सड़ी लाश की बदबू आती है इस फूल से....यूरोप में खिला यह दुर्लभ फूल....
एम्सटर्डम। फूल हर किसी को पसंद होता है। गुलाब और चमेली की खुशबू तो हर किसी का मन मोह लेती है। हालांकि, एक फूल ऐसा भी है जो अपनी बदबू के लिए बदनाम है। ये है कॉप्स फ्लावर। इस फूल से सड़ती हुई लाश जैसी बदबू आती है, इसके बावजूद नीदरलैंड में हजारों की संख्या में लोग इस फूल की एक झलक पाने को बेकरार हैं।
इस फूल को पेनिस प्लांट के नाम से भी जाना जाता है। इसके आकार के कारण इसका नाम पेनिस प्लांट रखा गया है। इस फूल का खिलना काफी दुर्लभ घटना मानी जाती है। हाल में ही यह फूल यूरोप में खिला है, जो इतिहास में सिर्फ तीसरी बार हुआ है। बड़ी बात यह है कि इसे प्राकृतिक वातावरण में नहीं, बल्कि एक ग्रीन हाउस में विकसित किया गया है।
बॉटनी के जानकार इस फूल को अमोर्फोफैलस डिकस-सिल्वे कहते हैं। यह फूल नीदरलैंड के यूनिवर्सिटी ऑफ लीडेन के बॉटनिकल गार्डन में खिला है। इस फूल से बहुत तेज दुर्गंध आती है। कुछ समय के लिए यह भी महसूस हो सकता है कि कोई कब्रिस्तान में खड़ा है जहां कई शव सड़ रहे हैं। यह फूल अपनी इसी तेज गंध के कारण मक्खियों और अन्य कीड़ों को अपनी ओर आकर्षित करता है।
पेनिस प्लांट काफी विशाल फूल होता है। पूर्ण रूप से खिले होने की अवस्था में इसके बीच का हिस्सा छह फीट से अधिक की ऊंचाई तक पहुंच सकता है। बढऩे के लिए, फूल को अत्यधिक गर्म और आद्र्र परिस्थितियों की आवश्यकता होती है। इस फूल को अपने प्राकृतिक वातावरण में खिलने में सात साल लगते हैं। इसका प्राकृतिक वातावरण इंडोनेशिया के जावा द्वीप पर ही मिलता है। ऐसे में यूरोप के ग्रीन हाउस में इस फूल के खिलने को दुर्लभ घटना माना जा रहा है।
यह फूल आखिरी बार 1997 में हॉर्टस बोटेनिकस में खिला था। इस बार यह कारनाम नीदरलैंड के यूनिवर्सिटी ऑफ लीडेन के वनस्पतिशास्त्रियों ने किया है। इस यूनिवर्सिटी के बॉटेनिकल गार्डन ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर बताया कि उनके गार्डन में पेनिस प्लांट खिला है। उन्होंने लिखा कि यह फूल पूरी तरह से खिल गया है और उसमें वैसी ही सड़ी लाश के जैसे बदबू आ रही है। यह भी बताया गया है कि इस फूल को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं।
Leave A Comment