- Home
- देश
- कोलकाता। उत्तर बंगाल के दक्षिण खैरबारी पशु बचाव केंद्र में सोमवार को रॉयल बंगाल टाइगर (बाघ) राजा का जन्मदिन राज्य के वन विभाग एवं प्राणि उद्यान प्राधिकरण ने भव्य तरीके से मनाया। वन विभाग के अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजा को घेरे में रखा गया। राज्य में यह सबसे अधिक उम्र का बाघ है और सुंदरबन का है। वन विभाग ने अपनी वेबसाइट पर राजा के बारे में नयी नयी जानकारियां साझा की तथा बच्चों के लिए बाघों के विषय पर ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी एवं ऑनलाइन चित्रकारी प्रतिस्पर्धा आयोजित की। जब अधिकारी से पूछा गया कि क्या इस मौके पर केक भी काटा जाएगा तब वह मुस्कुरा उठे। उन्होंने कहा, ‘‘ उसके घेरे के बाहर जन्मदिन के मुबारकवाद के पोस्टर और गुब्बारे लगाये जाएंगे।'' अधिकारी ने कहा कि इस जानवर को सुंदरबन के सांजेखली क्षेत्र में एक खाड़ी को पार करते समय एक मगरमच्छ ने पकड़ लिया था, उससे उसे बचाया गया, मगरमच्छ के हमले में वह घायल भी हो गया था। उन्होंने कहा, ‘‘ 2008 में इस तारीख को उसे बचाने के बाद हमने अनुमान लगाया था कि वह 12 साल का है। हम 23 अगस्त को उसके जन्मदिन के रूप में मनाते हैं।'' उन्होंने कहा कि 12 वर्षों तक जंगल में भटक चुके राजा का उपचार एक चुनौती थी क्योंकि उसका एक पैर मगरमच्छ के हमले में क्षतिगस्त हो गया था। अधिकारी ने कहा कि शुरू में अलीपुर प्राणिउद्यान अस्पताल में उसका उपचार किया गया और बाद में यहां से करीब 800 किलोमीटर दूर दक्षिण खैरबारी पशु बचाव केंद्र में उसे ले जाया गया। अधिकारी ने कहा, ‘‘ जैसा कि मैंने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे ठीक करना एवं जंगलों में घूमने वाले और शिकार करने वाले जानवर को घेरा के अनुकूल बनाना, हमारे लिए चुनौती थी। हमें खुशी है कि हम दोनों मोर्चों पर कामयाब रहे।''
- बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर में अज्ञात रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार मां और दो अबोध बच्चों की मौत हो गयी जबकि बच्चों का पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । जिला पुलिस कार्यालय से प्राप्त सूचना के अनुसार रविवार रात बिजनौर–नजीबाबाद मार्ग पर स्वाहेडी गांव से पत्नी नीतू (35) और बेटी खुशी (3) तथा पांच माह के पुत्र दक्ष के साथ बाइक से नजीबाबाद की ओर जा रहे सोनू की बाइक में पेपर मिल के सामने पीछे से आ रही अज्ञात रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना मे नीतू और खुशी की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि सोनू और दक्ष को गंभीर हालत मे जिला अस्पताल लाया गया जहां उपचार के दौरान दक्ष की भी मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
- पोर्ट ब्लेयर। भारत की 1971 के युद्ध में पाकिस्तान पर जीत के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘स्वर्णिम विजय' मशाल देश के सुदूरवर्ती दक्षिणी छोर इंदिरा पॉइंट पर पहुंची। एक आधिकारिक वक्तव्य में यह जानकारी दी गई। इसमें बताया गया है कि अंडमान-निकोबार कमान के अधिकारी मशाल को लेकर अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह स्थित इंदिरा पॉइंट पर रविवार को पहुंचे। अंडमान-निकोबार कमान की ओर से ट्वीट किया गया, ‘‘स्वर्णिम विजय वर्ष, विजय मशाल निकोबार द्वीपसमूह से होते हुए 22 अगस्त को इंदिरा पॉइंट पर पहुंची। यहां अंडमान-निकोबार कमान के संयुक्त सैन्य दल ने तिरंगा फहराया और भारत के सुदूर दक्षिणी छोर से रज (मिट्टी) ली।'' वक्तव्य में बताया गया कि इससे पहले, विजय मशाल को अंडमान-निकोबार के सुदूरवर्ती उत्तरी छोर ‘लैंडफॉल द्वीप' ले जाया गया था। ‘स्वर्णिम विजय वर्ष' के अवसर पर अंडमान-निकोबार के सभी द्वीपों से गुजरते हुए मशाल को उत्तरी छोर से दक्षिणी छोर पर लाया गया। इसके मुताबिक, भारत की जीत और हमारे युद्ध नायकों के बलिदान के संदेश को देश के सुदूर क्षेत्रों और तटों तक पहुंचाना इस यात्रा का उद्देश्य है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के 50 साल पूरे होने के अवसर पर गत 16 दिसंबर को राजधानी दिल्ली स्थित राष्ट्रीय समर स्मारक की अमर ज्योति से ‘‘स्वर्णिम विजय मशाल'' प्रज्ज्वलित कर देश के विभिन्न हिस्सों के लिए रवाना किया था। मशाल यात्रा के दौरान अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
- पोर्ट ब्लेयर। यहां के वीर सावरकर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का नया एकीकृत टर्मिनल भवन अगले साल जून तक तैयार हो जाएगा। हवाईअड्डे के एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि अभी इस इमारत का काम चल रहा है। नई विश्वस्तरीय टर्मिनल इमारत की अनुमानित लागत 417 करोड़ रुपये बैठेगी। वीर सावरकर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के निदेशक जमील खलीक ने कहा कि नए टर्मिनल भवन का 83 प्रतिशत निर्माण पूरा हो गया है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने इस परियोजना के पूरा होने की तारीख जून, 2022 तय की है। नए टर्मिनल भवन का निर्माण पूरा होने से उड़े देश का आम आदमी (उड़ान) योजना को बढ़ाया मिलेगा। अधिकारियों ने कहा कि नए टर्मिनल भवन का निर्माण 40,000 वर्ग मीटर में किया जा रहा है। व्यस्त घंटों में यहां 1,200 यात्रियों को सेवाएं प्रदान की जा सकेंगी। इनमें से 600 घरेलू उड़ानों के तथा 600 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के यात्री होंगे।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भारतीय खिलाड़ियों को नैरोबी में विश्व एथलेटिक्स अंडर -20 प्रतियोगिता और जूनियर विश्व कुश्ती प्रतिस्पर्धा में उनके प्रदर्शन के लिए बधाई दी। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘गति प्राप्त करना और सफलता! हमारे एथलीटों को विश्व एथलेटिक्स अंडर -20 प्रतियोगिता, नैरोबी में दो रजत पदक और कांस्य पदक जीतने के लिए बधाई। भारत भर में एथलेटिक्स लोकप्रिय हो रहा है और यह आने वाले समय के लिए बहुत अच्छा संकेत है। हमारे मेहनती एथलीटों को शुभकामनाएं।'' उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, "प्रतिभाशाली पहलवानों को और शक्ति! जूनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2021 में, हमारे पुरुष और महिला दल ने चार रजत सहित कुल 11 पदक जीते। कामयाबी के लिए टीम को बधाई और उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।
- चेन्नई। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-मद्रास (आईआईटी-मद्रास) के शोधकर्ताओं ने स्वदेशी मोटर चालित व्हीलचेयर वाहन- 'नियोबोल्ट' तैयार किया है जिसका इस्तेमाल न केवल सड़कों पर बल्कि ऊबड़-खाबड़ इलाकों में भी किया जा सकता है। यह वाहन बैट्री से लैस है। शोधकर्ताओं ने विभिन्न संगठनों एवं अस्पतालों के साथ व्यापक सहयोग करने के बाद उत्पाद को उपयोगकर्ता के अनुभवों और डिजाइन में लगातार बदलाव के आधार पर बनाया है। सोमवार को यहां जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि लिथियम-आयन बैटरी से लैस नियोबोल्ट एक बार चार्ज होने के बाद 25 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति से 25 किमी तक की यात्रा कर सकता है। उपयोगकर्ताओं को अन्य वाहनों की तुलना में बाहर आवाजाही के सुविधाजनक, सुरक्षित और कम लागत वाले माध्यम के साथ सशक्त बनाता है। संस्थान के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग की प्रोफेसर सुजाता श्रीनिवासन के नेतृत्व में आईआईटी-एम के अनुसंधान दल ने वाहन पेश किया है। यह वाहन सुजाता द्वारा स्थापित स्टार्ट-अप 'नियोमोशन' के माध्यम से पेश किया गया है। सुजाता टीटीके सेंटर फॉर रिहैबिलिटेशन रिसर्च एंड डिवाइस डेवलपमेंट (आर2डी2) की संकाय प्रमुख भी हैं। उन्होंने कहा, "हमारे केंद्र की दृष्टि कार्यात्मक और किफायती सहायक उपकरण बनाकर भारत में शारीरिक अशक्तता से जुड़े परिदृश्य को बदलना है। व्हीलचेयर उपयोगकर्ता आमतौर पर अपने घर की चार दीवारों तक सीमित होते हैं, जो उनकी सामुदायिक भागीदारी को प्रभावित करता है।" उन्होंने कहा कि नियोमोशन का उद्देश्य भारत और पूरी दुनिया के लिए भारत में बने क्रांतिकारी एवं विश्वस्तरीय व्हीलचेयर उत्पादों के जरिए इस परिदृश्य को बदलना है। कंपनी के पर्सनलाइज्ड व्हीलचेयर 'नियोफ्लाई' की कीमत 39,900 रुपये जबकि मोटराइज्ड ऐड-ऑन व्हीलचेयर 'नियोबोल्ट' की कीमत 55,000 रुपये रखी गयी है। उपयोगकर्ता कंपनी की वेबसाइट पर 1,000 रुपये में पंजीकरण कर अपने ऑर्डर की प्री-बुकिंग कर सकते हैं।--
- नयी दिल्ली। दिल्ली हवाई अड्डे पर अनधिकृत तरीके से गोलियां लेकर चलने के आरोप में दो यात्रियों को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के कर्मियों ने पकड़ा है। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर रविवार को दोनों ही यात्रियों को पकड़ा गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पहले मामले में इमिरेट्स की उड़ान से दुबई से आये एक भारतीय यात्री के पास से 5.56 एमएम कैलीबर की दो गोलियां मिलीं। अधिकारी के अनुसार दूसरी घटना में गुवाहाटी जा रहे एक यात्री के पास से तलाशी के दौरान 7.65 एमएम कैलीबर की चार गोलियां बरामद की गयी। उन्होंने बताया कि दूसरे यात्री को एयरएशिया की उड़ान में सवार होना था लेकिन गोलियां मिलने के बाद उसे उतार लिया गया। अधिकारी ने बताया कि विमान में हथियार एवं गोला-बारूद आदि ले जाना निषिद्ध है और यह भी कि यात्री गोलियां ले जाने का सरकारी अनुमोदन का प्रमाणपत्र नहीं दिखा पाये तो उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया । आरोपियों पर हथियार कानून की संबंधित धाराएं लगायी गयीं ।
- नयी दिल्ली। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को अब तक कोविड-19 रोधी टीकों की 57.05 करोड़ से अधिक खुराकें प्रदान की जा चुकी हैं। मंत्रालय ने कहा कि 13,34,620 खुराकें तैयार हैं। कोविड-19 की वैक्सीन की 3.44 करोड़ से अधिक खुराक अब भी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास उपलब्ध हैं। मंत्रालय ने कहा कि केंद्र सरकार पूरे देश में कोविड-19 टीकाकरण की गति को तेज करने और इसके दायरे का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
- नोएडा। थाना सेक्टर- 39 क्षेत्र के सलारपुर गांव में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपने ससुराल के लोगों को फोन कर पत्नी की हत्या करने की बात बताई। सोमवार दोपहर को घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि थाना सेक्टर- 39 क्षेत्र के सलारपुर गांव में रहने वाली खुशबू की उसके आरोपी पति अवधेश ने हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने मृतका के परिजन को फोन करके उसकी हत्या करने की बात बताई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मृतका के परिजनों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि मृतका के परिजनों की शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर- 39 पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- अलीगढ़/ लखनऊ । उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान तथा हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर का सोमवार को बुलंदशहर जिले के नरौरा में गंगा नदी के तट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। कल्याण सिंह के पुत्र और एटा से भाजपा सांसद राजवीर सिंह ने 'जय श्री राम' और 'कल्याण सिंह अमर रहे' के नारों के बीच मुखाग्नि दी। कल्याण सिंह के पौत्र राज्यमंत्री संदीप सिंह भी मुखाग्नि प्रक्रिया में शामिल हुए। कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर दोपहर बाद अलीगढ़ के अतरौली स्थित लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह से एक लंबे काफिले के साथ नरौरा पहुंचा। इसके पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को अलीगढ़ के अतरौली पहुंचकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शुमार किए जाने वाले कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनके निधन से दबे, कुचले और पिछड़ों ने अपना एक हितचिंतक गंवाया है। नरौरा घाट पर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तराखंड के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट समेत उत्तराखंड के कई प्रमुख नेताओं ने कल्याण सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित कर अंतिम विदाई दी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत राज्य के कई प्रमुख नेता शव यात्रा के साथ लगातार बने रहे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की ओर से राजनाथ सिंह, उप राष्ट्रपति की ओर से स्मृति ईरानी और प्रदेश की राज्यपाल की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्प चक्र अर्पित किया। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का शनिवार की रात सवा नौ बजे लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई में निधन हो गया था। वह 89 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से बीमार थे। इसके पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज अलीगढ़ के अतरौली स्थित लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में पहुंचे जहां कल्याण का पार्थिव शरीर रखा गया था। शाह ने उनके अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शाह ने कहा, '‘आज मैं कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए आया हूं। कल्याण सिंह का इस दुनिया से जाना भाजपा के लिए बहुत बड़ी क्षति है।'' उन्होंने कहा, '‘उनके (कल्याण) जाने के साथ ही भाजपा ने अपना एक दिग्गज और हमेशा संघर्षरत रहने वाला नेता खोया है। देश भर के दबे कुचले और पिछड़ों तथा विशेषकर उत्तर प्रदेश के दबे कुचले पिछड़ों ने अपना एक हित चिंतक गंवाया है।' केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, ‘‘राम जन्मभूमि आंदोलन के कल्याण सिंह बड़े नेता रहे और राम जन्मभूमि आंदोलन के लिए सत्ता त्याग करने में तनिक भर भी उन्होंने नहीं सोचा ।'' पुरानी स्मृतियों को ताजा करते हुए शाह ने कहा, ‘'जब राम जन्मभूमि का शिलान्यास हुआ तो उसी दिन बाबूजी से बात हुई तो बड़े हर्ष और संतोष से उन्होंने बताया कि आज मेरे जीवन का लक्ष्य पूरा हुआ। उनका पूरा जीवन विकास और उप्र के लोगों को लिए समर्पित रहा। उत्तर प्रदेश को अच्छा प्रदेश बनाने के लिए वह कार्यरत रहे।'' उन्होंने कहा कि गरीब तबके से उठकर इतना बड़ा नेता बनना, विचारधारा के लिए संघर्ष करना, समाज के लिए समर्पित रहना, यह सब हम सब भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा की चीजें रहेंगी। उन्होंने कहा, ‘'भाजपा के अंदर एक बड़ी रिक्तता बन गई है और इसे भर पाना लंबे समय तक मुश्किल होगा।'' शाह ने कहा, ‘'काफी समय से सक्रिय राजनीति में न रहते हुए भी जिस प्रकार जनसैलाब बाबूजी को श्रद्धांजलि देने आया, विशेषकर युवाओं को देख रहा हूं, वह यही साबित करता है कि उप्र के सार्वजनिक जीवन पर उन्होंने एक गहरी छाप छोड़ी है। हम हृदय से गहरी श्रद्धांजलि देते हैं और वादा करते हैं गरीबों, पिछड़ों और दबे कुचलों के लिए संघर्षरत रहेंगे, इतना ही कह सकता हूं।'' मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी श्रद्धांजलि में कहा, ‘'कल्याण सिंह व्यक्ति नहीं, एक संस्था थे, एक आंदोलन थे। उनके दिमाग में गरीब, किसान, पिछड़े और शोषित के कल्याण की भावना थी। वह केवल उनके नेतृत्व में ही नहीं, उनकी कविताओं में भी प्रदर्शित होती थी। उन्होंने क्रांति का शंखनाद किया था।'' चौहान ने कल्याण सिंह की एक कविता भी सुनाई और कहा कि सामान्य परिवार में जन्म लेकर उप्र के मुख्यमंत्री तक का सफर और अयोध्या में भव्य मंदिर के निर्माण का संकल्प उनके बिना पूरा नहीं हो सकता था । उन्होंने मध्य प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता की ओर से कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह ने कहा कि राजनीति में ऐसे सच्चे नेता विरले होते हैं, जिन्हें जनसमर्थन प्राप्त होता है और उनके प्रति सच्ची श्रद्धा होती है। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद थे। इससे पहले राज्य के अधिकारियों ने बताया था कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार सोमवार को प्रदेश के बुलंदशहर जिले के राजघाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। अधिकारियों ने यहां बताया कि सिंह का पार्थिव शरीर आज सुबह साढ़े नौ बजे अलीगढ़ के अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम से उनके पैतृक गाँव मढौली के लिए ले जाया गया जहां उनके अंतिम दर्शन के बाद उन्हें बुलंदशहर के राजघाट ले जाया जाएगा। सिंह की अंतिम यात्रा अलीगढ़ के अहिल्याबाई स्टेडियम से सुबह निकली और करीब 17 किलोमीटर की दूरी तय कर अतरौली के लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में पहुंची। अतिथि गृह में उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। वहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी । इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के कई प्रमुख नेताओं ने रविवार को लखनऊ पहुंचकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए विधान भवन और प्रदेश भाजपा कार्यालय में भी रखा गया था । गौरतलब है कि कल्याण सिंह राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शुमार थे और छह दिसंबर 1992 को अयोध्या स्थित विवादित ढांचा गिराये जाने के वक्त उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। इस घटना के बाद सिंह ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। सिंह को पिछली चार जुलाई को संक्रमण तथा स्वास्थ्य संबंधी कुछ अन्य समस्याएं होने पर एसजीपीजीआई के गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराया गया था। उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था और शनिवार रात उनका निधन हो गया। पिछले साल सितंबर में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के साथ वह विध्वंस के मामले में बरी किए गए जिसमें उनके समेत 32 अन्य लोगों पर ढांचा ध्वंस का आरोप था। उन्होंने 1990 के दशक में उत्तर प्रदेश में भाजपा को सत्ता में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
- श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में सालाना अमरनाथ यात्रा इस साल सांकेतिक तरीके से आयोजित की गई और रविवार को मंत्रोच्चार और जयघोषों के बीच 'समापन पूजा' के साथ यह संपन्न हो गई। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नितिश्वर कुमार ने जम्मू-कश्मीर में शांति, सौहार्द्र, उन्नति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। बोर्ड ने छड़ी मुबारक को पवित्र गुफा तक पहुंचाने की व्यवस्था की। इस छड़ी के संरक्षक महंत दीपेंद्र गिरि ने ‘दशनामी अखाड़ा' के संतों समेत अन्य के साथ शोभा यात्रा का नेतृत्व किया और सावन की पूर्णिमा (रक्षा बंधन) के मौके पर यात्रा समाप्त हुई। महामारी की वजह से यह सालाना यात्रा रद्द कर दी गई थी लेकिन बोर्ड ने दक्षिणी कश्मीर में स्थित इस पवित्र गुफा में सभी धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया। श्रद्धालुओं के लिए सुबह और संध्या की ‘आरती' का टीवी पर सीधा प्रसारण करने की व्यवस्था भी की गई थी।
- छिंदवाड़ा । मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा शहर के सुभाष छोटा तालाब पार्क के पास लगे मेले में रविवार को गुब्बारे में हवा भरने के लिए उपयोग में लाया जा रहा एक गैस सिलेंडर अचानक फट गया, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गये। छिंदवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव उइके ने बताया कि मृतकों की पहचान गुब्बारे फुलाकर बेचने वाले इब्राहिम चाचा एवं एक अन्य ताजुद्दीन अंसारी के रूप में की गई है। इब्राहिम की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि ताजुद्दीन ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ा। उन्होंने कहा कि इन दोनों की उम्र 40 से 50 साल के बीच थी।उइके ने बताया कि इस हादसे में अंसारी की पत्नी एवं बेटे के अलावा सुरेश यादव घायल भी हुए हैं। इन सभी को यहां अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और विस्तृत जांच जारी है।
- जम्मू। जम्मू में दोहरे हत्याकांड को सुलझाने का दावा करते हुए पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक अमनदीप की पत्नी और उसके सास-ससुर को गिरफ्तार किया है जबकि एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।संजय नगर में 19 अगस्त को अमनदीप सिंह, उनके पिता राजिंदर सिंह और मां शकुंतला कौर पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। इस हमले में घायल अमनदीप और उनकी मां की मौत हो गई थी। जम्मू के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंदन कोहली ने कहा कि जांच में पता चला कि पारिवारिक विवाद के चलते हमला किया गया था और इसे कथित रूप से अमनदीप के ससुर आरोपी पोपिंदर सिंह ने अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि दोहरे हत्याकांड के खुलासे के लिए विशेष जांच दल का गठन किया गया था और एसआईटी ने तत्काल ही मुख्य आरोपी पोपिंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। कोहली ने कहा कि पुलिस को इस घटना में तीन और लोगों की भूमिका का पता चला।उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस मामले में आरोपी पोपिंदर सिंह की पत्नी आरोपी जसवंत कौर और उनकी बेटी आरोपी गुरमीत कौर को गिरफ्तार किया है जबकि आरोपी पोपिंदर की एक आरोपी नाबालिग बेटी को भी पकड़ा गया है। आरोपी गुरमीत कौर मृतक अमनदीप की पत्नी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह घटना दो परिवारों के बीच विवाद का नतीजा है।
- करगिल। महाराष्ट्र के पुणे में रहने वाला 30 वर्षीय एक इंजीनियर महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा का संदेश फैलाने के लिए कभी पैदल तो कभी साइकिल पर यात्रा कर रहा है। वह पांच महाद्वीपों में 46 देशों का सफर करते हुए यहां पहुंच गया है।एक आधिकारिक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि नितिन सोनवणे शनिवार को करगिल पहुंचे। उन्होंने कहा कि रविवार को उन्होंने लद्दाख स्वायत्त पर्वत विकास परिषद (करगिल) के अध्यक्ष एवं कार्यकारी पार्षद फिरोज़ अहमद खान, उपायुक्त और एलएएचडीसी (करगिल) के सीईओ संतोष सुखदेव और करगिल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) इनायत अली चौधरी से मुलाकात की। बयान के मुताबिक, खान ने महात्मा गांधी के सत्य, सद्भाव और अहिंसा के सिद्धांतों का प्रचार करने के लिए पैदल या साइकिल से विभिन्न देशों की यात्रा करने के सोनवणे के समर्पण और प्रतिबद्धता की सराहना की। सुखदेव ने कहा कि सोनवणे का अद्भुत कार्य लोगों, खासकर युवाओं के लिए गांधीवादी सिद्धांतों और मूल्यों को समझने और उन पर अमल करने के लिए प्रेरणा साबित होगा। कारगिल के एसएसपी ने कहा कि उनकी यात्रा कई लोगों के लिए प्रेरणा होनी चाहिए कि कैसे "हम महात्मा गांधी के मूल्यों और सिद्धांतों को बढ़ावा देकर दुनिया में शांति और सद्भाव लाने में योगदान दे सकते हैं।"बयान के अनुसार, सोनवणे ने 18 नवंबर, 2016 को महाराष्ट्र के वर्धा में सेवाग्राम आश्रम से अपनी यात्रा शुरू की और भारत, थाईलैंड, कंबोडिया, वियतनाम, चीन, हांगकांग, मकाऊ, दक्षिण कोरिया, अमेरिका, मैक्सिको ग्वाटेमाला, होंडुरास, अल सल्वाडोर, कोस्टा रिका, पनामा, कोलंबिया, इक्वाडोर, पेरू सहित 20 देशों में साइकिल यात्रा की। उन्होंने जापान, दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे, जाम्बिया, तंजानिया, रवांडा, युगांडा, केन्या, इथियोपिया, सूडान, मिस्र, स्कॉटलैंड, इंग्लैंड, उत्तरी आयरलैंड, आयरलैंड, जर्मनी, स्पेन, जॉर्जिया, तुर्की, सर्बिया, अल्बानिया, मैसेडोनिया, मोंटेनेग्रो, किर्गिस्तान, उज्बेकिस्तान और अफगानिस्तान सहित 26 देशों में पैदल यात्रा की। बयान के मुताबिक, वह अब तक साइकिल से करीब 25 हजार किलोमीटर और पैदल तकरीबन 11 हजार किलोमीटर की यात्रा कर चुके हैं। उनकी यात्रा का समापन इसी साल दो अक्टूबर को महात्मा गांधी की 152 वीं जयंती पर दिल्ली के राजघाट पर होगा।
- नयी दिल्ली। कृषि मंत्रालय द्वारा रविवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, फसल वर्ष 2021-22 (जुलाई-जून) के चालू खरीफ सीजन में धान जैसी गर्मियों की फसलों के लिए अब तक बुआई का क्षेत्र 1.55 प्रतिशत कम होकर 1,043.87 लाख हेक्टेयर है। बुआई का काम अब भी जारी है और गर्मियों (खरीफ) की फसलों की बुआई अगस्त के अंत तक जारी रह सकती है।किसानों ने एक साल पहले इसी अवधि में 1,060.37 लाख हेक्टेयर में गर्मियों (खरीफ) की फसलें लगायी थीं। खरीफ फसलों की बुआई दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत के साथ जून से शुरू होती है। मंत्रालय ने कहा कि एक जून से 20 अगस्त के बीच मॉनसून की बारिश आठ फीसदी कम रही।
- नयी दिल्ली। उत्तरपूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में शनिवार को नाले में गिरने से 15 वर्षीय एक किशोर की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार दोपहर 12 बजकर 50 मिनट पर पुलिस नियंत्रण कक्ष में इस संबंध में जानकारी मिली। यह घटना सीलमपुर के नाग देवता मंदिर के निकट हुई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और दमकल कर्मियों और गोताखोरों की मदद से किशोर को नाले से बाहर निकाला। उसे एक अस्पताल में भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है और शव को अस्पताल में सुरक्षित रखा गया है। प्राथमिक तौर पर किशोर कचरा चुनने वाला लगता है और नाला पार करने के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह इसमें गिर गया। इस संबंध में क़ानूनी कार्यवाही की जाएगी।
- नयी दिल्ली। नैनो-मैटेरियल पर काम करने वाले वैज्ञानिकों और देशभर के छात्रों ने दो दिवसीय सम्मेलन में क्वांटम डिवाइस, क्वांटम मैटेरियल, ऊर्जा रूपांतरण और भंडारण में नैनो तकनीक के इस्तेमाल पर जोर देते हुए भौतिकी क्षेत्र में नैनो-मैटेरियल के इस्तेमाल और प्रगति पर चर्चा की। एक बयान में शनिवार को यह जानकारी दी गयी। भारतीय विज्ञान संस्थान, बंगलुरु के प्रोफेसर, वैज्ञानिक और इस क्षेत्र में दुनियाभर में प्रख्यात डी.डी. शर्मा ने फिजिक्स ऑफ नैनो मैटेरियल कॉन्फ्रेंस (पीएनएम-2021) में कहा कि नैनो-सामग्री की इलेक्ट्रॉनिक संरचना एक बहुत ही महत्वपूर्ण क्षेत्र है जिसमें क्वांटम डिवाइस, क्वांटम मैटेरियल, ऊर्जा रूपांतरण और भंडारण में बेहद संभावनाए हैं और बहुत से युवा इसमें गहरी रुचि दिखा रहे हैं। विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के तहत स्वायत्त संस्थान नैनो विज्ञान और प्रौद्योगिकी संस्थान (आईएनएसटी), मोहाली द्वारा 20-21 अगस्त को प्रत्यक्ष और डिजिटल यानी मिश्रित तरीके से चंडीगढ़ में सम्मेलन का आयोजन किया गया। देशभर के विभिन्न शैक्षणिक और वैज्ञानिक संस्थानों के 20 विशेषज्ञ वक्ताओं सहित 100 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसके तहत नैनोसाइंस और नैनो टेक्नोलॉजी से संबंधित भौतिकी के विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा की गई। आईएनएसटी के निदेशक प्रोफेसर अमिताभ पात्रा ने कहा कि यह सम्मेलन प्रख्यात वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों के साथ-साथ छात्रों और युवा शोधकर्ताओं के लिए मैटेरियल फिजिक्स में अनुसंधान पर नोट्स का आदान-प्रदान करने के लिए एक उत्कृष्ट मंच है। इसके अलावा युवा शोधकर्ताओं को सहयोगी कार्य के लिए एक मंच भी प्रदान कर सकता है।
- मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में सड़क दुर्घटना में एक महिला और उसके पति की मौत हो गई। ये दोनों मुजफ्फरगनर से अलीगढ़ जा रहे थे। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम में मायादेवी (38) रक्षा बंधन के मौके पर अलीगढ़ स्थित अपने मायके जा रही थी। उसके पति सुदेश कुमार (40) बाइक चला रहे थे और वह पीछे बैठी थी। बुलंदशहर जिले के सयाना सड़क पर एक कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पीड़ित तालरा गाँव के रहने वाले थे।
- नयी दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तोक्यो ओलंपिक में भाग लेने वाले सैन्यकर्मियों को पुणे स्थित आर्मी स्पोर्टस इंस्टीट्यूट (एएसआई) में मंगलवार को सम्मानित करेंगे। रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी वक्तव्य में यह जानकारी दी गई। इससे पहले रक्षा मंत्रालय ने बताया था कि सम्मान समारोह का आयोजन सोमवार को होगा। बाद में इसने कहा कि मंत्री का दौरा ‘‘अपरिहार्य कारणों से'' मंगलवार को टाल दिया गया है और ‘‘इस कारण होने वाली असुविधा के लिए खेद है।'' इसमें बताया गया है, ‘‘हाल ही में सम्पन्न हुए तोक्यो ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले सैन्य बलों के सभी कर्मियों, सूबेदार नीरज चोपड़ा जिन्होंने भाला फेंक में स्वर्ण पदक हासिल किया, उनके इस कार्यक्रम में मौजूद रहने की संभावना है।'' वक्तव्य के मुताबिक सिंह इस दौरान एएसआई के उभरते खिलाड़ियों और सैनिकों के साथ भी संवाद करेंगे। इसमें बताया गया है, ‘‘वह दक्षिणी कमान के मुख्यालय जाएंगे। रक्षा मंत्री के साथ प्रमुख रक्षा अध्यक्ष एमएम नरवणे, दक्षिणी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल जेएस नैन भी होंगे।'' अब तक एएसआई के 34 खिलाड़ियों ने ओलंपिक पदक जीते हैं, 22 राष्ट्रमंडल खेलों में पदक विजेता हैं, 21 ने एशियाई खेलों में जीत हासिल की है, छह ने यूथ गेम्स में पदक जीते हैं और 13 अर्जुन पुरस्कार विजेता हैं। वक्तव्य में कहा गया, ‘‘मेजर ध्यान चंद से लेकर सूबेदार नीरज चोपड़ा तक भारतीय सेना हमेशा से ही भारतीय खेलों की रीढ़ रही है, जिन्होंने भारतीय खेलों के इतिहास में अपने नाम स्वर्णाक्षरों में अंकित किए हैं।
- फरीदाबाद (हरियाणा)। फरीदाबाद जिले स्थित सूरजकुंड थाना क्षेत्र के अरावली में बनी कृत्रिम झील में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान शिव दुर्गा विहार निवासी कुलदीप सिंह और उसके पड़ोसी पंकज तिवारी के रूप में हुई। दोनों की उम्र 23-24 साल थी। उन्होंने बताया कि शिव दुर्गा विहार निवासी जगदीश चंद और जयकृष्ण तिवारी ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे कुलदीप सिंह और पंकज तिवारी शनिवार शाम तीन बजे से लापता थे। प्रवक्ता ने तहरीर के हवाले से बताया कि दोनों के परिजन अपने स्तर पर उनकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूरजकुंड थाने से सूचना मिली कि दोनों झील में डूब गए हैं। मृतकों के पिता जब थाने पहुंचे तो पुलिस ने दिल्ली निवासी अमन सूद और परितोष से उनकी मुलाकात कराई। दोनों ने बताया कि वे कुलदीप और पंकज के दोस्त हैं और चारों झील में नहाने गए थे। वहां कुलदीप और पंकज झील में डूब गए।-file photo
- फरीदाबाद (हरियाणा)। फरीदाबाद के खेड़ी पुल थाना क्षेत्र के अंतर्गत बन रहे अस्पताल की निर्माणाधीन इमारत में करंट लगने से रविवार को दो कर्मचारियों की मौत हो गई। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के मऊ जिला स्थित ननदौर गांव निवासी प्रदीप और गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर निवासी जगत के तौर पर की गई है और दोनों दिल्ली के बदरपुर में परिवार के साथ रहते थे। उन्होंने बताया कि प्रदीप निर्माणाधीन इमारत में फायर ऑफिसर जबकि जगत प्लंबर के तौर पर काम करते था। प्रवक्ता ने बताया कि रविवार दोपहर काम करते वक्त दोनों की करंट लगने से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भिजवाया है।-file photo
- मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर जिले के एक गांव में 25 वर्षीय एक महिला मृत पाई गई जिसका शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि तितावी थाना अंतर्गत लाडवा गांव में एक खेत में महिला का शव मिला। उन्होंने कहा कि महिला की ‘‘चुन्नी'' से गला घोंटकर हत्या की गई है। थाना प्रभारी राधेश्याम यादव ने कहा कि महिला की अभी तक पहचान नहीं हुई है और उसका शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस को संदेह है कि महिला की हत्या करने के बाद शव को खेत में फेंक दिया गया।- file photo
- नयी दिल्ली । मत्स्य सब्सिडी पर प्रस्तावित समझौते को लेकर मतभेदों को दूर करने के लिए जिनेवा में विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) के सदस्यों देशों के बीच एक सितंबर से गहन बातचीत शुरू होगी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि इस बातचीत का उद्देश्य जल्द वार्ता को पूरा करना है ताकि सदस्य देश 12वें मंत्रिस्तरीय सम्मेलन से पहले संधि के ब्योरे को अंतिम रूप दे सकें। मंत्रिस्तरीय सम्मेलन 30 नवंबर से जिनेवा में होना है। उन्होंने बताया कि सदस्यों देशों के बीच बातचीत दो चरण में होगी। पहला चरण एक से 12 सितंबर तक चलेगा। दूसरा चरण 13 सितंबर से आठ अक्टूबर तक होगा। पहले चरण के दौरान नियमों पर वार्ता समूह के प्रमुख राजदूत सैंटियागो विल्स विभिन्न स्वरूपों में परामर्श करेंगे। इसके तहत सदस्य देश प्रमुख मुद्दों पर विल्स से मिलेंगे या आपस में विचार-विमर्श करेंगे। वही 13 सितम्बर से आठ अक्टूबर के बीच दूसरे चरण में मूल मुद्दों पर गहरी बातचीत होगी, जिन पर सदस्य देशों के अलग-अलग विचार हैं। दूसरे चरण का मुख्य उद्देश्य मतभेदों को कम करना और वार्ता के मसौदे में सुधार करना है। अधिकारी ने कहा, ‘‘इस बातचीत का उद्देश्य 12वें मंत्रिस्तरीय सम्मेलन से पहले पूरी तरह से सहमति के बाद ब्योरे को अंतिम रूप देना है।'' इससे पहले डब्ल्यूटीओ की मंत्रिस्तरीय बैठक में वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा था कि विकासशील और अल्प विकसित देशों (एलडीसी) की चिंताओं को दूर करने के लिए सदस्य देशों को अभी भी महत्वपूर्ण सुधार करने की आवश्यकता है।
- शिमला। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में रविवार को एक ट्रक और बस की टक्कर में कम से कम 35 लोग घायल हो गए। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना दिन में करीब साढ़े 11 बजे जबली-धर्मपुर राजमार्ग पर उस समय हुई जब एक ट्रक ने यात्रियों से भरी बस को पीछे से टक्कर मार दी। बस में कुल 32 यात्री सवार थे जबकि ट्रक में तीन लोग सवार थे। यात्रियों से भरी बस चंडीगढ़ की ओर जा रही थी जबकि ट्रक कालका की ओर जा रहा था। टक्कर के बाद दोनों वाहन पलट गए। इस सड़क हादसे में घायल सभी लोगों को इलाज के लिए धर्मपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आपदा विभाग के अधिकारी के मुताबिक इस हादसे में एक नाबालिग समेत कुल चार यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए सोलन के एक बड़े अस्पताल ले जाया गया है।
- लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को लखनऊ पहुंचकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शुमार किए जाने वाले कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मोदी रविवार पूर्वाह्न लखनऊ के मॉल एवेन्यू स्थित सिंह के आवास पर पहुंचे, जहां उनका पार्थिव शरीर रखा गया है। प्रधानमंत्री ने उनके अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री ने कल्याण सिंह के परिजन से मुलाकात कर उनके प्रति संवेदना प्रकट की। मोदी ने इस मौके पर संवाददाताओं से कहा कि कल्याण सिंह ने अपने नाम को सार्थक किया और जीवन भर लोगों के लिए काम करते हुए जनकल्याण को हमेशा प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह जनसामान्य के लिए प्रेरणा का प्रतीक बने। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कल्याण सिंह के आदर्शों और संकल्पों के लिए अधिक से अधिक पुरुषार्थ करें और उनके सपनों को पूरा करने की कोशिश में कोई कमी ना रखें। उन्होंने कहा, "प्रभु श्री राम कल्याण सिंह जी को अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनके परिवार को इस दु:ख को सहन करने की शक्ति दें। यहां के मूल्यों, आदर्शों, संस्कृतियों और परंपराओं में विश्वास करने वाले हर दु:खी जन को प्रभु राम ढांढस दें, मैं यही प्रार्थना करता हूं।" रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बसपा (बहुजन समाज पार्टी) प्रमुख मायावती ने भी कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। राजनाथ ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम उनसे (कल्याण सिंह) कहते थे कि हम भूतपूर्व मुख्यमंत्री हैं, मगर आप अभूतपूर्व मुख्यमंत्री हैं। इस पर वह मुस्कुरा देते थे। मैंने कल्याण सिंह जी को हमेशा बड़े भाई के तौर पर माना।'' उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का शनिवार रात सवा नौ बजे लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई (संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान) में निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। वह पिछले काफी समय से बीमार थे। पूर्व मुख्यमंत्री के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए लोक भवन और प्रदेश भाजपा कार्यालय में भी रखा जाएगा। उसके बाद उसे अलीगढ़ ले जाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुये प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। उन्होंने 23 अगस्त को एक दिन का सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की हैं। सिंह का अंतिम संस्कार 23 अगस्त को नरौरा में गंगा तट पर किया जायेगा। कल्याण सिंह राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शुमार थे और छह दिसंबर 1992 को अयोध्या में बाबरी मस्जिद ढहाए जाने के वक्त उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। इस घटना के बाद सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बसपा (बहुजन समाज पार्टी) अध्यक्ष मायावती, राम जन्मभूमि तीर्थ न्यास के महासचिव चंपत राय, भाजपा नेताओं राम विलास वेदांती एवं विनय कटियार, कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी तथा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भी कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। सिंह को पिछली चार जुलाई को संक्रमण तथा स्वास्थ्य संबंधी कुछ अन्य समस्याएं होने पर एसजीपीजीआई के गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराया गया था। उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था और शनिवार रात उनका निधन हो गया।

























.jpg)
