- Home
- देश
-
जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी और लू का दौर जारी रहने के बीच प्रदेश में रविवार को बांसवाड़ा और बाड़मेर सर्वाधिक गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने इसकी जानकारी दी । मौसम विभाग ने बताया कि रविवार को बांसवाडा का अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस जबकि बाड़मेर में अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने बताया कि दोनों शहरों का तापमान सामान्य से करीब 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर, गंगानगर, डूंगरपुर,बांसवाडा,नागौर, जालौर और चूरू, में लू चलने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। विभाग ने बताया कि राज्य के अधिकतर प्रमुख स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से दो से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि रविवार को बाडमेर में अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस, नागौर में 45.6 डिग्री, बीकानेर-गंगानगर-जैसलमेर में 45.5-45.5 डिग्री, डूंगरपुर में 45.4 डिग्री, जालौर में 45.1 डिग्री, चूरू में 45 डिग्री, कोटा में 44.6 डिग्री, पिलानी-जोधपुर में 44-44 डिग्री, अलवर में 43.9 डिग्री, भीलवाडा में 43.4 डिग्री, चित्तोडगढ में 43.2 डिग्री, अजमेर में 43 डिग्री, जयपुर में 42.6 डिग्री, उदयपुर में 42.4 डिग्री सीकर में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि राज्य के अधिकतर शहरों में शनिवार की रात तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस से लेकर 22.3 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। विभाग ने आगामी चार दिनों तक बांसवाडा, डूंगरपुर, धौलपुर, झुंझुनूं, टोंक, करौली, सवाईमाधोपुर, बीकानेर, बाडमेर, जैसलमेर, जोधपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ, चूरू में लू चलने की संभावना जताई है। -
नई दिल्ली। बिहार लोक सेवा आयोग- बीपीएससी ने कल संचालित 67वीं संयुक्त प्रतियोगी प्रारंभिक परीक्षा रद्द कर दी है। प्रश्नपत्र ऑनलाइन वायरल हो जाने के बाद आयोग ने यह निर्णय लिया। पेपर लीक का संज्ञान लेते हुए आयोग ने इस मामले में जांच का आदेश दिया। परीक्षा की नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी।
बी पी एस सी के अध्यक्ष आर. के. महाजन ने कहा कि यह मामला संबंधित प्राधिकरणों के साथ उठाया गया है और साइबर प्रकोष्ठ इसकी छानबीन कर रहा है।बिहार के पुलिस महानिदेशक एस. के. सिंघल ने कहा कि राज्य सरकार की आर्थिक अपराध इकाई को पेपर लीक मामले की जांच का निर्देश दिया गया है। - धौलपुर. राजस्थान के धौलपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार को चंबल नदी में नहाने गये तीन सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। कोतवाली थाना के प्रभारी अध्यात्म गौतम ने बताया कि चंबल नदी के किनारे स्थित राजघाट गांव के रहने वाले खेमचंद निषाद के तीन बेटे रोहित उर्फ राहुल (10), चिराग (8) और कान्हा (6) रविवार सुबह चंबल नदी में नहाने के लिए गए थे। उन्होंने बताया कि चंबल नदी किनारे तीनों बच्चों के कपड़े पड़े देखकर परिजनों ने बच्चों के नदी में डूबने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। गौतम ने बताया कि पुलिस ने तीनों के शवों को गोताखोरों की मदद से बाहर निकलवाया गया और पोस्टमार्टम के बाद में तीनों शवों को परिजनों को सौंप दिया गया।-file photo
- मुंबई. महाराष्ट्र में पालघर जिले के दहानू रोड रेलवे स्टेशन पर स्वराज एक्सप्रेस ट्रेन के शौचालय के भीतर रविवार की दोपहर 20 साल की एक महिला का शव मिला। उसके गले के आसपास कपड़ा बंधा था जिससे उसके आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि महिला जिस ट्रेन में यात्रा कर रही थी वह बांद्रा से जम्मूतवी जा रही थी। उन्होंने कहा कि यात्रा शुरू होने के बाद महिला शौचालय गयी, लेकिन वह काफी देर तक अपनी सीट पर नहीं लौटी, जिसके बाद यात्रियों ने अधिकारियों को इसकी सूचना दी। पुलिस सूत्रों ने कहा, ‘‘ट्रेन के एस-चार कोच के यात्रियों ने बताया कि महिला शौचालय गयी और बहुत देर तक अपनी सीट पर नहीं लौटी। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई उत्तर नहीं मिला। बाद में, टिकट जांच करने वाले अधिकारी और यात्रियों ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया लेकिन यह अंदर से बंद था।'' उन्होंने कहा कि तब ट्रेन को दहानु रोड रेलवे स्टेशन पर अपराह्न करीब 1.10 बजे रोका गया और इसके बाद ट्रेन कर्मचारियों ने शौचालय के दरवाजे को खोला तो महिला फर्श पर पड़ी थी और उसकी गर्दन में कपड़ा बंधा था। अधिकारियों ने कहा कि यह आत्महत्या का मामला लगता है। उन्होंने बताया कि उसके पास से प्राप्त आधार कार्ड से उसकी पहचान बिहार निवासी आरती कुमारी के रूप में हुई है। अधिकारियों ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा है और जांच की जा रही है।-file photo
- नयी दिल्ली. भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास ने धरती से परे किसी अन्य ग्रह पर उत्पादों के विनिर्माण के लिहाज से प्रौद्योगिकी विकसित करने तथा भारत में इस क्षेत्र में मौजूद अंतराल को पाटने के लिए एक अनुसंधान समूह स्थापित किया है। इस दल के अनुसार, भारत प्रक्षेपण यान और उपग्रहों के विनिर्माण के लिए प्रौद्योगिकियां विकसित करने तथा उन्हें लागू करने के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। हालांकि निकट भविष्य में जरूरत होगी कि ऐसे उत्पादों का निर्माण और संयोजन अंतरिक्ष तथा दूसरे ग्रहों पर हो सके ताकि इनका अंतरिक्ष में भी उपयोग हो सके और इन्हें पृथ्वी पर भी लाया जा सके। अनुसंधानकर्ताओं ने कहा कि इन चुनौतियों से निपटने के लिए व्यापक उत्पादन तकनीक विकसित करनी होंगी जिनमें पदार्थों और फंक्शनल ऑप्टिकल पॉलीमर की 3डी प्रिंटिंग, डायमंड सिंगल क्रिस्टल, सोलर सेल आदि शामिल हैं। यह अनुसंधान समूह भारत में स्थापित पहली ‘माइक्रोग्रेविटी ड्रॉप टॉवर रिसर्च फेसिलिटी' में काम करेगा जो आईआईटी मद्रास में नेशनल सेंटर फॉर कंबशन रिसर्च एंड डेवलपमेंट में स्थापित किया गया है।
- कोटा. राजस्थान के झालावाड़ जिले में रविवार सुबह लापता चार वर्षीय बच्ची का शव एक घर के पास रेत में दफन पाया गया, जिसके सिर पर गहरी चोट के निशान थे। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्ची शनिवार शाम भवानीमंडी थाना क्षेत्र के मेहरपुर गांव में अपने घर से लापता हो गई थी। पुलिस ने बताया कि बच्ची अपनी कलाई में चांदी के कंगन पहनती थी जो गायब हैं।झालावाड़ जिले की पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन ने कहा, ''प्रथम दृष्टया, हत्या के पीछे मकसद चोरी करना लगता है। मामले के संबंध में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।'' भवानीमंडी के थाना प्रभारी महेश सिंह ने बताया, शनिवार रात को बच्ची के लापता होने की सूचना के बाद पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया था। उन्होंने कहा कि रविवार सुबह गांव में घर-घर जाकर तलाशी ली गई और लड़की रेत में दबी मिली। सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम करने के बाद बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।-file photo
- जलपाईगुड़ी. पश्चिम बंगाल में जलपाईगुड़ी जिला स्थित बिन्नागुरी छावनी में रविवार को एक तेंदुआ घुस गया जिससे दहशत फैल गई। वन विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेना के अधिकारियों ने जल्द ही वन विभाग को तेंदुए के बारे में सूचित किया।अधिकारियों ने कहा कि वन कर्मियों ने तेंदुए को सुरक्षित बचाया और इलाज के लिए लाटागुरी पर्यावरण केंद्र ले गए। उन्होंने कहा कि इलाज के बाद तेंदुए को उत्तरी बंगाल के जंगलों में छोड़ दिया जाएगा।
-file photo - अशोकनगर . मध्यप्रदेश के अशोक नगर जिले के एक सरकारी अस्पताल में तांत्रिक द्वारा वहां भर्ती एक महिला मरीज पर कथित झाड-फूंक किए जाने का वीडियो सामने आया है। यह घटना शुक्रवार रात अशोकनगर जिला अस्पताल में हुई, जिसके बाद स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि उस समय वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों को नोटिस दिए जाएंगे। घटना की पुष्टि करते हुए सिविल सर्जन डॉ. डी के भार्गव ने रविवार को बताया कि 65 वर्षीय कछिया बाई अहिरवार पर इस तरह की क्रिया की जानकारी लगते ही स्टाफ मौके पर पहुंचा और उसके परिजनों को तांत्रिक क्रिया करने से मना किया। लेकिन परिजन इस पर विवाद करने पर उतारू हो गए। उन्होंने कहा कि इस महिला को कथित झाड़-फूंक से कुछ दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। भार्गव ने बताया कि इस महिला के परिजनों ने बताया कि उसको कथित बाहरी हवा लगने का अंदेशा है, इसके चलते झाड़-फूंक कराने तांत्रिक को लेकर आए थे। इसी बीच, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) नीरज छारी ने कहा कि उन्हें वायरल हुए इस वीडियो की जानकारी है। उन्होंने कहा कि उस समय ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों को घटना के संबंध में नोटिस दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल में इस तरह का तंत्र-मंत्र नहीं किया जाना चाहिए था। कथित वीडियो में तांत्रिक अपनी हथेली में पानी लेकर कुछ मंत्रोच्चार कर महिला के चेहरे पर फेंकते हुए दिखाई दे रहा है।
- बहराइच (उत्तर प्रदेश) । कतर्नियाघाट जंगल से सटे गूढ़ गांव के एक तालाब में शनिवार को नहा रहे आठ वर्षीय बालक को मगरमच्छ खींच कर ले गया। रात करीब 12 बजे के बाद बच्चे का क्षत-विक्षत शव बरामद हो सका है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस घटना के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क पर रास्ता जाम कर प्रदर्शन किया।पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि मोतीपुर थाना क्षेत्र स्थित गूढ़ इलाके का निवासी वीरेंद्र (आठ) शनिवार दोपहर अपनी छोटी बहन के साथ कतर्नियाघाट जंगल किनारे स्थित तालाब पर गया था। उन्होंने बताया कि वीरेंद्र तालाब में नहा रहा था तभी एक मगरमच्छ ने उसका पैर पकड़ लिया और खींचकर गहरे पानी में ले गया। उन्होंने बताया कि तालाब किनारे खड़ी छोटी बहन का शोर सुनकर जब तक आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचते तब तक मगरमच्छ बच्चे को लेकर गहरे पानी में ओझल हो गया। घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर रास्ता जाम कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों की मांग थी कि तालाब में मौजूद मगरमच्छ को पकड़कर अन्यत्र ले जाया जाए। बहरहाल, पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। प्रभागीय वनाधिकारी आकाशदीप बधावन के अनुसार दस घंटे के अथक प्रयासों के बाद देर रात करीब 12 बजे बच्चे का क्षत-विक्षत शव बरामद हो सका। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मगरमच्छ को पकड़ने के लिए तालाब के चारों तरफ जाल लगाया गया है। मगरमच्छ को पकड़कर उसे जंगल से बहने वाली नदी में छोड़ा जायेगा, जिससे दोबारा ऐसी घटना ना हो।
- उज्जैन (मप्र),। मध्यप्रदेश के उज्जैन के रहने वाले 42 वर्षीय एक व्यक्ति ने अधिकारियों से शिकायत की है कि एक दुकान से उसे कथित तौर पर मिलावटी शराब बेची गई है. क्योंकि इसे पीने के बाद उसे नशा नहीं हुआ। इस शिकायत के बाद यहां के आबकारी आयुक्त ने अधिकारियों से मामले की जांच करने और तदनुसार कार्रवाई करने के लिए कहा है। उज्जैन के बहादुर गंज इलाके के निवासी लोकेश सोठिया ने अपनी शिकायत में कहा कि उन्होंने 12 अप्रैल को यहां एक दुकान से देसी शराब की चार सीलबंद बोलतें (पव्वा)खरीदीं। सोठिया ने बताया, ‘‘मेरे दोस्त और मैंने उन बोतलों में से दो (प्रत्येक 180 मिलीलीटर) से शराब का सेवन किया, लेकिन मुझे नशा महसूस नहीं हुआ।'' सोठिया पार्किंग स्थल का संचालन करता है। व्यक्ति ने दावा किया कि बोतलों में शराब के साथ पानी मिला हुआ था।सोठिया ने कहा, ‘‘मैंने दो अन्य बोतलों की सील अब तक नहीं खोली है और जब आवश्यक होगा तो सबूत के रूप में पेश करूंगा। खाद्य पदार्थ, तेल और अन्य चीजों में मिलावट की खबरें आती रहती हैं, लेकिन अब शराब में भी ऐसा किया जा रहा है। यह ठीक नहीं है। मैं उपभोक्ता फोरम में जाऊंगा।'' उन्होंने कहा कि वह पिछले दो दशकों से शराब का सेवन कर रहे हैं और इसके स्वाद और गुणवत्ता के बारे में अच्छी तरह से जानते हैं। सोठिया ने बताया, ‘‘मैंने मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और उज्जैन के आबकारी आयुक्त इंदर सिंह डामोर से मुझे बेची गई इस मिलावटी शराब के बारे में शिकायत की है।'' इस बारे में पूछे जाने पर डामोर ने बताया, ‘‘इस प्रकरण की जांच करने का निर्देश अपने अधीनस्थ को दिया है। जांच में जो सामने आएगा, उस अनुसार कार्रवाई की जाएगी।'' सोठिया के वकील नरेंद्र सिंह धाकडे ने बताया, ‘‘लोकेश सोठिया के साथ हुई धोखाधड़ी का प्रकरण हम उपभोक्ता फोरम में ले जा रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘मेरे मुवक्किल का ‘पेड पार्किंग' का व्यवसाय है। वह बरसों से शराब पीते हैं, इसलिए उन्हें मिलावटी और असली शराब की पहचान है।
- नयी दिल्ली। केंद्र सरकार ने फॉरेन करेसपोंडेंट्स क्लब (एफसीसी) से कहा है कि वह उसे आवंटित दिल्ली स्थित बंगला 31 जुलाई तक खाली कर दे। एक आधिकारिक दस्तावेज से यह जनकारी सामने आई है। चार मई को एफसीसी अध्यक्ष को लिखे पत्र में केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के तहत काम करने वाले संपदा निदेशालय ने कहा कि उसने मथुरा रोड स्थित बंगले को रखने की अवधि 31 जुलाई तक बढ़ा दी है। उप निदेशक (संपदा) हरि एमपी ने अपने पत्र में कहा, ‘‘मुझे सरकारी बंगला संख्या एबी -19, मथुरा रोड, नई दिल्ली को 31 जुलाई, 2022 तक जारी नियम एवं शर्तों के साथ रखने की सक्षम प्राधिकारी की सैद्धांतिक मंजूरी के बारे में बताने का निर्देश दिया गया है, जिसे दक्षिण एशिया के फॉरेन करेसपांडेंट्स क्लब को आवंटित किया गया है।'' पत्र में एफसीसी अध्यक्ष को एक उपयुक्त स्थान खोजने और 31 जुलाई तक या इससे पहले उक्त बंगले को खाली करने की व्यवस्था करने के लिए कहा गया है। सरकार के इस कदम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए एफसीसी अध्यक्ष मुनीश गुप्ता ने कहा कि उन्हें कल तक औपचारिक रूप से पत्र नहीं मिला था। गुप्ता ने कहा, ‘‘हम समीक्षा के बाद प्रतिक्रिया देंगे। एफसीसी और अन्य को इस तरह के नोटिस अतीत में भेजे गए हैं।
- जयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले के गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक निजी बस से लगभग 1222 किलोग्राम चांदी बरामद की है। पुलिस ने रविवार को बताया कि बरामद चांदी की बाजार में कीमत लगभग आठ करोड़ रुपये आंकी गई है।पुलिस ने बताया कि मुखबीर की सूचना के आधार पर शुक्रवार रात को अहमदाबाद से आगरा जा रही एक निजी बस की जांच की गई जिसमें से लदे पार्सल से चांदी की ईंटें और आभूषण मिली। गोवर्धन विलास थाने के थानाधिकारी चैलसिंह ने रविवार को बताया कि बस चालक से जब पूछताछ की गई तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया । उन्होंने बताया कि ना ही चालक के पास बस में ले जाई जा रही लगभग 1222 किलोग्राम चांदी के कोई दस्तावेज मिले। उन्होंने बताया कि बस से बरामद लगभग 1222 किलोग्राम चांदी में 450 किलोग्राम चांदी की ईंटे और 772 किलोग्राम चांदी के आभूषण हैं। चांदी के पार्सल को अहमदाबाद से बस में लादा गया था और इन्हें उदयपुर सहित जयपुर और आगरा के विभिन्न स्थानों पर उतारा जाना था। अधिकारी ने बताया कि पुलिस दल मामलें की जांच कर रहा है और यदि पार्सल अवैध पाया गया तो इस संबंध में मामला दर्ज किया जायेगा।
- अमरेली. गुजरात में स्थित एक वन क्षेत्र में अपने ट्रैक्टर से शेर का पीछा करते हुए उसे परेशान करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। हाल ही में एक वीडियो सामने आया था, जिसमें आरोपी राहुल बलदानिया को अमरेली के राजुला वन क्षेत्र में सड़क पर अपने ट्रैक्टर के साथ शेर का पीछा करते हुए देखा गया था। वन क्षेत्र के प्रभारी आर ए जिंजुवाडिया ने बताया कि व्यक्ति को शुक्रवार को गिरफ्तार कर उसके वाहन को जब्त कर लिया गया है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया। लेकिन अदालत ने शनिवार को आरोपी को जमानत दे दी। गुजरात में गिर राष्ट्रीय उद्यान दुनिया में एशियाई शेरों का एकमात्र निवास स्थान है।पिछले साल मार्च में, गिर सोमनाथ जिले की एक अदालत ने शेर पर एक अवैध कार्यक्रम आयोजित करने के आरोप में सात लोगों को एक से तीन साल तक की जेल की सज़ा सुनाई थी। गुजरात सरकार की ओर से जारी 2020 की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में एशियाई शेरों की आबादी 674 थी, जो 2015 में मौजूद 523 शेरों की आबादी से लगभग 29 प्रतिशत अधिक है।
- टीकमगढ़ . मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन पर तेज गति से चल रही मालगाड़ी के सामने कूद कर एक प्रेमी युगल ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। टीकमगढ़ देहात पुलिस थाना के निरीक्षक नासिर फारुकी ने रविवार को बताया कि यह घटना शनिवार शाम को टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन पर हुई। जब यह घटना हुई, उस वक्त वहां पर करीब 100 यात्री मौजूद रहे होंगे। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान दीपेश सेन (22) और रजनी सेन (21) के रूप की गई है। फारुकी ने बताया कि ललितपुर से खजुराहो की ओर जा रही मालगाड़ी के सामने दोनों अचानक कूद गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने कहा कि जांच में पता चला कि लड़की के परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी थी, लेकिन वह सागर जिले के रहने वाले दीपेश सेन से शादी करना चाहती थी।-file photo
- इंदौर. मध्य प्रदेश के इंदौर में एक रिहायशी इमारत में भीषण अग्निकांड से जुड़े मामले में एक दंपति समेत सात लोगों की हत्या के आरोपी ‘सिरफिरे आशिक' को पुलिस ने नाटकीय घटनाक्रम के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार सुबह यह जानकारी दी। अधिकारी का दावा है कि पुलिस दल से बचकर भागने की कोशिश में आरोपी सड़क पर गिरकर घायल हो गया।विजय नगर पुलिस थाने के प्रभारी तहजीब काजी ने बताया कि स्वर्ण बाग कॉलोनी की रिहायशी इमारत में भीषण अग्निकांड के आरोपी शुभम दीक्षित उर्फ संजय (27) को लोहामंडी क्षेत्र से शनिवार और रविवार की दरमियानी रात गिरफ्तार किया गया। काजी के मुताबिक, आरोपी दीक्षित मूलतः उत्तर प्रदेश के झांसी का रहने वाला है और पिछले कुछ समय से इंदौर में एक निजी कंपनी के लिए काम कर रहा था। इस बीच, एक वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी दीक्षित शहर के शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय में इलाज के दौरान स्ट्रेचर पर लेटा कराह रहा है और उसके एक हाथ व पैर से खून बहता नजर आ रहा है। इस बारे में पूछे जाने पर थाना प्रभारी ने कहा कि आग लगाकर सात लोगों की जान लेने का आरोपी दीक्षित लोहामंडी क्षेत्र में पुलिस दल को देख भागने की कोशिश कर रहा था और सड़क पर डिवाइडर फांदते समय गिरकर घायल हो गया। काजी के अनुसार, अग्निकांड के बाद फरार आरोपी दीक्षित निरंजनपुर में अपने दोस्तों के घर में छिपा था और बाद में वह लोहामंडी क्षेत्र पहुंच गया। उन्होंने बताया कि आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी दीक्षित ने एक महिला से शादी की कोशिश में नाकाम रहने के बाद उससे बदला लेने की नीयत से स्वर्ण बाग कॉलोनी की रिहायशी इमारत की पार्किंग में खड़े उसके स्कूटर में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात कथित रूप से आग लगा दी थी। उन्होंने बताया कि बाद में लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया था। अधिकारियों के अनुसार, अग्निकांड में एक दंपति समेत सात लोगों की मौत हो गई थी, जबकि नौ अन्य घायल हो गए थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी दीक्षित के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या) और 436 (भवन को जलाकर खाक करने की नीयत से ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल करना) के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी दीक्षित आग से प्रभावित रिहाइशी इमारत के एक फ्लैट में छह महीने पहले किरायेदार के रूप में रहता था और इस भवन में ही रहने वाली महिला से शादी करना चाहता था, लेकिन महिला की शादी कहीं और तय हो गई थी, जिससे आरोपी दीक्षित ने उसके प्रति कथित तौर पर खुन्नस पाल ली थी। अधिकारियों के अनुसार, शादी के मसले के अलावा करीब 10,000 रुपये के लेन-देन को लेकर भी आरोपी दीक्षित और संबंधित महिला के बीच कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। उन्होंने बताया कि भीषण अग्निकांड के आरोपी दीक्षित ने महिला से धन के विवाद के चलते स्वर्ण बाग कॉलोनी की रिहायशी इमारत छह महीने पहले छोड़ दी थी।
- नयी दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में आया तूफान रविवार को तीव्र होकर चक्रवात में बदल गया, जिसकी रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक है तथा इसके और तेज होने की आशंका है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। हालांकि, चक्रवात के तटीय क्षेत्र से टकराए बिना अगले हफ्ते तक कमजोर पड़ने की संभावना है। मौसम कार्यालय ने कहा कि चक्रवात के प्रभाव से उत्तरी आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों पर मंगलवार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की आशंका है। मौसम कार्यालय के मुताबिक, चक्रवाती तूफान का नाम ‘असानी’ रखा गया है, जो ‘क्रोध’ के लिए इस्तेमाल सिंहली भाषा का शब्द है। यह तूफान अंडमान द्वीप समूह में पोर्ट ब्लेयर से 380 किलोमीटर पश्चिम में बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र में केंद्रित है।भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार सुबह 8.30 बजे जारी बुलेटिन में कहा, ‘‘अगले 24 घंटों के दौरान तूफान के उत्तर-पश्चिम की तरफ बढ़ने और पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक गंभीर चक्रवाती तूफान में परिवर्तित होकर और तेज होने की आशंका है।’’ आईएमडी द्वारा चक्रवात के पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवात के 10 मई की शाम तक उत्तर-पश्चिम की तरफ बढ़ने और उत्तरी आंध्र प्रदेश व ओडिशा के तटों से बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य एवं उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र तक पहुंचने के आसार हैं। इसके बाद, इसके उत्तर-उत्तर-पूर्व की तरफ मुड़ने और ओडिशा तट से दूर बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र की ओर बढ़ने की प्रबल संभावना है।आईएमडी के मुताबिक, चक्रवात के सोमवार को बंगाल की खाड़ी में 60 समुद्री मील (111 किलोमीटर प्रति घंटा) की गति से आगे बढ़ने की उम्मीद है। उत्तरी आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों की ओर बढ़ने के साथ भीषण चक्रवाती तूफान के मंगलवार से धीरे-धीरे कमजोर होने का अनुमान है।आईएमडी ने कहा कि ओडिशा के तटीय जिलों और पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता सहित राज्य के दक्षिणी हिस्से में मंगलवार से हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है। मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे 10 मई से अगली सूचना तक समुद्र में और पश्चिम बंगाल एवं ओडिशा के तटों पर नहीं जाएं। मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा तट के पास समुद्र की स्थिति नौ मई को खराब और 10 मई को अत्यधिक खराब हो जाएगी। समुद्र में हवा की गति 10 मई को बढ़कर 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा होने का अनुमान है।
- बद्रीनाथ। उत्तराखंड में बद्रीनाथ धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ रविवार सुबह 6.15 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। भगवान विष्णु को समर्पित बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को देखने के लिए देश और विदेश से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। इस अवसर पर मंदिर के मुख्य पुजारी ईश्वरी प्रसाद नंबूदिरी ने धार्मिक अनुष्ठान किया, जबकि वेदपाठियों (वेदों का पाठ करने वाले) ने वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया। कपाट खुलने के अवसर पर मंदिर और उसके परिसर को गेंदे के फूलों से सजाया गया था। इस अवसर पर सेना के बैंड ने पारम्परिक धुन बजाई।बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा पूरी तरह से शुरू हो गई है, क्योंकि इसके चारों मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। इससे पहले, तीन मई को अक्षय तृतीया के अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिर के कपाट खोले गए थे, जबकि छह मई को केदारनाथ मंदिर के कपाट खुले थे।कोविड-19 महामारी के कारण पिछले दो वर्षों से चारधाम यात्रा बुरी तरह से प्रभावित रही थी, जिससे मंदिरों को कई महीनों तक श्रद्धालुओं के लिए नहीं खोला जा सका था। कोविड-19 संबंधी पाबंदियों के बीच मंदिरों को खोले जाने के बाद बेहद कम संख्या में श्रद्धालुओं ने चारधाम की यात्रा की थी।इस बार चारधाम यात्रा दो साल के अंतराल के बाद कोविड संबंधी प्रतिबंधों के बिना हो रही है और लोगों में इसे लेकर काफी उत्साह है। मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए शनिवार देर रात से ही श्रद्धालु कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करने लगे थे। बद्रीनाथ मंदिर के कपाट खुलने के अवसर पर बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय, बद्रीनाथ से विधायक राजेंद्र सिंह भंडारी और पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट मौजूद थे।
- भोपाल। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने आशुतोष चौकसे को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) की मध्य प्रदेश इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के एक पदाधिकारी ने शनिवार को इस आशय की जानकारी दी। अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने एक पत्र में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने छात्र इकाई के मध्य प्रदेश अध्यक्ष के रुप में चौकसे की नियुक्त के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। मध्य प्रदेश एनएसयूआई के उपाध्यक्ष चौकसे को मंजुल त्रिपाठी के स्थान पर अध्यक्ष बनाया गया है।
-
करनाल। करनाल में नेशनल हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो की मौत हो गई। मरने वाले मां और बेटा हैं। परिवार के 7 सदस्य खाटू श्याम मंदिर पानीपत से अंबाला जा रहे थे। इस बीच नीलोखेड़ी के पास ट्राला ने पीछे से कार को टक्कर मार दी, जिसके बाद कार पुल से जा टकराई। इलाज के दौरान संदीप व उसकी मां पुष्पा देवी की मौत हो गई। 5 घायलों का शहर के अलग-अलग प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है। बुटाना थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार को टक्कर मारने वाले ट्राला के अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस ने बताया कि गांव कमालपुर निवासी बलराम ने बताया कि उसकी माता मामो देवी, उसके मामा वेद प्रकाश के पास अम्बाला गई हुई थी। मामा वेदप्रकाश मामी पुष्पा देवी, संदीप, संदीप की पत्नी रजनी और 2 वर्षीय यश व 3 महीने के लक्ष्य के साथ अपनी कार में सवार होकर सुबह 7 बजे खाटू श्याम मंदिर चुलमना पानीपत में शनिवार को माथा टेकने गए थे। जह बाबा के दर्शन करके वापस जा रहे थे।उसके पास संदीप का फोन आया कि नीलोखेडी आ जा और नीलोखेडी से बुआ को ले जाना।
बलराम ने कहा कि मैं तरावड़ी गउशाला के पास इनसे मिला। संदीप ने पीछे आने का इशारा किया। वो अपनी मोटर साइकिल पर सवार होकर कार के पीछे-पीछे चल दिया। जब नीलोखेडी काली माता मंदिर के नजदीक समय 1 बजे दिन पहुंचे तो एक ट्राला का चालक अपने ट्राला को बड़ी स्पीड से चलाता हुआ आया। उसको क्रॉस करके आगे चल रही उसके मामा की कार में साइड मार दी। जो साइड लगते ही कार का बैंलेस खराब हो गया और पुल से जा टकराई। - केवडिया (गुजरात)। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने शनिवार को कहा कि भारत अपने यहां कोरोना महामारी के कारण हुई मौतों को पारदर्शी और कानूनी प्रक्रिया के तहत दर्ज करता है तथा देश में कोविड से हुई मौतों के विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुमान से वह सहमत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण परिषद (सीसीएचएफडब्ल्यू) के 14वें सम्मेलन में इस बाबत एक प्रस्ताव भी पारित किया गया है। तीन-दिवसीय सीसीएचएफडब्ल्यू या 'स्वास्थ्य चिंतन शिविर' के दूसरे दिन यह प्रस्ताव पारित किया गया। । मंडाविया ने कहा कि देश में जन्म और मृत्यु का पंजीकरण बेहद मजबूत है और यह ‘जन्म और मृत्यु पंजीकरण अधिनियम, 1969' द्वारा वैधानिक कानूनी ढांचे के तहत संचालित है। उन्होंने भारत में कोरोना महामारी के कारण 47 लाख लोगों की मौत संबंधी डब्ल्यूएचओ के अनुमान का जिक्र करते हुए कहा, ''कल सीसीएचएफडब्ल्यू के सम्मेलन के दूसरे दिन, हमने एक प्रस्ताव पारित किया कि हम भारत में कोविड से हुई मौतों के मामले में डब्ल्यूएचओ के अनुमान से सहमत नहीं हैं।'' उन्होंने कहा, ''भारत अपने यहां हुई मौतों को एक पारदर्शी और कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से दर्ज करता है। सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेश रजिस्ट्री को सही और प्रामाणिक डेटा प्रदान करते हैं।'' तीन-दिवसीय ‘स्वास्थ्य चिंतन शिविर' में राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 25 स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्रियों की भागीदारी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘हम राज्यों द्वारा साझा किये गये सर्वोत्तम तौर-तरीकों के कारण ज्ञान की अंतदृष्टि से समृद्ध हुए हैं।'' सहकारी संघवाद की भावना के तहत कार्य की महत्ता का उल्लेख करते हुए मंडाविया ने कहा, ‘‘राज्यों के लक्ष्य हमें राष्ट्रीय लक्ष्य प्रदान करते हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘वे (राज्य) हमें विभिन्न नीतियों के लिए रोडमैप प्रदान करते हैं। स्वास्थ्य शिविर ने देश के लिए 'स्वस्थ परिवार' की नींव रखी है। आइए अंत्योदय के उद्देश्य को पूरा करने और अपने नागरिकों के कल्याण के वास्ते स्वास्थ्य नीतियों के सर्वोत्तम क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने का संकल्प लें। समाज के अंतिम छोर के नागरिकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।'' उन्होंने कहा कि सम्मेलन में जिन मुद्दों पर चर्चा की गई, उनमें अगले 25 वर्षों के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में देश की भविष्य की योजना, केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, स्वास्थ्य सेवा को सस्ता और सुलभ बनाने और कोविड जैसी भविष्य की महामारी से निपटने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल थे। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वास्थ्य हमारे लिए कारोबार नहीं बल्कि एक सेवा है। उन्होंने कहा, ‘‘‘हील बाई इंडिया' और 'हील इन इंडिया' आने वाले वर्षों में स्वास्थ्य पारिस्थितिकी के दो महत्वपूर्ण स्तंभ होंगे, जिससे भारत दुनिया के स्वास्थ्य क्षेत्र का अगुआ बनेगा।'' उन्होंने कहा कि 2025 तक तपेदिक खत्म करने का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जून में 'एक गांव गोद लो, एक मरीज गोद लो' अभियान शुरू किया जाएगा।
- शिवपुरी (मध्य प्रदेश)। जिले में शनिवार को एक एसयूवी का टायर फट जाने से वह दुर्घटनाग्रस्त हो गई और इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि हादसा नरवर थाना क्षेत्र के टपकेश्वर इलाके में हुआ। नरवर थाने के प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि एसयूवी पिछोर से बाबूपुर गांव आ रही थी, उसी दौरान टायर फटने से वह पलट गई। उन्होंने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों का इलाज चल रहा है। शर्मा ने बताया कि घायलों में से एक को इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
- आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा के बरहन थाना क्षेत्र में एक विवाहित महिला ने कथित रूप से दहेज की मांग से परेशान होकर फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि ससुरालवालों के खिलाफ दहेज न दिये जाने पर हत्या करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है । उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है और मायके वालों की तहरीर पर मामला दर्ज किया है। बरहन थाने के निरीक्षक शेर सिंह ने बताया कि मरने वाली की पहचान शिवाजी (21) के रूप में की गयी है । (प्रतीकात्मक फोटो)
-
पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले में तेज रफ्तार कैंटर चालक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज रोहतक पीजीआई में चल रहा है। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर मामले में आगामी कार्रवाई शुरू की है।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में जयकरण ने बताया कि वह भैंसवाल कलां जिला सोनीपत का रहने वाला है। 6 मई को वह बाइक पर सवार होकर घरौंडा आया था। उसके मामा का लड़का विजय और उसका दोस्त नरेश निवासी सोनीपत भी बाइक पर सवार होकर घरौंडा अपनी बुआ के पास आए थे। रात करीब 8 बजे अपनी-अपनी बाइक पर गोहाना के लिए निकले। जैसे ही निजामपुर मोड़ पानीपत के पास पहुंचे तो पीछे से आए तेज रफ्तार कैंटर ने ओवरटेक करते समय विजय और नरेश की बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही विजय और नरेश नीचे गिर गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं। मौके पर काफी भीड़ इक्ट्ठा हो गई। भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी कैंटर चालक मौके से भाग गया। घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां से दोनों को पीजीआई रेफर कर दिया गया। पानीपत सिविल अस्पताल से पीजीआई के रास्ते विजय की मौत हो गई। नरेश का PGIMS रोहतक में इलाज चल रहा है। -
नई दिल्ली। केन्द्र ने राजद्रोह कानून को सही ठहराते हुए उच्चतम न्यायालय से इस कानून को चुनौती देने वाली याचिकाओं को खारिज करने का अनुरोध किया है। प्रधान न्यायाधीश एन.वी. रमना की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यों की पीठ राजद्रोह कानून की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई कर रही है। इस पीठ में न्यायमूर्ति सूर्यकांत और हिमा कोहली शामिल हैं।न्यायालय में दाखिल शपथ-पत्र में केन्द्र ने कहा है कि तीन न्यायाधीशों की पीठ राजद्रोह कानून की वैधता की समीक्षा नहीं कर सकती और यह मामला बड़ी पीठ को सौंपा जाना चाहिए। सरकार का कहना है कि केदारनाथ बनाम बिहार राज्य के मामले में संविधान पीठ का निर्णय बाध्यकारी है और इस पर पुनर्विचार की कोई आवश्यकता नहीं है।1962 में, केदारनाथ सिंह मामले में पांच न्यायाधीशों की पीठ ने राजद्रोह कानून को सही ठहराया था। सरकार ने यह भी कहा है कि राजद्रोह कानून के दुरूपयोग से पांच न्यायाधीशों की पीठ के पूर्व के निर्णय पर पुनर्विचार का आधार नहीं बनता।उच्चतम न्यायालय इस मामले में मंगलवार को फिर सुनवाई करेगा।
-
नई दिल्ली। सरकार ने कहा है कि स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा- नीट पीजी को स्थगित नहीं किया गया है और यह परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 मई को ही ली जाएगी। पत्र सूचना कार्यालय- पीआईबी ने राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड के नाम पर जारी उस नोटिस को फर्जी बताया है जिसमें नीट पीजी की परीक्षा स्थगित होने का दावा किया गया है। पीआईबी ने स्पष्ट किया है कि बोर्ड ने ऐसा कोई नोटिस जारी नहीं किया है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान परीक्षा बोर्ड- एनबीईएमएस ने इस प्रकार की फर्जी नोटिस से सावधान रहने की अपील की है। बोर्ड ने विद्यार्थियों से कहा है कि वह अपुष्ट नोटिस से गुमराह न हों और किसी भी दुविधा की स्थिति में बोर्ड की वेबसाइट का सहारा लें।




















.jpg)
.jpg)
.jpg)




