- Home
- देश
- पटना। बिहार के समस्तीपुर मंडल के मधुबनी रेलवे स्टेशन पर खड़ी एक खाली ट्रेन के एक डब्बे में शनिवार की सुबह अचानक आग लग गई । पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि सुबह नौ बजकर 13 मिनट पर हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि रेक बंद अवस्था में थी, इसलिए किसी प्रकार की कोई क्षति नहीं हुई है। तत्काल कार्रवाई करते हुए नौ बजकर 50 मिनट पर आग पर काबू पा लिया गया। राजेश ने बताया कि सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। राजकीय रेल पुलिस तथा रेल सुरक्षा बल द्वारा घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि रेल प्रशासन द्वारा इसे काफी गंभीरता से लिया गया है एवं इसकी उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी । राजेश ने बताया कि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए समुचित कदम उठाए जा रहे हैं ।
- नबरंगपुर। ओडिशा के नबरंगपुर जिले में बस के पलट जाने से पंचायत चुनाव ड्यूटी के लिए जा रहे तीन लोगों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक यह हादसा शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे पापड़हांडी प्रखंड के मोकिया के पास सोरिसपदार गांव में हुआ। पुलिस के मुताबिक बस में 45 ग्राम रक्षक (ग्राम राखी) मौजूद थे और वे 20 फरवरी को तीसरे चरण के मतदान में तैनाती के लिए कोसागुमुडा ब्लॉक जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- नयी दिल्ली। वरिष्ठ पत्रकार और इंडियन एक्सप्रेस के राष्ट्रीय ब्यूरो प्रमुख रवीश तिवारी का निधन हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वरिष्ठ पत्रकार के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि रवीश तिवारी ‘गहरी समझ वाले’ और विनम्र स्वभाव के व्यक्ति थे। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, ‘‘नियति ने रवीश तिवारी को बहुत जल्दी ही हमसे छीन लिया। मीडिया जगत में उनके निधन से एक शानदार करियर और प्रतिभा का अंत हो गया। मुझे उनकी रिपोर्ट पढ़ने में आनंद आता था और मैं समय-समय पर उनसे बात भी करता था। वह गहरी समझ रखने वाले और विनम्र स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके परिजनों और दोस्तों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।’’वरिष्ठ पत्रकार विकास भदौरिया ने रवीश तिवारी के निधन की जानकारी ट्विटर पर दी। उन्होंने टि्वटर पर लिखा, ‘‘गहरी समझ रखने वाले पत्रकार, एक अच्छे इंसान और मेरे प्यारे दोस्त रवीश तिवारी ने शुक्रवार रात इस दुनिया को अलविदा कह दिया। गुरुग्राम के सेक्टर- 20 में आज शाम 3.30 बजे उनका अंतिम संस्कार होगा। ओम शांति शांति शांति।’’
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि ड्रोन का उपयोग अनेक क्षेत्रों में बदलाव लाने वाला साबित होगा। किसान ड्रोन को नए दौर की क्रांति बताते हुए प्रधानमंत्री ने कल एक सौ किसान ड्रोन का शुभारम्भ किया। मानेसर में किसानों को वर्चुअली सम्बोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य बाजार तक उत्पादों की आसान पहुंच सुनिश्चित कर किसानों की मदद करना है। उन्होंने कहा कि इससे किसानों की आय बढेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि 21 वीं सदी की आधुनिक कृषि की दिशा में यह एक नया अध्याय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह नई शुरूआत न केवल ड्रोन सैक्टर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी बल्कि इससे असीम संभावनाओं के द्वार भी खुलेंगे। विभिन्न क्षेत्रों में ड्रोन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कई नीतिगत फैसलों और इस साल के बजट में प्रौद्योगिकी को प्राथमिकता दी गई है। इस समय जमीन के मानचित्रण, दवाओं और टीकों की आपूर्ति तथा खेतों में कीटनाशकों के छिड़काव सहित कई अलग-अलग क्षेत्रों में ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है। गरूड एयरोस्पेस की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस कम्पनी ने अगले दो वर्ष में दो लाख स्वदेश में निर्मित ड्रोन के निर्माण का लक्ष्य रखा है। इससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में युवाओं को रोजगार देने और निजी क्षेत्र की मजबूती के लिए अनेक सुधार किए गए हैं।
- नयी दिल्ली। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने भौतिक माध्यमों के बजाय ई-ऑफिस माध्यम से फाइलों के आदान-प्रदान का फैसला लिया है। यूजीसी अध्यक्ष एम जगदीश कुमार ने यह जानकारी दी। कुमार ने कहा, ''यूजीसी ने भौतिक माध्यमों के बजाय अब ई-ऑफ़िस माध्यम से फाइलों का आदान-प्रदान करने का निर्णय लिया है। इससे न केवल यूजीसी का कामकाज कागज मुक्त होगा बल्कि अधिक कुशल कार्य प्रवाह को भी बढ़ावा मिलेगा।'' कुमार ने इस महीने की शुरुआत में यूजीसी अध्यक्ष का पद संभाला था।
- भोपाल। मध्य प्रदेश वन विकास निगम (एमपीएफडीसी) के पूर्व अध्यक्ष शिवशंकर पटेरिया की शुक्रवार सुबह भोपाल के एक निजी अस्पताल मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पटेरिया ने आठ फरवरी को सागर जिले के मंडी बामौरा कस्बे स्थित अपने घर में कीटनाशक पी लिया था। सागर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) तरुण नायक ने पटेरिया की मौत की पुष्टि की। पटेरिया ने सागर जिले के मंडी बामौरा कस्बे में स्थित अपने घर में कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास किया था। मृतक के भतीजे सौरभ पटेरिया ने कहा कि उनके ताऊ को पिछले साल नवंबर में हत्या के प्रयास के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। सौरभ ने बताया कि इस मामले में चार महीने जेल में रहने के बाद वह जमानत पर रिहा हुए थे और तभी से तनाव में चल रहे थे। उन्होंने दावा किया कि पटेरिया ने अपने सुसाइड नोट में एक दोस्त पर उन्हें धोखा देने और उनके साथ ठगी करने का आरोप लगाया है।
- गुरूग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम जिले की एक अदालत ने शुक्रवार को करोड़ों रुपये की लूट के मामले में निलंबित आईपीएस अधिकारी धीरज सेतिया समेत तीन लोगों को भगोड़ा घोषित किया। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अमित सहरावत ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 83 के तहत तीनों भगोड़ों की संपत्तियों को कुर्क करने का भी आदेश दिया। अदालत ने जिन तीन लोगों को भगोड़ा घोषित किया है, उनमें सेतिया के अलावा गैंगस्टर विकास लगारपुरिया और चेतन मान शामिल हैं। अदालत के आदेश में कहा गया है, ‘‘इस संबंध में सूचना संबंधित पुलिस स्टेशन के एसएचओ के साथ-साथ पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) गुरुग्राम को भेजी जाए। इन आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई भी शुरू की जाए। गुरुग्राम के विशेष कार्य बल के उपाधीक्षक सुरेंद्र कुमार को मामले की सुनवाई की अगली तारीख पर इन आरोपियों की संपत्तियों का ब्योरा अदालत में प्रस्तुत का करने का निर्देश दिया जाता है, ताकि अदालत दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 83 के तहत कार्यवाही शुरू कर सके।'' पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने तीनों आरोपियों को भगोड़ा घोषित करने के लिए अदालत से गुजारिश की थी। गौरतलब है कि लूट की यह घटना पिछले साल चार अगस्त की है, जब गैंगस्टर लगारपुरिया के लोग एक फ्लैट में घुस गए, जहां से एक निजी कंपनी का कार्यालय चल रहा था। वहां से वे लोग करोड़ों रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे। एसटीएफ की ओर से दाखिल चार्जशीट के मुताबिक, लूट करीब 30 से 40 करोड़ रुपये की थी।
- नयी दिल्ली। केंद्र सरकार ने रबी फसलों के लिए अभी तक छत्तीसगढ़ को 4.36 लाख टन उर्वरक उपलब्ध कराए हैं जबकि राज्य सरकार ने 3.61 लाख टन की ही जरूरत बताई थी। रसायन एवं ऊर्वरक मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार को जारी एक बयान के मुताबिक 17 फरवरी, 2022 तक छत्तीसगढ़ को 4.36 लाख टन उर्वरक उपलब्ध कराए गए हैं। इसकी तुलना में 3.61 लाख टन उर्वरक की ही जरूरत बताई गई थी। छत्तीसगढ़ सरकार ने रबी फसल सत्र 2021-22 के लिए 1.50 लाख टन यूरिया, 0.60 लाख टन डीएपी, 0.50 लाख टन एनपीके, 0.26 लाख टन एमओपी और 0.75 लाख टन एसएसपी की जरूरत बतायी थी। इस मांग के अनुपात में 17 फरवरी तक ही करीब 120.8 फीसदी ज्यादा उर्वरक छत्तीसगढ़ को केंद्र सरकार ने भेज दी है। इस तरह राज्य सरकार के पास 1.85 लाख टन उर्वरक बिक्री के लिए उपलब्ध है।
- नयी दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) 2022-23 शैक्षणिक सत्र के लिए पूर्ववर्ती प्रथा के अनुसार डीयू प्रवेश परीक्षा (डीयूईटी) के परिणामों के आधार पर स्नातकोत्तर और पीएचडी कार्यक्रमों में दाखिले प्रदान करेगा। यह जानकारी शुक्रवार को एक आधिकारिक अधिसूचना से मिली। यह स्पष्टीकरण स्नातक में प्रवेश ‘सेंट्रल यूनिवर्सिटीज कॉमन इंट्रेंस टेस्ट' (सीयूसीईटी) के परिणामों के आधार पर करने के विश्वविद्यालय द्वारा लिए गए निर्णय की पृष्ठभूमि में आया है। डीयू ने अधिसूचना में कहा, ‘‘यह अधिसूचित किया जाता है कि दिल्ली विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2022-23 के लिए स्नातकोत्तर और पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश पिछली प्रथा के अनुसार दिल्ली विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (डीयूईटी) के आधार पर होगा। प्रवेश से संबंधित और विवरण जल्द ही जारी किए जाएंगे।'' इस महीने की शुरुआत में, विश्वविद्यालय ने सीयूसीईटी के लिए आठ सदस्यीय एनटीए समन्वय समिति का गठन किया था। इसे एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) कोऑर्डिनेशन कमेटी का नाम दिया गया था। पिछले साल तक, विश्वविद्यालय में अधिकांश स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए कट-ऑफ अंकों के आधार पर प्रवेश आयोजित किए जाते थे, जबकि स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षाएं होती थीं।
- नयी दिल्ली। कांग्रेस अगले लोकसभा चुनाव की तैयारियों के संदर्भ में आगामी रविवार से झारखंड में तीन दिनों का ‘चिंतन शिविर' का आयोजन करेगी। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पार्टी कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यम से संबोधित करेंगे और इसके साथ ही इस आयोजन की शुरुआत होगी। कांग्रेस महासचिव अविनाश पांडे ने बताया कि यह चिंतन शिविर झारखंड के गिरिडीह जिले में पारसनाथ स्थित जैन तीर्थ केंद्र पर होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षाविदों और विशेषज्ञों को भी इस आयोजन में बुलाया गया है ताकि राष्ट्रीय और क्षेत्रीय महत्व के मुद्दों पर चर्चा की जा सके और पार्टी का रुख तय हो सके। उनके मुताबिक, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से तीन दिनों के इस चिंतन शिविर का आयोजन किया गया है।
- ठाणे। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके मंत्रालय को ठाणे रेलवे स्टेशन को विश्व स्तरीय रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया है। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं से बात करते हुए वैष्णव ने कहा कि उनका मंत्रालय वातानुकूलित उपनगरीय सेवाओं का किराया अधिक होने की शिकायतों के समाधान पर काम कर रहा है। रेल मंत्री ने कहा, ‘ठाणे स्टेशन का पुनर्विकास इसकी विरासत और ऐतिहासिक पहलुओं को प्रभावित किए बिना किया जाएगा। प्रधानमंत्री चाहते हैं कि ठाणे स्टेशन एक विश्व स्तरीय रेलवे स्टेशन बने।' उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे पर चर्चा करने और इसे आगे बढ़ाने के लिए एक बार फिर शहर का दौरा करेंगे।इस बीच, स्थानीय लोकसभा सांसद और शिवसेना नेता राजन विचारे ने वैष्णव से ठाणे स्टेशन के आधुनिकीकरण के लिए धन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यह स्टेशन जर्जर स्थिति में पहुंच गया है। विचारे ने रेल मंत्री से ऐरोली-कलवा एलिवेटेड रूट के काम में तेजी लाने की अपील भी की, जिससे ठाणे रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के बोझ में 40 फीसदी तक की कमी आने की संभावना है।
- नासिक। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ. भारती पवार ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के नासिक जिले में देश की पहली चलती-फिरती स्तर 3 (बीएसएल 3) जैव सुरक्षा प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। इस प्रयोगशाला का उद्घाटन करते हुए डॉ. पवार ने कहा कि यह प्रयोगशाला स्वास्थ्य अवसंरचना के लिए एक बड़ी उत्साह की बात है। मंत्री ने कहा, ‘‘ केंद्र ने स्वास्थ्य अवसंरचना के लिए अबतक क सबसे बड़ा 64,000 करोड़ रूपये का बजट तैयार किया है। केंद्र ऐसी अच्छी सुविधाएं प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा। चार और ऐसी प्रयोगशालाएं निकट भविष्य में बनेंगी।'' इस प्रयोगशाला का डिजायन भारतीय आयुर्विज्ञान अनुंसधान परिषद (आईसीएमआर) ने मुम्बई के जैवसुरक्षा उपकरण निर्माता क्लेनजैड्स के साथ मिलकर तैयार किया था। पच्चीस करोड़ रूपये की लागत से बनी यह प्रयोगशाला अपने आप में एक आत्मनिर्भर इकाई है जहां एकल अभियान के लिए हर प्रणाली एवं उपकरण हैं। आईसीएमआर निदेशक डॉ. बलराम भार्गव ने कहा कि बीएसएल -3 प्रयोगशाला न केवल भारत बल्कि दक्षिणपूर्व एशिया में पहली ऐसी सुविधा है। डॉ भार्गव ने कहा, “2018 में, एक मोबाइल प्रयोगशाला बनाने का विचार आया। सबसे पहले इसे अमेरिका, जापान और अन्य जगहों से लाने की कोशिश की गई। लेकिन बाद में हमने इसे यहां बनाने का फैसला किया। यह प्रयोगशाला सीडीएस यूएसए से दो कदम आगे है।"
- नई दिल्ली। देश में कोविड टीकाकरण लगभग 175 करोड के आंकडे तक पहुंच गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 18 फरवरी को 32 लाख से अधिक टीके शाम सात बजे तक लगाये गए। 15 से 18 वर्ष आयुवर्ग में पांच करोड चौंतीस लाख से अधिक टीके पहली डोज के रूप में और दो करोड छह लाख से अधिक दूसरी डोज के रूप में लगाये गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि 80 प्रतिशत व्यस्क जनसंख्या का पूर्ण टीकाकरण किया जा चुका है। अब तक एक करोड 86 लाख से अधिक एहतियाती डोज लगाये गए हैं।स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा है कि देश ने पात्र वयस्क जनसंख्या के 80 प्रतिशत लोगों को कोविड रोधी दोनों टीके लगा कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबका प्रयास के सिद्धांत के साथ भारत शत-प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य हासिल करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।ओमिक्रॉन वैरिएंट से उत्पन्न कोविड महामारी की तीसरी लहर में आई कमी के बीच यह उपलब्धि हासिल हुई है। केंद्र सरकार, राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को लागू प्रतिबंध हटाए जाने की पहले ही सलाह दे चुकी है, क्योंकि देशभर में कोविड स्थिति में काफी सुधार है।
- नई दिल्ली। विज्ञान और तकनीक मंत्री जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को कहा कि भारत विश्व में स्टार्टअप के लिए पसंदीदा क्षेत्र बनकर उभर रहा है। नई दिल्ली में आज देश के पहले टेक स्टार्टअप कॉनक्लेव-2022 में डॉक्टर सिंह ने कहा कि भारत के बेहतर आर्थिक परिदृश्य से स्टार्टअप कंपनियों को सुविधाएं मिल रही है जिससे देश वर्ष 2025 तक पांच खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य को पाने में सफल होगा।डॉक्टर सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप कंपनियों के लिए प्रदान की गई योजनाओं और सुविधाओं के कारण वर्ष 2021 में देशभर में दस हजार स्टार्टअप कंपनियां पंजीकृत हुई हैं। उन्होंने बताया कि देशभर की 50 हजार से अधिक स्टार्टअप कंपनियां दो लाख से अधिक रोजगार उपलब्ध करा रही है।
- मुंबई,। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को छत्रपति शिवाजी महाराज की 392वीं जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उन्हें "महान महानायक" और भारत का गौरव बताया। प्रधानमंत्री शुक्रवार को मध्य रेलवे के ठाणे-दिवा खंड पर दो अतिरिक्त रेल लाइनों (पांचवीं और छठी) का उद्घाटन करने और नई उपनगरीय ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के बाद बोल रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘ 19 फरवरी छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती है। मैं भारत के गौरव, भारत की पहचान और उसकी संस्कृति के रक्षक को सलाम करता हूं जो एक महान महानायक थे।''
- मुंबई। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की शोध रिपोर्ट ईकोरैप के अनुसार देश का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वित्त वर्ष 2021-22 की तीसरी तिमाही में 5.8 प्रतिशत की दर से बढ़ सकता है। देश की अर्थव्यवस्था 20211-22 की दूसरी तिमाही में 8.4 प्रतिशत की दर से बढ़ी थी। हालांकि, जीडीपी वृद्धि दर जुलाई-सितंबर में इससे पिछली तिमाही के 20.1 प्रतिशत वृद्धि के मुकाबले कम थी। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) 28 फरवरी को चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के लिए जीडीपी अनुमान घोषित करेगा। रिपोर्ट में शुक्रवार को कहा गया, "एसबीआई नाउकास्टिंग मॉडल के अनुसार वित्त वर्ष 2021-22 की तीसरी तिमाही के लिए अनुमानित सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि दर 5.8 प्रतिशत रहेगी। पूरे वर्ष (वित्त वर्ष 2021-22) की जीडीपी वृद्धि का अनुमान 9.3 प्रतिशत से घटाकर 8.8 प्रतिशत कर दिया गया है।" नाउकास्टिंग मॉडल औद्योगिक गतिविधियों, सेवा गतिविधियों और वैश्विक अर्थव्यवस्था से जुड़े 41 उच्च आवृत्ति संकेतकों पर आधारित है। रिपोर्ट में कहा गया कि घरेलू आर्थिक गतिविधियों में सुधार का आधार अभी व्यापक होना बाकी है, क्योंकि निजी खपत महामारी से पहले के स्तर के मुकाबले कम है। रिपोर्ट ने सुझाव दिया कि सरकार ग्रामीण गरीबों को 50,000 रुपये तक आजीविका ऋण की पेशकश कर सकती है।
- इंग्लिश बाजार (पश्चिम बंगाल) ।पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन रेलवे स्टेशन को पर्यावरण अनुकूल अभियानों और ऊर्जा संरक्षण प्रयासों के लिए भारतीय हरित इमारत परिषद (आईजीबीसी) ने ‘सिल्वर' रेटिंग प्रदान की है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्टेशन के प्रयासों को आईजीबीसी ने भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के ‘हरित रेल' परियोजना के तहत मान्यता दी। यह प्रमाणपत्र ऊर्जा संरक्षण, पानी की बर्बादी रोकने, जैव शौचालय की सुविधा प्रदान करने आदि अनेक कारकों को ध्यान में रखते हुए प्रदान किया गया। मालदा के मंडल रेलवे प्रबंधक (डीएमआर) यतेंद्र कुमार ने कहा कि पूर्वी रेलवे के मालदा टाउन स्टेशन को सौ में से 70 अंक मिलने पर ‘सिल्वर' रेटिंग प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि यह एक अहम उपलब्धि है और सभी कर्मचारियों के प्रयासों का नतीजा है। इससे पहले हावड़ा स्टेशन को आईजीबीसी ने हरित प्रमाणपत्र दिया था।
- एटा (उप्र)। जिले के सदरपुर गांव में आपसी विवाद के चलते एक महिला की उसके पति ने सर पर पत्थर मार कर कथित तौर पर हत्या कर दी। सकीट थाने के प्रभारी निरीक्षक गजराज सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के सदरपुर गांव का निवासी आरोपी उदल सिंह लंबे समय से मानसिक रूप से बीमार है तथा उसका इलाज चल रहा है। बृहस्पतिवार की रात आपसी विवाद को लेकर आरोपी ने अपनी 38 वर्षीय पत्नी फूला देवी के सर पर पत्थर मार दिया, जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई । ग्रामीणों से सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृत महिला के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु एटा भेजा गया है। बताया जाता है कि आर्थिक तंगी के चलते आए दिन पति पत्नी में विवाद होता था ।
- जयपुर। राजस्थान के सीकर जिले के रानोली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को लोक परिवहन निगम की बस ने एक जीप को टक्कर मार दी जिससे जीप में सवार दो स्कूली बच्चों की मौत हो गई जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गये। पुलिस ने बताया कि जयपुर सीकर राजमार्ग पर पलसाना रीको के पास एक बस ने आगे चल रही एक जीप को साईड से टक्कर मार दी जिससे जीप में सवार दो स्कूली बच्चे जतिन (11) और सत्यम (8) की मौत हो गई जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गये। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजन को सौंप दिया गया है और घायलों को उपचार के लिये स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
- मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में दो स्कूल बसों की टक्कर में भाई-बहन समेत दो विद्यार्थियों की मौत हो गई जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार को हुए इस हादसे में जान गंवाने वाले विद्यार्थियों की पहचान समीर (12) और उसकी बहन माहा (10) के रूप में हुई है, दोनों जी डी गोयनका पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी थे। समीर छठी कक्षा जबकि उसकी बहन माहा चौथी कक्षा में पढ़ रही थी। उनके माता-पिता की कोई और संतान नहीं है। केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान पीड़ितों के परिवार से मिलने पहुंचे और संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मेरठ और मुजफ्फरनगर के अस्पतालों का भी दौरा किया जहां घायलों को भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि जी डी गोयनका पब्लिक स्कूल की प्राचार्य सुलेखा सिंह की शिकायत पर रवींद्रनाथ पब्लिक स्कूल के बस चालक दीपक कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि दीपक कुमार पर लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है और उसे हिरासत में ले लिया गया है। वहीं, दोनों बच्चों के शव उनके पैतृक गांव दधेडू पहुंचे तो बड़ी संख्या में लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे ।
- मुंबई। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को मुंबई उपनगरीय रेल नेटवर्क के ठाणे और दिवा स्टेशनों के बीच दो अतिरिक्त रेलवे लाइन के निरीक्षण के लिए एक लोकल ट्रेन से यात्रा की और दौरे के दौरान स्टेशन के बाहर एक भोजनालय में ‘वड़ा पाव' खाया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वैष्णव शुक्रवार सुबह एक कार्यक्रम के लिए पहुंचे, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ठाणे और दिवा को जोड़ने वाली नव-निर्मित रेलवे लाइन का डिजिटल तरीके से उद्घाटन करने वाले हैं। प्रधानमंत्री दो उपनगरीय ट्रेनों को भी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रेल मंत्री अपराह्न करीब एक बजे ठाणे स्टेशन पर मध्य रेलवे द्वारा संचालित लोकल ट्रेन में सवार हुए और दिवा स्टेशन तक गए। द्वितीय श्रेणी के डिब्बे में यात्रा करने के दौरान और दिवा स्टेशन पर भी मंत्री ने यात्रियों के साथ बात की। वैष्णव के साथ लोकल ट्रेन में रेल राज्य मंत्री रावसाहेब दानवे, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष वी के त्रिपाठी और अन्य अधिकारी भी थे। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि दिवा स्टेशन पर कुछ देर के कार्यक्रम के बाद वे एक विशेष निरीक्षण कोच से ठाणे लौट गए। अधिकारियों ने बताया कि वैष्णव ने ठाणे रेलवे स्टेशन के बाहर सड़क किनारे एक स्टॉल पर ‘वड़ा पाव' खाया और चाय पी। इस बीच, दिवा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-एक पर अफरा-तफरी मच गई, क्योंकि उस कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए, जिसमें मंत्रियों ने हिस्सा लिया। यात्रियों ने बाद में शिकायत की कि वे अधिक भीड़ के कारण ट्रेन में सवार नहीं हो पाए, जबकि कुछ अन्य ने कहा कि वे ट्रेन से उतर नहीं पाए। उपनगरीय लोकल ट्रेनों को मुंबई की जीवन रेखा माना जाता है। कोविड-19 महामारी की वजह से यात्रा प्रतिबंधों के चलते वर्तमान में करीब 60 लाख यात्री रोजाना उपनगरीय ट्रेनों का उपयोग करते हैं। हालांकि, महामारी से पहले उपनगरीय ट्रेनों के जरिए 75 लाख से अधिक यात्री यात्रा करते थे।
- शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में दिल्ली-सहारनपुर राजमार्ग पर खंदरावली गांव के पास एक तेज रफ्तार कार ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी जिससे किसान समेत दो लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान किसान रुकमुद्दीन (50) और कार चालक निरंकुश (30) के रूप में की गयी है। पुलिस के अनुसार यह हादसा बृहस्पतिवार देर रात कांधला थाना क्षेत्र के खंदरावली चौकी के पास उस समय हुआ जब किसान रुकमुद्दीन खेतों से अपने गांव लौट रहा था। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
- नयी दिल्ली। नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को स्पाइसजेट की खजुराहो-दिल्ली उड़ान को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए हरी झंडी दिखाई। यह उड़ान केंद्र की क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान के तहत संचालित होगी।स्पाइसजेट ने एक बयान में कहा, "एयरलाइन दिल्ली और खजुराहो के बीच सप्ताह में दो बार- शुक्रवार और रविवार को उड़ानें संचालित करेगी।" विमानन कंपनी ने कहा कि वह 22 फरवरी से दिल्ली-शारजाह के लिए उड़ान का संचालन शुरू करेगी।
- नयी दिल्ली।वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को वैश्विक स्तर पर अवसंरचना वित्तपोषण के अंतर को दूर करने और इस क्षेत्र में समावेशी वृद्धि के लिए नवाचारी वित्तपोषण तंत्र विकसित करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने इंडोनेशिया की अध्यक्षता में चल रही जी20 देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक के गवर्नरों की बैठक में यह बात कही। सीतारमण ने 'टिकाऊ वित्तपोषण और अवसंरचना' पर एक सत्र को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संबोधित करते हुए वित्तीय साधनों को बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का समर्थन किया। साथ ही उन्होंने कहा कि इन प्रयासों में सुविधा और किफायत पर खासतौर से ध्यान देना चाहिए। वित्त मंत्रालय ने एक ट्वीट में कहा, "अवसंरचना पर अपने दृष्टिकोण को साझा करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वैश्विक अवसंरचना वित्तपोषण की खाई को पाटने की जरूरत पर जोर दिया।"
- दरभंगा।बिहार के दरभंगा जिले के एक गांव में विवाहेत्तर संबंध होने के संदेह में एक महिला का सिर मुंडवा कर उसे गांव की सड़कों पर घुमाने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि आरोपी की पहचान रणवीर सदा के रूप में की गयी है । उन्होंने बताया कि आरोपी सदा को सोशल मीडिया पर एक वीडियो क्लिप सामने आने के बाद गिरफ्तार किया गया । इस वीडियो में महिला गांव की सड़कों पर चलते नजर आ रही है, उसका सिर मुड़़ा हुआ है और चेहरे पर काला रंग लगा है। उन्होंने बताया कि अधिकारी वीडियो की सत्यता की जांच कर रहे हैं ।अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) मनीष चंद्र चौधरी ने बताया, ‘‘स्थानीय पुलिस ने पीड़िता द्वारा दिए गए एक बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है । यह घटना 13 फरवरी की है। प्राथमिकी में उसके आरोपी पति और ससुराल वालों सहित लगभग 20 लोगों को नामजद किया गया है।आरोपी रणवीर सदा को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं ।'' एसडीपीओ ने कहा कि आरोपी सदा ने दावा किया था कि उसकी पत्नी के विवाहेत्तर संबंध थे। उन्होंने कहा, वीडियो में कई लोगों को महिला को अपमानित करते हुए भी देखा गया है। उन सभी का पता लगाया जाएगा और उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।



























