सफर के दौरान जी मिचलाता है? ट्राई करें ये घरेलू नुस्खे
कुछ लोगों के लिए कार, बस या पहाड़ी रास्तों पर सफर करना किसी चुनौती से कम नहीं होता। गाड़ी में बैठते ही जी मिचलाना, चक्कर आना, पसीना आना और उल्टी जैसा महसूस होना मोशन सिकनेस के सामान्य लक्षण हैं। यह समस्या तब होती है जब आंखों, कानों और मस्तिष्क को शरीर की गति के बारे में अलग-अलग संकेत मिलते हैं।
बच्चों, गर्भवती महिलाओं और कुछ संवेदनशील लोगों में यह परेशानी अधिक देखने को मिलती है। हालांकि यह कोई गंभीर बीमारी नहीं है, लेकिन सफर का पूरा मजा खराब कर सकती है। अच्छी बात यह है कि कुछ आसान घरेलू उपाय और छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर इस समस्या से काफी हद तक राहत पाई जा सकती है।
अगर आप भी गाड़ी में बैठते ही उल्टी या जी मिचलाने की समस्या से परेशान रहते हैं, तो यहां बताए गए उपाय आपके अगले सफर को आरामदायक और आसान बना सकते हैं।
अदरक का सेवन करें
अदरक को प्राकृतिक एंटी-नॉजिया माना जाता है। सफर शुरू करने से पहले अदरक का छोटा टुकड़ा चबाना या अदरक की चाय पीना जी मिचलाने और उल्टी की समस्या को कम करने में मदद कर सकता है। आप चाहें तो अदरक वाली कैंडी भी साथ रख सकते हैं।
हल्का भोजन करें
खाली पेट सफर करने से भी कुछ लोगों को उल्टी की समस्या हो सकती है, वहीं बहुत ज्यादा तला-भुना या मसालेदार खाना खाने से भी परेशानी बढ़ सकती है। सफर से पहले हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन करना बेहतर रहता है।
आगे की सीट पर बैठें
अगर कार से यात्रा कर रहे हैं तो आगे की सीट पर बैठने की कोशिश करें। इससे सड़क साफ दिखाई देती है और शरीर को गति का बेहतर एहसास होता है, जिससे मोशन सिकनेस की संभावना कम हो सकती है।
नींबू और पुदीना इस्तेमाल करें
नींबू की खुशबू या पुदीने की चाय और पुदीने की टॉफी कई लोगों में मतली कम करने में मदद कर सकती है। सफर के दौरान इन्हें साथ रखना फायदेमंद हो सकता है।
जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह लें
अगर हर बार यात्रा के दौरान तेज उल्टी, चक्कर या अत्यधिक परेशानी होती है, तो डॉक्टर से सलाह लें। जरूरत पड़ने पर वे मोशन सिकनेस की दवा लेने की सलाह दे सकते हैं।
सफर के दौरान इन बातों का रखें ध्यान--
00 तेज खुशबू वाले परफ्यूम या भोजन से दूरी रखें।
00 लंबी यात्रा में बीच-बीच में ब्रेक लें।
00 पर्याप्त नींद लेकर ही यात्रा करें।
00 आरामदायक कपड़े पहनें।
00 गहरी और धीमी सांस लेने की कोशिश करें।









Leave A Comment