आमंत्रित किये जाते है। किसी भी प्रकार की अतिरिक्त जानकारी, एवं आवेदन पत्र का प्रारूप प्राप्त किये जाने के संबंध में इच्छुक आवेदनकर्ता कार्यालयीन दिवसों में कार्यालयीन समय पर कार्यालय, एकीकृत बाल विकास परियोजना बारसूर महिला एवं बाल विकास विभाग जिला दक्षिण बस्तर दन्तेवाड़ा में संपर्क कर सकते हैं।
- -पहली से आठवीं तक के छात्रों को भाषा और गणित विषयों में निपुण करने के लिए उपचारात्मक शिक्षादंतेवाड़ा, । कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार विश्वरंजन के मार्गदर्शन में ’’पुनः पढ़े दंतेवाड़ा लिखे दंतेवाड़ा’’ योजना की शुरुआत मुख्यालय के इंडोर स्टेडियम में स्थानीय विधायक श्री चैतराम अटामी के द्वारा किया गया है। उल्लेखनीय है कि नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा देश के 115 आकांक्षी जिलों में शिक्षा व्यवस्था को सुधार करने के लिए विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है। ’’पढ़े दंतेवाड़ा लिखे दंतेवाडा’’ कार्यक्रम के संचालन से, जिले में, शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर परिणाम प्राप्त होगा। इस कार्यक्रम में ’’बचपन बनाओ, विनोबा प्रथम फाउंडेशन एवं अन्य स्वयं सेवकों का भी मदद लिया जाएगा। इसके जरिये बच्चों में कक्षा अनुरूप दक्षता हासिल हो पायेगी, जिससे कक्षा पहली से आठवीं तक के बच्चे पाठ्यपुस्तक को बेहतर ढंग से समझ बनाते हुए, अध्ययन कर पाएंगे। साथ ही बच्चों के लिए उपचारात्मक शिक्षा की भी व्यवस्था किया जाएगा, जिससे जो बच्चे एफएलएन के तहत भाषा एवं गणित में लक्ष्य प्राप्ति कर सकेंगें।’’पढ़े दंतेवाड़ा लिखे दंतेवाडा’’ कार्यक्रम में भाषा एवं गणित में क्रमशः व्र अक्षर, शब्द, अनुच्छेद कहानी तथा अंक, संख्या, जोड़ एवं घटाओ को बेहतर ढंग से परिभाषित किया गया है। इस कार्यक्रम के तहत प्रत्येक विद्यालय में बेसलाइन, मिडलाइन एवं एण्डलाइन आंकलन आयोजित होगें। और बेसलाइन टेस्ट का आयोजन माह जुलाई में लिया जाएगा, जिसका आंकलन दूसरे संकुल के शिक्षकों के द्वारा करवाने के निर्देश दिये गये है। साथ ही इस आधार पर जिन बच्चों को उपचारात्मक शिक्षा की आवश्यकता होगी, उन्हें समूह में विभाजित करते हुए उपचारात्मक शिक्षा प्रदान किया जाएगा और आवश्यकता होने पर, शिक्षकों को भी समय-समय पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, इस हेतु प्रत्येक विकासखण्ड से दो रिसोर्स पर्सन के रूप में नामित होगें। इसके लिए डाइट का भी सहयोग लिया जावेगा।
-
दंतेवाड़ा । महिला एवं बाल विकास विभाग के जारी विज्ञप्ति विभाग के अंतर्गत ’’बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’’ को प्रोत्साहित किए जाने के लिए आंगनबाड़ी केन्द्रों में दिनांक 12 जुलाई 2024 को ’’जल शक्ति से नारी शक्ति’’ अभियान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत ग्राम की महिला समूहों, महिला मंडल, ग्राम स्तर की सभी महिलाओं को एकत्र कर पानी की महत्ता जैसे-स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, पानी का संचयन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग तथा खराब पानी का अन्य उपयोग इत्यादि विषय पर जानकारी देकर प्रत्येक घरो में पानी के संचयन के लिए उपयुक्त व्यवहार परिवर्तन हेतु प्रेरित किया जायेगा। इस प्रकार प्रत्येक आंगनबाड़ी केन्द्र में 12 जुलाई 2024 को पांच फलदार वृक्ष का रोपण भी किया जायेगा और आंगनबाड़ियों के वृक्षारोपण में समुदाय एवं पालकों के सहयोग ’’एक वृक्ष माँ के नाम’’ शीर्षक से एक पौधे का रोपण कार्यक्रम होगा। इस अभियान में जनप्रतिनिधियों एवं जनसमुदाय से भी आवश्यक सहयोग की अपील भी की गई है।
-
- नगरीय निकायों के अधिकारियों को वार्डों में जाकर सफाई व्यवस्था देखने के दिए निर्देश
- कलेक्टर ने की नगरीय निकायों में संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा
राजनांदगांव । कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने मंगलवार को कलेक्टोरेट के शक्तिकक्ष में नगरीय निकायों में संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की। कलेक्टर श्री सिंह ने नगरीय निकायों में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश का समय है ऐसे समय में नालियों की साफ-सफाई अच्छे से होनी चाहिए। जिससे बारिश का पानी नालियों से सही तरीके से निकासी हो। शहर के तालाबों में गंदा पानी न जाये इसके लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर में होने वाली सफाई व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों की सफाई अच्छे से होनी चाहिए। उन्होंने नगरीय निकाय के अधिकारियों को वार्डों में जाकर साफ-सफाई की व्यवस्था देखने निरीक्षण करने के लिए कहा। स्वच्छता के कार्य को युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए। नगरीय क्षेत्रों में व्यवसायिक परिसर एवं दुकान निर्माण के साथ-साथ पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था बनाने कहा। उन्होंने कहा कि खाली जगहों पर वृक्षारोपण करने कहा। उन्होंने कहा कि शहर का विकास तभी होता है जब विकास कार्य व्यवस्थित तरीके से हो। सभी अधिकारी को जिम्मेदारीपूर्वक अच्छा कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने नगरीय निकाय क्षेत्रों में कर वसूली की कार्रवाई कम होने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय में राजस्व वसूली महत्वपूर्ण कार्य है। सभी नगरीय निकाय में निर्धारित राजस्व वसूली का कार्य प्राथमिकता से किया जाए। उन्होंने शहरवासियों को निगम के सभी प्रकार के कर भुगतान के लिए ऑनलाईन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कार्ययोजना बनाने कहा।
कलेक्टर श्री अग्रवाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्यों की प्रगति जानकारी, राजस्व वसूली विभिन्न मदों की जानकारी, शहरी क्षेत्र में रिक्त पड़े भूमि में वृक्षारोपण, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, नाली-नालों की सफाई, पेयजल, बिजली एवं साफ-सफाई की स्थिति एवं आवास आबंटन की स्थिति की प्रगति जानकारी, अप्रारंभ कार्य, हेण्ड ओवर के लंबित कार्यों की जानकारी ली। इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम श्री अभिषेक गुप्ता ने नगरीय निकायों द्वारा किए जा रहे कार्य की कलेक्टर को जानकारी दी। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता श्री यूके रामटेके, सभी नगरीय निकायों के सीएमओ सहित नगर पालिक निगम के अधिकारी उपस्थित थे। -
- कोई भी अधिकारी बिना अनुमति के मुख्यालय से बाहर नहीं जाएंगे
- विधानसभा के प्रश्नों का उत्तर समय पर देने के निर्देश दिए- पौधरोपण एवं जल संरक्षण की दिशा में उद्योग अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करेंगेमवेशियों के कारण सड़क दुर्घटना की स्थिति नहीं होनी चाहिए- बीपीओ कॉल सेंटर का विस्तार करने के लिए कहामत्स्य विभाग द्वारा बंद पड़ी खदानों में किए जा रहे मत्स्य पालन की प्रशंसा कीसाप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आयोजितराजनांदगांव । कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि कोई भी अधिकारी बिना अनुमति के मुख्यालय से बाहर नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्य के प्रति लापरवाही एवं अनुशासनहीनता की स्थिति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बिना अनुमति के मुख्यालय से बाहर जाने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। मुख्यालय में नहीं रहने के कारण कानून व्यवस्था एवं अन्य दिक्कत होने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों तथा शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही होने पर कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने डीजे के माध्यम से ध्वनि प्रदूषण होने पर कड़ी कार्रवाई करने तथा अर्थदण्ड लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर के प्रकरणों का निराकरण यथाशीघ्र करने कहा। उन्होंने विधानसभा के प्रश्नों का उत्तर समय पर देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि पौधरोपण एवं जल संरक्षण की दिशा में उद्योग अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करेंगे। इसके लिए सीएसआर मद का उपयोग कर सकते हैं। उन्होंने रेलवे के तहत डोंगरगढ़ एवं डोंगरगांव में भू-अर्जन के प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के लिए कहा। जिले में जल संरक्षण के लिए चलाए जा रहे मिशन जल रक्षा अंतर्गत नारी शक्ति से जल शक्ति के कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर ग्राम में जल स्वच्छता एवं फसल संगोष्ठी का कार्य जारी रहे तथा किसानों को फसल विविधीकरण के लिए प्रोत्साहित करें। स्कूल एवं आंगनबाड़ी तथा अस्पताल में भवन के मरम्मत का कार्य गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। उक्त बातें कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कही।कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि सड़कों से आवारा मवेशियों को हटाने के कार्य में गति लाएं। ऐसे स्थान जहां मवेशी बैठते हंै, उन स्थानों का चिन्हांकन करते हुए हटाने की कार्रवाई करें। मवेशियों के कारण सड़क दुर्घटना की स्थिति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नगर निगम आयुक्त से कहा कि ग्राम पंचायतों के साथ समन्वय करते हुए मवेशियों को रखने के लिए एक निश्चित स्थान तथा आवश्यक व्यवस्था बनाएं। उन्होंने कहा कि अमृतकाल : छत्तीसगढ़ विजन ञ्च 2047 अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, अधोसंरचना सहित विभिन्न क्षेत्रों में जिले को अग्रणी बनाने के लिए कार्य करने की जरूरत है। कलेक्टर ने बीपीओ कॉल सेंटर का विस्तार करने के लिए कहा। इसी तरह उन्होंने प्लग टाईप सीडलिंग यूनिट, पंप हाऊस एवं कृषि लैब के निर्माण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मत्स्य विभाग द्वारा बंद पड़ी खदानों में किए जा रहे मत्स्य पालन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन के माध्यम से 300 परिवारों को रोजगार मिला है, यह एक अच्छा कार्य है। श्रीरामलला दर्शन योजना अंतर्गत पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार करने तथा सहमति प्रदान करने कहा। तीर्थयात्रा पर जाने वाले यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए कहा। क्रेडा अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम एवं हॉस्पिटल में लगाए जा रहे सोलर पैनल के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पोट्ठ लईका अभियान, आंगनबाड़ी केन्द्रों में गैस कनेक्शन, जैव विविधता पार्क, स्कूलों में पाठ्यपुस्तक व गणवेश वितरण सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा नवीन प्रताप सिंह तोमर, नगर निगम आयुक्त श्री अभिषेक गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर श्री खेमलाल वर्मा, एसडीएम राजनांदगांव श्री अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम डोंगरगांव श्री मनोज मरकाम, एसडीएम डोंगरगढ़ श्री उमेश पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। -
रायपुर। छत्तीसगढ़ विश्वविद्यालय अधिनियम के अंतर्गत कुलाधिपति पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर द्वारा प्राचार्य संवर्ग से विप्र महाविद्यालय के संस्थापक प्राचार्य एवं एनइपी कोर कमेटी के सदस्य डॉ.मेघेश तिवारी को कार्य परिषद का सदस्य मनोनीत किया गया है। कार्य परिषद सदस्य के रूप में डॉ.मेघेश तिवारी के मनोनयन पर कुलाधिपति के प्रति आभार प्रकट करते हुए विप्र शिक्षण समिति के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा ने बताया कि निजी महाविद्यालय की ओर से कार्य परिषद सदस्य के रूप में अवसर प्रदान करने के लिए विप्र महाविद्यालय परिवार उनके प्रति आभारी है । सन 1996 से शिक्षा के क्षेत्र में नवीन मापदंड स्थापित करने वाले विप्र महाविद्यालय के लिए यह गौरव की बात है।विप्र कॉलेज के संस्थापक प्राचार्य डॉ .मेघेश तिवारी ने भी आभार प्रकट करते हुए पूर्ण निष्ठा के साथ अपने दायित्व निर्वाहन की बात की । शा. नागार्जुन विज्ञान स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पीसी चौबे को भी कार्य परिषद का सदस्य मनोनीत किया गया है।
- कांकेर । कांकेर जिले में मंगलवार को सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में आठ लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली को मार गिराया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) इंदिरा कल्याण एलेसेला ने बताया कि छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिनागुंडा गांव के करीब जंगल में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में महिला नक्सली रीता मड़ियाम (30) को मार गिराया है। एलेसेला ने बताया कि छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), बस्तर फाइटर्स और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के संयुक्त दल को गश्त के लिए रवाना किया गया था तथा दल जब बीनागुंडा गांव के जंगल में था तब नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि इसके बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की और कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने जब घटनास्थल की तलाशी ली तब वहां एक महिला नक्सली का शव, एक .303 की राइफल, एक .315 बोर की राइफल और भारी मात्रा में हथियार तथा नक्सली सामान बरामद किया। एलेसेला ने बताया कि महिला नक्सली की पहचान पीएलजीए मिलिट्री कंपनी नंबर पांच की सदस्य रीता मड़ियाम के रूप में हुई है और उसके सिर पर आठ लाख रुपये का इनाम था।पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुन्दरराज पी. द्वारा बताया गया है कि वर्ष 2024 में माओवादियों के विरूद्ध प्रभावी रूप से नक्सल विरोधी अभियान संचालित किये जाने के परिणाम स्वरूप बस्तर रेंज अंतर्गत अब तक कुल 137 माओवादियों के शव, 498 माओवादियों को गिरफ्तार, 461 माओवादियों द्वारा आत्मसमर्पण किया गया है।पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज द्वारा यह भी बताया गया है कि संयुक्त ऑपरेशन में कांकेर डीआरजी एवं बीएसएफ 30 & 94 वीं वाहिनी का बल शामिल रहे।
-
- प्रोफाइल पिक्चर फ़्रेम अभियान में शामिल होकर पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को करें जागरूक-"एक पेड़ मां के नाम" अभियान में शामिल होकर छत्तीसगढ़ महतारी की गोद को हरा भरा बनाने में दें अपना योगदानरायपुर ।प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अपील पर अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण दिवस के दिन से पूरे देश में एक पेड़ माँ के नाम अभियान की शुरुआत हो चुकी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपनी माता जी के सम्मान में राजधानी रायपुर में दहीमन और गृह ग्राम बगिया में रुद्राक्ष का पौधा रोपा है।श्री साय ने प्रदेश वासियों से अपील की है कि इस अभियान में अधिक से अधिक शामिल होकर छत्तीसगढ़ महतारी की गोद को हरा भरा बनाने में अपना योगदान दें।राज्य शासन के जनसंपर्क संचालनालय द्वारा अभियान के व्यापक प्रचार प्रसार हेतु सोशल मीडिया पर एक पेड़ माँ के नाम प्रोफाइल पिक्चर फ़्रेम अभियान की शुरुआत की गई है। इसके तहत आप अपने घर आँगन ,खेत में अपनी माता जी के साथ या माता जी की स्मृति में पौधा लगाते हुए अपनी तस्वीर लें। इसके बाद अपनी तस्वीर के साथ एक पेड़ माँ के नाम प्रोफाइल पिक्चर फ्रेमलगाने के लिए दिए गये लिंक को क्लिक करें।????????https://twb.nz/plantation इसके बाद प्रोफाइल पिक्चर डाउनलोड कर अपने सोशल मीडिया व्हाट्सएप/एक्स/फ़ेसबुक/इंस्टाग्राम/स्नैपचैट इत्यादि पर डिस्प्ले के रूप में लगायें। आप अपने सोशल मीडिया की प्रोफाइल पिक्चर के साथ “एक पेड़ माँ के नाम” प्रोफाइल फ्रेम लगाकर इस अभियान में हिस्सा लेकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने में अपना बहुमूल्य योगदान दे सकते हैं। - रायपुर / मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से मंगलवार शाम यहां उनके निवास कार्यालय में केन्द्रीय आवास एवं शहरी कार्य और विद्युत मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने केन्द्रीय मंत्री श्री खट्टर को शाल, श्रीफल और बेल मेटल से निर्मित राजकीय पशु वन भैंसे की मूर्ति भेंट कर उनका सम्मान किया।इस अवसर पर केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल और विधायक श्री किरण देव सिंह मौजूद थे।
- मरवाही। गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में पुलिस ने 15 टन अवैध कबाड़ जप्त किया है। जिसकी कीमत करीब 3 लाख रुपए आंकी गई है।पुलिस को क्षेत्र में छोटे छोटे लोहे के सामानों की चोरियों की शिकायत मिल रही थी। वहीं दानीकुंडी स्थित कबाड़ के गोदाम के बारे में जानकारी मिल रही थी जिस पर एसपी जीपीएम आईपीएस भावना गुप्ता के निर्देश पर थाना प्रभारी मरवाही उप निरीक्षक गंगाप्रसाद बंजारे के द्वारा अपनी टीम के साथ मां दुर्गा ट्रेडर्स पर जाकर तलाशी ली। जहां भारी मात्रा में अवैध कबाड़ का जखीरा मिल। सुपरवाईजर सुखपाल सिंह से उक्त कबाड़ के संबंध में पूछताछ करने पर कोई संतोषप्रद जवाब न देने और वैध दस्तावेज प्रस्तुत नही कर पाने पर बेईमानी और चोरी से प्राप्त वस्तु के धारक होने के कारण बीएनएसए की धारा 35 (1 ड)/317 बीएनएस के तहत कार्यवाही की गई है । मौके पर से लगभग 15 टन अवैध कबाड़ अनुमानित मूल्य तीन लाख रुपए जप्त किया गया। जप्त शुदा अवैध कबाड़ में बहुत संख्या में ट्रकों के डिस्क और कटे हुए साइकिल के हिस्से भी मिले हैं। फिलहाल मरवाही पुलिस बाइक चोरी के प्रकरणों के संबंध में भी कबाड़ को टटोल रही है। मामले में गोदाम संचालक छोटे लाल परासर पर भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है ।जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर लगातार क्षेत्र में फेरीवालों और दीगर राज्य से आकर रुकने वालों की भी तस्दीकी की जा रही है। इसी क्रम में तडक़े सुबह पुलिस टीम द्वारा फेरी वालों को पकडक़र थाना ले जाया गया जहां उनके नाम पते की जानकारी मुसाफिर रजिस्टर में दर्ज कर उनके निवास के इलाकों में संपर्क कर तस्दीक की जा रही है।
- -शराब पीने के दौरान हुआ विवाद, जरा सी बात पर पांच लोगों ने मिलकर युवक की कर दी हत्या; नाले में फेंका शवराजनांदगांव। बैगाटोला गांव में रहने वाले दिनेश आडिल की हत्या के मामले को सोमनी पुलिस ने मंगलवार को राजफाश किया। हत्या के चार आरोपित को पुलिस ने जेल भेज दिया है, वहीं एक अपचारी बालक को सुधार गृह भेज गया है। घटना बीते 17 जून की है। जब आरोपितों के साथ दिनेश का सोमनी जंबुरी शराब दुकान के पास चखना खाने के नाम पर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपितों ने दिनेश के साथ मारपीट की, बाद में उसे जबरदस्ती गाड़ी में बैठाकर इंदावानी गांव के पास ले गए। वहां भी मारपीट की। दिनेश के बेहोश होने पर आरोपितों ने उसे बोरे में पत्थर से बांधकर पुलगांव स्थित नाले में फेंक दिया था। बीते शनिवार को पुलगांव पुलिस ने नाले से शव बरामद किया। उसके पकड़े से शव की पहचान दिनेश आडिल के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस ने विवचेना में आरोपितों को हिरासत में लेकर हत्या की गुत्थी सुलझा ली। आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने धारा 364, 302, 201, 147 व 149 के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपितों के पास से पुलिस ने दो मोटर साइकिल, दो मोबाइल और घटना में उपयोग दो बेल्ट, एक कैंची बरामद किया है।सोमनी थाना प्रभारी रामेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 18 जून को ज्योति आडिल ने थाने में अपने पति के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस मृतक की तलाश में जुटी थी। मृतक के साथ अंतिम शराब भट्टी में कुछ लड़कों के साथ वाद-विवाद की जानकारी लगी। इसके बाद उन लड़कों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में हत्या कर शव को बोरे में भरकर दुर्ग के पुलगांव नाले में फेंकना बताया। इस मामले में पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव की खोजबीन कर बाहर निकला। सोमानी पुलिस ने इस हत्याकांड में पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिसमें तीन मानपुर मोहला और दो राजनांदगांव के बताए जा रहे हैं।
- - डोंगरगांव-राजनांदगांव मुख्य मार्ग करीब आठ घंटे तक जामराजनांदगांव। डोंगरगांव क्षेत्र के ग्राम सुखरी के आश्रित गांव झींका स्थित एक फैक्ट्री की पार्किंग में रिवर्स करते ट्रक की चपेट में आने से युवक ग्राम बरसनटोला निवासी अंशुल निषाद (17 वर्षीय) की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साएं ग्रामीणों ने घटना स्थल पर हंगामा किया, पर जब वहां उनकी बातें नहीं सुनी गई तो आक्रोशित ग्रामीणों ने डोंगरगांव-राजनांदगांव मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीण देर शाम सड़क पर बैठकर बांस-बल्ली रखकर रोड जाम कर रखा था, जो सोमवार रात नौ बजे अधिकारियों की समझाइश के बाद खत्म हुआ। करीब आठ घंटे तक रोड जाम रहा। गुस्साएं ग्रामीणों को समझाइश देने डोंगरगांव एसडीओपी दिलीप सिंह सिसोदिया, निरीक्षक उपेंद्र शाह और एसडीएम मनोज मरकाम, तहसीलदार प्यारेलाल नाग, नायब तहसीलदार झरना सिंह मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझाइश भी दी, पर ग्रामीण अड़े रहे। देर शाम को क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, पर ग्रामीणों ने किसी की नहीं सुनी। रात करीब नौ बजे ट्रक मालिक और प्रशासन से मुआवजा दिलाने के आश्वासन के बाद ही ग्रामीणों ने आंदोलन खत्म किया।पुलिस ने बताया कि ग्राम बरसन टोला निवासी अंशुल निषाद (17 वर्षीय) अपने बड़े पिता के झींका में होटल पर रहकर काम करता था। सुबह अंशुल होटल के लिए पानी लेकर आ रहा था, तभी पार्किंग में ट्रक चालक फैक्ट्री में जाने के लिए गाड़ी रिवर्स ले रहा था उसी बीच ट्रक के पीछे चपेट में आने से अंशुल की मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गुस्साएं ग्रामीणों ने घटना के विरोध में हंगामा करते हुए डोंगरगांव-राजनांदगांव मुख्य मार्ग को जाम कर दिया था। देर शाम को आक्राेशित ग्रामीणों को समझाने के लिए भाजपा नेता दिनेश गांधी, रामकुमार गुप्ता, जनपद सदस्य रोहित सोनकर, सिद्धिक बड़गुजर व अन्य जनप्रतिनिधि पहुंचे थे।गुस्साएं ग्रामीणों ने दोपहर एक बजे से डोंगरगांव-राजनांदगांव मुख्य मार्ग को जाम किया था। इसके कारण दोनों रूट की गाड़ियों को डायवर्ट कराया गया। ग्रामीण सड़क पर बांस-बल्ली रखकर जमे थे। मोटर साइकिल चालकों को भी आने-जाने नहीं दिया। चक्काजाम के दौरान यात्री बस चालक पर भी ग्रामीणों ने गुस्सा उतारा जब बस चालक किनारे से जाने की तैयारी कर रहा था। बस को रूकवाकर ग्रामीणों ने हंगामा किया। सड़क जाम के दौरान ग्रामीणों ने एंबुलेंस व स्कूली वाहनों को ही आने-जाने दिया।ग्रामीणों ने बताया कि मृतक अंशुल घर का इकलौता चिराग था। उसकी मौत पर ग्रामीणों ने मृतक परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजे देने की मांग की। रात करीब नौ बजे ग्रामीणों को समझाइश देकर मनाया गया। मृतक परिवार को ट्रक मालिक की ओर से 50 हजार रुपये और प्रशासन से 25 हजार रुपये मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद ग्रामीण शांत हो गए। मुख्य मार्ग होने के कारण डोंगरगांव से राजनांदगांव की ओन आने-जाने वाली गाड़ियों को पुलिस ने अर्जुनी और बगदई के पास से डायवर्ट किया था। प्रदर्शन खत्म होने के बाद रोड को क्लीयर कराकर यातायात व्यवस्था बनाई।
















.jpg)









.jpg)
.jpg)