- Home
- मनोरंजन
-
मुंबई. फिल्म निर्माता विवेक रंजन अग्निहोत्री ने मंगलवार को दावा किया कि उनकी फिल्म "द वैक्सीन वॉर" उन लोगों को बेनकाब करेगी, जिन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान अपने राजनीतिक एजेंडे के लिए स्वदेशी टीके के निर्माण को बाधित करने की कोशिश की थी। निर्देशक के अनुसार, यह ‘‘जैव विज्ञान'' पर आधारित भारत की पहली फिल्म है।
उन्होंने कहा कि यह फिल्म कोविड -19 महामारी के दौरान भारत और दुनिया के लिए एक किफायती टीका विकसित करने की भारतीय वैज्ञानिकों की सच्ची कहानी पर आधारित है। अग्निहोत्री ने फिल्म का ट्रेलर जारी होने के मौके पर कहा, "द वैक्सीन वॉर" में कुछ नेताओं के साथ-साथ प्रमुख पत्रकारों के नाम लेने से भी परहेज नहीं किया गया है, जिन्होंने विदेशी टीकों को बढ़ावा दिया था। उस समय, यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण था कि कुछ लोग भारत और हमारे जीवन को बेच रहे थे। कुछ लोगों को विदेशी टीकों को बढ़ावा देने के लिए पैसे मिल रहे थे और वे अपने राजनीतिक एजेंडे के लिए भारतीय टीके को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे।” उन्होंने कहा, "जिनके नाम लिए गए हैं, वे हमेशा देश के हित में होने वाली किसी भी चीज़ के खिलाफ खड़े होते हैं। इसलिए, जाहिर है अगर हम 'द वैक्सीन वॉर' नामक फिल्म बना रहे हैं, तो भारत के दुश्मन बेनकाब होंगे।'' फिल्म में नाना पाटेकर, सप्तमी गौड़ा, पल्लवी जोशी, राइमा सेन और अनुपम खेर प्रमुख भूमिका में हैं।
"द कश्मीर फाइल्स", "द ताशकंद फाइल्स" और "हेट स्टोरी" जैसी फिल्मों के निर्देशक अग्निहोत्री ने कहा कि यह फिल्म भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के पूर्व महानिदेशक बलराम भार्गव की पुस्तक "गोइंग वायरल: मेकिंग ऑफ कोवैक्सिन" पर आधारित है। पल्लवी जोशी और ‘आई एम बुद्धा' कंपनी ने "द वैक्सीन वॉर" का निर्माण किया है। यह 28 सितंबर को हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज होगी। -
मुंबई . दिवंगत अभिनेता देव आनंद की जन्मशती के मौके पर इस महीने के अंत में एक फिल्म महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन (एफएचएफ) ने सोमवार को यह घोषणा की। 'हम दोनों', 'तेरे घर के सामने', 'सीआईडी' और 'गाइड' जैसी फिल्मों में अपने दमदार अभिनय के लिए प्रसिद्ध देव आनंद को 26 सितंबर को उनके जन्मदिवस से पहले 'देव आनंद एट द रेट 100- फॉरएवर यंग' कार्यक्रम के जरिये श्रद्धांजलि दी जाएगी। एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, इस दो दिवसीय महोत्सव का आयोजन भारतीय राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी), भारतीय राष्ट्रीय फिल्म पुरालेख (एनएफएआई) और पीवीआर आइनॉक्स साथ मिलकर कर रहे हैं। यह महोत्सव 23 और 24 सितंबर को भारत के 30 शहरों और 55 सिनेमाघरों में आयोजित किया जाएगा। एफएचएफ ने इस महोत्सव में दिवंगत अभिनेता की फिल्म 'सीआईडी' (1956), 'गाइड' (1965), 'ज्वैल थीफ' (1967) और 'जॉनी मेरा नाम' (1970) को प्रस्तुत करने की योजना बनाई है। एफएचएफ के संस्थापक फिल्मनिर्माता और अभिलेखविद् शिवेन्द्र सिंह डूंगरपुर हैं। विज्ञप्ति के मुताबिक, मुंबई, अहमदाबाद, हैदराबाद, तिरुवनंतपुरम, चेन्नई, बेंगलुरु, लखनऊ, कोलकाता, गुवाहाटी, इंदौर, जयपुर, नागपुर, नयी दिल्ली, ग्वालियर, राउरकेला, कोच्चि और मोहाली सहित विभिन्न शहरों के दर्शक देव आनंद की इन यादगार फिल्मों को बड़े पर्दे पर 4के रिजॉल्यूशन में देख पाएंगे। एफएचएफ के संस्थापक ने एक बयान में कहा, ''हम उनकी यादगार फिल्मों की स्क्रीनिंग कर उन्हें श्रद्धांजलि देना चाहते हैं। ये फिल्में मेरी पसंदीदा फिल्मों में से हैं क्योंकि मैं गोल्डी आनंद (विजय आनंद) को भारतीय सिनेमा के सबसे स्टाइलिश निर्देशकों में से एक मानता हूं।'' उन्होंने कहा, ''यह महोत्सव एफएचएफ और एनएफडीसी-एनएफएआई के बीच महत्वपूर्ण सहयोग को दर्शाता है। एनएफडीसी-एनएफएआई ने ही इन फिल्मों को सहेज कर रखा था और हमारे साथ साझेदारी कर उन्होंने हमें इन फिल्मों की प्रस्तुति करने में सक्षम बनाया।''
-
टोरंटो. पॉप गायक लिल नैस एक्स को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शनिवार रात टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (टीआईएफएफ) में उनकी वृतचित्र के वर्ल्ड प्रीमियर में देरी हुई। कार्लोस लोपेज एस्ट्राडा और जैक मैनुअल द्वारा निर्देशित वृतचित्र "लिल नैस एक्स : लॉन्ग लिव मोंटेरो" की स्क्रीनिंग टीआईएफएफ के रॉय थॉमसन हॉल में रात दस बजे शुरू होने वाली थी। मनोरंजन वेबसाइट ‘वैरायटी' के अनुसार, एस्ट्राडा, मैनुअल और फिल्म के संपादक एंड्रयू मॉरो सबसे पहले पहुंचे। सूत्रों ने बताया कि जैसे ही लिल नैस एक्स समारोह में शामिल होने के लिए अपनी कार में आये, आयोजकों को सूचित किया गया कि उन्हें बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिसके बाद उन्हें रूकने के लिये कहा गया। नैस एक्स का असली नाम मोंटेरो लैमर हिल है।
एक अन्य सूत्र ने बताया कि धमकी में गायक को निशाना बनाया गया था। बाद में सुरक्षा दलों ने कार्यक्रम स्थल की जांच की, जिसके कारण 24 वर्षीय कलाकार के आगमन में 20 मिनट की देरी हुई। सूत्रों ने बताया कि बम से उड़ाने की धमकी झूठी निकली और लगभग साढ़े दस बजे वृतचित्र की स्क्रीनिंग शुरू हुई। टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का समापन 17 सितंबर को होगा। -
मुंबई. फिल्म निर्माता विवेक अग्निहोत्री ने शनिवार को अपनी अगली फिल्म 'द वैक्सीन वॉर' का पहला पोस्टर जारी किया। अग्निहोत्री ने इस फिल्म का निर्देशन किया है। इस फिल्म में अनुपम खेर, नाना पाटेकर, सप्तमी गौड़ा और पल्लवी जोशी मुख्य भूमिका में हैं। ‘द कश्मीर फाइल्स' और ‘हेट स्टोरी' जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके अग्निहोत्री ने ‘एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर नई फिल्म का पोस्टर साझा किया। उन्होंने पोस्ट किया, ''पेश है: भारत की पहली बायो-साइंस फिल्म ‘द वैक्सीन वॉर' का पोस्टर। यह फिल्म दुनियाभर में 28 सितंबर, 2023 को रिलीज होगी।'' निर्माताओं के अनुसार, यह फिल्म भारतीय वैज्ञानिकों की सच्ची कहानी पर आधारित है जिसमें दिखाया गया है कि कैसे उन्होंने कोविड-19 महामारी के खिलाफ लड़ाई लड़ी और देश एवं दुनिया के लिए किफायती टीका विकसित किया। पल्लवी जोशी और आई. एम. बुद्धा द्वारा निर्मित यह फिल्म 28 सितंबर को हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होगी।
-
मुंबई। फिल्मकार अयान मुखर्जी ने 2022 की सुपरहिट फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र' के एक साल होने का जश्न मनाया। इस फिल्म में रणबीर कपूर और आलिया भट्ट ने मुख्य भूमिका निभाई थी। ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट वन: शिव' बड़े बजट की फिल्म थी। इस श्रृंखला में मुखर्जी (40) पहले ही दो आगामी फिल्मों की घोषणा कर चुके हैं जो वर्ष 2026 और 2027 में रिलीज होंगी। मुखर्जी ने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर फिल्म के कुछ चर्चित दृश्यों का एक वीडियो साझा किया। इसके अंत में एक संदेश में लिखा था, ‘‘ब्रह्मास्त्र के दूसरे और तीसरे भाग को लेकर कार्य प्रगति पर है।'' फिल्मकार ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, ‘‘ब्रह्मास्त्र को पहली वर्षगांठ की बधाई। सारी रचनात्मकता, कड़ी मेहनत और फिल्म निर्माण एवं जीवन में सभी सबक के लिए धन्यवाद। ब्रह्मास्त्र फिल्म की यात्रा के अगले चरण की कुछ शुरुआती दृश्य जल्द साझा करूंगा।'' फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र' शिव (कपूर) की कहानी है जो ईशा (भट्ट) के साथ अपनी विशेष शक्तियों की उत्पत्ति का पता लगाने के लिए यात्रा पर निकलता है। ईशा से शिव को पहली नजर में ही प्यार हो जाता है। ‘ब्रह्मास्त्र' का निर्माण स्टार स्टूडियोज और करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन्स के बैनर तले किया गया था जिसमें अभिनेता अमिताभ बच्चन और अभिनेत्री मोनी रॉय भी थे। इस फिल्म में शाहरुख खान और नागार्जुन विशेष भूमिका में नजर आए थे। जौहर ने फिल्म के एक साल होने के मौके पर कहा कि ‘ब्रह्मास्त्र' को बनाना एक प्यार भरा काम था। फिल्मकार ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘यह फिल्म सही मायनों में दिल से साझा किया गया एक अनुभव, एक यात्रा और एक कहानी है। बड़े पर्दे पर जादू दिखाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने वाले लोगों का एक समूह है। प्यार और रोशनी की ताकत इसी तरह चमकती रहेगी।'' दुनिया भर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करने वाली ‘ब्रह्मास्त्र' कोविड-19 महामारी के दौरान हिंदी फिल्म उद्योग के लिए बड़ी कमाई करने वाली फिल्मों में से एक थी।
-
मुंबई. बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने अपने जन्म दिन पर ‘वेलकम 3' फिल्म की घोषणा की, जिसका निर्देशन अहमद खान करेंगे। अभिनेता ने ‘एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘खुद को और आप सभी को आज जन्म दिन का उपहार दिया है। अगर आप इसे पसंद करते हैं और धन्यवाद देते हैं, तो मैं कहूंगा वेलकम(3) वेलकमटूदजंगल'' अभिनेता ने पोस्ट के साथ एक क्लिप भी साझा किया है, जिसमें कलाकारों की टोली नजर आ रही है। ‘वेलकम टू द जंगल' शीर्षक वाली इस फिल्म में अभिनेता संजय दत्त, सुनील शेट्टी, रवीना टंडन, जॉनी लीवर, परेश रावल, राजपाल यादव, अरशद वारसी, जैकलीन फर्नांडीज, तुषार कपूर, और अभिनेत्री लारा दत्ता तथा दिशा पटानी विभिन्न भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसमें गायक दलेर मेहंदी और मीका सिंह भी होंगे। फिल्म के 20 दिसंबर, 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज होने की संभावना है।
इस श्रृंखला की पहली फिल्म ‘वेलकम' 2007 में और दूसरी फिल्म ‘वेलकम बैक' 2015 में रिलीज हुई थी। दोनों का निर्देशन अनीस बज़्मी ने किया था। -
मुंबई. मशहूर गायिका आशा भोसले ने शुक्रवार को अपना 90वां जन्मदिन मनाया। संगीतकार ललित पंडित, गायक दलेर मेहंदी और फिल्म निर्माता अनीस बज्मी सहित फिल्म उद्योग की कई हस्तियों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। भोसले ने कई भाषाओं में करीब 12,000 गीतों को अपनी आवाज दी है। इन शानदार गीतों में ‘‘कजरा मोहब्बत वाला'', ‘‘इन आंखों की मस्ती'', और ‘‘पिया तू अब तो आजा'' जैसे गाने शामिल हैं। भोसले ने सात सितंबर को दुबई में एक लाइव शो के साथ अपना जन्मदिन मनाया।
भोसले के साथ ‘‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे'', ‘‘प्यार तो होना ही था'' और ‘‘खिलाड़ी'' जैसी फिल्मों के लिए कई गानों पर काम करने वाले ललित पंडित ने कहा कि वह आज भी प्रेरित करती हैं। संगीतकार ने बताया, ‘‘90 साल की उम्र में भी आशा दीदी शो कर रही हैं, यह असाधारण है। उन्होंने अपना जीवन संगीत को समर्पित कर दिया है। इन वर्षों में, उन्होंने कई बदलाव देखे हैं और विभिन्न पीढ़ियों के संगीतकारों के साथ काम किया है, मैं भाग्यशाली हूं कि हमें उनके साथ काम करने का मौका मिला। उन्होंने एक बड़ी बहन की तरह हमारा मार्गदर्शन किया है। हम उनके प्रशंसक हैं।'' बज्मी ने कहा, ‘‘वह दशकों से गा रही हैं और आज भी उनकी आवाज ‘कोयल' जैसी है। संगीत के क्षेत्र में उनका योगदान बहुत बड़ा है। वह बहुत अनुभवी हैं लेकिन फिर भी वह लगातार रियाज़ करती हैं।'' दलेर मेहंदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक वीडियो साझा किया और भोसले के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। मेहंदी ने कहा, ‘‘आप गायन की देवी हैं। आपकों जन्मदिन पर मेरी ओर से शुभकामनाएं। मैं आपका आशीर्वाद चाहता हूं कि हम अच्छे गाने सुनते रहें और ‘सुर' को समझते रहें।'' गायक कुमार शानू, सलीम मर्चेंट और केएस चित्रा ने भी भोसले को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। -
मुंबई. अभिनेता शाहरुख खान की फिल्म “जवान” ने पहले दिन दुनियाभर में 129.6 करोड़ रुपये जबकि भारत में 75 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही यह हिंदी सिनेमा के इतिहास में पहले दिन देश-विदेश में सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। फिल्म निर्माताओं ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। “जवान” का निर्देशन तमिल फिल्म निर्माता एटली ने किया है। फिल्म में नयनतारा और विजय सेतुपति ने अभिनय किया जबकि दीपिका पादुकोण ने विशेष भूमिका निभाई। फिल्म बृहस्पतिवार को दुनिया भर में हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज हुई थी। प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने दुनियाभर में फिल्म की कमाई का आंकड़ा साझा करते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर लिखा, “जैसा कि जवान ने कहा है, ये तो बस शुरुआत है। बेशुमार प्यार के लिए आपका शुक्रिया। ” ‘‘जवान'' सामाजिक व राजनीतिक मुद्दों पर केंद्रित पिता-पुत्र की कहानी है। फिल्म में मुख्य किरदार शाहरुख ने निभाया है। कारोबार विशेषज्ञ तरण आदर्श ने अनुमान जताया था कि शाहरुख की यह फिल्म रिलीज के पहले दिन सबसे अधिक कमाई करने वाली हिंदी फिल्म का रिकॉर्ड बना सकती है। उन्होंने कहा, “जवान” सनसनीखेज है...इतिहास रच चुकी है। 'जवान' ने गेंद को स्टेडियम के बाहर पहुंचा दिया है...पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं...पहले दिन भारत में 65.50 करोड़ रुपये कमाई की। इसके साथ ही इसने पहले दिन सबसे अधिक कमाई के मामले में “पठान” (55 करोड़) और “केजीएफ” (53.95 करोड़) को पीछे छोड़ दिया।
-
लंदन. गीतकार, शायर, पटकथा लेखक और कार्यकर्ता जावेद अख्तर को बृहस्पतिवार को लंदन विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओरिएंटल एंड अफ्रीका स्टडीज (एसओएएस) में आयोजित एक समारोह में ‘डॉक्टर ऑफ लिटरेचर' की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। अख्तर (78) को प्रतिष्ठित लेखक के रूप में उनके रचनात्मक कार्यों और एक कार्यकर्ता के रूप में सामाजिक न्याय के प्रति उनके समर्पण के लिए मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। समारोह में डॉ. अख्तर के साथ उनकी पत्नी अभिनेत्री शबाना आजमी और पुत्र फरहान अख्तर भी मौजूद थे।
एसओएएस ने प्रशंसा पत्र में लिखा है, “भारतीय सिनेमा और साहित्य के दिग्गज जावेद अख्तर लेखन, सक्रियता व नेतृत्व के मामले में काफी प्रभाव रखते हैं।” -
नयी दिल्ली. भारत बृहस्पतिवार से शुरू हो रहे 48वें टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (टीआईएफएफ) में अपनी फिल्मों की स्क्रीनिंग के लिए पूरी तरह तैयार है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि इस वर्ष भारत को प्रतिभा, विषयवस्तु और मनोरंजन के एक केंद्र के रूप में प्रदर्शित करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित फिल्म महोत्सव में आधिकारिक भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव (फिल्म) और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के प्रबंध निदेशक प्रिथुल कुमार करेंगे। टीआईएफएफ के लिए छह भारतीयों फिल्मों का चयन किया गया है।
इन फिल्मों में तरसेम सिंह धंडवार की 'डियर जस्सी', निखिल नागेश भट्ट द्वारा निर्देशित 'किल', करण बूलानी द्वारा निर्देशित 'थैंक्यू फॉर कमिंग', किरण राव द्वारा निर्देशित 'लापता लेडीज', जयंत दिगंबर सोमाल्कर की 'स्थल' (ए मैच) और आनंद पटवर्धन द्वारा निर्देशित 'वसुधैव कुटुम्बकम्' शामिल हैं। प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि सुसी गणेसन द्वारा निर्देशित फिल्म 'दिल है ग्रे' को महोत्सव के बाजार भाग में दिखाया जाएगा। टीआईएफएफ में भारत की भागीदारी के साथ ही भारत पवेलियन का उद्धघाटन भी किया जाएगा, जिसे अहमदाबाद के नेशनल इंस्टीट्यट ऑफ डिजाइन द्वारा तैयार किया गया है। टीआईएफएफ 17 सितंबर तक जारी रहेगा। -
नयी दिल्ली. अभिनेता शाहरुख खान अभिनीत ‘जवान' बृहस्पतिवार सुबह श्रीनगर से लेकर चेन्नई तक के सिनेमाघरों में रिलीज़ हो गई। यह फिल्म हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज़ हुई है और इसका निर्देशन दक्षिण के फिल्मकार एटली ने किया है। फिल्म की रिलीज़ को लेकर प्रशंसकों में खासा उत्साह है और इस मौके पर उन्होंने ढोल नगाड़ों और पटाखे जलाकर फिल्म की रिलीज़ का जश्न मनाया। जयपुर, जम्मू, मुंबई और कोलकाता जैसे शहरों में सिनेमाघरों के अंदर और बाहर के दृश्य संकेत दे रहे हैं कि ‘पठान' के बाद आई खान की यह फिल्म भी हिट रहेगी। फिल्म की रिलीज़ से पहले ‘बायकॉट जवान' सोशल मीडिया पर ट्रेंड किया था। कुछ लोगों ने फिल्म का बहिष्कार करने का आह्वान इसलिए किया, क्योंकि तमिलनाडु में इसके वितरक ‘रेड जाइअन्ट मूवीज़' हैं। इस कंपनी का स्वामित्व तमिलनाडु सरकार में मंत्री उदयनिधि स्टालिन के पास है। वह सनातन धर्म के खिलाफ अपनी टिप्पणी को लेकर विवादों का सामना कर रह रहे हैं। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर अभिनेता के प्रशंसकों ने कहा कि फिल्म पर नकारात्मक प्रचार का असर नहीं पड़ेगा और यह खूब कमाई करेगी। ऐसा लगता है कि विवाद को समर्थन नहीं मिला। देश के कई हिस्सों में आज जन्माष्टमी के मौके पर छुट्टी है और कई शहरों में सिनेमाघरों ने योजना के तहत तड़के के शो आयोजित किए। कोलकाता में पहला शो सुबह पांच बजे था जबकि जयपुर में यह सुबह छह बजे था।
दक्षिण कोलकाता के अशोक थिएटर के बाहर प्रशसंकों ने शाहरूख खान के समर्थन में नारे लगाए और फिल्म के बड़े पोस्टर को फूल मालाओं से सजाया। कुछ प्रशंसक अभिनेता के पोस्टर भी लेकर आए और गेंदे की पंखुड़ियों से "लव एसआरके" लिखा। एक प्रशंसक ने तो सिनेमाघर में पूजा तक की और अभिनेता के पोस्टर पर तिलक लगाया। एक प्रशंसक ने कहा कि यह फिल्म ‘पठान' से अच्छा प्रदर्शन करेगी और वह पिछली रात सोए नहीं थे।
जयपुर में कुछ दर्शक ऐसी टी शर्ट पहनकर सिनेमाघर पहुंचे जिसपर ‘जवान' छपा हुआ था। वे अपने ‘स्पीकर्स' पर ‘जिंदा बंदा' गाना बजा रहे थे और नृत्य कर रहे थे। एक प्रशंसक ने कहा, ‘ यह पैसा वसूल फिल्म है। पूरी तरह से मनोरंजक और फिल्म में वह सबकुछ है जो हम शाहरुख खान की फिल्म से चाहते हैं।” अन्य प्रशंसक मुशर्रफ ने कहा कि दर्शकों को ऐसा नहीं लगता है कि उन्होंने फिल्म पर अपना पैसा और वक्त ‘ज़ाया' किया है। श्रीनगर में भी कुछ दर्शक ऐसी टी-शर्ट पहनकर पहुंचे जिसपर ‘जवान' लिखा था। नोएडा के ‘वेव्स' सिनेमाघर में दर्शकों में तब तब सीटी बजाई जब जब पर्दे पर खान आए।
मुंबई में बांद्रा स्थित ‘गेयटी गैलेक्सी' के बाहर बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचे। वे सिनेमाघर के अंदर ढोल-नगाड़ों पर नृत्य कर रहे थे। सुबह छह बजे के शो में प्रशंसकों को सिनेमाघर के बाहर मानव पिरामिड बनाते हुए भी देखा गया।
अपने दोस्त के साथ फिल्म देखने आई एक युवती ने बताया, "हम बहुत उत्साहित हैं। मैं शाहरुख खान की बहुत बड़ी प्रशंसक हूं, मैं उन्हें बहुत पसंद करती हूं।” दिल्ली के करोल बाग में ‘लिबर्टी सिनेमा' में प्रशंसकों को फिल्म के पोस्टर के साथ सेल्फी लेते हुए देखा गया। सिनेमाघर में माहौल होली जैसा था और कई प्रशंसक सफेद कपड़े पहनकर आए थे और रंगों से खेल रहे थे और वे सिनेमाघर के बाहर फिल्म के गाने पर नृत्य कर रहे थे। ‘एक्स' पर कई वीडियो साझा की गई हैं जिनमें दिख रहा है कि पर्दे पर ‘जिंदा बंदा' गाने आने पर दर्शक नृत्य कर रहे हैं। हैदराबाद और बेंगलुरु में भी सिनेमाघरों के बाहर दर्शकों की भीड़ देखी गई।
फिल्म में खान के अलावा विजय सेतुपति और नयनतारा भी हैं। कारोबारी विशेषज्ञों का मानना है कि ‘जवान' कमाई के मामले में ‘पठान' को पछाड़ देगी। बताया जाता है कि ‘पठान' ने 1050 करोड़ रुपये की कमाई की है। फिल्म को पहले ही दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली है और टिकट बुकिंग मंच ‘बुक माय शो' पर मंगलवार शाम तक फिल्म के अग्रिम में साढ़े सात लाख से ज्यादा टिकट बुक हो चुके हैं। ‘जवान' ‘रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट' के बैनर तले बनी है और गौरी खान इसकी निर्माता तथा गौरव वर्मा सह-निर्माता है। -
मुंबई। चढ़ते सूरज को हर कोई सलाम करता है। फिर बॉलीवुड में तो ये कहावत और भी ज्यादा प्रचलित है। यहां एक फिल्म हिट होते ही जहां हीरो स्टार हो जाता है तो वहीं, एक फिल्म फ्लॉप होते ही स्टार के सितारे गर्दिश में चले जाते हैं। अब लंबे वक्त बाद सनी देओल ने एक बड़ी सफलता का स्वाद चखा है। उनकी हालिया रिलीज मूवी गदर 2 बॉक्स ऑफिस पर गदर मचा रही है। इस फिल्म की बड़ी सफलता पर बीती रात सनी देओल ने एक ग्रैंड सक्सेस पार्टी दी। जहां बॉलीवुड के सभी बड़े सितारे पहुंचे। इस दौरान कभी उनके दुश्मन रहे शाहरुख खान और आमिर खान ने भी धांसू एंट्री मारी। जिसके बाद सनी देओल दोनों सितारों को गले लगाते दिखे।
बॉलीवुड स्टार सनी देओल की मूवी गदर 2 के सक्सेस बैश में सुपरस्टार शाहरुख खान भी डैशिंग अंदाज में पहुंचे थे। जहां दोनों सितारों ने साथ तस्वीरें क्लिक करवाईं। जवान प्रमोशन के बीच वक्त निकालकर शाहरुख खान अपने पुराने दोस्त और को-स्टार सनी देओल की इस पार्टी में पहुंचे थे। इससे पहले दोनों के बीच काफी लंबे वक्त तक खट्टे रिश्ते रहे थे। अब बीती बातें भूल सुपरस्टार शाहरुख खान और सनी देओल ने एक दूसरे को बीती रात गदर 2 की सक्सेस पार्टी में गले लगा लिया। जिसकी तस्वीरें आग की तरह वायरल हो रही हैं।फिल्म स्टार शाहरुख खान इस खास मौके पर अपनी पत्नी गौरी खान के साथ पहुंचे थे। गौरी खान ने भी सनी देओल की मूवी गदर 2 देख उन्हें बधाई दी थी। सनी देओल ने इस खास मौके पर सुपरस्टार शाहरुख खान के साथ ढेर सारी तस्वीरें क्लिक करवाईं। जो 'तारा सिंह' के फैंस का भी दिल जीत ले गईं। दिलचस्प बात ये है कि इस दौरान सिर्फ शाहरुख खान ही नहीं, सनी देओल की सारी शिकायतें आमिर खान के साथ भी खत्म हो गईं।आमिर खान भी बीती रात गदर 2 की सक्सेस पार्टी में पहुंचे थे। जहां दोनों ने ढेर सारी तस्वीरें क्लिक करवाईं। इस दौरान सनी देओल को आमिर खान ने भी बधाई दी। आमिर खान को गदर 2 की सक्सेस बैश में देख सनी देओल खुशी से गदगद हो गए। उन्होंने यहां आमिर खान को भी गले से लगा लिया।इस दौरान दोनों के बीच ये प्यारी बॉन्डिंग फैंस का भी दिल जीत ले गईं। दोनों की ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गईं। -
मुंबई। बॉलीवुड के जाने-माने एक्टर आर माधवन को अभी हाल ही में फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) के नए अध्यक्ष के रूप में नामित किया गया। जिसके बाद से एक्टर काफी चर्चा में बने हुए है। आर माधवन अपनी पत्नी सरिता बिरजे के साथ अक्सर अपनी फोटोज शेयर करते रहते हैं। सरिता बिरजे और आर माधवन की इन तस्वीरों को फैंस काफी पसंद भी करते हैं। आर माधवन की पत्नी सरिता बिरजे एक कॉस्ट्यूम डिजाइनर के तौर पर काम करती है। लेकिन खबरों के मुताबिक एक्टर की पत्नी एक समय पर एयरहोस्टेस बनना चाहती थी।सरिता बिरजे और आर माधवन की शादी को 24 साल पूरे हो गए है। आर माधवन ने सरिता बिरजे संग साल 1999 में शादी की थी। आर माधवन ने सरिता बिरजे से लव मैरिज की थी। इन दोनों की पहली मुलाकात कोचिंग क्लासेस में हुई थी।
आर माधवन के बेटे वेदांत माधवन काफी हैंडसम है। एक्टर के बेटे की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होती रहती हैं। आर माधवन के बेटे वेदांत माधवन भारतीय तैराक हैं। जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर कई बार परिवार का नाम रोशन कर चुके हैं। आर माधवन अपनी मां से बेहद प्यार करते हैं। इसको लेकर एक्टर समय-समय पर इस्टाग्राम पर पोस्ट भी शेयर करते रहते हैं। आर माधवन के पिता अपनी सादगी के लिए काफी चर्चा में रहते हैं। खबरों के मुताबिक आर माधवन के पिता एक समय पर टाटा स्टील में काम किया करते थे।आर माधवन अपने इंस्टाग्राम पर अपने परिवार संग घूमने वाली तस्वीरें शेयर करते रहते है, जिसे उनके फैंस काफी पसंद करते हैं। आर माधवन का परिवार काफी डाउन टू अर्थ है। जिसकी वजह से वो अक्सर लोगों का दिल जीत लेते हैं। आर माधवन के परिवार की तस्वीरें खूब वायरल होती है। - मुंबई।पठान के जरिये बॉलीवुड के ऊपर अपनी बादशाहत फिर से काबिज करने के बाद शाहरुख खान एक बार फिर अपनी नई मूवी के साथ आने को तैयार हैं । शाहरुख खान की मोस्ट-अवेटेड फिल्म जवान की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है । हाल ही में एक प्रोमो में, शाहरुख खान ने स्टाइल में एलान किया कि टिकटों की बिक्री शुरू हो गई है । टिकट विंडो खुलने के कुछ समय के भीतर ही 40 हजार से ज्यादा टिकट बुक हो गए हैं ।फिल्म ट्रेड एनालिस्ट, मनोबाला विजयबालन ने X पर साझा किया कि शाहरुख जवान के साथ इतिहास रचेंगे। उन्होंने लिखा, “Jawan Trailer के बाद #JawanAdvanceBooking की शानदार शुरुआत हुई है। भारत में बुक माय शो पोर्टल से पिछले एक घंटे में 20.26K टिकट बेचे गए। जवान पठान के बाद शाहरुख खान के लिए दूसरा करोड़ ओपनर बनने के लिए तैयार है। इससे वह बॉलीवुड इतिहास में यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले अभिनेता बन जाएंगे। ” चेन्नई में, फिल्म के हिंदी एडिशन के टिकट तेजी से बिक रहे हैं और अजीब बात यह है कि यह स्पीड मुंबई की तुलना में चेन्नई में तेज है।जवान का प्री-रिलीज़ इवेंट चेन्नई में आयोजित किया गया था, जिसमें शाहरुख खान भी शामिल हुए थे। यह पहली बार है जब अभिनेता ने चेन्नई में प्री-रिलीज़ कार्यक्रम किया है। इवेंट में शाहरुख ने कहा कि उन्होंने किसी फिल्म के लिए इतना भव्य आयोजन पहले कभी नहीं देखा। यह कार्यक्रम सभी के लिए आश्चर्यजनक साबित हुआ क्योंकि बॉलीवुड अभिनेता के लिए भारी समर्थन था, जिन्होंने केवल एक तमिल फिल्म ‘हे राम’ में अभिनय किया था।ट्रेलर को लोगों ने किया है पसंदएटली द्वारा निर्देशित, जवान में विजय सेतुपति, प्रियामणि, सुनील ग्रोवर और नयनतारा भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। अनिरुद्ध रविचंदर ने फिल्म के लिए संगीत तैयार किया है। जवान का ट्रेलर हाल ही में रिलीज़ किया गया था जिसे कुछ ही घंटों में कई मिलियन बार देखा गया।
-
मुंबई. रक्षाबंधन के मौके पर दिग्गज अभिनेत्री सायरा बानो ने फिल्मी दुनिया की चकाचौंध से इतर अपने दिवंगत पति दिलीप कुमार और स्वरकोकिला लता मंगेशकर के बीच भाई-बहन के स्नेह भरे रिश्ते को याद किया। बानो ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें लता मंगेशकर को कुमार को राखी बांधते देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि काम की भारी व्यस्तता के बावजूद मंगेशकर हर रक्षाबंधन पर कुमार को राखी जरूर बांधती थीं। बानो ने कहा कि वह हर साल रक्षाबंधन पर मंगेशकर को एक साड़ी उपहार में देती थीं।
पुराने दिनों को याद करते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘भारतीय सिनेमा के कोहिनूर दिलीप साहब और भारतीय संगीत जगत की स्वरकोकिला लता मंगेशकर के बीच शानदार करियर की चकाचौंध से परे भाई-बहन का प्यार भरा रिश्ता था।'' बानो ने कहा, ‘‘कामकाज या यात्रा या किसी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता में व्यस्त होने के बावजूद, वे दोनों रक्षाबंधन पर एक-दूसरे से जरूर मिलते थे और लताजी (दिलीप) साहब के हाथ पर पवित्र राखी बांधती थीं।'' उन्होंने कहा कि कुमार और मंगेशकर लोकल ट्रेन में यात्रा करते थे और अपने ‘‘विचार, अनुभव साझा करते थे और एक-दूसरे से सलाह लेते थे।'' बानो ने कहा, ‘‘ऐसी ही एक यात्रा के दौरान दिलीप साहब ने लताजी से उर्दू के सही उच्चाहरण के महत्व का जिक्र किया और कहा कि कैसे नुक्ता जैसी एक सरल चीज भी शब्दों को सुंदर बना देती है... हर मायने में एक आज्ञाकारी बहन लताजी ने उनकी सलाह पर ध्यान दिया और एक उर्दू पढ़ाने वाले की सहायता ली।'' उन्होंने कहा कि फिल्मी दुनिया के दोनों दिग्गजों के बीच का बंधन ‘आखिर तक'' बरकरार रहा।
बानो ने कहा, लताजी अक्सर दिलीप साहब से मिलने हमारे घर आती थीं और वे दोपहर का खाना या रात का खाना एक साथ खाते थे। पिछली बार जब वह यहां आई थीं, तो उन्होंने प्यार से दिलीप साहब को अपने हाथों से खाना खिलाया था।'' दिलीप कुमार का जुलाई 2021 में निधन हो गया और मंगेशकर का 2022 में फरवरी में निधन हो गया। -
मुंबई. अमेरिका की मशहूर कॉमिक पुस्तक श्रृंखला ‘‘द आर्चीज'' पर आधारित इसी नाम से जोया अख्तर के निर्देशन वाली लाइव-एक्शन फिल्म सात दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। ‘द आर्चीज' से सुपरस्टार शाहरुख खान और गौरी खान की बेटी सुहाना खान, श्रीदेवी और फिल्म निर्माता बोनी कपूर की बेटी खुशी कपूर और मेगास्टार अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा अभिनय के क्षेत्र में पदार्पण कर रहे हैं। फिल्म निर्माताओं के अनुसार, 1960 के दशक की पृष्ठभूमि में बनी यह फिल्म आर्ची, बेट्टी, वेरोनिका, जगहेड, रेगी, एथेल और डिल्टन की जिंदगियों के जरिए दोस्ती, आजादी, प्यार, तकरार और विद्रोह को दिखाती है। यह दर्शकों को काल्पनिक पर्वतीय शहर रिवरडेल की सैर कराएगी। फिल्म के कलाकारों ने मुंबई के पश्चिमी द्रुतगति महामार्ग (वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे) पर एक ‘लाइव बिलबोर्ड' के जरिए जोया अख्तर के साथ इसकी रिलीज की तारीख की घोषणा की। बिलबोर्ड में नेटफ्लिक्स पर फिल्म के रिलीज होने में बचे दिनों के लिए उल्टी गिनती शुरू की गयी है। अख्तर ने फिल्म निर्माता रीमा कागती और आयशा देवित्रे के साथ मिलकर इस फिल्म की कहानी भी लिखी है। ‘द आर्चीज' का प्रोडक्शन नेटफ्लिक्स इंडिया, अख्तर और कागती के टाइगर बेबी, आर्ची कॉमिक्स और ग्राफिक इंडिया ने किया है।
-
मुंबई। बॉलीवुड एक्टर सनी देओल इन दिनों अपनी फिल्म 'गदर 2' की सक्सेस को एंजॉय कर रहे हैं। इस फिल्म ने अब तक 460.55 करोड़ रुपये की शानदार कमाई कर ली है। अब हाल ही में सनी देओल 'रक्षाबंधन' के मौके पर अपनी महिला फैंस से राखी बंधवाने के लिए पहुंचें, जहां से उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं। इन फोटोज में 'गदर 2' के 'तारा सिंह' बहनों से राखी बंधवाकर काफी खुश नजर आ रहे हैं। तस्वीरों में सनी देओल व्हाइट कलर की टी-शर्ट और डेनिम में नजर आ रहे हैं, इसके साथ ही उन्होंने अपने सिर पर कैप लगा रखी है।
-
बेंगलुरु. अभिनेता रजनीकांत मंगलवार को शहर में बेंगलुरु महानगर परिवहन निगम (बीएमटीसी) के उस बस स्टैंड पर पहुंचकर यादों में खो गए, जहां उन्होंने कभी बस कंडक्टर के रूप में काम किया था। रजनीकांत (72) ने जयनगर के बस स्टैंड पर पहुंचकर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया और बेहद खुश दिख रहे बीएमटीसी के वाहन चालकों, कंडक्टरों और अन्य कर्मचारियों के साथ कुछ समय बिताया। शिवाजी राव गायकवाड़ एक समय इस शहर में बस कंडक्टर के रूप में काम करते थे, तब महान तमिल निर्देशक दिवंगत के. बालचंदर की नजर उनपर पड़ी और उन्हें रजनीकांत नाम दिया। उन्हें साल 1975 में आई फिल्म ‘अपूर्वा रागंगल' में पदार्पण का मौका मिला, जो हिट रही। फिल्म में कमल हासन ने भी अभिनय किया था। रजनीकांत के वहां पहुंचने पर बीएमटीसी के यातायात पारगमन प्रबंधन केंद्र (टीटीएमसी) के कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया और उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। रजनीकांत ने कुछ देर उनसे बात की और तस्वीरें भी खिंचवाईं। अभिनेता यहां राघवेंद्र स्वामी मठ भी गए। रजनीकांत ने फिल्म 'श्री राघवेंद्रर' में मुख्य भूमिका निभाई थी, जो माधव संप्रदाय के 16वीं-17वीं शताब्दी के संत-कवि के जीवन पर आधारित थी। सूत्रों ने कहा कि रजनीकांत का बचपन बेंगलुरु में बीता था और वह 22 साल की उम्र तक शहर में रहे, जिसके बाद फिल्मी करियर को आगे बढ़ाने के लिए चेन्नई स्थानांतरित हो गए। चेन्नई जाने से पहले, उन्होंने पूर्ववर्ती बैंगलोर परिवहन सेवा (बीटीएस) में एक कंडक्टर के रूप में काम किया था, जिसे अब बीएमटीसी के नाम से जाना जाता है। रजनीकांत नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी फिल्म ‘जेलर' के साथ दो वर्ष बाद बड़े पर्दे पर नजर आए हैं। फिल्म इस महीने की शुरुआत में रिलीज हुई थी और बताया जा रहा है कि यह अच्छी कमाई कर चुकी है।
- श्रीनगर। मिस वर्ल्ड कैरोलिना बिलावस्का ने कहा है कि अगर मौका मिलता है तो वह पूर्व मिस वर्ल्ड व अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के साथ काम करना चाहेंगी। मिस वर्ल्ड ऑर्गेनाइजेशन की अध्यक्ष व सीईओ जूलिया मोरले के साथ कश्मीर की एक दिवसीय यात्रा पर आईं पोलैंड में जन्मीं बिलावस्का ने प्रियंका को एक “बड़ी हस्ती” बताया। बिलावस्का ने प्रियंका चोपड़ा के साथ काम करने के बारे में पूछे जाने पर कहा, “यह एक सपना सच होने के समान होगा। वह एक अद्भुत मिस वर्ल्ड, एक बड़ी हस्ती और एक बेहतरीन फिल्म स्टार हैं। यह मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान होगा।” प्रियंका ने साल 2000 में मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया था।इस साल के अंत में प्रतियोगिता के लिए भारत को मेजबान के तौर पर चुनने के बारे में पूछे जाने पर बिलावस्का ने कहा भारत की मशहूर मेहमान नवाजी के कारण ऐसा हुआ है। वह विविध भारतीय व्यंजनों की मुरीद हैं।उन्होंने कहा, “हमने महसूस किया कि भारतीय लोग अपने आतिथ्य के लिए प्रसिद्ध हैं। हम जहां भी जाते हैं, वे हमारा बहुत अच्छे से स्वागत करते हैं और भारत बहुत विविधतापूर्ण है, लेकिन लोगों के दिलों में मूल्य हमेशा एक जैसे हैं। यह अच्छाई और दयालुता वाला देश है। हम वास्तव में यहां घर जैसा महसूस कर रहे हैं।”
- मुंबई। प्रख्यात फिल्म निर्देशक और कई सुपरहिट फिल्मों के निर्माता विजय आनंद की पत्नी सुषमा आनंद का यहां 84 वर्ष की उम्र में मुंबई उपनगर में स्थित उनके आवास पर दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनके प्रबंधक ने यह जानकारी दी। सुषमा का निधन रविवार दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच बांद्रा के पाली हिल इलाके में स्थित उनके आवास पर हुआ।केतनव स्टूडियो के प्रबंधक कुक्कू शिवपुरी ने बताया, ”बढ़ती उम्र की वजह से उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं था लेकिन उन्हें किसी तरह की कोई समस्या नहीं थी। वह अपना दोपहर का भोजन करने के लिए कुर्सी पर बैठने ही जा रही थीं कि तभी वह गिर पड़ीं। उनके घर के सहायक और बेटा वैभव वहां आए और उनसे बात करने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। वे आनन-फानन में उन्हें होली फैमिली अस्पताल लेकर गए। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया और बताया कि दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ है।”अभिनेत्री तब्बू और किरण कुमार, सुषमा आनंद को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए उनके आवास पर पहुंचे।सुषमा आनंद के पति विजय आनंद को गोल्डी आनंद के नाम से भी जाना जाता है। विजय आनंद ‘गाइड’, ‘ज्वेल थीफ़’, ‘काला बाजार’ और अन्य फिल्मों के दमदार निर्देशन के लिए मशहूर थे। उनका 2004 में 70 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। विजय, दिवंगत स्टार देव आनंद और निर्माता-निर्देशक चेतन आनंद के भाई थे।विजय आनंद ने ‘तेरे घर के सामने’, ‘तीसरी मंजिल’ और ‘जॉनी मेरा नाम’ जैसी फिल्मों का भी निर्देशन किया था।सुषमा आनंद का अंतिम संस्कार सांताक्रुज श्मशान में सोमवार को सुबह उनके बेटे वैभव द्वारा किया गया।
- वाराणसी । ‘वसुधैव कुटुम्बकम्' की सच्ची भावना को सार्थक कर उत्तर प्रदेश के वाराणसी में जी20 सदस्य देशों तथा आमंत्रित देशों के 101 संगीतकार और गायक एकजुट हुए और ऑर्केस्ट्रा प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘सुर वसुधा' शीर्षक वाले जी20 ऑर्केस्ट्रा का प्रदर्शन शहर में संस्कृति मंत्रियों की बैठक के समापन के अवसर पर शनिवार रात प्रभावशाली समूह की भारत की अध्यक्षता में किया गया। कलाकारों में भारत के 61 संगीतकार और गायक तथा जी20 देशों और आमंत्रित देशों के 41 संगीतकार और गायक शामिल रहे। सभी अपने पारंपरिक वाद्ययंत्र लेकर आए और उन्होंने संगीत के प्राचीन शहर बनारस में पूर्ण सामंजस्य के साथ वादन किया। यहां हुए इस आयोजन में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और मीनाक्षी लेखी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा बड़ी संख्या में जी20 प्रतिनिधि और संस्कृति मंत्रालय के अधिकारी शामिल हुए। अपनी पारंपरिक वेशभूषा पहनकर प्रत्येक गायक ने अपनी-अपनी भाषा में एक सुर में ‘वसुधैव कुटुम्बकम्' गाया। इस दौरान पृष्ठभूमि में एक विशाल स्क्रीन पर दुनियाभर के लोगों के मुस्कराते चेहरों के दृश्य दिखाए जा रहे थे जिससे मंच पर जादू बिखर रहा था।संगीत कार्यक्रम समाप्त होने के तुरंत बाद गायिका एलोनारा बियानचिनी ने कहा, ‘‘यह बहुत सुंदर और विशेष क्षण था। हर किसी को एक-दूसरे को जानने और उनकी संस्कृति के बारे में जानने तथा साझा करने का अवसर मिला।'' चीन की गायिका मैंडी चान ने कहा, ‘‘यह मेरे लिए अद्भुत और शानदार था। मैं इस आयोजन का हिस्सा बनकर खुश हूं। यह मेरी भारत की पहली यात्रा है और मेरी इच्छा है कि मुझे जल्द ही फिर से भारत आने का मौका मिले।'' गायक सौम्यजीत दास और पियानोवादक सौरेंड्रो द्वारा इस कार्यक्रम के लिए संगीत तैयार किया गया था। वे दोनों भी ऑर्केस्ट्रा समूह का हिस्सा रहे। सौम्यजीत दास ने कहा, ‘‘हमें (उन्हें और सौरेंड्रो को) संस्कृति मंत्रालय द्वारा इस ऑर्केस्ट्रा की रचना, निर्देशन और संचालन करने की जिम्मेदारी दी गई थी। हमने पिछले छह-सात महीनों तक इसके लिए काम किया और इस प्रदर्शन को आप सभी के सामने लेकर आए।'' इस मौके पर केंद्रीय मंत्री मेघवाल और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने मंच पर ब्राजील के कलाकारों को औपचारिक ‘बैटन' सौंपा।
- मुंबई । अभिनेता सलमान खान ने कहा है कि बॉलीवुड में उनके 35 साल पैंतीस दिनों की तरह बीत गये। उन्होंने इस अहम पड़ाव का जश्न मनाया और दर्शकों को उनके प्यार के लिये धन्यवाद दिया। खान (57) ने अपनी फिल्मी सफर की शुरुआत 1988 में रिलीज हुई फिल्म "बीवी हो तो ऐसी" से की थी। इस फिल्म को रिलीज हुए 22 अगस्त, 2023 को 35 साल पूरे हो गये। इसके बाद, उन्होंने 29 दिसंबर, 1989 को रिलीज हुई फिल्म "मैंने प्यार किया" में बतौर मुख्य अभिनेता के रूप में भूमिका निभाई थी। सलमान ने शनिवार को एक वीडियो साझा की जिसमें उनकी फिल्मों के क्लिप शामिल थे। वीडियो में "मैंने प्यार किया", "हम आपके हैं कौन..!", "हम दिल दे चुके सनम", "दबंग", "सुल्तान", "एक था टाइगर", "वांटेड" और "किसी का भाई किसी की जान" जैसी फिल्मों के दृश्य शामिल थे। सलमान खान ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, ‘‘पैंतीस साल 35 दिनों की तरह बीत गये। आपके प्यार के लिये धन्यवाद।" सलमान खान अपनी अगली फिल्म 'टाइगर 3' में नजर आएंगे।
-
मुंबई. आयुष्मान खुराना अभिनीत फिल्म ड्रीम गर्ल 2 ने रिलीज के पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 10.69 करोड़ रुपये की कमाई की है। फिल्म निर्माताओं ने शनिवार को यह जानकारी दी। राज शांडिल्य द्वारा निर्देशित 'ड्रीम गर्ल 2' खुराना की 2019 की इसी शीर्षक वाली हिट फिल्म की अगली कड़ी है। फिल्म में आयुष्मान खुराना और अनन्या पांडे मुख्य किरदार में हैं। फिल्म निर्माताओं द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह फिल्म आयुष्मान खुराना की रिलीज के पहले दिन कमाई करने वाली सबसे बड़ी फिल्म बन गई है। इससे पहले 2019 में रिलीज हुई फिल्म बाला ने पहले दिन 10.15 करोड़ रुपये की कमाई की थी। अभिनेता ने एक बयान में कहा, कमाई के मामले में फिल्मी करियर की सर्वश्रेष्ठ शुरुआत ड्रीम गर्ल 2 के साथ करना आश्चर्यजनक लगता है। ड्रीम गर्ल एक फ्रेंचाइजी है जिसने मुझे बहुत प्यार दिया और मैं ड्रीम गर्ल 2 को बॉक्स ऑफिस पर मिली शुरुआत से वास्तव में खुश हूं। उन्होंने कहा, लोगों को सिनेमाघरों में लाना और उन्हें एक अच्छा समय बिताने का अनुभव कराना अच्छा लगता है। ड्रीम गर्ल 2 एक ऐसी फिल्म है जो लोगों का भरपूर मनोरंजन करती है। इस फिल्म को देखकर लोग दिल खोलकर हंसेंगे। मुझे यह जानकर अच्छा कि फिल्म ने अच्छी शुरुआत की है और यह लोगों की उम्मीदों पर खरी उतरी है। इस फिल्म में परेश रावल, अन्नू कपूर, राजपाल यादव, विजय राज, असरानी, अभिषेक बनर्जी, मनजोत सिंह और सीमा पाहवा भी हैं। फिल्म का निर्माण एकता आर. कपूर की बालाजी मोशन पिक्चर्स द्वारा किया गया है।
- नयी दिल्ली। जब बहुप्रतीक्षित ‘एक्शन' फिल्म 'जवान' की रिलीज में कुछ दिन बचे हैं, इसके अभिनेता शाहरुख खान ने शनिवार को अपने प्रशंसकों से वादा किया कि फिल्म का ‘ट्रेलर' जल्द ही जारी किया जाएगा। अभिनेता ने एटली द्वारा निर्देशित आगामी फिल्म को प्रोत्साहित करने के लिए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर अपने प्रशंसकों और ‘फॉलोअर्स' के साथ एक प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया। शाहरुख ने अपने प्रशंसकों के साथ बातचीत के दौरान, फिल्म के नये गाने ‘‘नॉट रमैया वस्तवैया'' का ‘टीज़र' भी जारी किया। फिल्म 'जवान' के ‘ट्रेलर' को लेकर शाहरुख से कई सवाल किये गए। यह फिल्म सात सितंबर को हिंदी, तमिल और तेलुगु में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म की टीम ने अब तक एक 'पूर्व समीक्षा' जारी की है, जो दो मिनट की क्लिप है, जिसमें फिल्म के साथ ही दो गानों- "जिंदा बंदा" और "चलेया" की भी पहली झलक दिखाई गई है। जब एक प्रशंसक ने ट्रेलर के बारे में पूछा तो शाहरुख ने सवाल किया, "ट्रेलर नहीं आएगा तो पिक्चर नहीं देखोगे क्या? ट्रेलर ट्रेलर ट्रेलर। आ जाएगा भाई सांस तो लेले।'' शाहरुख ने तब मजाकिया अंदाज में जवाब दिया जब एक अन्य प्रशंसक ने उनसे पूछा कि अगर ट्रेलर खराब निकला तो क्या उन्हें फिल्म देखनी चाहिए। खान ने कहा, "भाई जिंदगी में सकारात्मकता रख ना...सोशल मीडिया वाला टाइप लग रहा है...निगेटिविटी निगेटिविटी। सकारात्मक रहो, तुम ज्यादा खुश रहोगे।'' अंत में, अभिनेता ने "नॉट रमैया वस्तवैया" का टीज़र जारी किया।
- मुंबई। आयुष्मान खुराना अभिनीत फिल्म ‘ड्रीम गर्ल 2’ ने रिलीज के पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 10.69 करोड़ रुपये की कमाई की है। फिल्म निर्माताओं ने शनिवार को यह जानकारी दी।राज शांडिल्य द्वारा निर्देशित ‘ड्रीम गर्ल 2’ खुराना की 2019 की इसी शीर्षक वाली हिट फिल्म की अगली कड़ी है। फिल्म में आयुष्मान खुराना और अनन्या पांडे मुख्य किरदार में हैं।फिल्म निर्माताओं द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह फिल्म आयुष्मान खुराना की रिलीज के ‘पहले दिन कमाई करने वाली सबसे बड़ी फिल्म’ बन गई है। इससे पहले 2019 में रिलीज हुई फिल्म ‘बाला’ ने पहले दिन 10.15 करोड़ रुपये की कमाई की थी।अभिनेता ने एक बयान में कहा, ‘कमाई के मामले में फिल्मी करियर की सर्वश्रेष्ठ शुरुआत ‘ड्रीम गर्ल 2’ के साथ करना आश्चर्यजनक लगता है। ‘ड्रीम गर्ल’ एक फ्रेंचाइजी है जिसने मुझे बहुत प्यार दिया और मैं ‘ड्रीम गर्ल 2′ को बॉक्स ऑफिस पर मिली शुरुआत से वास्तव में खुश हूं।’उन्होंने कहा, ‘लोगों को सिनेमाघरों में लाना और उन्हें एक अच्छा समय बिताने का अनुभव कराना अच्छा लगता है। ‘ड्रीम गर्ल 2′ एक ऐसी फिल्म है जो लोगों का भरपूर मनोरंजन करती है। इस फिल्म को देखकर लोग दिल खोलकर हंसेंगे। मुझे यह जानकर अच्छा कि फिल्म ने अच्छी शुरुआत की है और यह लोगों की उम्मीदों पर खरी उतरी है।’इस फिल्म में परेश रावल, अन्नू कपूर, राजपाल यादव, विजय राज, असरानी, अभिषेक बनर्जी, मनजोत सिंह और सीमा पाहवा भी हैं। फिल्म का निर्माण एकता आर. कपूर की बालाजी मोशन पिक्चर्स द्वारा किया गया है।









.jpeg)



.jpg)
.jpg)


.jpg)

.jpg)
.jpg)

.jpg)

.jpg)
.jpg)

