- Home
- बिजनेस
- नई दिल्ली। भारत में सबसे ज्यादा टू-व्हीलर बेचने वाली देसी कंपनी हीरो मोटोकार्प जल्द ही अपनी एक बेहद पॉपुलर बाइक को नए अवतार में पेश करने वाली है, जिसका नाम New Hero Xtreme 160R Stealth Edition है। कंपनी ने टीजर वीडियो में झलक दिखलाई है अपकमिंग बााइक्स में कई ऐसे खास फीचर्स और बेहतरीन लुक देखने को मिलेंगे कि लोग देखकर खुश हो जाएंगे। हालांकि, कंपनी ने फिलहाल ये नहीं बताया है कि उसकी किस बाइक का स्टील्थ एडिशन आ रहा है, लेकिन लीक रिपोट्र्स की मानें तो हीरो एक्सट्रीम को ही बेहतर लुक और फीचर्स के साथ नई हीरो एक्सट्रीम स्टील्थ एडिशन के रूप में पेश करने की तैयारी है।आने वाली हीरो एक्सट्रीम स्टील्थ एडिशन को मौजूदा मॉडल के मुकाबले कई कॉस्मेटिक बदलाव के साथ पेश किया जाएगा, जो कि वाकई बेहद शानदार होने वाली है। Stealth Mode, coming soon’ और Go Boom in Stealth Mode जैसे टैगलाइन के साथ पेश टीजर वीडियो में अपकमिंग बाइक के हेडलैंप और फ्रंट प्रोफाइल की कंपनी ने झलक दिखलाई है। माना जा रहा है कि इसमें धांसू दिखने वाली एलईडी हेडलाइट्स होंगी। इसे डार्क मेट कलर ऑप्शंस के साथ पेश किया जाएगा।इस बाइक में बड़ा इंस्ट्रूमेंट कंसोल देखने को मिलेगा, जो कि ब्लूटूथ सपोर्ट करेगा और इसमें स्मार्टफोन नोटिफिकेशंस भी आएंगे। साथ ही आपको टर्न-बाई-टर्न नैविगेशन समेत कई खास खूबियां दिखेंगी। हालांकि, मैकेनिकल बदलाव की बात करें तो कंपनी इसमें किसी तरह का बदलाव नहीं करना चाहती है और इसमें मौजूदा मॉडल की तरह 163 सीसी का सिंगल सिलिंडर 2 वी इंजन देखने को मिलेगा, जो कि 15 बीपीएच की पावर और 14 एनएस का टॉर्क जेनरेट कर सकता है।इस बाइक की कीमत एक लाख 3 हजार 900 से शुरू होती है, लेकिन नए एडिशन की कीमत क्या होगी, इसका अभी कंपनी ने खुलासा नहीं किया है।
- नई दिल्ली। भारत में कभी हैचबैक सेगमेंट में मारुति सुजुकी का बोलबाला था और लोग इसके लुक और फीचर्स के दीवाने थे। लेकिन समय के साथ कार मार्केट में इसकी चमक थोड़ी फीकी हो गई, लेकिन अब भी यह कार टॉप 10 बेस्ट सेलिंग कारों की लिस्ट में छठे नंबर पर है। लंबे समय से आप सुन रहे होंगे कि जल्द ही भारत में नेक्स्ट जनरेशन मारुति सुजुकी बलेनो लॉन्च होने वाली है। अब इस पॉपुलर हैचबैक के न्यू जेनरेशन मॉडल की पहली झलक दिखी है, जिसमें इसके इंटीरियर की खूबियों के बारे में पता चल रहा है।मीडिया रिपोट्र्स के मुताबिक न्यू जेनरेशन मारुति बलेनो के एक्सटीरियर के साथ ही इंटीरियर में भी काफी सारे बदलाव देखने को मिलेंगे। एक यूट्यूबर ने हाल ही में 2022 मारुति बलेनो की इंटीरियर इमेज लीक की है। हालांकि, कंपनी ने अपकमिंग बलेनो के एक्सटीरियर-इंटीरियर को लेकर किसी तरह की जानकारी नहीं दी है।अपकमिंग मारुति बलेनो की लीक इंटीरियर इमेज के मुताबिक इसमें मल्टी फंक्शनल स्टीयरिंग व्हील, बड़ा सा फ्लोटिंग टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम, लाइव ट्रैफिक अपडेट्स के साथ नैविगेशन सिस्टम, क्रूज कंट्रोल, नई अपहॉल्स्ट्री, वॉयस कमांड, स्मार्टप्ले स्टूडियो ऐप, कीलेस एंट्री, ओआरवीएम, पुश स्टार्ट/स्टॉप बटन, ऑटोमैटिक एसी, डुअल एयरबैग्स, हाई स्पीड अलर्ट, एबीएस, ईबीडी, रिवर्स पार्किंग सेंसर और कैमरा समेत कई लेटेस्ट स्टैंडर्ड और सेफ्टी फीचर्स देखने को मिल सकते हैं। माना जा रहा है कि अपकमिंग बलेनो के एक्सटीरियर में भी काफी बदलाव देखने को मिल सकते हैं, जिसके बारे में जल्द ही पता चल जाएगा।फिलहाल इस समय मारुति सुजुकी बलेनो की कीमत 5.63 लाख रुपये से शुरू होती है, वहीं बलेनो टॉप मॉडल की प्राइस 8.96 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है। इस मारुति कार के डेल्टा सीवीटी, ज़ेटा सीवीटी और अल्फा सीवीटी (टॉप लाइन वेरिएंट) की कीमत क्रमश: 7.76 लाख रुपये, 8.33 लाख रुपये और 8.96 लाख रुपये हैं।
- नई दिल्ली। चीनी कार निर्माता वूलिंग होंगगुआंग अपनी मिनी इलेक्ट्रिक कार की भारी सफलता के बाद, अब एक नई कार पेश की है। कंपनी की मिनी इलेक्ट्रिक कार साल 2020 में 119,255 यूनिट्स की बिक्री के साथ दूसरी सबसे ज्यादा बिकने वाली ईवी थी। कंपनी ने अपनी किफायती नई इलेक्ट्रिक कार का नाम वूलिंग नैनो रखने का फैसला किया है। वूलिंग नैनो न सिर्फ सबसे छोटी इलेक्ट्रिक कार होगी, बल्कि रिपोट्र्स की मानें तो यह दुनिया की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार भी बन सकती है।मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस कार को 20,000 युआन से ज्यादा कीमत पर नहीं बेचा जाएगा। भारतीय मुद्रा के हिसाब से यह राशि लगभग 2.30 लाख रुपये होगी। इसका मतलब है कि नैनो ईवी की कीमत वास्तव में मारुति ऑल्टो से भी कम हो सकती है। अगर यह सच है, तो नैनो निश्चित रूप से चीन में सबसे ज्यादा बिकने वाली कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक कार वूलिंग होंगगुआंग मिनी ईवी से सस्ती होगी।दुनिया के सबसे बड़े ईवी बाजार में कार निर्माताओं के बड़े एसएआईसी-जीएम-वूलिंग समूह का हिस्सा वूलिंग होंगगुआंग ने 2021 तियानजिन इंटरनेशनल ऑटो शो में नई इलेक्ट्रिक कार नैनो ईवी पेश की। यह मॉडल बाओजुन ई200 के एक वैकल्पिक वर्जन की तरह दिखता है, जिसे वूलिंग द्वारा भी निर्मित किया गया है। शहरी इस्तेमाल के लिए डिजाइन की गई इस नैनो ईवी में सिर्फ दो सीटें हैं। इस कार का टर्निंग रेडियस चार मीटर से कम है।इस छोटी इलेक्ट्रिक कार की बैटरी को एक बार चार्ज करने पर यह 305 किमी की दूरी तय कर सकती है। वूलिंग के अनुसार, रेगुलर 220-वोल्ट घरेलू सॉकेट का इस्तेमाल कर बैटरी को फुल चार्ज करने में 13.5 घंटे का समय लगता है। कार को सिर्फ 4.5 घंटों में फुल चार्ज किया जा सकता है।साइज में छोटी और किफायती होने के बावजूद, नैनो ईवी में सेफ्टी फीचर्स की कोई कमी नहीं की गई है। इस कार में ईबीडी, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, आइसोफिक्स चाइल्ड सीट माउंट के साथ एबीएस ब्रेक के इलेक्ट्रॉनिक स्टैबिलिटी कंट्रोल सिस्टम (ईएससी) जैसे सुरक्षा फीचर्स मिलते हैं। इस कार में लो-स्पीड पैदल यात्री वार्निंग सिस्टम भी दिया गया है। नैनो ईवी में रिवर्सिंग कैमरा, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, एयर कंडीशनिंग, कीलेस एंट्री सिस्टम, टेलीमैटिक्स सिस्टम, एलईडी हेडलाइट्स और 7-इंच की डिजिटल स्क्रीन जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
- नयी दिल्ली। पेट्रोल की कीमतों में शुक्रवार को 30 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 35 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गयी जिसके साथ देश में ईंधन की कीमतों में लगातार वृद्धि का संभवत: यह सबसे लंबा दौर बन गया है।सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम विपणन कंपनियों की मूल्य अधिसूचना के अनुसार, दिल्ली में पेट्रोल की कीमत रिकॉर्ड 103.54 रुपये प्रति लीटर और मुंबई में 109.54 रुपये प्रति लीटर हो गयी।डीजल की कीमतें भी दिल्ली में 92.12 रुपये के रिकॉर्ड उच्चस्तर को छू गयीं और मुंबई में यह 100 रुपये प्रति लीटर के करीब पहुंच गयीं। मुंबई में इस समय इसकी कीमत 99.92 रुपये प्रति लीटर है।स्थानीय करों के आधार पर कीमतें एक राज्य से दूसरे राज्य में भिन्न होती हैं।लगातार तीसरे दिन ईंधन की कीमतों में वृद्धि के साथ यह मूल्य वृद्धि का सबसे लंबा दौर है।ओपेक प्लस (तेल उत्पादक देशों) द्वारा उत्पादन में वृद्धि को प्रति दिन चार लाख बैरल पर सीमित करने से अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की कीमत 82 डॉलर प्रति बैरल से अधिक हो गयी है जिसकी वजह से ईंधन की कीमतों में बड़े अनुपात में वृद्धि की जा रही है।एक महीने पहले ब्रेंट की कीमत लगभग 72 डॉलर प्रति बैरल थी।तेल का शुद्ध आयातक होने के नाते, भारत पेट्रोल और डीजल की कीमतें अंतरराष्ट्रीय कीमतों के अनुसार रखता है।सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों - इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन ने क्रमश: 24 सितंबर और 28 सितंबर से डीजल एवं पेट्रोल की कीमतें बढ़ाने का सिलसिला फिर से शुरू कर दिया जिसके साथ ही उससे पिछले कुछ समय से मूल्य वृद्धि पर लगी रोक समाप्त हो गयी। तब से डीजल के दाम 3.50 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल के दाम 2.35 रुपये प्रति लीटर बढ़े हैं।
- नई दिल्ली । टाटा संस ने घाटे में चल रही सरकारी विमानन कंपनी एयर इंडिया के लिए बोली जीत ली है। अब टाटा ग्रुप एयर इंडिया का नया मालिक होगा। एयर इंडिया के लिए टाटा संस ने 18 हजार करोड़ की बोली लगाई, जबकि स्पाइसजेट के अजय सिंह ने 15 हजार करोड़ की बोली लगाई थी। निवेश और सार्वजनिक संपत्ति प्रबंधन विभाग (DIPAM) के सचिव तुहिन कांत पांडे ने कहा कि यह ट्रांजैक्शन दिसंबर 2021 तक पूरा हो जाएगा। टाटा के हाथ एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की कमान आएगी। Talace Pvt Ltd के जरिए टाटा ग्रुप ने एयर इंडिया के लिए बोली लगाई थी। इस कंपनी की स्थापना मुख्य रूप से इसी काम के लिए अगस्त 2020 में की गई थी।एयर इंडिया स्पेसिफिक अल्टरनेटिव मैकेनिज्म (AISAM) पैनल ने एयर इंडिया की वित्तीय बोली पर फैसला लिया है। इस पैनल में गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण समेत कई महत्वपूर्ण मंत्री और अधिकारी शामिल हैं। पांडे ने कहा कि एयर इंडिया पर टोटल डेट 46262 करोड़ का है। यह आंकड़ा मार्च 2021 तक का है। अगस्त के अंत तक यह आंकड़ा बढ़कर 61562 करोड़ पर पहुंच गया। सरकार को इस डील में 2,700 करोड़ रुपये का कैश मिलेगा। मौजूदा समय में एयर इंडिया 4400 घरेलू उड़ानें और विदेशों में 1800 लैंडिंग और पार्किंग स्लॉट को कंट्रोल करती है।एयर इंडिया को बेचने की प्रक्रिया जनवरी 2020 में ही शुरू कर दी गई थी, लेकिन कोरोना महामारी के कारण इसमें लगातार देरी हुई। अप्रैल 2021 में सरकार ने एक बार फिर योग्य कंपनियों से बोली लगाने को कहा। 15 सितंबर बोली लगाने का आखिरी दिन था। साल 2020 में भी टाटा ग्रुप ने एयर इंडिया के अधिग्रहण को लेकर रुचि पत्र दिया था। दरअसल सरकार ने 2017 से ही एयर इंडिया की नीलामी के प्रयास शुरू कर दिए थे, लेकिन तब कंपनियों ने रुचि ही नहीं दिखाई थी। इसके बाद सरकार ने एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओएल) के नियमों में ढील दी जिसके बाद कर्ज में डूबे एयर इंडिया को खरीदने में कुछ कंपनियों ने रुचि दिखाई। नए नियमों के तहत ही कर्ज के प्रावधानों में नरमी बरती गई ताकि स्वामित्व वाली कंपनी को पूरा कर्ज न वहन करना पड़े।विमानन कंपनी की 68 साल बाद 'घर वापसी' हुई है। टाटा समूह ने अक्तूबर 1932 में टाटा एयरलाइंस के नाम से एयर इंडिया की शुरुआत की थी। वर्ष 1947 में देश की आजादी के बाद एक राष्ट्रीय एयरलाइंस की जरूरत महसूस हुई। ऐसे में भारत सरकार ने एयर इंडिया में 49 फीसदी हिस्सेदारी का अधिग्रहण कर लिया। इसके बाद 1953 में भारत सरकार ने एयर कॉर्पोरेशन एक्ट पास किया और फिर टाटा समूह से इस कंपनी में बहुलांश हिस्सेदारी खरीद ली।
- नयी दिल्ली । केंद्र ने बृहस्पतिवार को राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को जीएसटी राजस्व में कमी की भरपाई के लिए 40,000 करोड़ रुपये जारी किए। इसके साथ ही चालू वित्त वर्ष में अब तक कुल 1.15 लाख करोड़ रुपये ऋण के रूप में जारी किए गए हैं।एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘वित्त मंत्रालय ने जीएसटी मुआवजे में कमी को पूरा करने के लिए ऋण सुविधा के तहत राज्यों और विधानसभा वाले केंद्र शासित प्रदेशों को आज 40,000 करोड़ रुपये जारी किए।'' विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘इससे पहले 15 जुलाई 2021 को राज्यों और विधानसभा वाले केंद्र शासित प्रदेशों को 75,000 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई थी। मौजूदा राशि के साथ चालू वित्त वर्ष में जीएसटी मुआवजे के बदले ऋण के रूप में जारी की गई कुल राशि 1.15 लाख करोड़ रुपये हो चुकी है।'' बयान में कहा गया कि अब तक कुल अनुमानित कमी के 72 प्रतिशत से अधिक की राशि जारी की जा चुकी है और शेष राशि यथासमय जारी कर दी जाएगी।
- नयी दिल्ली । खरपतवार नाशक रसायन सहित विभिन्न कषि रसायन उत्पाद बनाने वाली कंपनी, सेफेक्स को चालू वित्त वर्ष में अपनी आय 35 प्रतिशत बढ़कर 950 करोड़ हो जाने की उम्मीद है। वित्त वर्ष 2020-21 में कंपनी की आय 700 करोड़ रुपये थी। सेफेक्स केमिकल्स के संस्थापक निदेशक, एस के चौधरी ने बताया, सेफेक्स की उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कृषि रसायन बाजार में महत्वपूर्ण हिस्सेदारी है और लगभग सभी राज्यों में मौजूदगी के कारण सेफेक्स केमिकल को चालू वित्त वर्ष में अपनी आय 35 प्रतिशत बढ़कर 950 करोड़ हो जाने की उम्मीद है। कंपनी की वृद्धि दर पिछले 10 साल में औसतन 18 प्रतिशत रही है।'' उन्होंने कहा कि कंपनी के पास खरपतवार नाशक रसायन समेत कृषि रसायन उत्पादों की पूरी श्रृंखला उपलब्ध है। सेफेक्स नई तकनीक, कारोबार के विस्तार और नए कारखाने लगाने की योजना की वजह से राजस्व में तेज वृद्धि की उम्मीद कर रही है। सेफेक्स के पास मौजूदा समय में पांच संयंत्र हैं। इनमें से दो जम्मू-कश्मीर में, एक हिमाचल में, एक राजस्थान में और एक महाराष्ट्र में है। महाराष्ट्र का संयंत्र, कंपनी ने वित्तवर्ष 2020-21 में खरीदा है। उनका दावा है कि सेफेक्स इस उद्योग में सबसे तेज विकास करने वाला ब्रांड है। कृषि में सबसे आगे रहने वाले राज्य पंजाब में कंपनी पहले स्थान पर है। चौधरी ने कहा कि सेफेक्स ने हाल ही महाराष्ट्र में जो कंपनी खरीदी है उसका नाम शोगुन है। इसमें घरेलू उत्पाद जैसे गुडनाइट में डाला जाने वाला रसायन बनाया जाता है। इसकी सबसे बड़ी खरीदार गोदरेज है। इस सौदे के साथ कंपनी ने इस रसायन के 50 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी हासिल कर ली है। यह पूछे जाने पर कि हाल के वर्षो में जैविक खाद्य पदार्थो का चलन बढ़ने का कृषि रसायन उद्योग पर असर पड़ेगा, उन्होंने कहा कि ‘‘ क्या दवा दुकानें बंद हो जाए तो हमारा काम चलेगा। उसी तरह कषि रसायन फसल की सुरक्षा कर भोजन उपलब्ध कराने और आपको स्वस्थ रखने में मदद करता है।'' उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना संकट के दौरान सेफेक्स के कारोबार पर असर नहीं पड़ा क्योंकि कंपनी कृषि से जुड़े उत्पाद बनाती है जिसकी खपत निर्बाध जारी थी।
- नयी दिल्ली। महिंद्रा एंड महिंद्रा (एमएंडएम) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसकी नई पेशकश एक्सयूवी 700 के लिये बुकिंग प्रक्रिया शुरू होने के केवल 57 मिनट में 25,000 वाहन की बुकिंग हो गयी। कंपनी ने नए उत्पाद की पहली 25,000 इकाइयों के लिए शुरुआती कीमतों की घोषणा की थी। इसके अनुसार यह 11.99 लाख रुपये से 22.89 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच थी। नए मूल्य के साथ अगले दौर की बुकिंग अब आठ अक्टूबर को सुबह 10 बजे खुलेगी।वाहन की कीमत अब 12.49 लाख रुपये से 22.99 लाख रुपये के बीच रखी गई है। महिंद्रा एंड महिंद्रा के सीईओ (वाहन इकाई) विजय नाकरा ने कहा, ‘‘हमने आज सुबह 10 बजे बुकिंग खोली। हम प्रतिक्रिया के लिए आभारी हैं, वास्तव में हम रोमांचित हैं कि हमें इसके शुरू होने से 57 मिनट के रिकॉर्ड समय में 25,000 एक्सयूवी 700 के लिए बुकिंग प्राप्त हुई हैं।'' एक्सयूवी 700 डीजल और पेट्रोल इंजन के साथ आता है। यह मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों ट्रांसमिशन के साथ और पांच और सात सीटर क्षमता में उपलब्ध है।
- नयी दिल्ली। दोपहिया वाहनों और ट्रैक्टर की बिक्री में कमी के साथ सितंबर में देश में वाहन क्षेत्र की खुदरा बिक्री में सालाना आधार पर पांच प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी। ऑटोमोबाइल डीलरों के संगठन फाडा के अनुसार, पिछले महीने कुल खुदरा बिक्री सितंबर 2020 की 13,68,307 इकाइयों की तुलना में 5.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 12,96,257 इकाई रही। जहां दोपहिया वाहनों और ट्रैक्टरों की बिक्री में गिरावट दर्ज की गयी, वहीं यात्री वाहनों, वाणिज्यिक वाहनों एवं तिपहिया वाहनों जैसे अन्य खंडों में एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में पिछले महीने खुदरा बिक्री में वृद्धि देखी गयी। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) ने 1,562 क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों (आरटीओ) में से 1,357 से वाहन पंजीकरण का आंकड़ा एकत्र किया और उसके आधार पर यह जानकारी दी। फाडा के मुताबिक दोपहिया वाहनों की बिक्री पिछले महीने 9,14,621 इकाई रही, जो सितंबर 2020 की 33,895 इकाइयों से 11.54 प्रतिशत कम है। इसी तरह, ट्रैक्टर की खुदरा बिक्री पिछले महीने 23.85 प्रतिशत घटकर 52,896 इकाई रह गयी, जो एक साल पहले इसी अवधि में 69,462 इकाई थी। दूसरी ओर, यात्री वाहनों की बिक्री सितंबर में 2,33,308 इकाई रही, जो पिछले साल के इसी महीने की 2,00,576 इकाई से 16.32 प्रतिशत अधिक है। वाणिज्यिक वाहनों की खुदरा बिक्री सितंबर 2021 में सितंबर 2020 की 40,112 इकाइयों की तुलना में 46.64 प्रतिशत बढ़कर 58,820 इकाई रही। तिपहिया वाहनों की बिक्री पिछले महीने 50.9 प्रतिशत बढ़कर 36,612 इकाई हो गयी। एक साल पहले इसी अवधि में यह 24,262 इकाई थी। फाडा के अध्यक्ष विंकेश गुलाटी ने एक बयान में कहा, "एंट्री लेवल वर्ग में अभी तक स्वस्थ वृद्धि ना होने की वजह से दोपहिया वाहन क्षेत्र का खराब प्रदर्शन जारी है। इस क्षेत्र का प्रदर्शन अब पूरे वाहन क्षेत्र के सुधार के रास्ते पर लौटने के लिहाज से महत्वपूर्ण होता जा रहा है क्योंकि अच्छे त्योहारी सीजन की उम्मीद में डीलर के पास पहले का बचा माल 30-35 तक बढ़ गया है।" उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर की कमी ने भी 150 सीसी से अधिक के वर्ग को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।
- नयी दिल्ली । अंतरराष्ट्रीय बाजार में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में तेजी के साथ राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोना 65 रुपये की तेजी के साथ 46,012 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 45,947 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।चांदी की कीमत भी 490 रुपये की तेजी के साथ 60,172 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 59,682 रुपये प्रति किलो के भाव पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना लाभ के साथ 1,766 डॉलर प्रति औंस हो गया जबकि चांदी 22.74 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रही। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, ''न्यूयॉर्क स्थित जिंस एक्सचेंज, कॉमेक्स में गुरुवार को सोने की हाजिर कीमत तेजी के साथ 1,766 डॉलर प्रति औंस हो गयी जिससे यहां सोने की कीमतें मजबूत रही।''
- मुंबई। एक दिन की गिरावट के बाद शेयर बाजारों में गुरुवार को फिर तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स में 488 अंकों का उछाल आया। वैश्विक स्तर पर सकारात्मक रुख के बीच टाइटन, टीसीएस और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में तेजी से बाजार को मजबूती मिली। कारोबारियों के अनुसार अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर में तेजी से भी धारणा को बल मिला।भारतीय रिजर्व बैंक की शुक्रवार को पेश होने वाली मौद्रिक नीति समीक्षा से पहले बैंक, खपत वाले और वाहन शेयरों में जोरदार लिवाली हुई। तिमाही परिणाम आने से पहले आईटी शेयरों में भी तेजी रही। टीसीएस शुक्रवार को दूसरी तिमाही के परिणाम की घोषणा करेगी। तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 488.10 अंक यानी 0.82 प्रतिशत की तेजी के साथ 59,677.83 अंक पर बंद हुआ। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 144.35 अंक यानी 0.82 प्रतिशत उछलकर 17,790.35 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में 10.69 प्रतिशत की तेजी के साथ सर्वाधिक लाभ में टाइटन रहा। कंपनी ने जुलाई-सितंबर तिमाही में मांग में मजबूत वृद्धि की सूचना दी। जिससे कंपनी का शेयर चढ़ा। इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, इंडसइंड बैंक, एशियन पेंट्स, सन फार्मा, एचसीएल टेक, टीसीएस, टेक महिंद्रा और आईसीआईसीआई बैंक प्रमुख रूप से लाभ में रहें। इनमें 5.32 प्रतिशत की तेजी आयी। दूसरी तरफ डा. रेड्डीज, एचडीएफसी, बजाज फिनसर्व, नेस्ले इंडिया, एचयूएल और एनटीपीसी गिरावट वाले शेयरों में शामिल हैं। इनमें 1.31 प्रतिशत की गिरावट आयी। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘मजबूत वैश्विक धारणा के साथ घरेलू बाजार में तेजी लौटी। अमेरिका में कर्ज चूक को लेकर चिंता दूर होने के साथ बांड प्रतिफल और कच्चे तेल के दाम में नरमी से धारणा को बल मिला। घरेलू बाजार में वाहन, रियल्टी और आईटी शेयरों में मजबूत लिवाली से घरेलू बाजार में मजबूती आयी...।'' उन्होंने कहा, ‘‘वैश्विक स्तर पर सेमीकंडक्टर की कमी को लेकर चिंता के बावजूद वाहन शेयरों में तेजी रही। इसका कारण त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने की उम्मीद है। इसके अलावा आईटी कंपनियों का दूसरी तिमाही के वित्तीय परिणाम बेहतर रहने की उम्मीद तथा रियल्टी क्षेत्र में अच्छी मांग के संकेत से भी बाजार में तेजी को बल मिला।'' आशिका स्टॉक ब्रोकिंग के शोध प्रमुख अरिजीत मलाकार ने कहा कि तेल के दाम के कई साल के उच्च स्तर से नीचे आने और अमेरिका में बांड प्रतिफल में नरमी के साथ बाजार में तेजी आयी। साथ ही अमेरिकी सांसद चूक को टालने के लिये देश की कर्ज सीमा बढ़ाने को सहमत हुए हैं। पुन: रूस ने यूरोप को गैस आपूर्ति का आश्वासन दिया है। इससे भी वैश्विक बाजारों में उतार-चढ़ाव पर विराम लगा। उन्होंने कहा कि आरबीआई की शुक्रवार को आने वाली मौद्रिक नीति समीक्षा से पहले बाजार में गतिविधियां देखने को मिली। एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग, सोल और तोक्यो लाभ में रहें जबकि शंघाई बाजार अवकाश के कारण बंद रहा। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर कारोबार में तेजी का रुख रहा। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.97 प्रतिशत फिसलकर 80.29 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर 19 पैसे मजबूत होकर 74.49 पर बंद हुई।शेयर बाजार में उपलब्ध आंकड़े के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशक बुधवार को शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने 802.81 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
- नयी दिल्ली। डिजिटल भुगतान मंच वीजा ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने हाल में जारी आरबीआई दिशानिर्देशों के अनुसार भारत में अपनी ‘कार्ड-ऑन-फाइल' टोकन व्यवस्था शुरू की है। वीजा ने एक बयान में कहा कि कार्ड-ऑन-फाइल (सीओएफ) टोकन व्यवस्था से दो मुख्य फायदे होते हैं - ग्राहक और परिवेश की सुरक्षा तथा एक बेहतर निकासी अनुभव। जस-पे के साथ साझेदारी में शुरू की गई सीओएफ टोकन व्यवस्था सेवा अब ग्रोफर्स, बिगबास्केट और मेकमायट्रिप जैसी ई-कॉमर्स कंपनियों के लिए उपलब्ध है। आरबीआई के दिशानिर्देशों के अनुसार सीओएफ टोकन व्यवस्था के तहत वास्तविक कार्ड डाटा को एन्क्रिप्टेड डिजिटल संकेतों में बदलना अनिवार्य है। इससे लेनदेन सुविधाजनक और सुरक्षित होती है। कंपनी के अनुसार नये दिशानिर्देश से ई-वाणिज्य भुगतान को लेकर ग्राहकों का भरोसा बढ़ेगा।
- - कंपनी ने 53500 रुपए तक की छूट का फेस्टिवल ऑफर पेश कियानयी दिल्ली। होंडा कार्स इंडिया ने बुधवार को कहा कि उसने इस महीने के लिए अपनी कारों पर 53 हजार 500 रुपये तक के फेस्टिवल ऑफर पेश किए हैं। कंपनी ने कहा कि नवरात्रि की शुभ अवधि की शुरुआत के साथ, ग्राहक 31 अक्टूबर, 2021 तक उसके सभी अधिकृत डीलरशिप से होंडा कार खरीदते समय कई आकर्षक ऑफर का लाभ उठा सकते हैं।जापानी कार कंपनी ने एक बयान में कहा, ग्राहकों के लिए विशेष ऑफर नकद छूट, सहायक उपकरण, लॉयल्टी बोनस और विशेष विनिमय लाभ के रूप में होंगे। कंपनी फिफ्थ जेनरेशन सिटी पर 53 हजार 500 रुपये, फोर्थ जेनरेशन सिटी पर 22 हजार रुपये तक, अमेज पर 18 हजार रुपये तक, डब्ल्यूआर-वी पर 40 हजार 100 रुपये तक और जैज पर 45 हजार 900 रुपये तक के फेस्टिव ऑफर दे रही है।होंडा कार्स इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और निदेशक (विपणन और बिक्री) राजेश गोयल ने कहा, "त्योहार हमें जश्न मनाने का मौका देते हैं और हमारे जीवन में हमेशा एक विशेष स्थान रखते हैं। त्योहारों के इस मौसम में हम होंडा उत्पादों की अपनी पूरी श्रृंखला के लिए रोमांचक ऑफर और प्रचार प्रदान करने को लेकर खुश हैं ताकि कार खरीद को और अधिक फायदेमंद बनाया जा सके और ग्राहकों को इस समय में बहुत जरूरी खुशी दी जाए।"
- नयी दिल्ली। हीरो इलेक्ट्रिक ने बुधवार को कहा कि उसने पिछले महीने 6,500 इकाइयों से अधिक की बिक्री के साथ इलेक्ट्रिक दोपहिया खंड में शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग में बढ़ोतरी से हीरो इलेक्ट्रिक हाई स्पीड वाहनों के विकास में तेजी आई है, जिसकी वजह से इस खंड में वह शीर्ष स्थान हासिल कर सकी है। हाई स्पीड श्रेणी में कंपनी के सिटी स्पीड स्कूटर- ऑप्टिमा और एनवाईएक्स बिक्री में आगे है।हीरो इलेक्ट्रिक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सोहिंदर गिल ने कहा, "इस उद्योग ने व्यापक दृष्टिकोण और उपभोक्ता-अनुकूल नीतियों की वजह से बिजली चालित वाहन के लिए अपनी सबसे बड़ी वृद्धि दर्ज की है। उन्होंने कहा कि कंपनी त्योहारी सीजन का इंतजार कर रही है और देश में इलेक्ट्रिक दोपहिया की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इलेक्ट्रिक दोपहिया की बढ़ती मांग को पूरा करने और विस्तार करने की दृष्टि के साथ, हीरो इलेक्ट्रिक ने हाल ही में मार्च 2022 तक अपनी उत्पादन क्षमता को पांच लाख इकाई तक बढ़ाने की घोषणा की।
- मुंबई। बैंकों का ऋण 24 सितंबर को समाप्त पखवाड़े में 6.67 प्रतिशत बढ़कर 109.57 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान बैंकों की जमा 9.34 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 155.95 लाख करोड़ रुपये रही। रिजर्व बैंक के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। एक साल पहले 25 सितंबर, 2020 को समाप्त पखवाड़े में बैंकों का ऋण 102.72 लाख करोड़ रुपये और जमा 142.62 लाख करोड़ रुपये थी। इससे पिछले 10 सितंबर, 2021 को समाप्त पखवाड़े में बैंकों का ऋण 6.7 प्रतिशत और जमा 9.32 प्रतिशत बढ़ी थी। वित्त वर्ष 2020-21 में बैंकों का ऋण 5.56 प्रतिशत और जमा 11.4 प्रतिशत बढ़ी थी।
- मुंबई। किफायती विमानन सेवाएं मुहैया कराने वाली कंपनी एयरएशिया इंडिया ने मंगलवार को दावा किया कि वह यात्रियों के साथ टैक्सीबोट सेवाएं शुरू करने वाली दुनिया का पहली एयरबस परिचालक बन गई है। कंपनी ने कहा कि इस कदम से एयरएशिया इंडिया को उड़ान संचालन में स्थिरता और दक्षता हासिल करने में मदद मिलेगी। जीएमआर द्वारा संचालित दिल्ली हवाई अड्डे ने 2019 में दुनिया में पहली बार टैक्सीबोट सेवा की शुरुआत की थी। टैक्सीबोट रोबोट का इस्तेमाल करने वाला एयरक्राफ्ट वाहक है, जो विमान को पार्किंग से रनवे तक और रनवे से पार्किंग तक लाता ले जाता है। टैक्सीबोट विमान ईंधन के उपयोग, उत्सर्जन और हवाई अड्डों पर शोर के स्तर को कम करता है और यह एक हाइब्रिड-इलेक्ट्रिक इंजन से चलता है। एयरएशिया इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुनील भास्करन ने कहा, ‘‘एयरएशिया इंडिया के लिए दुनिया का पहला एयरबस परिचालक बनना गर्व की बात है, जिसने यात्रियों के साथ टैक्सीबोट सेवाएं शुरू की हैं। हम विमानन क्षेत्र में नई और प्रेरक संभावनाओं का पता लगाने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए तत्पर हैं।
- नयी दिल्ली । फ्यूचर रिटेल ने मंगलवार को कहा कि उसने किराना और अन्य घरेलू सामानों के लिये दुकानें चलाने वाली अमेरिका की 7-इलेवन के साथ फ्रेंचाइजी समझौता समाप्त कर दिया है। किशोर बियाणी की अगुवाई वाली कंपनी ने 7-इलेवन के साथ 2019 में समझौता किया था। समझौते के तहत कंपनी भारत में अमेरिकी कंपनी के ब्रांड नाम के तहत दुकानों का परिचालन करती। फ्यूचर रिटेल ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उसने 7-इलेवन के साथ फ्रेंचाइजी समझौता समाप्त कर दिया है। यह समझौता 28 फरवरी, 2019 को कंपनी की पूर्ण अनुषंगी फ्यूचर-7 इंडिया कनवेनिएंस लि. और 7-इलेवन के बीच हुआ था। वर्ष 1927 में गठित 7-इलेवन को सभी जरूरी घरेलू सामानों के लिये दुनिया का सबसे बड़ा दुकान माना जाता है। जुलाई, 2020 की स्थिति के अनुसार कंपनी 17 देशों में 71,100 स्टोर का परिचालन कर रही थी। उद्योग से जुड़े लोगों के अनुसार फ्यूचर रिटेल ने समझौते के तहत 2020 की शुरुआत में मुंबई में दुकान खोलने की योजना बनायी थी। लेकिन कोविड-19 महामारी से इसमें देरी हुई है और कंपनी एक भी 7-इलेवन स्टोर नहीं खोल सकी।
- नई दिल्ली। चेन्नई स्थित फर्म विनाटा एयरोमोबिलिटी ने दुनिया के सबसे बड़े हेलिटेक एक्सपो - एक्सेल, लंदन में एशिया की पहली हाइब्रिड फ्लाइंग कार के प्रोटोटाइप को प्रदर्शित किया है। कार की कीमत क्या होगी, फिलहाल इस पर सस्पेंस बना हुआ है।कंपनी ने अपने यूट्यूब चैनल पर फ्लाइंग कार के डिजिटल प्रोटोटाइप का एक वीडियो भी जारी किया है। इस वीडियो में दिखाया गया है कि इस उडऩे वाली कार का केबिन कैसा होगा और इसमें कितने लोग बैठ सकते हैं। वीडियो में इस कार में बैठने की व्यवस्था की झलक दिखाई गई है। इस उडऩे वाली कार एक समय में दो लोग बैठ सकते हैं। कार के पंख जैसे दरवाजे सीधे खुलते हैं। कार के केबिन में एक बड़ा वर्टिकल डिजिटल टचस्क्रीन सिस्टम है जिसका इस्तेमाल अन्य चीजों के अलावा नेविगेशन के लिए किया जा सकता है।एक हाइब्रिड कार दिखने में किसी सामान्य कार के जैसी ही होती है। लेकिन इसमें दो इंजन का इस्तेमाल किया जाता है। इसमें पेट्रोल या डीजल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर भी होती है। इस टेक्नोलॉजी को हाइब्रिड कहा जाता है। अब ज्यादातर कंपनियां इसी तरह की कारों को बनाने पर काम कर रही हैं।उडऩे वाली इस कार की सबसे खास बात यह है कि इसे भारत में बनाया जाएगा। इस कार के इस्तेमाल को और अधिक टिकाऊ बनाने के लिए इसमें बैटरी के साथ-साथ बायो-फ्यूल का उपयोग किया जाएगा। कार में एक बैकअप पावर भी होगा, जो पावर कट होने की स्थिति में मोटर को बिजली सप्लाई करेगा। यह कार को 120 किमी प्रति घंटे की टॉप स्पीड से 60 मिनट तक हवा में उड़ाया जा सकता है। यह जमीन से अधिकतम 3,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ सकती है।कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार बिना यात्री के इस फ्लाइंग कार का वजन 990 किलोग्राम होगा और यह अधिकतम 1300 किलोग्राम वजन उठा सकेगी। यह हाइब्रिड फ्लाइंग कार दिखने में एक पॉड जैसी है, जिसमें चार छोटे टायर लगे हैं। इनमें से हर टायर के साथ एक रोटर सिस्टम जुड़ा है। जिनमें से हर सिस्टम चार-चार ब्लेड के दो सेट से लैस है। दोनों साइड सिंगल डोर एंट्री है।इस वर्टिकल टचस्क्रीन के ऊपर तीन हॉरिजंटल तरीके से रखी गई स्क्रीन हैं जो मौसम की जानकारी सहित अलग-अलग तरह के कार्यों और फंक्शन की जानकारी देंगी। इस फ्लाइंग कार का स्टीयरिंग व्हील एक योक की तरह है, जिसके सेंटर में कंपनी का लोगो दिया गया है। इसकी सीटें काफी आरामदायक दिखती हैं और काफी हाई क्वालिटी वाली सामग्री से बनी हैं। सीटों के किनारे में एक शैंपेन होल्डर भी दिया गया है। कॉन्सेप्ट मॉडल के मुताबिक इसमें दो पैसेंजर उड़ पाएंगे।विनाटा एयरोमोबिलिटी ने पिछले महीने देश के नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को अपनी फ्लाइंग कार का प्रोटोटाइप पेश किया था। उन्होंने इसके प्रयासों के लिए निर्माता की तारीफ की थी। यह कार साल 2023 तक एक हकीकत बन सकती है। इस कार का इस्तेमाल लोगों की आवाजाही के अलावा कार्गो के परिवहन के लिए किया जाएगा। यहां तक की इसकी मदद से मेडिकल इमरजेंसी सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी।
- मुंबई। रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में गिरावट से बुधवार को सेंसेक्स 555 अंक का गोता लगा गया। वैश्विक बाजारों में बिकवाली से भी यहां धारणा प्रभावित हुई। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 555.15 अंक या 0.93 प्रतिशत के नुकसान से 59,189.73 अंक पर आ गया। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 176.30 अंक या 0.99 प्रतिशत टूटकर 17,646 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में इंडसइंड बैंक का शेयर सबसे अधिक तीन प्रतिशत टूट गया। टाटा स्टील, बजाज ऑटो, एचसीएल टेक, सन फार्मा और टेक महिंद्रा के शेयरों में भी गिरावट आई। वहीं दूसरी ओर एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी तथा बजाज फाइनेंस के शेयर लाभ में रहे।जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘कमजोर वैश्विक रुख की वजह से धातु और आईटी शेयरों में मुनाफावसूली का सिलसिला चला। इससे बाजार शुरुआती लाभ को गंवाकर नुकसान में बंद हुआ।'' उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से भारतीय बाजार प्रभावित हो रहा है, जबकि मुद्रास्फीति से अमेरिका में बांड प्रतिफल पर असर पड़ा है। इसके अलावा भारतीय रिजर्व बैंक की द्विमासिक मौद्रिक समीक्षा बैठक भी बुधवार को शुरू हुई। माना जा रहा है कि केंद्रीय बैंक ब्याज दरों में बदलाव नहीं करेगा। अन्य एशियाई बाजारों में हांगकांग के हैंगसेंग, दक्षिण कोरिया के कॉस्पी तथा जापान के निक्की में गिरावट आई। चीन के शंघाई कम्पोजिट में अवकाश था। दोपहर के कारोबार में यूरोपीय बाजार नुकसान में थे। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट कच्चा तेल 1.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82.19 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
- नयी दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में गिरावट के अनुरूप राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना 226 रुपये की गिरावट के साथ 45 हजार 618 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 45 हजार 844 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।चांदी की कीमत भी 462 रुपये की गिरावट के साथ 59 हजार 341 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 59 हजार 803 रुपये प्रति किलो के भाव पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना हानि के साथ 1,747 डॉलर प्रति औंस रह गया जबकि चांदी 22.35 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रही। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, ''न्यूयॉर्क स्थित जिंस एक्सचेंज, कॉमेक्स में बुधवार को सोने की हाजिर कीमत 0.72 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,747 डॉलर प्रति औंस रह गयी जिससे यहां सोने की कीमतें कमजोर रहीं।'' उन्होंने कहा कि अमेरिकी बांड प्रतिफल के बढऩे और डॉलर के मजबूत होने के बीच सोने की कीमतों में गिरावट आई।
- नई दिल्ली। घरेलू एलपीजी सिलेंडर एक बार फिर महंगा हो गया है। नॉन-सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में आज एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। इसमें 15 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली-मुंबई में नॉन-सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 899.50 रुपये हो गई है।5 किलो के सिलेंडर की कीमत अब 502 रुपये हो गई है। नई कीमतें आज से प्रभावी हो गई हैं। इस बढ़ोतरी के बाद 14.2 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत कोलकाता में 926 रुपये और चेन्नई में अब 915.50 रुपये हो गई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि इस बार एलपीजी सिलेंडर का दाम 1000 रुपये के पार चला जाएगा। पटना में अब एलपीजी सिलेंडर के लिए 1000 में से केवल 2 रुपये कम चुकाने पड़ेंगे। 1 अक्टूबर को इसमें कोई बढ़ोतरी नहीं हुई थी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमत 82 डॉलर के पार चली गई है।1 सितंबर को 14.2 किलोग्राम के गैर-सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 25 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इससे पहले पेट्रोलियम कंपनियों ने 18 अगस्त को गैस सिलेंडर की कीमतों में 25 रुपये का इजाफा किया था।पिछले एक साल में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 305.50 रुपये बढ़ चुकी है, जबकि अब सब्सिडी भी नहीं आ रही है।
- नयी दिल्ली। फिच रेटिंग्स ने मंगलवार को कहा कि भारत सरकार द्वारा प्राकृतिक गैस की कीमतों में 62 प्रतिशत की वृद्धि से देश में तेल एवं प्राकृतिक गैस कंपनियों की लाभप्रदता बढ़ेगी और उनके निवेश संबंधी खर्च में मदद मिलेगी। सरकार द्वारा पेट्रोलियम कंपनियों मुख्य रूप से ऑयल एंड नैचुरल गैस लि. (ओएनजीसी) और ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल) को सौंपे गए क्षेत्रों से मिलने वाले गैस की कीमत अक्टूबर, 2021-मार्च 2022 के लिए बढ़ाकर 2.90 डॉलर प्रति इकाई (एमएमबीटीयू) कर दी गयी। यह पिछले छह महीनों में 1.79 डॉलर प्रति इकाई थी। घरेलू स्तर पर उत्पादित गैस की आपूर्ति कुछ क्षेत्रों को प्राथमिकता के आधार पर की जाती है, जिसमें से वित्त वर्ष 2020-21 में 30 प्रतिशत का बिजली उत्पादकों ने उपभोग किया। लगभग 27 प्रतिशत उर्वरक क्षेत्र ने और 19 प्रतिशत शहरी गैस वितरण कंपनियों ने उपभोग किया। रेटिंग एजेंसी फिच ने कहा कि गैस की कीमतों में वृद्धि के साथ कार्यशील पूंजी की जरूरतें बढ़ने से उर्वरक क्षेत्र का मुनाफा प्रभावित होगा। गैस की कीमतों में वृद्धि के बावजूद वाहन गैस ईंधन की कीमत तरल ईंधन के मुकाबले प्रतिस्पर्धी बनी रहेगी, भले ही अंतर कम हो। ऐसा इसलिए है क्योंकि कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि को देखते हुए हाल के महीनों में तरल वाहन ईंधन की कीमतें भी बढ़ रही हैं। गैस आधारित विद्युत संयंत्रों द्वारा उत्पादित बिजली की लागत में वृद्धि होगी, जिससे उनका इस्तेमाल और कम होगा।-
- मुंबई। अंतरराष्ट्रीय वित्त निगम (आईएफसी) ने मंगलवार को वेंडी वर्नर को भारत में अपना नया प्रमुख नियुक्त करने की घोषणा की। वेंडी इस पद पर जून झांग की जगह लेंगी, जो आईएफसी के साथ लंबे करियर के बाद हाल ही में सेवानिवृत्त हुए थे। वेंडी नयी दिल्ली स्थित कार्यालय से भारत के पोर्टफोलियो के विकास और विविधीकरण पर ध्यान देंगी जिससे इस क्षेत्र में आईएफसी के प्रभाव को बढ़ाने में मदद मिले। जून 2021 में समाप्त हुए वित्त वर्ष में भारत, 1.7 अरब डॉलर की प्रतिबद्धता हासिल करने के साथ विश्व बैंक समूह के विकास संबंधी ऋणदाता के लिए विश्व स्तर पर सबसे बड़ा ग्राहक देश है। 1956 में अपनी पहली भागीदारी के बाद से, आईएफसी ने 500 से अधिक घरेलू कंपनियों में 24 अरब डॉलर से अधिक का निवेश किया है।
- नयी दिल्ली। निजी क्षेत्र के ऋणदाता इंडसइंड बैंक ने मंगलवार को कहा कि उसने 30 सितंबर को समाप्त चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में अग्रिमों में 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की और यह 2,21,821 करोड़ रुपये रहा। बैंक ने एक नियामकीय सूचना में कहा कि पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के अंत में शुद्ध अग्रिम 2,01,247 करोड़ रुपये था। समीक्षाधीन तिमाही में बैंक की जमा राशि भी 21 प्रतिशत (साल-दर-साल) बढ़कर 2,75,486 करोड़ रुपये हो गयी, जो एक साल पहले इसी अवधि में 2,28,279 करोड़ रुपये थी। जुलाई-सितंबर 2021 तिमाही में इंडसइंड बैंक की कम लागत वाली जमा राशि - चालू खाता और बचत जमा (सीएएसए) - कुल देनदारियों का 42.1 प्रतिशत रही।
- नयी दिल्ली। रुपये के मूल्य में गिरावट के बीच राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोना 269 रुपये की तेजी के साथ 45 हजार 766 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 45 हजार 497 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।चांदी की कीमत भी 630 रुपये की तेजी के साथ 59 हजार 04 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 59 हजार 074 रुपये प्रति किलो के भाव पर बंद हुई थी। विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में आरंभिक कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले रुपये का मूल्य 32 पैसे घटकर 74.63 रुपये प्रति डॉलर रह गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना हानि के साथ 1,759 डॉलर प्रति औंस रह गया जबकि चांदी 22.58 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रही। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, ''न्यूयॉर्क स्थित जिंस एक्सचेंज कॉमेक्स में मंगलवार को सोने की हाजिर कीमत आधा प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,759 डॉलर प्रति औंस रह गयी जिससे यहां सोने की कीमतें कमजोर रहीं।'' उन्होंने कहा कि दिन के कारोबार में डॉलर के मजबूत होने से सोने का पहले का लाभ कम हो गया।

.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)




.jpg)
.jpg)







.jpg)
.jpg)
.jpg)





.jpg)