- Home
- देश
- नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बृहस्पतिवार को लेजर इंटरफेरोमीटर गुरूत्वाकर्षण तरंग वेधशाला (लिगो-इंडिया) स्थापित करने को मंजूरी प्रदान कर दी । इस पर 2600 करोड़ रूपये खर्च आने का अनुमान है। बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। उन्होंने बताया कि लेजर इंटरफेरोमीटर गुरूत्वाकर्षण तरंग वेधशाला (लिगो-इंडिया) की स्थापना महाराष्ट्र के हिंगोली में की जायेगी । इस पर 2600 करोड़ रूपये खर्च आने का अनुमान है और इसके वर्ष 2030 तक पूरा होने की संभावना है। लेजर इंटरफेरोमीटर गुरूत्वाकर्षण तरंग वेधशाला (लिगो-इंडिया) उन्नत गुरूत्वाकर्षण तरंग वेधशाला होगी और यह विश्वव्यापी नेटवर्क का हिस्सा होगी। यह इंडियन रिसर्च इंस्टीट्यूशन कंसोर्टियम और लिगो लेबोरेटरी, अमेरिका के बीच गठजोड़ आधारित परियोजना होगा। गौरतलब है कि लिगो-इंडिया को फरवरी 2016 में सरकार से सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई थी। अमेरिका से इस प्रयोगशाला के लिए 8 करोड़ डालर राशि के महत्वपूर्ण उपकरण प्राप्त होंगे। लिगो इंडिया परियोजना का निर्माण परमाणु ऊर्जा विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा किया जायेगा और इसके लिए नेशनल साइंस फाउंडेशन एवं कई अन्य संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन होगा।
- अयोध्या . उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 23 अप्रैल को 155 देशों की नदियों के जल से भगवान रामलला की मूर्ति का भव्य जलाभिषेक करेंगे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या में भगवान राम के भव्य और दिव्य मंदिर का निर्माण तेजी से हो रहा है। राय ने बताया कि दिल्ली के राम भक्त विजय जॉली के नेतृत्व में एक टीम अयोध्या में भगवान राम के मंदिर में भव्य 'जलाभिषेक' करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विभिन्न महाद्वीपों के 155 देशों की नदियों का पानी सौंपेगी। उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल को मनीराम दास छावनी सभागार में आयोजित होने वाले समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ टीम से प्राप्त 'जल कलश' की पूजा करेंगे। राय ने बताया कि कलश में पाकिस्तान की रावी नदी समेत 155 देशों की नदियों का जल होगा।उन्होंने बताया कि दुनिया भर के देशों से लाए गए जलकलश पर उन देशों के झंडे, उनके नाम और नदियों के नाम वाले स्टीकर लगे होंगे। इस कार्यक्रम में कई देशों के राजदूत भी शिरकत करेंगे। राय के मुताबिक पाकिस्तान की नदियों का जल पहले पाकिस्तान के हिंदुओं ने दुबई भेजा और फिर दुबई से इसे दिल्ली लाया गया। अब इस जल को अयोध्या लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान के अलावा सूरीनाम, चीन, यूक्रेन, रूस, कजाकिस्तान, कनाडा और तिब्बत समेत कई अन्य देशों की नदियों का जल भी भगवान रामलला के जलाभिषेक के लिए लाया जाएगा।
- पुणे. महाराष्ट्र के मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर बृहस्पतिवार दोपहर स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहन के एक खड़े ट्रक से टकरा जाने से चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना उर्स टोल नाका के पास उस वक्त हुई जब कार मुंबई से पुणे जा रही थी।शिरगांव-परंदवाड़ी पुलिस थाने की सहायक निरीक्षक वनिता धूमल ने बताया, "प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि कार तेज रफ्तार से चल रही थी। यह पहले एक डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क के किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। कार में सवार चारों लोगों की मौत हो गई।"
-
नयी दिल्ली. शिक्षा मंत्रालय ने स्कूल शिक्षा के लिए बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय पाठ्यक्रम ढांचा (एनसीएफ) का एक मसौदा जारी किया और छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों तथा विद्वानों का सुझाव आमंत्रित किया। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘यह एनसीएफ-स्कूल शिक्षा का एक मसौदा है, जिसके लिए राष्ट्रीय संचालन समिति के अंदर अब भी कई दौर की चर्चा करने की जरूरत है। विविध हितधारकों से सुझाव प्राप्त होने पर एनसीएफ के अलग-अलग तौर-तरीकों की पड़ताल करने में मदद मिलेगी।'' मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, नये एनसीएफ के अनुरूप पाठ्यपुस्तकों को अगले साल से पेश किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि एनसीएफ को चार बार--1975,1988, 2000 और 2005 में--संशोधित किया गया है।
मसौदा को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के पूर्व प्रमुख के कस्तूरीरंगन की अध्यक्षता वाली एक समिति ने तैयार किया है। - नयी दिल्ली. अब तक 269 जिलों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के माध्यम से फोर्टिफाइड (पोषक तत्वों से समृद्ध किया गया) चावल वितरित किया जा रहा है और बाकी जिलों को मार्च, 2024 की समय सीमा से पहले इसके दायरे में लिया जाएगा। केंद्रीय खाद्य सचिव संजीव चोपड़ा ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2021 में अपने स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में कहा था कि सरकार का लक्ष्य 2024 तक पूरे देश में सरकारी योजनाओं के माध्यम से पोषक तत्वों से समृद्ध किया गया चावल (फोर्टिफाइड चावल) वितरित करना है। इस घोषणा के बाद बच्चों और महिलाओं में एनीमिया की समस्या को दूर करने के लिए चरणबद्ध तरीके से निर्धारित सूक्ष्म पोषक तत्वों (आयरन, फोलिक एसिड, विटामिन बी 12) युक्त फोर्टीफाइड चावल के वितरण की योजना अक्टूबर 2021 में शुरू की गई। चोपड़ा ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पिछले दो चरणों में फोर्टिफाइड चावल वितरण को सफलतापूर्वक लागू किया गया है। उन्होंने कहा, "यह केंद्र सरकार की एक अनूठी और बहुत सफल पहल है, जिसने पिछले दो वर्षों में बहुत अच्छे परिणाम दिए हैं। हम जनता से मिली प्रतिक्रिया से बेहद उत्साहित हैं।" उन्होंने कहा कि पहले कुछ गलतफहमियां थीं, लेकिन उसे दूर कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह पहल, स्वस्थ भारत की नींव रखेगी। सचिव के अनुसार, "हमने अब तक 269 जिलों में पीडीएस (राशन दुकान) के माध्यम से फोर्टिफाइड चावल का वितरण शुरु किया है। हम जिस गति से प्रगति कर रहे हैं, शेष जिलों को तय समय सीमा से पहले ही योजना के दायरे में लिया जाएगा।" उन्होंने कहा कि देश में लगभग 735 जिले हैं, जिनमें से 80 प्रतिशत से अधिक चावल खाने वाली आबादी हैं।चोपड़ा ने आगे कहा कि देश में पर्याप्त फोर्टिफाइड चावल है, क्योंकि वर्तमान में इस चावल की उत्पादन क्षमता लगभग 17 लाख टन है।
- सोनीपत (हरियाणा)। नये शिक्षण सत्र की शुरुआत होने के साथ ही दुकानों पर एनसीईआरटी की नकली किताबें महंगे दाम पर बिकने की सूचना के आधार पर ‘सीएम फ्लाइंग' ने गुरुवार को एक गोदाम पर छापा मारा और बड़ी संख्या में ऐसी किताबें बरामद कीं। सीएम फ्लाइंग टीम के सदस्य एएसआई राजेश ने बताया,‘‘हमें लगातार सूचना मिल रही थी कि निजी स्कूलों में एनसीईआरटी के नाम पर बच्चों को महंगी किताबें दी जा रही हैं।'' उन्होंने बताया कि प्राप्त शिकायतों और जुटायी गई जानकारी के आधार पर मुरथल रोड पर स्थित निजी बुक डिपो आरपीएसस (राजीव, परवीन, सुमित) डिस्ट्रीब्यूटर गोदाम पर छापा मारा गया। अधिकारियों ने बताया कि एनसीईआरटी की असली किताब की कॉपी करके ये लोग खराब कागज पर नकली किताबें छापते और उसे महंगे दाम में बेचते थे। उन्होंने बताया कि गोदाम पुस्तकों से भरा हुआ था, वहां से नौवीं और 10वीं कक्षा की नकली छपी हुई एनसीईआरटी की किताबें बरामद हुई। एएसआई ने बताया कि ये प्रकाशक इन नकली किताबों को डेढ से दो गुना दाम पर बेच रहे थे।उन्होंने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।
- नयी दिल्ली ।केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को 212 किलोमीटर लंबे छह-लेन के दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण किया। यह एक्सप्रेसवे 12,000 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, एक्सप्रेसवे को चार खंडों में विभाजित किया गया है और इसे दिल्ली में अक्षरधाम के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे (डीएमई) के शुरुआती बिंदु से शास्त्री पार्क, खजूरी खास, बागपत, शामली, सहारनपुर से उत्तराखंड में देहरादून तक बनाया जा रहा है। बयान के अनुसार, समूचे एक्सप्रेसवे के निर्माण में कई विशेष प्रावधान किए गए हैं, और इनमें गणेशपुर से देहरादून तक का मार्ग वन्यजीवों के लिए सुरक्षित किया गया है। बयान के अनुसार, इसमें 12 किलोमीटर की एलिवेटेड सड़क, छह पशु अंडरपास, दो हाथी अंडरपास, दो बड़े पुल तथा 13 छोटे पुलों का प्रावधान है।
- नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बृहस्पतिवार को भारतीय अंतरिक्ष नीति, 2023 को मंजूरी दे दी। इसके तहत इसरो, न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड और निजी क्षेत्र की कंपनियों की भूमिकाएं और जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। सरकार ने पूर्व में अंतरिक्ष क्षेत्र को निजी कंपनियों के लिए खोल दिया था ताकि इस क्षेत्र में भागीदारी को बढ़ावा दिया जा सके। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘संक्षेप में, यह नीति (हालिया समय में) स्थापित घटकों की भूमिका को लेकर स्पष्टता प्रदान करेगी।'' उन्होंने कहा कि नीति का उद्देश्य अंतरिक्ष विभाग की भूमिका को बढ़ाना, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) मिशन की गतिविधियों तथा अनुसंधान, शिक्षा, स्टार्टअप एवं उद्योग की बड़ी भागीदारी को बढ़ावा देना है।
-
नयी दिल्ली. न्यूकैसल यूनिवर्सिटी के एक नए अध्ययन से पता चला है कि जलवायु के गर्म होने के दौरान बर्फ की चादरें एक दिन में 600 मीटर तक पीछे हट सकती है। यह पहले की तुलना में 20 गुना तेज है और यह केवल दिनों या महीनों तक ही रह सकती है। यूके के न्यूकैसल यूनिवर्सिटी के शोधकर्ता क्रिस्टीन बैचलर के नेतृत्व में हुए एक अंतर्राष्ट्रीय अध्ययन ने इसका पता लगाने के लिए समुद्र तल की उच्च-रिजॉल्यूशन तस्वीर का उपयोग किया गया। जिसके अनुसार पूरानी बर्फ की चादरें जो नॉर्वे से फैली हुई थी वो प्रति दिन 50 से 600 मीटर की रफ्तार से पीछे हट रही थी। शोधकर्ताओं ने बताया कि यह बर्फ के तेजी से हटने की यह दर अंटार्कटिका में उपग्रहों से देखी गई।
शोधकर्ताओं ने बताया कि लगभग 20,000 साल पहले हिम युग के अंत में पुरानी बर्फ की चादरें पीछे हट गई थी।शोधकर्ताओं ने नेचर जर्नल में अपने निष्कर्षों का वर्णन किया है।बैचलर ने कहा, "हमारा शोध उस गति के बारे में चेतावनी देता है जिससे अतीत में बर्फ की चादरें पीछे हटने में सक्षम हैं।" - मुंबई. भारतीय रिजर्व बैंक ने विभिन्न बैंकों में बिना दावे वाली जमा राशि का पता लगाने के लिए एक केंद्रीकृत पोर्टल शुरू करने का फैसला किया है। बैंकों में बड़ी मात्रा में ऐसे खाते हैं जिनमें जिनमें बरसों से कोई लेनदेन नहीं हुआ है। फरवरी, 2023 तक सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने रिजर्व बैंक को करीब 35,000 करोड़ रुपये की ऐसी जमा स्थानांतरित की है, जिनमें पिछले 10 साल से कोई लेनदेन नहीं हुआ है। रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने बृहस्पतिवार को चालू वित्त वर्ष की पहली मौद्रिक समीक्षा बैठक के नतीजों की घोषणा करते हुए कहा कि जमाकर्ताओं और लाभार्थियों की पहुंच को व्यापक करने और उसमें सुधार के लिए एक वेब पोर्टल बनाने का फैसला किया गया है। इसके जरिये विभिन्न बैंकों में जमा बिना दावे वाली राशि का पता लगाया जा सकेगा। सबसे अधिक 8,086 करोड़ रुपये की बिना दावे वाली राशि भारतीय स्टेट बैंक में जमा है। इसके बाद पंजाब नेशनल बैंक में 5,340 करोड़ रुपये की बिना दावे वाली राशि है। केनरा बैंक में ऐसी जमा राशि 4,558 करोड़ रुपये और बैंक ऑफ बड़ौदा (बॉब) में 3,904 करोड़ रुपये है।
-
भुवनेश्वर. ओडिशा के कंधमाल जिले में सार्वजनिक क्षेत्र के एक बैंक के उप प्रबंधक को आठ करोड़ रुपये की हेराफेरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक की ओर से दर्ज कराई गयी शिकायत के आधार पर आरोपी उप प्रबंधक के खिलाफ ओडिशा पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने मामला दर्ज किया था। अधिकारियों ने बताया कि फुलबनी में तैनात आरोपी उप प्रबंधक पर वेतनभोगी लोगों के लिए निर्धारित 59 'एक्सप्रेस क्रेडिट' ऋणों की गैर-वेतनभोगी लोगों के लिए अवैध रूप से सिफारिश करने का आरोप लगाया गया है। ओडिशा पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) के पुलिस उपाधीक्षक दिलीप त्रिपाठी ने कहा कि आरोपी उप प्रबंधक ने कथित तौर पर अपने परिवार के सदस्यों के खाते में पैसे स्थानांतरित करके 8.01 करोड़ रुपये की ऋण राशि का गबन किया। उन्होंने कहा कि आरोपी की सिफारिश के आधार पर वेतन पर्ची जैसे जाली दस्तावेजों के आधार पर ऋण स्वीकृत किए गए थे। पुलिस उपाधीक्षक दिलीप त्रिपाठी ने कहा, ‘‘आरोपी अत्यधिक महत्वाकांक्षी है और कुछ अन्य लाभदायक व्यवसायों में ऋण राशि का निवेश करके आसानी से पैसा कमाने की कोशिश कर रहा था।''
-
देरगांव . असम पुलिस में 535 महिलाओं सहित कुल 1,715 कांस्टेबल बृहस्पतिवार को लचित बोड़फुकन पुलिस अकादमी से उत्तीर्ण हुए, जो राज्य में उत्तीर्ण हुआ अब तक का सबसे बड़ा बैच है। उन्होंने कहा कि असम पुलिस का 178वां बैच अकादमी का पहला बैच है। वर्ष 1947 में स्थापित किए गए पुलिस प्रशिक्षण कॉलेज के उन्नयन के बाद उसे अकादमी में तब्दील किया गया है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) जी पी सिंह ने गोलाघाट जिले के देरगांव स्थित अकादमी के परिसर में आयोजित पासिंग आउट परेड में नए रंगरूटों से सलामी ली। शर्मा ने नए कांस्टेबल से कहा, ‘‘कर्तव्य पालन के दौरान आपको कई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। आपको साहस, निष्ठा, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ लोगों और देश की सेवा करनी होगी।''
-
जयपुर. राजस्थान के डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार तड़के तेज रफ्तार से चल रही कार ने एक भारी वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार में सवार दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस के जांच अधिकारी चंदूलाल ने बताया कि आमजरा पुलिया के ऊपर एक कार ने भारी वाहन को पीछे से टक्कर मार दिया। उन्होंने बताया कि हादसे में कार सवार गुजरात के अमरेली निवासी किशोर भाई वडालिया (45) और प्रतीक टांक (28) की मौत हो गई जबकि पीछे की सीट पर बैठा व्यक्ति सुरक्षित बच गया। उन्होंने बताया कि तीनों जयपुर से अमरेली जा रहे थे।चं
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये। इस संबंध में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
-
देहरादून. उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने बृहस्पतिवार को पिछले साल आयोजित पटवारी/लेखपाल भर्ती परीक्षा में नकल करने वाले 44 अभ्यार्थियों पर आगामी पांच साल तक आयोग की प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने पर रोक लगा दी। आयोग के अध्यक्ष राकेश कुमार की अध्यक्षता में यहां हुई एक बैठक में यह फैसला लिया गया।
आयोग द्वारा यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, परीक्षा में नकल करने वाले इन 44 अभ्यर्थियों से स्पष्टीकरण मांगा गया था लेकिन उनके उत्तर संतोषजनक न पाए जाने के बाद इन्हें आयोग की आगामी सभी परीक्षाओं से पांच वर्ष के लिए ‘डिबार'(प्रतिबंधित) करने का निर्णय लिया गया है। इससे पहले, आयोग ने सोमवार को कनिष्ठ अभियंता परीक्षा में नकल करने वाले 61 अभ्यर्थियों को आगामी सभी परीक्षाओं से पांच वर्ष के लिए डिबार करने का निर्णय लिया था। विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘इस प्रकार नकल करने वाले कुल 105 अभ्यर्थी अगले पांच वर्षों तक आयोग की किसी भी परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे।'' इसके अलावा, हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की जांच रिपोर्ट में सहायक अभियंता परीक्षा में भी नौ अभ्यार्थियों के नकल करने की पुष्टि हुई थी। विज्ञप्ति के अनुसार, आयोग ने इन नौ अभ्यर्थियों को भी कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। आयोग ने सहायक लेखाकार परीक्षा की तिथि को भी ईद के त्योहार के कारण 23 अप्रैल से आगे बढ़ाकर सात मई कर दिया। - श्योपुर (मप्र)। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान से हाल ही में भटक कर एक गांव से सटे खेत में घूमते नजर आये चीते को समीपवर्ती शिवपुरी जिले के जंगल से वापस लाकर इस उद्यान में फिर से छोड़ दिया गया है। वन विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिछले साल सितंबर में नामीबिया से लाए गए आठ चीतों में से ‘ओबान’ नाम का एक चीता दो अप्रैल को कूनो राष्ट्रीय उद्यान से भटक कर बाहर चला गया था और गुरुवार शाम को उसे पकड़कर कूनो राष्ट्रीय उद्यान में छोड़ दिया गया है।श्योपुर के वन मंडल अधिकारी प्रकाश कुमार वर्मा ने बताया, ‘‘शिवपुरी जिले के बैराड़ क्षेत्र के जंगल से ओबान को गुरूवार शाम पांच बजे पकड़ा गया। यहां से ओबान को कूनो राष्ट्रीय उद्यान लाया गया।’’उन्होंने कहा, ‘‘इसके बाद इस चीते को कूनो राष्ट्रीय उद्यान के पालपुर के जंगल में वापस छोड़ा दिया है।’’हालांकि, वर्मा ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी कि इस चीते को कैसे पकड़ा गया।उन्होंने कहा कि 11 मार्च को कूनो राष्ट्रीय उद्यान के खुले जंगल में छोड़ा गया ओबान चीता रविवार से इस उद्यान क्षेत्र से बाहर था। यह चीता विजयपुर के झाड़ बड़ौदा, पार्वती बड़ौदा होता हुआ बुधवार को श्योपुर जिले से सटे हुए शिवपुरी जिले की सीमा में पड़ने वाले बैराड़ के जंगल में निकल गया था। ओबान ने अपनी भूख मिटाने के लिए यहां एक काले हिरण का शिकार भी किया।वर्मा ने बताया कि ओबान की सभी हरकतों पर 24 घंटे चीता निगरानी दल अपनी नजर बनाये हुए था। मालूम हो कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नामीबिया से लाए गए पांच मादा और तीन नर चीतों को पिछले साल 17 सितंबर को अपने 72वें जन्मदिन पर मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में बाड़े में छोड़ा था।
- नयी दिल्ली । कांग्रेस के पूर्व नेता एवं अविभाजित आंध्र प्रदेश के अंतिम मुख्यमंत्री एन. किरण कुमार रेड्डी शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी की मौजूदगी में रेड्डी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इसी साल मार्च महीने में रेड्डी ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। सितंबर, 1959 में जन्मे रेड्डी ने 25 नवंबर, 2010 से 01 मार्च, 2014 तक अविभाजित आंध्र प्रदेश के 16वें मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। दो जून, 2014 को तेलंगाना राज्य के गठन से पहले वह संयुक्त आंध्र प्रदेश के अंतिम मुख्यमंत्री थे।
- नयी दिल्ली । गृह मंत्रालय ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में सामान्य ड्यूटी कांस्टेबल के लिये स्वीकृत 1,29,929 पदों में से 10 प्रतिशत पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित करने का फैसला किया है। एक अधिसूचना में इसकी जानकारी दी गयी है। गृह मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि स्वीकृत पदों में से 4,667 पद महिलाओं के लिए हैं, जिनका वेतन मैट्रिक्स 21,700 रुपये से 69,100 रुपये है और उनकी सेवानिवृत्ति की आयु 60 वर्ष होगी। अधिसूचना में कहा गया है कि कांस्टेबल (सामान्य ड्यूटी) के पद पर भर्ती के लिए दस प्रतिशत रिक्तियां पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित होंगी। इसके लिये आयु सीमा 18 से 23 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति के लिए आयु में पांच वर्ष और अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों के लिए तीन वर्ष की छूट होगी। इसमें यह भी कहा गया है कि पूर्व अग्निवीर के पहले बैच के उम्मीदवारों को उपरी आयु सीमा में पांच साल की छूट दी जायेगी और उसके बाद के बैच के पूर्व अग्निवीरों के लिये यह छूट तीन साल की होगी । आवश्यक शिक्षा योग्यता केंद्र या राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त बोर्ड या विश्वविद्यालय से मैट्रिक या समकक्ष है या पूर्व सेना कर्मियों के मामले में समकक्ष सैन्य योग्यता है। file photo
- नयी दिल्ली । वित्तीय सेवा विभाग (बैंकिंग खंड) को इस साल जनवरी और 25 मार्च के दौरान 6,500 से अधिक जन शिकायतें मिली हैं। एक आधिकारिक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, बैंकिंग खंड ने कुल 6,507 शिकायतों में से 5,142 का निपटान किया जबकि 1,365 शिकायतें लंबित थीं। इस अवधि में कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) को 898 लोक शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें से 601 का निपटान कर दिया गया। इसके पास 297 लंबित शिकायतें थीं। प्रशासनिक सुधार और जन शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) की बनाई इस रिपोर्ट के मुताबिक, वित्तीय सेवा विभाग (बीमा खंड) को भ्रष्टाचार से जुड़ी 746 लोक शिकायतें मिलीं, जिनमें से 717 का निपटान किया गया और 29 का निपटान लंबित था। इसके मुताबिक, डाक विभाग को इस अवधि के दौरान ऐसी 673 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें से 573 का निपटान किया गया और 100 लंबित हैं। रिपोर्ट कहती है कि रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) को भ्रष्टाचार श्रेणी के तहत इस अवधि के दौरान 296 शिकायतें मिलीं जिनमें से 260 का निवारण किया गया तथा 36 शिकायतें लंबित रहीं। केंद्रीकृत लोक शिकायत समाधान और निगरानी प्रणाली (सीपीजीआरएएमएस) की मार्च, 2023 की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘‘वित्तीय सेवा विभाग (बैंकिंग इकाई) में 1,365 लंबित शिकायतों के साथ भ्रष्टाचार श्रेणी के तहत सार्वजनिक शिकायतों की संख्या सबसे अधिक रही।'' सीपीजीआरएएमएस पोर्टल नागरिकों को सरकारी विभागों के खिलाफ ऑनलाइन सार्वजनिक शिकायतें (पीजी) दर्ज करने की अनुमति देता है।
- नयी दिल्ली । राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (एनसीएफ) के मसौदे के अनुसार गणित को कला, खेल और भाषा के साथ एकीकृत किया जाना चाहिए ताकि स्कूली छात्रों के लिए इस विषय को अधिक रचनात्मक और सुरुचिपूर्ण बनाया जा सके। मसौदे में छात्रों के बीच गणित के डर को दूर करने और इन प्रचलित सामाजिक मान्यताओं को खत्म करने के लिए कदम उठाने पर भी जोर दिया गया है कि लड़कियों को गणित में महारत हासिल नहीं होती और उच्च जाति के छात्रों में इस विषय को समझने की ज्यादा क्षमता होती है। नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अनुसार तैयार किए जा रहे एनसीएफ में यह भी कहा गया है कि दो प्रमुख पहलू हैं जो गणित के डर का कारण बनते हैं। एक विषय की प्रकृति और दूसरा इसे समाज में कैसे पढ़ाया जा रहा है और कैसे समझा जा रहा है। शिक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, अंतिम चरण के मसौदे को जल्द ही सार्वजनिक करके हितधारकों से प्रतिक्रिया मांगी जाएगी और नयी शैक्षिक व्यवस्था 2024 के शैक्षणिक सत्र से लागू की जाएगी। एनसीएफ को आखिरी बार 2005 में संशोधित किया गया था।इसमें कहा गया है कि "प्रचलित सामाजिक दृष्टिकोण है कि लड़कियां गणित में महारत हासिल नहीं कर पातीं और उच्च जाति के छात्रों में इस विषय को समझने की अधिक क्षमता होती है। इस तरह के सामाजिक पूर्वाग्रह भी छात्रों में भय और चिंता का कारण बनते हैं। हमें समाज में मौजूद इन मान्यताओं को खत्म करने जरूरत है।
-
नयी दिल्ली. हल्के लड़ाकू विमान (एलसीए) तेजस के परीक्षण विमान ने बुधवार को अपनी पहली उड़ान भरी। यह पहली श्रृंखला का उत्पादन है और इसके विनिर्माता हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने इसे एक बड़ा मील का पत्थर बताया है। अधिकारियों ने कहा कि विमान ने बेंगलुरु में एचएएल के हवाई अड्डे से अपनी पहली उड़ान भरी। यह सफल उड़ान लगभग 35 मिनट तक चली। तेजस अत्यधिक तेज सुपरसोनिक लड़ाकू विमान है, जिसका संचालन उच्च-खतरे वाले वातावरण में किया जा सकता है। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने ट्वीट किया, ‘‘एलसीए तेजस कार्यक्रम के एक प्रमुख मील के पत्थर के तहत एचएएल द्वारा निर्मित मानक एलसीए परीक्षण विमान (एलटी 5201) ने एचएएल हवाई अड्डे से आज अपनी पहली उड़ान भरी और लगभग 35 मिनट की सफल उड़ान पूरी करने के बाद उतरा। -
झारसुगुड़ा . ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में बृहस्पतिवार तड़के तीन ट्रक की टक्कर होने पर उनमें आग लगने से उनके चालकों की झुलस कर मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-49 पर झारसुगुड़ा सदर पुलिस थाने के पास हुई। पुलिस ने कहा कि टक्कर के बाद तीनों ट्रक के चालक अपने वाहनों से बाहर नहीं निकल सके, जिससे वे जिंदा जल गए। बाद में दमकल कर्मियों ने आग बुझाई। उन्होंने कहा कि मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने बताया कि एक अन्य सड़क दुर्घटना में बुधवार रात कटक के बिदानसी चौराहे के पास एक कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने कहा कि घायलों को एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
-
नयी दिल्ली. सरकार ने केंद्रीय पूल से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को बिजली आवंटन के मानदंड तय किए हैं। इसके तहत केंद्रीय पूल से उन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को बिजली आवंटित नहीं की जाएगी जो स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं पर कर लगाएंगे, राज्यों के बीच प्रवाह को बाधित करेंगे और जिन्होंने बिजली शुल्क पर सब्सिडी बकाया नहीं चुकाया है। बिजली मंत्रालय ने एक कार्यालय आदेश में यह भी कहा कि केंद्रीय पूल से बिजली उन राज्यों को आवंटित नहीं की जाएगी, जिनके पास नियामक संपत्ति है। नियामक संपत्ति तब अस्तित्व में आती है, जब बिजली नियामक यह स्वीकार करते हैं कि बिजली उपभोक्ताओं पर लगाए गए शुल्क, वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) की बिजली खरीद लागत को पूरा नहीं करते हैं। मंत्रालय ने 31 मार्च, 2023 के आदेश में कहा कि केंद्रीय उत्पादन केंद्रों के आवंटित कोटे से बिजली के आवंटन के लिए जब भी किसी राज्य/केंद्र शासित प्रदेश से अनुरोध मिलेगा, तो इन पहलुओं की जांच की जाएगी। आदेश में कहा गया कि गैर-आवंटित कोटे के लिए ऐसे राज्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो वित्तीय अनुशासन का पालन करते हैं और दूसरे राज्यों को बिजली के प्रवाह पर शुल्क लगाने से बचते हैं।
-
सलंगपुर (गुजरात) .केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना किसी भ्रम के, कुछ कड़े फैसले लिए और उन्हें लागू करते हुए देश में अमन-चैन तथा शांति भी बनाए रखी। शाह वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार समेत धार्मिक व सांस्कृतिक महत्व की कुछ बड़ी परियोजनाओं का जिक्र कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने गठन के बाद केवल दो लोकसभा सीटें जीतीं, तो तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने इसका मजाक उड़ाया था। लेकिन अब, भाजपा की देश के 16 राज्यों में सरकारें हैं और संसद के 400 से अधिक सदस्य हैं। शाह ने कहा कि जब भी भाजपा केंद्र में सत्ता में आई, तब भारतीय संस्कृति को जबरदस्त बढ़ावा मिला और यह दुनिया भर में लोकप्रिय हुई। शाह हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर गुजरात के बोटाड जिले के सलंगपुर गांव में श्री कष्टभंजन देव मंदिर में नव निर्मित एक विशाल रसोई का उद्घाटन करने पहुंचे थे। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा, "अयोध्या में राम जन्मभूमि के लिए बाबर के समय से लेकर अब तक लाखों लोगों ने बलिदान दिया है। समाधान तलाशने के बजाय कांग्रेस मुद्दे को खींचती रही। एक दिन अदालत का फैसला आया और मोदीजी ने राम मंदिर के लिए शिलान्यास कर दिया।" भाजपा नेता ने कहा कि हालांकि कुछ लोग कहते थे कि अनुच्छेद 370 और राम जन्मभूमि के मुद्दों को छुआ गया तो दंगे भड़क उठेंगे, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। उन्होंने कहा "इसी तरह, हमने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, केदारधाम, बद्रीनाथ, सोमनाथ मंदिर पर स्वर्णावरण और पावागढ़ मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य पूरा कर लिया है। भाजपा नेता और हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना किसी भ्रम के, पूरी दृढ़ता के साथ कड़े फैसले लिए, साथ ही साथ देश में अमन-चैन भी बनाए रखा।" शाह ने मंदिर परिसर में अपने संबोधन में कहा कि यह संयोग है कि आज हनुमान जन्मोत्सव के साथ ही भाजपा का स्थापना दिवस भी है। उन्होंने कहा कि (पूर्व प्रधानमंत्री) अटल जी और (पूर्व गृह मंत्री) आडवाणी जी ने सिद्धांतों के आधार पर 6 अप्रैल 1980 को भाजपा की स्थापना की। उन्होंने कहा कि भाजपा की स्थापना की घोषणा मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में की गई थी। शाह ने कहा, "उस समय कई लोगों ने भाजपा का मजाक उड़ाया था और जब लोकसभा चुनाव में हमें केवल दो सीटें मिली थीं, तब तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने संसद में मजाक में कहा था, 'हम दो हमारे दो'।" उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान के आशीर्वाद के कारण, भाजपा की अब 16 राज्यों में सरकारें हैं और 400 से अधिक संसद सदस्य हैं। शाह ने कहा कि आजादी के बाद जब भी भाजपा केंद्र में सत्ता में आई, चाहे वह अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में हो या नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो, भारतीय संस्कृति को भारी बढ़ावा मिला और यह दुनिया भर में लोकप्रिय हुई। उन्होंने कहा कि लोग लंबे समय से कह रहे थे कि भारत में दो संविधान, दो प्रधानमंत्री और दो राष्ट्रीय प्रतीक नहीं हो सकते। शाह ने कहा, “जब नरेंद्र मोदी को पूर्ण बहुमत मिला, तो उन्होंने कलम के जरिए एक झटके से चुपचाप (जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले) संविधान के अनुच्छेद 370 को निरस्त कर दिया। इस देश का हर नागरिक, चाहे वह गरीब हो या अमीर, खुश था कि प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी इच्छा पूरी की और कश्मीर को अपना बना लिया।” उन्होंने कहा कि अतीत में जब अन्य देशों के नेता गुजरात का दौरा करते थे, तो उन्हें या तो (अहमदाबाद स्थित) सिदी सैय्यद मस्जिद की पत्थर की जाली या ताजमहल की प्रतिकृति स्मृतिचिह्न के तौर पर भेंट में दी जाती थी।” भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा, "इसमें कुछ भी गलत नहीं है। लेकिन आज, मुझे खुशी है कि भगवद् गीता भी उपहार में दी जाती है।" उन्होंने कहा, "हमारी कीमती मूर्तियां या तो चोरी हो गईं, या उपहार में दे दी गईं। यहां तक कि आजादी से पहले दुनिया भर में बेच दी गईं। प्रधानमंत्री मोदी के नौ साल के शासन के दौरान, 360 मूर्तियां वापस लाकर मंदिरों में फिर से स्थापित की गईं, जिनमें से कई तो 1,000 साल से अधिक पुरानी थीं।" इस बीच, श्री कष्टभंजन देव मंदिर ने एक बयान में कहा कि 55 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उसकी अत्याधुनिक विशाल रसोई एक लाख वर्ग फुट क्षेत्र में फैली हुई है। इसमें लगभग 4,000 श्रद्धालु भोजन खाने की मेज पर बैठकर ‘प्रसाद' अथवा भोजन ग्रहण कर सकते हैं।
- जयपुर । राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित कई शहरों में 'शहरी परिवहन' के लिए 500 नई बसें 'सर्विस मॉडल' पर ली जायेंगी। इस मॉडल में बसों की खरीद व परिचालन का काम संवेदक (कांट्रेक्टर) करेगा। एक सरकारी बयान के अनुसार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसके लिए बसों को सर्विस मॉडल पर लेने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इससे जयपुर, जोधपुर, अजमेर और कोटा में 500 नई बसों का संचालन होगा व इन नगरीय क्षेत्रों में परिवहन सेवा अब और मजबूत होगी। गहलोत ने बसों के संचालन के लिए 132.24 करोड़ रुपए के वित्तीय प्रावधान को भी स्वीकृति दी है। यह राशि राजस्थान परिवहन आधारभूत विकास निधि से उपलब्ध करवाई जाएगी। इसमें जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड के लिए 300 नई बसों सहित कुल 500 बसों का संचालन होगा। सर्विस मॉडल में बसों की खरीद, परिचालन संबंधित संवेदक (कांट्रेक्टर) द्वारा किया जाएगा। इसके लिए प्रति किलोमीटर व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण (वीजीएफ) राशि राजस्थान सिटी ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की ओर से उन्हें दी जाएगी, बसों के परिचालन से होने वाली आय भी कॉर्पोरेशन संग्रह करेगा। इसके अनुसार राज्य सरकार द्वारा जयपुर, जोधपुर, अजमेर एवं कोटा सहित अन्य शहरी क्षेत्रों के लिए वर्तमान में गठित सिटी ट्रांसपोर्ट कंपनियों को मिलाते हुए राजस्थान सिटी ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन का गठन भी किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा बजट 2023-24 नवीन बसों के संचालन को लेकर घोषणा की गई थी। एक अन्य फैसले में गहलोत ने 155 राजकीय प्राथमिक विद्यालयों को उच्च प्राथमिक विद्यालय में क्रमोन्नत करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। बयान के अनुसार इसके तहत बाड़मेर जिले के 33, जोधपुर जिले के 27, जैसलमेर जिले के 20, उदयपुर जिले के 16, नागौर जिले के 12, बीकानेर जिले के 11, अजमेर जिले के 10, चित्तौड़गढ़ जिले के 8, डूंगरपुर जिले के 6, चूरू जिले के 4, हनुमानगढ़ जिले के 3, जयपुर जिले के 2, अलवर, जालौर, करौली जिले के एक-एक विद्यालय क्रमोन्नत किए जाएंगे।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (आईजीएआई) 2022 में दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में नौवें स्थान पर रहा। एयरपोर्ट्स काउंसिल इंटरनेशनल (एसीआई) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, हवाई अड्डे पर इस दौरान 5.94 करोड़ से ज्यादा यात्रियों का आवागमन हुआ। एसीआई ने कहा कि 2022 में दुनिया के 10 सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में हार्ट्सफील्ड-जैक्सन अटलांटा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (9.37 करोड़ यात्री) शीर्ष पर रहा। इसके बाद डलास फोर्ट वर्थ एयरपोर्ट (7.34 करोड़ यात्री), डेनवर एयरपोर्ट (6.93 करोड़ यात्री) और शिकॉगो ओ'हरे एयरपोर्ट (6.83 करोड़ यात्री) का स्थान रहा। एसीआई ने बुधवार को जारी बयान में बताया, “व्यस्त हवाई अड्डों में पांचवें स्थान पर दुबई एयरपोर्ट (6.61 करोड़ यात्री, +127 प्रतिशत), सातवें स्थान पर इस्ताम्बुल एयरपोर्ट (6.43 करोड़ यात्री, +73.8 प्रतिशत), आठवें स्थान पर लंदन स्थित हीथ्रो एयरपोर्ट, नौवें स्थान पर दिल्ली स्थित आईजीआई एयरपोर्ट और 10वें स्थान पर पेरिस चार्ल्स डे गौले एयरपोर्ट रहे।” आईजीएआई की परिचालक दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने एक अन्य विज्ञप्ति में कहा कि दिल्ली हवाई अड्डा शीर्ष 10 व्यस्त हवाई अड्डों में स्थान बनाने वाला दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया का एकमात्र हवाई अड्डा है। विज्ञप्ति के अनुसार, “दिल्ली हवाई अड्डे ने 2019 में 17वीं और 2021 की 13वीं रैंकिंग से सुधार किया है। एसीआई की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली हवाई अड्डे पर 2022 में 5.94 करोड़ से ज्यादा यात्रियों का आवागमन हुआ


.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

.jpg)







.jpg)


