- Home
- देश
-
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने देश में अगले पांच दिनों तक भीषण गर्मी से राहत मिलने का अनुमान व्यक्त किया है। वरिष्ठ वैज्ञानिक आर. के. जेनामणि ने कहा कि पिछले तीन दिनों से हो रही वर्षा के कारण तापमान में कमी आई है। उन्होंने कहा कि देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे है। अगले 48 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के कुछ हिस्सों, बंगाल की पूर्वी मध्य खाड़ी और पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है।
उत्तरी गुजरात तट पर तेज हवाएं चलने की संभावना के साथ, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को मछुआरों को सलाह दी कि वह शुक्रवार से तीन दिनों तक अरब सागर में न जाएं।आईएमडी ने एक बयान में कहा कि इस अवधि के दौरान दक्षिण गुजरात तट पर मछुआरों के लिए ऐसी कोई चेतावनी नहीं है।बयान में कहा गया है ‘‘ 27 से 29 मई, 2022 तक 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 27 से 29 मई, 2022 तक मछुआरों को उत्तर गुजरात तट पर समुद्र में न जाने की सलाह दी जाती है। ’’कच्छ, जामनगर, पोरबंदर और देवभूमि द्वारका जिलों में अरब सागर के तट पर काम करने वाले मछुआरों के लिए दिशानिर्देश जारी किए गए हैं ।आईएमडी ने कहा कि सौराष्ट्र क्षेत्र के राजकोट जिले के राजकोट तालुका में मंगलवार को छह मिमी बेमौसम बारिश हुई, लेकिन अगले चार-पांच दिनों में इस क्षेत्र के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। आईएमडी ने दक्षिण गुजरात के जिलों के कुछ हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
-
नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने चीनी की घरेलू उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए चीनी के निर्यात की सीमा तय करने का फैसला किया है। आज नई दिल्ली में मीडिया को इसकी जानकारी देते हुए खाद्य सचिव सुधांशु पांडेय ने कहा कि इस मौसम में भारत से निर्यात रिकॉर्ड उच्च स्तर तक पहुंच गया है और अक्टूबर-नवम्बर में त्योहार के मौसम में चीनी की खपत में वृद्धि के मद्देनजर इसकी घरेलू उपलब्धता सुनिश्चित करने का अब समय आ गया है। खाद्य सचिव ने कहा कि चीनी के निर्यात की सीमा तय करने का फैसला चीनी की वैश्विक मांग बढ़ने की आशंका के मद्देनजर लिया गया है। श्री पांडेय ने कहा कि इस सीमा को प्रतिबंध के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। इससे पहले, केन्द्र ने एक करोड़ मीट्रिक टन तक चीनी के निर्यात की अनुमति देने का फैसला किया। विदेश व्यापार महानिदेशालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार निर्यात की यह सीमा इस वर्ष पहली जून से 31 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी।(REPRESENTATIONAL IMAGE)
- नई दिल्ली । दिल्ली की एक विशेष अदालत ने आतंकी फंडिंग के मामले में दोषी करार जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट के अलगाववादी नेता यासीन मलिक को उम्रकैद की सजा सुनाई है। इसके साथ ही दस लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। किसी प्रकार की अप्रिय घटना न होने पाए, इसके लिए सुरक्षा एजेंसियां कश्मीर घाटी में पैनी नजर बनाए हुए हैं। विशेष न्यायाधीश प्रवीण सिंह ने यासीन को 19 मई को गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के तहत सभी आरोपों का दोषी ठहराया था। यासीन मलिक के केस की सुनवाई के चलते पटियाला हाउस कोर्ट के बाहर सुरक्षा व्यवस्था सुबह से ही चाक-चौबंद थी।आज कश्मीर घाटी में यासीन मलिक के घर के बाहर भारी संख्या में समर्थक जुटे , जिन्होंने यासीन के समर्थन में नारेबाजी की। इलाके में सुरक्षा व्यव्स्था काफी सख्त है। ड्रोन से नजर रखी जा रही है। पुलिस व अन्य सुरक्षाबल हालात पर नजर बनाए हुए हैं।इससे पहले यासीन मलिक को हवालात से कोर्ट लाया गया है। कोर्ट परिसर में भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। कोर्ट में किसी के भी आने-जान पर रोक लगा दी गई थी।यासीन बोला- फांसी स्वीकार करूंगा, किसी से भींख नहीं मांगूंगासुनवाई शुरू हुई तो एनआईए ने दोषी मलिक के लिए फांसी की सजा की मांग की। जिस पर यासीन ने कहा कि फैसला अदालत के विवेक पर छोड़ता हूं, मैं किसी से भीख नहीं मांगूंगा। मैं फांसी स्वीकार करूंगा। अगर जांच एजेंसियां साबित कर दें कि मैं आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा हूं तो राजनीति से सन्यास ले लूंगा।सभी पक्षों की आखिरी दलीलें सुनते हुए अदालत ने इस मामले में फैसला दोपहर साढ़े तीन बजे तक सुरक्षित रख लिया था। साथ ही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के अफसरों को मलिक की वित्तीय स्थिति का आकलन करने का भी निर्देश दिया था ताकि जुर्माने की राशि निर्धारित की जा सके। यासीन ने 10 मई को अदालत को बताया था कि वह अपने खिलाफ लगाए गए आतंकी अधिनियम, आतंकी फंडिंग, आतंकी हरकतें, देशद्रोह, धोखाधड़ी मामलों का सामना अब नहीं करेगा। अदालत ने फारूक अहमद डार उर्फ बिट्टा कराटे, शब्बीर शाह, मसर्रत आलम, मोहम्मद यूसुफ शाह, आफताब अहमद शाह, अल्ताफ अहमद शाह, नईम खान, मोहम्मद अकबर खांडे, राजा मेहराजुद्दीन कलवाल सहित कश्मीरी 20 अलगाववादी नेताओं के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय किए थे।आरोप पत्र लश्कर-ए-तैयबा के पाकिस्तान में बैठे संस्थापक हाफिज सईद और हिजबुल मुजाहिदीन प्रमुख सैयद सलाहुद्दीन के खिलाफ भी दायर किया गया था, जिन्हें मामले में भगोड़ा घोषित किया गया है।
- लखनऊ। पूर्व कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने बुधवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के समर्थन से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। उन्होंने यह भी बताया कि वह करीब दस दिन पहले, 16 मई को कांग्रेस से इस्तीफा दे चुके हैं।सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संवाददाताओं को बताया कि सिब्बल ने पार्टी के समर्थन से राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया है।नामांकन के दौरान उनके साथ सपा अध्यक्ष के साथ साथ पार्टी के प्रमुख महासचिव रामगोपाल यादव तथा अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।नामांकन दाखिल करने के बाद सिब्बल ने स्पष्ट किया "मैंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन भरा है और मैं अखिलेश जी का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने हमें समर्थन दिया है।" सिब्बल ने यह भी बताया कि वह पिछली 16 मई को ही कांग्रेस से इस्तीफा दे चुके हैं और अब वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नहीं हैं।सिब्बल ने कहा "हम विपक्ष में रह कर एक गठबंधन बनाना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि 2024 में ऐसा माहौल बने कि मोदी सरकार की जो खामियां हैं उन्हें जनता तक पहुंचाया जाए।" सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सिब्बल को समर्थन देने के औचित्य का जिक्र करते हुए कहा "कपिल सिब्बल देश के जाने माने अधिवक्ता हैं। वह लोकसभा में या राज्यसभा में रहे हों, उन्होंने बातों को अच्छी तरह रखा है। हमें उम्मीद है कि देश में जो बड़े-बड़े सवाल हैं... जैसे... आज देश किस रास्ते पर है, महंगाई रुक नहीं रही है और चीन लगातार हमारी सीमाओं पर आगे बढ़ता जा रहा है... इन तमाम बड़े-बड़े सवालों पर कपिल सिब्बल समाजवादी पार्टी के और अपने विचारों को आगे रखेंगे।" गौरतलब है कि सिब्बल को सपा की ओर से राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने की अटकलें मंगलवार से ही लगाई जा रही थीं। हालांकि पार्टी ने इसकी पुष्टि नहीं की थी।सिब्बल ने, भ्रष्टाचार तथा अनेक अन्य आरोपों में लगभग 27 महीने तक सीतापुर जेल में बंद रहे सपा के वरिष्ठ नेता एवं विधायक आजम खां को उच्चतम न्यायालय से जमानत दिलवाने में उनके वकील के तौर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। खां अपने प्रति कथित बेरुखी को लेकर सपा नेतृत्व से नाराज हैं। माना जा रहा है कि सिब्बल को समर्थन देकर इस नाराजगी को दूर करने की कोशिश की गई है।उत्तर प्रदेश की 11 राज्यसभा सीटों के लिए नामांकन की प्रक्रिया मंगलवार को शुरू हुई है। इस चुनाव के लिए मतदान आगामी 10 जून को होगा। प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा में सपा के 111 सदस्य हैं और वह तीन उम्मीदवारों को आसानी से राज्यसभा भेज सकती है। पार्टी ने फिलहाल सिब्बल को अपना समर्थित प्रत्याशी घोषित किया है। बाकी दो सीटों पर अपने उम्मीदवारों को लेकर सपा ने अभी खुलासा नहीं किया है।
-
फतेहपुर (उत्तर प्रदेश) । उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गांजा तस्कर को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस दल पर कथित हमला कर तस्कर को छुड़ा ले जाने के आरोप में पुलिस ने मंगलवार को 22 ग्रामीणों को गिरफ्तार किया। उल्लेखनीय है कि रविवार को हुए इस हमले थाना प्रभारी और एक महिला सिपाही घायल हुए थीं।
थरियांव थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि रविवार को मीरपुर गांव के रहने वाले गांजा तस्करी के आरोपी मुन्ना उर्फ राजीव सिंह को गिरफ्तार करने पुलिस दल गया था। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने पर ग्रामीण भड़क गए और पुलिस दल पर हमला कर उसे (मुन्ना उर्फ राजीव सिंह को) पुलिस हिरासत से छुड़ा ले गए। उन्होंने बताया कि इस हमले में उन्हें खुद और एक महिला सिपाही प्रीति वर्मा को चोटें आई थी। इस सिलसिले में 21 नामजद और 50 से अधिक अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ संज्ञेय धाराओं में मामला दर्ज किया गया था, जिनमें मंगलवार को 22 ग्रामीणों को गिरफ्तार किया गया है। -
मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने मंगलवार को कहा कि प्राथमिक सहकारी बैंक महानगरों में लोगों को अपने मकानों की मरम्मत या उसमें बदलाव को लेकर 10 लाख रुपये तक का कर्ज दे सकते हैं। इससे पहले ऐसे बैंकों के लिये मकान मरम्मत या उसमें बदलाव को लेकर कर्ज सीमा में संशोधन सितंबर, 2013 में किया गया था। उसके तहत वे ग्रामीण और छोटे कस्बों में दो लाख रुपये तथा शहरी क्षेत्रों में पांच लाख रुपये तक का कर्ज दे सकते थे। आरबीआई ने प्राथमिक (शहरी) सहकारी बैंकों के लिए जारी परिपत्र में कहा, ‘‘ऐसे कर्ज की सीमा अब बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गयी है। दस लाख रुपये की सीमा उन शहरों और केंद्रों में है जहां आबादी 10 लाख या उससे अधिक है। अन्य केंद्रों के लिये यह सीमा छह लाख रुपये होगी। -
हुबली/बेंगलुरु। कर्नाटक के हुबली में मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि हादसा पास में ही हुबली-धारवाड़ बाईपास मार्ग पर एक निजी बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर से हुआ। हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने दुख जताया और दोनों ने ही अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया। प्रधानमंत्री मोदी ने जान गंवाने वाले हर व्यक्ति के परिजनों को ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष' से दो-दो लाख लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये देने का ऐलान किया, जबकि बोम्मई ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये देने का ऐलान किया। बस महाराष्ट्र के कोल्हापुर से बेंगलुरु जा रही थी, जबकि ट्रक विपरीत दिशा में आ रहा था। पुलिस ने कहा कि यह घटना तब हुई जब बस चालक ट्रैक्टर को ओवरटेक करने की कोशिश में कथित तौर पर नियंत्रण खो बैठा और बस ट्रक से टकरा गयी। पुलिस के मुताबिक छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया, मृतकों में बस और ट्रक के चालक भी शामिल हैं। घायलों को हुबली के कर्नाटक आयुर्विज्ञान संस्थान अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। मामूली रूप से घायल लोगों को आवश्यक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने ट्वीट किया, ‘‘कर्नाटक के हुबली में एक सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। ईश्वर घायलों को जल्द स्वस्थ करे: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।'' कर्नाटक के मुख्यमंत्री बोम्मई विश्व आर्थिक मंच की बैठक में भाग लेने के लिए दावोस में हैं और उन्होंने एक ट्वीट करके लोगों की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री को अनुग्रह राशि देने के लिए धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये देने का निर्देश दिया है। -
नयी दिल्ली। टीटागढ़ वैगन्स लिमिटेड ने मंगलवार को कहा कि उसे 24,177 वैगन की आपूर्ति के लिए भारतीय रेलवे से 7,800 करोड़ रुपये से अधिक का ऑर्डर मिला है। कंपनी ने शेयर बाजार को भेजी जानकारी में बताया कि इस आर्डर को 39 महीने की अवधि में पूरा किया जाना है। कंपनी ने कहा, ‘‘टीटागढ़ वैगन्स को भारतीय रेलवे से 24,177 वैगन के निर्माण और आपूर्ति के आर्डर के लिए स्वीकृति पत्र प्राप्त हुआ है। इस आर्डर का मूल्य 7,838 करोड़ रुपये है।'' टीटागढ़ वैगन्स के वाइस चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक उमेश चौधरी ने कहा कि इस ऑर्डर से न केवल कंपनी की आय बढ़ेगी तथा उसके वित्तीय प्रदर्शन को बढ़ावा मिलेगा। -
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जन स्वास्थ्य विभाग ने समय से कूड़ा न उठाने पर इसके लिए अधिकृत की गई कंपनी मैसर्स साईंनाथ पर 12.47 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी । प्राधिकरण के प्रवक्ता नीरज जौहर ने बताया कि प्राधिकरण ने जुर्माने की रकम ठेकेदार को होने वाले मासिक भुगतान में से काटा है । कूड़ा न उठाने के मामले में यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। उन्होंने बताया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेन्द्र सिंह ने शहर को स्वच्छ बनाने के लिए जागरुकता अभियान के साथ ही गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जनस्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक सलिल यादव के नेतृत्व में टीम सेक्टरों व गांवों में निरीक्षण करने के दौरान समय से कूड़ा न उठने की शिकायत मिली। इस पर जनस्वास्थ्य विभाग ने मैसर्स साईंनाथ कॉन्ट्रैक्टर पर 12.47 लाख रुपये का जुर्माना लगाया और जुर्माने के रकम की कटौती की गयी । -
नयी दिल्ली। राष्ट्रीय संस्मारक प्राधिकरण (एनएमए) ने 2019 से लेकर अब तक 101 धरोहर उप-विधि बनाई है जिसके तहत कुल 126 केंद्र द्वारा संरक्षित स्मारक आते हैं। संस्कृति मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि ताजमहल, कुतुब मीनार, द्वारकाधीश मंदिर, द्वारका, हेमिस गोम्पा लेह और कश्मीर स्थित मार्तण्ड मंदिर के लिए मसौदा उप-विधि को एएसआई की मंजूरी मिलने की प्रतीक्षा है जिसके बाद उन्हें स्वीकृति के लिए संसद भेजा जाएगा। प्राचीन स्मारक और पुरातात्विक स्थल अवशेष अधिनियम और एनएमए के उद्देश्य के तहत, भारत भर में केंद्र द्वारा संरक्षित 3600 स्मारकों के लिए उप-विधि बनाने का कार्य 2012 तक पूरा हो जाना था। एनएमए के अध्यक्ष तरुण विजय ने कहा कि उप-विधि बनाने का कार्य तेजी से किया गया और इसके लिए एक संरक्षण वास्तुकार की अध्यक्षता में अलग से चार सदस्यीय उप-विधि विभाग बनाया गया। विजय ने कहा, “एनएमए में सबसे ज्यादा खुशी तब हुई जब हमने मणिपुर स्थित 14वीं शताब्दी के विष्णु मंदिर, पुरी के जगन्नाथ मंदिर, जबलपुर के चौंसठ योगिनी मंदिर, जगतग्राम अश्वमेध स्थल और उत्तराखंड के लाखा मंडल समूह शिव मंदिरों के लिए उप-विधि बनाई।
-
औरंगाबाद (बिहार), 24 मई (भाषा) पूर्ण शराबबंदी वाले बिहार के औरंगाबाद जिले में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए 67 लोगों को गिरफ्तार किया है। औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने मंगलवार को बताया, ‘‘सभी मौतें मदनपुर प्रखंड से हुई हैं। सोमवार को तीन लोगों की मौत हुई थी जबकि एक दिन पहले दो लोगों की मौत हुई थी।'' उन्होंने बताया कि इसके अलावा कथित शराब पीने के बाद बीमार हुए दो लोगों का पड़ोसी जिले गया के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘मौतों के कारणों का पता लगाना संभव नहीं है क्योंकि पुलिस के आने से पहले ही परिवार के सदस्यों ने शवों का अंतिम संस्कार कर दिया था।'' उन्होंने कहा कि बहरहाल शराबबंदी कानून का खुलेआम उल्लंघन कर क्षेत्र में नकली शराब बेचे जाने की शिकायतों का संज्ञान लिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘हमने अब तक कई अवैध भट्टियों को नष्ट किया है और 67 संदिग्ध शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है।'' गौरतलब है कि बिहार में अप्रैल 2016 में नीतीश कुमार सरकार द्वारा शराब की बिक्री और खपत पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया था। हालांकि, दूसरे राज्यों से तस्करी कर लाए गए शराब की जब्ती आए दिन होने के अलावा पिछले छह महीनों में कथित जहरीली शराब पीने से चार दर्जन से अधिक लोगों की हुई है। -
नयी दिल्ली | दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के बेडे़ में मंगलवार को सीसीटीवी कैमरे, आपात बटन और जीपीएस सहित आधुनिक सुविधाओं से लैस 150 इलेक्ट्रिक बसों को शामिल किया गया। डीटीसी ने करीब 11 साल के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में बसों की खरीद की है। इससे पहले दिन में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इंद्रपस्थ डिपो में इन बसों को हरी झंडी दिखाई। डीटीसी के अधिकारियों ने बताया कि करीब 11 सालों के बाद दिल्ली परिवहन निगम ने इतनी बड़ी संख्या में नयी बसों की खरीद की है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने इस साल जनवरी में प्रोटाइाप को हरी झंडी दिखाई थी। अधिकारियों ने बताया कि इन बसों को शामिल करने से ‘‘लंबा इंतजार''समाप्त हुआ। उन्होंने बताया कि एक बार ढाई घंटे तक पूरी तरह से चार्ज करने के बाद ये बसें 140 से 180 किलोमीटर तक का सफर कर सकती हैं। सरकार द्वारा जारी बयान में कहा कि इन बसों की सबसे खासियत यह है कि ‘‘ये प्रदूषण मुक्त'' है। बयान में कहा गया, ‘‘इन बसों के परिचालन से प्रदूषण नहीं होगा। इन बसों की परिचालन अवधि 10 साल है और इस दौरान सीएनजी बसों की तुलना में 1.6 लाख टन कम पीएम-2.5 और 1. 7 लाख टन कम पीएम 10 का उत्सर्जन होगा।'' इसमें कहा गया, ‘‘शून्य उत्सर्जन के साथ इन बसों में शून्य ध्वनि है। इसके अलावा, इन बसों में जीपीएस उपकरण, दिव्यांगों के लिए रैंप, आपात बटन, सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुरक्षा उपकरण लगे हैं।'' केजरीवाल ने भी इंद्रप्रस्थ डिपो से राजघाट क्लस्टर बस डिपो तक इलेक्ट्रिक बस में सफर किया। केजरीवाल ने कहा, ‘‘इन बसों को बहुत ही आकर्षक और सुंदर तरीके से बनाया है और यात्रा करने में बहुत आरामदायक हैं। आज जिस बस में मैंने सफर किया, उसमें भीड़ थी इसके बावजूद एसी बहुत प्रभावी तरीके से काम कर रहा था। मैं आंदोलन के दिनों को याद कर रहा हूं जब अकसर मैं बस में यात्रा करता था व जिनमें शायद ही एसी चलता था।'' अधिकारियों ने बताया कि टाटा इलेक्ट्रिक बस ढाई से तीन घंटे चार्ज करने पर 180 किलोमीटर तक चल सकती हैं जबकि जेबीएम की बसें पूरी तरह से चार्ज करने 140 किलोमीटर तक सफर कर सकती हैं। उन्होंने कहा, ‘‘प्रत्येक बस दो चक्कर लगाएंगी। एक दिन में और दूसरा शाम को। एक चक्कर में बस करीब 100 से 110 किलोमीटर का सफर तय करेगी और डिपो चार्ज करने के लिए आएंगी।'' अधिकारियों ने बताया, ‘‘ये बसे एक घंटे में ही आधी चार्ज हो जाती है जो शाम के चक्कर के लिए काफी है। रात को जब ये बसें डिपो में लौटेंगी तब पूरी रात चार्ज की जाएंगी।'' उन्होंने बताया कि मौजूदा बैच में 99 बसें जेबीएम ऑटो की जबकि बाकी टाटा की हैं। सरकारी बयान में कहा गया कि डीटीसी ने अपने बेड़े में 150 इलेक्ट्रिक बसों को शामिल कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इसके साथ ही दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन की बसों की कुल संख्या 7,205 हो गई है जिनमें से 3,912 बसें डीटीसी की हैं जबकि 3,293 बसें क्लस्टर की हैं। इसके साथ ही दिल्ली सरकार ने इन बसों के लिए तीन इलेक्ट्रिक डिपो रोहिणी सेक्टर-37, मुंडेलाकलान और राजघाट-2 स्थापित की है। -
इंदौर । मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में पीट-पीटकर 21 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक युवक की प्रेमिका के परिजनों ने इस जोड़े को आपत्तिजनक हालत में देखने के बाद आग-बबूला होकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) भगवत सिंह विरदे ने बताया कि खुड़ैल के ग्रामीण क्षेत्र में विनोद चौहान (21) नामक युवक का मंगलवार की सुबह शव बरामद किया गया । विरदे ने शुरुआती जांच के हवाले से बताया कि एक युवती के परिजनों ने चौहान पर सोमवार को उस वक्त हमला किया, जब वह खेत में अपनी इस प्रेमिका के साथ आपत्तिजनक अवस्था में था। पुलिस अधीक्षक ने बताया,‘‘चौहान के शव की हालत देखकर लगता है कि उसे तब तक पीटा गया, जब तक उसकी जान नहीं निकल गई। हमें आशंका है कि उसका गला भी घोंटा गया।'' उन्होंने बताया कि चौहान की हत्या के बाद युवती के माता-पिता तथा भाई फरार हो गए और उनकी तलाश की जा रही है। -
नयी दिल्ली। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय ने मंगलवार को कचरा मुक्त शहरों के लिए ‘अपशिष्ट से समृद्धि की ओर' विषय के साथ ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2023' शुरू किया। यह वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण का आठवां संस्करण है मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सर्वेक्षण स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत ‘3 आर' के सिद्धांत - ‘रिड्यूस' (कम करना), ‘रीसायकल' (पुनर्चक्रण) और ‘रीयूज' (पुन: उपयोग) को प्राथमिकता देगा। कार्यक्रम में केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के सचिव मनोज जोशी ने कहा कि ‘‘स्वच्छ सर्वेक्षण'' केवल एक मूल्यांकन माध्यम के बजाय एक प्रेरणादायक माध्यम के रूप में विकसित हुआ है। इसमें कहा गया है कि सबसे बड़े सर्वेक्षण ने जमीनी स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव लाए हैं, शहरों ने अच्छा प्रदर्शन किया है और इसे लेकर गर्व की भावना है। जोशी ने कहा कि ‘‘स्वच्छ सर्वेक्षण'' न केवल शीर्ष प्रदर्शन करने वालों के लिए है, बल्कि कम उपलब्धि हासिल करने वालों के लिए भी महत्वपूर्ण है। मंत्रालय ने कहा कि ‘‘स्वच्छ सर्वेक्षण'' 2022 में 4,355 शहर और 85,860 वार्ड शामिल थे।
-
हैदराबाद। अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने भारत बायोटेक के कोविड-19 टीके ‘कोवैक्सीन' के तीन में से दूसरे चरण के क्लिनिकल परीक्षण पर लगाई गई रोक हटा ली है। अमेरिका और कनाडा में इस टीके के लिए भारत बायोटेक के साझेदार ओकुजेन इंक द्वारा जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई। ओकुजेन इंक के अध्यक्ष, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और सह-संस्थापक डॉ शंकर मुसुनुरी ने कहा, ‘‘हम काफी खुश हैं कि हम कोवैक्सीन के लिए अपने क्लिनिकल परीक्षण पर आगे बढ़ सकते हैं। हमारा मानना है कि एक अतिरिक्त, अलग तरह का टीका उपलब्ध कराने की जरूरत प्राथमिकता बनी हुई है।'' परीक्षण को रोकने के लिए अप्रैल में लिया गया एफडीए का फैसला परीक्षणों में शामिल लोगों को टीके की खुराक देने में अस्थायी रोक को स्वैच्छिक रूप से लागू करने संबंधी अमेरिकी कंपनी के फैसले पर आधारित था। भारत में कोवैक्सीन की उत्पादन इकाइयों पर विश्व स्वास्थ्य संगठन की टिप्पणी के बाद यह फैसला लिया गया था। मुसुनुरी ने कहा कि पूर्व में डब्ल्यूएचओ ने अमेरिकी खरीद एजेंसियों के जरिये कोवैक्सीन की आपूर्ति को स्थागित कर दिया था। डब्ल्यूएचओ के निरीक्षकों ने भारत बायोटेक के उत्पादन संयंत्रों में जीएमपी (अच्छे उत्पादन व्यवहार) में कमी पाई थी जिसके बाद यह कदम उठाया गया था। डब्ल्यूएचओ के निरीक्षण के बाद, भारत बायोटेक ने कहा था कि वह कार्य निष्पादन बेहतर तरह से करने के लिए अपने सभी उत्पादन संयंत्रों में अस्थायी रूप से कोवैक्सीन का उत्पादन धीमा कर रहा है क्योंकि उसने खरीद एजेंसियों के प्रति अपने आपूर्ति दायित्वों को पूरा कर लिया है तथा उसे मांग में कमी आने का अनुमान है।
-
गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में 25 वर्षीय एक फैशन डिजाइनर ने इमारत की 14वीं मंजिल से कथित रूप से कूद कर खुदकुशी कर ली। वह यहां गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड स्थित इस बहुमंजिला इमारत में रहती थी। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि मृतका की पहचान चारू खुराना के तौर पर हुई है जो हरियाणा के करनाल की रहने वाली थी। उन्होंने बताया कि वह नौकरी की तलाश में गुरुग्राम में रह रही थी और करीब डेढ़ महीने से ग्वाल पहाड़ी स्थित वैली व्यू स्टेट में किराये के फ्लैट में रह रही थी। पुलिस ने कहा कि पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
डीएलएफ फेज़-1 थाने के प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया, “सोमवार की रात करीब आठ बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला 14वीं मंजिल की बालकनी से कूद गई है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उसे एक निजी अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।” उन्होंने बताया, “उसके परिवार के सदस्य आज सुबह गुरुग्राम पहुंचे। उन्होंने किसी को दोष नहीं दिया। हमें सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। -
बिजनौर (उप्र). बिजनौर जिले के मंडावली थाना इलाके में जमीन के लालच में बड़े भाई ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर कथित रूप से छोटे भाई की हत्या कर दी। आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। बिजनौर के पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि थाना मंडावली के जंगल ग्राम रामनगर में 20 मई को एक युवक का शव मिला था जिसकी शिनाख्त थाना बिजनौर के गांव रशीदपुर गढ़ी के लवी(20) के रूप मे हुई थी। लवी के दादा ने थाना मंडावली में अपने ही पोते आरोपी शोभित (28) आदि के विरुद्ध लवी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी शोभित और उसके साथी आरोपी वासु व आरोपी गजेंद्र को रविवार को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कार, गमछा और मोबाइल बरामद किया। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी शोभित से की गई पूछताछ के हवाले से बताया कि आरोपी शोभित और उसके छोटे भाई लवी के हिस्से में साढ़े आठ—साढ़े आठ बीघा जमीन आई थी। नशे के लती आरोपी शोभित ने अपनी जमीन बेच दी और सारा पैसा खर्च कर दिया। आरोपी शोभित ने अपने भाई लवी की जमीन हड़पने की लालच में अपने दोस्तों के साथ मिलकर भाई की हत्या की योजना बनाई। उसने अपने दोस्तों को 25-25 हजार रुपये की पेशगी दी और डेढ़ लाख रुपये हत्या के बाद देने का वादा किया। इसके बाद योजना के तहत 19 मई को तीनों आरोपी शोभित, वासु और गजेंद्र ने लवी को हरिद्वार घुमाने के लिए कार से लेकर चल दिये। रास्ते में लकड़हान नदी के किनारे सभी ने मिलकर शराब पिये और जब लवी नशे में हो गया तो तीनों आरोपियों ने गमछे से उसका गला घोंट दिया। तीनों हत्या करने के बाद शव फेंककर फरार हो गये। -
जयपुर. राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के बडलियास थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक मिनी ट्रक सड़क किनारे खडे़ ट्रक से टकराने के बाद उसके अंदर घुस गया। इससे मिनी ट्रक में सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गये। थानाधिकारी राजेंद्र ने सोमवार को बताया कि हादसे के समय मिनी ट्रक में सवार सभी छह लोग जोगणिया माता के कार्यक्रम से टेंट का सामान लेकर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान मांगीलाल मीणा (30) व राजू मीणा (35) के रूप में की गई है। चारों घायलों में से तीन गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें उपचार के लिये उदयपुर भेजा गया है। एक घायल का इलाज भीलवाड़ा के राजकीय अस्पताल में उपचार जारी हैं। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये। इस संबंध में सड़क किनारे खड़े ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
-
ठाणे. महाराष्ट्र पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद से ट्यूशन पढ़ाने वाले एक शिक्षक को, 13 वर्षीय एक लड़की का ठाणे स्थित उसके घर के पास से कथित तौर पर अपहरण करने के मामले में गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ठाणे स्थित कल्याण टाउनशिप की रहने वाली लड़की एक मई से लापता थी और उसके परिजनों ने बाद में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। कल्याण तालुका थाने के अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि उसी इलाके में रहने वाला एक ट्यूशन टीचर भी एक मई से लापता है। अधिकारी के मुताबिक, पुलिस ने शिक्षक का मोबइल नंबर ट्रैक किया, जिससे उसके फरीदाबाद में होने की बात सामने आई। उन्होंने बताया कि इसके बाद कल्याण तालुका पुलिस ने फरीदाबाद पुलिस से संपर्क किया और आरोपी की तस्वीर व अन्य विवरण भेजा। अधिकारी के अनुसार, फरीदाबाद पुलिस ने आरोपी और लड़की को वहां देख लिया, जिसके बाद ठाणे से एक पुलिस टीम शनिवार को हरियाणा पहुंची। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लड़की को उसके कब्जे से छुड़ा लिया है।
-
कन्नौज . कन्नौज जिले के सौरिख थाना क्षेत्र में सोमवार को एक व्यक्ति ने अपने ही भांजे की कथित तौर पर हत्या कर दी और खुद ही थाने पहुंच गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार सोमवार की सुबह ग्राम दरिया नगला निवासी आरोपी सूरजपाल हाथ में खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर सौरिख थाने में पहुंचा। आरोपी सूरजपाल ने थानाध्यक्ष को बताया कि उसने विवाद में अपने भांजे सुनील कुमार (32) की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार सुनील कुमार मैनपुरी जिले के एलाऊ थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी भीकम सिंह का पुत्र था। आरोपी सूरजपाल के हवाले से पुलिस ने बताया कि सुनील कुमार बचपन से ही अपने ननिहाल में था और उसका पिता भीकम सिंह अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में जेल में बंद है। भीकम सिंह की तबीयत खराब होने की वजह से उसे कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिसे आरोपी सूरजपाल देखने जाना चाहता था, लेकिन सुनील ने उसे रोक दिया। इसी बात पर दोनों के बीच लड़ाई हुई और मामा ने अपने भांजे की हत्या कर दी। इसके बाद वह थाने पहुंचा और खुद घटना की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने बताया कि हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों के साथ घटनास्थल का भी दौरा किया।
-
नयी दिल्ली. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोलकाता हवाई अड्डे से करीब दो लाख डॉलर और यूरो जब्त किए हैं। जब्त विदेशी मुद्रा की कीमत 1.53 करोड़ रुपये है। संघीय जांच एजेंसी ने एक बयान में कहा कि उसने 1,65,000 अमेरिकी डॉलर और 30,460 यूरो जब्त किए हैं। पश्चिम बंगाल के कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तैनात सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने ईडी को बताया था कि उन्होंने एक यात्री के पास से 21 मई को विदेशी मुद्रा बरामद की है। इसके बाद ईडी ने इसे जब्त किया। ईडी ने कहा कि यात्री उत्तर प्रदेश में गोरखपुर से इंडिगो एयरलाइंस की एक उड़ान से कोलकाता पहुंचा था। इस यात्री की पहचान नहीं बताई गई है। उसने कहा कि मुसाफिर विदेशी मुद्रा का स्रोत बताने और बिना वैध दस्तावेज के इतनी बड़ी रकम के साथ यात्रा करने का मकसद बताने में नाकाम रहा और विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम के तहत विदेशी मुद्रा को जब्त कर लिया गया है। उसने कहा कि मामले की छानबीन जारी है। -
गुवाहाटी। असम में बाढ़ की स्थिति में सोमवार को थोड़ा सुधार हुआ, हालांकि, एक और व्यक्ति की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 25 हो गई। एक आधिकारिक बुलेटिन में बताया गया कि राज्य के 22 जिले और साढ़े छह लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार, कछार जिले के सिलचर में बाढ़ के पानी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके साथ ही, राज्य में इस वर्ष बाढ़ और भूस्खलन के कारण जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 25 हो गई। राज्य में नागांव सबसे बुरी तरह प्रभावित है जहां 3.51 लाख से अधिक लोग संकट झेल रहे हैं।
प्राधिकरण के अनुसार इस समय राज्य के 1,709 गांव जलमग्न हैं और 82,503 हेक्टेयर में फैली फसल नष्ट हो गयी है। -
नयी दिल्ली। बाजार नियामक संस्था सेबी ने सोमवार को एक व्यक्ति पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जो एक दशक से भी ज्यादा समय पहले दो कंपनियों के शेयर की बिकवाली में फर्जी तरीके से शामिल था। आईडीएफसी लिमिटेड और सास्केन कम्युनिकेशन्स लिमिटेड का आईपीओ 2005 में आया था। सेबी ने इन कंपनियों के आईपीओ के दौरान शेयर की खरीद में हुई कथित अनियमितताओं की जांच की थी और भानुप्रसाद दीपक कुमार त्रिवेदी पर जुर्माना लगाया।
-
नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के दादरी थाना क्षेत्र के घोड़ी बछेड़ा गांव में शादी के पंडाल में चल रहे जनरेटर के तार से करंट लगने के कारण एक युवक की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। दादरी थाने के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि घोड़ी बछेड़ा गांव में एक बारात के स्वागत के लिए पंडाल लगाया गया था, जो रविवार रात तेज आंधी आने के कारण गिर गया। सिंह के मुताबिक, हालांकि पंडाल में लगा जरनेटर चल रहा था और उसके पास से गुजर रहा विक्रम (25 वर्ष) जरनेटर के तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में गया। उन्होंने बताया कि विक्रम को बचाने के लिए एक युवक आया और उसे भी करंट लग गया। सिंह के अनुसार, दोनों युवकों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर विक्रम की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
-
नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले की बीटा-2 थाना पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की सात मोटरसाइकिल बरामद की हैं। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। बीटा-दो थाने के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि रविवार रात को गश्त पर निकली पुलिस ने एच्क्षर चौकी के पास से आरोपी विशाल को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में विभिन्न जगहों से चोरी की सात मोटरसाइकिल बरामद की हैं। थाना प्रभारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया है कि वह एनसीआर से वाहन चोरी करने के बाद उन्हें उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में बेचता है।



.jpg)
.jpg)






















