ब्रेकिंग न्यूज़

पंकज त्रिपाठी को आईएफएफएम में मिलेगा 'आर्टिस्ट ऑफ डिस्टिंक्शन' पुरस्कार

नयी दिल्ली. अभिनेता पंकज त्रिपाठी को भारतीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफएम), मेलबर्न में 'आर्टिस्ट ऑफ डिस्टिंक्शन' (प्रतिष्ठित कलाकार) पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह सम्मान भारतीय सिनेमा में अभिनेता के असाधारण योगदान और देश के सबसे सम्मानित कलाकारों में से एक के रूप में उनकी उल्लेखनीय यात्रा को देखते हुए दिया जाएगा। यह पहली बार होगा जब राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता इस फिल्म महोत्सव में शामिल होंगे और ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में यह सम्मान प्राप्त करेंगे। 'गैंग्स ऑफ वासेपुर', 'न्यूटन' और 'स्त्री' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले पंकज त्रिपाठी ने कहा कि यह पुरस्कार मिलना उनके लिए "वास्तव में खास और बेहद मायने रखने वाला" है। उन्होंने एक बयान में कहा, "भारतीय फिल्म महोत्सव, मेलबर्न में जल्द ही 'आर्टिस्ट ऑफ डिस्टिंक्शन' सम्मान प्राप्त करना मेरे लिए बेहद गर्व का क्षण है। एक अभिनेता के तौर पर मेरा हमेशा यह विश्वास रहा है कि कहानियों में सीमाओं को पार करने, दिलों को जोड़ने और भाषा या भौगोलिक दूरी की परवाह किए बिना लोगों को करीब लाने की असाधारण शक्ति होती है। उन्होंने कहा, "आईएफएफएम जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर मेरी यात्रा को पहचान मिलना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात है। मेरे करियर की हर उपलब्धि फिल्म निर्माताओं, लेखकों, निर्देशकों, सह-कलाकारों, तकनीशियनों और सबसे बढ़कर दर्शकों के विश्वास और सहयोग से संभव हो पाई है, जिन्होंने मेरे काम को इतना प्यार और अपनापन दिया। यह सम्मान जितना मेरा है, उतना ही उन सभी लोगों का भी है।" उन्होंने कहा, "बिहार के एक छोटे से गांव से आने वाले मेरे जैसे व्यक्ति ने कभी कल्पना नहीं की थी कि जिन कहानियों का मैं हिस्सा बनूंगा, वे एक दिन पूरी दुनिया तक पहुंचेंगी और इस तरह सराही जाएंगी।" आईएफएफएम की निदेशक मितु बोमिक लांगे ने त्रिपाठी को इस पीढ़ी के बेहतरीन अभिनेताओं में से एक बताया।
उन्होंने कहा, "वह ऐसे कलाकार हैं, जिनका अभिनय भाषा, भूगोल और संस्कृति की सीमाओं से परे जाता है। हर किरदार में वास्तविकता, सहानुभूति और शांत प्रभावशाली शक्ति लाने की उनकी असाधारण क्षमता ने उन्हें आज भारतीय सिनेमा की सबसे सम्मानित आवाजों में से एक बना दिया है। भारतीय फिल्म महोत्सव, मेलबर्न में पंकज त्रिपाठी को 'आर्टिस्ट ऑफ डिस्टिंक्शन' पुरस्कार से सम्मानित करना हमारे लिए बेहद गर्व और सौभाग्य की बात है।" यह फिल्म महोत्सव 13 अगस्त से शुरू होकर 23 अगस्त तक ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में आयोजित किया जाएगा।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english