- Home
- देश
- कश्मीर के चार जिलों में हिमस्खलन की चेतावनीनयी दिल्ली। जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले विभिन्न क्षेत्रों में बर्फ की चादर बिछ गयी है। पर्यटन स्थल कुफरी, मनाली और औली में मौसम की पहली बर्फबारी हुई। वहीं बारिश के बाद दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में तापमान गिर गया है। केंद्रशासित प्रदेश में भारी बर्फबारी और भूस्खलन के बाद रामबन जिले में महत्वपूर्ण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया गया और कश्मीर में प्रशासन ने चार जिलों-कुपवाड़ा, बांदीपुर, बारामुला और गांदेरबल के लिए हिमस्खलन की चेतावनी जारी की। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के बीच केदारनाथ और यमुनोत्री धाम को सर्दी के लिए बंद कर दिया गया। दिल्ली में अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि इस मौसम का सबसे कम तापमान है। हालांकि न्यूनतम तापमान 16 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव को अधिकतम तापमान में गिरावट और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी का कारण बताया है। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे जाने का अनुमान है । हरियाणा और पंजाब में कई स्थानों पर बारिश होने से तापमान गिर गया है। चंडीगढ़ समेत कुछ स्थानों पर सोमवार सुबह भी बारिश हुई ।शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि पिछले 24 घंटों में शिमला जिले के कुफरी में सात सेंटीमीटर बर्फबारी हुई जबकि कुल्लू जिले के मनाली में दो सेमी बर्फबारी हुई। उन्होंने बताया कि सांगला में 25 सेमी बर्फबारी हुई, जबकि गोंदला में 20 सेमी, खदराला में 18 सेमी, काल्पा में 5.6 सेमी और केलांग में 4 सेमी बर्फबारी हुई। इसके अलावा, राजधानी शिमला सहित राज्य के कई अन्य क्षेत्रों में बारिश हुई। शिमला में 21.6 मिलीमीटर बारिश हुई। एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू कश्मीर में सुरक्षा बलों ने सिंथल दर्रे में भारी बर्फबारी के बीच फंसे 10 लोगों को बचाया । जवाहर टनल के आसपास बर्फबारी और रामबन जिले में कई स्थानों पर भूस्खलन होने से जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग को सोमवार को यातायात के लिए बंद कर दिया गया।
- भदोही । भदोही जिले के गोपीगंज इलाके में एक व्यक्ति ने पड़ोसी के छह साल के मासूम बच्चे की गंड़ासे से कथित रूप से गर्दन काटकर हत्या कर दी। हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह ने सोमवार को बताया कि बदरी गांव का आरोपी त्रिलोकी गत दिवस अपनी भाभी से मारपीट कर रहा था, तभी उसका पड़ोसी रामकेवल उसकी भाभी को बचाने गया, जिससे नाराज़ होकर आरोपी त्रिलोकी ने रामकेवल से झगड़ा शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि इसी बात को लेकर आज सुबह आरोपी त्रिलोकी और रामकेवल के बीच पुन: विवाद हो गया। पुलिस अधीक्षक के अनुसार राम केवल के परिवार के लोग जब खेत पर गये थे तभी आरोपी त्रिलोकी एक गंड़ासा लेकर उसकी झोपड़ी में घुसा और छह साल के मासूम बच्चे की हत्या कर दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
-
चौथे धाम बद्रीनाथ के कपाट 19 तारीख को होंगे बंद
केदारनाथ। उत्तराखंड के दो धाम केदारनाथ और यमुनोत्री के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। रविवार को गंगोत्री मंदिर के कपाट बंद हुए थे। इस तरह चार में से तीन धाम के कपाट बंद हो चुके हैं। चौथे धाम बद्रीनाथ के कपाट 19 तारीख को बंद होंगे। तब तक भक्त बद्रीनाथ के दर्शन कर सकते हैं। इस साल केदारनाथ में श्रद्धालुओं की संख्या सबसे कम रही। कोरोना महामारी के कारण महज 1.35 लाख लोग ही यहां पहुंचे, जबकि 2019 में 9.5 लाख लोग आए थे।
केदारनाथ और यमुनोत्री में सोमवार सुबह से ही बर्फबारी हो रही है। केदारनाथ मंदिर सुबह 3 बजे खुल गया था। यहां मुख्य पुजारी शिवशंकर लिंग ने भगवान की समाधि पूजा की। 6.30 बजे भगवान भैरवनाथजी को साक्षी मानकर गर्भगृह को बंद किया गया और 8.30 बजे सभा मंडप, मुख्य द्वार बंद कर दिए गए हैं। दोपहर में यमुनोत्री धाम के कपाट भी विशेष पूजा के बाद बंद किए गए। देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि इस साल 1 लाख 35 हजार से ज्यादा लोगों ने केदारनाथ के दर्शन किए हैं।
रामपुर रवाना हुई भगवान की डोली
सोमवार सुबह सुबह कपाट बंद होने के बाद भगवान की डोली रामपुर के लिए रवाना हुई। 17 नवंबर को भगवान की डोली (पालकी), गुप्तकाशी, विश्वनाथ मंदिर पहुंचेगी। 18 तारीख को उत्सव डोली शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में पहुंच जाएगी। इसके बाद केदारनाथ की शीतकालीन पूजाएं इसी मंदिर में की जाएंगी।
मां यमुना की डोली
यमुनोत्री के कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की डोली खरसाली पहुंचती है। खरसाली को मां यमुना का मायका कहा जाता है। ठंड के दिनों में यमुनाजी यहीं वास करती हैं। भक्तों द्वारा माता की शीतकालीन पूजा खरसाली में ही की जाती है। इस साल करीब हजार लोगों ने यमुनोत्री धाम में दर्शन किए हैं।
अन्य मंदिरों की कपाट बंद होने की स्थिति
बद्रीनाथ धाम के कपाट 19 नवंबर की शाम 3.35 बजे बंद होंगे। द्वितीय केदार मध्यमहेश्वर के कपाट 19 की सुबह 7 बजे बंद हो रहे हैं। मध्यमहेश्वर मेला 22 को आयोजित होगा। तृतीय केदार तुंगनाथ के कपाट भी बंद हो चुके हैं। -
कोविड-19 नियमों का पालन जरूरी
मुंबई। महाराष्ट्र में आठ महीनों से बंद शिरडी व सिद्धिविनायक मंदिर समेत तमाम धार्मिक स्थल सोमवार से एक बार फिर खुल गए। राज्य सरकार ने इस बात का ऐलान किया है। धार्मिक स्थलों पर जाने के दौरान श्रद्धालुओं को मास्क पहनना और शारीरिक दूरी का पालन करना अनिवार्य होगा। साथ ही कोविड-19 के नियमों का पालन करना भी अनिवार्य होगा।
सिद्धिविनायक मंदिर में रोज एक हजार को प्रवेश
मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर में सोमवार से प्रतिदिन केवल 1000 श्रद्धालुओं को अंदर जाने की अनुमति दी जाएगी। श्रद्धालुओं को मोबाइल एप के माध्यम से पूजा के लिए अलग-अलग समय दिया जाएगा। यह जानकारी रविवार को इसके अध्यक्ष आदेश बांडेकर ने दी। बांडेकर ने बताया कि सिद्धिविनायक ट्रस्ट ने एक मोबाइल एप विकसित किया है जिसके माध्यम से सोमवार से श्रद्धालु दर्शन के लिए समय बुक कर सकते हैं। उन्होंने कहा, श्रद्धालुओं को दर्शन करने के लिए अपने मोबाइल फोन पर श्री सिद्धिविनायक मंदिर एप डाउनलोड करना होगा। उन्हें ब्यौरा भरना होगा और समय बुक करना होगा जिसके बाद निर्धारित समय के साथ क्यूआर कोड का सृजन होगा। दिन भर में एक हजार लोगों के लिए क्यूआर कोड का सृजन किया जाएगा।
-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर दुख जताया
मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। पिकअप नदी में गिर गई है। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है। जबकि पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी विनोद कुमार ठाकुर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नदी में गिरी गाड़ी से शव बाहर निकाले।
सदर थाना प्रभारी विनोद कुमार ठाकुर ने बताया कि चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर मंडी के पास पुलघराट इलाके में सुकेत खड्ड नदी में एक पिकअप के गिर जाने से सात लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना देर रात करीब 3 बजे हुई। हादसे में चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। हादसे में मरने वाले सभी लोग बिहार से आए मजदूर बताए जा रहे हैं जिनकी पहचान की जा रही है। पिकअप चालक को अस्पताल भर्ती करवा दिया है जिसकी हालत अब सामान्य बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि ये मजदूर देर रात ही बस स्टैंड पर बिहार से आकर उतरे थे और उसके बाद इन्हें लेने ठेकेदार की गाड़ी आई लेकिन पुल घराट के पास पिकअप अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गिर गई। जिससे पीछे बैठे सभी सात लोगों की मौत हो गई। सभी शवों को जोनल अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया है और उनके परिजनों से संपर्क साधा जा रहा है।
हिमाचल में हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर दुख जताया है। पीएम मोदी ने ट्वीट पर लिखा-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश के मंडी में सड़क हादसे की खबर से अत्यंत दुख हुआ है। सरकार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। इस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं ।
-
मुंडन कराने बिहार के मैरवा जा रहा था परिवार
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में सोमवार सुबह नेशनल हाईवे-233 पर बढया गांव के पास कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार 3 बच्चे समेत 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पांच एक ही परिवार के हैं। दुर्घटना में चार लोग घायल भी हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दो घायलों की हालत गंभीर होने के बाद उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सूचना पाकर पहुंचे चौकी प्रभारी राजेश शुक्ला ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया है।
चौकी प्रभारी श्री शुक्ला ने बताया कि कपिलवस्तु कोतवाली इलाके के रक्सौल निवासी अनिल मुंडन संस्कार करवाने के लिए मैरवा, बिहार जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े चार बजे जैसे ही वे मधुबेनिया कस्बे के पास बढया गांव के पास पहुंचे, अचानक कार अनियंत्रित होकर पुल से टकराकर पलट गई। हादसे में आठ साल की शिवांगी, तीन साल का हिमांशु, 16 साल का उमेश, 52 साल की सावित्री देवी, 67 साल की सरस्वती और 45 साल की कमलावती की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि परिवार दो बच्चों का मुंडन कराने के लिए मैरवा जा रहा था। उनमें शिवांशु व हिमांशु शामिल हैं। हिमांशु की मौत हो चुकी है। शिवांशु का इलाज चल रहा है। हादसे के बाद डीएम दीपक मीणा, एसपी राम अभिलाष त्रिपाठी भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। - नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के अंदर कोविड महामारी के बढ़ते मामलों और उनके इलाज के लिए चिकित्सा संबंधी बुनियादी ढांचे की समीक्षा करने के लिए रविवार को एक उच्च स्तरीय बैठक की। उन्होंने दिल्ली में आरटी-पीसीआर टेस्ट की संख्या बढ़ाकर दो-गुना करने और दिल्ली में प्रयोगशालाओं की क्षमता का अधिक से अधिक उपयोग करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कोविड के प्रकोप की आशंका वाले स्थानों पर स्वास्थ्य मंत्रालय तथा भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद की मोबाइल टेस्टिंग वैनों को तैनात किया जाएगा।गृह मंत्री ने एक ट्वीट संदेश में कहा है कि दिल्ली में अस्पतालों की क्षमता तथा उनमें बुनियादी ढांचे की उपलब्धता में बढ़ोतरी की जानी चाहिए। उन्होंने गम्भीर कोविड रोगियों के इलाज के लिए धौला कुआं में रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन के कोविड अस्पताल में 250 से 300 आइ.सी.यू. बेड और शामिल किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन की सुविधा वाले बेड की उपलब्धता बढ़ाने के लिए छतरपुर के दस हजार बेड वाले कोविड सेंटर को और सशक्त किया जाएगा। उन्होंने दिल्ली नगर निगम के कुछ चिन्हित अस्पतालों को हल्के-फुल्के लक्षण वाले विशेष कोविड उपचार अस्पतालों के रूप में परिवर्तित करने की भी जानकारी दी।श्री शाह ने कहा कि कोविड-19 के इलाज की सुविधाओं मरीजों की भर्ती की स्थिति का निरीक्षण करने और सही स्थिति दर्शाने के लिए, बहु-विभागीय टीमें, दिल्ली के सभी निजी अस्पतालों में जाएंगी। उन्होंने कहा कि जिन्हें कोविड होने का खतरा अधिक है उनकी लगातार निगरानी की जानी चाहिए ताकि रोकथाम उपायों को लागू करने में कोई कमी न रह जाए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों ने कोरोना से लडऩे में देश और दिल्ली की जनता के साथ बहुत सहयोग किया है और नरेन्द्र मोदी सरकार ने दिल्ली में स्वास्थ्यकर्मियों की कमी को देखते हुए इन बलों से अतिरिक्त डॉक्टर और पैरा मेडिक स्टाफ उपलब्ध कराने का निर्णय किया है और उन्हें शीघ्र ही विमानों से दिल्ली लाया जायेगा।बैठक में घर पर ही होम आइसोलेशन में इलाज करा रहे कोविड-19 रोगियों की ट्रैकिंग करने तथा उन्हें मेडिकल चिकित्?सा की आवश्?यकता पडऩे पर तुरंत कोविड अस्पतालों में शिफ्ट करने की जरूरत पर विशेष रूप से बल दिया गया ताकि अधिक से अधिक लोगों के जीवन को बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि गंभीर कोरोना मामलों में प्लाज्मा डोनेशन और प्रभावित व्यक्तियों को प्लाज्मा प्रदान किए जाने के लिए प्रोटोकॉल तैयार करने के निर्देश दिया गया है। नीति आयोग सदस्य डॉ. वी के पॉल, नई दिल्ली के एम्स के निदेशक और आइसीएमआर के महानिदेशक के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय समिति इसपर जल्द ही रिपोर्ट देगी।गृहमंत्री ने कहा कि दिल्ली में अधिक से अधिक लोगों की जान बचने के लिए केंद्र सरकार दिल्ली को ऑक्सीजन सिलिंडर सहित सभी जरूरी स्वास्थ्य उपकरण उपलब्ध करवाएगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा ही कोरोना से बचाव का एक मात्र उपाय है, इसलिए लोगों को बचाव के तौर-तरीके बताने के लिए उनके साथ संवाद कायम करने की कार्यनीति अपनानी चाहिए।---
- श्रीनगर। पाकिस्तानी सैनिकों ने शुक्रवार को जम्मू- कश्मीर में नियंत्रण रेखा से लगते कई सेक्टरों में बिना उकसावे के गोलाबारी की जिससे जानमाल का बड़ा नुकसान हुआ। सीमा सुरक्षा बल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।जम्मू- कश्मीर के गुरेज और उरी सेक्टरों के बीच नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तान ने कई बार संघर्ष विराम उल्लंघन किया जिसमें पांच सुरक्षाकर्मियों समेत 11 लोग मारे गये। भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी सेना के ढांचों को बड़ा नुकसान पहुंचाया। पाकिस्तान की गोलाबारी से सेना के चार कर्मी और सीमा सुरक्षाबल का एक जवान शहीद हो गया तथा छह नागरिकों की जान चली गयी। बीएसएफ के महानिरीक्षक (कश्मीर) राजेश मिश्रा ने कहा, पाकिस्तान ने बिना किसी उकसावे के भारी गोलाबारी की लेकिन सेना एवं बीएसएफ ने बहादुरी से उनका मुकाबला किया एवं उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया। पाकिस्तान की कई सुरक्षा चौकियां ध्वस्त कर दी गयीं।वे बीएसएफ के उपनिरीक्षक राकेश डोभाल के श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से बात कर रहे थे। डोभाल पाकिस्तानी गोलीबारी में शहीद हो गये थे। मिश्रा ने कहा कि पाकिस्तानी गोलाबारी के कारण भारतीय क्षेत्र में जान-माल का बड़ा नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि गोलाबारी में घायल होने के बाद भी डोभाल ने डटकर मुकाबला किया और वह सबसे बड़ी श्रद्धांजलि के हकदार हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय क्षेत्र में घुसने के लिए नियंत्रण रेखा के पार करीब 250-300 आतंकवादी तैयार थे। उन्होंने कहा, बीएसएफ समेत सुरक्षा बल उनकी मंशा नाकाम करने में सफल रहे हैं और हम ऐसा करते रहेंगे। बीएसएफ के अधिकारी ने कहा कि मानवाधिकार संगठनों को पाकिस्तान की भारी गोलाबारी में नागरिकों की हुई मौतों और आम लोगों की संपत्तियों को हुए नुकसान का संज्ञान लेना चाहिए। (फाइल फोटो)
- वाराणसी। काशी में आज अन्नकूट पर्व के मौके पर मंदिरों में 56 व्यंजनों का भोग लगाया जाता है। काशी विश्वनाथ और मां अन्नपूर्णा के दरबार मे 101 क्विंटल प्रसाद का भोग लगाया गया। काशी के मंदिरों में 56 व्यंजनों का भोग लगाने की सदियों पुरानी परंपरा है। देश के प्रमुख मंदिरों में शुमार काशी विश्वनाथ और मां अन्नपूर्णा का मंदिर 101 क्विंटल पकवान से सजाया गया। 358 सालों से ये परंपरा चली आ रही है।द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रमुख श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में 500 किलो लड्डुओं से बाबा का दरबार आकर्षण ढंग से सजाया गया। इसके साथ ही मगदल, मूंग का हलुआ, काजू की बर्फी, बूंदी लड्डू, बालूशाही, खुरमा, काजू का हलवा, भांग की बर्फी और विभिन्न प्रकार के नमकीन के साथ 16 प्रकार के पकौड़ी और कच्चे-पक्के अनाज से मंदिर को सजाया गया। मंदिर के जनसंपर्क अधिकारी पीयूष तिवारी ने बताया कि 651 किलो मिठाइयों से बाबा का दरबार सजाया गया है। इसके अलावा नमकीन,पकौड़ी और भोग के प्रसाद लगाया है।80 क्विंटल भोग का लगा प्रसादअन्न की देवी अन्नपूर्णा के दरबार में भी 80 क्विंटल प्रसाद का भोग लगाया गया। इन भोग प्रसाद में कच्चे और पक्के भोजन भी शामिल किए गए है। देवी के मंदिर में अकेले 21 क्विंटल लड्डू शामिल है। अन्नपूर्णा मंदिर के महंत रामेश्वर पूरी ने बताया कि देवी को 56 व्यंजनों का भोग लगाया गया। अनादि काल से ये परंपरा चली आ रही है।---
- औरंगाबाद। महाराष्ट्र के बीड जिले में युवक के खिलाफ अपनी प्रेमिका पर तेजाब फेंकने और फिर पेट्रोल डालकर उसे जलाने का प्रयास करने का मामला दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी । इस हमले में प्रेमिका की मौत हो गई है। घटना के बाद से आरोपी फरार है।अधिकारी ने बताया कि घटना शनिवार की है । उन्होंने बताया कि हालांकि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि हमला क्यों किया गया । पुलिस ने बताया कि महिला प्रदेश के नांदेड़ जिले के शेलगांव की रहने वाली थी । वह पुणे से आरोपी के साथ अपने शहर जा रही थी जिसकी पहचान अविनाश राजुरे (25) के रूप में की गयी है।बीड जिले के नेकनुर थाने के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि यात्रा के दौरान दोनों जिले के यलंब घाट स्थित एक सुनसान स्थान पर रूके जहां आरोपी ने महिला पर तेजाब फेंका और बाद में पेट्रोल डालकर उसे जलाने का प्रयास किया । पुलिस ने बताया कि इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया । अधिकारी ने बताया कि इसके बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गयी । अधिकारियों ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। (सांकेतिक फोटो)
-
पटना। बिहार में नया मुख्यमंत्री तय हो गया है। रविवार को हुई एनडीए की बैठक में नीतीश कुमार को विधायक दल नेता चुना गया। वे 16 नवंबर को 7वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। बैठक में पर्यवेक्षक के तौर राजनाथ सिंह, बिहार में भाजपा के चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस और बिहार भाजपा के प्रभारी भूपेंद्र यादव मौजूद थे। डिप्टी सीएम को लेकर फिलहाल पेंच फंसा हुआ है। नीतीश आज राज्यपाल फागू चौहान से भी मुलाकात करेंगे।
-
भागलपुर। भागलपुर में ट्रक को ओवरटेक करने के क्रम में बस ने महिला चाय दुकानदार समेत तीन को कुचल दिया। इसमें महिला दुकानदार करिया देवी के साथ सहरसा निवासी रमेश कुमार और संतोष वर्मा की मौत हो गई है। घायलों की संख्या 8 बताई जा रही है, जिनमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। रमेश कुमार और संतोष वर्मा की मौत इलाज के दौरान हुई है।
मामला जीरो माइल थाना क्षेत्र के विक्रमशिला पुल के पास की है। बस में सवार चोटिल लोगों को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार एक बस और ट्रक दोनों नवगछिया की ओर जा रहे थे तभी विक्रमशिला पुल से पहले ही बायीं तरफ से बस ने ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की। इस दौरान बस ट्रक को दायीं तरफ रगड़ते हुए चाय दुकान में घुस गई। इस घटना के दौरान महिला चाय दुकानदार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक के साथ खड़ा युवक और एक अन्य युवक बस के नीचे चला गया। वह काफी देर तक उसमें फंसा रहा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे बस के नीचे से निकाला जा सका और इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी मौत हो गई। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच आगे की प्रक्रिया में जुट गई है। -
पटना। बिहार में एनडीए विधायक दल की अहम बैठक में नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। पर्यवेक्षक के तौर राजनाथ सिंह, बिहार में भाजपा के चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस और बिहार भाजपा के प्रभारी भूपेंद्र यादव मौजूद थे। इससे पहले शनिवार को सुशील कुमार मोदी ने दिल्ली में पार्टी नेताओं से मुलाकात की थी। नीतीश के डिप्टी कौन और कितने होंगे, इसकी भी घोषणा होने की संभावना है। इसके बाद नीतीश राज्यपाल फागू चौहान के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
- प्रतापगढ़ । उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के रहने वाले धर्मेंद्र प्रताप सिंह के लिए उनकी लंबाई मुसीबत बन गई है। लंबाई की वजह से ही उनकी शादी नहीं हो पा रही हैं। वे 8 फीट 2 इंच के हो चुके हैं और उनकी लंबाई बढ़ती ही जा रही है। वे जहां जाते हैं, लोगों के लिए कौतूहल का विषय बन जाते हैं। उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो चुका है।धर्मेंद्र 45 वर्ष के हो चुके हैं और अभी तक वह अविवाहित हैं। उन्होंने बताया कि कई रिश्तेदारों ने उनकी शादी करवानी चाही, लेकिन इसमें सफलता हासिल नहीं हुई। उन्होंने बताया कि मेरी लंबाई देखकर लड़कियां मुझसे शादी करने से इनकार कर देती हैं। अब उन्होंने शादी करने और अपना परिवार बसाने की उम्मीद छोड़ दी है। धर्मेंद्र प्रतापगढ़ के नरहरपुर कसियाही गांव में रहते हैं समाजवादी पार्टी से जुड़े हैं। चुनाव के दौरान वे पार्टी के लिए प्रचार करते हैं और एक प्रमुख प्रचारक के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। धर्मेंद ने मास्टर की डिग्री हासिल की है। धर्मेन्द्र बताते हैं कि वे जब भी दिल्ली के कनॉट प्लेस और मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया में जाते हैं, लोग उन्हें देखकर रोमांचित हो जाते हैं। कोई उन्हें उपहार दता है, तो कोई सेल्फी लेता है, तो कोई कुछ आर्थिक मदद कर देता है, लेकिन लॉकडाउन और कोरोना काल के कारण उन्होंने यात्राएं बंद कर दी हैं जिससे उनकी आय का ये साधन बंद हो गया है और उनके पास नौकरी भी नहीं है। धर्मेंद्र ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की अपील की है। उनका कहना है मैं भारत का सबसे लंबा व्यक्ति हूं ,इसलिए कोई ना शादी करने को तैयार है,और ना ही नौकरी देने के लिए, कोरोना काल में अब बाहर निकालना और भीड़ लगाना भी मुश्किल है। अगर योगी सरकार चाहे तो सरकार की योजनाओं के प्रचार -प्रचार में उनका उपयोग कर उनको रोजगार दे सकती है, जिससे उनकी आर्थिक हालत ठीक हो जाएगी।कुछ समय पहले धर्मेंद्र को गठिया के दर्द के कारण चलने में परेशानी हो रही थी। जिसके बाद उन्होंने अहमदाबाद में एक बाइलेट्रल हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी कराई। अस्पताल प्रशासन को धर्मेन्द्र की लंबाई के कारण उनके लिए अलग से व्यवस्था करनी पड़ी। बिस्तर से लेकर ऑपरेशन थियेटर की मेज तक सब कुछ उनकी लंबाई के अनुसार करना पड़ा। यहां तक धर्मेंद्र की सर्जरी के लिए जिन चीजों का इस्तेमाल किया गया, उन्हें विशेष रूप से चेन्नई से लाया गया, क्योंकि वे सामान्य आकार की नहीं थी।
- भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सदस्य कैलाश नारायण सारंग का शनिवार को निधन हो गया। वे कई दिनों से बीमार चल रहे थे। बीते दिनों अचानक तबीयत खराब होने पर उन्हें एयर एंबुलेंस कर मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तबीयत बिगडऩे के बाद शनिवार को उन्होंने अस्पताल में अंतिम सांस ली।कैलाश सारंग शिवराज सरकार में कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग के पिता थे। विश्वास शिवराज सरकार में चिकित्सा मंत्री हैं। उन्होंने पीएम मोदी पर "नरेंद्र से नरेन्द्र" नाम की पुस्तक भी लिखी थी। भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे कैलाश सारंग मीसाबंदी रह चुके हैं। वे पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा देश में लागू इमरजेंसी के खिलाफ आवाज उठाने के लिए कई महीनों जेल में रहे थे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश सारंग के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें एक संवेदनशील और परिश्रमी नेता के तौर पर याद किया जाएगा। मोदी ने ट्वीट किया, कैलाश सारंग जी ने मध्य प्रदेश में भाजपा को मजबूत बनाने के लिए बहुत प्रयास किए। उन्हें एक संवेदनशील और परिश्रमी तथा मध्य प्रदेश की प्रगति को लेकर समर्पित नेता के तौर पर याद किया जाएगा। उन्होंने कहा, उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और शुभचिंतकों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं। ओम शांति।---
-
दुमका (झारखण्ड)। दुमका जिले के तालझारी थाना क्षेत्र अन्तर्गत बरनिया गाँव निवासी 38 वर्षीय सुनील दास की शुक्रवार को अपराधियों ने कथित तौर पर गोली मारकर एवं पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनिमेष नैथानी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सुनील दास पर धारदार हथियार से हमला किया गया था तथा चेहरे को विकृत कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि घायल दास को जरमुंडी सीएचसी और फिर डीएमसीएच पहुँचाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक अंबर लकड़ा ने बताया कि दास की हत्या के पीछे किसी से दुश्मनी एक वजह लगती है क्योंकि उसके चेहरे को बुरी तरह जख्मी किया गया है ताकि लाश की पहचान न हो। पुलिस मामले की जाँच में जुटी है। -
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा व वृन्दावन शहरों में दिवाली, गोवर्धन पूजा व भाईदूज के मौके पर ब्रज दर्शन के लिए हजारों-लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए तिपहिया व चौपहिया वाहनों के प्रवेश पर 17 नवम्बर तक प्रतिबंध लगा दिया गया है और कई मार्गों पर एकतरफा यातायात संचालित होगा। पुलिस अधीक्षक (यातायात) कमल किशोर ने बताया कि वृन्दावन में इस अवसर पर भारी संख्या में आने वाले वाहनों को नियंत्रित करने के लिए हमेशा के समान सभी ओर से प्रवेश करने वाले वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इन वाहनों को वहां उपलब्ध पार्किंग में खड़ा करने के पश्चात ही वृन्दावन में जाया जा सकेगा। इस अवसर पर स्थानीय वाहनों पर भी प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने बताया, मथुरा की यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए क्वालिटी तिराहे तथा डैंपियर नगर की ओर से होली गेट की ओर जाने वाले सभी चौपहिया व तिपहिया वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। -
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि कुछ लोगों की कुत्सित सोच के कारण राम की अयोध्या के साथ सदियों तक बहुत अन्याय हुआ है। अब ऐसा नहीं होगा और अयोध्या को उसका गौरव मिलेगा। रामनगरी में आयोजित दिव्य दीपोत्सव में 6,06,569 दीये जलाकर अयोध्या ने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज करा लिया। मुख्यमंत्री ने इस दीपोत्सव में श्री राम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक करने के बाद कहा कि जिस अयोध्या में दीपोत्सव मनाया जा रहा है, तीन वर्ष पहले तक कुछ लोगों को अयोध्या का नाम लेने से डर लगता था। अब अब सब बदल गया है, लोग अयोध्या आना चाहते हैं। इस बार हमने छह लाख से ज्यादा दीप अयोध्या में जलाए हैं, अब अगले साल 7.51 लाख दीपकों से अयोध्या रोशन होगी। मुख्यमंत्री ने कहा, हम हर पुण्य स्थली को प्रतिष्ठापित करेंगे। श्रद्धालु हो या पर्यटक सभी की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा। कुछ वर्ष पूर्व तक सरकारें पंचकोसी, 14 कोसी और 84 कोसी जैसी यात्राओं पर रोक लगाती थीं, आज यहां सुविधाओं की बढ़ोतरी की जा रही है। यह हमारी अस्मिता से जुड़ा विषय है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और रणनीति से अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का पांच सदी का संकल्प पूरा होते हुए दुनिया देख रही है। योगी ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी जी के मार्गदर्शन और रणनीति से दुनिया पांच सदी का वह संकल्प पूरा होते हुए देख रही है, जिसकी हमारी कई पीढिय़ों को प्रतीक्षा थी। मैं प्रधानमंत्री का उन पीढिय़ों की तरफ से भी आभार प्रकट करता हूं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने हाथों से राम मंदिर का शिलान्यास करके उस काम को आगे बढ़ाया है जिसका इंतजार आजादी के बाद से पूरे देश को था। इस बीच दिव्य दीपोत्सव में 6,06,569 दीये जलाकर अयोध्या ने गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉड्र्स में अपना नाम दर्ज करा लिया। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉड्र्स के प्रतिनिधियों ने अयोध्या में दीपोत्सव को देखा। इस दौरान 6,06,569 मिट्टी के दीये जलाए गए। इस तरह अयोध्या ने ऐसे भव्य आयोजन के मामले में अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया। बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह नया रिकॉर्ड कायम करने के लिए राम भक्तों तथा सभी अयोध्यावासियों को बधाई दी और कहा कि अगले साल यह रिकॉर्ड भी पीछे छूट जाएगा। -
नयी दिल्ली। दीपावली की पूर्व संध्या पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को देशवासियों से अपील की कि वे इस त्योहार के दिन सैनिकों के सम्मान में एक दीया जरूर जलाएं। उन्होंने कहा कि सैनिकों की अनुकरणीय बहादुरी के लिए शब्दों से कृतज्ञता ज्ञापित करने की भावना न्याय नहीं कर सकती। मोदी ने ट्वीट किया, इस दीपावली हम सभी एक दीया उन सैनिकों के सम्मान में जलाएं जो निडर होकर देश की रक्षा करते हैं। सैनिकों की अनुकरणीय बहादुरी के लिए उनके प्रति शब्दों से कृतज्ञता ज्ञापित करने की भावना न्याय नहीं कर सकती। हम सीमाओं पर डटे सैनिकों के परिवार वालों के प्रति भी कृतज्ञ हैं।
प्रधानमंत्री ने पिछले महीने अपने मासिक रेडिया कार्यक्रम मन की बात में भी देशवासियों से यह अपील की थी। उन्होंने इससे संबंधित अपने संबोधन की एक क्लिपिंग भी साझा की है। मोदी ने अपने संबोधन में कहा था कि इस दीपावली उन जाबाज सैनिकों को भी याद रखना है, जो, इन त्योहारों में भी सीमाओं पर डटे हैं और भारत-माता की सेवा और सुरक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा था, हमें उनको याद करके ही अपने त्योहार मनाने हैं। हमें घर में एक दीया, भारत माता के इन वीर बेटे-बेटियों के सम्मान में भी जलाना है। मोदी की इस अपील के बाद भाजपा ने भी लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर सैनिकों के सम्मान में दीया जलाने की अपनी तस्वीरें साझा करें। भाजपा ने कहा, इस दीपावली प्रधानमंत्री ने हमारे बहादुर सैनिकों के लिए अपना आभार प्रकट करने को लेकर इस विशेष अभियान को शुरू किया है। आप सबसे आग्रह है कि सोशल मीडिया पर हैशटैग सैल्यूटटूसोल्जर्स का इस्तेमाल कर अपने सैनिकों के लिए दीये के साथ एक फोटो पोस्ट करें।
वर्ष 2014 में कार्यभार संभालने के बाद से प्रधानमंत्री उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पंजाब जैसे राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के अग्रिम इलाकों में सैनिकों के साथ समय गुजारते हुए दीपावली मनाते रहे हैं । इस दीपावली पर किसी सीमा चौकी पर प्रधानमंत्री के दौरे के बारे में आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है लेकिन माना जाता है कि वह इस परंपरा को कायम रखेंगे और अग्रिम इलाके में सैनिकों के साथ वक्त गुजारेंगे। -
बहराइच। यूपी में बहराइच जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली से सीधी टक्कर में मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति और उसके दो बेटों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार शाम मोटरसाइकिल सवार कैसरगंज निवासी नरसिंह (55) अपने दो पुत्रों मगन और शिवम को साथ लेकर जा रहा था। रास्ते में बहराइच-लखनऊ मार्ग पर गोलवा घाट के निकट नरसिंह ने एक रोडवेज बस से आगे निकलने की कोशिश की तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी मोटरसाइकिल की भीषण टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल नरसिंह और उसके दोनों बेटों को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने नरसिंह और उसके एक बेटे को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे बेटे की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक कैसरगंज थाना क्षेत्र के महेरी गांव के निवासी थे। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम कराया है। -
नई दिल्ली। भारत ने ओडिशा के चांदीपुर एकीकृत परीक्षण केन्द्र से जमीन से हवा में मार करने वाली त्वरित प्रतिक्रिया मिसाइल प्रणाली का शुक्रवार को सफल परीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि करीब 30 किलोमीटर की रेंज में प्रहार करने वाली मिसाइल प्रणाली के सफल परीक्षण के बाद अब उसके व्यावसायिक उत्पादन का रास्ता साफ हो गया है। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, मध्यम रेंज और मध्यम ऊंचाई वाले पायलट रहित बंशी विमान को सीधे निशाना बनाकर इस मिसाइल प्रणाली ने महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया है। ओडिशा के तट से अपराह्न 3:50 पर इसका परीक्षण किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन(डीआरडीओ) के अध्यक्ष जी. सतीश रेड्डी ने मिसाइल के सफल परीक्षण पर डीआरडीओ के वैज्ञानिकों को बधाई दी है। -
शिवपुरी। मध्य प्रदेश में शिवपुरी जिले के पोहरी के पास शुक्रवार रात एक पिकअप वाहन के पलटने से इसमें सवार तीन महिलाओं सहित 10 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल घायल हो गए। शिवपुरी जिले के पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने बताया कि घटना शुक्रवार रात करीब सवा सात बजे उस वक्त हुई, जब संबंधित लोग इस वाहन से राज्य के श्योपुर जिले के उनावद से अपने गांव डोडी वापस लौट रहे थे। उन्होंने कहा कि इस हादसे में छह लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और चार लोगों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। चंदेल ने बताया कि घटना के तुरंत बाद घायलों को पोहरी एवं शिवपुरी जिला अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने कहा कि मामले के विस्तृत ब्योरे की प्रतीक्षा है। -
नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शुक्रवार को लोगों से कहा कि वे निर्धन, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों के जीवन में खुशियां बांटते हुए आशा एवं समृद्धि का दीप बनने का संकल्प लें। राष्ट्रपति ने दिवाली के मौके पर सभी देशवासियों और विदेशों में बसे भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा, विभिन्न पंथों और धर्मों के लोगों द्वारा मनाया जाने वाला यह पर्व देश के लोगों की एकता, सद्भावना और भाई-चारे को मजबूत करता है। यह पर्व हमें मानवता की सेवा की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित करता है।
राष्ट्रपति ने कहा, आइए, इस मौके पर हम संकल्प लें कि हम समाज के निर्धन, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों के जीवन में खुशियां बांटते हुए आशा एवं समृद्धि का दीप बनें। दीपावली स्वच्छता का भी उत्सव है इसलिए हम प्रदूषण से मुक्त, पर्यावरण के अनुकूल और स्वच्छ दिवाली मनाकर प्रकृति का भी सम्मान करें। उन्होंने कहा, मेरी कामना है कि खुशियों और प्रकाश का यह महापर्व, देश के हर घर में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करे। -
जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के दो अलग अलग दलों ने कार्रवाई करते हुए नगरपालिका के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (ईओ) और परिवहन विभाग के उपनिरीक्षक व उडऩ दस्ते के गार्डों को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने शुक्रवार को बताया कि ब्यूरो (एसीबी) के एक दल ने शुक्रवार को झुंझनू जिले के चिड़ावा नगरपालिका के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आरोपी अनिल कुमार चौधरी को तीन लाख रूपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिल कुमार चौधरी परिवादी से दो भूखण्डों के 90ए की कार्रवाई कर पट्टा जारी करने की एवज में 12 लाख रूपये की रिश्वत राशि की मांग कर रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपी को उनके आवास से तीन लाख रूपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार किया गया है। एक अन्य कार्रवाई में ब्यूरो की कोटा ईकाई ने परिवहन विभाग की चैक पोस्ट रतनपुर बार्डर, डूंगरपुर पर परिवहन विभाग के चैक पोस्ट प्रभारी उप निरीक्षक आरोपी छगन मेघवाल व उडऩ दस्ते के गार्ड आरोपी जितेन्द्र सिंह, आरोपी महिपाल सिंह व आरोपी पूरण सिंह तथा आरोपी नेपाल सिंह को गिरफ्तार किया है। मौके पर चैक पोस्ट व तैनात कर्मियों की तलाशी में अवैध रूप से वसूली 2 लाख 69 840 रूपये की राशि बरामद की गई। उन्होंने बताया कि एसीबी को परिवहन विभाग की रतनपुर चैक पोस्ट, जिला डूंगरपुर पर शिकायतें लगातार मिल रहीं थी। इसी के तहत आरोपियों को वाहन चालकों को रोककर एन्ट्री के नाम पर रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। एसीबी द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर आगे कार्रवाई की जा रही है। - अयोध्या। भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में शुक्रवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में भव्य दीपोत्सव की शुरुआत हुई। दिव्य दीपोत्सव में 5,84,372 दीये जलाकर अयोध्या ने ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' में अपना नाम दर्ज करा लिया।शुक्रवार को दोपहर बाद हेलीकाप्टर से यहां पहुंचने के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने भगवान राम की पूजा की। उसके बाद सरयू तट पर ‘पुष्पक विमान' (हेलीकाप्टर) से उतरने पर भगवान राम, देवी सीता और लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले कलाकारों का स्वागत किया । इससे पहले शुक्रवार को एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि देश और दुनिया के करोड़ो हिंदुओं के आराध्य प्रभु श्रीराम की अयोध्या, वैश्विक पटल पर उत्तर प्रदेश की नई पहचान बनेगी। श्री राम की नगरी को सजाने, संवारने के लिए बीते पौने चार साल से जिस नियोजित ढंग से योगी आदित्यनाथ सरकार कोशिश कर रही है, उससे आने वाले समय में यह न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक मानचित्र पर अंकित होगा, बल्कि औद्योगिक और आर्थिक उन्नति का नया मानक भी बनेगा। उन्होंने बताया कि श्री राम जन्मभूमि मन्दिर निर्माण शुरू हो जाने के बाद अब यहां पर्यटन विकास की अपार संभावनाओं को देखते हुए योगी सरकार नीतिगत प्रयास कर रही है। सबकुछ ठीक रहा तो गंगा की तर्ज पर यहां भी सरयू नदी में छोटे जहाज यानी क्रूज चलते नजर आएंगे। प्रवक्ता के मुताबिक राम नगरी अयोध्या को तिरूपति जैसा शहर बनाने की योजना पर काम चल रहा है। कनेक्टिविटी विकास की जरूरत के लिहाज से यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा विकसित किया किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ घोषणा कर चुके हैं कि अयोध्या में सरयू नदी के किनारे भगवान राम की 251 मीटर की लंबी मूर्ति बनेगी। इसके लिए जगह भी चिन्हित कर ली गई है। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए पांच सितारा होटल बनाए जाएगें। सभी राज्यों और कुछ चुनिन्दा देशों के अतिथि भवन, तीर्थ यात्रियों के रुकने के लिए रैनबसेरों का भी निर्माण किया जाएगा।प्रभु श्री राम की दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा, वैदिक और आधुनिक सिटी के समन्वित मॉडल के रूप में नव्य अयोध्या के अलावा और भी बहुत कुछ होगा। कुछ काम हो रहे हैं और कई पाइपलाइन में हैं। प्रवक्ता ने बताया कि अयोध्या की विकास परियोजनाओं के लिए प्रदेश और केंद्र सरकार ने खजाना खोल दिया है। अयोध्या आने वाली रेलवे लाइन का दोहरीकरण के साथ भविष्य की जरूरतों के अनुसार रेलवे स्टेशन का सुंदरीकरण और विस्तारीकरण का काम जल्द आरंभ होगा ।अयोध्या से सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 330 से एयरपोर्ट तक 18.75 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन की सड़क को संवारा जाएगा।



























