- Home
- देश
- नयी दिल्ली. दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में सामने आए 'हिट एंड रन' के एक मामले में कार सवार ने ड्यूटी पर तैनात दिल्ली यातायात पुलिस के दो कर्मियों को टक्कर मारने के बाद करीब 20 मीटर तक घसीटा। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार यह घटना शनिवार शाम करीब पौने आठ बजे वेदांत देशिका मार्ग के पास बेर सराय 'ट्रैफिक लाइट' पर हुई। अधिकारी ने कहा, "एएसआई प्रमोद और हेड कांस्टेबल शैलेश को आई चोटें मामूली हैं, लेकिन उन्हें जान से मारने की मंशा थी। हत्या के प्रयास और सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा लोगों की जान को खतरे में डालने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।" अधिकारी ने बताया, "किशनगढ़ पुलिस थाने में एक पीसीआर कॉल आई थी, जिसमें बताया गया था कि एक अज्ञात वाहन ने ड्यूटी पर तैनात यातायात कर्मियों को टक्कर मार दी है और चालक मौके से फरार हो गया है।" उन्होंने बताया कि एक टीम तुरंत घटनास्थल पर भेजी गई और जहां उन्हें पता चला कि घायल कर्मियों को पीसीआर वैन द्वारा सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया है। अधिकारी ने बताया कि टीम अस्पताल पहुंची और पाया कि सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) प्रमोद और हेड कांस्टेबल शैलेश चौहान होश में हैं और उनकी हालत स्थिर है। अधिकारी ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने अपने बयान में कहा है कि वे नियमित प्रक्रिया के तहत यातायात उल्लंघन को लेकर चालान काट रहे थे। शाम करीब पौने आठ बजे एक कार ने लाल बत्ती पार की और जब शैलेश ने रुकने का इशारा किया, तो कार चालक पहले तो ठहरा, लेकिन तुरंत ही दोनों कर्मियों को वाहन से टक्कर मार उन्हें करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए तेजी से भाग गया। पुलिस ने कहा कि उसने वाहन मालिक की पहचान कर ली है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- नयी दिल्ली.आर्थिक अनिश्चितता के बावजूद 2024 में बिजनेस स्कूल के स्नातक कार्यक्रमों के लिए कुल आवेदनों में सालाना आधार पर 12 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। ग्रेजुएट मैनेजमेंट एडमिशन काउंसिल (जीएमएसी) की वार्षिक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। सर्वेक्षण रिपोर्ट में कहा गया कि पिछले दो वर्षों से लगातार गिरावट के बाद यह वृद्धि हुई है।जीएमएसी के अनुसार बिजनेस स्कूल के भावी छात्रों के सर्वेक्षण में लगातार बढ़ती लागत को एक प्रमुख बाधा बताया गया। आंकड़ों का विश्लेषण करने से पता चला कि आवेदनों में उल्लेखनीय वृद्धि मुख्य रूप से पूर्णकालिक, व्यक्तिगत पेशकशों में नए सिरे से रुचि के चलते थी। इसमें 10 में से लगभग छह कार्यक्रमों ने आवेदन बढ़ने की सूचना दी। सर्वेक्षण में यह भी पता चला कि ऑनलाइन जैसे अधिक लचीले कार्यक्रमों की मांग भी अधिक है। जीएमएसी के सीईओ जॉय जोन्स ने कहा कि आवेदन बढ़ने में वैश्विक बिजनेस स्कूलों के नवाचार जारी रखने की दिशा में किए गए प्रयासों का भी योगदान है।
- देहरादून. केदारनाथ और यमुनोत्री मंदिरों के कपाट रविवार को भाई दूज के अवसर पर वैदिक अनुष्ठानों के बीच बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों, मंदिर समिति और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। मंदिर समिति के अधिकारियों ने बताया कि केदारनाथ मंदिर सुबह 8:30 बजे और यमुनोत्री मंदिर दोपहर 12:05 बजे बंद कर दिए गए। दोनों मंदिरों के कपाट बंद होने के बाद केदारनाथ में भगवान शिव और यमुनोत्री की अधिष्ठात्री देवी यमुना की मूर्तियां पालकियों में सवार करके इनके शीतकालीन निवास उखीमठ और खरसाली भेजी गईं। हिमालयी मंदिर के कपाट बंद होने का समारोह देखने के लिए 18,000 से अधिक तीर्थयात्री केदारनाथ पहुंचे।बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मीडिया प्रभारी हरीश गौड़ ने बताया कि मंदिर के कपाट बंद होने से पहले तड़के चार बजे एक भव्य समारोह शुरू हुआ। बीकेटीसी के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बताया कि यात्रा सीजन के दौरान 16.5 लाख से अधिक तीर्थयात्री पूजा-अर्चना के लिए केदारनाथ पहुंचे। गढ़वाल हिमालय में 11,000 फीट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित केदारनाथ देश के विभिन्न हिस्सों में स्थित 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है। यह हर साल लाखों तीर्थयात्रियों के लिए एक लोकप्रिय तीर्थस्थल होता है। मंदिर सर्दी के दौरान बर्फ गिरने के कारण बंद रहता है। मंदिर समिति के एक अधिकारी ने बताया कि यमुनोत्री धाम अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 12:05 बजे बंद कर दिया गया। एक अन्य चारधाम मंदिर गंगोत्री को शनिवार को बंद कर दिया गया था। बद्रीनाथ 17 नवंबर को बंद होगा।
- हाथरस . दिल्ली के एक अस्पताल में एक बड़े ऑपरेशन के बाद उत्तर प्रदेश के हाथरस निवासी 15 वर्षीय लड़के के पेट से घड़ी की बैटरी, ब्लेड, नाखून समेत 56 वस्तुएं निकलीं गई और एक दिन बाद उसकी मौत हो गई। हाथरस में चिकित्सा प्रतिनिधि (एमआर) का काम करने वाले पीड़ित के पिता संचित शर्मा ने ‘ एक न्यूज़ एजेंसी ' को बताया कि नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले उनके पुत्र आदित्य शर्मा (15) के शरीर के अंदर मिली इन वस्तुओं ने डॉक्टरों को हैरान कर दिया है और परिवार को हिलाकर रख दिया है। शर्मा ने कहा कि सफदरजंग अस्पताल में सर्जरी के एक दिन बाद ही उनके बेटे की मृत्यु हो गई क्योंकि उसकी हृदय गति बढ़ गई थी और उसका रक्तचाप (बीपी) चिंताजनक रूप से गिर गया था। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, जयपुर और दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में कई चिकित्सा जांच के दौरान आदित्य के पेट के अंदर इन वस्तुओं का पता चला। उन्होंने कहा कि उनके परिवार की मुश्किलें तब शुरू हुईं जब उनके बेटे ने पेट में गंभीर दर्द और सांस लेने में कठिनाई की शिकायत की। उन्होंने कहा कि आदित्य को शुरू में हाथरस के एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सीय सलाह पर उसे बाद में जयपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया और वहां संक्षिप्त उपचार के बाद मरीज को छुट्टी दे दी गई। हालांकि, जब उसके लक्षण फिर से उभरे तो उसका परिवार उसे अलीगढ़ के एक अस्पताल में ले गया जहां सांस लेने में तकलीफ को कम करने के लिए उसकी सर्जरी की गई। शर्मा ने बताया कि 26 अक्टूबर को अलीगढ़ के अस्पताल में सर्जरी के बाद के अल्ट्रासाउंड में आदित्य के शरीर के अंदर लगभग 19 वस्तुओं की मौजूदगी का पता चला, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे नोएडा में एक अधिक उन्नत चिकित्सा सुविधा के लिए रेफर कर दिया और वहां एक अन्य स्कैन में लगभग 56 धातु के टुकड़ों की उपस्थिति का पता चला, जिसके कारण परिवार लड़के को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले गया, जहां 27 अक्टूबर को उसका एक ऑपरेशन किया गया। शर्मा ने बताया, "डॉक्टरों ने कहा कि मेरे बेटे के शरीर से लगभग 56 वस्तुएं निकाली गई हैं। दिल्ली के इस अस्पताल में सर्जरी के बाद पेट से निकली वस्तुओं ने डॉक्टरों को भी आश्चर्यचकित कर दिया।” पिता ने कहा, "डॉक्टरों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया, लेकिन शायद नियति को कुछ और ही मंजूर था। दिल्ली के अस्पताल में सर्जरी के एक दिन बाद मेरे बेटे की मृत्यु हो गई, क्योंकि उसकी हृदय गति बढ़ गई थी और उसका रक्तचाप चिंताजनक रूप से गिर गया था।
- जालना. महाराष्ट्र के जालना जिले में ‘सहकारी ऋण समिति' से रविवार को सोना और 12 लाख रुपये की नकदी लूट ली गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि ओल्ड मोंढा इलाके स्थित ‘आदित्य अर्बन क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसायटी' में तड़के इस वारदात को अंजाम दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी ने बताया, ‘‘आरोपियों ने गैस कटर का इस्तेमाल कर लॉकर तो़ड़ा और उससे 12 लाख रुपये की नकदी और सोना लूट लिया, हालांकि अभी सोने की कीमत का पता लगाया जा रहा है।'' उन्होंने कहा, ‘‘संस्थान और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दो टीम गठित की गई हैं। सदर बाजार पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
- नयी दिल्ली. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब राज्य सरकार जनवरी में होने वाले महाकुंभ और 13 नवंबर को होने वाले विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों में जुटी है। बैठक के एजेंडे के बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। योगी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा से भी मुलाकात की।उत्तर प्रदेश सरकार महाकुंभ की व्यवस्था करने के लिए सभी प्रशासनिक प्रयास कर रही है। इस आयोजन में देश भर से तथा विश्व के विभिन्न भागों से लाखों श्रद्धालुओं के अलावा पर्यटकों के आने की संभावना है। वहीं, उत्तर प्रदेश में नौ विधानसभा सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव को भाजपा, विशेषकर मुख्यमंत्री के लिए अग्निपरीक्षा के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि पार्टी को लोकसभा चुनाव में बड़ा झटका लगा था। लोकसभा चुनाव में राज्य में ‘इंडिया' गठबंधन ने सत्तारूढ़ गठबंधन से ज्यादा सीट पर जीत दर्ज की थी।
- बगहा। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में कथित तौर पर चोरी करते पकड़े जाने के बाद एक महिला का सिर मुंडवाकर उसे घुमाया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। घटना जिले के वाल्मीकि नगर इलाके में शुक्रवार दोपहर की है। वाल्मीकि नगर थाना प्रभारी संजय कुमार ने कहा कि स्थानीय लोगों ने महिला को चोरी करते हुए पकड़ लिया और बाद में उसका सिर मुंडवाकर उसे घुमाया। उन्होंने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और उसे बचाया। थाना प्रभारी ने कहा, ‘‘गहन जांच के बाद पता चला कि पीड़िता पहले भी चोरी के दो मामलों में शामिल रही थी और उसे गिरफ्तार भी किया गया था। इस मामले में भी पुलिस ने महिला को गिरफ्तार किया है और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है। पुलिस ने महिला को घुमाने को लेकर कम से कम 100 लोगों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है।
- चंडीगढ़. हरियाणा के कुरुक्षेत्र के शाहाबाद इलाके में एक कार में आग लगने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य झुलस गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार रात को उस दौरान हुई जब पूरा परिवार सोनीपत से चंडीगढ़ जा रहा था।पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान संदीप कुमार, उनकी बेटियों अमानत और परी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल हुए लोगों को चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि वाहन में आग कैसे लगी।
- आगरा. दीपावली के मौके पर पत्नी के मायके से नहीं आने पर आबकारी विभाग में तैनात एक पुलिसकर्मी ने यहां कथित रूप से खुदकुशी कर ली। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतक की पहचान अर्जुन सिंह के तौर पर हुई है और मृतक के परिजन ने पत्नी और उसके मायके वालों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। मृतक के भाई सुनील कुमार ने बताया कि अर्जुन सिंह आबकारी विभाग में सिपाही थे और फिलहाल सहारनपुर में तैनात थे। उन्होंने बताया कि अर्जुन की शादी सात साल पहले शाहगंज थाना क्षेत्र के बंशी का नगला की निवासी डौली नामक महिला से हुई थी और उनकी पांच वर्ष की बेटी है तथा शादी के बाद से अर्जुन की पत्नी ज्यादातर मायके में रहती है। सुनील ने बताया कि वह आखिरी बार जुलाई में घर आई थी। उन्होंने कहा कि करवाचौथ और दीपावली पर भी जब वह घर नहीं आई तो परेशान होकर अर्जुन ने आत्महत्या कर ली। लोहामंडी थाने के प्रभारी निरीक्षक रोहित कुमार ने बताया कि परिजन की तहरीर और साक्ष्य के आधार पर विस्तृत कार्रवाई की जाएगी।
- सुंदरगढ.ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में शनिवार तड़के एक वाहन के ट्रक से टकरा जाने से छह लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना हेमगिरि पुलिस थाने के अंतर्गत गायकनापाली इलाके के पास हुई। यात्रियों को ले जा रही एक वैन ट्रक से टकरा गई थी। उन्होंने बताया, ‘‘कीर्तन समूह के छह सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। ऐसा संदेह है कि इलाके में धुंध के कारण यह दुर्घटना हुई।'' ‘कीर्तन' पार्टी दिवाली के अवसर पर एक कार्यक्रम के लिए चक्कपलाई गांव गई थी और कार्यक्रम केबाद अपने गांव लौट रही थी। अधिकारी ने बताया कि ये लोग सुंदरगढ़ जिले के कंडागोडा और समरपिंडा गांव से थे।उन्होंने बताया कि घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवारों के लिए अनुग्रह राशि की मांग करते हुए सड़क जाम कर दी।
- मिर्जापुर. उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में शनिवार शाम एक बाइक के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने पर वाहन सवार तीन युवकों की मौत हो गयी और एक युवक घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (नक्सल) ओपी सिंह ने बताया कि शनिवार शाम लालगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत पतलुखी मोड के पास एक मोटरसाइकिल के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने पर वाहन सवार तीन युवकों की मौत हो गई और एक युवक घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि गंभीर रुप से घायल साहिल (22) का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है। साहिल, खजुरी के रहने वाला है। सिंह ने बताया कि तीनों मृतकों की पहचान विजय कुमार (22), जावेद (22) और सलमान (20) के रूप में हुई है।उन्होंने बताया कि विजय और जावेद खजुरी के रहने वाले थे जबकि सलमान लालगंज का रहने वाला था।अधिकारी ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
- नयी दिल्ली. भारत में 2015 के मुकाबले 2023 में टीबी (तपेदिक) के मामलों में 17.7 फीसदी की कमी दर्ज की गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की एक रिपोर्ट के हवाले से बताया कि 2015 में भारत में प्रति एक लाख आबादी पर जहां टीबी के 237 मामले सामने आए थे, वहीं 2023 में यह संख्या घटकर 195 हो गई। सूत्रों के मुताबिक, इस अवधि में देश में टीबी के मामलों में 8.3 प्रतिशत की वैश्विक गिरावट से दोगुनी से भी अधिक कमी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि डब्ल्यूएचओ ने 29 अक्टूबर को जारी अपनी ‘वैश्विक टीबी रिपोर्ट-2024' में माना कि भारत ने 2015 के बाद से टीबी के मरीजों की पहचान करने में उल्लेखनीय प्रगति की है। इस संबंध में एक आधिकारिक सूत्र ने कहा, ‘‘2023 में भारत में टीबी के अनुमानित 27 लाख मरीज थे, जिनमें से 25.1 लाख की पहचान कर उनका इलाज किया गया। इससे भारत में उपचारित मरीजों की संख्या 2015 में 72 प्रतिशत से बढ़कर 2023 में 89 फीसदी हो गई।'' स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि रिपोर्ट में भारत में टीबी से मौत के मामलों में लगातार गिरावट आने की बात कही गई है। इसमें कहा गया कि 2015 में देश में प्रति एक लाख आबादी पर टीबी से 28 मौतें दर्ज की गई थीं और 2023 में यह संख्या घटकर 21.4 हो गई। सूत्रों ने कहा कि सरकार ने लगातार वित्तपोषण के जरिये राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम को मजबूत किया है और उसका दायरा बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि टीबी उन्मूलन के लिए बजट आवंटन में ऐतिहासिक 5.3 गुना वृद्धि देखी गई है, जो 2015 में 640 करोड़ रुपये से बढ़कर 2022-23 में 3400 करोड़ रुपये हो गया। डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट में कहा गया कि टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के लिए अधिकांश धन सरकारी संसाधनों से आता है। इसमें कहा गया कि पिछले कुछ वर्षों में भारत अत्याधुनिक आणविक निदान उपकरण पेश करने, नयी एवं अधिक प्रभावशाली उपचार पद्धतियां विकसित करने और सभी टीबी मरीजों को मुफ्त जांच, निदान तथा उपचार प्रदान करने में सफल रहा है।
- भदोही (उप्र) .भदोही जिले के सुरयावा थाना क्षेत्र में ‘बैंक ऑफ बड़ौदा' की शाखा से बुधवार दोपहर रुपये निकाल कर जा रहे एक व्यक्ति से तीन बदमाशों ने बंदूक का डर दिखाकर एक लाख रुपये लूट लिए। सुरयावा थाने के निरीक्षक राम निवास ने बताया कि शारदा प्रसाद मौर्या ने बुधवार दोपहर बैंक से 73,000 रुपये निकाले थे और उनके पास पहले से भी कुछ रुपये थे। मौर्या मकनपुर में ‘बैंक ऑफ बड़ौदा' का ग्राहक जनसेवा केंद्र चलाते हैं। निवास ने बताया कि शारदा प्रसाद जब भीखमा पुर गांव से गुज़र रहे थे तभी 25 से 30 साल के तीन युवकों ने अपनी मोटरसाइकिल उनकी मोटरसाइकिल के सामने खड़ी कर दी और उनमें से युवक ने उनके सीने पर रिवाल्वर सटा दी एवं उनका बैग छीन लिया। निरीक्षक ने बताया कि तीनों युवक रुपयों से भरा बैग लूट कर फरार हो गए।निरीक्षक ने बताया कि शारदा प्रसाद की तहरीर पर तीन अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और लुटेरों को पकड़ने के लिए वहां लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
- नयी दिल्ली.प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को कहा कि भारत ‘एसेट रिकवरी इंटरएजेंसी नेटवर्क-एशिया पैसिफिक' (एआरआईएन-एपी) की 2026 में अध्यक्षता संभालेगा। ईडी ने एक बयान में बताया कि भारत को अपराध की आय से निपटने और उसकी वसूली के लिए समर्पित बहु-एजेंसी नेटवर्क की संचालन समिति में शामिल किया गया है। बयान में कहा गया है, “इस नई भूमिका में भारत एआरआईएन-एपी के निर्णय लेने और प्रशासनिक जिम्मेदारियों में योगदान दे पाएगा, जिससे आर्थिक अपराधों से निपटने और वैश्विक स्तर पर परिसंपत्ति वसूली का समर्थन करने के उसके मिशन को आगे बढ़ाया जा सकेगा।” इसमें कहा गया है कि भारत 2026 में नेटवर्क की अध्यक्षता संभालेगा और वार्षिक आम बैठक (एजीएम) की मेजबानी करेगा। एआरआईएन-एपी की स्थापना संपत्ति का पता लगाने, उसे जब्त करने को लेकर सीमा पार सहयोग को सुविधाजनक बनाने के लिए की गई थी और इसमें 28 सदस्य और नौ पर्यवेक्षक शामिल हैं।
- धमतरी। जिले में दो सगी बहनों समेत तीन लड़कियों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के सिहावा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेलर गांव में तालाब में डूबने से यामिनी यादव (18), उनकी बहन पायल यादव (14) और कोर्राम (14) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली कि गांव की तीनों लड़कियां सुबह नहाने के लिए तालाब गईं थीं। इस दौरान एक लड़की जब गहराई में डूबने लगी तब उसे बचाने के लिए दो अन्य भी वहां गईं और वह भी डूब गईं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीणों को जब घटना की जानकारी मिली तब उन्होंने तीनों को बाहर निकाला लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा जांच की जा रही है।
- भुवनेश्वर. ओडिशा सरकार पुरी के ‘स्वर्गद्वार' श्मशान गृह में शवों के दाह संस्कार के लिए लकड़ी के स्थान पर गाय के गोबर से बने उपलों का उपयोग करने की योजना बना रही है। मत्स्य पालन एवं पशु संसाधन विकास मंत्री गोकुलानंद मल्लिक ने यह बात कही है। मल्लिक ने मंगलवार को यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘गाय का गोबर हिंदू परंपरा में बहुत अधिक महत्व रखता है। गाय के गोबर के उपले ईंधन के रूप में काम आ सकते हैं और हम पुरी स्थित स्वर्गद्वार में शवों के दाह संस्कार के लिए इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।'' उन्होंने कहा कि सरकार इस पहल के बारे में स्वर्गद्वार की प्रबंध समिति, सामाजिक संगठनों और गोशाला संचालकों के साथ विचार-विमर्श करेगी। मलिक ने यह भी कहा कि उपमुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक समिति गठित की जाएगी जिसमें पांच मंत्री और पांच सचिव शामिल होंगे। उन्होंने कहा, ‘‘यह समिति गाय के गोबर और मूत्र के अतिरिक्त उपयोगों के बारे में खोज करेगी, जिसका उद्देश्य गौ संरक्षण को बढ़ावा देना, पशु आश्रयों का विस्तार करना और डेयरी उत्पादन को बढ़ाना है।'' हालांकि, जगन्नाथ संस्कृति के शोधकर्ता नरेश दास ने सरकार के प्रस्ताव पर आपत्ति जताते हुए कहा कि दाह संस्कार के लिए लकड़ी ही एकमात्र उपयुक्त सामग्री है। उन्होंने कहा, ‘‘हिंदू धर्मग्रंथों में गाय के गोबर के उपलों का कोई उल्लेख नहीं है।''जगन्नाथ मंदिर के वरिष्ठ सेवायत बिनायक दास महापात्रा ने भी इस पहल का विरोध किया और कहा कि वह सरकार के ऐसे किसी भी कदम का विरोध करेंगे।
- अयोध्या (उप्र)। अयोध्या में सरयू नदी के तट पर बुधवार को आठवें 'दीपोत्सव' के अवसर पर दो विश्व रिकॉर्ड बने। एक साथ सबसे अधिक लोगों द्वारा आरती करने और सबसे अधिक तेल के दीये जलाने के दो ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड' बनाए गए। ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड' के निर्णायक प्रवीण पटेल ने बुधवार शाम को नए रिकॉर्ड की घोषणा की, जहां वे ‘गिनीज कंसल्टेंट' निश्चल भरोट के साथ सत्यापन के लिए आए थे। पटेल ने कहा, ‘‘ उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग, अयोध्या जिला प्रशासन और सरयू आरती समिति सबसे अधिक 1,121 लोगों द्वारा आरती करने के लिए ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड' के खिताब धारक हैं। आप सभी को बधाई हो।'' दूसरे रिकॉर्ड के बारे में गिनीज निर्णायक दल ने कहा, "कुल 25,12,585 दीये जलाकर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग, अयोध्या जिला प्रशासन और डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, तेल के सबसे अधिक दीयों के एक साथ प्रज्वलन के लिए नए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के खिताब धारक हैं। पटेल ने कहा कि वह एक नहीं बल्कि दो ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड' खिताबों को सत्यापित करके "बहुत प्रसन्न" हैं - एक साथ सबसे ज़्यादा लोगों द्वारा आरती और सबसे अधिक तेल के दीयों का प्रज्वलन। उन्होंने कहा कि 'एक साथ सबसे ज़्यादा लोगों द्वारा आरती एक बिल्कुल नया रिकॉर्ड है जबकि तेल के दीयों के प्रज्वलन का मौजूदा रिकॉर्ड 22 लाख 23 हजार 676 (22.23 लाख) दीये का था। पटेल ने कहा, "यह महत्वपूर्ण है कि हमारे पास संख्या हो, लेकिन यह भी जरूरी है कि आप दिशानिर्देशों का पालन करें।" उन्होंने कहा, ‘‘आपने दोनों रिकॉर्डों के लिए दिशानिर्देशों का पालन किया है।''राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद इस पहले दीपोत्सव पर इस बार उत्तर प्रदेश सरकार ने अनूठी पहल की। पहली बार 1121 वेदाचार्यों ने एक साथ सरयू मैया की आरती की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार शाम सरयू मैया की आरती की। इस मौके पर 1121 वेदाचार्य एक ही रंग के परिधान में एक स्वर में सरयू मैया की आरती करते रहे। इसमें एक तरफ जहां आध्यात्मिकता का रंग था, वहीं दूसरी तरफ यह अनूठा आयोजन जनमानस में योगी सरकार की छवि को और निखार रहा था। आरती से पहले मुख्यमंत्री ने मां सरयू की पूजा-अर्चना भी की। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ यहां केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक आदि मौजूद रहे।
-
मुंबई. महाराष्ट्र के बांद्रा टर्मिनस पर बीते दिनों हुई भगदड़ के कुछ दिनों बाद पश्चिमी रेलवे ने कहा है कि अगर यात्रियों का सामान उनकी संबंधित यात्रा श्रेणी के लिए स्वीकार्य व तय सीमा से अधिक होगा तो उन पर जुर्माना लगाया जाएगा। रेलवे ने लोगों से स्टेशनों पर अधिक भीड़ न लगाने का आग्रह किया है। पश्चिम रेलवे ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि रेलवे अपने प्रत्येक यात्री को अपनी यात्रा के दौरान एक निश्चित मात्रा में ही बिना किसी शुल्क के सामान ले जाने की अनुमति देता है, लेकिन स्कूटर और साइकिल जैसी वस्तुओं समेत 100 सेंटीमीटर की लंबाई, 100 सेमी की चौड़ाई और 70 सेमी की ऊंचाई से बड़े आकार के सामान को नि:शुल्क ले जाने की अनुमति नहीं होगी। विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘पश्चिम रेलवे सभी यात्रियों से आग्रह करता है कि वे स्टेशनों पर अधिक भीड़भाड़ से बचें और ट्रेन की समय सारणी के अनुसार केवल आवश्यक होने पर ही परिसर में प्रवेश करें तथा निर्धारित सामान सीमा का भी पालन करें।'' पश्चिम रेलवे ने सभी यात्रियों से नि:शुल्क सामान की अधिकतम सीमा से संबंधित नियमों का पालन करने की अपील की है। विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘यात्रा के विभिन्न वर्गों के लिए नि:शुल्क छूट अलग-अलग होती है। अगर सामान नि:शुल्क छूट से अधिक होगा, तो उसके अनुसार जुर्माना लगाया जाएगा।'' यह निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और आठ नवंबर तक लागू रहेगा। त्योहारी सीजन के दौरान पार्सल बुकिंग में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है, खासकर बांद्रा टर्मिनस, वापी, वलसाड, उधना और सूरत के पार्सल कार्यालयों में बुकिंग में अधिक वृद्धि हुई है। विज्ञप्ति के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान से पहले पार्सल खेप को प्लेटफार्मों पर लंबे समय तक जमा न रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। मुंबई के बांद्रा टर्मिनस पर रविवार को गोरखपुर जाने वाली अंत्योदय एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ने के दौरान मची भगदड़ में 10 लोग घायल हो गए थे। पश्चिम रेलवे ने पहले ही चुनिंदा प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर अस्थायी प्रतिबंध लागू कर दिया है, जो आठ नवंबर तक प्रभावी रहेगा।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बुधवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के पूर्व दिवस पर स्वास्थ्य मंत्रालय के कर्मचारियों के एक समूह के साथ मिलकर भारत की ‘एकता और अखंडता' को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। मंत्रालय ने एक बयान में यह जानकारी दी। बयान के मुताबिक, निर्माण भवन में लिये गये संकल्प का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल की विरासत का सम्मान करना है। बयान में बताया गया कि पटेल की दूरदृष्टि और नेतृत्व ने राष्ट्र को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नड्डा के हवाले से बयान में कहा गया है “ आज (बुधवार को) हम सरदार पटेल द्वारा समर्थित एकता और अखंडता के सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं। यह सुनिश्चित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि हमारे कार्य व नीतियां समावेशिता और विविधता की भावना को प्रतिबिंबित करें, जो भारत को अद्वितीय बनाती हैं।” कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने भारत की विविध संस्कृतियों, भाषाओं और परंपराओं के बीच एकता के बंधन को मजबूत करने की दिशा में काम करने का संकल्प लिया।
- अयोध्या। .उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को भव्य दीपोत्सव समारोह से पहले अयोध्या पहुंचे श्री राम, सीता और लक्ष्मण का स्वागत किया। नवनिर्मित राम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के बाद राम नगरी में पहली बार दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। श्री राम के सीता और लक्ष्मण हनुमान और अन्य लोगों के साथ 'पुष्पक विमान' (हेलीकॉप्टर) से अयोध्या पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य ने उनका स्वागत किया। भगवान राम के रथ को मुख्यमंत्री और अन्य लोगों ने राम दरबार स्थल तक खींचकर पहुंचाया। आदित्यनाथ ने बाद में उनकी आरती उतारी। बुधवार को शहर में उत्सव का माहौल रहा। छोटी दीपावली के अवसर पर अयोध्या में बुधवार को भव्य दीपोत्सव समारोह के तहत झांकियों की एक शोभायात्रा निकाली गई। रामायण के प्रसंगों को दर्शाती झांकियों में देशभर के शास्त्रीय नर्तकों की प्रस्तुति ने राम पथ पर अपना जादू बिखेरा। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि साकेत महाविद्यालय से राम कथा पार्क तक निकाली गई 18 विशेष झांकियां इस दीपोत्सव का मुख्य आकर्षण रहीं। प्रदेश के पर्यटन मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने झांकियों को झंडी दिखाकर रवाना किया। इन झांकियों में रामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। झांकियों के दृश्य को हर कोई अपने मोबाइल में कैद करता दिखा। इस दौरान रामपथ पर रंग-गुलाल उड़ने के साथ जमकर आतिशबाजी भी हुई। इस भव्य शोभायात्रा में साकेत महाविद्यालय के छात्रों ने पुत्रेष्टि यज्ञ से लेकर श्रीराम के राजतिलक तक के विभिन्न प्रसंगों को बड़े ही सुंदर ढ़ंग से झांकियों के रूप में प्रस्तुत किया। इन झांकियों में न केवल श्रीराम के जीवन के महत्वपूर्ण अध्यायों का दर्शन कराया गया बल्कि उनमें शामिल कलाकारों के अभिनय ने दृश्य को और भी जीवंत बना दिया। प्रवक्ता के मुताबिक झांकियों का यह सफर साकेत महाविद्यालय से शुरू होकर अयोध्या के प्रमुख चौराहों से गुजरते हुए राम कथा पार्क पर सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम के माध्यम से राज्याभिषेक का आयोजन भी किया जाएगा, जिसके साथ ही अयोध्या का दीपोत्सव अपने भव्य रूप में आरंभ होगा। महोत्सव में साकेत महाविद्यालय की 18 झांकियों में से 11 झांकियां सूचना विभाग की ओर से और सात झांकियां पर्यटन विभाग द्वारा तैयार की गई हैं। पर्यटन विभाग द्वारा सजाई गई झांकियों में तुलसीदास रचित रामचरितमानस के सात अध्यायों- बालकांड, अयोध्या कांड, अरण्य कांड, किष्किंधा कांड, सुंदर कांड, लंका कांड और उत्तर कांड पर आधारित सुंदर दृश्य प्रस्तुत किए गए हैं, जो श्रद्धालुओं को रामायण के विभिन्न प्रसंगों का सार समझाने में सहायक हैं। इस आठवें दीपोत्सव में श्रीराम की शिक्षा, सीता-राम विवाह, वन गमन, भरत मिलाप, शबरी प्रसंग, अशोक वाटिका, हनुमान का लंका गमन, शक्तिबाण लगने से लक्ष्मण का मूर्छित होना, रावण वध, अयोध्या आगमन और दीपोत्सव पर आधारित झांकियों का विशेष प्रदर्शन किया जा रहा है। शोभायात्रा के राम पथ पर आगे बढ़ते ही स्थानीय लोग सड़क के दोनों तरफ खड़े हो गए और उन्होंने पुष्पवर्षा कर उसका स्वागत किया। इस शोभायात्रा में भाग लेने वाली जम्मू-कश्मीर की साक्षी ने कहा, ‘‘हम अपने राज्य की संस्कृति का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और खुद को धन्य महसूस कर रहे हैं।'' जम्मू-कश्मीर के एक अन्य प्रतिभागी विशाल शर्मा ने कहा, ‘‘हम बहुत भाग्यशाली हैं कि हम भव्य मंदिर में श्रीरामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहले दीपोत्सव में भाग ले रहे है।'' राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद मामले में पक्षकार इकबाल अंसारी ने भी शोभायात्रा का स्वागत किया। उन्होंने कहा, ‘‘यह सभी के लिए खुशी का क्षण है क्योंकि यह एक उत्सव का अवसर है। हम भी दूसरों की तरह जश्न मना रहे हैं।'' राज्य सरकार ने बुधवार शाम अयोध्या में सरयू के तट पर 28 लाख से ज्यादा दीये प्रज्वलित कर विश्व रिकॉर्ड कायम करने की योजना बनायी है। इस साल जनवरी में मंदिर में रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह पहला दीपोत्सव आयोजन है। अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने स्थानीय कारीगरों से 28 लाख दीये मंगवाए हैं, ताकि अगर किसी कारण से 10 प्रतिशत दीये खराब भी हो जाएं तो भी 25 लाख दीये प्रज्वलित करने का लक्ष्य हासिल किया जा सके। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासनकाल में अयोध्या में यह आठवां दीपोत्सव कार्यक्रम होगा।सरकार ने घाटों पर पांच से छह हजार लोगों की मेजबानी की व्यवस्था की है। अन्य लोगों हेतु कार्यक्रम के सीधा प्रसारण के लिए 40 विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं। दीपोत्सव का उद्देश्य धार्मिक नगरी के आध्यात्मिक, पारंपरिक और सांस्कृतिक सार को प्रदर्शित करना है। इस कार्यक्रम में छह देश म्यांमा, नेपाल, थाईलैंड, मलेशिया, कंबोडिया और इंडोनेशिया के कलाकार भी प्रस्तुति देंग.
- अयोध्या।. अयोध्या में इस साल के प्रारंभ में नवनिर्मित भव्य मंदिर में भगवान श्री रामलला के विराजमान होने के बाद बुधवार को आयोजित हो रहे पहले दीपोत्सव समारोह को लेकर राम नगरी के संतों और भक्तों के बीच खासा उत्साह है। अयोध्या के दशरथ महल के महंत बिंदु गद्याचार्य स्वामी देवेंद्र प्रसादाचार्य ने दीपोत्सव को सनातन धर्म की विरासत बताया। उन्होंने कहा, ‘‘दीपावली और दीपोत्सव सनातन धर्म की नींव हैं और इस साल का दीपोत्सव खास है क्योंकि भगवान श्री राम अयोध्या मंदिर में अपने निवास पर लौट आए हैं। यह उत्सव भगवान श्री राम के प्रति हमारी आस्था और भक्ति को व्यक्त करने का एक अनूठा अवसर प्रदान करता है।'' संतों का मानना है कि अयोध्या नगरी एक बार फिर त्रेतायुग के दृश्य को प्रतिबिंबित करती है।संत समुदाय ने श्री रामलला के अभिषेक के दिव्य अवसर को सरकार के समर्पित प्रयासों का परिणाम बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार ने अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सफलतापूर्वक पुनर्जीवित किया है और इससे पूरा संत समुदाय हर्षोल्लास से भर गया है। चौभुजी मंदिर के महंत बृजमोहन दास महाराज ने स्वरचित छंदों के जरिये अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए कहा कि श्री रामलला की उपस्थिति पर केवल संतों को ही नहीं बल्कि पूरी अयोध्या को गर्व है। उन्होंने कहा कि लोग अपनी श्रद्धा में एकजुट होकर अपार उत्साह के साथ इस दीपोत्सव को मना रहे हैं।बधाई भवन मंदिर के महंत राजीव लोचन शरण महाराज ने कहा, ‘‘त्रेता युग के दौरान भगवान राम के अयोध्या आगमन पर देखा गया दिव्य दृश्य आज हमारे सामने फिर से प्रकट हुआ है। हम इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनकर अत्यंत प्रसन्न हैं और पूरे उत्साह के साथ दीपोत्सव में भाग ले रहे हैं।''
- अयोध्या। छोटी दीपावली के मौके पर आज अयोध्या में भव्य दीपोत्सव समारोह के तहत झांकियों की एक शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान रामायण के प्रसंगों को दर्शाने वाली झांकियों ने राम पथ पर अपना जादू बिखेरा। इसमें देशभर के शास्त्रीय नर्तकों ने भी अपनी प्रस्तुति दी जिससे शोभायात्रा पर चार चांद लग गए। शोभायात्रा के राम पथ पर आगे बढ़ते ही स्थानीय लोगों ने सड़क के दोनों ओर खड़े रहकर फूलों की वर्षा से शोभायात्रा का स्वागत किया। इस खास मौके पर राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद मामले में पक्षकार इकबाल अंसारी ने भी शोभायात्रा का स्वागत किया। इस शोभायात्रा में भाग लेने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से लोग यहां आए हुए हैं। इनमें जम्मू-कश्मीर से भी कई लोग आए हुए हैं। इसके साथ ही आज शाम को होने वाले दीपोत्सव कार्यक्रम में अपने प्रस्तुति देने के लिए यहां छह देशों के कलाकार पहुंचे हुए हैं। इनमें म्यांमा, नेपाल, थाईलैंड, मलेशिया, कंबोडिया और इंडोनेशिया के कलाकार शामिल हैं।शोभायात्रा में भाग लेने वाली जम्मू-कश्मीर की साक्षी ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘हम अपने राज्य की संस्कृति का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और खुद को धन्य महसूस कर रहे हैं।” जम्मू-कश्मीर के एक अन्य प्रतिभागी विशाल शर्मा ने कहा, ‘‘हम बहुत भाग्यशाली हैं कि हम भव्य मंदिर में श्रीरामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहले दीपोत्सव में भाग ले रहे है।”दीपोत्सव को लेकर पूरे देश में उत्साहराज्य की योगी सरकार की पहल पर आज शाम अयोध्या में सरयू के तट पर 28 लाख से ज्यादा दीये जलाकर विश्व रिकॉर्ड कायम करने की योजना है। यह दीपोत्सव खास इसलिए भी है क्योंकि इस साल जनवरी में भव्य राम मंदिर में रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह पहला दीपोत्सव है। इस दीपोत्सव पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी रहेंगी। इसे लेकर अयोध्यावासियों समेत पूरे भारत के लोगों में भी उत्साह बना हुआ है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण टेलीविजन पर देखा जा सकेगा।विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए कसी कमरआज शाम होने वाले इस भव्य आयोजन को लेकर अधिकारियों बताया कि उन्होंने स्थानीय कारीगरों से 28 लाख दीये मंगवाए हैं, ताकि अगर किसी कारण से 10 प्रतिशत दीये क्षतिग्रस्त भी हो जाएं तो भी 25 लाख दीये प्रज्वलित करने का लक्ष्य हासिल किया जा सके। इस नये विश्व रिकॉर्ड को बनाने के लिए राम की पैड़ी तथा अन्य घाटों पर तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। घाट प्रभारी और समन्वयक दीयों को घाट पर व्यवस्थित तरीके से रख रहे स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।लाइव प्रसारण के लिए 40 LEDगौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार में अयोध्या में यह आठवां दीपोत्सव मनाया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने घाटों पर पांच से छह हजार लोगों की मेजबानी की व्यवस्था की है। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाने के लिए यहां 40 विशाल एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई हैं ताकि अन्य लोग भी इस भव्य आयोजन के साक्षी बन सकें। इस दीपोत्सव का उद्देश्य धार्मिक नगरी के आध्यात्मिक, पारंपरिक और सांस्कृतिक सार को प्रदर्शित करना है।
-
नई दिल्ली। दिल्ली के लोग एक बार फिर प्रदूषण की चपेट में दिवाली मनाने पर मजबूर हो गए हैं। आज सुबह दिल्ली-NCR के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 350 से भी अधिक दर्ज किया गया। दिवाली से पहले ही हालात इतने गंभीर हैं, तो दिवाली के बाद राजधानी की हवा और भी ज़हरीली हो सकती है। प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली सरकार ने राजधानी में पटाखों पर लगे बैन को लागू करने के लिए कई टीमें लगाई हैं।
आज सुबह 7:45 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 273 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। कई जगहों पर AQI ‘खराब’ श्रेणी (201-300) में था, जबकि कुछ जगहों पर यह ‘बहुत खराब’ श्रेणी (301-400) में भी दर्ज हुआ। सफर-इंडिया के अनुसार, आनंद विहार में AQI 351, अशोक विहार में 351, बवाना में 319, बुराड़ी क्रॉसिंग में 289, मथुरा रोड पर 289, द्वारका सेक्टर 8 में 268, आईजीआई एयरपोर्ट पर 279, आईटीओ पर 284, जहांगीरपुरी में 317, लोधी रोड पर 214, पटपड़गंज में 277, पंजाबी बाग में 276, पूसा में 222, आरके पुरम में 285, रोहिणी में 289, शादिपुर में 279, सीरी फोर्ट में 273, श्री अरबिंदो मार्ग पर 289, विवेक विहार में 326 और वज़ीरपुर में 327 दर्ज किया गया।केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, दिल्ली के आईटीओ में AQI 284 है, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। हर साल सर्दियों के दौरान दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है, लेकिन इस बार सर्दियों से पहले ही प्रदूषण बढ़ने लगा है। पटाखों पर प्रतिबंध के बावजूद, एक दिन दिल्ली का AQI 400 के पार पहुंच गया था। हालांकि, फिलहाल प्रदूषण का स्तर पहले से कुछ कम है। - भुवनेश्वर,।ओडिशा के भुवनेश्वर में लिंगराज मंदिर प्रशासन ने अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के मंदिर में जाने की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद एक सेवादार व एक अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया। मंदिर के भीतर तस्वीरें लेने पर प्रतिबंध है।शिल्पा शेट्टी को मंदिर परिसर में तस्वीरें खींचने और वीडियो बनाने की अनुमति कैसे दी गई, इस बात को लेकर श्रद्धालुओं में नाराजगी के बाद यह कदम उठाया गया। सूत्रों ने बताया कि शिल्पा शेट्टी सोमवार को एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए राज्य की राजधानी में थीं और शाम को मंदिर गईं। भुवनेश्वर के अतिरिक्त जिलाधिकारी (एडीएम) और मंदिर प्रशासन के प्रभारी रुद्र नारायण मोहंती ने बताया, “हमारे संज्ञान में आया है कि शिल्पा शेट्टी की तस्वीरें वायरल हुई हैं। हमने मामले के संबंध में एक सेवादार और एक पर्यवेक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया। उन्हें सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देना होगा।” मोहंती ने बताया कि दोनों को अभिनेत्री के साथ तस्वीरों में देखा गया था।स्थानीय विधायक बाबू सिंह ने भी इस बात पर चिंता जताई कि प्रतिबंध के बावजूद मंदिर परिसर में कैमरे या मोबाइल फोन कैसे ले जाने दिए गए। सिंह ने कहा, “यहां तक कि जब प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति मंदिर में आते हैं, तब भी अंदर कैमरा ले जाने की अनुमति नहीं होती। मंदिर में आने वाली मशहूर हस्तियों को भी परिसर के अंदर मोबाइल फोन न ले जाने का निर्देश दिया जाता है, लेकिन फिर भी ये गलतियां हो रही हैं। ऐसी घटनाओं में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
- नयी दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि इस साल की दीपावली ऐतिहासिक होगी क्योंकि 500 साल के इंतजार के बाद इस त्योहार पर अयोध्या में रामलला के जन्मस्थान पर बने मंदिर में हजारों दीप जलाये जाएंगे। मोदी ने कहा ये ऐसी दीपावली होगी जब भगवान राम एक बार फिर अपने घर आए हैं और इस बार ये प्रतीक्षा 14 वर्षों के बाद नहीं, बल्कि 500 वर्षों बाद पूरी हो रही है। प्रधानमंत्री ने यह टिप्पणी स्वास्थ्य क्षेत्र की करीब 12,850 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद अपने संबोधन में की। इससे पहले, एक अन्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘इस साल की दीपावली बहुत खास है, बहुत विशेष है...500 वर्षों के बाद प्रभु श्री राम अयोध्या के अपने भव्य मंदिर में विराजमान हैं। और उस भव्य मंदिर में विराजमान होने के बाद ये पहली दीपावली है।'' उन्होंने कहा कि इस दीपावली की प्रतीक्षा में कई पीढ़ियां गुजर गईं, लाखों लोगों ने बलिदान दिए और यातनाएं झेलीं। उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी बहुत सौभाग्यशाली हैं जो ऐसी विशेष, खास, भव्य दीपावली के साक्षी बनेंगे।'' इस साल जनवरी में अयोध्या मंदिर में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने इस कार्यक्रम का नेतृत्व किया था। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर निर्माण से आगे बढ़कर अगले 1,000 साल के भारत की नींव रखने का आह्वान किया था। उन्होंने कहा था कि राम के विचार, ‘मानस के साथ ही जनमानस' में भी हों, यही राष्ट्र निर्माण की सीढ़ी है।




















.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpeg)
.jpg)