- Home
- खेल
-
चेन्नई. भारतीय महिला क्रिकेट टीम के क्षेत्ररक्षण कोच मुनीश बाली ने उमा छेत्री की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह युवा विकेटकीपर ‘वास्तव में कड़ी मेहनत करने वाली क्रिकेटर है।' इक्कीस वर्षीय छेत्री ने रविवार को यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बारिश के कारण रद्द कर दिए गए दूसरे मैच में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। उन्होंने दीप्ति शर्मा की गेंद पर तेजमिन ब्रिट्स को स्टंप आउट किया। इससे पहले वह इसी बल्लेबाज को स्टंप के आगे से गेंद पकड़ने के कारण जीवनदान दे चुकी थी। बाली ने हालांकि छेत्री का बचाव किया और कहा कि इस युवा खिलाड़ी ने पिछले सप्ताह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में शॉर्ट लेग पर जिस तरह से क्षेत्ररक्षण किया वह सराहनीय है। बाली ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा,‘‘मुझे बहुत खुशी है कि उसे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका मिला। टेस्ट मैच के दौरान उसने 70 से 80 ओवर तक फील्डिंग की थी। वह बहादुर लड़की है।'' उन्होंने कहा,‘‘शॉर्ट लेग पर फील्डिंग करना आसान नहीं होता है। उसे तब चोट भी लगी थी लेकिन दर्द के बावजूद भी उसने वहां पर फील्डिंग की। उसका रवैया शानदार है और वह वास्तव में कड़ी मेहनत करने वाली क्रिकेटर है। मुझे बहुत खुशी है कि उसने ब्रिट्स को स्टंप आउट किया।'' दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 177 रन बनाए लेकिन भारतीय पारी शुरू होने से पहले ही बारिश आ गई जिसके कारण मैच रद्द करना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका पहला मैच जीत कर तीन मैच की श्रृंखला में 1-0 से आगे है। तीसरा और अंतिम मैच मंगलवार को खेला जाएगा।
-
नई दिल्ली। एशियाई डबल्स स्क्वाश चैम्पियनशिप में भारतीय खिलाड़ी अभय सिंह ने दोहरे खिताब जीते। मेंस डबल्स के फाइनल में वेलावन सेंथिलकुमार के साथ उन्होंने मलेशिया के ओंग साई हुंग और सियाफिक कमाल की जोड़ी को 11-4, 11-5 से शिकस्त दी। वहीं मिक्स्ड डबल्स में अभय और जोशना चिनप्पा की जोडी ने टोंग सेज विंग और टांग मिंग होंग की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी को 11-8, 10-11, 11-5 से हराकर खिताब जीता।
-
लंदन. इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने लंबे समय तक अपने साथी रहे जेम्स एंडरसन की जमकर प्रशंसा करते हुए उन्हें गेंदबाजी कला का दीवाना करार दिया। एंडरसन इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच 10 जुलाई से लॉर्ड्स में होने वाले पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। उन्होंने अब तक 187 टेस्ट मैच में 700 विकेट लिए हैं। ब्रॉड ने द टाइम्स में अपने कॉलम में लिखा, ‘‘उसे गेंदबाजी करने की लय, अपने एक्शन की तकनीक पर नियंत्रण रखना पसंद है फिर चाहे वह स्विंग, इनस्विंग, सीम किसी तरह की गेंदबाजी कर रहा हो।' उन्होंने कहा,‘‘जब आप लंबे समय तक खेलने वाले पेशेवर खिलाड़ियों की बात करते हैं तो उनकी अनुशासित दिनचर्या और समर्पण की बात करते हैं। निश्चित तौर पर अगर आप इस तरह का जीवन नहीं जीते हैं तो 42 साल तक नहीं खेल सकते हैं।'' ब्रॉड ने कहा,‘‘लेकिन एक चीज जो एंडरसन को सबसे अलग बनाती है वह है गेंदबाजी कला के प्रति उनका सच्चा प्यार। किसी चीज के प्रति दीवानापन नकारात्मक रूप से उपयोग किया जाता है लेकिन मैं यह कहूंगा कि वह गेंदबाजी कला का दीवाना है।
- मुंबई। राहुल द्रविड़ ने कहा कि भारतीय टीम के मुख्य कोच के अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें टीम में बहुत अधिक काट छांट और बदलाव करना पसंद नहीं था और उन्होंने हमेशा कप्तान रोहित शर्मा के सहायक की भूमिका निभाई ताकि वह अपनी रणनीति के अनुसार चल सके।भारत के टी20 विश्व कप के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका पर जीत के साथ ही द्रविड़ का मुख्य कोच का कार्यकाल भी समाप्त हो गया। द्रविड़ ने बीसीसीआई द्वारा जारी किए गए वीडियो में कहा,‘‘मैं वास्तव में ऐसा व्यक्ति हूं जिसे निरंतरता पसंद है। मुझे बहुत अधिक काट छांट और बदलाव करना पसंद नहीं है। क्योंकि मेरा मानना है कि इससे बहुत अस्थिरता पैदा होती है और बहुत अच्छा माहौल नहीं बनता।'' उन्होंने कहा,‘‘मुझे लगता है कि मैं उस टीम का हिस्सा हूं जिसकी जिम्मेदारी सही पेशेवर, सुरक्षित, संरक्षित वातावरण बनाना है जिसमें वास्तव में असफलता का डर न हो, लेकिन लोगों को आगे बढ़ाने के लिए पर्याप्त चुनौतियां हों। यह हमेशा मेरा प्रयास रहा है।'' द्रविड़ ने कहा कि कोविड-19 महामारी के बाद जब खिलाड़ी बाहर आए तो वह मुश्किल दौर था तथा उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें आधा दर्जन कप्तानों के साथ काम करना पड़ेगा। उन्होंने कहा,‘‘मेरे कोच बनने के शुरुआती दौर में हम कोविड के प्रतिबंधों से बाहर निकल रहे थे। हमें तीनों प्रारूप में कार्यभार का प्रबंध करना था। कुछ खिलाड़ी चोटिल थे और इस कारण मुझे 8-10 महीने में पांच-छह कप्तानों के साथ काम करना पड़ा।'' द्रविड़ ने कहा,‘‘यह कुछ ऐसा था जिसकी मैंने कल्पना नहीं की थी या इसके बारे में मैंने सोचा भी नहीं था लेकिन यह स्वाभाविक तौर पर हो गया।'' द्रविड़ के कोच रहते हुए भारत ने इंग्लैंड को पांच टेस्ट मैच की श्रृंखला में हराया और टीम वनडे विश्व कप के फाइनल में पहुंची। उन्होंने कहा,‘‘कोविड की पाबंदियां हटने के बाद सकारात्मक बात यह रही कि हमने काफी क्रिकेट खेली। पिछले ढाई वर्षो में हमने विशेषकर सीमित ओवरों की क्रिकेट में कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया। पिछले कुछ समय में हमने टेस्ट क्रिकेट में भी कुछ युवा खिलाड़ियों को अवसर दिया।'' द्रविड़ कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली को लंबे समय से जानते हैं। जब वह अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर थे तब इन दोनों ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। उन्होंने कहा,‘‘मैंने वास्तव में रोहित के साथ काम करने का आनंद लिया जिसे मैं काफी समय से जानता था। मैंने उसे एक व्यक्ति और एक कप्तान के रूप में परिपक्व होते हुए देखा। मुझे उसकी टीम के प्रति प्रतिबद्धता और खिलाड़ियों का ध्यान रखने की प्रवृत्ति वास्तव में बहुत अच्छी लगी। उसने टीम में ऐसा माहौल बनाया जिसने सभी सुरक्षित महसूस करें। यह ऐसी चीज है जिसकी मुझे कमी खलेगी।'' द्रविड़ ने कहा,‘‘ यहां तक कि विराट के साथ भी जो कोच के रूप में मेरे शुरुआती दिनों में कप्तान थे। मुझे उन्हें जानने और समझने का मौका मिला और यह काफी रोमांचक था।'' द्रविड़ ने कहा कि उन्होंने हमेशा प्रक्रिया पर ध्यान दिया जिसका कुछ अवसरों पर गलत अर्थ भी लगा दिए गए। उन्होंने कहा,‘‘मेरे लिए वास्तव में परिणाम महत्वपूर्ण थे। मैंने प्रक्रिया पर ध्यान दिया और लोगों को लगा कि मैं सोचता हूं कि परिणाम महत्वपूर्ण नहीं है। निश्चित तौर पर परिणाम महत्वपूर्ण था।'' द्रविड़ ने कहा,‘‘मैं उस पद पर था जिसमें परिणाम महत्वपूर्ण था। लेकिन एक कोच के रूप में मुझे यह सोचना था कि वह कौन सी चीज हैं जिन्हें मैं नियंत्रित करके अनुकूल परिणाम हासिल करने में मदद कर सकता हूं। आखिर में मेरी जिम्मेदारी कप्तान को उसकी रणनीति पर सही तरह से अमल करने में मदद करनी थी।''
- बुखारेस्ट (रोमानिया)। भारत के आर प्रज्ञाननंदा और डी गुकेश को चार खिलाड़ियों के बीच खेले गए टाइब्रेकर में हार का सामना करना पड़ा जिसमें दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी फैबियानो कारुआना ने तीनों रैपिड गेम जीतकर सुपरबेट क्लासिक में अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया। कारुआना क्लासिकल प्रारूप में नीदरलैंड के अनीश गिरी से हार गए, जिससे मुकाबला रोचक बन गया क्योंकि गुकेश, प्रज्ञाननंदा और फ्रांस के अलीरेजा फिरौजा सभी उनकी बराबरी पर पहुंच गए। प्रज्ञाननंदा मुख्य बाजी में अलीरेजा के सामने एक समय बेहद मुश्किल स्थिति में फंसे हुए थे। यदि फ्रांसीसी खिलाड़ी क्लासिकल दौर की इस बाजी को जीत जाता तो फिर वह कारुआना से आगे निकल जाते और विजेता का फैसला करने के लिए टाइब्रेकर की जरूरत नहीं पड़ती। लेकिन कारुआना हार गए, जबकि गुकेश और प्रज्ञाननंदा ने अपनी अपनी बाजियां ड्रॉ खेली जिससे विजेता का फैसला करने के लिए चार खिलाड़ियों के बीच टाइब्रेकर की स्थिति बन गई। कारुआना ने दिखाया कि आखिर उन्हें क्यों टाइब्रेकर का मास्टर कहा जाता है। उन्होंने साबित कर दिया कि वे युवा पीढ़ी से बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। अमेरिका के इस खिलाड़ी ने टाइब्रेकर में अपने तीनों प्रतिद्वंदियों गुकेश, प्रज्ञाननंदा और अलीरेजा को हराकर 68500 अमेरिकी डॉलर का पहला पुरस्कार जीता। इससे पहले प्रज्ञाननंदा टूर्नामेंट में अपनी पहली हार की तरफ बढ़ रहे थे लेकिन अलीरेजा की एक गलती का फायदा उठाकर वह बाजी ड्रा करने में सफल रहे। गुकेश ने वेस्ली सो के साथ अंक बांटकर टाइब्रेकर में खेलने का हक पाया था।
- मुंबई।रोहित शर्मा सहित टी20 विश्वकप विजेता टीम के मुंबई में रहने वाले सदस्यों को शुक्रवार को महाराष्ट्र विधान भवन में सम्मानित किया गया।केंद्रीय सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में सूर्यकुमार भी मौजूद थे जिन्होंने टी20 विश्वकप फाइनल के मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अहम कैच लिया था जिससे पूरे मैच का रुख बदल गया था। यादव जब समारोह में बोलने के लिए खड़े हुए तो वहां उपस्थित मंत्रियों और विधायकों ने एक स्वर में उनसे उस कैच के बारे में बताने को कहा।सूर्यकुमार ने श्रोताओं की नारेबाजी के बीच मराठी में कहा, ‘‘कैच बसला हातात (कैच सीधे मेरे हाथ में आ गया)।’’ इसके बाद उन्होंने एक तरह से नाट्य रूपांतर किया और अपने हाथों से इशारा करते हुए बताया कि उन्होंने कैच कैसे लिया।सूर्यकुमार के संबोधन के बाद टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा, ‘‘ सूर्य ने अभी बताया कि गेंद आकर उनके हाथ में ‘बैठ’ गई। यह अच्छा है कि गेंद उनके हाथ में बैठ गई नहीं तो मैं उन्हें ‘बैठा’ (टीम से बाहर कर) देता।’’रोहित ने मराठी में कहा, ‘‘भारत में दोबारा विश्वकप लाना सपना था। हमने इसके लिए 11 साल प्रतीक्षा की। 2013 में हमने आईसीसी चैम्पियनशिप ट्रॉफी जीती थी।’’उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने टीम के साथियों का शुक्रगुजार हूं, न केवल शिवम दुबे, सूर्य और यशस्वी जायसवाल बल्कि हर उस व्यक्ति का जिसने भारत की इस सफलता में योगदान दिया। मैं भाग्यशाली हूं कि ऐसी टीम है। प्रत्येक व्यक्ति ने मजबूत प्रयास किया। सभी ने इस पल के लिए मेहनत की।’’ इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपने आधिकारिक आवास पर रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, शिवम दुबे और सूर्यकुमार यादव को सम्मानित किया था।
- मुंबई। मुंबई पुलिस गुरुवार शाम को पूरी तरह चौकस बनी रही क्योंकि दक्षिण मुंबई में टी20 विश्व कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम की ‘विक्ट्री परेड' के रास्ते पर कई स्थानों पर भगदड़ जैसी स्थिति हो गई थी। अधिकारियों ने बताया कि भीड़ में करीब एक दर्जन बच्चे लापता हो गये लेकिन उन्हें उनके माता-पिता से मिलवा दिया गया जबकि चार से पांच लोगों को बीमार होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। मरीन ड्राइव रोड की दोनों लेन खचाखच भरे होने के बावजूद लोग एंबुलेंस के लिए रास्ता बनाते हुए देखे गए। मुंबई पुलिस ने ‘एक्स' पर इस दिल को छू लेने वाले दृश्य का वीडियो पोस्ट किया और क्रिकेट प्रशंसकों द्वारा दिखाए गए जज्बे की प्रशंसा की। वीडियो के कैप्शन में लिखा है, ‘‘सायरन बजता गया, रास्ता बनता गया।''एक अधिकारी ने बताया कि वानखेड़े स्टेडियम तक टीम को ले जा रही बस के चारों ओर भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे कुछ स्थानों पर भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई, लेकिन पुलिस ने स्थिति संभाल ली।
-
मुंबई. स्टार क्रिकेटर विराट कोहली ने गुरुवार को यहां टीम के सम्मान समारोह के दौरान वानखेड़े स्टेडियम में खचाखच भरे दर्शकों के सामने खुलासा किया कि उन्होंने 15 साल में कभी भी भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को इतना भावुक होते नहीं देखा था जिन्होंने टी20 विश्व कप जीत के बाद डबडबायी आंखों से उन्हें गले लगा लिया था। कोहली ने खुली बस में यादगार ‘विक्ट्री परेड' के बाद आयोजित सम्मान समारोह के दौरान कहा, 15 साल में यह पहली बार है जब मैंने रोहित को इतना भावुक होते देखा है। जब हम (केनसिंग्टन ओवल में) सीढ़ियां चढ़ रहे थे तो वह रो रहे थे और मैं भी रो रहा था। '' कोहली जब 21 साल के थे तो उन्होंने इसी मैदान पर कहा था कि 21 वर्षों तक भारतीय क्रिकेट का भार उठाने वाले महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर को अपने कंधों पर उठाना बिलकुल उचित है। कोहली (34 वर्ष) ने पिछले हफ्ते ट्रॉफी जीतने के बाद क्रिकेट के इस छोटे प्रारूप से संन्यास की घोषणा की थी। उन्होंने इस मैदान पर खड़े होकर उम्मीद जताई कि उन्होंने और उनके कप्तान ने 15 वर्षों तक जिम्मेदारी उठाने और ट्राफी देश में लाने के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है। कोहली ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हमने (रोहित और मैंने) जिम्मेदारी उठाई है और ट्रॉफी यहां (वानखेड़े) वापस लाने से बेहतर कुछ नहीं है। '' उन्हें फाइनल की पारी के ब्रेक के दौरान पता था कि यह उनका आखिरी मैच था।
कोहली ने कहा, ‘‘मैच आधा खत्म होने के बाद मैं जानता था कि अब समय आ गया है कि अगली पीढ़ी को जिम्मेदारी लेनी चाहिए।'' 2011 में वह टीम के सबसे कम उम्र के सदस्य थे, उन्होंने सचिन तेंदुलकर, हरभजन सिंह और युवराज सिंह को भावुक होते हुए देखा था और शायद उन्हें इनका भावनात्मक होना समझ में नहीं आया। लेकिन अब वह इसे अच्छी तरह समझ सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ मैं उस रात (2011 विश्व कप जीतने के बाद) सीनियर खिलाड़ियों की भावनाओं को समझ नहीं पाया था जब वे रोने लगे थे लेकिन अब मैं इन्हें समझ सकता हूं। '' कार्यक्रम के संचालक गौरव कपूर ने हल्के फुल्के अंदाज में पूछा, ‘‘मैं जसप्रीत बुमराह को ‘राष्ट्रीय धरोहर' घोषित करने के लिए एक याचिका पर हस्ताक्षर करने के बारे में सोच रहा हूं। क्या आप इस पर हस्ताक्षर करेंगे?'' कोहली ने तुरंत जवाब दिया, ‘‘मैं अभी तुरंत इस पर हस्ताक्षर करूंगा। ''
कोहली ने कहा, ‘‘बुमराह जैसा खिलाड़ी एक पीढ़ी में पैदा होता हैं और हमें खुशी है कि वह हमारे लिए खेलता है। '' जसप्रीत बुमराह के लिए यह जिंदगी में एक बार होने वाला अनुभव था।
उन्होंने कहा, ‘‘यह मैदान सही में बहुत विशेष है। मैं तब बच्चा था तो यहां आया था और आज मैंने जो देखा, ऐसा पहले कभी नहीं देखा।'' बुमराह ने कहा, ‘‘अपने बेटे को देखकर मैं भावुक हो गया और मेरे पास शब्द नहीं थे। मैंने अपनी पत्नी से कहा कि मैं अपने बेटे को देखना चाहता हूं (मुझे खेलते हुए देखना)।'' निवर्तमान कोच राहुल द्रविड़ ने भी इसी तरह की भावना व्यक्त की।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे दर्शकों का यह प्यार बहुत याद आयेगा, आज रात मैंने सड़कों पर जो देखा, उसे कभी नहीं भूलूंगा। '' -
नयी दिल्ली. खेल मंत्रालय की मिशन ओलंपिक इकाई (एमओसी) ने शीर्ष टेनिस स्टार रोहन बोपन्ना की उनकी और उनके युगल जोड़ीदार श्रीराम बालाजी के लिए आगामी पेरिस ओलंपिक से पहले एटीपी टूर के दो टूर्नामेंट में हिस्सेदारी में मदद करने का अनुरोध मंजूर कर लिया है। बोपन्ना और बालाजी पेरिस रवानागी से पहले एटीपी 500 टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए अपने कोच और फिजियो के साथ हैम्बर्ग और उमाग जायेंगे। एमओसी ने निशानेबाज रिद्म सांगवान, सरबजोत सिंह, विजयवीर और अनीश भानवाला के ओलंपिक ट्रेनिंग शिविर के दौरान व्यक्तिगत कोच और ट्रेनर का खर्चा देने के लिए सहायता के अनुरोध को भी मंजूरी दे दी। टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) के अंतर्गत उनकी उड़ान, रहना, वीजा और स्थानीय यात्रा का खर्चा वहन किया जायेगा। स्कीट निशानेबाज महेश्वरी चौहान और अनंतजीत सिंह नरुका के इटली में निजी कोच रिकार्डो फिलिपेली के साथ ट्रेनिंग में मदद के अनुरोध को भी मंजूर कर लिया गया। बैठक के दौरान एमओसी ने स्टीपलचेस एथलीट अविनाश साबले और पारुल चौधरी तथा उनके कोच स्कॉट सिमंस को ओलंपिक खेलों से 24 दिन पहले स्विट्जरलैंड में ट्रेनिंग करने के मदद में इजाफा करने का भी फैसला किया गया। महिलाओं की चार गुणा 400 मीटर रिले टीम के उपकरण खरीदने में सहायता के अनुरोध और टेबल टेनिस खिलाड़ी हरमीत देसाई के जर्मनी में ट्रेनिंग करने तथा अन्य सामान की खरीद तथा सहयोगी स्टाफ की फीस देने के अनुरोध को भी मान लिया गया। एमओसी ने 400 मीटर एथलीट किरण पहल, ऊंची कूद एथलीट सर्वेश अनिल कुशारे और गोला फेंक एथलीट आभा खटुआ को भी टॉप्स कोर ग्रुप में शामिल किया। -
मुंबई. पूर्व कप्तान वीरेन रस्किन्हा का मानना है कि अगर भारतीय पुरुष हॉकी टीम को आगामी पेरिस ओलंपिक में पोडियम पर पहुंचना है तो उसे अनावश्यक पेनल्टी कॉर्नर गंवाने की अपनी आदत से छुटकारा पाना होगा। आठ बार के स्वर्ण पदक विजेता भारत ने तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीत कर 41 साल के पदक के सूखे को खत्म किया था। भारत पेरिस ओलंपिक में गत चैंपियन बेल्जियम, ऑस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना, न्यूजीलैंड और आयरलैंड के साथ कठिन पूल बी में है। रस्किन्हा ने मंगलवार को यहां ‘स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ मुंबई' द्वारा आयोजित एक पैनल चर्चा के दौरान कहा, ‘‘ऑस्ट्रेलिया श्रृंखला के साथ-साथ एफआईएच प्रो लीग के पिछले कुछ मैचों में उन्होंने बहुत अधिक पेनल्टी कॉर्नर दिये हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘यह सिर्फ रक्षापंक्ति पर निर्भर नहीं रहता है। एक बार जब आप गेंद से कब्जा गवां देते हैं, तो गेंद के आगे रहने वाला प्रत्येक खिलाड़ी रक्षा पंक्ति का खिलाड़ी बन जाता है।'' रस्किन्हा ने कहा, ‘‘ अगर आप एक टीम के रूप में बचाव करते हैं और एक टीम के रूप में आक्रमण करते हैं, तो हर किसी को अपनी भूमिका निभानी होती है।'' इस पूर्व खिलाड़ी ने कहा कि टीम को निर्णायक क्षणों में दिग्गज गोलकीपर पीआर श्रीजेश और रक्षा पंक्ति पर निर्भर रहना होगा। उन्होंने कहा, ‘‘ आप ठोस रक्षा पंक्ति और एक बेहतरीन कीपर के बिना टूर्नामेंट नहीं जीत सकते। मैं कहूंगा कि श्रीजेश के कंधों पर बहुत ज्यादा बोझ है और हरमनप्रीत (सिंह) को रक्षा पंक्ति को मजबूत देनी होगी।
-
ब्रिजटाउन (बारबडोस) .भारतीय क्रिकेट टीम के निवर्तमान मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने यहां टी20 विश्व चैंपियन बनने के बाद टीम को दिए अपने विदाई भाषण में खुलासा किया कि अगर उन्हें एकदिवसीय विश्व कप फाइनल में हार के बाद पद पर बने रहने का अनुरोध करते हुए कप्तान रोहित शर्मा का फोन नहीं आया होता तो वह इतिहास का हिस्सा नहीं होते। द्रविड़ का कार्यकाल एकदिवसीय विश्व कप के साथ समाप्त हो गया था। भारत लगातार 10 मैच जीतने के बाद फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार गया था। कोचिंग स्टाफ को हालांकि शनिवार को समाप्त हुए टी20 विश्व कप के अंत तक विस्तार मिला था। भारत ने द्रविड़ के मार्गदर्शन में अपना दूसरा टी20 विश्व कप जीता लेकिन उन्होंने इस भूमिका में बने रहने के लिए फिर से आवेदन नहीं किया। उन्होंने शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल में टीम की सात रन की जीत के बाद केनसिंगटन ओवल ड्रेसिंग रूम में अपने भाषण के दौरान कोच के रूप में बने रहने का आग्रह करने में रोहित की भूमिका का उल्लेख किया। द्रविड़ ने मंगलवार को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में कहा, ‘‘रो (रोहित), नवंबर में मुझे फोन करने और टीम के साथ जुड़े रहने के लिए कहने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।'' उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि आप सभी के साथ काम करना मेरे लिए सौभाग्य और खुशी की बात है, लेकिन रो, समय देने के लिए भी धन्यवाद...हमने बातचीत करने, चर्चा करने, सहमत होने और असहमत होने में बहुत समय बिताया लेकिन आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।'' द्रविड़ ने टूर्नामेंट के दौरान सामूहिक रूप से ठोस प्रदर्शन करने के लिए खिलाड़ियों की प्रशंसा की और उनसे इस उपलब्धि का जितना चाहे उतना जश्न मनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘‘आप सभी को ये पल याद होंगे। हम हमेशा कहते हैं, यह रनों के बारे में नहीं है, यह विकेटों के बारे में नहीं है, आप अपने करियर को कभी याद नहीं रखते हैं, लेकिन आप इस तरह के पलों को याद रखते हैं, इसलिए आओ और इसका लुत्फ उठाओ।'' द्रविड़ ने कहा, ‘‘मैं आप लोगों पर बहुत गर्व करता हूं, जिस तरह से आपने वापसी की, जिस तरह से आपने संघर्ष किया, जिस तरह से हमने एक टीम के रूप में काम किया...लचीलापन दिखाया। पिछले कुछ वर्षों में कुछ निराशा हुई, जहां हम करीब आए लेकिन हम कभी रेखा को पार नहीं कर पाए।'' बीसीसीआई सचिव जय शाह की मौजूदगी में द्रविड़ ने खिलाड़ियों के करीबी लोगों के बलिदानों के बारे में भी बात की। द्रविड़ ने कहा, ‘‘आप सभी ने बहुत सारे बलिदान किए हैं, अपने परिवारों को आज यहां इसका आनंद लेते हुए देखने के लिए, आपके परिवार के कई सदस्य घर पर हैं, बस उन सभी बलिदानों के बारे में सोचें, जो आप अपने बचपन से लेकर अब तक ड्रेसिंग रूम का हिस्सा बनने के लिए करते आए हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘आपके माता-पिता, आपकी पत्नी, आपके बच्चों, आपके भाई, आपके कोच, बहुत से लोगों ने बहुत सारे बलिदान किए हैं और इस पल में इस स्मृति का आनंद लेने के लिए आपके साथ बहुत मेहनत की है। आप लोगों के साथ इस स्मृति का हिस्सा बनने पर बहुत गर्व है।'' आमतौर पर मुखर रहने वाले द्रविड़ ने माना कि उनके पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं लेकिन उन्होंने निवर्तमान कोचिंग स्टाफ के प्रति सम्मान के लिए टीम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पास आमतौर पर शब्दों की कमी नहीं होती लेकिन आज जैसे दिन पर, जब मैं इसका हिस्सा बना, मैं आप सभी का, मेरे कोचिंग स्टाफ और मेरे सहयोगी स्टाफ के प्रति दिखाए गए सम्मान, दयालुपन और आपके प्रयासों के लिए जितना आभारी हूं, उतना कम है।'' द्रविड़ ने बीसीसीआई अधिकारियों और अन्य लोगों की पर्दे के पीछे उनके काम के लिए भी प्रशंसा की।
उन्होंने कहा, ‘‘एक बेहतरीन टीम के पीछे एक सफल संगठन भी होता है और हमें बीसीसीआई और पर्दे के पीछे के लोगों के काम की सराहना करनी चाहिए।'' -
जोहानिसबर्ग. टी20 विश्व कप के फाइनल में भारत से मिली करीबी हार से निराश डेविड मिलर ने कहा कि इस परिणाम को पचा पाना मुश्किल है। बायें हाथ के इस आक्रामक बल्लेबाज ने हालांकि उम्मीद जताई कि उनकी टीम इस हार के गम को भुला कर मजबूत वापसी करेगी। दक्षिण अफ्रीका ने इस विश्व कप में ‘चोकर्स' के ठप्पे को काफी हद तक पीछे छोड़ते हुए बिना कोई मैच गंवाए फाइनल में जगह पक्की की थी। शनिवार को बारबाडोस में खेले गये फाइनल में उसे भारत से सात रन की शिकस्त मिली मिलर ने सोमवार को ‘इंस्टाग्राम' पर लिखा, ‘‘मैं बहुत निराश हूं, दो दिन पहले जो हुआ उसके पचा पाना काफी कठिन है। मेरे पास अपनी भावनाओं को बयां करने के लिए शब्द नहीं है। मुझे हालांकि इस टीम पर बेहद गर्व है।'' फाइनल से पहले दक्षिण अफ्रीका ने अपने अभियान में कई करीबी मैचों में जीत दर्ज की लेकिन टीम खिताबी मुकाबले में जीत के करीब होने के बाद आखिरी पांच ओवर में दबाव में आ गयी। मिलर ने कहा, ‘‘ इस टूर्नामेंट में हमारा सफर शानदार रहा। हमने पूरे महीने कई उतार-चढ़ाव देखे। हमने पीड़ा सही है। मैं हालांकि जानता हूं कि इस टीम में जज्बा है और वह अपना स्तर ऊंचा करती रहेगी।'' दक्षिण अफ्रीका को आखिरी पांच ओवर में 30 रन चाहिए थे लेकिन जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या की शानदार गेंदबाजी ने मैच के रुख को भारत की ओर मोड़ दिया। पंड्या ने आक्रामक बल्लेबाजी करने वाले हेनरिच क्लासेन को आउट किया तो वही बुमराह ने मार्को यानसेन को चलता किया। आखिरी ओवर में दक्षिण अफ्रीका को 16 रनों की जरूरत की लेकिन पंड्या की पहली गेंद पर सूर्यकुमार यादव ने लांग ऑफ बाउंड्री के पास मिलर का शानदार कैच लपक कर मैच पर भारत का नियंत्रण बना दिया।
-
बुकारेस्ट (रोमानिया) .ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा और डी गुकेश सुपरबेट क्लासिक शतरंज टूर्नामेंट में एक दिन के विश्राम के बाद जब छठे दौर के अपने-अपने मुकाबल में उतरेंगे तो तालिका में शीर्ष पर पहुंचने के लिए उन्हें आखिरी के चार दौर में अपने खेल के स्तर को और ऊंचा उठाना होगा। नौ दौर के टूर्नामेंट में पांच दौर के बाद दोनों भारतीय तीन-तीन अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। अमेरिका के फैबियानो कारूआना उनसे आधा अंक आगे तालिका में शीर्ष पर है। फ्रांस के अलिरेजा फिरोजा और मैक्सिम वाचिएर-लाग्रेव, रूस के इयान नेपोम्नियाचची और अमेरिक के वेस्ले सो 2.5 अंकों के साथ चौथे स्थान पर हैं। यह चारों खिलाड़ी नीदरलैंड के अनीश गिरी और उजबेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसात्तोरोव से आधा अंक आगे हैं। स्थानीय खिलाड़ी डीक बोगदान-डेनियल 1.5 अंकों के साथ तालिका में सबसे नीचे हैं।
प्रज्ञानानंदा टूर्नामेंट में अब तक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में नाकाम रहे है और बेहतर स्थिति में होने के बावजूद उन्होंने कुछ मुकाबलों को ड्रॉ खेला है। छठे दौर में उनके सामने रोमानिया के बोगदान-डेनियल की चुनौती होगी। प्रज्ञानानंदा को इस मुकाबले में जीत का दावेदार माना जा रहा है क्योंकि वह सफेद मोहरों के साथ खेलेंगे। विश्व चैंपियनशिप के चैलेंजर गुकेश के सामने छठे दौर में वाचिएर-लाग्रेव की चुनौती होगी। इस दौर में गुकेश काले मोहरों से खेलेंगे। -
मुंबई. राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण के मार्गदर्शन में युवा भारतीय क्रिकेट टीम छह जुलाई से हरारे में शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए जिंबाब्वे रवाना हो गई। टीम की कमान शुभमन गिल संभालेंगे जबकि युवा खिलाड़ी रियान पराग और अभिषेक शर्मा को पिछले आईपीएल में उनके प्रदर्शन के बाद पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया है। टी20 विश्व कप के लिए रिजर्व सलामी बल्लेबाज रहे कप्तान गिल ब्रेक पर थे और वह अमेरिका से सीधे हरारे में टीम से जुड़ेंगे। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने विमान में सवार लोगों की तस्वीरें ‘एक्स' पर पोस्ट कीं जिनमें अभिषेक, पराग, रुतुराज गायकवाड़, आवेश खान, रवि बिश्नोई, वाशिंगटन सुंदर, तुषार देशपांडे और एनसीए प्रमुख लक्ष्मण शामिल हैं। टीम के पांच सदस्य - शिवम दुबे, संजू सैमसन, यशस्वी जायसवाल, रिंकू सिंह और खलील अहमद या तो टी20 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा थे या रिजर्व खिलाड़ी के रूप में टीम के साथ थे। भारत की विश्व चैंपियन टीम तूफान बेरिल के कारण बारबडोस में फंसी हुई है। ये सभी बाद में टीम से जुड़ेंगे। रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविंद्र जडेजा खेल के सबसे छोटे प्रारूप से संन्यास ले चुके हैं और जिंबाब्वे के खिलाफ टी20 श्रृंखला युवाओं को भविष्य की श्रृंखलाओं के लिए टीम में अपनी जगह पक्की करने का मौका देगी। जिंबाब्वे के खिलाफ टी20 श्रृंखला के लिए भारतीय टीम:
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, रुतुराज गायकवाड़, अभिषेक शर्मा, रिंकू सिंह, संजू सैमसन, ध्रुव जुरेल, शिवम दुबे, रियान पराग, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, आवेश खान, खलील अहमद, मुकेश कुमार और तुषार देशपांडे। - ब्रिजटाउन । बीसीसीआई सचिव जय शाह ने सोमवार को कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम के नये मुख्य कोच इस महीने के आखिर में श्रीलंका में सीमित ओवरों की श्रृंखला के साथ टीम से जुड़ेंगे हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि राहुल द्रविड़ के जाने के बाद किसके नाम पर मुहर लगी है । पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर के नाम की अटकलें लगाई जा रही है । क्रिकेट सलाहकार समिति ने गंभीर और भारतीय महिला टीम के पूर्व कोच डब्ल्यू वी रमन के इंटरव्यू लिये हैं । शाह ने कहा कि एक चयनकर्ता की नियुक्ति भी शीघ्र की जायेगी । शाह टी20 विश्व कप के लिये वेस्टइंडीज आये हैं जिसमें भारत ने फाइनल में श्रीलंका को सात रन से हराकर खिताब जीता । शाह ने चुनिंदा मीडिया से कहा ,‘‘ कोच और चयनकर्ता की नियुक्ति जल्दी ही होगी । सीएसी ने दो उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिये हैं और मुंबई जाने के बाद जो उनका फैसला होगा , हम उस पर अमल करेंगे ।जिम्बाब्वे दौरे पर वीवीएस लक्ष्मण जायेंगे लेकिन नया कोच श्रीलंका श्रृंखला से ही जुड़ेगा ।'' भारतीय टीम 27 जुलाई से तीन टी20 और तीन वनडे खेलने श्रीलंका जायेगी ।भारत के 11 साल बाद आईसीसी खिताब जीतने पर खुशी जताते हुए शाह ने रोहित शर्मा और विराट कोहली की तारीफ की । विराट , रोहित और रविंद्र जडेजा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदा ले ली है ।शाह ने कहा ,‘‘ पिछले साल भी यही कप्तान था और यहां भी । हमने पिछले साल भी फाइनल को छोड़कर सारे मैच जीते । इस बार और मेहनत करके खिताब जीता । दूसरी टीमों से तुलना करें तो अनुभव मायने रखता है। रोहित से लेकर विराट तक , सभी ने शानदार प्रदर्शन किया । अनुभव से काफी फर्क पड़ा ।'' उन्होंने कहा ,‘‘एक अच्छे खिलाड़ी को पता होता है कि कब विदा लेनी है । हमने कल देखा । रोहित का स्ट्राइक रेट कई युवा खिलाड़ियों से अच्छा है ।'' यह पूछने पर कि इन तीनों के संन्यास लेने के बाद क्या वह बदलाव का दौर देख रहे हैं, उन्होंने कहा ,‘‘ बदलाव तो हो गया जब तीन दिग्गजों ने विदा ले ली ।'' हार्दिक पंड्या के हरफनमौला प्रदर्शन और रोहित के बाद उनके कप्तान बनने की संभावना पर शाह ने कहा ,‘‘ कप्तानी का फैसला चयनकर्ता करेंगे । हम उनसे बात करके इसका ऐलान करेंगे । हार्दिक के फॉर्म पर काफी सवाल उठ रहे थे लेकिन हमने और चयनकर्ताओं ने उस पर भरोसा किया जिस पर वह खरा उतरा ।'' शाह ने यह भी बताया कि इस साल के आखिर में भारत ए टीम आस्ट्रेलिया का दौरा करेगी ।भारतीय टीम के सम्मान समारोह की बीसीसीआई योजना बना रही है, लेकिन तूफान की चेतावनी के कारण बारबडोस हवाई अड्डा बंद है और टीम यहीं फंसी हुई है । शाह ने कहा ,‘‘ आपकी तरह ही हम भी यहां फंसे हुए हैं । भारत पहुंचने के बाद समारोह के बारे में सोचेंगे ।'
-
नयी दिल्ली. खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने आगामी पेरिस ओलंपिक में भारतीय दल द्वारा नया मानदंड स्थापित करने की उम्मीद जताते हुए इस बात पर जोर दिया कि हाल के वर्षों में सरकार के लिए खेल प्राथमिकता रहे हैं। मांडविया ने पेरिस जाने वाले एथलीटों की औपचारिक विदाई और किट के अनावरण के दौरान कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि यह दल खेलों में भारत के विकास को बनाए रखेगा।'' मांडविया ने कहा, ‘‘ हमने 2016 रियो में दो पदकों से बढ़कर तोक्यो में सात पदक हासिल किए। नीरज चोपड़ा के स्वर्ण पदक से भारत तालिका में 67वें से 48वें (स्थान) पर पहुंच गया। मुझे उम्मीद है कि हमारे एथलीट हमें इस बार पदक तालिका में और भी ऊपर ले जाएंगे।'' इस विदाई समारोह में एथलीटों, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में खेलों से पहले एथलीटों के समर्थन में सरकार की टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) के बारे में बताया गया। उन्होंने कहा, ‘‘ सरकार ने टॉप्स जैसी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से एथलीटों का समर्थन किया है, जो उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को विशेष सहायता प्रदान करती है।'' पेरिस जाने वाले भारतीय दल की तीन किट (औपचारिक पोशाक, खेल पोशाक, और यात्रा पोशाक) का अनावरण किया गया। उन्होंने कहा, ‘‘ यह कार्यक्रम सिर्फ किट और औपचारिक पोशाक के अनावरण के बारे में नहीं है, बल्कि उन अरबों भारतीयों के सपनों और आकांक्षाओं का प्रतीक है जो एथलीटों के पीछे एकजुट हैं।'' आईओए प्रमुख उषा ने कहा कि पेरिस में एथलीटों को सर्वश्रेष्ठ सहायता प्रणाली प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा, हमने डॉ. दिनशॉ पारदीवाला के नेतृत्व में एक मजबूत टीम इकट्ठी की है। इसमें खेल चिकित्सा विशेषज्ञ, कल्याण विशेषज्ञ, पोषण विशेषज्ञ, फिजियोथेरेपिस्ट और एक नींद वैज्ञानिक शामिल हैं।'' उषा ने कहा, ‘‘पहली बार, आईओए एथलीटों और कोचिंग और सहयोगी स्टाफ को भागीदारी भत्ता भी देगा। मुझे विश्वास है कि भारत किसी भी ओलंपिक के मुकाबले पेरिस में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ वापस आएगा।'' भारतीय दल में करीब 120 एथलीट शामिल हैं, जिनमें भाला फेंक में ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा, 16 सदस्यीय पुरुष हॉकी टीम और रिकॉर्ड 21 निशानेबाज शामिल हैं। - नयी दिल्ली,। जीत के जश्न में गले मिलते, हार के दुख में एक दूसरे के आंसू पोछते , क्रीज पर एक दूसरे की उपलब्धि को सराहते विराट कोहली और रोहित शर्मा फिल्म ‘शोले' के जय और वीरू की तरह हमेशा एक दूसरे के साथ खड़े नजर आये और अब दोनों ने टी20 क्रिकेट से विदा भी साथ में ली । जीत के बाद कंधे पर तिरंगा लपेटे या एक दूसरे के गले लगकर रोते दोनों की तस्वीरें 140 करोड़ भारतीयों के दिल में घर कर गई । दोनों की शख्सियत में कोई समानता नहीं । एक आग है तो दूसरा पानी । एक ‘वड़ा पाव' खाने वाला ठेठ मुंबइया तो दूसरा ‘छोले भटूरे' का शौकीन दिल्ली वाला लेकिन फिर भी पिछले 15 साल से दोनों एक दूसरे के पूरक रहे हैं । दुख में , खुशी में, जीत में और हार में । वेस्टइंडीज में दक्षिण अफ्रीका को हराकर टी20 विश्व कप जीतने के बाद रोहित मैदान पर लेट गए , आंखें आंसुओं से भीगी थी । वहीं कोहली अपनी भावनायें छिपाते कुछ देर के लिये चुपचाप ड्रेसिंग रूम में चले गए । वह जीत का जश्न मनाना चाहते थे लेकिन अकेले भी रहना चाहते थे। दोनों के बीच साझा क्या है , एक दूसरे के हुनर और उपलब्धियों का सम्मान ।रोहित को बखूबी पता था कि कोहली ने संन्यास का फैसला ले लिया है, फाइनल का नतीजा चाहे जो हो । यही वजह है कि मैच के बाद पुरस्कार वितरण में रोहित ने उन्हें वह मौका दिया और अपने संन्यास का ऐलान नहीं किया । उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस में इसकी घोषणा की । जब एक ही दौर में दो दिग्गज साथ खेल रहे हों तो मतभेद होना लाजमी है क्योंकि कहते हैं ना कि एक म्यान में दो तलवारें नहीं रह सकती । भारतीय क्रिकेट में इतना कुछ दांव पर होता है कि दो तलवारें एक म्यान में साथ रहना सीख जाती हैं । सुनील गावस्कर और कपिल देव अस्सी के दशक में साथ खेल रहे थे जब सोशल मीडिया नहीं था । उस दौर में कप्तानी को लेकर म्युजिकल चेयर हुआ करता था लेकिन इन दोनों धुरंधरों का एक दूसरे के प्रति सम्मान कम नहीं हुआ । रोहित और विराट सोशल मीडिया के दौर के दिग्गज है । तिल का ताड़ बनाने वाले इस दौर में दोनों ने अपनी गरिमा बनाये रखी ।विश्व कप सेमीफाइनल 2019 में भारत की हार के बाद दोनों के संबंधों में दरार की खबरें आने लगी । कोहली ने टी20 कप्तानी छोड़ने का फैसला किया और बीसीसीआई ने सीमित ओवरों के दोनों प्रारूपों में रोहित को कप्तान बनाया । सोशल मीडिया पर वायरल हुई कुछ पोस्ट में पता चलता है कि दोनों के मन में एक दूसरे के लिये कितना सम्मान है । कोहली ने कुछ साल पहले ‘ब्रेकफास्ट विद चैम्पियन' पॉडकास्ट में कहा था ,‘‘ जब वह सबसे पहले आया तो सब बोलते थे कि एक प्लेयर आया है रोहित शर्मा । मैने सोचा कि युवा खिलाड़ी तो हम भी हैं, ऐसा कौन सा प्लेयर आया है कि कोई हमारी बात ही नहीं कर रहा । फिर टी20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैने उसकी पारी देखी तो मैं सोफे में धंस गया । मैने खुद से कहा कि भाई आज के बाद चुप रहना ।'' इसी तरह रोहित ने कहा ,‘‘ विराट हमेशा से चैम्पियन क्रिकेटर रहा है । हम सभी को पता है कि उसने हमारे लिये क्या किया है ।'' दोनों के अपने अपने संघर्ष रहे हैं । कोहली को दिल्ली क्रिकेट के भ्रष्ट माहौल में खुद को साबित करना था जिसमें उनके दिवंगत पिता ने अंडर 15 चयन के लिये रिश्वत देने से इनकार कर दिया था । वहीं रोहित के अंकल ने बोरिवली में स्वामी विवेकानंद स्कूल के अधिकारियों से कहा कि वह 200 रूपये महीना फीस नहीं दे पायेंगे । उसे खेल में स्कॉलरशिप मिली । विश्व कप 1983 में लाडॅर्स की बालकनी पर जिस तरह कपिल का हाथ थामे गावस्कर की तस्वीर क्रिकेटप्रेमियों के जेहन में चस्पां है , उसी तरह टी20 विश्व कप जीतने के बाद रोहित और कोहली का एक दूसरे को गले लगाना भी लोग भूल नहीं पायेंगे । भारतीय क्रिकेट के इस जय और वीरू की तस्वीरें निश्चित तौर पर क्रिकेटप्रेमियों की पलकों की कोर भिगो देगी । वैसे भी लीजैंड कभी रिटायर नहीं होते ।
- ब्रिजटाउन । हार्दिक पंड्या गरिमा से जीने में भरोसा करते हैं और आईपीएल में मुंबई इंडियंस के कप्तान के तौर पर उनकी नाकामी के बाद काफी कुछ कहने वाले ऐसे लोगों से भी उन्हें कोई गिला नहीं है जो उन्हें एक प्रतिशत भी नहीं जानते । आईपीएल में रोहित शर्मा की जगह मुंबई इंडियंस के कप्तान बने हार्दिक को उनकी अपनी टीम के प्रशंसकों की हूटिंग झेलनी पड़ी । मुंबई प्लेआफ में जगह नहीं बना सका और बतौर कप्तान तथा खिलाड़ी उन पर सवाल उठाये गए । विश्व कप में हरफनमौला प्रदर्शन से हालांकि उन्होंने सभी को खामोश कर दिया ।उन्होंने खिताब जीतने के बाद कहा ,‘‘ मैं गरिमा में विश्वास करता हूं । जो लोग मुझे एक प्रतिशत भी नहीं जानते, उन्होंने इतना कुछ कहा । लोगों ने बोला लेकिन कोई बात नहीं । मेरा हमेशा मानना है कि शब्दों से जवाब नहीं देना चाहिये, हालात जवाब दे देते हैं ।'' उन्होंने कहा ,‘‘ खराब समय हमेशा नहीं रहता । गरिमा बनाये रखना जरूरी है , चाहे आप जीतें या हारें।''हार्दिक ने कहा ,‘‘ प्रशंसकों और सभी को यह सीखना होगा (शालीनता से रहना) । हमें बेहतर आचरण रखना चाहिये । मुझे यकीन है कि अब वे ही लोग खुश होंगे ।'' हार्दिक ने आखिरी ओवर में दक्षिण अफ्रीका को 16 रन नहीं बनाने दिये । उन्होंने कहा ,‘‘ ईमानदारी से कहूं तो मुझे मजा आ रहा था । बहुत कम लोगों को ऐसे जिंदगी बदलने वाले मौके मिलते हैं । यह दांव उलटा भी पड़ सकता था लेकिन मैं आधा भरा गिलास देखता हूं, आधा खाली नहीं ।'' उन्होंने कहा ,‘‘ मैं दबाव नहीं ले रहा था और अपने कौशल पर भरोसा था । यह पल हमारी किस्मत में लिखा था ।'' अगला टी20 विश्व कप भारत में है और हार्दिक कप्तान हो सकते हैं लेकिन वह इतने आगे की नहीं सोच रहे ।उन्होंने कहा ,‘‘ 2026 में काफी समय है । मैं रोहित और विराट के लिये बहुत खुश हूं । भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज जो इस जीत के हकदार थे । उनके साथ इस प्रारूप में खेलने में मजा आया । उनकी कमी खलेगी लेकिन इससे बेहतर विदाई नहीं हो सकती थी ।''
- मुंबई। अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने भारत के टी-20 विश्व कप जीतने पर अपने पति एवं भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली के लिए सोशल मीडिया पर भावुक संदेश लिखा और पूरी टीम को जीत की बधाई दी। कोहली ने टी-20 विश्व कप के खिताबी मुकाबले में 59 गेंद में दो छक्कों और छह चौकों की मदद से 76 रन बनाये और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस फाइनल में सात रन से मिली जीत में ‘प्लेयर आफ द मैच' रहे। उन्होंने भारत को दूसरा टी20 विश्व कप दिलाने में सूत्रधार की भूमिका निभाने के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की भी घोषणा कर दी। अनुष्का शर्मा ने टीवी पर यह रोमांचक मैच देखा। शर्मा ने भारतीय टीम की जीत के तुरंत बाद ‘इंस्टाग्राम' पर लिखा, ‘‘ और... मुझे इस इंसान से प्यार है।'' उन्होंने विराट जैसा जीवनसाथी मिलने पर आभार व्यक्त किया और लिखा, ‘‘जाइए, अब पानी पीजिए और जीत का जश्न मनाइए।'' शर्मा ने इस पोस्ट के साथ विराट की ट्रॉफी थामे एक तस्वीर भी साझा की।अभिनेत्री ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, ‘‘हमारी बेटी ने जब सभी खिलाड़ियों को टीवी पर रोते देखा तो उसकी सबसे बड़ी चिंता यह थी कि क्या उन्हें गले लगाने वाला कोई है....हां, मेरी प्यारी बेटी, उन्हें डेढ़ अरब लोगों ने गले लगाया। शानदार जीत और लाजवाब उपलब्धि। विजेताओं को बधाई।'' विराट और अनुष्का 2017 में शादी के बंधन में बंधे थे। उनकी तीन साल की एक बेटी और चार महीने का एक बेटा है।
- नयी दिल्ली,। टी20 विश्व कप फाइनल मैच को ओटीटी स्ट्रीमिंग मंच पर 5.3 करोड़ लोगों ने देखा। हालांकि यह आंकड़ा पिछले साल नवंबर में हुए एकदिवसीय विश्वकप फाइनल मैच के रिकॉर्ड दर्शकों से कम रहा। शनिवार रात हुए टी-20 विश्वकप फाइनल मैच को जीतकर भारत ने आईसीसी ट्रॉफी उठाने के 13 साल के इंतजार को समाप्त किया। भारत-दक्षिण अफ्रीका आईसीसी पुरुष टी-20 क्रिकेट विश्व कप फाइनल मैच को शनिवार को डिज्नी+हॉटस्टार ओटीटी मंच पर लगभग 5.3 करोड़ दर्शकों ने देखा। पिछले साल 20 नवंबर को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 50 ओवरों के प्रारूप के फाइनल मैच को देखने वालों की अधिकतम संख्या 5.9 करोड़ थी। हालांकि मेजबान देश भारत हार गया था। उद्योग विशेषज्ञों के अनुसार, यह 5.9 करोड़ अभी भी किसी भी क्रिकेट मैच की लाइव स्ट्रीमिंग के लिए सर्वोच्च दर्शक संख्या का रिकॉर्ड है। टी-20 क्रिकेट विश्व कप में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 24 जून को खेले गए नॉकआउट मैच में अधिकतम दर्शक संख्या 3.9 करोड़ रही थी। डिज़्नी स्टार के पास ‘लीनियर' और डिजिटल दोनों प्लेटफार्मों के लिए विशेष प्रसारण और मीडिया अधिकार हैं। शनिवार के फाइनल मैच का सीधा प्रसारण डिज्नी स्टार द्वारा स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर भी किया गया, लेकिन दर्शकों की संख्या टेलीविजन दर्शक मापन निकाय ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल (BARC) द्वारा एक सप्ताह बाद ही जारी की जाएगी।
- ब्रिजटाउन । बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने कहा कि भारतीय टी20 टीम को रोहित शर्मा और विराट कोहली की कमी की भरपाई करने में दो तीन साल लगेंगे । सैतीस वर्ष के रोहित और 35 वर्ष के कोहली ने टी20 विश्व कप जीतने के साथ इस प्रारूप से विदा ली ।बिन्नी ने फाइनल के बाद मीडिया से कहा ,‘ आईपीएल में काफी प्रतिभायें हैं । इससे कई क्रिकेटर आ रहे हैं लेकिन इस कमी को पूरा करने में समय लगेगा (रोहित और विराट के संन्यास के बाद)। '' उन्होंने कहा ,‘‘ इन दोनों ने इतना योगदान दिया है कि इसमें समय लगेगा । अगले दो तीन साल के बाद ही टीम यह कमी पूरी करके खड़ी हो सकेगी ।'' विश्व कप 1983 जीतने वाली टीम के सदस्य रहे बिन्नी ने कहा ,‘‘ 1983 में हम छिपे रूस्तम थे । उसके बाद वह ठप्पा हम पर से हट गया । विश्व कप में हमेशा हमसे जीत की उम्मीद की जाने लगी । अब हमें कोई हलके में नहीं लेता ।'
- नयी दिल्ली। फिल्मी हस्ती अमिताभ बच्चन, करीना कपूर खान, वरुण धवन और अल्लू अर्जुन ने टी20 विश्व कप (2024) जीतने पर भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी। रोहित शर्मा की अगुवाई में भारत ने शनिवार देर रात ब्रिजटाउन, बारबाडोस में दक्षिण अफ्रीका को रोमांचक मुकाबले में सात रन से हराकर ट्रॉफी जीत ली। क्रिकेट प्रेमी बच्चन ने कहा कि उन्होंने फाइनल मैच नहीं देखा क्योंकि ऐसा करने पर टीम हार जाती है।उन्होंने अपने निजी ब्लॉग पर लिखा, "विश्व चैंपियन...भारत!!! टी20 विश्व कप..2024..उत्साह और भावनाएं और आशंकाएं..सब हो गया..टीवी पर नहीं देखा..जब मैं देखता हूं तो हम हार जाते हैं..! दिमाग में और कुछ नहीं आता..सिर्फ टीम के आंसुओं के साथ आंसू आते हैं!" उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, "टीम इंडिया के आंसू भी बह रहे हैं...विश्व चैंपियन भारत। भारत माता की जय। जय हिंद, जय हिंद, जय हिंद।"करीना ने सोशल मीडिया मंच 'इंस्टाग्राम' पर स्टोरी में लिखा, "हम इसे (ट्रॉफी) घर ले आए।"अभिनेता रणवीर सिंह ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी में लिखा, "किंग (कोहली) ने पिच पर अपना पैर जमा लिया। इस व्यक्ति के लिए। कोई शब्द नहीं, बस शुद्ध भावना है।"वरुण धवन ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "क्या टीम है, क्या प्रदर्शन है। रोहित शर्मा ने हर मैच में आगे रहकर नेतृत्व किया। विराट कोहली ने भारत के लिए अपना आखिरी टी-20 खेला और हर भारतीय को इतनी खुशी दी। राहुल द्रविड़ हमेशा से मेरे सबसे पसंदीदा खिलाड़ियों में से एक रहे हैं और अब उन्हें कोच के तौर पर विश्व कप जीतते देखना शानदार अनुभव है। भारत माता की जय।"अभिनेता कमल हासन ने टी-20 विश्व कप जीत को युगों की जीत बताया।सलमान खान ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, "टीम इंडिया को बधाई।"अभिनेत्री सुष्मिता सेन ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी में लिखा, "क्या टीम है!!! बहुत गर्व है।"आलिया भट्ट ने सोशल मीडिया पर लिखा, "खुशी के आंसू, हर चीज के आंसू!!!! टीम इंडिया को बधाई।"चिरंजीवी ने कहा कि 17 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आईसीसी टी-20 विश्व कप जीतने का यह बिलकुल शानदार तरीका था। उन्होंने लिखा, "शाबाश विराट कोहली! बुमराह, हार्दिक, अक्षर, अर्शदीप और विजयी कप्तान रोहित शर्मा तथा पूरी टीम को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई!!! और सूर्य कुमार यादव का अद्भुत कैच तो वाकई कमाल का है!!"काजोल ने कहा कि इस मैच में कई नायकों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा, "मैं अभी भी चिल्ला रही हूं और मेरे चेहरे से मुस्कान गायब नहीं हो रही है। मैं बहुत खुश और गर्वित हूं!"अल्लू अर्जुन ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, "टी20 विश्व कप जीतने पर भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई।"जूनियर एनटीआर ने कहा, "क्या मैच था, बहुत गर्व महसूस कर रहा हूं। बधाई टीम इंडिया!"मोहनलाल ने कहा कि देश को टीम इंडिया पर गर्व है।
- नयी दिल्ली,। राहुल द्रविड़ की जगह भारत के मुख्य कोच बनने की दौड़ में सबसे आगे चल रहे गौतम गंभीर ने विराट कोहली और रोहित शर्मा को विश्व कप जीतते ही टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास लेने के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह पहले से लिखी स्क्रिप्ट से बेहतर था। कोहली और रोहित दोनों ने भारत की टी20 विश्व कप जीत में अहम भूमिका निभाने के बाद क्रिकेट के इस प्रारूप में अपने करियर को अलविदा कह दिया। गंभीर ने कहा, ‘‘उन्होंने विश्व कप जीत के साथ संन्यास लिया जो शायद किसी भी लिखी गई स्क्रिप्ट से बेहतर था। दोनों खिलाड़ी शानदार हैं। उन्होंने भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत कुछ किया है और मैं उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।'' गंभीर ने हालांकि उम्मीद जतायी कि दोनों दिग्गज टेस्ट और वनडे में शानदार प्रदर्शन करते रहेंगे।पूर्व सलामी बल्लेबाज गंभीर ने कहा, ‘‘लेकिन वे खेल के दो अन्य प्रारूप टेस्ट क्रिकेट और वनडे क्रिकेट में खेलते रहेंगे। मुझे यकीन है कि वे देश और टीम के लिए योगदान देते रहेंगे। '' महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने कोहली और रोहित दोनों के करियर को करीब से देखा है। उन्होंने मुंबई के साथी खिलाड़ी की प्रतिबद्धता की सराहना की। तेंदुलकर ने ‘एक्स' पर लिखा, ‘‘मैंने एक उदीयमान युवा से लेकर विश्व कप विजेता कप्तान बनने तक के आपके सफर को करीब से देखा है। आपकी अटूट प्रतिबद्धता और असाधारण प्रतिभा ने देश को बहुत गौरव दिलाया है। टीम की अगुआई करते हुए टी20 विश्व कप जीतना आपके शानदार करियर का सही समापन है। शाबाश रोहित। '' तेंदुलकर के संन्यास लेने के बाद 11 साल पहले कोहली ने टीम में बल्लेबाजी की कमान संभाली थी।तेंदुलकर ने उम्मीद जतायी कि टेस्ट और वनडे में कोहली के लिए और भी शानदार पल आयेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘आप इस खेल के सच्चे चैम्पिन रहे हैं। हो सकता है कि टूर्नामेंट में पहले आपको कुछ मुश्किलों का सामना करना पड़ा हो, लेकिन बीती रात आपने साबित कर दिया कि आप क्रिकेट के महान खिलाड़ियों में से एक क्यों हैं। '' उन्होंने लिखा, ‘‘छह विश्व कप में खेलना और आखिरी में खिताब जीतना ऐसा अनुभव है जिसे मैं अच्छी तरह से जानता हूं। मुझे उम्मीद है कि आप खेल के लंबे प्रारूपों में भारत के लिए मैच जीतना जारी रखेंगे। '' सीनियर ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने स्टार बल्लेबाज कोहली की कुछ बेहतरीन टी20 पारियों को याद करते हुए अपने ‘यूट्यूब चैनल' पर कहा, ‘‘विराट कोहली ने अपना अंतिम टी20 मैच खेल लिया है और इसमें उनका करियर शानदार रहा। मैं कोहली की जो पारियां याद रखना चाहता हूं, उनमें आस्ट्रेलिया के खिलाफ क्वार्टर फाइनल (2016 टी20 विश्व कप) और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2014 टी20 विश्व कप सेमीफाइनल है। '' उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें अभी दो अन्य प्रारूपों में खेलना है जिसमें उनका लंबा करियर है। वह अच्छा खेल रहे हैं। '' भारत के पूर्व तेज गेंदबाज से कमेंटेटर बने अतुल वासन ने कहा कि कोहली और रोहित ने सही समय पर संन्यास लिया ताकि अगली पीढ़ी के क्रिकेटरों को मौका मिल सके। वासन ने कहा, ‘‘ऐसा होना तय था। टीम को अगले विश्व कप की तैयारी पर फोकस करने की जरूरत है। वे महान खिलाड़ी हैं, लेकिन अगर वे खेलते रहते तो इससे टीम को कोई फायदा नहीं होता। हमें आगामी विश्व कप के लिए युवाओं को तैयार करने की जरूरत है जिनके लिए जगह बनानी होगी। '' वासन ने कहा कि कोहली और रोहित के फैसले से टीम को लंबे समय में फायदा ही होगा।उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पता था कि वह (कोहली) संन्यास लेने जा रहे हैं। उम्र भी बढ़ रही है। हम उन्हें टेस्ट क्रिकेट और वनडे खेलते देखेंगे। टी20 के लिए विशेषज्ञों की जरूरत होती है। '' उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि भारत के लिए यहां से आगे बढ़ने का समय आ गया है। अब जब हमने कप जीत लिया है तो आगे बढ़ना सबसे अच्छा होगा। '' भारतीय क्रिकेट बोर्ड के संयुक्त सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि यह जीत भारतीय क्रिकेट को और ऊंचाइयों पर ले जायेगी भले ही टीम के दो स्टार खिलाड़ियों ने टी20 अंतरराष्ट्रीय को अलविदा कह दिया हो। उन्होंने कहा, ‘‘शानदार जीत। मुझे विश्वास है कि यह जीत सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि दुनिया के अन्य हिस्सों में भी क्रिकेट के विकास को बढ़ावा देगी। '' उन्होंने कहा, ‘‘संन्यास लेना खेल का एक अभिन्न अंग है। लेकिन इस जीत ने भारतीय क्रिकेट को एक अलग स्तर पर पहुंचा दिया है।
- ब्रिजटाउन । भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कभी टी20 क्रिकेट से विदा लेने के बारे में सोचा नहीं था लेकिन विराट कोहली की तरह युवा पीढी के लिये रास्ता बनाने के लिये उन्होंने यह फैसला लिया और कहा कि विश्व कप ट्रॉफी जीतने के साथ विदा लेने से बढिया क्या हो सकता है । दक्षिण अफ्रीका को फाइनल में सात रन से हराने के बाद चुनिंदा मीडिया से बातचीत में रोहित ने कहा कि टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट छोड़ने का इससे बेहतर समय नहीं हो सकता हालांकि उन्होंने कहा कि वह आईपीएल खेलते रहेंगे । उन्होंने कहा ,‘‘ मैं अपने भविष्य के बारे में इस तरह से फैसले नहीं लेता । मुझे जो भीतर से अच्छा लगता है, मैं वही करता हूं । मैं आगे के बारे में ज्यादा नहीं सोचता । मैने पिछले साल वनडे विश्व कप के बाद भी नहीं सोचा था कि यह विश्व कप खेलूंगा या नहीं ।'' उन्होंने कहा ,‘‘ मैने कभी सोचा नहीं था कि टी20 से संन्यास लूंगा । लेकिन हालात परफेक्ट हैं । विश्व कप जीतकर विदा लेना बेहतर है ।'' रोहित ने कहा कि यह जीत सितारों में लिखी हुई थी ।उन्होंने कहा ,‘‘ जो लिखा है, वो होने वाला है । ये लिखा था लेकिन हमको पता नहीं है कि कब लिखा है । नहीं तो हम आराम से आते और बोलते कि लिखा है, हो जायेगा ।' उन्होंने कहा ,‘‘ सब कुछ ठीक होना जरूरी है । एक समय हम मैच में पीछे थे और लगा था कि वे आसानी से जीत जायेंगे ।'' रोहित 2007 में पहले विश्व कप में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में खिताब जीतने वाली टीम के भी सदस्य थे । अपने सफर के बारे में उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे बताया गया कि मैने 2007 में शुरूआत की तब भी हमने विश्व कप जीता था और अब विश्व कप के साथ विदा ले रहा हूं । जिंदगी का चक्र पूरा हो गया । मैं बहुत खुश हूं । मैं उस समय 20 साल का था । मैं खिलाड़ियों से कहता हूं कि अपनी भूमिका निभाये । मैं उस समय पांचवें . छठे नंबर पर उतरता था ।'' उन्होंने कहा ,‘‘ अब मैं खेल को बेहतर समझता हूं । इतने साल खेल जो चुका हूं ।यह सफर शानदार रहा । मैं हमेशा भारत के लिये मैच, खिताब जीतने की कोशिश करता हूं । मुझे नहीं पता कि यह महानतम जीत है या नहीं लेकिन महानतम में से एक है ।'' इससे पहले उन्होंने प्रसारक से बातचीत में कहा था ,‘‘ मैं बता नहीं सकता कि इस समय कैसा महसूस कर रहा हूं । शब्दों में नहीं बता सकता । पिछली रात मैं सो नहीं सका । मैं हर हालत में जीतना चाहता था ।'' उन्होंने कहा ,‘‘ यह बताना मुश्किल है कि पिछले तीन चार साल में हमने कितनी मेहनत की है । सिर्फ आज की बात नहीं है , इसके पीछे तीन चार साल की मेहनत है ।'' पिछले साल वनडे विश्व कप फाइनल में मिली हार को वह भूले नहीं थे ।उन्होंने कहा ,‘‘ कई दबाव भरे मुकाबलों में हम जीत नहीं सके । खिलाड़ियों को पता है कि दबाव में क्या करना है और आज उसका परफेक्ट उदाहरण था । हम एक साथ डटे रहे ।'' रोहित ने कहा कि विराट कोहली और कोच राहुल द्रविड़ को भी इस खिताब का श्रेय जाता है ।उन्होंने कहा ,‘‘ हम सभी से ज्यादा राहुल भाई इस ट्रॉफी के हकदार थे । उन्होंने पिछले 20 . 25 साल में भारतीय क्रिकेट के लिये जो किया है, सिर्फ विश्व कप जीतना ही बाकी था । पूरी टीम की तरफ से मैं बहुत खुश हूं कि हम उनके लिये जीत सके ।'' उन्होंने कहा ,‘‘ विराट चैम्पियन क्रिकेटर रहा है । हम सभी को पता है कि उसने हमारे लिये क्या किया है ।एक समय तो सबको विदा लेना ही है और विराट इसे लेकर काफी स्पष्ट था । मैं उसके लिये बहुत खुश हूं कि उसने फाइनल में इस तरह की बल्लेबाजी की ।''
- बारबाडोस। आईसीसी टी20 विश्व कप 2024 के फाइनल में भारत ने साउथ अफ्रीका को 7 रन से हरा दिया। दोनों टीमों के बीच बारबाडोस के ब्रिजटाउन में खेले गया यह फाइनल रोमांच की सारी हदों को पार कर दी। मैच में 20 ओवर तक साउथ अफ्रीका और भारत ही टीमें बारबर बनी हुई थी, लेकिन सूर्यकुमार यादव के द्वारा बाउंड्री पर लपका गया डेविड का मिलर का चमत्कारिक कैच टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। पारी के 20वें ओवर में हार्दिक पंड्या की गेंद पर सूर्यकुमार यादव ने डेविड मिलर का हैरतअंगेज कैच लपका।सूर्यकुमार यादव के इस कैच के बदौलत ही साउथ अफ्रीका की टीम बैकफुट पर आ गई और इसके बाद हार्दिक ने फिर कोई मौका नहीं दिया। अंतिम ओवर में साउथ अफ्रीका की टीम को 16 रन की जरूरत थी, लेकिन हार्दिक पांड्या ने सिर्फ 9 रन दिए जिससे भारत ने 7 रन से इस मैच को अपने नाम कर लिया।आईसीसी टी20 विश्व कप के फाइनल में टीम इंडिया तीसरी बार पहुंची थी। भारत ने पहली बार साल 2007 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद 2014 टीम इंडिया को हार का सामना करना और अब 17 साल फिर टीम इंडिया ने फाइनल में अपना परचम लहराते हुए खिताब को अपने नाम किया।भारत ने मैच में टॉस जीतकर चुनी थी पहले बैटिंगटी20 विश्व कप 2024 के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने विराट कोहली और अक्षर पटेल की दमदार बैटिंग से निर्धारित 20 ओवर के खेल में 7 विकेट के नुकसान पर 176 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 8 विकेट पर सिर्फ 169 रन ही बना सकी।






.jpg)
.jpg)







.jpg)

.jpg)

.jpg)
.jpg)

.jpg)

.jpg)


.jpg)