- Home
- देश
- हैदराबाद। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को एक रैली में तेलंगाना के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं की तुलना ‘बॉलीवुड नायकों’ से करते हुए कहा कि वे (भाजपा नेता) जो पहले इतराते थे, अब कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के लिए लाइन लगाए खड़े हैं। गांधी ने शुक्रवार को समाप्त हुए अपने तीन-दिवसीय तूफानी दौरे पर किसानों को बेहतर समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने, ‘भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस), भाजपा और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन’ (एआईएमआईएम) की कथित सांठगांठ तथा राज्य के स्वामित्व वाली सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड (एससीसीएल) जैसे विभिन्न मुद्दे उठाये।निजामाबाद और जगतियाल जिलों में अलग-अलग बैठकों में गांधी ने तेलंगाना भावना को जागृत करते हुए कहा कि उनकी मां एवं पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ही थीं, जिन्होंने नये राज्य का निर्माण कराया था। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मां ने इसका समर्थन नहीं किया होता, तो यह नया दक्षिणी राज्य नहीं बन पाता।उन्होंने कहा, ‘‘यहां (तेलंगाना में) लड़ाई कांग्रेस और बीआरएस के बीच है। पहले भाजपा नेता यहां बॉलीवुड हीरो की तरह घूमते थे। उन्हें पता भी नहीं चला कि उनकी गाड़ी के चारों पहिये कब निकल गए। आज भाजपा नेता कांग्रेस में शामिल होने के लिए कतार में खड़े हैं। (लेकिन) हम उन्हें नहीं चाहते।”उन्होंने तेलंगाना की भावनाओं को जागृत करने की कोशिश करते हुए कहा, ‘‘सोनिया जी ने तेलंगाना राज्य बनाने में आपकी मदद की और मैं यह भी कह सकता हूं कि अगर सोनिया गांधी ने मदद नहीं की होती, तो अलग तेलंगाना नहीं बनता। सोनिया गांधी जी दोराला (सामंतों) का तेलंगाना नहीं, बल्कि प्रजाला (जनता का) तेलंगाना चाहती थीं।’’राज्य में पार्टी की चल रही ‘विजयभेरी’ यात्रा के दौरान रैलियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस 30 नवंबर के विधानसभा चुनाव में सत्ता में आती है, तो यह भी सुनिश्चित करेगी कि किसानों को उनके द्वारा उगाई जाने वाली प्रत्येक फसल के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से 500 रुपये अधिक मिलें।गांधी ने कहा कि इसके अलावा, कांग्रेस यह सुनिश्चित करेगी कि हल्दी उत्पादक किसानों को 12,000 रुपये से 15,000 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य मिले।उन्होंने कहा कि कांग्रेस क्षेत्र में चीनी मिलों को भी पुनर्जीवित करेगी।गांधी ने एक बार फिर कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो वह तेलंगाना सहित पूरे देश में जातिगत जनगणना कराएगी।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तत्कालीन कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन शासन द्वारा कराई गई जातिगत जनगणना के आंकड़ों को सार्वजनिक न करने का आरोप लगाया।गांधी ने कहा, ‘‘कांग्रेस दिल्ली (केंद्र) में सत्ता में आने के बाद पिछले आंकड़े जारी करेगी और नयी जाति-आधारित जनगणना भी कराएगी।’’ उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर पार्टी तेलंगाना में भी जातिगत जनगणना कराएगी।बीआरएस, भाजपा और एआईएमआईएम पर निशाना साधते हुए वायनाड सांसद ने कहा कि तीनों दल आपसी मिलीभगत से काम करते हैं और मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाला राजनीतिक दल संसद में भगवा पार्टी का समर्थन करता है।तेलंगाना के मुख्यमंत्री के बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि राव के खिलाफ न तो कोई सीबीआई जांच हुई, न ईडी या आईटी जांच हुई, जबकि देश में विपक्षी नेताओं के खिलाफ कई मामले दर्ज किये गये हैं।उन्होंने कहा कि तेलंगाना में आगामी चुनाव में सत्तारूढ़ बीआरएस और कांग्रेस के बीच लड़ाई है और उनकी पार्टी बीआरएस को हरा देगी। उन्होंने यह भी भरोसा जताया कि उनकी पार्टी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान में आगामी चुनावों में भगवा पार्टी को हरा देगी।उन्होंने तेलंगाना के लोगों से चुनाव में कांग्रेस को वोट देने का आग्रह भी किया। तेलंगाना में सत्ता में आने की उम्मीद कर रही कांग्रेस पार्टी ने राज्य में 30 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाद्रा के साथ अपना चुनाव अभियान शुरू किया।
- भुवनेश्वर ।ओडिशा के पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर की प्रबंधन समिति ने फैसला किया है कि वह राज्य सरकार को अगले साल की रथ यात्रा के दौरान आवश्यक मरम्मत और 12वीं सदी के मंदिर का खजाना या आभूषणों तथा कीमती सामानों की सूची के वास्ते ‘रत्न भंडार’ खोलने की सिफारिश करेगी।श्री जगन्नाथ मंदिर प्रबंधन समिति (एसजेटीएमसी) के प्रमुख ‘गजपति महाराज’ दिब्यसिंघ देब ने ‘ बताया कि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की थी।प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष समीर मोहंती के नेतृत्व में ‘गजपति महाराज’ से मुलाकात की थी।मोहंती ने आवश्यक मरम्मत और सूची बनाने के लिए ‘रत्न भंडार’ को फिर से खोलने को लेकर सरकार को आदेश देने का अनुरोध करते हुए उड़ीसा उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका दायर की है।देब ने भाजपा नेताओं से कहा कि चार अगस्त को हुई प्रबंधन समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (एएसआई) द्वारा मरम्मत कार्य के लिए अगले वर्ष की रथ यात्रा के दौरान बाहरी और आंतरिक ‘रत्न भंडार’ खोलने और वहां रखे गए सभी कीमती सामानों की एक सूची के वास्ते सरकार को सिफारिश भेजी जाएगी। देब ने प्रतिनिधिमंडल को यह भी बताया कि एएसआई के अधीक्षक पुरातत्वविद् एवं प्रबंधन समिति के सदस्य जल्द ही मंदिर की स्थिति का आकलन करने के लिए मंदिर की आंतरिक सीमा से ‘रत्न भंडार’ की दीवारों का ‘लेजर स्कैन’ करेंगे।
- नयी दिल्ली ।कांग्रेस कुछ वरिष्ठ नेताओं ने दिग्गज वामपंथी नेता और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वीएस अच्युतानंदन के 100 वर्ष के होने पर शुक्रवार को राजनेता के रूप में उनकी सराहना की।पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के दिग्गज नेता का राजनीति और सार्वजनिक जीवन में ‘उल्लेखनीय करियर’ रहा है।अच्युतानंदन केरल में सत्तारूढ़ माकपा के इतिहास में सबसे लोकप्रिय नेताओं में से एक हैं। वेलिक्ककथु शंकरन अच्युतानंदन को उनके प्रशंसक ‘कामरेड वीएस’ कहते हैं। 1964 में भाकपा के विभाजन के बाद जब माकपा का गठन हुआ तो इसके प्रमुख नेताओं में अच्युतानंदन थे।अच्युतानंदन 2006 से 2011 तक केरल के मुख्यमंत्री रहे।रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘जीवन के 100 वर्ष तक पहुंचने का मौका बहुत लोगों को नहीं मिलता, लेकिन वीएस अच्युतानंदन आज 100 साल के हो गए। राजनीति और सार्वजनिक जीवन में उनका करियर उल्लेखनीय रहा है। वह माकपा के दिग्गज नेता रहे हैं। केरल और राज्य की राजनीति पर अपनी छाप छोड़ी है।”कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदम्बरम ने अच्युतानंदन की सराहना करते हुए कहा कि वह एक योद्धा रहे हैं, जिन्होंने उन मुद्दों के लिए बहादुरी से लड़ाई लड़ी, जिनके बारे में उनका मानना था कि ये लोगों की भलाई के लिए हैं।
-
नई दिल्ली। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय उद्योग और शिक्षा जगत के सहयोग से अगले साल से भारत सेमीकंडक्टर रिसर्च सेंटर पर काम शुरू करेगा। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दृष्टिकोण है कि भारतीयों को सेमीकंडक्टर अनुसंधान के नेतृत्व में शामिल किया जाना चाहिए।चंद्रशेखर ने ‘ कहा, ‘‘ दुनिया भर और देश भर में सेमीकंडक्टर जगत के शीर्ष लोगों के समूह ने भारत सेमीकंडक्टर रिसर्च सेंटर को तैयार करने के लिए एक साथ बैठकर काम किया है।’’
विशेषज्ञों की समिति के अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के बाद चंद्रशेखर ने कहा कि प्रस्तावित भारत सेमीकंडक्टर रिसर्च सेंटर, सेमीकंडक्टर अनुसंधान का वैश्विक संस्थान होगा। चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘ डिजाइन, जिस क्षेत्र पर इसे ध्यान केंद्रित करना चाहिए आदि सभी बातें रिपोर्ट में रखी गई हैं। मुझे उम्मीद है कि वर्ष 2024 में इस संस्थान पर काम शुरू हो जाएगा।’ उन्होंने कहा कि भारत सेमीकंडक्टर रिसर्च सेंटर अगले चार-पांच वर्षों में अग्रणी सेमीकंडक्टर अनुसंधान संस्थानों में से एक बन जाएगा। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद से देश की पहली क्षेत्रीय रेल-रेपिडेक्स को रवाना किया। श्री मोदी ने देश के पहले क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आर.आर.टी.एस.) के प्राथमिकता खंड का भी उद्घाटान किया। पहले चरण में 17 किलोमीटर की दूरी कवर होगी, जिसमें साहिबाबाद से दुहाई डिपो तक की यात्रा होगी और इस मार्ग पर गाजियाबाद, गुलधर और दुहाई स्टेशन होंगे। श्री मोदी रैपिडेक्स ट्रेन पर सवार भी हुए, जिसका नाम ‘नमो भारत’ रखा गया है। ट्रेन में उन्होंने सह-यात्रियों के साथ बातचीत की, जिन्होंने प्रधानमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए और बताया कि इस ट्रेन-सेवा का क्या सकारात्मक प्रभाव होगा।
प्रधानमंत्री साहिबाबाद में एक सार्वजनिक कार्यक्रम की भी अध्यक्षता करेंगे और वहां मौजूद लोगों को संबोधित करेंगे। वे आज बेंगलुरु मेट्रो के पूर्वी-पश्चिमी गलियारे के दो खण्डों को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे।क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आर.आर.टी.एस.) क्षेत्रीय परिवहन की अत्याधुनिक प्रणाली और विश्व की सर्वोत्तम व्यवस्था के समतुल्य है। देशभर में क्षेत्रीय संपर्क में आवश्यक परिवर्तन करने की प्रधानमंत्री की दृष्टि के अनुरूप आर.आर.टी.एस. परियोजना विकसित की जा रही है। आर.आर.टी.एस. नई रेल आधारित उच्च गति से चलने वाली परिवहन व्यवस्था है।दिलचस्प है कि इस रेल गाडी का डिजाइन इस प्रकार से तैयार किया गया है, कि यह 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। उच्च रफ्तार की यह रेलगाडी हर 15 मिनट पर चलेगी और जरूरत पड़ने पर इसकी बारम्बारता 5 मिनट भी की जा सकती है। -
नई दिल्ली। देश के सबसे ऊंचे राष्ट्रीय तिरंगे को भारत-पाकिस्तान सीमा की अटारी चेक-पोस्ट पर अमृतसर जिले में लगाया गया है। केन्द्रीय सड़क और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 418 फुट ऊंचे पोल पर कल शाम राष्ट्रीय तिरंगे को देश को समर्पित किया। इस अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और सीमा सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहें।
-
नई दिल्ली। केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने चक्र-2 अभियान के अंतर्गत पांच अलग-अलग मामलों में विभिन्न राज्यों में 76 स्थानों पर छापेमारी की। इस अभियान का उद्देश्य देश में साइबर से जुड़े संगठित वित्तीय अपराध तंत्र का खात्मा करना है।
सीबीआई ने राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों तथा निजी संगठनों के साथ संयुक्त रूप से यह अभियान शुरू किया है। इस सिलसिले में अनेक संदिग्ध बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है और मोबाइल फोन, लैपटॉप, हार्डडिस्क, सिम कार्ड और पेन ड्राइव सहित अनेक उपकरण जब्त किए गए हैं। सीबीआई संगठित अपराध की रोकथाम के लिए सभी मामलों का विवरण एफबीआई, इंटरपोल, ब्रिटेन, सिंगापुर और जर्मनी की जांच एजेंसियों समेत अंतर्राष्ट्रीय कानूनी एजेंसियों के साथ भी साझा करेगी। -
कटरा/जम्मू. जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुट पहाड़ियों पर स्थित वैष्णो देवी गुफा मंदिर में नवरात्र के पहले तीन दिन में 1.27 लाख से अधिक श्रद्धालु माता के दर्शन कर चुके हैं। अधिकारियों बुधवार को यह जानकारी दी। जम्मू से 45 किलोमीटर दूर स्थित इस मंदिर को नौ दिवसीय नवरात्र उत्सव के दौरान देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए विशेष तौर पर सजाया गया है। यह उत्सव 15 अक्टूबर को शुरू हुआ है, जो 23 अक्टूबर तक चलेगा। श्राइन बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘नवरात्र उत्सव के पहले तीन दिन में 1.27 लाख से अधिक श्रद्धालु मंदिर में माता के दर्शन कर चुके हैं।
उन्होंने बताया कि नवरात्र के पहले दिन यानी रविवार को 45 हजार, दूसरे दिन 41,164 और तीसरे दिन 41,523 श्रद्धालुओं ने दर्शन किये। अधिकारियों ने बताया कि जनवरी से अब तक 78 लाख से अधिक श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आ चुके हैं। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक 11.95 लाख श्रद्धालु जून में पहुंचे थे और सबसे कम 4.14 लाख ने फरवरी में मत्था टेका। अधिकारी ने बताया कि तीर्थयात्रा सुचारू रूप से चल रही है और सभी जरूरी इंतजाम किये गये हैं। उन्होंने बताया कि भवन तक जाने के मौजूदा रास्ते से 20 फुट की ऊंचाई पर तैयार किये गये ‘स्काईवॉक' से भी श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली है। अधिकारियों ने बताया कि यह ‘स्काईवॉक' सभी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। उन्होंने बताया कि यहां पर लकड़ी का फर्श, 150 श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था वाला एक प्रतीक्षालय, एलईडी टीवी, विश्राम कक्ष और दो आपातकालीन निकास की व्यवस्था है।
अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं को एक समृद्ध अनुभव कराने के लिए ‘स्काईवॉक' के प्रवेश द्वार को ‘नव दुर्गा' के कलात्मक रूप से अलंकृत चित्रण के साथ डिजाइन किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पुनर्निर्मित ‘पार्वती भवन' में 1,500 डिजिटल लॉकर, एक प्रतीक्षालय और शौचालय की सुविधा मुहैया करायी गई है। उन्होंने बताया कि पार्वती भवन में सभी सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क हैं और इससे प्रतिदिन लगभग 10 हजार श्रद्धालु लाभांवित होंगे। दिल्ली निवासी विजय शर्मा ने कहा, ‘‘मैं नौ साल के बाद माता के दर्शन के लिए आया हूं और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बड़े पैमाने पर किये गये बदलाव को देखकर काफी आश्चर्यचकित हूं।'' कटरा में आयोजित हो रहे नौ दिवसीय कार्यक्रम के मुख्य आकर्षणों में रामलीला, अखिल भारतीय भक्ति गीत प्रतियोगिता, भागवत कथा, प्रभात फेरी, शोभा यात्रा, ‘‘माता की कहानी'' बताने वाला लेजर शो, कुश्ती प्रतियोगिता, ‘‘हास्य व्यंग'' और दिव्यांग बच्चों द्वारा प्रस्तुत किये जाने वाला एक कार्यक्रम शामिल है।
-
-
सबरीमला। केरल के सबरीमला में प्रसिद्ध भगवान अयप्पा मंदिर ने बुधवार को पी.एन. महेश को इस मंदिर का ‘मेलशांति' (मुख्य पुजारी) नियुक्त किया। भगवान अयप्पा मंदिर का प्रबंधन करने वाले त्रावणकोर देवस्वाम बोर्ड ने बताया कि इस मुख्य पद के लिए 17 उम्मीदवारों की सूची तैयार की गई थी। उन्होंने बताया कि त्रिशूर जिले के रहने वाले पुजारी पी.जी. मुरली को मलिकप्पुरम मंदिर के मेलशांति के रूप में चुना गया पंडालम शाही परिवार के दो बच्चों ने लॉटरी निकाली। पी.एन. महेश ने कहा कि वह एक दशक से अधिक समय से इस अवसर की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अब, भगवान अयप्पा ने मुझे अपनी सेवा के लिए बुलाया...मुझे इसके लिए अवसर दिया...मैं इसे अपनी दिव्य नियति और अपने पूर्वजों और गुरुओं की कृपा मानता हूं।'' सबरीमला मंदिर अगले महीने दो महीने तक चलने वाले वार्षिक मंडलम-मकरविलक्कू तीर्थयात्रा के लिए खोला जाएगा। सबरीमला और मलिकप्पुरम मंदिरों के पुजारी के रूप में केवल केरल के नंबूदरी ब्राह्मणों को नियुक्त किया जाता है। -
नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए विदेशी स्रोतों से चंदा प्राप्त करने की अनुमति दे दी है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह धन दिल्ली में स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में न्यास के बैंक खाते में जमा कराया जा सकता है। चंपत राय ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र को विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम 2010 के अंतर्गत स्वैच्छिक योगदान प्राप्त करने के लिए भारत सरकार के गृह मंत्रालय के एफसीआरए विभाग ने मान्यता प्रदान कर दी है।
उन्होंने कहा, विदेशी स्रोतों से प्राप्त होने वाला कोई भी स्वैच्छिक योगदान केवल भारतीय स्टेट बैंक की 11, संसद मार्ग, नई दिल्ली-110001, स्थित मुख्य शाखा वाले खाते में ही स्वीकार होगा।'' राय ने मीडिया को अलग से जारी एक वक्तव्य में कहा, ‘‘गृह मंत्रालय के एफसीआरए विभाग ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र को विदेशी स्रोतों से स्वैच्छिक अंशदान प्राप्त करने के लिए पंजीकृत किया है।'' राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेन्द्र मिश्रा ने पिछले दिनों बताया था कि अयोध्या में निर्माणाधीन तीन मंजिला राम मंदिर के भूतल का निर्माण कार्य दिसंबर के अंत तक पूरा हो जाएगा। मिश्रा ने यह भी कहा था कि मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 20 से 24 जनवरी के बीच किसी दिन हो सकती है और इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा था कि अंतिम तारीख प्रधानमंत्री कार्यालय की सूचना के आधार पर तय की जाएगी।
-
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय अंग और ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (एनओटीटीओ) की ओर से हाल ही में शुरू की गई वेबसाइट पर अंगदान के लिए संकल्प लेने में महिलाएं पुरुषों से आगे हैं। संकल्प लेने के लिए इस वेबसाइट पर आधार संख्या के जरिये ‘लॉग इन' किया जा सकता है।
संगठन की वेबसाइट से मिले आंकड़ों के अनुसार, 16 सितंबर से अब तक 82,000 से अधिक लोगों ने अंगदान का संकल्प लिया है, जिनमें 30 से 44 वर्ष आयु वर्ग वालों की संख्या सबसे अधिक है। वेबसाइट पर बुधवार दोपहर एक बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, 30 से 44 आयु वर्ग के 40,320; 18 से 29 आयु वर्ग के 21,751; 45 से 59 आयु वर्ग के 18,160 और 60 वर्ष से अधिक आयु के 2,592 लोगों ने अंगदान का संकल्प लिया है। इनमें 47,094 महिलाएं, 35,726 पुरुष और 12 ट्रांसजेंडर हैं। इनमें सबसे अधिक संकल्प महाराष्ट्र (23,369), उसके बाद मध्य प्रदेश (18,847) और तेलंगाना (11,564) से प्राप्त हुये हैं। लोगों ने सबसे ज्यादा गुर्दा, हृदय, यकृत, फेफड़े और आंत दान करने की इच्छा जताई है।
एनओटीटीओ के निदेशक डॉ अनिल कुमार ने कहा कि जो लोग अंगों के काम नहीं करने की बीमारी से जूझ रहे हैं, उन्हें बचाने के लिए अंगों की काफी जरूरत है। -
ग्वालियर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सिंधिया स्कूल के 125वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को यह जानकारी दी।
ग्वालियर किले में स्थित स्कूल की स्थापना 1897 में सिंधिया परिवार द्वारा की गई थी। ज्योतिरादित्य सिंधिया स्कूल के शासी मंडल के अध्यक्ष हैं। सिंधिया ने कहा, ‘‘हम भाग्यशाली हैं कि प्रधानमंत्री आएंगे और हमारे देश की अग्रणी संस्था-सिंधिया स्कूल की 125वीं वर्षगांठ के अवसर की शोभा बढ़ाएंगे। हम सभी आभारी हैं कि वह हमारे संस्थान का दौरा कर रहे हैं। मैं इस कार्यक्रम के लिए अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकालने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद देता हूं।" कार्यक्रम के एक आयोजक ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। -
नई दिल्ली। सरकार ने 11 लाख से ज्यादा रेलवे कर्मचारियों को एक हजार 968 करोड़ रुपये से ज्यादा के उत्पादकता बोनस को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सभी पात्र अराजपत्रित रेलवे कर्मचारियों को वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 78 दिनों के वेतन के बराबर बोनस को मंजूरी दे दी। इनमें ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, ट्रेन के गार्ड, स्टेशन मास्टर, पर्यवेक्षक, तकनीशियन और तकनीशियन सहायक शामिल हैं। वर्ष 2022-23 में रेलवे का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा। रेलवे ने पिछले वित्तीय वर्ष में एक सौ पचास करोड़ टन से अधिक का रिकॉर्ड माल का परिवहन किया और लगभग साढ़े छह अरब यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाया।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को केंद्र सरकार के कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते (DA) में चार प्रतिशत बढ़ोतरी कर दी। इस फैसले से 48.67 लाख कर्मचारियों और 67.95 लाख पेंशनधारकों को लाभ होगा।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। अब सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (डीए) और पेंशनधारकों की महंगाई राहत (डीआर) बढ़कर 46 प्रतिशत हो जाएगी।सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंत्रिमंडल के इस निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि बढ़ा हुआ भत्ता एक जुलाई, 2023 से लागू होगा। महंगाई भत्ते में यह वृद्धि उस फॉर्मूले के मुताबिक है जो सातवें वेतन आयोग की अनुशंसाओं पर आधारित है।
-
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने विपणन वर्ष 2024-25 के छह रबी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि को मंजूरी दे दी है। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद नई दिल्ली में पत्रकारों को जानकारी देते हुए सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि मसूर के लिए प्रति क्विंटल 425 रुपये की उच्चतम वृद्धि को मंजूरी दी गई है, इसके बाद सरसों के लिए 200 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि गेहूं और कुसुम के लिए 150-150 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई है। श्री ठाकुर ने कहा कि कैबिनेट ने जौ के लिए 115 रुपये प्रति क्विंटल और चने के लिए 105 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी को भी मंजूरी दे दी है।
श्री ठाकुर ने कहा कि विपणन वर्ष 2024-25 के लिए अनिवार्य रबी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि केंद्रीय बजट 2018-19 में न्यूनतम समर्थन मूल्य को कम से कम 1.5 गुना के स्तर पर तय करने की घोषणा के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि सरकार खाद्य सुरक्षा बढ़ाने, किसानों की आय बढ़ाने और आयात पर निर्भरता कम करने के लिए तिलहन, दलहन और बाजरा की दिशा में फसल विविधीकरण को बढ़ावा दे रही है। -
मुंबई. भारत में सेवानिवृत्ति व्यवस्था में पिछले साल के मुकाबले कुछ सुधार जरूर हुआ है। हालांकि, इसके बावजूद इस मामले में किये गये कुल 47 देशों में सेवानिवृत्ति आय व्यवस्था के विश्लेषण में दक्षिण एशियाई देश 45वें स्थान पर है। पंद्रहवें सालाना मर्सर सीएफए इंस्टिट्यूट ग्लोबल पेंशन इंडेक्स (एमसीजीपीआई) के अनुसार, भारत का कुल सूचकांक मूल्य 2022 में 44.5 से बढ़कर इस साल 45.9 हो गया। इस आधार पर विश्लेषण में शामिल 47 सेवानिवृत्ति आय प्रणालियों में भारत 45वें स्थान पर है। मुख्य रूप से पर्याप्त सेवानिवृत्ति आय और टिकाऊ व्यवस्था से संबद्ध उप-सूचकांकों में सुधार से भारत की रैंकिंग सुधरी है। नीदरलैंड का समग्र सूचकांक मूल्य (85.0) सबसे अधिक है। इसके बाद क्रमश: आइसलैंड (83.5) और डेनमार्क (81.3) का स्थान है। वहीं अर्जेंटीना का सूचकांक मूल्य सबसे कम (42.3) रहा। इस वर्ष, वैश्विक पेंशन सूचकांक के तहत दुनियाभर में 47 सेवानिवृत्ति आय प्रणाली का तुलनात्मक अध्ययन किया गया है। इन देशों में दुनिया की 64 प्रतिशत आबादी रहती है। वैश्विक पेंशन सूचकांक में पर्याप्त सेवानिवृत्ति आय, उसका टिकाऊ बने रहना तथा ईमानदार व्यवस्था जैसे उप-सूचकांकों के भारांश औसत का उपयोग किया जाता है। वर्ष 2023 के वैश्विक पेंशन सूचकांक में तीन नई सेवानिवृत्ति आय प्रणालियों को शामिल किया गया है। ये देश हैं... बोत्सवाना, क्रोएशिया और कजाकिस्तान। रिपोर्ट से यह भी पता चला है कि घटती जन्म दर ने लंबी अवधि में कई अर्थव्यवस्थाओं और पेंशन प्रणालियों पर दबाव डाला है। इससे इटली और स्पेन जैसे देशों में इस मामले में टिकाऊ व्यवस्था को लेकर अंक पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। हालांकि, चीन, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर और जापान सहित कई एशियाई देशों ने इस मामले में पिछले पांच साल में अपने अंक में सुधार को लेकर सुधारात्मक कदम उठाये हैं। रिपोर्ट के अनुसार, भारत की सेवानिवृत्ति आय प्रणाली में कर्मचारी पेंशन योजना, निर्धारित अंशदान आधारित कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफओ) और नियोक्ता-प्रबंधित पेंशन योजनाएं शामिल हैं, जो योगदान आधारित है। इसमें कहा गया है कि सरकारी योजनाएं सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रम के हिस्से के रूप में शुरू की गई हैं। इसका उद्देश्य असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को लाभ पहुंचाना है।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने मंगलवार को प्राप्त डिग्री और अर्जित कौशल के बीच अंतर को पाटने को लेकर हुनर की कमी के बारे में पूरा खाका तैयार करने की आवश्यकता बतायी। प्रधान ने यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उद्योग, शिक्षा जगत और नीति-निर्माताओं को एक साथ काम करना होगा और कौशल विकास को एक जन-आंदोलन का रूप देना होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 2020 ने डिग्री और योग्यता को मिलाकर एक मिश्रित मॉडल के लिये कदम उठाया है। इसे लचीला और छात्रों की पसंद के अनुसार बनाया गया है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, ‘‘प्रधान ने प्राप्त डिग्री और कौशल के बीच अंतर पाटने के लिये हुनर की कमी के बारे में पूरा खाका तैयार करने की आवश्यकता बतायी।'' उन्होंने इस मौके पर ‘इंडिया स्किल्स' 2023-24 भी पेश किया और कार्यक्रम में ‘वर्ल्ड स्किल्स' 2022 विजेताओं को सम्मानित किया। मंत्री ने सभी को केवल डिग्री हासिल करने के बजाय योग्यता बढ़ाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान की याद दिलाई। उन्होंने रोजगार पाने में सहायक कौशल हासिल करने की बात कही। इससे कार्यबल की बाजार में स्वीकार्यता बढ़ेगी।
-
जबलपुर. मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में एक महिला ने लगातार रोने और उसे सोने नहीं देने पर अपनी दो साल की भतीजी की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार को हनुमानताल पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजीव नगर इलाके में हुई और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना प्रभारी एम. द्विवेदी ने कहा कि मोहम्मद शकील की बेटी दोपहर में लापता हो गई। उन्होंने बताया कि परिवार के सदस्यों ने लड़की की तलाश की और उसका पता नहीं चलने पर पुलिस से संपर्क किया। द्विवेदी ने कहा कि इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद लापता लड़की के बारे में कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने बताया कि बाद में पुलिस ने शकील घर में बच्ची की तलाश शुरू की और उसका शव सोफे के नीचे मिला।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शकील अपने भाइयों के साथ एक ही घर में रहते हैं।
द्विवेदी ने कहा कि सोमवार दोपहर बच्ची अपनी आरोपी चाची के कमरे में गई। दोनों ने साथ में खाना खाया और बाद में बच्ची की आरोपी चाची ने उसे अपनी मां के पास जाने के लिए कहा क्योंकि वह सोना चाहती थी। जब लड़की ने कमरे से बाहर जाने से इनकार कर दिया तो आरोपी ने उसे थप्पड़ मार दिया। उन्होंने बताया कि लड़की लगातार रोने लगी, जिससे उसकी आरोपी चाची अधिक नाराज हो गई और उसने कथित तौर पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को सोफे के नीचे छिपा दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया गया है। -
नयी दिल्ली. भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)-मद्रास के अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी स्टार्टअप ‘अग्निकुल कॉसमॉस' ने ‘सीरीज-बी' वित्तपोषण चरण में 200 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं, जिसका उपयोग कंपनी की विस्तार योजनाओं में किया जाएगा। उपग्रहों को कक्षा में स्थापित करने का लक्ष्य रखने वाले स्टार्ट अप अग्निकुल ने यह जानकारी दी। अग्निकुल ने श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में अपने निजी लॉन्चपैड पर प्रक्षेपण यान ‘अग्निबाण सबऑर्बिटल टेक्नोलॉजी डिमॉन्स्ट्रेटर' का एकीकरण शुरू कर दिया है। अग्निकुल के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीनाथ रविचंद्रन ने कहा, ‘‘हम इस साल के अंत तक प्रक्षेपण के परीक्षण की योजना बना रहे हैं।'' सीरीज-बी दौर में 200 करोड़ रुपये (दो करोड़ 67 लाख अमेरिकी डॉलर) जुटाने के बाद स्टार्टअप की कुल पूंजी अब चार करोड़ अमेरिकी डॉलर हो गई है। रविचंद्रन ने कहा, ‘‘हमें उस प्रौद्योगिकी के बारे में काफी जानकारी हो गई है जो हमें अंतरिक्ष तक पहुंचाने में मदद करेगी। अब जब अनुसंधान कर लिया गया है और विकास के अधिकतर जोखिम को दूर कर लिया गया है, तो हम विस्तार पर अधिक ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। हम सिर्फ अगले कुछ प्रक्षेपण के बारे में नहीं सोच रहे, बल्कि लगभग 50-60 प्रक्षेपणों के बारे में सोच रहे हैं।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव सुधांश पंत ने मंगलवार को कहा कि पशुजन्य बीमारियां चिंता का विषय है। उन्होंने जोर देकर कहा कि गत तीन दशक में जितनी भी नयी बीमारियां सामने आईं और लोगों को प्रभावित किया है, उनमें से 75 प्रतिशत बीमारियां पशुजन्य हैं। ‘मानव-वन्यजीव संबंध में संवर्धित पशुजन्य बीमारियों की निगरानी' और ‘सर्पदंश विषाकता को नियंत्रित एवं रोकथाम करने की कार्य योजना'को प्रचारित करने के लिए आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी को संबोधित करते हुए पंत ने कहा कि पशुजन्य बीमारियों को लेकर सीमित ज्ञान, कौशल की कमी और सभी स्तरों पर नैदानिक सुविधा की कमी का नतीजा है कि पशुजन्य रोगाणुओं से होने वाली संक्रामक बीमारियों को नजरअंदाज किया जाता रहा। इस कार्यक्रम का आयोजन ‘ सेंटर फॉर वन हेल्थ', ‘राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) ने किया।
पंत ने कहा, ‘‘पशुजन्य बीमारी चिंता का एक विषय है जो इन्सानों के साथ-साथ जानवरों के स्वास्थ्य को भी प्रभावित कर रही है। गत तीन दशक में नयी उभरीं संक्रामक बीमारियों में से 75 प्रतिशत बीमारियां पशुजन्य प्रकृति की हैं।'' उन्होंने कहा कि पशु जनित बीमारियों के विशेष कारकों और प्रक्रिया की समझ भविष्य की किसी भी महामारी से निपटने की तैयारी के लिए अहम है। कोविड-19 महामारी के प्रभाव को रेखांकित करते हुए पंत ने कहा, ‘‘बीमारियों से निपटना मानव और पशुओं के नजरिये से भी अहम है क्योंकि अधिकतर सामने आ रही संक्रामक बीमारियां मानव-पशु संबंध और उनके साझा पर्यावरण का नतीजा है। अंतर संपर्क ने ‘एक स्वास्थ्य' के रुख की जरूरत को रेखांकित किया है जो प्रत्येक क्षेत्र में निहित पूरकता और शक्तियों का लाभ उठाने और एकीकृत, मजबूत और चुस्त प्रतिक्रिया प्रणाली तैयार करने में मदद करता है।'' स्वास्थ्य सचिव ने रेखांकित किया कि पशुजन्य बीमारियों के सामने आने के अलावा जीवाणुओं में प्रतिरोधक क्षमता का विकास भी उल्लेखनीय वैश्विक खतरा है। -
जम्मू. जम्मू स्थित प्राचीन रणबीरेश्वर मंदिर का एक हिस्सा बारी बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से सोमवार की सुबह ध्वस्त हो गया। मंदिर के प्रबंधन की जिम्मेदारी निभा रहे धर्मार्थ ट्रस्ट ने यह जानकारी दी। ट्रस्ट ने बताया कि घटना में किसी की जान नहीं गई है और न ही कोई घायल हुआ है।
धर्मार्थ ट्रस्ट के सचिव अशोक कुमार शर्मा ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘ यह जम्मू का प्राचीन मंदिर है। यह 200 वर्ष पुराना है। बारिश के बीच आज सुबह करीब साढ़े नौ बजे आकाशीय बिजली गिरने से मंदिर का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया।'' उन्होंने बताया कि आपदा राहत कर्मी मौके पर मौजूद हैं।
घटना के बाद जम्मू नगर निगम (जेएमसी) ने शहर के सभी धार्मिक स्थलों के ढांचों की मजबूती की समीक्षा कराने की योजना बनाई है। धार्मिक ढांचों की मजबूती की समीक्षा कराने का निर्णय महापौर रजिंदर शर्मा ने किया।
महापौर ने बताया, ‘‘ इमारतों की मजबूती का मुद्दा हमेशा रहता है। हम जम्मू शहर में आने वाले प्रत्येक धार्मिक ढांचे की मजबूती का ऑडिट कराएंगे। '' उन्होंने कहा कि जेएमसी आयुक्त को सभी मंदिरों, मस्जिदों,गुरुद्वारा, गिरिजाघरों और अन्य धार्मिक ढांचों की मजबूती की समीक्षा कराने का निर्देश दिया गया है। रणबीरेश्वेर मंदिर नए सचिवालय के नजदीक शालीमार रोड पर स्थित है और इसका निर्माण महाराजा रणबीर सिंह ने 1883 में कराया था। - नयी दिल्ली। रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि उसने माझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (एमडीएल), मुंबई के साथ भारतीय तटरक्षक (आईसीजी) के लिए 310 करोड़ रुपये की लागत से पहले प्रशिक्षण जहाज के निर्माण के वास्ते अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं। मंत्रालय ने कहा कि यह एकीकृत हेलीकॉप्टर क्षमताओं के साथ पहला समर्पित प्रशिक्षण मंच होगा, जो तटरक्षक बल और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षु अधिकारियों को बुनियादी समुद्री प्रशिक्षण प्रदान करेगा। उसने कहा उन्नत और आधुनिक उच्च तकनीक निगरानी और सतर्कता प्रणालियों वाला यह प्रशिक्षण जहाज समुद्र तट और अपतटीय संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए समुद्र में चुनौतियों पर आईसीजी कैडेट को गहरी समझ और विशेषज्ञता प्रदान करेगा। मंत्रालय के अनुसार, ‘‘अधिकांश उपकरण और प्रणालियां सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) सहित स्वदेशी विनिर्माताओं से प्राप्त की जाएंगी। इस परियोजना में तीन वर्ष की अवधि में महत्वपूर्ण रोजगार पैदा करने की परिकल्पना की गई है।'' उसने कहा कि 'आत्मनिर्भर भारत' के उद्देश्यों को पूरा करते हुए, यह अनुबंध स्वदेशी जहाज निर्माण क्षमता को भी बढ़ावा देगा और समुद्री आर्थिक क्षमताओं को बढ़ाने में मदद करेगा।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अक्टूबर को सुबह 11 बजे आकाशवाणी पर 'मन की बात' कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे। यह मासिक रेडियो कार्यक्रम की 106वीं कड़ी होगा।
लोग NaMo ऐप या MyGov ओपन फोरम पर अपने विचार साझा कर सकते हैं। वे टोल-फ्री नंबर 1800-11-7800 भी डायल कर सकते हैं और प्रधानमंत्री के लिए अपना संदेश हिंदी या अंग्रेजी में रिकॉर्ड कर सकते हैं। यह फ़ोन लाइन 27 अक्टूबर तक खुली रहेंगी। लोग 1922 पर मिस्ड कॉल देकर एसएमएस लिंक प्राप्त कर प्रधानमंत्री को सीधे अपने सुझाव भेज सकते है। -
नई दिल्ली। इस्राइल से ऑपरेशन अजेय के तहत 286 यात्रियों को लेकर पांचवीं उड़ान कल रात नई दिल्ली पहुंची। इनमें नेपाल के 18 नागरिक भी शामिल हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिन्दम बागची ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने हवाई अड्डे पर इन यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। भारत, इस्राइल में युद्ध क्षेत्र से करीब 18 हजार भारतीयों को वापस लाने के लिए ऑपरेशन अजेय चला रहा है।
इस्राइल पर हमास के 7 अक्टूबर को किये गये हमले के बाद आतंकी समूह हमास और इस्राइल के बीच युद्ध बारहवें दिन में प्रवेश कर गया है।इस्राइल गाजा पट्टी पर जमीनी हमले की तैयारी के बीच हवाई हमले कर रहा है। उधर हमास की ओर से भी रॉकेट दागे जा रहे हैं। इस बीच इस्राइल और लेबनान सीमा पर भी तनाव बढ़ रहा है। अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन आज इस्राइल की यात्रा पर जा रहे हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति इनेमुल मैक्रों ने कहा है कि वे भी जल्द ही इस्राइल जाएंगे। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि रूस गाजा में मानवीय आपदा रोकने में मदद करने का इच्छुक है। - विरुधुनगर. तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के रंगापलयम और किचन्याकानपट्टी गांव में दो अलग-अलग पटाखा फैक्टरी में मंगलवार को आग लगने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक पुलिस, दमकल एवं बचाव सेवा कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर आग बुझाने और पीड़ितों को बचाने की कोशिश की। उन्होंने बताया, ‘‘रंगापलयम की पटाखा फैक्टरी में अचानक हुए धमाके के बाद घटनास्थल से सात जले हुए शव मिले हैं और उनकी पहचान अबतक नहीं हो पाई है।'' अधिकारी ने बताया कि पुलिस को आशंका है कि मरने वाले लोग मजदूर हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से जख्मी हालत में निकाले गए तीन अन्य लोगों की भी बाद मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आग लगने की इस बड़ी घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गयी है जिसमें 12 महिला मजदूर भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना तब हुई जब श्रमिकों ने दोपहर को पटाखों का परीक्षण किया और उसे निकली चिंगारी उससे सटे क्षेत्र में रखे पटाखों में लगी जिससे एक विस्फोट हुआ। पुलिस ने बताया कि पटाखा फैक्टरी में आग लगने की दूसरी घटना किचन्याकानपट्टी गांव में हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय वेम्बु के तौर पर की गई है। पुलिस ने बताया कि दो महिला श्रमिकों को बचाया गया है और उन्हें इलाज के लिए श्रीविल्लुपुत्तुर राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के.स्टालिन ने हादसे में हुई मौतों पर शोक जताया और मृतकों के परिजनों को तीन-तीन लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)









.jpg)







.jpg)


.jpeg)


