ब्रेकिंग न्यूज़

 विधिक सेवा दिवस के उपलक्ष्य पर दुर्ग जिले में सप्ताहव्यापी जागरूकता अभियान

0- जन-जन तक निःशुल्क न्याय का संदेश पहुंचाने हेतु DLSA दुर्ग की विशेष पहल 
0- दुर्ग जिले में सप्ताहभर होंगे विधिक जागरूकता कार्यक्रम एवं साक्षरता शिविर
दुर्ग. राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग द्वारा दिनांक 09 नवंबर 2026 को मनाए जाने वाले विधिक सेवा दिवस के अवसर पर पूरे सप्ताह जिलेभर में व्यापक स्तर पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम एवं विधिक साक्षरता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत दुर्ग जिले के दुर्ग, पाटन, भिलाई-3 एवं धमधा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अधिक से अधिक ग्रामों, शहरी बस्तियों, विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पहुंचकर आम नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों एवं कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इन कार्यक्रमों का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग के अध्यक्ष श्री के. विनोद कुजूर के मार्गदर्शन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग के सचिव उमेश कुमार भागवतकर के समन्वय से किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जिले के पैरा लीगल वॉलंटियर्स (PLV) सक्रिय रूप से सहभागिता निभाते हुए विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर आम नागरिकों को विधिक जानकारी प्रदान कर रहे हैं तथा उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
विधिक सेवा दिवस मनाने का प्रमुख उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना, आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर, वंचित तथा जरूरतमंद व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना और आम नागरिकों में न्यायिक व्यवस्था के प्रति विश्वास को मजबूत बनाना है। 
आयोजित विधिक जागरूकता कार्यक्रमों एवं शिविरों में नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, लोक अदालत, मध्यस्थता, पीड़ित प्रतिकर योजना, महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, बाल विवाह निषेध, घरेलू हिंसा से संरक्षण, श्रमिकों के अधिकारों तथा साइबर अपराधों से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्रदान की जा रही है। साथ ही आम नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, उपलब्ध कानूनी उपचारों एवं संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए उचित विधिक मंच की जानकारी भी दी जा रही है।
पैरा लीगल वॉलंटियर्स द्वारा घर-घर, गांव-गांव एवं सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद स्थापित किया जा रहा है। उन्हें बताया जा रहा है कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क अधिवक्ता एवं विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके अतिरिक्त जरूरतमंद व्यक्तियों को उनकी समस्याओं के अनुसार संबंधित विभागों एवं सक्षम संस्थाओं तक पहुंचने के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया जा रहा है। शिविरों के माध्यम से लोगों को विधिक सेवा प्राधिकरण की सेवाओं, हेल्पलाइन एवं शिकायत निवारण की प्रक्रियाओं से भी अवगत कराया जा रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग द्वारा आयोजित इस सप्ताहव्यापी अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी नागरिक जानकारी के अभाव में अपने विधिक अधिकारों एवं न्याय प्राप्त करने के अवसरों से वंचित न रहे। इसके लिए पैरा लीगल वॉलंटियर्स द्वारा निरंतर जनसंपर्क एवं जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, ताकि विधिक सहायता एवं न्याय की अवधारणा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english