- Home
- देश
-
श्रीनगर. शहर में डल झील के पास स्थित एशिया का सबसे बड़ा ट्यूलिप उद्यान अर्जेंटीना जैसे देशों में भी मशहूर है और विदेशी सैलानियों समेत रिकॉर्ड 3.7 लाख पर्यटकों ने इस मौसम में ट्यूलिप उद्यान की यात्रा की। उद्यान के प्रभारी इनाम-उर रहमान ने बताया कि इंदिरा गांधी ट्यूलिप उद्यान को पहले सिराज बाग के नाम से जाना जाता था और इसे देखने के लिए देश और विदेशों से सैलानी आते हैं। रहमान ने शुक्रवार को कहा, ‘‘ट्यूलिप शो का आज 32वां दिन है। ट्यूलिप उद्यान में अब तक 3.7 लाख से अधिक पर्यटक आ चुके हैं जिनमें से तीन लाख से अधिक पर्यटक देश से थे। विदेशी सैलानियों की प्रतिक्रिया भी बहुत अच्छी रही क्योंकि 3,000 से अधिक विदेशी पर्यटक उद्यान आ चुके हैं।'' उन्होंने कहा कि ट्यूलिप शो सफल रहा क्योंकि इस साल सैलानियों का आगमन सबसे अधिक रहा। पिछले साल 3.6 लाख पर्यटक उद्यान आए थे। रहमान ने कहा, ‘‘हमार मिशन इसकी वैश्विक पहचान बनाने का है और हम इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। थाईलैंड, अमेरिका, यूरोपीय देशों और अर्जेंटीना से पर्यटक उद्यान आते हैं।'' उन्होंने कहा कि ट्यूलिप उद्यान कश्मीर में पर्यटन उद्योग को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है। ट्यूलिप अब खिलने के अंतिम चरण में हैं लेकिन अब भी अच्छी-खासी संख्या में लोग उद्यान आ रहे हैं। थाईलैंड से एक पर्यटक न्गॉयनॉय ने कहा, ‘‘थाईलैंड में हमारे पास इस तरह का उद्यान नहीं है। यह बहुत खूबसूरत है। यहां विभिन्न रंगों की ट्यूलिप की कई प्रजातियां हैं। मेरे दोस्तों को और मुझे यह बहुत पसंद आया।'' उन्होंने कहा, ‘‘यह वाकई में बहुत खूबसूरत है। कश्मीर की हमारी यात्रा यादगार रही।
-
श्रीहरिकोटा (आंध्र प्रदेश). ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान (पीएसएलवी) के जरिए सिंगापुर के दो उपग्रहों का प्रक्षेपण करने के लिए शुक्रवार को यहां सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में 22.5 घंटे की उलटी गिनती शुरू हो गई। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने यह जानकारी दी। यह न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल) के माध्यम से प्राथमिक उपग्रह के रूप में ‘टेलीओएस-2' और सह-यात्री उपग्रह के रूप में ‘ल्यूमलाइट-4' के साथ एक समर्पित वाणिज्यिक मिशन है जिसे इसरो के भरोसेमंद पीएसएलवी-सी 55 द्वारा पृथ्वी की निचली कक्षा में भेजा जाएगा। मिशन के तहत 44.4 मीटर लंबा रॉकेट प्रथम लॉन्च पैड से शनिवार को अपराह्न 2.19 बजे चेन्नई से लगभग 135 किलोमीटर दूर स्थित अंतरिक्ष केंद्र से प्रक्षेपण के लिए तैयार है। शनिवार का मिशन पीएसएलवी की 57वीं उड़ान और ‘पीएसएलवी कोर अलोन कॉन्फिगरेशन' का इस्तेमाल करने वाला 16वां मिशन होगा। दिसंबर 2015 में, इसरो ने सिंगापुर के पांच अन्य उपग्रहों के साथ पीएसएलवी-सी29 मिशन में टेलीओएस-1 उपग्रह को सफलतापूर्वक 550 किलोमीटर की वृत्ताकार कक्षा में स्थापित किया था।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को देश भर के प्रशासनिक अधिकारियों का आह्वान किया कि वे हर फैसले से पहले इन सवालों के बारे में जरूर सोचें कि सत्ता में बैठी राजनीतिक पार्टियां सरकारी धन का इस्तेमाल देश के विकास में कर रही हैं या अपने दल के विस्तार में या फिर वोट बैंक बनाने के प्रयास में वह उसे लुटा रही हैं। लोक सेवा दिवस पर राजधानी में लोक सेवकों को संबोधित करते हुए मोदी ने उनसे राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को विस्तार देने का आग्रह करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसा नहीं किया तो देश का धन लुट जाएगा, करदाताओं के पैसे बर्बाद हो जाएंगे और युवाओं के सपने चकनाचूर हो जाएंगे। इस अवसर पर मोदी ने लोक प्रशासन के क्षेत्र में अभूतपूर्व कामकाज के लिए प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार भी प्रदान किए। ये पुरस्कार नागरिकों के जीवन में सुधार लाने के उद्देश्य से जिलों और संगठनों को असाधारण प्रयासों और नई पहलों के लिए दिये जाते हैं। अपने संबोधन में मोदी ने कहा कि लोक सेवकों के छोटे से छोटे फैसलों का आधार भी देश हित होना चाहिए।
लोकतंत्र में राजनीतिक दलों के महत्व का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हर दल की अपनी विचारधारा होती है और संविधान ने हर दल को यह अधिकार भी दिया है लेकिन एक सरकारी कर्मचारी के तौर पर प्रशासनिक अधिकारियों को कुछ सवालों का अवश्य ही ध्यान रखना पड़ेगा। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘जो राजनीतिक दल सत्ता में आया है क्या वह करदाताओं के पैसों का इस्तेमाल अपने दल के हित के लिए कर रहा है या देश के हित के लिए कर रहा है? उसका उपयोग कहां हो रहा है ? यह आप लोगों को देखना ही होगा।'' उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल अपने विस्तार में सरकारी धन का उपयोग कर रहा है या देश के विकास में उन पैसों का इस्तेमाल कर रहा है, वह अपना वोट बैंक बनाने के लिए सरकारी धन लुटा रहा है या सभी का जीवन आसान बनाने के लिए काम कर रहा है... ? मोदी ने कहा, ‘‘वह राजनीतिक दल सरकारी पैसे से अपना प्रचार कर रहा है या ईमानदारी से लोगों को जागरूक कर रहा है? वह राजनीतिक दल अपने कार्यकर्ताओं को विभिन्न संस्थाओं में नियुक्त कर रहा है या फिर सब को पारदर्शी रूप से नौकरी में आने का अवसर दे रहा है? राजनीतिक दल नीतियों में कहीं इसलिए तो फेरबदल नहीं कर रहा है ताकि उसके आकाओं की काली कमाई के नए रास्ते बनें ?'' उन्होंने कहा, ‘‘आप अपने हर फैसले से पहले इन सवालों के बारे में जरूर सोचें। सरदार पटेल लोक सेवकों को ‘स्टील फ्रेम ऑफ इंडिया' कहते थे। उनकी अपेक्षाओं पर आपको खरा उतरना है। नहीं तो देश का धन लुट जाएगा, करदाताओं के पैसा बर्बाद हो जाएगा और देश के युवाओं के सपने चकनाचूर हो जाएंगे।'' प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर अमृत काल का भी उल्लेख किया और कहा कि मौजूदा दौर में उनकी (लोकसेवकों की) भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है क्योंकि पूरा विश्व भारत की ओर उम्मीदों से देख रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘आज पूरे विश्व की भारत से अपेक्षाएं बहुत ज्यादा बढ़ गई हैं। दुनिया भर के विशेषज्ञ और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं यह कह रही हैं कि भारत का समय आ गया है।'' उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यह ऐसा समय है जब उन्हें एक भी पल नहीं गंवाना है। - देहरादून। करीब छह महीने के अंतराल के बाद अक्षय तृतीया के पर्व पर शनिवार को गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा शुरू हो जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पवित्र यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं के बसों को शुक्रवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।गढ़वाल हिमालय के चारधामों में से दो अन्य धाम, केदारनाथ के कपाट 25 अप्रैल को और बदरीनाथ के कपाट 27 अप्रैल को खुलेंगे।ऋषिकेश में आयोजित ‘ऋषिकेश से चारधाम यात्रा – 2023’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने श्रद्धालुओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया और चारों धामों के देवी— देवताओं—बाबा केदार, बदरीविशाल, मां गंगोत्री और मां यमुनोत्री से पिछले साल की तरह इस साल भी यात्रा के धूमधाम एवं कुशलतापूर्वक संपन्न होने की प्रार्थना की।उन्होंने कहा कि इस बार सरकार की तरफ से चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत में ‘हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा’ करने का भी निर्णय लिया गया है।चारधाम यात्रा को उत्तराखंड के लिए एक ‘उत्सव’ बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश— विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु राज्य में आते हैं जिससे रोजगार के अवसर पैदा होते हैं।उन्होंने बताया कि इस साल अभी तक 16 लाख लोगों ने यात्रा के लिए पंजीकरण करवाया है और सरकार सुनिश्चित करेगी कि प्रत्येक श्रद्धालु की यात्रा सुगम और शत—प्रतिशत सुरक्षित हो।मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमें पूर्ण विश्वास है कि इस साल की चारधाम यात्रा पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ेगी। राज्य सरकार सुरक्षित चारधाम यात्रा के लिए दृढ़ प्रतिज्ञ है। हमारा प्रयास रहेगा कि यात्रा समाप्ति के बाद घर लौटने वाला प्रत्येक श्रद्धालु देवभूमि उत्तराखंड में बिताए समय की स्वर्णिम यादों को साथ लेकर जाए।’’कोविड— 19 के कारण दो साल के अंतराल के बाद पिछले साल पूरी तरह से शुरू हुई चारधाम यात्रा में रिकार्ड 47 लाख से ज्यादा श्रद्धालु आए थे। राज्य सरकार को इस बार यह संख्या और बढने की उम्मीद है।उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अपने ठहरने और भोजन का बिल अवश्य लेने तथा ही स्थानीय उत्पादों की अधिक से अधिक खरीदारी करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान सफाई का विशेष ध्यान रखने का आग्रह भी किया।इस बीच, उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री मंदिर और यमुनोत्री मंदिर के खुलने की तैयारियां शुरू हो गयीं जहां धामों को फूलों से सजाया जा रहा है। हवन और वैदिक मंत्रोच्चार के बाद शनिवार दोपहर बाद 12:35 पर गंगोत्री के कपाट खुलेंगे जबकि 12:41 पर यमुनोत्री के कपाट खुलेंगे। दोनों धामों में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है।
- नई दिल्ली। ईलॉन मस्क द्वारा ट्विटर को खरीदने के बाद से अब तक माइक्रोब्लॉगिंग साइट खबरों में बनी हुई है। खासतौर से ट्विटर ब्लू टिक सब्सक्रिप्शन प्लान को लेकर ये सोशल मीडिया साइट काफी चर्चा में है। बता दें कि ईलॉन मस्क ने यह साफ कर दिया था कि ब्लू टिक केवल उन्हीं अकाउंट पर दिखेगा जो इसका सब्सक्रिप्शन करेंगे। उन्होंने कहा था कि 20 अप्रैल से लेगेसी ब्लू टिक मार्क वेरिफाई अकाउंट से हट जाएगा।ट्विटर ने गुरुवार से उन लोगों के ‘ब्लू टिक’ हटाने शुरू कर दिए हैं जिन्होंने इसके लिए मासिक शुल्क का भुगतान नहीं किया है। ट्विटर के करीब 3 लाख सत्यापित उपयोगकर्ता हैं जिनमें से कई पत्रकार, एथलीट और कई जानी-मानी भारतीय हस्तियां भी शामिल हैं।आइए, जानते हैं किन-किन सिलेब्रिटीज, पब्लिक फिगर्स के अकाउंट अब वेरिफाइड नहीं रहेमस्क के इस नए प्लान के लागू होते ही यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, अमिताभ बच्चन, सलमान खान, शाहरुख खान, अभिषेक बच्चन, आलिया भट्ट, दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह सहित कई पॉपुलर पब्लिक फिगर्स के अकाउंट से ट्विटर ने ब्लू टिक हटा दिया है । इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, अरविंद केजरीवाल, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, बसपा सुप्रीमो मायावती, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी कई दिग्गज लोग शामिल हैं।ट्विटर ने कई अकाउंट को दिया था लीगेसी वेरिफिकेशन बैजबता दें कि पिछले साल ईलॉन मस्क के अधिग्रहण से पहले, ट्विटर ने पत्रकार, अभिनेता, राजनेता जैसे तमाम हस्तियों के अकाउंट को वेरिफाई किया था। बता दें कि मस्क के ट्विटर को खरीदने से पहले तक ब्लू टिक के लिए कोई प्लान नहीं खरीदना पड़ता था। जिस अकाउंट पर ब्लू टिक होता था उससे पता चलता था कि वह अकाउंट वेरिफाइड है लेकिन अब ब्लू टिक के लिए सभी ट्विटर यूजर्स को पैसे देने होंगे।ब्लू टिक सब्सक्रिप्शन प्लानट्विटर का इस्तेमाल करने वाले किसी व्यक्ति के लिए ब्लू टिक का शुल्क प्रति माह आठ डॉलर और किसी संगठन के लिए प्रति माह 1,000 डॉलर से शुरू है। ट्विटर अब बिना शुल्क लिए किसी व्यक्ति या संगठन का खाता सत्यापित नहीं करता है।बता दें कि जिन उपयोगकर्ताओं के पास गुरुवार को भी ब्लू टिक था उनके पास एक संदेश आया कि उनका अकाउंट ‘‘वेरीफाइड है क्योंकि उन्होंने ट्विटर ब्लू टिक खरीदा है और अपना फोन नंबर सत्यापित किया है।’’ केवल जानी-मानी हस्तियों और पत्रकारों ने ही नहीं, बल्कि दुनियाभर की कई सरकारी एजेंसियों, गैर लाभकारी संगठनां और सार्वजनिक सेवा क्षेत्र के खातों ने गुरुवार को ब्लू टिक गंवा दिया जिससे यह चिंता पैदा हो गयी है कि ट्विटर विश्वसनीय स्रोतों से सटीक, ताजा जानकारी देने वाले एक मंच का दर्जा खो सकता है। गौरतलब है कि अक्टूबर में सैन फ्रांसिस्को स्थित ट्विटर को 44 अरब डॉलर में खरीदने के बाद मस्क इस माइक्रोब्लॉगिंग साइट का राजस्व बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। ट्विटर ने करीब 14 साल पहले ‘ब्लू टिक’ देना शुरू किया था ताकि मशहूर हस्तियों को बहरूपियों से बचाया जा सके।
-
ग्वालियर. मध्य प्रदेश में ग्वालियर नगर निगम द्वारा संचालित गांधी चिड़ियाघर में 10 साल की एक सफेद बाघिन ने बृहस्पतिवार को तीन शावकों को जन्म दिया। शावकों में से एक सफेद है। इसके बाद इस चिड़ियाघर में बाघों की संख्या बढ़कर दस हो गयी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। चिड़ियाघर के क्यूरेटर डॉ गौरव परिहार ने बताया कि मीरा नाम की बाघिन ने सुबह करीब 11.30 बजे तीन शावकों को जन्म दिया जिनमें से एक शावक सफेद है। उन्होंने बताया कि मीरा का जन्म 2013 में चिड़ियाघर में हुआ था और वह तीसरी बार मां बनी है।
डॉ परिहार ने बताया कि केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए) के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए बाघिन का खास ख्याल रखा जा रहा है। - नयी दिल्ली. उच्च शिक्षण संस्थान (एचईआई) जल्द ही सामाजिक एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों की मदद के लिए ‘‘पढ़ाई के साथ कमाई'' योजना शुरू कर सकते है, ताकि ऐसे छात्रों को अपनी पढ़ाई जारी रखने में सहूलियत हो। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने यह जानकारी दी। यूजीसी ने प्रस्ताव किया है कि उच्च शिक्षण संस्थान अपने परिसर में विभिन्न विभागों के पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने वाले छात्रों के लिए विभिन्न प्रकार के ऐसे अल्पकालिक अवसर प्रदान कर सकते हैं। उच्च शिक्षण संस्थानों में सामाजिक एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को समान अवसर प्रदान करने के लिए आयोग ने दिशानिर्देश जारी किये हैं। इन दिशानिर्देशों में कहा गया है कि छात्रों के लिए ऐसे काम करने के लिए मानदेय घंटे के हिसाब से एकमुश्त राशि के रूप में तय होगा और यह अवधि प्रति महीने 20 दिन और प्रति सप्ताह अधिकतम 20 घंटे होगी। यूजीसी ने कहा है कि भुगतान वास्तविक आधार पर किया जायेगा और इसके तहत काम करने का अवसर छात्रों को कक्षा के बाद प्राप्त होगा। इसमें कहा गया है कि ‘‘पढ़ाई के साथ कमाई'' योजना का मकसद सामाजिक एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को पढ़ाई जारी रखने के लिए आय अर्जित करने तथा कौशल एवं क्षमता को बेहतर बनाने में मदद करना है। आयोग ने इस संबंध में काम करने के अवसर को लेकर कुछ सेवाएं सूचीबद्ध की है जिनमें शोध परियोजना में कार्य, पुस्तकालय से जुड़े कार्य, कम्प्यूटर सेवा, डाटा एंट्री, प्रयोगशाला सहायक आदि शामिल है। यह दिशानिर्देश नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की तर्ज पर तैयार किये गये हैं जिसमें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के मुद्दों के समाधान पर जोर दिया गया है।
- नयी दिल्ली. दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश भारत 2050 के दशक तक अपने गांवों में ही रहेगा, भले ही अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंख्या उस मानदंड से अधिक हो गयी है, जिससे उन्हें कस्बे की श्रेणी में रखा जा सके और इससे गांवों के विकास के अवसरों में पीछे छूटने का खतरा है। विशेषज्ञों ने बृहस्पतिवार को यह बात कही। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के कारण ताजा जनगणना की कवायद में देरी हो रही है, लेकिन 2011 के जनगणना के आंकड़े दिखाते हैं कि देश में 23,335 गांव 5,000 से अधिक जनसंख्या वाले हैं, लेकिन वे गांवों की श्रेणी में ही रहेंगे, क्योंकि वे अन्य मानदंडों को पूरा नहीं करते और इस तरह वे शहरी केंद्रों के लिए बनाये गये कार्यक्रमों का लाभ पाने से छूट सकते हैं। भारत में कोई बस्ती तब शहरी श्रेणी में आती है जब उसकी जनसंख्या 5,000 से अधिक हो, जिसका जनसंख्या घनत्व कम से कम 400 लोग प्रति वर्ग किलोमीटर हो और कम से कम 75 फीसद आबादी गैर-कृषि गतिविधियों में लगी हो। इंडियन इंस्टीट्यूट फॉर ह्यूमन सेटलमेंट्स (आईआईएचएस) के निदेशक ए. रवि ने कहा, ‘‘भारत जनसांख्यिकीय दृष्टि से अब भी गांवों में रहता है, हालांकि हमारे पास निश्चित आंकड़े नहीं हैं, क्योंकि 2021 की जनगणना नहीं हुई है। अत्यंत संभावना है कि भारत 2050 के दशक तक जनसांख्यिकीय दृष्टि से अपने गांवों में ही रहेगा, लेकिन यह प्रमुख रूप से 1990 के दशक के अंत से शहरी अर्थव्यवस्था आधारित रहा है।'' उन्होंने कहा, ‘‘भारत जनसंख्या घनत्व, जनसंख्या के आकार और गैर-खेतिहर पुरुष श्रमिकों के प्रतिशत के आधार पर शहरी वर्गीकरण तीन स्तर पर करता है।'' संयुक्त राष्ट्र के ताजा आंकड़ों के अनुसार भारत की आबादी 142.86 करोड़ हो गयी है और वह चीन को पीछे छोड़कर दुनिया का सर्वाधिक जनसंख्या वाला देश बन गया है। शहरी विकास मंत्रालय के आंकड़े बताते हैं कि देश में बड़ी संख्या में लोग गांवों में रहते हैं, वहीं भारतीय शहर देश की जीडीपी में लगभग दो-तिहाई का योगदान देते हैं और 2031 तक यह आंकड़ा बढ़कर 75 प्रतिशत हो सकता है। आंकड़ों के अनुसार, देश के शहरी क्षेत्रों में करीब 70 प्रतिशत नयी नौकरियों के अवसर सृजित होने की संभावना है।
- नयी दिल्ली. भारत के 25 हवाईअड्डे 100 प्रतिशत हरित ऊर्जा का उपयोग कर रहे, वहीं अन्य 121 हवाईअड्डे शून्य कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य को 2025 तक प्राप्त कर लेंगे। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बृहस्पतिवार को यह कहा। सिंधिया ने दो दिवसीय ‘यूरोपीय संघ-भारत विमानन शिखर सम्मेलन' को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। कोरोना वायरस से संक्रमित होने की वजह से वह इस सम्मेलन में प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित नहीं हो सके। जलवायु परिवर्तन से निपटना भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के लिए एक साझा लक्ष्य है, इस पर जोर देते हुए सिंधिया ने कहा, ‘‘उत्सर्जन में विमानन उद्योग की हिस्सेदारी पर कड़ी नजर है। विमानन उद्योग से कार्बन उत्सर्जन को कम करने और इसके असर को दूर करने के लिए हमने कई कदम उठाए हैं।'' नागर विमानन मंत्री ने कहा, ‘‘हम अपने हवाई अड्डों को 2024 तक हरित ऊर्जा का इस्तेमाल करने और 2030 तक शून्य कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य को पाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। भारत के 25 हवाईअड्डे 100 प्रतिशत हरित ऊर्जा का उपयोग कर रहे, वहीं हमारा लक्ष्य है कि अन्य 121 हवाईअड्डे 2025 तक शून्य कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य को प्राप्त कर लें।'' यह शिखर सम्मेलन बृहस्पतिवार से शुरू हुआ है। इसमें यूरोपीय संघ और भारत के बीच हवाई परिवहन संबंध, दोनों क्षेत्रों में परस्पर साझा चुनौतियों और अवसरों पर बात होगी। इस सम्मेलन में ईयू और भारत के शीर्ष स्तर के नीति निर्माता, उद्योग के अधिकारी और हितधारक शामिल होंगे। सिंधिया ने कहा कि भारत ने देश में विमान विनिर्माण को बढ़ावा देने की खातिर नियामक माहौल को बेहतर किया है। उन्होंने यूरोपीय संघ के उद्योग जगत से अवसरों का लाभ उठाने और दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ते विमानन उद्योग का हिस्सा बनने का आह्वान किया।
- कोलकाता। कोलकाता मेट्रो ने गुरुवार को हुगली नदी के नीचे बनी एक सुरंग में मेट्रो ट्रेन का परीक्षण किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक, यह परीक्षण कोलकाता मेट्रो द्वारा 12 अप्रैल को देश में पहली बार हुगली नदी के नीचे बनी सुरंग में कोलकाता से हावड़ा के बीच एक मेट्रो ट्रेन दौड़ाने का इतिहास रचने के बाद किया गया। उन्होंने बताया कि हावड़ा मैदान स्टेशन से एस्प्लेनेड के बीच लगभग 4.8 किलोमीटर की दूरी में किया गया परीक्षण सफल रहा। इसके बाद, ट्रेन कोलकाता मेट्रो के कुछ अधिकारियों और मीडियाकर्मियों को लेकर वापस हावड़ा मैदान स्टेशन आई। कोलकाता मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के महाप्रबंधक ए के नंदी ने बताया कि ईस्ट-वेस्ट मेट्रो कॉरिडोर के इस खंड को जनता के लिए खोलने से पहले कोलकाता मेट्रो के अधिकारी बड़े पैमाने पर इस तरह के परीक्षण करना जारी रखेंगे।--
- कोलकाता,। कोलकाता के गार्डन रीच इलाके में गुरुवार एक मकान में एलपीजी सिलेंडर फटने से दो नाबालिगों सहित कुल 21 लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि विस्फोट शाम करीब छह बजे हुआ जब घर में लोग खाना बना रहे थे। उन्होंने बताया, ‘‘बिछलीघाट रोड पर एक मकान के भूतल पर गैस सिलेंडर में विस्फोट के बाद आग लग गई। विस्फोट में दो नाबालिगों समेत 21 लोग घायल हो गए।'' उन्होंने कहा कि घटना में 21 लोग झुलस गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारी ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गैस रिसाव के कारण आग लगी।'' दमकल की तीन गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। file photo
- नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों को पत्र लिखकर देशभर के 100 जिलों में 100 ‘फूड स्ट्रीट' बनाने का निर्देश दिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह पहल एक पायलट परियोजना के तहत की जा रही है, जिसका मकसद देश में स्वच्छ और सुरक्षित खाने की उपलब्धता सुनिश्चित करने के वास्ते ऐसे अन्य ‘फूड स्ट्रीट' के विकास के लिए उदाहरण पेश करना और खाने से होने वाली बीमारियों में कमी लाकर लोगों का बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करना है। राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों को लिखे पत्र में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण और आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय में सचिव मनोज जोशी ने इस बात को रेखांकित किया है कि “स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन तक आसान पहुंच नागरिकों की अच्छी सेहत सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है।” पत्र में कहा गया है कि राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों को प्रत्येक फूड स्ट्रीट बनाने के लिए एक करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इसमें कहा गया है कि यह सहायता राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 60:40 या 90:10 के अनुपात में इस शर्त पर दी जाएगी कि फूड स्ट्रीट की मानक ब्रांडिंग एफएसएसएआई (भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण) के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए की जाएगी।
- नयी दिल्ली। भारत की जी20 अध्यक्षता और देश में आयोजित हो रहीं जी20 देशों की बैठकों के बीच भारत सरकार का पर्यटन मंत्रालय 23 से 25 अप्रैल, 2023 तक राजस्थान की राजधानी जयपुर में 'जी20 टूरिज्म एक्सपो' का आयोजन कर रहा है। जी20 टूरिज्म एक्सपो के उद्घाटन सत्र को भारत के जी20 शेरपा अमिताभ कांत और भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के सचिव अरविंद सिंह संबोधित करेंगे। उद्योग मंडल फिक्की ने बयान में कहा कि ‘जी20 टूरिज्म एक्सपो' का आयोजन ‘ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार' (जीआईटीबी) के 12वें संस्करण के साथ हो रहा है। अंतर्गामी पर्यटन के लिए भारत की सबसे बड़ी प्रदर्शनियों में से एक जीआईटीबी का आयोजन भारत सरकार का पर्यटन मंत्रालय, राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग और फिक्की के साथ संयुक्त रूप से कर रहा है। विज्ञप्ति में बताया गया है कि एक विशेष व्यवस्था के तहत, ‘पैलेस ऑन व्हील्स' स्पेशल ट्रेन से 22 अप्रैल को जी20 राष्ट्रों के विदेशी ‘टूर' परिचालक (एफटीओ) नयी दिल्ली से जयपुर के लिए रवाना होंगे। विज्ञप्ति के अनुसार, तीन साल के अंतराल के बाद आयोजित हो रही जीआईटीबी में 11,000 से ज्यादा बिज़नेस (बी2बी) बैठकों का आयोजन होगा।
- नयी दिल्ली।' केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने गुरुवार को ड्रोन के जरिये कीटनाशकों के छिड़काव के लिए फसल-विशिष्ट मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की। एक सरकारी बयान में कहा गया है कि मंत्री ने ‘‘मोटे अनाज के उत्पादन, प्रसंस्करण और मूल्यवर्धन के लिए मशीनरी'' नामक एक पुस्तिका भी जारी की। तोमर ने कहा, ‘‘सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र में ड्रोन तकनीक को स्वीकार किया गया है। ...कृषि की लागत कम करने और कीटनाशकों के दुष्प्रभावों से बचने में किसानों को ड्रोन से व्यापक लाभ मिलेगा।'' उन्होंने कहा कि पिछली बार जब टिड्डियों का प्रकोप हुआ था, उस समय ड्रोन के इस्तेमाल की जरूरत महसूस हुई थी। तब से केंद्र सरकार के पूर्ण सहयोग से ड्रोन तकनीक हमारे पास उपलब्ध है। किसानों के लिए ड्रोन को सुलभ बनाने के लिए कृषि विज्ञान केंद्रों (केवीके) को और अधिक कुशल बनाने की आवश्यकता है। मंत्री ने आगे कहा कि स्नातक/स्नातकोत्तर कृषि छात्रों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता है ताकि वे रोजगार प्राप्त कर सकें और उन्हें अपनी जमीन पर खेती करने में सक्षम बना सकें। उन्होंने कहा, ‘‘ड्रोन का लाभ आम आदमी तक पहुंचे इसके लिए योजना बनाई जानी चाहिए।''
-
नयी दिल्ली। विंग कमांडर दीपिका मिश्रा गुरुवार को भारतीय वायुसेना का गैलेंटरी अवॉर्ड (वीरता पुरस्कार) पाने वाली पहली महिला अधिकारी बन गईं। भारतीय वायुसेना के प्रवक्ता के अनुसार, राजस्थान की रहने वाली हेलीकॉप्टर पायलट मिश्रा को मध्य प्रदेश में बाढ़ राहत अभियान के दौरान ‘अदम्य साहस' का प्रदर्शन करने के लिए वायुसेना मेडल (गैलेंटरी) से अलंकृत किया गया है। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी आर चौधरी ने सुब्रत पार्क में वायुसेना के सभागार में आयोजित अलंकरण समारोह में वायुसेना के विभिन्न अधिकारियों को युद्ध सेवा मेडल और अवॉर्ड प्रदान किए। प्रवक्ता ने बताया कि वायुसेना के दो अधिकारियों को युद्ध सेवा मेडल, 13 अधिकारियों और एयर वारियर को वायुसेना मेडल (गैलेंटरी), 13 अधिकारियों को वायुसेना मेडल और 30 को विशिष्ट सेवा मेडल से अलंकृत किया गया। उन्होंने बताया कि कुल 58 अवॉर्ड दिए गए, जिनमें से 57 वायुसेना और एक थल सेना के कर्मी को प्रदान किया गया।
-- - गोपेश्वर(उत्तराखंड) । उत्तराखंड में गढ़वाल हिमालय में बदरीनाथ और केदारनाथ की उंची पहाड़ियों पर गुरुवार को ताजा बर्फवारी तथा निचले इलाकों में रूक—रूक कर बारिश होने से पांच दिन बाद शुरू होने वाली चारधाम यात्रा की तैयारियों में बाधा आ रही है। अधिकारियों ने बताया कि हिमपात, बारिश और सर्द हवाओं के चलते चमोली और रूद्रप्रयाग जिलों में तापमान काफी नीचे आ गया है। चमोली जिले में स्थित बदरीनाथ 27 अप्रैल को जबकि रूद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल को खुल रहे हैं। गढ़वाल हिमालय के चारधामों के नाम से विख्यात अन्य दो धाम, गंगोत्री और यमुनोत्री श्रद्धालुओं के लिए अक्षय तृतीया के पर्व पर 22 अप्रैल को खुल रहे हैं । केदारनाथ और उसके आसपास के इलाकों में ताजा हिमपात होने से धाम को जाने वाला पैदल रास्ता फिर बर्फ की चादर से ढ़क गया है। यात्रा व्यवस्थाओं के लिए तैयारियां में जुटे कार्मिक खराब मौसम के कारण सही ढंग से कार्य नहीं कर पा रहे हैं। चारधाम यात्रा शुरू होने से ठीक पहले रास्तों पर बर्फ जमाव ने अधिकारियों को चिंता में डाल दिया है ।रूद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के एक अधिकारी सुरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि केदारनाथ धाम में बारिश एवं भारी बर्फबारी के कारण भैरव हिमनद के समीप रास्ता आवागमन के लिए अवरूद्ध हो गया है। उन्होंने बताया कि बर्फबारी रूकने पर श्रमिको द्बारा अवरूद्ध मार्ग से पुनः बर्फ हटाने की कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस बीच, मौसम खराब होने के कारण उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) का चमोली जिले का प्रस्तावित दौरा रद्द हो गया । जिला प्रशासन के सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल नैनीसैंण में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज के प्लेटिनम जुबली समारोह में हिस्सा लेने आने वाले थे लेकिन दौरा रद्द होने के बाद उन्होंने कार्यक्रम को वर्चुअल तरीके से संबोधित किया।
- नयी दिल्ली ।पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने विश्वविद्यालय परीक्षाओं में ‘स्थानीय भाषा' के इस्तेमाल पर जोर देने के लिए गुरुवार को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के अध्यक्ष की तारीफ की। उन्होंने कहा कि “समय आ गया है कि हम औपनिवेशिक विरासत को त्याग दें।” यूजीसी ने बुधवार को विश्वविद्यालयों से आग्रह किया था कि वे छात्रों को स्थानीय भाषाओं में परीक्षा लिखने की अनुमति दें, भले ही पाठ्यक्रम अंग्रेजी माध्यम में उपलब्ध हो। आयोग ने पाठ्यपुस्तकों के अनुवाद और स्थानीय भाषा में परीक्षा देने वाले छात्रों के मूल्यांकन के लिए शिक्षकों की व्यवस्था करने को भी कहा था। नायडू ने ट्वीट किया, “यूजीसी के अध्यक्ष प्रोफेसर जगदीश कुमार विश्वविद्यालयों को लिखे अपने उस पत्र के लिए प्रशंसा के पात्र हैं, जिसमें छात्रों को स्थानीय भाषा में परीक्षा लिखने की अनुमति देने का आग्रह किया गया है, भले ही शिक्षा का माध्यम अंग्रेजी हो। मातृभाषा में शिक्षण-अध्ययन की प्रक्रिया को बढ़ावा देना एक स्वागत योग्य कदम है।” उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, “मैंने हर स्तर की शिक्षा में मातृभाषा के व्यापक इस्तेमाल की हमेशा वकालत की है। मैं इस पहल से बहुत खुश हूं। अब समय आ गया है कि हम उस औपनिवेशिक विरासत को त्याग दें, जो हमारे सर्वांगीण सामाजिक-आर्थिक विकास में बाधा थी और अपनी स्थानीय भाषाओं को समान महत्व दें।”
-
नई दिल्ली। असम और अरुणाचल प्रदेश ने दोनों राज्यों के बीच अंतर-राज्य सीमा विवाद के निपटारे के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने किया। इस समझौते से दोनो राज्यों की सीमा पर स्थित 123 गांवों का विवाद समाप्त हो जाएगा। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दोनों राज्यों के बीच अंतर-राज्य सीमा विवाद के समाधान के लिए यह समझौता बहुत बड़ी उपलब्धि है।
-
विजयवाड़ा. भारतीय रेलवे द्वारा विद्युतीकरण पर जोर देने के दौर में दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर) जोन के विजयवाड़ा संभाग ने तीसरे चरण के 100वें इंजन को रवाना कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। संभागीय रेलवे प्रबंधक शिवेंद्र मोहन ने बुधवार शाम को विजयवाड़ा में इलेक्ट्रिक लोको शेड (ईएलएस) से इस इंजन को रवाना किया। इसे चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स में बनाया गया है और इस संभाग को सौंपा गया हैं बृहस्पतिवार को जारी एक बयान के अनुसार अप्रैल, 1981 में स्थापित ईएलएस ने 42 साल पूरे किये हैं तथा शुरू में इसे पारंपरिक इलेक्ट्रिक इंजनों के रखरखाव के लिए चालू किया गया था। चार दशक की लंबी सेवा के बाद इस लोको शेड को अप्रैल 2021 से तीसरे चरण के इलेक्ट्रिक इंजनों के रखरखाव के लिए उन्नत बनाया गया। फिलहाल विजयवाड़ा शेड में 264 इंजन है जिनमें 100 तीसरे चरण के इलेक्ट्रिक इंजन है और 164 पारंपरिक इलेक्ट्रिक इंजन हैं। -
दीफू. असम के कार्बी आंगलोग जिले में सुरक्षा बलों के संयुक्त अभियान में ढाई करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त की गयी और दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार को पुलिस और सुरक्षाकर्मियों के संयुक्त दल ने जिले के लोहारिजान क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया और एक वाहन को पकड़ा। उसने बताया कि वाहन की तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों को साबुन के 45 पैकेट में 529.36 ग्राम हेरोइन मिली जिसे इस गाड़ी के खाली टायर में छिपाकर रखा गया था। पुलिस के अनुसार, इस सिलसिले में मणिपुर के दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब्त हेरोइन की कीमत ढाई करोड़ रुपये से अधिक बताई जाती है। -
बेलगावी . कर्नाटक के एक जिले में बुधवार रात एक कार से 1.54 करोड़ रुपये नकद जब्त किए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। आगे की जांच के लिए पुलिस ने आयकर विभाग (आईटी) को सूचित कर दिया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “विश्वसनीय सूचना के बाद एक कार को रोका गया और उसमें से 1.54 करोड़ रुपये जब्त किए गए। मामला दर्ज किया जा रहा है और आईटी विभाग को सूचना दे दी गई है।” कर्नाटक में 10 मई को विधानसभा चुनाव होने हैं।
राज्य में 29 मार्च से आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से अब तक 76.70 करोड़ रुपये नकद, 42.82 करोड़ रुपये की शराब और 49.71 करोड़ रुपये के सोने सहित 204 करोड़ रुपये से अधिक की सामग्री जब्त की जा चुकी है। -
कठुआ/जम्मू. जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में तीसरी कक्षा की एक छात्रा द्वारा एक वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपने स्कूल में बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने का आग्रह करने के कुछ दिनों बाद केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन ने इसे नया रूप देने के लिए काम शुरू कर दिया है। पिछले हफ्ते प्रधानमंत्री से एक वीडियो के माध्यम से सीरत नाज द्वारा की गई अपील ने जम्मू के स्कूल शिक्षा निदेशक रविशंकर शर्मा को दूरस्थ लोहाई-मल्हार प्रखंड में सरकारी स्कूल का दौरा करने के लिए प्रेरित किया। इस वीडियो को कई लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किया गया था। नाज ने अपने चार मिनट के वीडियो की शुरुआत में कहा, “अस्सलाम अलैकुम मोदीजी। आप कैसे हो आप... आप सब की बात सुनते हो, मेरी भी बात सुनो।” स्कूल की जर्जर स्थिति का उल्लेख करते हुए नाज ने कहा कि विद्यार्थी गंदे फर्श पर बैठने के लिए मजबूर हैं, जिससे अक्सर उनकी स्कूल वर्दी गंदी हो जाती है। उसने शौचालयों की बदहाली, खुले में शौच की समस्या और स्कूल के अधूरे निर्माण कार्य का भी जिक्र किया। इस लड़की ने प्रधानमंत्री से अपनी भावुक अपील में कहा, “आप पूरे देश की बात सुनते हैं, कृपया मेरी भी सुनें और हमारे लिए एक अच्छा स्कूल बनाएं ताकि हम अपनी शिक्षा जारी रख सकें और हमें अपनी वर्दी के गंदा होने के कारण अपनी माताओं से डांट न खानी पड़े।” वीडियो को संज्ञान लेते हुए जम्मू-कश्मीर प्रशासन तुरंत स्कूल को नया रूप देने के लिए हरकत में आ गया।
स्कूल का दौरा करने के बाद शर्मा ने कहा, ‘‘ आधुनिक तर्ज पर स्कूल के उन्नयन के लिए 91 लाख रुपये की परियोजना मंजूर की गयी थी लेकिन किसी प्रशासनिक मंजूरी के कारण काम अटक गया था। अब उसे सुलझा लिया गया है और काम चल रहा है।' -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यूक्रेन-रूस युद्ध, मौजूदा वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों और जलवायु परिवर्तन से जुड़ी चिंताओं को इस सदी की सबसे बड़ी चुनौती करार देते हुए कहा कि आज समय की मांग है कि प्रत्येक राष्ट्र की प्राथमिकता अपने देश के हित के साथ ही विश्व हित भी हो। राजधानी स्थित अशोक होटल में आयोजित पहले वैश्विक बौद्ध शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा, आज दुनिया जिस युद्ध और अशांति से पीड़ित है, उसका समाधान बुद्ध के उपदेशों में है।'' उन्होंने कहा, ‘‘हमें विश्व को सुखी बनाना है तो स्व से निकलकर संसार, संकुचित सोच को त्यागकर, समग्रता का यह बुद्ध मंत्र ही एकमात्र रास्ता है।'' मोदी ने कहा कि सभी को अपने आस-पास गरीबी से जूझ रहे लोगों के बारे में और साथ ही संसाधनों के अभाव में फंसे देशों के बारे में सोचना ही होगा। उन्होंने कहा, ‘‘एक बेहतर और स्थिर विश्व की स्थापना के लिए यही एक मार्ग है। आज यह समय की मांग है कि हर व्यक्ति की, हर राष्ट्र की प्राथमिकता अपने देश के हित के साथ ही विश्व हित भी हो।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बात सर्व स्वीकार्य है कि आज का यह समय इस सदी का सबसे चुनौतीपूर्ण समय है।
उन्होंने कहा, आज एक ओर महीनों से दो देशों में युद्ध चल रहा है तो वहीं दुनिया आर्थिक अस्थिरता से भी गुजर रही है। आतंकवाद और मज़हबी उन्माद जैसे खतरे मानवता की आत्मा पर प्रहार कर रहे हैं। जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौती पूरी मानवता के अस्तित्व पर आफत बनकर मंडरा रही है। ग्लेशियर्स पिघल रहे हैं। पारिस्थितकीय तंत्र नष्ट हो रहे है। प्रजातियां विलुप्त हो रही हैं। लेकिन इन सबके बीच हमारे आप जैसे करोड़ों लोग भी हैं जिन्हें बुद्ध में आस्था है और जीव मात्र के कल्याण में विश्वास है।'' प्रधानमंत्री ने इस उम्मीद को इस धरती की सबसे बड़ी ताकत करार दिया और कहा कि जब यह ताकत एकजुट होगी तो बुद्ध का धम्म विश्व की धारणा बन जाएगा और बुद्ध का बोध मानवता का विश्वास बन जाएगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक विश्व की ऐसी कोई समस्या नहीं है जिसका समाधान सैंकड़ों वर्ष पहले दिए गए बुद्ध के उपदेशों में न हो। उन्होंने कहा कि आज दुनिया जिस युद्ध और अशांति से पीड़ित है, उसका समाधान बुद्ध ने सदियों पहले दे दिया था। इस दो दिवसीय शिखर सम्मेलन की मेजबानी संस्कृति मंत्रालय अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ के सहयोग से कर रहा है। शिखर सम्मेलन का विषय ‘‘समकालीन चुनौतियों पर प्रतिक्रिया : अभ्यास के लिए दर्शन'' है। यह वैश्विक शिखर सम्मेलन बौद्ध धर्म में भारत के महत्व और अहमियत को चिन्हित करेगा। शिखर सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य शाक्यमुनि बुद्ध की शिक्षाओं पर गौर करना है जो सदियों से बुद्ध धम्म के अभ्यास से लगातार समृद्ध होती रही हैं। -
श्योपुर. इस साल फरवरी में दक्षिण अफ्रीका से भारत लाए गए 12 चीतों को मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क (केएनपी) के बड़े बाड़ों में छोड़ा गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। सात नर और पांच मादा चीतों को 18 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका से यहां लाकर केएनपी के पृथकवास के तहत बाड़े में छोड़ा गया था। प्रधान मुख्य वन संरक्षक जे एस चौहान ने बताया कि पशुपालन एवं डेयरी विभाग (डीएएचडी) की हरी झंडी के बाद बारह चीतों को बड़े (अनुकूलन) बाड़े में छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश वन विभाग को तीन दिन पहले डीएएचडी से मंजूरी मिली थी। चौहान ने कहा, "हमने उन्हें रिहा करना शुरू किया और पिछले तीन दिनों में प्रक्रिया पूरी की।"
उन्होंने कहा कि एक महीने के बाद इन चीतों को जंगल में छोड़ने का फैसला किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चीतों को उनके व्यवहार का अध्ययन करने के बाद पहले जत्थे में दो या तीन की संख्या में चरणबद्ध तरीके से जंगल में मुक्त किया जाएगा। पिछले साल सितंबर में आठ चीतों की पहली खेप को अफ्रीका के नामीबिया से केएनपी में लाया गया था।
भारत में विलुप्त होने के सात दशक बाद देश में फिर से इन्हे बसाने की योजना ‘‘ प्रोजेक्ट चीता '' के तहत अंतर महाद्वीपीय स्थानांतरण किया गया। देश के आखिरी चीते की मृत्यु वर्तमान छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में 1947 में हुई थी और इस प्रजाति को 1952 में विलुप्त घोषित कर दिया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नामीबिया से लाए गए आठ चीतों को 17 सितंबर 2022 को केएनपी में छोड़ा। पिछले महीने में नामीबिया से लाई गई पांच वर्षीय मादा चीता साशा की किडनी संबंधी बीमारी से मौत हो गई। -
-गुवाहाटी के नरेंगी मिलिटरी स्टेशन पर फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया ने बिहु महोत्सव पर फहराया विशाल तिरंगा-तिरंगे के बारे में लोगों को जागरूक करने की आवश्यकतारायपुर । फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और कुरुक्षेत्र के पूर्व सांसद श्री नवीन जिन्दल ने आह्वान किया है कि भारतवासी राष्ट्रसेवा की निरंतर प्रेरणा लेने के लिए रोज तिरंगा फहराएं। उन्होंने कहा है कि तिरंगा लैपल पिन, रिस्ट बैंड के माध्यम से भी हम राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा का प्रदर्शन कर सकते हैं। तिरंगा हमें राष्ट्र निर्माण में योगदान करने के लिए प्रेरित करता है।श्री नवीन जिन्दल का यह संदेश बिहु महोत्सव के शुभ अवसर पर असम की राजधानी गुवाहाटी के नरेंगी मिलिटरी स्टेशन में विशाल ध्वज फहराए जाने के उपलक्ष्य में फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जनरल अशीम कोहली (रि.) ने पढ़े। उन्होंने कहा कि अमेरिका में प्रबंधन की पढ़ाई के दौरान श्री नवीन जिन्दल को प्रेरणा मिली कि राष्ट्रीय ध्वज रोज फहराने से देश के लिए कुछ करने की प्रेरणा मिलती है। अमेरिका में रहते हुए ही उन्होंने प्रतिदिन तिरंगा फहराना शुरू कर दिया। वहां से भारत लौटकर उन्होंने रायगढ़ में अपनी फैक्ट्री का कामकाज संभाला और नियमित रूप से तिरंगा फहराना चाहा तो प्रशासन ने उन्हें रोक दिया। उसके बाद श्री जिन्दल ने 10 साल कानूनी लड़ाई लड़ी और 23 जनवरी 2004 को सुप्रीम कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया, जिसमें प्रतिदिन पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराना भारतवासियों का मौलिक अधिकार बन गया। इसके अलावा सांसद के रूप में श्री नवीन जिन्दल ने नेशनल ऑनर एक्ट- 1971 में संशोधन कराने की पहल 2005 में की और जिसके परिणामस्वरूप हमें प्रतिदिन कमर के ऊपर तिरंगा धारण करने का अधिकार मिला। इसी तरह केंद्र सरकार से अनुमति मिलने के बाद हरियाणा के कैथल में 2009 में फ्लैग फाउंडेशन ने पहला 207 फुट ऊंचा विशाल ध्वज फहराया।श्री कोहली ने कहा कि अभी भी 95 प्रतिशत देशवासियों को राष्ट्रीय ध्वज के बारे में पर्याप्त ज्ञान नहीं है कि इसका कपड़ा क्या हो और इसे कबफहराया जाए? उन्होंने कहा कि हमारा झंडा 3&2 आकार में खादी, सिल्क,सूती या पॉलियेस्टर, किसी भी सामग्री का हो सकता है और आजादी के 75वें महोत्सव पर सरकार के फैसले के अनुसार हम अब दिन-रात तिरंगा फहरा सकते हैं। गुवाहाटी मिलिटरी स्टेशन पर फहराया गया यह झंडा फ्लैग फाउंडेशन की ओर से लोकार्पित 107वां विशाल ध्वज है। हालांकि श्री नवीन जिन्दल की पहल से प्रेरणा लेकर 700 से अधिक विशाल ध्वज देशभर में लगाए जा चुके हैं, जो दुनिया के किसी भी देश में लगाए गए झंडों की संख्या से अधिक है। अपनी स्थापना के बाद से ही फाउंडेशन देशवासियों को "हर घर तिरंगा - हर दिन तिरंगा" के लिए निरंतर प्रेरित कर रहा है। यह झंडा अब देश की जनता का है। गुवाहाटी में आयोजित तिरंगा स्थापना कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जीओसी इन सी (ईस्टर्न कमांड) लेफ्टिनेंट जनरल आर.पी. कलिता थे।




.jpg)
.jpg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)


.jpg)
.jpg)

.jpg)









.jpg)
.jpg)