- Home
- देश
-
नयी दिल्ली। पशु कल्याण समूह 'पेटा' ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के अध्यक्षों को पत्र लिखकर 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए अपने चुनावी घोषणापत्र में पशु कल्याण संबंधी नीतियों को शामिल करने का आग्रह किया है। ‘पशुओं के साथ नैतिक व्यवहार के पक्षधर लोग' (पेटा) ने राजनीतिक दलों से जानवरों को बेहतर सुरक्षा प्रदान करने और उनके खिलाफ क्रूरता करने वालों को कठोर दंड प्रदान करने संबंधी नीतियों और कानून को अपने चुनावी घोषणापत्रों में शामिल करने का आग्रह किया है।
पेटा की ओर से लिखे गए पत्रों में अत्याधुनिक अनुसंधान के तौर-तरीकों वाले प्रयोगों में जानवरों के इस्तेमाल को चरणबद्ध तरीके से हटाने और अभिनय में हाथियों के इस्तेमाल पर रोक लगाने के अनुरोध शामिल हैं। पेटा की भारतीय शाखा की निदेशक खुशबू गुप्ता ने कहा, ‘‘यह अत्यंत महत्वपूर्ण है कि सभी जीवित प्राणियों के कल्याण पर समुचित ध्यान दिया जाए और उनकी सुरक्षा की जाए।
मौजूदा समय में किसी जानवर के साथ क्रूरता करने वाला व्यक्ति सिर्फ 10 रुपये के जुर्माने का भुगतान करके बच सकता है।'' पेटा ने कहा कि पशु क्रूरता निवारण अधिनियम-1960 साठ वर्ष से अधिक पुराना कानून है, इसलिए ‘‘जानवरों की पर्याप्त सुरक्षा के लिए इसमें तत्काल संशोधन की आवश्यकता है।'' -
नयी दिल्ली। सरकार ने मंगलवार को संसद को सूचित किया कि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर)-राष्ट्रीय कैंसर रजिस्ट्री कार्यक्रम (एनसीपीआर) के अनुसार देश में कैंसर के मरीजों की संख्या 2022 के 14.6 लाख से बढ़कर 2025 में 15.7 लाख हो जाने का अनुमान है।
इस संबंध में सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में विस्तार से बताते हुए स्वास्थ्य राज्य मंत्री भारती प्रवीण पवार ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत और व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा के एक हिस्से के रूप में देश में मधुमेह, उच्च रक्तचाप और सामान्य कैंसर जैसे सामान्य गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की रोकथाम, नियंत्रण और स्क्रीनिंग के लिए जनसंख्या आधारित पहल शुरू की गई है। इस पहल के तहत, 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को तीन सामान्य कैंसर- मुंह, स्तन और गर्भाशय ग्रीवा के लिए स्क्रीनिंग की खातिर लक्षित किया गया है।
मंत्री ने राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि आयुष्मान भारत स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र योजना के तहत इन सामान्य कैंसर के लिए स्क्रीनिंग सेवा का एक अभिन्न अंग है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग राज्यों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर कैंसर, मधुमेह, हृदय रोग और आघात निवारण एवं नियंत्रण कार्यक्रम (एनपीसीडीसीएस) के तहत राज्यों और संघ राज्य क्षेत्रों को तकनीकी और वित्तीय सहायता प्रदान करता है। कैंसर के तीन सबसे आम प्रकार - मुंह, स्तन और गर्भाशय ग्रीवा - एनपीसीडीसीएस का एक अभिन्न अंग हैं।
पवार ने कहा कि यह कार्यक्रम बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, मानव संसाधन विकास, स्वास्थ्य संवर्धन और रोकथाम के लिए जागरूकता पैदा करने, शीघ्र निदान, प्रबंधन और कैंसर सहित एनसीडी के उपचार के लिए स्वास्थ्य सुविधा के उचित स्तर पर रेफरल पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्तर पर कल्याण गतिविधियों और लक्षित संचार को बढ़ावा देकर आयुष्मान भारत स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र योजना के माध्यम से व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल के तहत कैंसर के निवारक पहलू को मजबूत किया गया है।
कैंसर पर जन जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने के लिए अन्य पहलों में राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस और विश्व कैंसर दिवस का अवलोकन और निरंतर सामुदायिक जागरूकता के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया का उपयोग शामिल है। -
नयी दिल्ली। गर्मी जल्दी आने और औद्योगिक क्षेत्र में बिजली की मांग में उछाल के बीच सार्वजनिक क्षेत्र की कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) ने मंगलवार को कहा कि वह बिजली क्षेत्र की कोयला मांग को पूरा करने के लिए तैयार है। कोयला उत्पादक कंपनी ने वित्त वर्ष 2023-24 की अप्रैल-जून तिमाही में ऊर्जा क्षेत्र को 15.6 करोड़ टन कोयला आपूर्ति करने की उम्मीद जताई है। यह 2023-24 में क्षेत्र के लिए संशोधित वार्षिक आपूर्ति लक्ष्य 61 करोड़ टन का 25.6 प्रतिशत होगा।
कोल इंडिया ने कहा, “कोयले की मांग बढ़ने के बीच कंपनी को अगले वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 15.6 करोड़ टन कोयले की आपूर्ति की उम्मीद है।” घरेलू कोयला उत्पादन में 80 प्रतिशत का योगदान देने वाली वाली सीआईएल बिजली उत्पादन संयंत्रों में कोयले की प्रमुख आपूर्तिकर्ता है।
कोल इंडिया के पक्ष में एक बात यह भी है कि चालू वित्त वर्ष के अंत तक कोयला खदानों के मुहाने पर भंडार 6.8 करोड़ टन होने की उम्मीद है, जो सोमवार तक 5.73 करोड़ टन था। इसके साथ ही, महारत्न कंपनी उत्पादन की गति को बनाए रखते हुए वित्त वर्ष 2022-23 के अंत तक अपने उत्पादन को 70 करोड़ टन पर ले जाने के रास्ते पर है। -
नयी दिल्ली। दवा कंपनी एली लिली ने मध्यम से गंभीर प्लाक सोरायसिस की बीमारी के इलाज के लिए औषधि पेश की। इसके साथ कंपनी ने त्वचा संबंधी बीमारी की दवा के क्षेत्र में कदम रखा है। कंपनी ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) से अनुमति के बाद उसने कोपेलर (इक्सीकिज़ूमैब) को बाजार में पेश किया है।
दवाई को खास तौर पर उस प्रोटीन को ध्यान में रखने के लिए डिज़ाइन किया गया है, जो सोरायसिस में सूजन बढ़ाने और बनाए रखने में भूमिका निभाता है। एली लिली एंड कंपनी के भारत एवं भारतीय उपमहाद्वीप के प्रबंध निदेशक विनीत गुप्ता ने बयान में कहा, ‘‘त्वचा संबंधी बीमारी के उपचार के लिये औषधि पेश करने के साथ कंपनी को अनूठी दवाएं पेश करने के अपने वादे को पूरा करने में मदद मिलेगी...।' - मुंबई। एशिया की पहली महिला लोको पायलट सुरेखा यादव के खाते में एक और उपलब्धि दर्ज गई है क्योंकि वह हाल में शुरू हुई सेमी-हाई स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन करने वाली देशी पहली महिला बन गई हैं। मध्य रेलवे की ओर से यह जानकारी दी गई कि उन्होंने कल सोमवार को सोलापुर स्टेशन और मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) के बीच इस सेमी-हाई स्पीड ट्रेन का सफल संचालन किया। मध्य रेलवे की ओर से जारी बयान के अनुसार, ट्रेन कल सोमवार (13 मार्च) को तय समय पर सोलापुर स्टेशन से रवाना हुई और आगमन के निर्धारित समय से 5 मिनट पहले ही सीएसएमटी स्टेशन पहुंच गई। बयान में यह भी कहा गया कि 450 किलोमीटर की इस यात्रा पूरी करने पर सुरेखा यादव को सीएसएमटी स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या आठ पर सम्मानित किया गया।मध्य रेलवे के इतिहास में नई उपलब्धिरेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट कर बताया- वंदे भारत नारी शक्ति द्वारा संचालित. पहली महिला लोको पायलट श्रीमती सुरेखा यादव ने वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन किया। मध्य रेलवे ने कामयाबी का जिक्र करते हुए कहा, “वंदे भारत एक्सप्रेस की पहली महिला लोको पायलट बनकर यादव ने मध्य रेलवे के इतिहास में एक और उपलब्धि जोड़ दी है।”बीजेपी नेता संबित पात्रा ने भी ट्वीट कर कहा, वंदे भारत जो नए भारत के अहम विकास इंजनों में से एक है, अब नारी शक्ति द्वारा संचालित किया जा रहा है। श्रीमती सुरेखा यादव वंदे भारत एक्सप्रेस की पहली महिला लोको पायलट हैं।1988 में बनीं पहली महिला ट्रेन ड्राइवरपश्चिमी महाराष्ट्र क्षेत्र में सतारा की रहने वाली सुरेखा यादव 1988 में भारत की पहली महिला ट्रेन ड्राइवर बनी थीं. उन्होंने अपनी कई उपलब्धियों के लिए राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अब तक कई पुरस्कार जीते हैं.मध्य रेलवे ने सीएसएमटी-सोलापुर और सीएसएमटी-साईनगर शिरडी मार्गों पर दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू की हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले महीने 10 फरवरी को हरी झंडी दिखाई थी.रेलवे के अधिकारियों के अनुसार नए ट्रेन रूटों पर लोको पायलटिंग में व्यापक अध्ययन करना होता है और ट्रेन यात्रा के दौरान चालक दल को हर पल सतर्क रहना पड़ता है. रेलवे के अनुसार, “चालक दल की सीखने की प्रक्रिया में सिग्नल का पालन करना, नए उपकरणों पर हाथ आजमाना, चालक दल के अन्य सदस्यों के साथ समन्वय, ट्रेन चलाने के लिए सभी मानदंडों का पालन करना शामिल है.”
- नयी दिल्ली। वरिष्ठ पत्रकार और अंतरराष्ट्रीय मामलों के जाने माने विशेषज्ञ वेद प्रताप वैदिक का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह 78 साल के थे। उनके करीबी सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वैदिक सुबह गुड़गांव स्थित अपने घर में अचानक बेहोश हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मृत्यु हो गई। उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो गया था।वैदिक प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई) की हिंदी समाचार एजेंसी 'भाषा' के संस्थापक-संपादक रहे थे । वह पहले टाइम्स समूह के समाचारपत्र नवभारत टाइम्स में संपादक (विचार) रहने के साथ ही भारतीय भाषा सम्मेलन के अंतिम अध्यक्ष थे।
- नयी दिल्ली । तमिल लेखक पेरुमल मुरुगन को वर्ष 2023 के लिए अंतरराष्ट्रीय बुकर पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है। ‘बुकर प्राइज फाउंडेशन' ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अंतरराष्ट्रीय बुकर पुरस्कार के लिए नामांकित 13 उपन्यासों की ‘लांग लिस्ट' में मुरुगन की पुस्तक ‘‘पियरे'' को शामिल किया गया है। अनिरुद्धन वासुदेवन ने 2016 में इसका तमिल से अंग्रेजी में अनुवाद किया था। यह उपन्यास एक अंतर-जातीय जोड़े की प्रेम कहानी के इर्द-गिर्द घूमता है। 56 वर्षीय मुरुगन पहले ऐसे तमिल लेखक हैं, जिन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है। गौरतलब है कि पिछले साल हिंदी लेखिका गीतांजलि श्री के उपन्यास ‘टूंब ऑफ सेंड' (रेत समाधि) ने बुकर पुरस्कार जीता था। वह बुकर पुरस्कार जीतने वालीं पहली भारतीय लेखिका हैं। पुरस्कार जूरी ने मुरुगन को ‘‘शानदार रचनाकार विशेष रूप से, जातिगत घृणा और हिंसा की गहरी जड़ों को दर्शाने वाला'' करार दिया है। मुरुगन ने कहा, ‘‘अभी कुछ मिनट पहले किसी ने मुझे यह खबर दी। मैं बहुत खुश हूं और यह मेरे लेखन के लिए बहुत बड़ी स्वीकृति है...‘पायरे' झूठी शान के लिए हत्या से संबंधित है। झूठी शान के लिए हत्या हमारे देश में एक बहुत बड़ी समस्या है। मुझे उम्मीद है कि इस उपन्यास के बाद और अधिक लोग इस मुद्दे के बारे में जान पाएंगे।'
- नयी दिल्ली। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को कहा कि उन्हें विश्वास है कि युवा शक्ति के बल पर भारत 2047 तक ‘विश्व गुरु' बन जाएगा। यहां ‘राष्ट्रीय युवा सम्मेलन 2023' को संबोधित करते हुए मंत्री ने यह बात कही।एक बयान के मुताबिक, पुरी ने कहा कि हाल के वर्षों के दौरान देश में स्टार्ट-अप में वृद्धि युवाओं की उद्यमशीलता की प्रकृति को दर्शाती है। भारत की जी20 अध्यक्षता के तत्वावधान में आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय और युवा मामलों एवं खेल मंत्रालय के सहयोग से ‘नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स' (एनआईयूए) द्वारा सम्मेलन की मेजबानी की गई।
- नयी दिल्ली । बेहतर कल के लिए कृषि क्षेत्र में बदलाव लाने के मकसद से विश्व बैंक और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) इस महीने पहला अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करने जा रहा है। तीन दिवसीय सम्मेलन (21 से 23 मार्च) का विषय- ‘ब्लेंडेड लर्निग इकोसिस्टम फॉर हायर एजुकेशन इन एग्रीकल्चर' है। इस सम्मेलन की मेजबानी आईसीएआर और भारतीय कृषि सांख्यिकी शोध संस्थान (आईएएसआरआई) जैसी प्रमुख संस्था कर रही है। सम्मेलन का उद्घाटन केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर करेंगे। यह सम्मेलन, उच्च कृषि शिक्षा के लिए अत्याधुनिक मिश्रित शिक्षा प्रणाली के विकास की दिशा में गठबंधन को सहयोग प्रदान करने वाला एक बहुसाझीदार वैश्विक मंच है। आईसीएआर की एक विज्ञप्ति के अनुसार, इस सम्मेलन का उद्देश्य अकादमिक क्षेत्र, उद्योग, सरकार तथा बहुपक्षीय एवं द्विपक्षीय संगठनों से साझीदारों का एक वैश्विक परिवेश विकसित करने की सुविधा प्रदान करना है। कई अन्य मंत्रालय भी इस सम्मेलन के प्रतिभागी होंगे। file photo
- अयोध्या (उप्र) । अयोध्या में निर्माणाधीन भव्य राम मंदिर के पुराने परिक्रमा मार्ग को चार लेन सड़क में तब्दील कर 14 कोसी परिक्रमा मार्ग से जोड़ा जाएगा। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। हर साल दीपावली के अवसर पर लाखों श्रद्धालु इस मार्ग से परिक्रमा करते हैं। चूंकी राम मंदिर का निर्माण बहुत तेज गति से हो रहा है, ऐसे में भविष्य में परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या करोड़ों में पहुंच सकती है। अयोध्या के जिलाधिकारी नीतीश कुमार ने बताया "राज्य सरकार ने परिक्रमा मार्ग को चार लेन का बनाने के लिए 1164 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। हमने 25 किलोमीटर लंबे 14 कोसी परिक्रमा मार्ग को चौड़ा करने के लिए उसके दायरे में आ रहे मकानों और दुकानों के अधिग्रहण की प्रतिपूर्ति की रकम चुकाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।" उन्होंने बताया कि 14 कोसी मार्ग में एक भी मस्जिद नहीं आ रही है। हालांकि, इसके दायरे में 23 बड़े छोटे मंदिर जरूर आ रहे हैं। इसके अलावा एक हजार से ज्यादा मकान और दुकानें भी इस परियोजना से प्रभावित होंगी। जिलाधिकारी ने कहा कि इन सभी का पंजीकरण किया जाएगा और उन्हें समुचित मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मार्ग को चौड़ा करने के दौरान भूमिगत बिजली केबल डाले जाएंगे और सीवर लाइन भी बिछाई जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि साथ ही साथ पेड़ लगाकर सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा।
-
नासिक. महाराष्ट्र में विभिन्न मांगों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के नेतृत्व में किसानों और श्रमिकों द्वारा रविवार को नासिक जिले के डिंडोरी शहर से मुंबई तक पैदल मार्च शुरू किया गया। आयोजकों ने कहा कि प्याज के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी), कृषि उपज के लिए उचित मूल्य, किसानों के लिए बिजली बिल माफी, वन भूमि अधिकार और बेमौसम बारिश के कारण फसलों के नुकसान के लिए मुआवजा की मांग जल्द से जल्द पूरी करने को लेकर हजारों किसान और असंगठित क्षेत्र के श्रमिक “लॉन्ग मार्च” में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कई मान्यता प्राप्त सामाजिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता या आशा कार्यकर्ता और जनजातीय समुदाय के लोग भी मार्च में शामिल हैं। नासिक शहर से लगभग 25 किलोमीटर दूर डिंडोरी से दोपहर 12 बजे शुरू हुए मार्च का नेतृत्व पूर्व विधायक जे. पी. गावित कर रहे हैं। मार्च में शामिल लोगों के हाथ में माकपा के लाल झंडे और तख्तियां थी जिसपर लिखा था-प्याज के लिए समर्थन मूल्य दो। गावित ने कहा, “हालांकि राज्य और केंद्र में माकपा सत्ता में नहीं है, लेकिन हम लोगों के समर्थन से लोगों की समस्याओं के लिए लड़ रहे हैं। हम ऐसा कुछ भी नहीं करेंगे जिससे आम जनता को परेशानी हो।” आयोजकों ने कहा कि नासिक शहर पहुंचने के बाद मार्च में शामिल लोग महाराष्ट्र यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (एमयूएचएस) के सामने मैदान में रात को रुकेंगे। नासिक और मुंबई के बीच की दूरी लगभग 170 किलोमीटर है।
-
पटना. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को जनता दल (यूनाइटेड) (जदयू) की पूर्व सांसद मीना सिंह के पार्टी में शामिल होने का दावा किया। सिंह ने 2009 से 2014 तक आरा लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था। वह भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष संजय जायसवाल और केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय की मौजूदगी में अपने बेटे विशाल के साथ भाजपा में शामिल हो गईं। जायसवाल और राय ने कहा कि सिंह का जद (यू) छोड़ना उसके ‘‘पतन'' को चिह्नित करता है और संकेत देता है कि पार्टी के सुप्रीमो एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ‘‘अपने ही लोगों का विश्वास खो रहे हैं।'' पूर्व सांसद ने इस महीने की शुरुआत में जद(यू) छोड़ दी थी और कुमार के अपने प्रतिद्वंद्वी लालू प्रसाद के राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से हाथ मिलाने पर नाराजगी जताई थी। सिंह ने भाजपा में शामिल होने के बाद कहा, ‘‘मैं मुख्यमंत्री का अब भी बहुत सम्मान करती हूं, लेकिन अब वह ऐसे व्यक्ति प्रतीत होते हैं, जो अपने निर्णय स्वयं नहीं लेते।'' दिलचस्प बात यह है कि पिछले महीने जद(यू) छोड़ने वाले और अपनी नई पार्टी बनाने वाले उपेंद्र कुशवाहा ने भी इसी प्रकार का दावा किया था। उनके भी लोकसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होने की संभावना है। मीना सिंह ने अपने पति अजीत कुमार सिंह के निधन के बाद 2007 में हुए उपचुनाव के जरिए चुनावी राजनीति में कदम रखा था।
-
बलिया (उत्तर प्रदेश) . जिले के हनुमानगंज शिक्षा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय, निधरिया में मानसिक रूप से कमजोर दूसरी कक्षा के बच्चे की पिटाई करने और उसे बेंच पर पटकने का वीडियो वायरल होने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने मामले में आरोपी शिक्षक के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीराम सिंह ने रविवार को बताया कि उन्हें मीडिया के जरिए शनिवार को पता चला कि कंपोजिट विद्यालय, निधरिया की एक शिक्षिका ने एक छात्र की पिटाई की है। उन्होंने कहा, मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने बताया, खंड शिक्षा अधिकारी लोकेश मिश्र को जांच कर तत्काल आख्या देने का निर्देश दिया गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर शनिवार को वायरल हुए एक वीडियो में कंपोजिट विद्यालय, निधरिया के दूसरी कक्षा छात्र कार्तिक (सात) कह रहा है कि मैडम ने उसे बेंच पर पटक दिया और पिटाई की। वायरल वीडियो में कार्तिक के पिता सुनील कुमार यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि शिक्षका ने कार्तिक पर नट बोल्ट की चोरी का आरोप लगा कर पहले तीन राउंड में पिटाई की तथा इसके बाद उसे बेंच पर पटक दिया। वीडियो के अनुसार, शिक्षिका ने घटना के बाद कार्तिक को धमकाया कि वह घर पर किसी को इसके बारे में ना बताए वरना फिर पिटाई होगी। कार्तिक मानसिक रूप से कमजोर है। -
धारवाड़ (कर्नाटक). प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को यहां श्री सिद्धारूढ़ा स्वामीजी हुब्बल्लि स्टेशन पर “दुनिया का सबसे लंबा रेलवे प्लेटफॉर्म” राष्ट्र को समर्पित किया। अधिकारियों ने कहा कि इस उपलब्धि को हाल ही में ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' द्वारा मान्यता दी गई है। उन्होंने कहा कि 1,507 मीटर लंबा प्लेटफॉर्म लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। मोदी ने यहां एक कार्यक्रम में क्षेत्र में संपर्क बढ़ाने के लिए होसपेटे-हुब्बल्लि-तिनाईघाट खंड के विद्युतीकरण और उन्नत होसपेटे स्टेशन को भी राष्ट्र को समर्पित किया। अधिकारियों ने बताया कि 530 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित, विद्युतीकरण परियोजना विद्युत कर्षण पर निर्बाध ट्रेन संचालन प्रदान करती है। पुनर्विकसित होसपेटे स्टेशन यात्रियों को सुविधाजनक और आधुनिक सुविधाएं प्रदान करेगा। स्टेशन को हम्पी स्मारकों के समान डिजाइन किया गया है। प्रधानमंत्री ने हुब्बल्लि-धारवाड़ स्मार्ट सिटी की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इन परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत लगभग 520 करोड़ रुपये है। मोदी ने जयदेव अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र की भी आधारशिला रखी। इसे 250 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्र में जल आपूर्ति को और बढ़ाने के लिए, प्रधानमंत्री ने धारवाड़ बहु ग्राम जलापूर्ति योजना की आधारशिला रखी जिसे 1,040 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया जाएगा। उन्होंने तकरीबन 150 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाली तुप्पारीहल्ला बाढ़ क्षति नियंत्रण परियोजना की आधारशिला भी रखी। परियोजना का मकसद बाढ़ से होने वाले नुकसान को कम करना है। -
नयी दिल्ली। भारत में मौसमी इंफ्लूएंजा के उप-स्वरूप एच3एन2 के मामलों में वृद्धि के बीच केन्द्र ने कुछ राज्यों में कोविड-19 संक्रमण दर में क्रमिक बढ़ोतरी को लेकर शनिवार को चिंता व्यक्त की और कहा कि इससे तुरंत निपटने की जरूरत है। केंद्र ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से इंफ्लूएंजा जैसी बीमारी (आईएलआई) या गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण (एसएआरआई) के मामलों के रूप में पेश होने वाले श्वसन संबंधी रोगों की एकीकृत निगरानी के लिए दिशानिर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया।
राज्यों से दवाओं और मेडिकल ऑक्सीजन की उपलब्धता, कोविड-19 और इन्फ्लूएंजा के खिलाफ टीकाकरण जैसी अस्पताल की तैयारियों का जायजा लेने का भी अनुरोध किया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को शनिवार को लिखे एक पत्र में कहा है, ‘‘हालांकि पिछले कुछ महीनों में कोविड-19 के मामले कम होते जा रहे है लेकिन कुछ राज्यों में कोविड-19 संक्रमण दर में क्रमिक वृद्धि हुई है जो चिंता का एक मुद्दा है और इससे तेजी से निपटा जाना चाहिए।''
भूषण ने कहा कि नए मामलों की कम संख्या, अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या में कमी और कोविड-19 टीकाकरण के मामले में महत्वपूर्ण प्रगति के बावजूद, सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जांच, इलाज और टीकाकरण पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए और कोविड उपयुक्त व्यवहार का पालन किये जाने की जरूरत है।
देशभर के कुछ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में अन्य आईएलआई और एसएआरआई में बढ़ते रुझान के मद्देनजर, केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों और संबंधित संगठनों के साथ वर्तमान स्थिति की समीक्षा करने के लिए हाल में एक बैठक आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा, ‘‘विभिन्न प्रयोगशालाओं में विश्लेषण किए जा रहे नमूनों में इन्फ्लुएंजा ए (एच3एन2) विशेष रूप से चिंता का विषय है। यह भी ध्यान में रखा जाना चाहिए कि बच्चे, बुजुर्ग लोग और गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोगों में एच1एन1, एच3एन2 का अधिक खतरा है।'' भूषण ने पत्र में कहा है कि इन बीमारियों को फैलने से रोकने के लिए लोगों को स्वच्छता के बारे में जागरूक करना जरूरी है। -
अमेठी . केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि ओलंपिक की तर्ज पर "अमेठी सांसद खेल प्रतियोगिता" का आयोजन 15 से 30 अप्रैल तक किया जायेगा। यहां गौरीगंज के इंदिरा गांधी पीजी कालेज में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री के आशीर्वाद से खेल को बढ़ावा देने के लिए अमेठी में उत्थान सेवा संस्थान द्वारा 15 से 30 अप्रैल तक सांसद खेल प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। उन्होंने कहा, ‘‘इसमें जिला स्तरीय विजयी टीम को पांच लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को दो लाख 50 हजार तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को एक लाख 25 हजार का पुरस्कार दिया जाएगा। '' उन्होंने बताया कि इस आयोजन में जी-20 विषय पर 300 बेटियां और 700 युवा अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम में जी-20 की थीम और युवा संसद का समन्वय करते हुए जिला स्तरीय आयोजन में भारत की जी-20 अध्यक्षता के महत्व, उसके दूरगामी परिणामों और भारत के वैश्विक मंचों पर सशक्त उपस्थिति आदि विषयों पर सत्र आयोजित किया जाएगा। गौरतलब है कि स्मृति ईरानी लोकसभा में अमेठी संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं, जिन्होंने 2019 के आम चुनाव में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को पराजित किया था।
-
गंगटोक। भारतीय सेना के जवानों ने नाथुला और सोमगो झील से गंगटोक जा रहे उन 900 पर्यटकों को स्थानीय पुलिस और प्रशासन की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला जो भारी बर्फबारी के कारण फंस गए थे। एक रक्षा अधिकारी ने यह जानकारी दी।
रक्षा जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत ने बताया कि भारतीय सेना की त्रिशक्ति कोर ने जवाहरलाल नेहरू रोड और नरेन्द्र मोदी मार्ग पर शनिवार देर रात तक फंसे रहे पर्यटकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और उन्हें गर्म कपड़े, चिकित्सा सहायता एवं गर्म भोजन मुहैया कराया।
उन्होंने बताया कि 142 महिलाओं और 50 बच्चों समेत कम से कम 360 पर्यटकों ने सेना के शिविरों में रात बिताई, जबकि कई अन्य लोग सेना और पुलिस की मदद से गंगटोक पहुंचे। रक्षा अधिकारी ने बताया कि रविवार को सड़कों को साफ कर दिया गया।
पूर्वी सिक्किम में भारी बर्फबारी के मद्देनजर प्रशासन ने फिलहाल नाथुला और सोमगो झील के लिए पास जारी करना बंद कर दिया है।फाइल फोटो
-
भद्रवाह। जम्मू-कश्मीर में भद्रवाह इलाके के लगभग 2,500 किसानों ने लाभकारी लैवेंडर की खेती को अपनाने के लिए मक्का उगाने की अपनी सदियों पुरानी परंपरा को छोड़ दिया है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि भद्रवाह में इस सुगंधित फूल की खेती ने देश में बैंगनी क्रांति लाकर इतिहास रच दिया है। केंद्र सरकार के अरोमा मिशन के तहत लैवेंडर की खेती कर रहे डोडा जिले के इन किसानों के अनुसार सुगंधित पौधों की अपरंपरागत खेती ने उन्हें 'आत्मनिर्भर' बनने में मदद की है।
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटिव मेडिसिन (आईआईआईएम) ने सीएसआईआर-अरोमा मिशन के तहत जम्मू संभाग के समशीतोष्ण इलाकों में 2018 में लैवेंडर की खेती को बढ़ावा दिया था। संस्थान ने शुरू में इसे डोडा, किश्तवाड़ और राजौरी जिलों में लोकप्रिय बनाने की कोशिश की।ॉ उपयुक्त ठंडी जलवायु और अनुकूल परिस्थितियों को पाकर भद्रवाह क्षेत्र के कुछ छोटे और सीमांत किसानों ने जोखिम उठाया और 2017 में लैवेंडर की खेती की ओर रुख किया।
तब तक वे केवल मक्का की खेती ही करते थे। प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री सिंह ने कहा, ''मुझे बहुत गर्व महसूस हो रहा है, क्योंकि लैवेंडर की खेती की सफलता के कारण भद्रवाह का नाम हमारे देश में प्रसिद्ध हो गया है।'' उन्होंने कहां ''जब हमने यह पहल शुरू की, तो लोगों को लैवेंडर की फसल और उसके बाजार के बारे में जानकारी नहीं होने के कारण नुकसान का डर था। हमने (सरकार) लोगों को जागरूक करने के लिए कई पहल की, जिसके चलते हजारों लोगों ने, विशेष रूप से युवा पीढ़ी ने पारंपरिक फसल से लैवेंडर की ओर रुख किया।
इसके बाद उनकी आय बढ़ी और वे देश के अन्य हिस्सों के लिए प्रेरणा बनें।'' सिंह उधमपुर संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिसमें डोडा भी शामिल है। उन्होंने कहा कि उद्यमी खुशी से लैवेंडर के क्षेत्र में काम कर रहे हैं, जिससे न केवल उनकी आय बढ़ी है, बल्कि वे दूसरों के लिए रोजगार भी पैदा कर रहे हैं। मंत्री ने कहा कि सरकार लैवेंडर से जुड़े किसानों को वित्त पोषण, प्रौद्योगिकी और विपणन सहित सभी तरह की मदद दे रही है, ताकि उन्हें किसी भी स्तर पर समस्या का सामना न करना पड़े। -
काठमांडू। नेपाल के सिंधुली जिले में रविवार को एक बस के पहाड़ी से टकरा जाने से उसमें सवार दो महिलाओं सहित कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि ओखलढुंगा से काठमांडू जा रही बस मिड-हिल राजमार्ग के निकट फिक्कल ग्रामीण नगर पालिका-4 में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस में 34 यात्री सवार थे। पुलिस ने बताया कि हादसे में तीन पुरुषों, दो महिलाओं और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस उपाधीक्षक चिरंजीवी दाहाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खो देने के बाद बस पहाड़ी से टकरा गई। उन्होंने बताया कि घायल यात्रियों को खुरकोट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक राज कुमार सिलवाल ने बताया कि गंभीर रूप से घायल यात्रियों में से पांच को इलाज के लिए हवाई मार्ग से काठमांडू लाया जाएगा। पुलिस ने बताया कि बस चालक फरार है। -
नयी दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र की तीन बीमा कंपनियों की वित्तीय हालत सुधारने के लिए सरकार उनमें और पूंजी लगा सकती है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह अनुमान लगाया है। सरकार ने पिछले साल तीन बीमा कंपनियों- नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड और यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी में 5,000 करोड़ रुपये की पूंजी लगाई थी।
अधिकारी ने बताया कि चालू वित्त वर्ष के प्रदर्शन के आधार पर, वित्त मंत्रालय इस पर निर्णय लेगा कि कंपनियों को विनियामक आवश्यकता को पूरा करने के लिए कितनी पूंजी की आवश्यकता होगी। अधिकारी ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है और इन संस्थाओं में उनकी सॉल्वेंसी मार्जिक को बढ़ाने के लिए पूंजी डाली जाएगी। सॉल्वेंसी मार्जिक वह अतिरिक्त पूंजी है, जिसे कंपनियों को वहन की जा सकने वाली संभावित दावा राशि के अतिरिक्त रखना होता है। इससे विषम परिस्थितियों में कंपनी को सभी दावों का निपटान करने में मदद मिलती है। -
नवसारी। गुजरात में नवसारी जिले के रावनिया गांव में रविवार को एक घर में चार महीने की बच्ची और उसकी सात साल की बहन समेत एक परिवार के चार सदस्यों के शव पाये गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया बच्चों के माता-पिता ने घर के एक कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या करने से पहले बच्चों की हत्या कर दी।
वंसदा पुलिस निरीक्षक बीएम चौधरी ने कहा, “दो बच्चों के शव जमीन पर पड़े मिले। जाहिर तौर पर उनके माता-पिता ने गला दबाकर उनकी हत्या की।” उन्होंने बताया कि परिवार का मुखिया चुन्नीलाल गावित (39) दमन में एक आयुर्वेदिक कंपनी में काम करता था। चौधरी ने बताया, “हत्या, आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।” -
नयी दिल्ली। एक नए अध्ययन के अनुसार, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की सीमा से ओजोन का स्तर अधिक होने से हृदयाघात और आघात (स्ट्रोक) से पीड़ित मरीजों की अस्पतालों में भर्ती होने की संख्या बढ़ी है। इस बारे में पहला प्रमाण ‘यूरोपियन हार्ट जर्नल' में प्रकाशित हुआ है।
अध्ययन में कहा गया है कि डब्ल्यूएचओ के अधिकतम स्तर से कम ओजोन का स्तर भी खराब स्वास्थ्य से जुड़ा है। चीन के शीआन जियाओतोंग विश्वविद्यालय के अध्ययन लेखक प्रोफेसर शाओवेई वू कहा, ‘‘इस तीन वर्षीय अध्ययन के दौरान, हृदय रोगियों की अस्पतालों में बढ़ती संख्या के लिए ओजोन जिम्मेदार कारक है।'' उन्होंने कहा, ‘‘हमारे नतीजों से संकेत मिलता है कि बुजुर्ग लोग विशेष रूप से ओजोन के प्रतिकूल हृदय संबंधी प्रभावों के प्रति संवेदनशील होते हैं, जिसका मतलब है कि जलवायु परिवर्तन के साथ ओजोन प्रदूषण और वैश्विक आबादी की तेजी से उम्र बढ़ने से भविष्य में हृदय रोग के और भी अधिक जोखिम पैदा हो सकते हैं।''
ओजोन एक गैस है और मुख्य वायु प्रदूषक है। ओजोन प्रदूषण ओजोन परत से भिन्न है, जो सूर्य के पराबैंगनी विकिरण को अवशोषित करती है। ओजोन प्रदूषण तब बनता है जब अन्य प्रदूषक सूर्य के प्रकाश में प्रतिक्रिया करते हैं। ये अन्य प्रदूषक वाष्पशील कार्बनिक यौगिक और नाइट्रोजन ऑक्साइड हैं जो मोटर वाहनों, बिजली संयंत्रों, औद्योगिक बॉयलरों, रिफाइनरियों, रासायनिक संयंत्रों और बायोमास और जीवाश्म ईंधन जलाने से उत्सर्जित होते हैं।
पिछले अध्ययनों से पता चला है कि ओजोन प्रदूषण हृदय और रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचाता है, लेकिन हृदय रोगों के खतरे पर इसके प्रभाव के बारे में सीमित और अनिर्णायक सबूत हैं। अध्ययन में कहा गया है कि परिवेशी ओजोन प्रदूषण और हृदय रोग के लिए अस्पताल में भर्ती होने के जुड़े होने के बारे में जांच की गई। चीन के 70 शहरों में 2015 से 2017 के दौरान हृदय रोग से पीड़ित प्रतिदिन अस्पताल में भर्ती होने वाले लोगों के आंकड़े दो मुख्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा तंत्र से एकत्र किए गए थे।
अध्ययन अवधि के दौरान, 70 शहरों में हृदय रोग के लिए 64,44,441 लोग अस्पताल में भर्ती हुए थे और औसत दैनिक आठ घंटे की अधिकतम ओजोन सांद्रता 79.2 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर (यूजी/एम3) थी। अध्ययन के अनुसार हृदय संबंधी बीमारियों के लिए अस्पताल में भर्ती होने का संबंध ओजोन से जुड़ा था। - श्रीनगर,।जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में एक महिला की कथित तौर पर हत्या करने और शव के कई टुकड़े कर शरीर के अंगों को अलग-अलग स्थानों पर दफनाने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक प्रवक्ता के मुताबिक, आठ मार्च को मध्य कश्मीर में सोईबग पुलिस चौकी को तनवीर अहमद खान का एक आवेदन मिला था जिसमें उन्होंने बताया कि सात मार्च को उनकी बहन कोचिंग के लिए निकली लेकिन घर नहीं लौटी। प्रवक्ता ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज की और वह जांच में जुट गयी। जांच के दौरान, पुलिस ने मोहनपोरा बडगाम निवासी आरोपी शब्बीर अहमद वानी सहित कई संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि लगातार पूछताछ के बाद, आरोपी अहमद ने अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली और पुलिस को बताया कि उसने महिला के शव के कई टुकड़े कर दिए थे और शरीर के हिस्सों को अलग-अलग जगहों पर दफना दिया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी अहमद के खुलासे के बाद शरीर के अंग बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, फिलहाल चिकित्सा-कानूनी औपचारिकताएं चल रही हैं और आगे की जांच जारी है।
- बुरहानपुर (मप्र)। मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में रविवार को एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और तीन नाबालिग बेटियों की कथित तौर पर हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी है। उन्होंने बताया कि यह घटना नेपानगर थाना क्षेत्र के ग्राम डवालीखुर्द में हुई।बुरहानपुर जिले के पुलिस अधीक्षक राहुल कुमार लोढा ने बताया, ‘‘ग्राम डवालीखुर्द में आरोपी मनोज (35) ने पहले अपनी पत्नी साधना (32) सहित तीन बेटियों अप्सरा (10), नेहा (8) और तन्नू (3) की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके बाद आरोपी खुद फांसी पर लटक गया।'' उन्होंने कहा कि सम्भवतः आरोपी मनोज का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और उसी के चलते उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। लोढा ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।(सांकेतिक फोटो)
- नयी दिल्ली। एक सरकारी सर्वेक्षण के अनुसार 2020-2021 के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में 95 प्रतिशत और शहरों में 97.2 प्रतिशत लोगों की पेयजल के बेहतर स्रोतों तक पहुंच रही। राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण (एनएसएस) के 78वें दौर के ‘मल्टीपल इंडिकेटर सर्वे' (एमआईएस) पर आधारित रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रामीण इलाकों में लगभग 56.3 प्रतिशत और शहरी इलाकों में लगभग 76.3 फीसदी लोगों ने घरेलू परिसरों में स्थित पेयजल के उन्नत स्रोतों का इस्तेमाल किया, जो वर्ष भर पर्याप्त रूप से उपलब्ध थे। एमआईएस का प्राथमिक उद्देश्य सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) के कुछ महत्वपूर्ण राष्ट्रीय संकेतकों के निर्माण के लिए आंकड़ा एकत्र करना था। सर्वेक्षण को शुरू में जनवरी-दिसंबर 2020 के दौरान करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण, आंकड़े एकत्र करने का काम 15 अगस्त, 2021 तक जारी रखा गया था। केंद्रीय नमूने के लिए, सर्वेक्षण 14,266 प्रथम चरण इकाइयों (ग्रामीण क्षेत्रों में 8,469 और शहरी क्षेत्रों में 5,797) में किया गया था, जिसमें 2,76,409 घरों के नमूने शामिल थे। मार्च में जारी एमआईएस पर आधारित रिपोर्ट में कहा गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 78.7 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में लगभग 97.1 प्रतिशत परिवारों ने बताया कि घर के ज्यादातर सदस्यों की शौचालय तक पहुंच है। इसमें कहा गया है कि जिन लोगों ने शौचालयों की सुविधा उपलब्ध होने की सूचना दी थी, उनमें से ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 97.5 प्रतिशत जबकि शहरी क्षेत्रों में लगभग 99 प्रतिशत लोग शामिल हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 77.4 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में लगभग 92.7 प्रतिशत लोगों के पास परिसर के भीतर पानी और साबुन/डिटर्जेंट से हाथ धोने की सुविधा है। इसमें कहा गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 49.8 प्रतिशत परिवार और शहरी क्षेत्रों में लगभग 92.0 प्रतिशत परिवार खाना पकाने के लिए ऊर्जा के प्राथमिक स्रोत के रूप में स्वच्छ ईंधन का उपयोग करते हैं। स्वच्छ ईंधन में एलपीजी, अन्य प्राकृतिक गैस, गोबर गैस, अन्य बायोगैस, बिजली (सौर/पवन ऊर्जा जनरेटर द्वारा उत्पन्न सहित) और सौर कुकर आदि शामिल हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 33 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 15-29 वर्ष की आयु के लगभग 39.4 प्रतिशत व्यक्ति सर्वेक्षण से पहले 12 महीनों के लिए औपचारिक और गैर-औपचारिक शिक्षा और प्रशिक्षण में थे। ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 92.5 प्रतिशत परिवारों ने रहने की जगह से दो किलोमीटर के दायरे में सड़कों की उपलब्धता की सूचना दी। ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 11.2 प्रतिशत परिवारों और शहरी क्षेत्रों में लगभग 7.2 प्रतिशत परिवारों ने 31 मार्च, 2014 के बाद आवासीय उद्देश्य के लिए कोई नया घर/फ्लैट खरीदा या बनाया।





.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)


















.jpg)