- Home
- देश
-
नयी दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के रूप नगर इलाके में बाइक सवार चार लोगों ने एक व्यक्ति को कथित तौर पर गोली मारकर पांच लाख रुपये लूट लिये। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार शाम को उस समय हुई, जब कीर्ति नगर इलाके में एक व्यापारी की दुकान पर काम करने वाले हनी कुमार कालरा (42) एक ग्राहक से पैसे लेकर मोटरसाइकिल से अपनी दुकान लौट रहा था।
पुलिस उपायुक्त (उत्तरी) सागर सिंह कलसी ने बताया कि घटना के बारे में सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची जहां पुलिस की टीम ने विजय नगर निवासी कालरा को घायल अवस्था में पाया, जिसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि इस सिलसिले में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। उन्होंने बताया आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। -
कोलकाता। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करेगा और फिलहाल देश में प्रधानमंत्री पद के लिए कोई रिक्ति नहीं है। नोबेल पुरस्कार विजेता अमर्त्य सेन के ममता बनर्जी को लेकर दिए गए बयान के बारे में पूछे जाने पर केंद्रीय मंत्री ने संवाददाताओं से कहा कि देश के मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भरोसा है कि लोग उनके साथ खड़े रहेंगे और चुनाव में उनका समर्थन करेंगे।
दरअसल, अमर्त्य सेन ने कहा था कि तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी में प्रधानमंत्री बनने की क्षमता है। प्रधान ने कोलकाता के दक्षिणी बाहरी इलाके सोनारपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संगठनात्मक बैठक से पहले संवाददाताओं से कहा, ‘‘भारत में प्रधानमंत्री पद के लिए फिलहाल कोई पद रिक्त नहीं है।
देश के लोगों ने लगातार दो बार नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताया है।'' उन्होंने कहा कि गरीबों, महिलाओं, युवाओं, पिछड़ों और ग्रामीण लोगों ने चुनाव में मतदान कर मोदी को देश चलाने की जिम्मेदारी दी है। प्रधान ने कहा, ‘‘इसमें कोई संदेह नहीं है कि 2024 में मोदी के नेतृत्व में राजग फिर से जीतेगा।''
नोबेल पुरस्कार से सम्मानित अमर्त्य सेन ने शनिवार को एक न्यूज़ एजेंसी को दिए साक्षात्कार में कहा था कि यह सोचना ‘‘भूल'' होगा कि 2024 का लोकसभा चुनाव एकतरफा तरीके से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में होगा। उन्होंने कहा कि आगामी आम चुनाव में क्षेत्रीय दलों की भूमिका ‘‘साफ तौर पर महत्वपूर्ण'' होगी। प्रसिद्ध अर्थशास्त्री ने यह भी कहा कि तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी में भारत का अगला प्रधानमंत्री बनने की क्षमता है। -
भोपाल। जी-20 बैठकों के तहत थिंक-20 (देश-विदेश के बुद्धिजीवियों) की दो दिवसीय बैठक 16 और 17 जनवरी को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में होगी। मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में होने वाली इस बैठक में ‘पर्यावरण सम्मत जीवन शैली-नैतिक मूल्य तथा सुमंगलमय युक्त वैश्विक सुशासन' विषय पर देश और विदेश से आए मंत्री और विषय-विशेषज्ञों द्वारा विचार-मंथन किया जाएगा।
इसके अनुसार पहले दिन 16 जनवरी को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे, जबकि राज्य के राज्यपाल मंगुभाई पटेल 17 जनवरी को समापन समारोह में शामिल होंगे। विज्ञप्ति के अनुसार इस दो दिवसीय बैठक के पहले दिन उद्घाटन सत्र के मुख्य वक्ता एशियाई विकास बैंक संस्था (एडीबीआई) टोक्यो, जापान के डीन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) टेत्सुशी सोनोबे होंगे।
इसके अनुसार विशेष वक्ता इंडोनेशिया के राजनीतिक कार्य, विधि एवं सुरक्षा उप मंत्री स्लेमेट सोएदारसोनो, जी-20 के लिए भारत के मुख्य समन्वयक हर्षवर्धन श्रृगंला एवं भारत सरकार के नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी होंगे। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार शाम यहां मुख्यमंत्री निवास के समत्व भवन में इस बैठक से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा, ‘‘भारत को जी-20 की अध्यक्षता का सुअवसर मिला है।
इसके अंतर्गत मध्यप्रदेश में भी बैठकें हो रही हैं। इस क्रम में भोपाल में 16 और 17 जनवरी को हो रही दो दिनी बैठक महत्वपूर्ण है। इसमें 22 देशों के 94 प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। यह बैठक प्रदेश के लिए प्रतिष्ठापूर्ण है और इसे सफल बनाएं।'' उन्होंने कहा कि अतिथियों के समक्ष मध्यप्रदेश की लोक संस्कृति, व्यंजन, आतिथ्य परम्परा के साथ ही शहर की स्वच्छता की झलक भी प्रस्तुत की जाए।
चौहान ने बैठक से जुड़ी तैयारियों की जानकारी प्राप्त करके आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैठक में मध्यप्रदेश के एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) उत्पाद, कोदो-कुटकी जैसे उत्पादों से बने पारम्परिक व्यंजनों की जानकारी-प्रदर्शनी और साहित्य के माध्यम से दी जाये। उन्होंने कहा कि भारतीय व्यंजनों का स्वाद भी अतिथियों को मिले, इसके आवश्यक प्रबंध किये जायें।
चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश के पर्यटन, वन्य-जीवन, पुरा-वैभव और सुशासन सहित अन्य क्षेत्रों में अर्जित उपलब्धियों की जानकारी भी प्रतिभागियों तक पहुँचाई जाए। बैठक में जानकारी दी गई कि इस बैठक में आ रहे प्रतिनिधियों को भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित जनजातीय संग्रहालय एवं रायसेन जिला स्थित विश्व धरोहर स्थल साँची के बौद्ध स्तूप का भ्रमण करवाया जाएगा। -
नयी दिल्ली। कोविड-19 महामारी के बाद रियल एस्टेट कंपनियों ने घरों के निर्माण की गति तेज करते हुए 2022 में देश के सात प्रमुख शहरों में चार लाख से अधिक घरों का निर्माण पूरा किया। संपत्ति सलाहकार फर्म एनारॉक ने कहा है कि 2022 में देश के सात प्रमुख बाजारों में 4.02 लाख घरों के निर्माण का कार्य पूरा हुआ, जो 2021 के 2.79 लाख घरों के आंकड़े से काफी काफी अधिक है।
हालांकि, कोविड महामारी के दौरान 2020 और 2021 में घरों के निर्माण की रफ्तार पर बहुत बुरा असर पड़ा था। एनारॉक ने दिल्ली-एनसीआर, मुंबई महानगर क्षेत्र, पुणे, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई और कोलकाता शहरों में बनी आवासीय इकाइयों के बारे में यह आंकड़ा जारी किया है। वर्ष 2022 में बनकर तैयार होने वाले घरों में से सर्वाधिक 1.26 लाख इकाइयां मुंबई इलाके में थीं।
मुंबई में वर्ष 2021 में सिर्फ 70,500 घर ही बनकर तैयार थे। वहीं दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में पिछले साल 86,300 घर बनकर तैयार हुए हैं, जो 2021 के 86,590 की तुलना में मामूली रूप से कम है। पुणे में 84,200 इकाइयां बनी हैं जबकि बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई में सम्मिलित रूप से 81,580 आवासीय इकाइयां बनकर तैयार हुई हैं। कोलकाता में यह आंकड़ा 23,190 इकाइयों का है।
एनारॉक के चेयरमैन अनुज पुरी ने कहा, ‘‘वर्ष 2022 भारत के रियल एस्टेट क्षेत्र के लिए चमकदार साल रहा है जब बिक्री ने 2014 के उच्चस्तर को भी पार कर लिया। इस मांग को पूरा करने के लिए डेवलपर का ध्यान घरों का निर्माण जल्द पूरा करने पर है।'' पुरी ने कहा कि 2023 में भी 5.44 लाख से अधिक घरों का निर्माण होने की उम्मीद है। इनमें से सर्वाधिक 1,66,850 घरों का निर्माण दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में होने की संभावना है। इसके अलावा मुंबई क्षेत्र में 1.33 लाख घर बनकर तैयार हो सकते हैं -
चंडीगढ़। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कैथल जिले के पुण्डरी थाने में दो पुलिसकर्मियों द्वारा धोखाधड़ी के एक आरोपी को कथित तौर पर चाय पिलाए जाने का वीडियो सामने आने के बाद उनके निलंबन का आदेश दिया है। बताया जाता है कि यह आरोपी भगोड़ा है। इस संबंध में एक महिला शिकायतकर्ता ने विज को वीडियो दिखाया था जिसके बाद शनिवार को उन्होंने पुलिसकर्मियों के तत्काल निलंबन के निर्देश दिए।
विज (69) अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र अम्बाला में हर शनिवार को लोगों की शिकायतें सुनने के लिए ‘‘जनता दरबार'' बुलाते हैं। शिकायतें सुनते हुए विज ने कैथल के पुलिस अधीक्षक की खिंचाई की। उन्होंने फोन पर पुलिस अधीक्षक से कहा, ‘‘एसपी साहब, थाने में आरोपी को चाय दी जा रही है और आप कह रहे हैं कि आरोपी मिला नहीं है। अपराधी थाने में बैठते हैं।'' संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करने का निर्देश देते हुए विज ने कहा, ‘‘क्या मुझे थाना बंद कर देना चाहिए? यह कैसे हो सकता है, एसपी सर? क्या गुंड़े राज्य पर राज करेंगे? मुझे फौरन कार्रवाई चाहिए।''
आधिकारिक बयान के अनुसार, शिकायकर्ता महिला ने मंत्री से कहा कि पुलिस 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी को पकड़ नहीं रही है और आरोपी बेरोकटोक घूम रहा है। इसके कुछ घंटे बाद पुलिस महानिदेशक पी के अग्रवाल ने गृह मंत्री को बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, एक अन्य मामले में मंत्री ने एम्बुलेंस चालकों से घूस मांगने के आरोपों पर पानीपत में एक पुलिस अधिकारी को निलंबित करने का निर्देश दिया।
विज से शिकायत करने के लिए पानीपत से आए एम्बुलेंस चालकों ने आरोप लगाया कि उनसे शहर के थाना प्रभारी बलराज प्रत्येक एम्बुलेंस के हिसाब से 10,000 रुपये मांग रहे हैं। इसके बाद विज ने पानीपत के पुलिस अधीक्षक को फोन किया और उन्हें इस मामले में थाना प्रभारी को निलंबित करने का निर्देश दिया।
वहीं, झज्जर से सेना के एक जवान ने शिकायत की कि वहां पुलिस उसकी नाबालिग बहन से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर रही है। मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए विज ने झज्जर के पुलिस अधीक्षक को फोन किया तथा उन्हें फटकार लगाई और आरोपी को फौरन गिरफ्तार करने का आदेश दिया। -
उन्नाव (उप्र)। जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत हो गयी और ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शशि शेखर सिंह ने बताया कि शनिवार रात उन्नाव से शुक्लागंज जा रहा ट्रक शेखपुर नहर के पास शांति नगर मोहल्ला निवासी आसमा (45) और उसके बेटे आरिफ (22) को टक्कर मारने के बाद डिवाइडर पर लगे खंभे से टकरा गया।
एएसपी ने बताया कि घटना में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में ट्रक ड्राइवर भी घायल हो गया और उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया सभी बिंदुओं पर जांच के बाद आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आवश्यक औपचारिकता पूरी करके दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। -
गुरुग्राम. हरियाणा के गुरुग्राम में गुस्से में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के दूसरे पति को कथित रूप से गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले की रहने वाली महिला की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, उसने कुछ महीने पहले सोहन नाम के व्यक्ति से शादी की थी और वह अपने दो बच्चों के साथ यहां बेगमपुर खतोला गांव में रहने लगी।
ये बच्चे उसकी पहली शादी से हुए थे। पुलिस ने बताया कि महिला की आरोपी रिंकू नाम के व्यक्ति से पहले ही शादी हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात चालक के तौर पर काम करने वाला सोहन जब घर लौटा, तो किसी ने उसके कमरे का दरवाजा खोलकर उसे गोली मार दी। पुलिस के मुताबिक, गोली उसके गले में लगी और वह गिर पड़ा।
महिला ने पुलिस को बताया कि उसने अपने पहले पति आरोपी रिंकू को पिस्तौल लिए देखा था और वह उसे भी मारना चाहता था। पुलिस ने बताया कि महिला ने आरोपी रिंकू को धक्का देकर पीछे किया और शोर मचाया। पुलिस ने कहा कि पड़ोसी वहां पहुंच गए, लेकिन तब तक आरोपी रिंकू भाग गया था। उन्होंने कहा कि सोहन को अस्पताल ले जाया गया और वहां से उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने कहा कि महिला की शिकायत के बाद, बादशाहपुर थाने में आरोपी रिंकू के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने कहा कि उसे शनिवार को गिरफ्तार किया गया। बादशाहपुर थाने के थाना प्रभारी मदन लाल ने कहा, “ घायल अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। आरोपी को मेरठ से गिरफ्तार किया गया है और उसने जुर्म कबूल कर लिया है।-file photo
-
जूनागढ़ . गुजरात में जूनागढ़ जिले के भाखरावाड़ बांध में शनिवार को एक व्यक्ति, उसकी बहन और एक दोस्त डूब गया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तरायण मनाने के लिए मालिया हतीना शहर के निकट जलाशय में गये समूह के चौथे व्यक्ति को बचा लिया गया और उसका नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मालिया थाने के अधिकारी ने कहा, ‘‘यह घटना तब हुई जब उनमें से एक व्यक्ति फिसल गया और अन्य उसे बचाने के लिए कूद गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मृतकों की पहचान जितेंद्र मेघनाथी (21), उसकी बहन हेतल मेघनाथी (17) और उनके दोस्त दिनेश गोस्वामी (22) के रूप में हुई है।
-
प्रयागराज. माघ मेला के दूसरे स्नान पर्व, मकर संक्रांति पर शनिवार को शाम छह बजे तक करीब 14.20 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में डुबकी लगाई। प्रयागराज मेला प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि मकर संक्रांति पर शाम छह बजे तक करीब 14.20 लाख लोगों ने गंगा और संगम में स्नान किया। गंगा और संगम के तट पर बनाए गए सभी 14 घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ भोर चार बजे से ही बनी हुई थी । उन्होंने बताया कि चूंकि मकर संक्रांति 15 जनवरी को भी मानाया जा रहा है, इसलिए 15 जनवरी तक भी लोग गंगा में स्नान करेंगे। इससे पूर्व, प्रथम स्नान पर्व पौष पूर्णिमा पर पांच लाख से अधिक लोगों ने गंगा में स्नान किया था। माघ मेला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस वर्ष 14 घाट बनाए गए हैं जिनकी कुल लंबाई 6000 फुट से अधिक है। मेला क्षेत्र में सुगम आवागमन के लिए गंगा नदी पर पांच पांटून पुल (पीपे के पुल) बनाए गए हैं। पुलिस अधीक्षक (माघ मेला) आदित्य कुमार शुक्ला ने बताया कि माघ मेला क्षेत्र में कुल 13 थाने और 38 पुलिस चौकियां बनाई गई हैं। कोरोना संक्रमण को लेकर सावधानी के बारे में पूछे जाने पर अपर निदेशक (स्वास्थ्य) डाक्टर केके वर्मा ने बताया कि मेला क्षेत्र में प्रत्येक प्रवेश द्वार पर हेल्प डेस्क बनाए गए हैं जहां मेले में आने वाले लोगों की प्रारंभिक जांच की जाती है और कोरोना का किसी तरह का लक्षण मिलने पर उसे मेले में नहीं जाने दिया जाता। उन्होंने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र में 20-20 बिस्तर के दो अस्पताल बनाए गए हैं और प्राथमिक उपचार के लिए दो-दो बिस्तर वाले 10 अस्पताल बनाए गए हैं। स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए बड़ी संख्या में सफाईकर्मी लगाए गए हैं। माघ मेले का अगला स्नान 21 जनवरी को मौनी अमावस्या, 26 जनवरी को बसंत पंचमी, पांच फरवरी को माघी पूर्णिमा और 18 फरवरी को महाशिवरात्रि पर पड़ेगा और इसके साथ माघ मेला संपन्न होगा। -
नागपुर (महाराष्ट्र). केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को एक व्यक्ति द्वारा खुद को दाऊद इब्राहिम गिरोह का सदस्य बताकर धमकी भरे 'कॉल' करने और 100 करोड़ रुपये की मांग करने के बाद शनिवार को यहां उनके आवास और कार्यालय में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। पुलिस अधिकारी ने शनिवार रात को बताया कि फोन कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली गई है और अपराध शाखा को उसके कर्नाटक में होने की जानकारी मिली है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि खामला में गडकरी के जनसंपर्क कार्यालय में सुबह 11 बजकर 25 मिनट से दोपहर साढ़े 12 बजे के बीच तीन धमकी भरे फोन कॉल आए जिसके बाद नागपुर से सांसद और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता गडकरी की नागपुर स्थित आवास और कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया, ‘‘कॉल करने वाले ने फोन ऑपरेटर से कहा कि वह दाऊद इब्राहिम गिरोह का सदस्य है और उसने गडकरी से 100 करोड़ रुपये की मांग की। उसने मांग नहीं माने जाने पर बम के जरिये मंत्री को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।'' उन्होंने बताया कि कॉल करने वाले ने पैसे पहुंचाने के लिए अपना फोन नंबर और कर्नाटक का पता दिया था।
अधिकारी ने बताया, ‘‘पुलिस ने कॉल करने वाले की पहचान कर ली है और उसका आपराधिक इतिहास है। उसके फोन का स्थान कर्नाटक में मिला है और अपराध शाखा को उसके द्वारा साझा किए गए पते की जानकारी दी गई है। -
शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश). शाहजहांपुर जिले में शनिवार की शाम दो अलग-अलग सड़क हादसों में पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) संजय कुमार ने बताया कि शनिवार की शाम हरदोई निवासी राकेश (45) तथा उनका बेटा पिंटू (22) बाइक से निगोही से वापस लौटकर हरदोई जा रहे थे कि तभी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के बरेली मोड़ पर ओवर ब्रिज के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनके बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। कुमार ने बताया कि दूसरी घटना जिले के थाना पुवायां में मोहम्मदी मार्ग पर धर्मागतपुर गांव के पास की है। उन्होंने कहा कि रितिका (10) सड़क के किनारे बकरी चरा रही थी कि तभी पुवायां की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसे कुचल दिया। रितिका की मौके पर ही मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि तेज रफ्तार कार आगे एक साइकिल सवार को टक्कर मारते हुए फरार हो गयी। हादसे में साइकिल सवार की भी मौत हो गयी जिसकी शिनाख्त नहीं हो पायी है। कुमार ने बताया कि दोनों घटनाओं में वाहनों का पता नहीं लग पाया है और पुलिस द्वारा वाहनों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
-
सबरीमला. केरल के पथानामथिट्टा जिले के सबरीमला स्थित प्रसिद्ध सबरीमाला मंदिर में शनिवार को ‘मकरविलाक्कू' अनुष्ठान के दिन दर्शनार्थियों की लंबी कतार देखी गई और हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान अयप्पा की पूजा अर्चना की। ‘मकरविलाक्कू' अनुष्ठान दो महीने की तीर्थ यात्रा के समापन के अवसर पर किया जाता है।
पारंपरिक काले रंग के परिधान में हजारों श्रद्धालु सिर पर ‘इरिमुडी केट्टु' (भगवान अयप्पा को समर्पित करने के लिए लाए गए सामान की पारंपरिक पोटली) लिए धैर्यपूर्वक भगवान अयप्पा के दर्शन के लिए मंदिर परिसर में खड़े रहे। सबरीमाला मंदिर तक पहुंचने के लिए जंगल के बीच से गुजरने वाले रास्ते और आधार शिविर पर भगवान अयप्पा के नाम का जाप सुबह से ही सुनाई देने लगा था। भारी भीड़ की वजह से अधिकारियो ने आधार शिविर से मंदिर जाने के लिए तत्काल बुकिंग की सुविधा पर रोक लगा दी थी। उस समय भगवान अयप्पा के जयकारों की ध्वनि तेज हो गई, जब मंदिर के कपाट को शाम ‘दीप आराधना' के बाद खोला गया। भगवान अयप्पा की प्रतिमा को पंडलम महल से लाए गए पवित्र गहनों ‘तिरुवभरनम' से सुसज्जित करने के बाद आरती की गई। आभूषणों को ‘आरती' से कुछ समय पहले जुलूस के रूप में लाया गया, जो तीन दिन की यात्रा कर महल से मंदिर तक पहुंचे थे। ‘सरणम अयप्पा' जाप की ध्वनि उस समय और तेज हो गई जब श्रद्धालुओं द्वारा पवित्र मानी जानी वाली ‘मकर ज्योति' जलाई गई। आरती के कुछ मिनटों के बाद ही मंदिर परिसर से करीब आठ किलोमीटर दूर पूर्वी पहाड़ी के शिखर पोन्नाम्बलमेडु में आसमान प्रकाश से भर गया। यह ज्योति केरल सरकार द्वारा त्रावणकोर देवस्व ओम बोर्ड (टीडीपी)और वन विभाग के सहयोग से पोन्नाम्बलमेडु में जलाई जाती है, जो पहाड़ी पर रहने वाले आदिवासी परिवारों की परंपरा की निरंतरता है। राज्य देवस्व ओम बोर्ड के मंत्री के राधाकृष्णन सुबह से ही मंदिर परिसर में विभिन्न तैयारियों को देखने के लिए डेरा डाले हुए थे। टीडीपी के सूत्रों ने बताया कि 20 जनवरी को मंदिर के कपाट बंद हो जाएंगे।
-
नोएडा (उप्र) .गौतम बुद्ध नगर जिले में बीटा-2 क्षेत्र थाना के एसएल टावर में शुक्रवार रात 12 छात्र एक लिफ्ट में फंस गए और उन्हें करीब 20 मिनट बाद बाहर निकाला जा सका। कमर्शियल बेल्ट स्थित एक कोचिंग संस्थान के इन छात्रों का आरोप है कि घटना के दौरान लिफ्ट का अलार्म भी काम नहीं कर रहा था। छात्रों ने कहा कि उन्होंने लिफ्ट में फंसने के बाद शोर मचाया और अलार्म का बटन दबाया, लेकिन वह काम नहीं कर रहा था। उन्होंने बताया कि लिफ्ट में मौजूद छात्रों ने मोबाइल से कॉल कर संस्थान के शिक्षक एवं पुलिस को इसकी जानकारी दी। बीटा -2 थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस दल ने वहां पहुंचकर छात्रों को लिफ्ट से बाहर निकाला। उन्होंने कहा कि अगर छात्रों के परिजन या कोई छात्र इस मामले में शिकायत करते हैं तो घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी।
-
अहमदाबाद. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने शनिवार को जैन आचार्य श्री रत्नसुंदरसूरीश्वरजी महाराज की 400वीं पुस्तक के विमोचन के अवसर पर यहां आयोजित एक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। भागवत ने जीएमडीसी मैदान में ‘स्पर्श नगरी' में जैन समुदाय के सदस्यों द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। आयोजकों ने कहा कि प्रदर्शनी का उद्घाटन रविवार को केंद्रीय मंत्री अमित शाह करेंगे।
कार्यक्रम के संयोजक कल्पेश शाह ने कहा, ‘‘स्पर्श महोत्सव का आयोजन जैनाचार्य रत्नसुंदरसूरीश्वरजी महाराज की 400वीं पुस्तक के विमोचन के अवसर पर किया जा रहा है। श्रद्धेय संत पिछले 42 वर्षों से पुस्तकें लिख रहे हैं। पुस्तक का विमोचन 22 जनवरी को किया जायेगा।'' उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी 26 जनवरी तक चलेगी और इसमें देश-विदेश से 30 लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। कल्पेश शाह ने कहा कि किताब के विमोचन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आमंत्रित किया गया है।
‘स्पर्श'' शीर्षक वाली पुस्तक का एक साथ इजराइल, अमेरिका, ब्रिटेन, मॉरीशस, ऑस्ट्रेलिया, नाइजीरिया, केन्या और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) सहित दस देशों में विमोचन किया जाएगा। कल्पेश शाह ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी 19 जनवरी को प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। -
मुंबई. मुंबई के दादर इलाके में एक प्रतिष्ठित स्कूल की आठ साल की छात्रा को फीस जमा न कराने पर परीक्षा देने से कथित तौर पर रोकने के लिए प्रधानाचार्य और एक शिक्षिका के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि दूसरी कक्षा की छात्रा के पिता ने शुक्रवार को पुलिस में शिकायत दर्ज करायी थी। इस स्कूल से कई क्रिकेटर निकले हैं, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए खेले हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बच्ची को बुधवार को हुए यूनिट टेस्ट में बैठने नहीं दिया गया।
पुलिस ने लड़की के पिता की शिकायत के हवाले से बताया, ‘‘उसे अपमानित करने के लिए कक्षा में दूसरे छात्रों से अलग बिठाया गया।'' पुलिस ने किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और अभी कोई गिरफ्तारी नहीं की गयी है। -
प्रयागराज. माघ मेला के दूसरे स्नान पर्व मकर संक्रांति पर शनिवार को दोपहर 12 बजे तक करीब 7.5 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में डुबकी लगाई। पिछले दो दिनों से यहां मौसम खुशनुमा रहने से भोर से ही गंगा में डुबकी लगाने के लिए पहुंचने लगे। प्रयागराज मेला प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि मकर संक्रांति पर दोपहर 12 बजे तक करीब 7.5 लाख लोगों ने गंगा और संगम में स्नान किया। गंगा और संगम के तट पर बनाए गए सभी 14 घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ भोर चार बजे से ही बनी हुई है। उन्होंने बताया कि चूंकि मकर संक्रांति 15 जनवरी को भी माना जाना है, इसलिए कल दोपहर तक पुण्यकाल में लोगों का गंगा स्नान जारी रहने की संभावना है। इससे पूर्व, प्रथम स्नान पर्व पौष पूर्णिमा पर पांच लाख से अधिक लोगों ने गंगा स्नान किया था। माघ मेला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं के सुगम स्नान के लिए इस वर्ष 14 घाट बनाए गए हैं जिनकी कुल लंबाई 6,000 फुट से अधिक है। भीड़ प्रबंधन के लिए आईसीसीसी में लगे स्क्रीन के पूरे मेला क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है। सभी नाविकों को लाइफ जैकेट दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में सुगम आवागमन के लिए गंगा नदी पर पांच पांटून पुल (पीपे के पुल) बनाए गए हैं। श्रद्धालुओं को ठंड के प्रकोप से बचाने के लिए पूरे मेला क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। पुलिस अधीक्षक (माघ मेला) आदित्य कुमार शुक्ला ने बताया कि माघ मेले में कुल 13 थाने और 38 पुलिस चौकियां बनाई गई हैं। मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए दो एसपी, तीन एएसपी, 9 सीओ और 5,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप इस माघ मेला को आगामी महाकुंभ के लिए परीक्षण के तौर पर लिया जा रहा है और सिपाहियों को लोगों से अच्छा व्यवहार करने का नियमित रूप से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कोरोना को लेकर सावधानी के बारे में अपर निदेशक (स्वास्थ्य) डाक्टर केके वर्मा ने बताया कि मेला क्षेत्र में प्रत्येक प्रवेश बिन्दू पर सहायता केन्द्र बनाए गए हैं जहां मेला में आने वाले लोगों की प्रारंभिक जांच की जाती है और कोरोना का किसी तरह का लक्षण मिलने पर उसे मेला में नहीं जाने दिया जाता। उन्होंने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र में 20-20 बिस्तरों वाले दो अस्पताल खोले गए हैं और प्राथमिक उपचार के लिए 2-2 बेड के 10 अस्पताल खोले गए हैं। स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए बड़ी संख्या में सफाईकर्मी लगाए गए हैं। माघ मेले का अगला स्नान 21 जनवरी को मौनी अमावस्या, 26 जनवरी को बसंत पंचमी, पांच फरवरी को माघी पूर्णिमा और 18 फरवरी को महाशिवरात्रि पर पड़ेगा जिसके साथ माघ मेला संपन्न होगा।
-
नयी दिल्ली. दिल्ली पुलिस ने चलती कार के बोनेट से लटके व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वीडियो में दिख रहा है कि सफेद रंग की चलती कार के बोनेट पर व्यक्ति लटका हुआ है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि रोड रेज का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) घनश्याम बंसल ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा-279 (लापरवाही से वाहन चलाना), धारा-323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), धारा- 341 (गलत तरीके से बंधक बनाना) और धारा- 308 (गैर इरादतन हत्या का प्रयास) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और पूछताछ की जा रही है। -
लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश). इंडियन आयल कॉरपोरेशन के अधिकारी मंजूनाथ की हत्या के मामले में लखीमपुर खीरी जिला जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक सजायाफ्ता बंदी को अच्छे चाल-चलन और आचरण के कारण जेल से रिहा कर दिया गया। लखीमपुर खीरी जिला जेल के जेलर पंकज कुमार सिंह ने शनिवार को बताया, ''मंजूनाथ हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहे शिवकेश गिरी उर्फ लल्ला को 16 साल से अधिक की सजा काट चुकने के बाद उसके अच्छे चाल-चलन और व्यवहार के कारण आठ जनवरी को जिला जेल से रिहा कर दिया गया।'' आईआईएम लखनऊ के पूर्व छात्र और कर्नाटक निवासी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के एक्जीक्यूटिव एस मंजूनाथ (27) की 19 नवंबर, 2005 को लखीमपुर खीरी के गोला इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके पहले उन्होंने नकली ईंधन बेचने के लिए पेट्रोल पंप का लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी दी थी। मंजूनाथ की हत्या के मामले में पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया। मामले की सुनवाई जिला एवं सत्र न्यायाधीश एसएम आब्दी की अदालत में हुई। अदालत ने मुख्य आरोपी पवन उर्फ मोनू मित्तल को फांसी की सजा और बाकी सात आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। इसके बाद आरोपियों ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय का रुख किया, जिसने 12 दिसंबर, 2009 को मुख्य आरोपी पवन उर्फ मोनू मित्तल की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया और आरोपी हरीश मिश्रा और संजय अवस्थी को बरी कर दिया था। दोषी पाए गए अन्य पांच आरोपी शिवकेश गिरी उर्फ लल्ला, विवेक शर्मा, देवेश अग्निहोत्री, राकेश व राजेश वर्मा की उम्र कैद की सजा बरकरार रखी थी। गोला निवासी शिवकेश गिरि उर्फ लल्ला समेत दो आरोपी जिला कारागार लखीमपुर में सजा भुगत रहे, जिनमें अच्छे आचरण के लिए शिवकेश को रिहा कर दिया गया। -
नयी दिल्ली। दिल्ली पुलिस के 59 वर्षीय उपनिरीक्षक लातूर सिंह की कथित तौर पर एक कार की चपेट में आने से ड्यूटी के दौरान ही मौत हो गई। वह कुछ दिन बाद सेवानिवृत्त होने वाले थे। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि यह घटना शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुई।
पुलिस उपायुक्त (मध्य) श्वेता चौहान ने बताया कि मध्य जिले में चांदनी महल थाने में तैनात लातूर सिंह को रिंग रोड पर राजघाट और शांतिवन सिग्नल के बीच एक कार ने टक्कर मार दी जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना के वक्त सिंह ड्यूटी पर तैनात थे।
इस संबंध में दरियागंज थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 279 (लापरवाही से गाड़ी चलाना) और धारा 304 ए (लापरवाही से मौत) का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया गया है और चालक को भी पकड़ लिया गया है। उन्होंने कहा कि गाड़ी पर हरियाणा की पंजीकरण संख्या दर्ज है। चौहान ने बताया कि आरोपी की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले के रूप में हुई है । उन्होंने बताया कि सिंह 31 जनवरी 2023 को सेवानिवृत्त होने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी और एक बेटा तथा एक बेटी है। उनका परिवार दयालपुर में रहता है। -
ठाणे (महाराष्ट्र)। ठाणे निवासी 27 वर्ष के एक व्यक्ति से दो व्यक्तियों ने अजरबैजान में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 95,000 रुपये ठग लिए। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि कापुरबावड़ी पुलिस थाने में धोखाधड़ी का एक मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने दिसंबर में विदेश में नौकरी की तलाश में नौकरी दिलाने वाली एक एजेंसी चलाने वाले आरोपियों से संपर्क किया था।
उन्होंने उसे अजरबैजान में एक सचल क्रेन ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का कथित तौर पर वादा किया तथा उसे विभिन्न शुल्क के तौर पर 95,000 रुपये देने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि शिकायकर्ता द्वारा पैसे देने के बाद उसे नौकरी देने का एक पत्र और विमान की टिकट दी गयी जो फर्जी पायी गयी है। उन्होंने बताया कि इस बीच आरोपियों ने अपना कार्यालय बंद कर दिया और गायब हो गए।
अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला कि उन्होंने इस तरीके से 25 लोगों से 22 लाख रुपये ठगे। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। -
नयी दिल्ली। रेलवे भारत में अयोध्या और नेपाल में जनकपुर तीर्थस्थलों को जोड़ने वाले मार्ग पर अगले महीने ‘भारत गौरव पर्यटक ट्रेन' चलाएगा। रेलवे ने इस संबंध में एक बयान में कहा कि ‘श्री राम-जानकी यात्रा: अयोध्या से जनकपुर' 17 फरवरी को दिल्ली से शुरू होगी। भारतीय रेलवे ने कहा कि यह पहल द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करेगी और दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ावा देगी।
पर्यटक ट्रेन नंदीग्राम, सीतामढ़ी, काशी और प्रयागराज से होकर गुजरेगी। यात्रियों के जनकपुर और वाराणसी के होटलों में दो रात विश्राम की व्यवस्था होगी। यात्रा के दौरान अयोध्या, सीतामढ़ी और प्रयागराज में ट्रेन के ठहराव के दौरान इन स्थलों की यात्रा की जा सकेगी। अत्याधुनिक डीलक्स एसी पर्यटक ट्रेन की विशेषताओं में दो बढ़िया रेस्तरां, एक आधुनिक रसोईघर, डिब्बों में नहाने की व्यवस्था, सेंसर-आधारित शौचालय और पैरों की मालिश के लिए उपकरण शामिल हैं।
भारतीय रेलवे ने कहा, ‘‘प्रस्तावित सात दिवसीय भारत गौरव पर्यटक ट्रेन यात्रा का पहला पड़ाव भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या है, जहां पर्यटक श्री राम जन्मभूमि मंदिर और हनुमान मंदिर के अलावा नंदीग्राम में भरत मंदिर जाएंगे।'' अयोध्या के बाद ट्रेन बिहार के सीतामढ़ी रेलवे स्टेशन जाएगी और पर्यटक आगे बसों से नेपाल के जनकपुर जाएंगे जो सीतामढ़ी रेलवे स्टेशन से 70 किलोमीटर दूर है।
भारतीय रेलवे ने कहा, ‘‘इस पैकेज को एक बड़ी आबादी के लिए अधिक आकर्षक और किफायती बनाने के लिए आईआरसीटीसी ने ईएमआई भुगतान विकल्प प्रदान करने के मकसद से पेटीएम और रेजरपे पेमेंट गेटवे के साथ करार किया है। उपयोगकर्ता तीन, छह, नौ, 12, 18 या 24 महीनों में भुगतान करने के लिए ईएमआई भुगतान विकल्प का लाभ उठा सकते हैं। इन ईएमआई का भुगतान डेबिट/क्रेडिट कार्ड विकल्प के माध्यम से किया जा सकता है।
18 साल और उससे अधिक उम्र के सभी यात्रियों के लिए कोविड-19 टीकाकरण अनिवार्य है।'' घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भारत सरकार की पहल ‘‘देखो अपना देश'' की तर्ज पर ‘‘भारत गौरव पर्यटन ट्रेन'' की शुरुआत हुई है। इसके लिए प्रति व्यक्ति किराया 39,775 रुपये से शुरू होता है। यात्रा पैकेज में सात दिनों की यात्रा शामिल होगी और संबंधित श्रेणी के अनुसार यात्रा किराया निर्धारित होगा, जिसमें ट्रेन यात्रा, एसी होटलों में रात का ठहराव, शाकाहारी भोजन और बसों से आने जाने, दर्शनीय स्थल की यात्रा, बीमा और गाइड की सेवाएं शामिल होंगी।फाइल फोटो
-
चेन्नई। सार्वजनिक क्षेत्र के इंडियन बैंक ने किसानों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड की पेशकश करने के साथ ही अपनी डिजिटल कायांतरण पहल 'प्रोजेक्ट वेव' के तहत दी जाने वाली सेवाओं का विस्तार किया है। बैंक ने शनिवार को एक बयान में कहा कि अब क्रिसान क्रेडिट कार्ड के तहत 1.60 लाख रुपये तक का कर्ज ऑनलाइन ही लिया जा सकता है।
इसके अलावा चार लाख रुपये तक के कृषि-आभूषण कर्ज का भी नवीनीकरण ऑनलाइन किया जा सकता है। इसके साथ ही बैंक ने कहा कि उसने वाहन ऋण को ऑनलाइन माध्यम से मुहैया कराने के लिए मारुति सुजुकी के साथ करार किया है। इसके अलावा विदेश से धन भेजने के लिए ग्राहक उसके पोर्टल आईएनडी ट्रेड एनएक्सटी का इस्तेमाल कर सकते हैं।
बैंक ने कहा कि विदेश से भेजी गई राशि सीधे ग्राहक के खाते में उसी दिन भेज दी जाएगी। इंडियन बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी शांतिलाल जैन ने कहा कि बैंक की डिजिटल पहल के तहत लाई गई नई सेवाएं ग्राहकों को अधिकतम डिजिटल पहुंच देने के अभियान का हिस्सा हैं। -
शिमला। हिमाचल प्रदेश में हुए ताजा हिमपात के बाद शिमला, मनाली और कुफ्री में आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है और होटलों के कम से कम 70 प्रतिशत कमरे भर चुके हैं। शुक्रवार को रात आठ बजे समाप्त हुए 12 घंटे की अवधि के दौरान 7,164 वाहन शोघी सीमा के रास्ते शिमला में दाखिल हुए। शिमला होटल और रेस्त्रा संघ के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि शाम तक होटलों के कमरों की बुकिंग में 10 प्रतिशत और वृद्धि की संभावना है।
पुलिस ने पर्यटकों को शिमला आने की योजना बनाने से पहले भारी यातायात को ध्यान में रखने, फिसलने वाले स्थानों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और आपात स्थिति में 0177-2812344 या 112 पर संपर्क करने की सलाह दी है। पुलिस ने कहा कि बारिश के बाद सड़कों पर जमा मलबे की वजह से पैदल चलने वालों को परेशानी हो सकती है और लोग बर्फ हटाने के बाद ही बाहर निकले।
उल्लेखनीय है कि मनाली में 23 सेंटीमीटर हिमपात हुआ है जबकि खाद्राला में 16 सेमी, शिल्लारु में 16 सेमी, कुफरी में 12 सेमी, भरमौर में 10 सेमी, शिमला और गोंडाला में छह-छह सेंटीमीटर,डलहौजी और कल्पा में चार-चार सेंटीमीटर और हंसा-केयलान्ग में तीन-तीन सेंटीमीटर हिमपात हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र का पूर्वानुमान है कि अगले चार दिनों तक शुष्क मौसम रह सकता है और निचले पहाड़ी इलाके 14 से 17 जनवरी के बीच घने कोहरे और शीतलहर की चपेट में रह सकते हैं।
दिल्ली से आए पर्यटक शेखर ने बताया कि आज सुबह हिमपात देखकर हम उत्साहित हैं और कुफ्री की ओर जा रहे हैं। हिमपात की वजह से लाहौल स्पीति की 177, शिमला की 21, चंबा की 14, किन्नौर की 11, मंडी-मनाली की 10-10, कांगड़ा की दो और चार राष्ट्रीय राजमार्ग सहित करीब 250 सड़के वाहनों के लिए बंद हैं और करीब 623 बिजली ट्रांसफार्मर से आपूर्ति बाधित हो गई है।
लाहौल स्पीति का आदिवासी बहुल केयलान्ग राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां पर शुक्रवार की रात तापमान शून्य से 7.9 डिग्री नीचे दर्ज किया गया जबकि कल्पा दूसरा ठंडा स्थान रहा जहां पर तापमान शून्य से 2.6 डिग्री कम रहा। इस बीच पर्यटकों स्थलों नरकंडा में तापमान शून्य से 2.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। कुफरी और मनाली में भी न्यूनतमत तापमान शून्य से क्रमश: 0.8 डिग्री और 0.2 डिग्री कम दर्ज किया गया।
कृषि विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हिमपात और बारिश के साथ ही शुष्क दौर का समापन हुआ है और जनवरी महीने में बारिश की कमी घटकर 68 प्रतिशत रह गई है। उन्होंने बताया कि बारिश जारी रहने से गेंहू और सब्जियों का नुकसान घटकर क्रमश: 20 से 25 प्रतिशत और 10 से 15 प्रतिशत क्षेत्रों में रह जाएगा। -
पटना। बिहार के 18 जिलों के भूजल में आर्सेनिक की उच्च सांद्रता का संबंध इन जिलों में पित्ताशय के कैंसर की घटनाओं के साथ होना राज्य के विशेषज्ञों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष अशोक कुमार घोष ने शुक्रवार को बताया, ‘‘विशेषज्ञों द्वारा किए गए एक हालिया अध्ययन में पाया गया है कि 38 जिलों में से 18 जिलों ने भूजल में आर्सेनिक की उच्च मात्रा पाए जाने की सूचना दी है।
इन जिलों के लोग विश्व स्वास्थ्य संगठन की 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर की स्वीकार्य सीमा से अधिक आर्सेनिक सांद्रता वाला पानी पी रहे हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित जिले बक्सर, भोजपुर और भागलपुर हैं।'' उन्होंने कहा कि भूजल में सबसे अधिक आर्सेनिक दूषितकरण (1906 माइक्रोग्राम प्रति लीटर) बक्सर जिले में है। घोष ने आगे कहा, ‘‘अब अध्ययन में पित्ताशय की थैली के कैंसर के संभावित जोखिम कारक के रूप में आर्सेनिक की उच्च सांद्रता सामने आयी है।
यह अनिवार्य है कि बिहार और असम के स्थानिक क्षेत्रों में भी पीने के पानी से आर्सेनिक को हटाने के रूप में सार्वजनिक स्वास्थ्य हस्तक्षेप समय की मांग है। ‘‘आर्सेनिक प्रदूषण'' से निपटने से कई स्वास्थ्य समस्याओं के बोझ को कम करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों ने निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले 18 जिलों के विभिन्न क्षेत्रों से एकत्र किए गए 46,000 भूजल नमूनों का विश्लेषण किया। आर्सेनिक दूषितकरण से गंभीर रूप से प्रभावित बिहार के जिलों में बक्सर, भोजपुर, भागलपुर, सारण, वैशाली, पटना, समस्तीपुर, खगड़िया, बेगूसराय, मुंगेर आदि शामिल हैं जो कि गंगा नदी के तट के करीब स्थित हैं।
पीने के पानी में आर्सेनिक और पित्ताशय की थैली के कैंसर के बीच संबंध पर अमेरिकन एसोसिएशन फॉर कैंसर रिसर्च के कैंसर एपिडेमियोलॉजी, बायोमार्कर्स एंड प्रिवेंशन जर्नल में नवीनतम अध्ययन पत्र भी प्रकाशित हुआ है। घोष ने कहा, ‘‘इस अध्ययन ने भारत के दो आर्सेनिक प्रभावित राज्यों बिहार और असम में 15-70 साल की वास अवधि के प्रतिभागियों के बीच पीने के पानी में आर्सेनिक के संपर्क में पित्ताशय की थैली के कैंसर के जोखिम की जांच की।''
अध्ययन दल के सदस्य घोष ने कहा, ‘‘यह अध्ययन भारतीय वैज्ञानिकों द्वारा सेंटर फॉर एनवायर्नमेंटल हेल्थ, पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया, सेंटर फॉर क्रॉनिक डिजीज कंट्रोल, कैंसर संस्थान के डॉ. भुवनेश्वर बरुआ, महावीर कैंसर संस्थान एवं अनुसंधान केंद्र, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (खड़गपुर) लंदन स्कूल ऑफ हाइजीन एंड ट्रॉपिकल मेडिसिन के सहयोग से उन क्षेत्रों में जहां पित्ताशय की थैली का कैंसर और पीने के पानी में आर्सेनिक की उच्च मात्रा पायी जाती है में किया गया।''
उन्होंने कहा, ‘‘पीने के पानी के संभावित स्रोतों के बारे में जानकारी के साथ लोगों के बचपन से दीर्घकालिक आवासीय इतिहास इस अध्ययन के महत्वपूर्ण स्रोत हैं।'' अध्ययन के प्रमुख लेखक डॉ. कृतिगा श्रीधर ने कहा कि इस अध्ययन से प्रारंभिक अंतर्दृष्टि समान देश के संदर्भों के लिए भी उपयोगी हो सकती है जो पीने के पानी में पित्ताशय की थैली के कैंसर और पीने के पानी में आर्सेनिक की उच्च मात्रा के बोझ का अनुभव करते हैं।
पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया की डॉ. पूर्णिमा प्रभाकरन ने इस बात पर प्रकाश डाला कि कैसे यह अध्ययन जल जीवन मिशन 2024 और समान स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल के सतत विकास लक्ष्यों के साथ संरेखित है। -
नयी दिल्ली। सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने शनिवार को कहा कि भारतीय सशस्त्र बल अत्यधिक पेशेवर हैं और दुनिया में उनकी गिनती सर्वश्रेष्ठ बलों में की जाती है। जनरल मनोज पांडे ने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों के अदम्य साहस और उनके बलिदान के कारण भारतीय सशस्त्र बल दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बलों में शुमार हैं।
जनरल मनोज पांडे ने यहां सातवें सशस्त्र बल भूतपूर्व सैनिक दिवस कार्यक्रम के अवसर पर भूतपूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा कि भूतपूर्व सैनिकों के योगदान से प्रेरित होकर, सशस्त्र बलों के तीनों अंग ‘‘किसी भी चुनौती का मजबूती से सामना करने के लिए तैयार हैं।'' यहां मानेकशॉ सेंटर में आयोजित समारोह के दौरान सेना प्रमुख के साथ वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी आर चौधरी और नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने भी मंच साझा किया।
समारोह स्थल पर सेना के तीनों अंगों के बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक भी मौजूद थे। जनरल पांडे ने कहा, "आज हमारे सशस्त्र बलों की गिनती दुनिया के सर्वश्रेष्ठ और अत्यधिक पेशेवर बलों में होती है। यह पहचान (सेनाओं की) आपके बलिदान, अदम्य साहस और कठिन परिश्रम का परिणाम है। इससे प्रेरित होकर, सशस्त्र सेना के तीनों अंग किसी भी चुनौती का मजबूती से सामना करने के लिए तैयार हैं।'' नौसेना प्रमुख ने अपने संबोधन में कहा, ‘‘आज के सशस्त्र बल हमारे प्रत्येक भूतपूर्व सैनिक के प्रयासों, दूरदर्शी नेतृत्व, आकांक्षाओं और निःस्वार्थ प्रयासों का परिणाम हैं।''
एडमिरल कुमार ने कहा, ‘‘यहां उपस्थित होना और आप सभी के साथ बातचीत करना मेरे लिए सम्मान की बात है। आज का दिन हमारे उन बहादुर योद्धाओं को याद करने और उन्हें श्रद्धांजलि देने का भी अवसर है, जिन्होंने अपना जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित कर दिया।'' उन्होंने कहा कि नौसेना सभी को आश्वस्त करना चाहती है कि वह भूतपूर्व सैनिकों की विरासत को आगे बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। नौसेना प्रमुख ने कहा कि भारत के पहले स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत, विध्वंसक आईएनएस मोरमुगाओ और कई अन्य उन्नत प्लेटफॉर्म को सेवा में शामिल करना उस दिशा में एक छोटा सा कदम है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने अग्निवीरों के पहले बैच को भी शामिल किया है, जिसमें महिलाएं भी शामिल हैं और यह एक साहसिक, परिवर्तनकारी कदम है और जो नौसेना को भविष्य के लिहाज से तैयार करने योगदान देगा।'' वायुसेना प्रमुख ने इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिकों को बधाई भी दी। उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय वायुसेना ने आज इस क्षेत्र में एक अजेय हवाई ताकत होने की प्रतिष्ठा बनाई है। यह हमारे भूतपूर्व सैनिकों की दृष्टि, कड़ी मेहनत और नि:स्वार्थ सेवा से ही संभव हो पाया है।''
उन्होंने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों का "उत्कृष्ट योगदान" हमेशा एक मार्गदर्शक शक्ति रहा है। एयर चीफ मार्शल चौधरी ने यह भी कहा कि भारतीय वायुसेना के कमानों में 156 एसपीएआरएसएच सेवा केंद्र चालू कर दिये गए हैं। पेंशन प्रशासन के लिए प्रणाली (रक्षा) या एसपीएआरएसएच, पेंशन दावों को संसाधित करने और बिना किसी बाहरी मध्यस्थ के पेंशन सीधे पेंशन भोगियों के बैंक खातों में जमा करने के लिए एक वेब-आधारित प्रणाली है। उन्होंने कहा, ‘‘हम अपने वायुसैनिकों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि भारतीय वायुसेना आपकी भलाई के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।''
सेना प्रमुख ने यह भी कहा कि यह गर्व की बात है कि सशस्त्र बलों के भूतपूर्व सैनिक राष्ट्र की प्रगति के लिए विभिन्न क्षेत्रों में बहुमूल्य योगदान दे रहे हैं। जनरल पांडे ने मकर संक्रांति, पोंगल, बिहू और उत्तरायण त्योहारों की बधाई भी दी। इस कार्यक्रम में विभिन्न भूतपूर्व सैनिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
‘सशस्त्र बल भूतपूर्व सैनिक दिवस' 14 जनवरी को मनाया जाता है। वर्ष 1953 में इसी दिन भारतीय सेना के पहले भारतीय कमांडर-इन-चीफ फील्ड मार्शल के एम करिअप्पा औपचारिक रूप से सेवानिवृत्त हुए थे। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, पहला सशस्त्र बल भूतपूर्व सैनिक दिवस मनाये जाने के बाद हर साल इस दिन को मनाने का निर्णय लिया गया था, जिसमें भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
इस वर्ष, सेना के तीनों अंगों के मुख्यालयों द्वारा नौ स्थानों- झुंझुनू, जालंधर, पानागढ़, नयी दिल्ली, देहरादून, चेन्नई, चंडीगढ़, भुवनेश्वर और मुंबई में ‘सशस्त्र बल भूतपूर्व सैनिक दिवस' मनाया जा रहा है। रक्षा मंत्रालय के भूतपूर्व सैनिक कल्याण विभाग के सचिव विजय कुमार सिंह और मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
उन्होंने कार्यक्रम के इतर कहा, ‘‘सरकार ने सशस्त्र बलों के भूतपूर्व सैनिकों के लिए वन रैंक वन पेंशन (ओआरओपी) के संबंध में लंबे समय से लंबित मांग की घोषणा की है और इसे संशोधित किया जाना था। हालांकि कुछ मुद्दे थे, इसलिए इसमें देरी हुई। इसे सरकार द्वारा दिसंबर में मंजूर किया गया और बकाये का भुगतान और अन्य चीजें बहुत जल्द शुरू हो जाएंगी।''



























