- Home
- देश
-
उद्योग अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी के मामले में अगुवा बनें: सीतारमण
नयी दिल्ली. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने उद्योग जगत से प्रौद्योगिकी के मामले में अगुवा बनने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले में चीजों को सुगम बनाएगी। उन्होंने सॉफ्टवेयर उद्योग का उदाहरण देते हुए कहा कि क्षेत्र ने अपने दम पर शुरुआत की और सरकार बाद में आई। सीतारमण ने उद्योग मंडल फिक्की के सदस्यों के साथ बजट बाद बातचीत में कहा, ‘‘उद्योग को अपनी क्षमता को लेकर खुद को देखना चाहिए और फिर उन बिंदुओं के साथ आना चाहिए जिनपर वह चाहता है कि सरकार सुविधा प्रदान करे, बजाय यह कहना कि क्या सरकार इस बारे में कुछ कर रही है?'' उन्होंने कहा, ‘‘कैसे देश में सॉफ्टवेयर उद्योग ने काम शुरू किया? क्या उन्होंने सरकर का इंतजार किया? नहीं। वे आगे बढ़ते रहे और सरकार ने देखा कि वह बैठी और देखती नहीं रह सकती और उनके लिये अनुकूल नीतियां लेकर आई।'' सीतारमण ने कहा, ‘‘मैं चाहती हूं कि नवीकरणीय ऊर्जा के साथ-साथ दुर्लभ धातु के क्षेत्र में उद्योग आगे आएं।'' उन्होंने उद्योग को आश्वस्त किया कि सरकार उनके विभिन्न मुद्दों पर दिये गये सुझावों पर सक्रियता के साथ विचार करेगी। पूंजीगत व्यय के उपयोग के संदर्भ में वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार इसपर नियमित आधार पर नजर रखेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य भी बुनियादी ढांचा विकास को लेकर कोष का उपयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र ने राज्यों को 2023-24 में 1.3 लाख करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। यह चालू वित्त वर्ष की तुलना में 30 प्रतिशत अधिक है। राज्यों को जो भी राशि आवंटित की गई है, उसमें से ज्यादातर बिना शर्त वाली हैं।सीतारमण ने बुधवार को बजट भाषण में बुनियादी ढांचा विकस पर पूंजीगत व्यय 33 प्रतिशत बढ़ाकर 10 लाख करोड़ रुपये करने की घोषणा की। यह सकल घरेलू उत्पाद का 3.3 प्रतिशत है। -
यूजीसी ने विदेशी विश्वविद्यालय परिसर के लिए प्रतिक्रिया प्राप्त करने की समय सीमा बढ़ा कर 20 फरवरी की
नयी दिल्ली. विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने देश में विदेशी विश्वविद्यालय परिसर स्थापित करने से जुड़े मसौदा मानदंडों पर प्रतिक्रिया प्राप्त करने की समय सीमा एक बार फिर से बढ़ा कर 20 फरवरी कर दी है। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई। यूजीसी के सचिव रजनीश जैन ने कहा कि समय सीमा को पक्षकारों के अनुरोध के बाद बढ़ाया गया। जैन ने एक आधिकारिक आदेश में कहा, ‘‘ भारत में विदेशी उच्च शिक्षण संस्थानों की स्थापना और संचालन नियमन-2023 पर प्रतिक्रिया सौंपने की अंतिम तिथि बढ़ाने के लिए पक्षकारों की ओर से किये गये अनुरोध पर इसे बढ़ाकर 20 फरवरी किया गया है।'' आयोग ने इससे पहले समय सीमा को बढ़ाकर तीन फरवरी किया था।यूजीसी अध्यक्ष एम. जगदीश कुमार ने कहा था कि विदेशी विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों को भारत में अपने परिसर स्थापित करने के लिए यूजीसी से अनुमति लेनी होगी। - पन्ना. मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में टी-151 नामक एक बाघिन को उसके चार शावकों के साथ देखा गया है। एक दिन पहले ही टी-151 बाघिन की मां टी-1 की मौत हो गयी थी। पीटीआर के क्षेत्र निदेशक बृजेंद्र झा ने बृहस्पतिवार को बताया कि आज एक वीडियो प्राप्त हुआ है जिसमें एक जल स्रोत के पास बाघिन पी-151 के पीछे उसके चार शावक चलते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस बाघिन का यह तीसरा प्रजनन है। उन्होंने कहा, ‘‘ शावक लगभग तीन महीने के हैं। टी-1 की मौत की खबर के एक दिन बाद चार शावकों और उनकी मां टी-151 का यह वीडियो सामने आया है।'' पीटीआर में बाघ पुनरुद्धार योजना के तहत बांधवगढ़ से मार्च 2009 में बाघिन टी-1 को लाया गया था। उसकी बुधवार को मौत हो गयी। झा ने कहा कि टी-1 ने अपने जीवन में 13 शावकों को जन्म दिया तथा पीटीआर में बाघ पुनरुद्धार योजना की सफलता में उसने एक अहम भूमिका निभाई। उनके अनुसार एक समय पीटीआर बाघ विहीन हो गया था। अखिल भारतीय बाघ अनुमान रिपोर्ट 2018 के अनुसार, मध्य प्रदेश में 526 बाघ हैं जो देश के किसी भी राज्य में सबसे अधिक है। मध्य प्रदेश में कान्हा, बांधवगढ़, पेंच, सतपुड़ा और पन्ना सहित कई टाइगर रिजर्व (बाघ अभयारण्य) हैं।
-
रेलवे के यात्रियों से राजस्व में अप्रैल-जनवरी में 73 प्रतिशत वृद्धि
नयी दिल्ली. रेलवे के राजस्व में अप्रैल, 2022 से जनवरी, 2023 के दौरान यात्रियों से राजस्व में 73 प्रतिशत ज्यादा वृद्धि दर्ज की है। रेलवे ने बृहस्पतिवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी दी। बयान के अनुसार, भारतीय रेल की यात्री श्रेणी में अप्रैल से जनवरी 2023 तक कुल आय 54,733 करोड़ रुपये रही जो पिछले वित्त वर्ष में इतने ही समय में अर्जित 31,634 करोड़ रुपये से 73 प्रतिशत अधिक है। आरक्षित यात्री श्रेणी में एक अप्रैल से 31 जनवरी 2023 तक 6,590 लाख यात्रियों ने टिकट बुक कराए, जो पिछले वित्त वर्ष में अप्रैल से जनवरी, 2022 तक दर्ज 6,181 लाख यात्रियों से सात प्रतिशत ज्यादा हैं। -
गुरुग्राम. गुरुग्राम में एक व्यक्ति को अपनी तेज रफ्तार कार द्वारा मोटरसाइकिल को तीन किलोमीटर से अधिक तक घसीटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि कार चालक ने पहले सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और जब दोपहिया वाहन कार के नीचे फंस गया, तो तेज रफ्तार कार उसे कई किलोमीटर तक घसीटती रही। मोटरसाइकिल मालिक बाउंसर ने बताया कि घटना रात करीब साढ़े ग्यारह बजे हुई जब वह काम करके घर लौट रहा था। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे खड़ी अपनी मोटरसाइकिल के पास खड़े होने के कारण वह बाल-बाल बच गए, लेकिन कार ने उनके दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। बाउंसर मोनू ने बताया कि घटना में उसकी मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सेक्टर 65 में मोटरसाइकिल को घसीटते होंडा सिटी कार का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। पुलिस ने मोटरसाइकिल के मालिक से संपर्क किया जिसने शिकायत दर्ज कराई। चार पहिया वाहन के नीचे से निकलकर मोटरसाइकिल के सड़क किनारे गिर जाने के बाद कार चालक अपना वाहन वहीं छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बताया कि कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया और शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
-
नयी दिल्ली. सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि लापता 92 संरक्षित स्मारकों में से 68 का पता लगा लिया है और अब सिर्फ 24 ऐसे स्मारकों को खोजना बाकी है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक ने वर्ष 2013 की एक रिपोर्ट में बताया था कि 92 संरक्षित स्मारक लापता हैं। तथापि, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने 68 ऐसे स्मारकों का पता लगा लिया है और अब केवल 24 स्मारकों का पता लगाया जाना बाकी है।'' उन्होंने कहा कि स्मारकों और विरासत स्थलों को ‘गायब' होने से बचाने के लिए सुरक्षा पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्मारकों पर नियमित रूप से पहरा और उनकी निगरानी की जाती है तथा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) कर्मियों की भी तैनाती की गई है। मंत्री ने बताया कि इसके साथ ही, अतिक्रमण को हटाने के लिए राज्य स्तरीय समन्वय समिति गठित की गई है एवं भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधिकारी नियमित रुप से स्मारकों एवं स्थलों का निरीक्षण करते हैं। -
नयी दिल्ली. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बृहस्पतिवार को कहा कि जी-20 अंतररष्ट्रीय आर्थिक सहयोग का एक प्रमुख मंच है और भारत विकासशील देशों एवं ग्लोबल साउथ के महत्वपूर्ण मुद्दों को हल करने के लिए इस मंच का उपयोग करने की इच्छा रखता है। बिरला ने संसद भवन परिसर में जाम्बिया गणराज्य के नेशनल असेंबली की स्पीकर नेली बुटेटे काशुम्बा मुट्टी के नेतृत्व में आए एक शिष्टमंडल से मुलाकात के दौरान यह बात कही। लोकसभा सचिवालय के बयान के अनुसार, बिरला ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा और जीवंत लोकतंत्र है जहां 90 करोड़ से अधिक मतदाता लोकसभा के 545 सदस्यों का चुनाव करते हैं तथा सदन में जनप्रतिनिधि, नागरिकों की आशाओं, आकांक्षाओं और अभावों को अभिव्यक्ति प्रदान करते हैं। भारत के जी-20 समूह की अध्यक्षता का उल्लेख करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि जी-20 समूह अंतरराष्ट्रीय आर्थिक सहयोग का एक प्रमुख मंच है और भारत विकासशील देशों और ग्लोबल साउथ के अहम मुद्दों को हल करने के लिए इस मंच का उपयोग करने की इच्छा रखता है। बयान के अनुसार उन्होंने कहा कि इस वर्ष भारत पी-20 सम्मेलन (जी20 देशों के संसदों के अध्यक्षों) का आयोजन भी करने जा रहा है। बिरला ने बताया कि ‘वसुधैव कुटुंबकम' की अवधारणा के अनुरूप भारत सम्पूर्ण विश्व को एक परिवार के रूप में देखता है और इसी आधार पर जी-20 का विषय थीम- ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य' रखा गया है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत इस मंच पर वैश्विक मामलों के प्रभावी समाधान का प्रयास करेगा और इस उद्देश्य के लिए ज़ाम्बिया के सक्रिय सहयोग की आशा रखता है।'' बयान के अनुसार बिरला ने कहा कि देश की प्रगति में लोकतान्त्रिक प्रणाली का बड़ा योगदान रहा है और पिछले सात दशकों में संसद ने समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं को सुलझाने के लिए कई प्रगतिशील सामाजिक और आर्थिक कानून बनाए हैं। संसदीय व्यवस्था में व्यापक समिति प्रणाली का उल्लेख करते हुए बिरला ने कहा कि समितियों के माध्यम से कार्यपालिका की जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाती है जिससे संसदीय पर्यवेक्षण और सदृढ़ होता है। बयान के अनुसार बिरला ने कहा कि मौजूदा बजट सत्र में संसद, लोक वित्त के प्रहरी के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन मजबूती से कर रही है। दोनों देशों के संबंधों का उल्लेख करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि ऐतिहासिक रूप से भारत और जाम्बिया के द्विपक्षीय संबंध बहुआयामी और पारस्परिक सहयोग पर आधारित हैं। इसमें कहा गया कि बिरला ने ध्यान दिलाया कि भारतीय अर्थव्यवस्था विश्व में सबसे तेज़ गति से बढ़ रही है तथा भारत और जाम्बिया के बीच द्विपक्षीय व्यापार और निवेश भी लगातार बढ़ रहा है।
-
जयपुर. राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम को तीन अज्ञात लोगों ने एक युवक की जेल के सामने गोली मारकर हत्या कर दी। निम्बाहेडा के सर्किल अधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि शाम करीब पांच बजे निंबाहेड़ा जेल के सामने तीन अज्ञात युवकों ने बंटी उर्फ विकास आंजना (28) की गोलीमार कर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला कि हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई है। उन्होंने बताया कि मृतक भाजपा के पूर्व बूथ अध्यक्ष का बेटा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में परिजनों की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिये राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-file photo
-
नयी दिल्ली. सरकार ने बृहस्पतिवार को बताया कि चेहरे की पहचान करने की तकनीक के आधार पर यात्रियों को सम्पर्क रहित, कागज रहित जांच प्रवेश (चेक इन) तथा बोर्डिंग सुविधा प्रदान करने के लिये दिल्ली, बेंगलूरु और वाराणसी हवाई अड्डों पर ‘डिजी यात्रा' सेवा शुरू की गई है। लोकसभा में फिरोज वरूण गांधी के प्रश्न के लिखित उत्तर में नागर विमानन राज्य मंत्री वी के सिंह ने यह जानकारी दी। मंत्री ने बताया कि ‘डिजी यात्रा' के पहले चरण में मार्च 2023 तक कोलकाता, पुणे, विजयवाड़ा और हैदराबाद हवाई अड्डों पर और उसके बाद चरणबद्ध रूप से देश में विभिन्न हवाई अड्डों पर डिजी यात्रा के क्रियान्वयन की योजना बनाई गई है। सिंह ने बताया कि मैसर्स डाटाइवोल्व सॉल्यूशन्स ने चेहरे की पहचान करने की तकनीक (एफआरटी) आधारित ‘डिजी यात्रा' सेंट्रल प्रणाली तैयार की है। इसका चयन अटल नवाचार अभियान के तहत नीति आयोग द्वारा राष्ट्रीय स्टार्टअप प्रतियोगिता के माध्यम से किया गया है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि डिजी यात्रा, हवाई अड्डों पर यात्रियों को निर्बाध तथा परेशानी से मुक्त अनुभव प्रदान करने की स्वैच्छिक सुविधा है। उन्होंने प्रक्रिया में यात्रियों की व्यक्तिगत पहचान की जानकारी का डाटा केंद्रीय स्तर पर संग्रह नहीं किया जाता है। उड़ान के 24 घंटे के भीतर इस डाटा को प्रणाली से हटा दिया जाता है।
-
नयी दिल्ली। भारतीय बीज उद्योग संघ (एफएसआईआई) के महानिदेशक राम कौंडिन्य का कहना है कि आम बजट 2023-24 में बीज उद्योग संबंधी मुद्दों का कोई उल्लेख नहीं किया गया है, लेकिन सामूहिक रूप से कृषि के लिए कई अन्य सकारात्मक घोषणाएं की गई हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को वर्ष 2023-24 के लिए आम बजट पेश किया था।
कौंडिन्य ने बृहस्पतिवार को बयान दिया, “हम इससे निराश हैं कि बीज संबंधी शोध और प्रौद्योगिकी बढ़ाने में सहयोग देने के लिए कोई घोषणा नहीं की गई है।” एफएसआईआई ने बीज उद्योग के अनुसंधान व्यय की 200 प्रतिशत आयकर कटौती की बहाली के लिए कहा था।
कौंडिन्य ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों की कमी, नए उभरते कीट और रोग तथा स्थिर उपज जैसी चुनौतियों का सामना करने के लिए निजी उद्योग द्वारा अनुसंधान निवेश को आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा, “हम ऐसे निवेश में कुछ प्रोस्ताहन की उम्मीद कर रहे थे, जो नहीं हुआ। -
नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा इलाके में तीन लोगों ने अलग-अलग कारणों से आत्महत्या कर ली। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया की तीनों की पहचान अजय ऊर्फ मागली (22), किशन (26) और विजय (55) के रूप में की गयी है। उन्होंने बताया कि तीनों नोएडा के अलग अलग इलाकों के रहने वाले थे ।
उन्होंने बताया कि हल्दीराम कंपनी में चालक के तौर पर काम करने वाले अजय ने आज सुबह अज्ञात कारणों से कंपनी के पास एक पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली । उन्होंने बताया कि परथला गांव में रहने वाले किशन ने मानसिक तनाव के चलते जबकि साईं कॉलोनी में रहने वाले विजय ने आर्थिक परेशानी के कारण यह कदम उठाया है । उन्होंने बताया कि पुलिस सभी मामलों की पड़ताल कर रही है। -
नयी दिल्ली। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के चेयरमैन नितिन गुप्ता ने कहा है कि रिटर्न भरने की नई आयकर व्यवस्था को बजट 2023-24 में और भी आकर्षक बनाया गया है और कर दर में की गई कटौती से इसका लाभ ज्यादातर करदाताओं को मिल सकेगा। बजट के बारे में बात करते हुए गुप्ता ने कहा कि नई कर व्यवस्था में नए स्लैब और दरों की घोषणा करने के पीछे सरकार का उद्देश्य ‘‘करदाताओं और संस्थाओं की कर मुक्तता और रियायतों को धीरे-धीरे खत्म करने की लंबे समय से की जा रही मांग को पूरा करना है।''
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को संसद में 2023-24 का बजट पेश करते कहा था कि सरकार ने मध्यम वर्ग के लाभ के लिये नई कर व्यवस्था के ढांचे में बदलाव के साथ करदाताओं के लिये नई कर व्यवस्था को अधिक आकर्षक बनाया है। सीबीडीटी प्रमुख ने कहा, ‘‘करदाताओं के लिए यह नई व्यवस्था दो साल पहले (2020-21 के बजट में) शुरू की गई थी, लेकिन शायद इसका लाभ लोगों तक नहीं पहुंच रहा था।
अब सरकार ने स्लैब में फिर से बदलाव किया है, स्लैब की संख्या और दरों में फिर से बदलाव किया है जिससे हर करदाता के लिए इसका लाभ स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।'' उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले कॉरपोरेट श्रेणी के करदाताओं के लिए कुछ ऐसे ही फैसले लिए गए थे जो उनके लिए लाभकारी साबित हुए।
उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था को वास्तव में आकर्षक बनाया गया है और ऐसा वर्ग बहुत छोटा होगा जिसे इसका लाभ नहीं मिल पाएगा। उन्हें छोड़कर यह नई व्यवस्था हर किसी फायदेमंद है। हालांकि, गुप्ता ने यह नहीं बताया कि कितनी संख्या में करदाताओं ने बीते दो साल में नई कर व्यवस्था को अपनाया है। -
कन्नूर (केरल). केरल के कन्नूर जिले के सरकारी अस्पताल के पास बृहस्पतिवार को एक कार में आग लग गई, जिसमें झुलसकर दंपति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि कार में छह लोग सवार थे। वाहन में आग लगने पर बच्चे समेत पीछे की सीट पर बैठे चार लोग बाहर निकलने में सफल रहे। उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर मौजूद कन्नूर सिटी पुलिस आयुक्त अजित कुमार ने पत्रकारों से कहा, उन्हें कोई चोट नहीं आई है। अस्पताल में उनकी जांच की जा रही है।'' चश्मदीदों के मुताबिक, घटना के वक्त कार सवार लोग जिला अस्पताल जा रहे थे। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे में जान गंवाने वाली महिला गर्भवती थी। दंपति को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन वे असफल रहे। एक चश्मदीद ने कहा, हम उस समय पूरी तरह से असहाय थे क्योंकि कार का आगे का हिस्सा तुरंत आग की चपेट में आ गया था। हम उन्हें बचाने के लिए ज्यादा कुछ नहीं कर पाए क्योंकि हमें लग रहा था कि कार की तेल की टैंक में किसी भी समय विस्फोट हो सकता है।'' वहीं पुलिस ने महिला के बारे अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, चिकित्सकीय जांच के बाद ही हम कुछ कह पाएंगे।'' उन्होंने बताया कि तकनीकी विशेषज्ञों की जांच के बाद ही आग लगने के कारणों का पता चल पाएगा।
-
नयी दिल्ली. सरकार ने बृहस्पतिवार को संसद को बताया कि 22वां विधि आयोग समान नागरिक संहिता से संबंधित मामले पर विचार कर सकता है। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री किरेन रीजीजू ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में यह भी बताया कि समान नागरिक संहिता लागू करने पर कभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने भारत के 21वें विधि आयोग से अनुरोध किया था कि समान नागरिक संहिता से संबंधित विभिन्न विषयों का परीक्षण करें और उस पर अपना सुझाव दें। रीजीजू ने कहा कि लेकिन 21वें विधि आयोग की अवधि 31 अगस्त 2018 को समाप्त हो गई।
उन्होंने कहा, ‘‘विधि आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार समान नागरिक संहिता से संबंधित मामला 22वें विधि आयोग द्वारा अपने विचार के लिए लिया जा सकेगा। अतः समान नागरिक संहिता लागू करने पर कभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है।'' ज्ञात हो कि समान नागरिक संहिता भारतीय जनता पार्टी का एक प्रमुख चुनावी मुद्दा रहा है। उत्तराखंड और गुजरात जैसे भाजपा शासित कुछ राज्यों ने इस लागू करने की दिशा में कदम उठाया है। -
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी के प्रगति मैदान में जारी ‘प्लास्ट इंडिया' मेले की वजह से मध्य दिल्ली के कई इलाकों में भारी जाम लग गया। रिंग रोड और निज़ामुद्दीन पुल के साथ-साथ बारापूला, सराय काले खां, अक्षरधाम और यमुना पुल से लेकर आईटीओ तक भारी यातायात जाम की सूचना है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक सोमनाथ भारती ने ट्वीट कर कहा,प्रगति मैदान के मुख्य द्वार के बाहर पूरी तरह से अव्यवस्था और भीषण जाम है। प्लास्ट इंडिया मेला चल रहा है। उन्होंने इस ट्वीट में दिल्ली यातायात पुलिस को टैग किया। एक शख्स विजय नारायण को लक्ष्मी नगर से बस से संसद मार्ग स्थित अपने दफ्तर पहुंचने में आधे घंटे का समय लगा। उन्होंने कहा, विकास मार्ग पर भी भारी यातायात जाम था। मुझे बस से आईटीओ होते हुए दफ्तर पहुंचने में आम तौर पर 15 मिनट लगते हैं, लेकिन आज गाड़ी कछुए की चाल चल रही थी।” अन्य व्यक्ति रितिन सरकार ने कहा कि उन्हें मोटरसाइकिल से कनॉट प्लेस स्थित कार्यालय पहुंचने में 45 मिनट लगते हैं, लेकिन वह अक्षरधाम के पास करीब 20 मिनट जाम में फंसे रहे।
-
मुंबई. मुंबई से जल्दी ही दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरु होने वाली हैं और उनमें से एक के शुक्रवार सुबह तक यहां पहुंच जाने की संभावना है, जबकि दूसरी ट्रेन के छह फरवरी को लाने की उम्मीद है। रेलवे अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 फरवरी को मुंबई-सोलापुर और मुंबई-शिर्डी मार्ग पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत कर सकते हैं। दोनों ट्रेन का निर्माण चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री में किया गया है। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ''एक वंदे भारत ट्रेन आज सुबह पुणे यार्ड पहुंच गई और इसके आज रात या कल सुबह तक मुंबई पहुंचने की उम्मीद है।'' उन्होंने कहा, "इसी तरह की दूसरी ट्रेन छह फरवरी को यहां लाए जाने की उम्मीद है।"
मुंबई और सोलापुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस के भोर घाट (पुणे के रास्ते में कर्जत और खंडाला के बीच) के रास्ते चलने की संभावना है और यह ट्रेन दोनों स्थानों के बीच लगभग 455 किमी की दूरी 6.35 घंटे में तय करेगी। मुंबई-शिर्डी सेमी हाई-स्पीड ट्रेन के थाल घाट (मुंबई के बाहरी इलाके में कसारा में) के रास्ते चलने और लगभग 340 की दूरी 5.25 घंटे में तय करने की उम्मीद है। भोर और थाल घाट सबसे कठिन रेलवे घाट खंड में से हैं। इसलिए, अभी इन घाटों से गुजरने वाली सभी ट्रेनों को मुंबई की ओर से अतिरिक्त लोकोमोटिव द्वारा खींचा जाता है। उच्च ढाल वाले क्षेत्रों में ट्रेनों को पीछे से धकेलने के लिए अतिरिक्त लोकोमोटिव का उपयोग किया जाता है। इस अतिरिक्त लोकोमोटिव को बैंकर भी कहा जाता है। एक अधिकारी ने बताया कि ट्रेन में बैंकर को जोड़ने और अलग करने की प्रक्रिया में कुछ मिनट लग जाता है जिससे यात्रा का कुल समय बढ़ जाता है। हालांकि, यात्रा के समय में कटौती के लिए, अधिकारियों ने इन सेमी हाई-स्पीड ट्रेन को बिना बैंकर की मदद के चलाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि घाट खंड में बैंकर की कमी को दूर करने के लिए दोनों वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में ‘‘पार्किंग ब्रेक'' लगाए जाएंगे। ऐसे ब्रेक से ढलान पर ट्रेन को आगे लुढ़कने से रोका जा सकता है। -
नयी दिल्ली. भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 128 नए मामले सामने आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,46,83,023 हो गई है। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 1,763 रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत के बाद देश में संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या 5,30,741 हो गई। संक्रमण की दैनिक दर 0.09 प्रतिशत, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 0.08 प्रतिशत है। कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 1,763 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.01 प्रतिशत है। अद्यतन आंकड़ों के मुताबिक, देश में मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.81 प्रतिशत है। भारत में अभी तक कुल 4,41,50,519 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220.52 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं। गौरतलब है कि भारत में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। 2021 में चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। पिछले साल 25 जनवरी को संक्रमण के कुल मामले चार करोड़ के पार हो गए थे। -
नयी दिल्ली। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि स्टार्टअप को आयकर लाभ देने संबंधी बजट में की गई घोषणा से देश में स्टार्टअप परिवेश को मजबूती मिलेगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को अपने बजट भाषण के दौरान स्टार्टअप के लिए नुकसान को आगे बढ़ाने के लाभ को 10 साल तक बढ़ाने का प्रस्ताव किया था।
उन्होंने कहा था, ‘‘मैं आयकर लाभ के लिए स्टार्टअप के गठन की तारीख को 31 मार्च, 2023 से बढ़ाकर 31 मार्च, 2024 करने का प्रस्ताव करती हूं। इसके साथ ही मैं स्टार्टअप की शेयरधारिता में बदलाव के कारण नुकसान को आगे बढ़ाने के लाभ को सात से बढ़ाकर 10 साल करने का प्रस्ताव भी करती हूं।'' गोयल ने कहा कि सरकार स्टार्टअप परिवेश को निरंतर समर्थन दे रही है और ‘स्टार्टअप इंडिया' पहल की शुरुआत के बाद से देश ने इस क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि की है।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि यह बजट स्टार्टअप परिवेश को निश्चित ही अच्छा-खासा समर्थन और मदद देगा जिससे कि यह आने वाले वर्षों में फल-फूल सके।'' गोयल ने कहा कि बजट में कृषि क्षेत्र में स्टार्टअप को बढ़ावा देने और कृषि-उद्यमी बनाने पर भी ध्यान दिया गया है। इससे कोल्ड स्टोरेज, खाद्य प्रसंस्करण और कृषि क्षेत्र में मूल्य संवर्धन के लिए बेहतर विचारों को भी बढ़ावा मिलेगा।
बुधवार को बजट भाषण में वित्त मंत्री ने कहा था कि ग्रामीण क्षेत्रों में युवा उद्यमियों द्वारा कृषि-स्टार्टअप इकाइयों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार एक कृषि त्वरित कोष (एएएफ) स्थापित करेगी। समावेशी, किसान-केंद्रित समाधान उपलब्ध कराने के मकसद से कृषि के लिए एक डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचा भी बनाया जाएगा। - पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में हाल के दिनों में असामाजिक तत्वों द्वारा लोगों को डराने और उन पर हमला करने के लिए ‘कोयता’ (हसिया) के बढ़ते इस्तेमाल के मद्देनजर पुलिस ने कृषि कार्यों के लिए उपयोग होने वाले हसिया की खरीद के लिए खरीदार का आधार कार्ड विवरण अनिवार्य रूप से दर्ज करने का निर्देश दिया है।पुलिस के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि पिछले कुछ महीनों में तथाकथित ‘कोयता गिरोह’ के सदस्यों द्वारा हसिया दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें से अधिकतर पुणे शहर के बाहरी इलाकों में हुई हैं। पुलिस उपायुक्त (अपराध) अमोल जेंडे ने कहा, ‘‘हमने जोन के सभी पुलिस उपायुक्तों से अपने क्षेत्रों में कृषि उपकरणों के खुदरा विक्रेताओं को निर्देश देने के लिए कहा है कि वे कोयता के खरीदार के पहचान संबंधी रिकॉर्ड रखना सुनिश्चित करें।’’ उन्होंने कहा कि विक्रेताओं को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि वे किशोरों को कोयता नहीं बेचें। अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने कई असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की है जो लोगों को आतंकित करने के लिए हसिया का इस्तेमाल करते पाए गए थे।
-
बस खड़े ट्रक से टकराई, चार लोगों की मौत, 20 अन्य घायल
पुणे. महाराष्ट्र में पुणे-सोलापुर राजमार्ग पर बुधवार को सुबह एक बस के, सड़क के किनारे खड़े ट्रक से टकरा जाने के कारण चार लोगों की मौत हो गई और करीब 20 अन्य लोग घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना महाराष्ट्र के पुणे जिले के यवत गांव के पास सुबह करीब पांच बजे हुई।यवत पुलिस थाने के निरीक्षक हेमंत शेडगे ने बताया, ‘‘एक निजी बस ने खड़े ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। घटना में चार लोगों की मौत हो गई और करीब 20 अन्य लोग घायल हो गए।'' पुलिस ने बताया कि घायलों को इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। -
सड़क हादसे में दो भाइयों की मौत
इटावा (उप्र). जिले के जसवंत नगर इलाके में हुए सड़क हादसे में दो भाइयों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। जसवंत नगर के थाना प्रभारी मुकेश कुमार सोलंकी ने बताया कि हादसा जसवंत नगर इलाके में मंगलवार शाम हुआ। विक्रम (22) और उसका छोटा भाई विशाल (17) मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे, जब एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस संबंध में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है। मामले की जांच जारी है। -
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने नागालैंड में नेशनल डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी-एनडीपीपी के साथ गठबंधन में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है। भाजपा 20 सीटों पर और एनडीपीपी 40 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष तेमजेन इम्ना अलॉन्ग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुई केंद्रीय समिति की बैठक में यह फैसला किया गया है।नागालैंड के मौजूदा मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो उत्तरी अंगामी-द्वितीय विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। चुनाव लड़ने वाले अन्य वरिष्ठ नेताओं में झालियो रियो, नेइकसेली निकी कीरे, टी आर जेलियांग, नीबा क्रोनू, काइतो ऐ और आर खिंग शामिल हैं। उपमुख्यमंत्री वाई पैटन त्यूई सीट से चुनाव लड़ेंगे और तेमजेन इम्ना अलॉन्ग अलोंगटकी से चुनाव लड़ेंगे।पार्टी पहली बार दो महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतार रही है, दीमापुर-तृतीय विधानसभा क्षेत्र से हकानी जाखलू और सलहौतुओनुओ क्रूस, 8-पश्चिमी अंगामी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेगी। नागालैंड विधानसभा के लिए मतदान एक ही चरण में 27 फरवरी को होगा। मतगणना 2 मार्च को होगी। -
मृत शिक्षक के मोबाइल में कैद हो गई थी उनके हत्या की वारदात
गोंडा (उप्र) . उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के फोर्ब्सगंज इलाके में दो लोगों ने एक शिक्षक की उसके घर में घुसकर कथित रूप से गला रेत कर हत्या कर दी। घटना के समय शिक्षक अपने फोन पर ऑनलाइन क्लास ले रहा था और यह हरकत फोन में रिकॉर्ड हो गई । पुलिस के अनुसार, हत्याभियुक्तों द्वारा शिक्षक पर हमला किए जाने की घटना उसके मोबाइल में कैद हो गई थी, क्योंकि घटना के वक्त वह बच्चों को आनलाइन कोचिंग दे रहा था। उन्होंने बताया कि खुद पर प्रहार किए जाते वक्त उसका मोबाइल आनलाइन मोड में ही जमीन पर गिर गया था, जो घटना के बाद तक रिकार्डिंग करता रहा। पुलिस ने बताया कि परिणाम स्वरूप पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई थी, पुलिस ने प्रकरण में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि अंबेडकर नगर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के भसमा गांव निवासी कृष्ण कुमार यादव (32) गोंडा जिले के जनता इंटर कॉलेज इटियाथोक में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने बताया कि वह शहर के सिविल लाइन इलाके के फोरबिस गंज मोहल्ले में किराए के मकान में छोटी बहन स्वाती यादव के साथ रहते थे। स्वाती यादव भी जिले के परसपुर विकास खण्ड के प्राथमिक विद्यालय धर्म नगर में सहायक अध्यापक है। उन्होंने बताया कि शनिवार की शाम दो युवक उसके कमरे पर उस समय आए, जब वह जूम ऐप के माध्यम से कुछ बच्चों को आनलाइन कोचिंग दे रहा था। उन्होंने बताया कि इन युवकों ने कुछ देर तक बातचीत करने के बाद शिक्षक पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मोबाइल आनलाइन मोड में ही जमीन पर गिर गई और पूरी घटना उसमें रिकार्ड हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मोबाइल को संरक्षित कर लिया तथा फोरेंसिक विशेषज्ञों ने तकनीकी सहयोग लेकर ऑनलाइन वीडियो फुटेज प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने विवेचना के क्रम में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर घटना कारित करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा उनके कब्जे से लूट के 2300 रुपए नगद एवं निशानदेही से घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया गया है। प्रकरण में कृष्ण कुमार के पिता राम केवल यादव ने नगर कोतवाली में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। -
नयी दिल्ली. भारतीय मूल की हंगरी की चित्रकार अमृता शेरगिल के जीवन और उनके कार्य पर आधारित कई कार्यक्रमों की आठ फरवरी से शुरुआत की जाएगी। शेरगिल की 110वीं जयंती पर उनकी स्मृति में आयोजित इन कार्यक्रमों में फिल्म महोत्सव, छात्रों के साथ संवाद, कला प्रदर्शनियां और कार्यशालाएं शामिल हैं। ‘राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय' (एनजीएमए) और हंगरी के कला केंद्र से जुड़े संस्थान ‘लिज्ट' ने मंगलवार को यहां ‘अमृता 110 प्रोजेक्ट' की शुरुआत करते हुए यह घोषणा की। संस्थान ने एक बयान में कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य अमृता शेरगिल की हंगरी से जुड़ी जड़ों के बारे में लोगों को और अधिक जानकारी देना है। साथ ही शेरगिल के जीवन और कार्य पर हंगरी में गुजरे उनके बचपन के प्रभाव और हंगरी तथा भारत के बीच सबसे मजबूत कड़ी के अल्पावधि लेकिन बेहद समृद्ध और रचनात्मक जीवन का जश्न मनाना है।'' हंगरी के बुडापेस्ट में 30 जनवरी, 1913 को जन्मी शेरगिल को उनकी शानदार कलाकृतियों के लिए दुनियाभर में पहचाना जाता है। शेरगिल के पिता भारतीय जबकि मां हंगरी की नागरिक थीं। शेरगिल की स्मृति में साल भर चलने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत आठ फरवरी से ‘इंडिया इंटरनेशनल सेंटर' में उनसे प्रेरित 20 कृतियों की कला प्रदर्शनी के साथ होगी।
-
गुलमर्ग में हिमस्खलन की चपेट में आकर पोलैंड के दो पर्यटकों की मौत
श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर में गुलमर्ग के ऊपरी इलाकों में बुधवार को भारी हिमस्खलन हुआ जिसमें पोलैंड के दो पर्यटकों की मौत हो गई और 21 लोग फंस गए, जिन्हें बाद में बचा लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्कीइंग करने वाले 21 विदेशी नागरिकों के तीन दलों और दो स्थानीय गाइड हापथखुद कांगडोरी में स्की ढलान पर थे कि इसी दौरान अपराह्न लगभग 12.30 बजे हिमस्खलन हुआ। उन्होंने बताया कि पोलैंड के दो नागरिकों के शव बरामद कर लिये गये हैं। अन्य 19 लोग जो अफरवात क्षेत्र की बर्फीली चोटियों में फंस गए थे, उन्हें बारामूला जिला पुलिस के दलों ने बचा लिया है। अफरवात क्षेत्र अपने स्की ढलानों के लिए प्रसिद्ध है और हर सर्दियों में सैकड़ों पर्यटक यहां आते हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें गुलमर्ग के निकट सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया।कर्नाटक से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य दीपक चिंचोरे मौके पर मौजूद थे। चिंचोरे ने कहा, ‘‘हमने अपनी आंखों के सामने मौत का तांडव देखा। स्की करने वालों पर 20 फुट की बर्फ की दीवार गिर गई और वे उसके नीचे दब गए। यह सब कुदरत का कहर है।'' इस घटना के तुरंत बाद बारामूला जिला पुलिस के प्रवक्ता ने ट्विटर पर कहा, ‘‘गुलमर्ग में एक प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट अफरवात चोटी हापथखुद में हिमस्खलन हुआ। बारामूला पुलिस द्वारा अन्य एजेंसियों के साथ बचाव अभियान शुरू किया गया है।

.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)














.jpg)
.jpeg)


.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

