नहीं रहे दिलीप कुमार, 98 साल की उम्र में निधन
मुंबई। हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे चहेते कलाकारों में से एक दिलीप कुमार का आज सुबह 98 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और मुंबई के हिंदुजा हॉस्पिटल में भर्ती थे। दिलीप कुमार के डॉक्टर जलील पारकर ने निधन की खबर की पुष्टि की है। दिलीप कुमार का अंतिम संस्कार आज मुंबई के सांताक्रूज कब्रिस्तान में किया जाएगा।
हालांकि दिलीप कुमार की पत्नी सायरा बानो ने एक दिन पहले बताया था कि उनकी सेहत में सुधार हो रहा है लेकिन आज सुबह उनका निधन हो गया।
दिलीप कुमार का असली नाम मोहम्मद यूसुफ खान था और उनका जन्म अविभाजित भारत के पेशावर में 11 दिसंबर 1922 को हुआ था। उन्होंने साल 1944 में फिल्म 'ज्वारभाटा' से बॉलिवुड डेब्यू किया था। इसके बाद दिलीप कुमार बॉलीवुड के सुपरस्टार बने और उन्होंने एक से बढ़कर एक फिल्में दीं। दिलीप कुमार को बॉलिवुड का 'ट्रेजिडी किंग' का नाम दिया गया था। उन्होंने अपने करियर में शहीद, मेला, अंदाज, जोगन, बाबुल, दाग, आन, देवदास, आजाद, नया दौर, मधुमती, पैगाम, कोहिनूर, मुगल-ए-आजम, गंगा जमुना, राम और श्याम, आदमी, गोपी, क्रांति, शक्ति, विधाता, कर्मा और सौदागर जैसी एक से बढ़कर एक बेहतरीन फिल्में दी थीं।
राजकपूर, देवआनंद और दिलीप कुमारी की तिकड़ी अपने दौर में बहुत मशहूर थी। ये तीनों जितने अच्छे अभिनेता थे, उतने ही अच्छे दोस्त थे। राजकपूर और देवसाहब तो पहले ही इस दुनिया को अलविदा कह गए और अब दिलीप कुमार ने भी इस संसार से विदा ले ली।
Leave A Comment