सेवा संकल्प अभियान के तहत कमकासुर सहित विभिन्न गांवों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित
- मातृ संवाद, पौधारोपण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कार्यकर्ता-सहायिकाओं का हुआ सम्मान, बच्चों को कराया गया नेवता भोज
मोहला । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सेक्टर खड़गांव एवं सेक्टर कोहका के अंतर्गत विभिन्न ग्रामों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, संस्कार एवं सर्वांगीण विकास के साथ-साथ माताओं एवं महिलाओं को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा।
सेक्टर खड़गांव अंतर्गत ग्राम गुबियागढ़ कमकासुर में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर संगीता मिश्रा, फकीर शाह नेताम, यशवंत लाल साहू, सरपंच श्री शिव कुमार बोगा, पंचगण, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी समीर सौरभ, सीडीपीओ अर्चना सहित गांव के प्रधान, पटेल एवं प्रतिष्ठित नागरिक उपस्थित रहे।
जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के प्रारंभिक विकास, पोषण, शिक्षा और संस्कार की मजबूत नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के साथ माताओं एवं महिलाओं तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना भी है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी बढ़ाने तथा शासन की योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिन दीदियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में इनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मौके पर आंगनबाड़ी केंद्रों में सेवाएं प्रदान कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिन दीदियों को उनके समर्पण, सेवाभाव एवं ग्रामीण स्तर पर महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम में माताओं एवं महिलाओं के साथ मातृ संवाद का आयोजन किया गया। संवाद के दौरान बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं देखभाल से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई तथा महिलाओं को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। माताओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित पात्र हितग्राहियों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों एवं उपस्थित ग्रामीणों के लिए नेवता भोज का आयोजन किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया। इस दौरान बच्चों के साथ आत्मीयता से संवाद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
बच्चों ने दी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
आंगन मिलन कार्यक्रम में आंगनबाड़ी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, बाल गीत, खेलकूद एवं अन्य मनोरंजक गतिविधियों की प्रस्तुति दी गई। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया गया तथा खेल सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। अतिथियों एवं ग्रामीणों ने मिलकर पौधे लगाए तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया।
सेक्टर कोहका के विभिन्न गांवों में भी हुआ आयोजन
इसी क्रम में सेक्टर कोहका अंतर्गत तेरे गांव पटेलपारा, जामड़ी, डुंगेली एवं ग्राम कोंडाल में भी सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच श्री बैसु राम नरेटी एवं पंच श्री प्रभु दास तिर्की सहित गांव के प्रधान, पटेल एवं प्रतिष्ठित नागरिक उपस्थित रहे। इन ग्रामों में भी मातृ संवाद, पौधारोपण, बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद एवं बाल गीत प्रस्तुति, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका एवं मितानिन दीदियों का सम्मान तथा नेवता भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।









.jpeg)


Leave A Comment