आपस में कभी शेयर न करें ये 5 पर्सनल आइटम, इंफेक्शन का बढ़ सकता है खतरा
कई लोग बिना सोचे-समझे आपस में कई ऐसी चीजें शेयर करते हैं, जो इंफेक्शन का कारण बन सकती हैं और कई समस्याएं भी हो सकती हैं। यहां डॉक्टर से जानिए, कौन-सी चीजें शेयर नहीं करनी चाहिए?
1. तौलिया किसी के साथ शेयर न करें
तौलिया शरीर के सीधे संपर्क में आती है और इस्तेमाल के बाद इसमें नमी बनी रह सकती है। अगर किसी व्यक्ति को स्किन डिजीज या स्किन से जुड़ा इंफेक्शन है, तो एक ही तौलिया इस्तेमाल करने से इंफेक्शन फैलने की संभावना बढ़ सकती है। खासकर चेहरा पोंछने वाला तौलिया, नहाने का तौलिया और पैरों के लिए इस्तेमाल होने वाला तौलिया अलग रखना बेहतर है। तौलिया नियमित रूप से धोकर अच्छी तरह धूप में सुखाना भी जरूरी है। गीले तौलिये को लंबे समय तक बंद या नम जगह पर रखने से उसमें बैक्टीरिया के पनपने की संभावना बढ़ सकती है। तौलिये की साफ-सफाई (हाइजीन) न रखने से सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है।
तौलिये जल्दी गीले होने और नमी के कारण बैक्टीरिया, फंगस और वायरस का घर बन जाते हैं, जिससे इंफेक्शन फैलने का खतरा रहता है।सर्वे के नतीजे बताते हैं कि ज्यादातर लोग तौलिया इस्तेमाल करते समय सही स्वच्छता नियमों का पालन नहीं करते। इसलिए, सेहतमंद रहने और बीमारियों से बचने के लिए यह जरूरी है कि हम अपने तौलिये को हमेशा साफ और सूखा रखें और समय पर बदलें।
2. टूथब्रश शेयर न करें
टूथब्रश ऐसी चीज है जिसका इस्तेमाल सीधे मुंह के अंदर होता है, ब्रश करने के दौरान मसूड़ों से हल्का खून भी निकल सकता है। इसलिए दूसरे व्यक्ति का टूथब्रश इस्तेमाल करने से मुंह में मौजूद सूक्ष्मजीवों यानी माइक्रो ऑर्गेनिज्म के संपर्क में आने का जोखिम हो सकता है। घर में किसी सदस्य का टूथब्रश गलती से इस्तेमाल हो जाए तो उसे दोबारा इस्तेमाल करने के बजाय नया टूथब्रश लेना बेहतर है। बच्चों को भी कम उम्र से समझाना चाहिए कि अपना टूथब्रश किसी के साथ शेयर नहीं करना है।दांतों की सेहत और स्वच्छता के लिए टूथब्रश की सही देखभाल बहुत जरूरी है।
ब्रश को कभी किसी के साथ शेयर न करें, इस्तेमाल के बाद इसे साफ पानी से धोएं और हमेशा हवा में सूखने के लिए सीधा रखें। ब्रश के खराब या मुड़े हुए होने पर इसे हर 3 से 4 महीने में जरूर बदल दें।
हालांकि ब्रश में बैक्टीरिया पनपना आम बात है, लेकिन इंफेक्शन से बचने के लिए इसे साफ रखना और समय पर बदलना बेहद जरूरी है। माइक्रोवेव या डिशवॉशर में ब्रश साफ करने से बचें।
3. रेजर और शेविंग ब्लेड शेयर न करें
रेजर और शेविंग ब्लेड स्किन को काट या खरोंच सकते हैं, कभी-कभी इस्तेमाल के दौरान बहुत मामूली कट लग जाता है, जिसका पता भी नहीं चलता। ऐसे में रेजर शेयर करने से एक व्यक्ति के ब्लड के संपर्क में दूसरे व्यक्ति के आने का जोखिम हो सकता है। इसलिए शेविंग रेजर, ब्लेड को हमेशा अलग रखना चाहिए। किसी दूसरे व्यक्ति का इस्तेमाल किया हुआ ब्लेड या रेजर लेना सही नहीं होता है।
4. पानी की बोतल शेयर न करें
एक ही बोतल से कई लोगों का पानी पीना भी अच्छी आदत नहीं मानी जाती है। बोतल के मुंह पर लार का संपर्क होता है और इसे बार-बार शेयर करने से मुंह और गले से जुड़े इंफेक्शन के फैलने का जोखिम बढ़ सकता है। इसलिए घर, ऑफिस, स्कूल या जिम में अपनी पानी की बोतल अलग रखें। बोतल को रोजाना अच्छी तरह धोना भी जरूरी है।
5. कंघा
कंघा या हेयरब्रश सीधे बालों और स्कैल्प के संपर्क में आते हैं, अगर किसी व्यक्ति के सिर में जूं, फंगल इंफेक्शन या स्किन से जुड़ी कोई समस्या है, तो कंघा शेयर करने से उसके फैलने का खतरा हो सकता है। खासकर बच्चों के बीच कंघा शेयर करने की आदत को रोकना चाहिए। परिवार में हर व्यक्ति की अपनी कंघी या हेयरब्रश होना बेहतर है। इसे समय-समय पर साफ करना भी जरूरी है।
हर इंफेक्शन केवल चीजें शेयर करने से नहीं फैलता और किसी वस्तु को शेयर करने से इंफेक्शन होना निश्चित भी नहीं है लेकिन कुछ पर्सनल आइटम स्किन, बाल या मुंह के सीधे संपर्क में आते हैं। इसलिए इन्हें अलग रखना इंफेक्शन से बचाव के लिए एक आसान और पर्सनल हाइजीन आदत हो सकती है। खासकर अगर परिवार में किसी व्यक्ति को स्किन, बाल, मुंह या आंखों से जुड़ा इंफेक्शन है, तो व्यक्तिगत इस्तेमाल की चीजें अलग रखना और भी जरूरी हो जाता है।

.jpg)


.jpg)




.jpeg)
Leave A Comment