कंगना रनौत ने मनाली में खोला कैफे
मनाली. अभिनेत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद कंगना रनौत ने वैलेंटाइन डे के मौके पर मनाली में अपना कैफे ‘द माउंटेन स्टोरी' खोला। कंगना ने मेहमानों को अपने संदेश में कहा, ‘‘मेरे बचपन का सपना ‘द माउंटेन स्टोरी' अब साकार हो गया है। यह कैफे सिर्फ खानपान की जगह नहीं है; यह एक प्रेम कहानी है- मेरी मां की रसोई की महक और इन पहाड़ों की शांत सुंदरता को समर्पित।'' उन्होंने कहा कि इसकी व्यंजन सूची में मौजूद हर व्यंजन को स्थानीय स्तर पर ताजी सामग्री का इस्तेमाल करके सावधानी से बनाया गया है। मनाली से लगभग चार किलोमीटर दूर प्रीणी गांव में मनाली-नग्गर मार्ग पर स्थित यह कैफे, हिमाचली व्यंजन को परोसता है। दो मंजिला कैफे का निर्माण 2020 में शुरू हुआ था। कैफे के वास्तुकार दुनी चंद ने बताया कि इसे स्थानीय काष्ठकुणी शैली में बनाया गया है। काष्ठकुणी वास्तुकला की एक पारंपरिक शैली है जिसमें हिमाचल प्रदेश में संरचनाओं के निर्माण के लिए लकड़ी और पत्थर की परतों का उपयोग किया जाता है।










Leave A Comment