40 की उम्र के बाद चलते समय हो रहा है टखनों में दर्द? कारण हो सकती हैं ये गलतियां
क्या आपको भी चलते समय टखनों (एंकल) में दर्द होता है? इसके पीछे कई कारण या लाइफस्टाइल से जुड़ी गलतियां हो सकती हैं। इस लेख में हम ऐसी ही 5 गलतियों के बारे में बात करेंगे।
1. कैल्शियम रिच डाइट न लेना
40 की उम्र के बाद हड्डियां अपनी ताकत खोने लगती हैं। इसी कारण ज्यादातर लोगों को हड्डियों से जुड़ी शिकायत शुरू हो जाती है। इसका कारण है कैल्शियम रिच डाइट का सेवन न करना। कैल्शियम की कमी दूर करने के लिए नट्स का सेवन करें। अखरोट, पिस्ता, मूंगफली, अंजीर में कैल्शियम की अच्छी मात्रा होती है। तिल के बीज, चिया सीड्स में भी कैल्शियम होता है। इन चीजों को अपनी डाइट में शामिल करेंं। इसके अलावा डेयरी प्रोडक्ट्स को डाइट में एड करें। दही और पनीर सेहत के लिए फायदेमंद आहार हैं।
2. वजन कंट्रोल न करना
वजन ज्यादा है, तो चलते समय टखनों में या एंकल में दर्द उठ सकता है। 40 की उम्र के बाद वेट मैनेजमेंट पर गौर करें। वजन कंट्रोल करके आप शरीर को कई तरह से फिट रख सकते हैं। ज्यादा वजन का भार हड्डियों पर पड़ता है। लंबे समय तक हड्डियों पर वजन का भार पड़ने से हड्डियां कमजोर होने लगती हैं। जिन लोगों का वजन ज्यादा होता है, उन्हें चलते समय हड्डियों का फ्रैक्चर भी हो सकता है। 40 की उम्र के बाद संतुलित आहार का सेवन करें, तेल और मसालों से दूर रहें और रोजाना एक्सरसाइज करें जिससे वजन कंट्रोल रहेगा।
3. आरामदायक जूते न पहनना
निजी अनुभव के आधार पर मैं ये कह सकती हूं कि आपको चलने के लिए आरामदायक जूतों का चयन करना चाहिए। ऐसा न करने पर चलते-चलते भी फ्रैक्चर हो सकता है। मेरे पेरेंट्स को अलग-अलग मौकों पर एंकल फ्रैक्चर हुआ है। दोनों ही समय फ्रैक्चर का सबसे बड़ा कारण था आरामदायक जूते न पहनना। चलने के दौरान पैर में उठने वाले दर्द का कारण पता किया, तो फ्रैक्चर निकला। डॉक्टर से सलाह लेने पर उन्होंने बताया कि 40 की उम्र के बाद हड्डियां कमजोर होने लगती हैं और हल्के से झटके से भी फ्रैक्चर हो सकता है। पैरों को सपोर्ट देने के लिए आरामदायक जूते ही पहनें। जूते खरीदते समय गौर करें कि जूता ज्यादा भारी न हो। अगर पैर की बनावट चौड़ी है, तो नैरो टो वाले शूज खरीदें।
4. मीठी चीजों का ज्यादा सेवन करना
चलते समय टखनों में दर्द हो रहा है, तो इसका एक कारण ये भी हो सकता है कि आप मीठी चीजों का ज्यादा सेवन करते हैं। मीठी चीजों का सेवन करने से ब्लड शुगर लेवल बढ़ जाता है जिसके कारण हाथ-पैरों में दर्द हो सकता है। मीठी चीजों का ज्यादा सेवन करने से वजन भी बढ़ जाता है जिसके कारण चलते समय हड्डियों पर जोर पड़ता है और दर्द उठ सकता है। 40 की उम्र के बाद मीठी चीजों से दूरी बनाएं। मीठा खाने की क्रेविंग होने पर फ्रूट सलाद का सेवन कर सकते हैं। चीनी, गुड़, जूस, मिठाई, बिस्किट्स, कुकीज आदि के सेवन से बचें।
5. एक्सरसाइज न करना
40 की उम्र के बाद एक्सरसाइज न करने के कारण एंकल पेन हो सकता है। कसरत न करने से मांसपेशियों में लचीलापन कम हो जाता है और टखनों का दर्द चलते समय बढ़ सकता है। इस समस्या से बचने के लिए अपने रोज के रूटीन में एक्सरसाइज का समय फिक्स करें। 40 से 50 मिनट फिजिकल वर्कआउट को दें। इसमें ब्रिस्क वॉक, जॉगिंग, योगा, साइकिल चलाना, रनिंग, जंपिंग आदि को शामिल कर सकते हैं। कसरत करने से पहले वार्मअप जरूर करें, इससे मसल्स में ट्विस्ट होना या मोच आने जैसी समस्या से बचाव होता है।
इन 5 गलतियों को सुधार लेंगे, तो 40 की उम्र के बाद चलने में तकलीफ नहीं आएगी और न ही टखनों का दर्द सताएगा।
Leave A Comment