- Home
- देश
-
भुवनेश्वर. ओडिशा में पिछले दिनों स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री नब किशोर दास की गोली मार कर हत्या कर दी गई । राज्य में इस किस्म की यह पहली घटना है जब किसी मंत्री की जान ली गई है। इससे पहले 2011 में बीजू जनता दल (बीजद) के विधायक जगबंधु माझी की माओवादियों ने हत्या कर दी थी। दास की झारसुगुडा जिले में मानसिक विकार से पीड़ित एक पुलिस अधिकारी ने 29 जनवरी, 2023 को कथित तौर पर गोली मार कर हत्या कर दी जबकि 2011 में नबरंगपुर जिले में एक आधिकारिक समारोह के दौरान माओवादियों ने गोलीबारी कर माझी की जान ले ली थी। गृह विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि ओडिशा सरकार ने 2011 में माझी की हत्या के बाद सभी विधायकों को निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) मुहैया कराए थे। झारसुगुडा जिले के ब्रजराजनगर के गांधी चौक में स्वास्थ्य मंत्री दास पर हुए हमले ने लोगों का ध्यान फिर से इस उग्रवाद प्रभावित राज्य में अति विशिष्ट लोगों की सुरक्षा की ओर खींचा है। नबरंगपुर जिले के उमरकोट के तत्कालीन विधायक जगबंधु माझी सितंबर, 2011 में अपने निर्वाचन क्षेत्र के एक गांव में भूमि-स्वामित्व प्रमाण पत्र वितरित कर रहे थे, तभी तीन अज्ञात लोगों ने उन पर और उनके निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) पर गोलियां चला दीं। घटना में विधायक और पीएसओ की मृत्यु हो गई। इस हमले में माओवादियों के शामिल होने की आशंका जताई जाती रही है। इसी तरह दो लोगों ने तत्कालीन पर्यटन और संस्कृति मंत्री महेश्वर मोहंती पर उस समय गोलियां चलाईं, जब वह 22 फरवरी, 2014 को पुरी शहर में एक समारोह से घर लौट रहे थे। हालांकि, मोहंती हमले में बाल-बाल बच गए क्योंकि डॉक्टरों ने उनके बाएं हाथ और पीठ से गोलियां निकाल दीं। पुलिस जांच में पता चला है कि हमला संभवत: जमीन जायदाद के विवाद को लेकर किया गया है। झामुमो के पूर्व नेता और अब बीजद विधायक सुदाम मरांडी को भी संदिग्ध माओवादियों के हमले का सामना करना पड़ा। मरांडी हालांकि हत्या के प्रयास में बच गए। इस घटना में मरांडी के साथ जा रहे तीन सुरक्षाकर्मी मारे गए थे। यह घटना मयूरभंज जिले के बंदम गांव के पास एक फुटबॉल मैच के दौरान हुई थी। इसी तरह, क्योंझर में चंपुआ के एक कांग्रेस विधायक धनुर्जय सिद्धू को भी हत्या के प्रयास का सामना करना पड़ा। 26 फरवरी, 2007 को जब विधायक अपने वाहन से एक कार्यक्रम में जा रहे थे, तब अज्ञात लोगों ने उन पर गोलियां चलाईं। हालांकि डॉक्टर उनकी जान बचाने में सफल रहे। ओडिशा की वाणिज्य और परिवहन मंत्री तुकुनी साहू के पति एवं बीजद नेता अभिमन्यु साहू की कुछ बदमाशों ने 15 दिसंबर, 2013 को सुबह की सैर के दौरान हत्या कर दी थी।
-
इंदौर. मध्यप्रदेश के 34 वर्षीय सब्जी कारोबारी की मौत के बाद उसके अंगदान से हासिल हृदय को सेना के विशेष विमान से सोमवार को इंदौर से पुणे भेजा गया। इस अंग को गंभीर हृदय रोग से जूझ रहे एक फौजी के शरीर में प्रत्यारोपित किया जाएगा। ‘इंदौर सोसायटी फॉर ऑर्गन डोनेशन' के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि उज्जैन में सब्जी का कारोबार करने वाले प्रदीप आसवानी (34) सड़क हादसे में 20 जनवरी की रात घायल हो गए थे। सिर में गंभीर चोट के चलते उन्हें इंदौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने बताया कि इलाज के बावजूद आसवानी की हालत में सुधार नहीं हुआ और चिकित्सकों ने उन्हें दिमागी रूप से मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि शोक में डूबे होने के बावजूद आसवानी के परिजन उनके मरणोपरांत अंगदान के लिए राजी हो गए और इसके बाद शल्य चिकित्सकों ने 34 वर्षीय कारोबारी के मृत शरीर से उनका हृदय, यकृत (लीवर), दोनों गुर्दे (किडनी) और आंखें निकाल लीं। इंदौर संभाग के आयुक्त (राजस्व) डॉ. पवन कुमार शर्मा ने बताया कि आसवानी के मरणोपरांत अंगदान से हासिल हृदय को थल सेना के चिकित्सकों का दल विशेष विमान से पुणे लेकर गया जहां उसे एक फौजी के शरीर में प्रत्यारोपित किया जाएगा। आसवानी की बड़ी बहन नीलम खुशलानी ने कहा,‘‘हमारे परिवार के लिए बड़े गर्व की बात है कि मेरे दिवंगत भाई का हृदय एक सैनिक के शरीर में लगने जा रहा है। मुझे महसूस हो रहा है कि (हृदय प्रत्यारोपण के बाद) मेरा भाई एक सैनिक के रूप में जिंदा रहकर देश की सेवा करेगा।'' ‘इंदौर सोसायटी फॉर ऑर्गन डोनेशन' से जुड़े सामाजिक संगठन ‘मुस्कान ग्रुप' के स्वयंसेवक संदीपन आर्य ने बताया कि आसवानी के मरणोपरांत अंगदान से मिले दो गुर्दे, यकृत और आंखें स्थानीय अस्पतालों में जरूरतमंद मरीजों को प्रत्यारोपित किए जाएंगे। चश्मदीदों ने बताया कि अपनी मौत के बाद अंगदान से पांच लोगों को नयी जिंदगी देने वाले आसवानी के शव को शहर के विशेष जूपिटर हॉस्पिटल से पूरे सम्मान के साथ अंतिम यात्रा के लिए रवाना किया गया। चश्मदीदों के मुताबिक मध्यप्रदेश सशस्त्र पुलिस के जवानों ने दिवंगत आसवानी को बिगुल बजाकर सलामी दी। इस दौरान स्थानीय लोकसभा सांसद शंकर लालवानी और अस्पताल के चिकित्सक व अन्य कर्मी भी मौजूद थे।
-
अमेठी। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने सोमवार को अपने नव निर्मित आवास पर खिचड़ी भोज का आयोजन किया। इस भोज में भाजपा नेताओं के अलावा विपक्षी दलों के लोग भी शामिल हुए। लोकसभा में अमेठी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहीं स्मृति ईरानी ने क्षेत्र में अपना आवास बनाया है। उनका यह आवास गौरीगंज के निकट मेदन मवई गांव में है, जहां पर आज उन्होंने खिचड़ी भोज का आयोजन किया। अपने इस कार्यक्रम में स्मृति ईरानी अपने पति जुबिन ईरानी के साथ मौजूद रही। स्मृति द्वारा आयोजित खिचड़ी भोज में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, विधान परिषद सदस्य शैलेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि सहित भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इस कार्यक्रम में गैर भाजपा नेता भी नजर आये। अमेठी से समाजवादी पार्टी की विधायक और जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति की पत्नी महाराजी देवी प्रजापति, विधान परिषद सदस्य तथा जनसत्ता पार्टी के नेता अक्षय प्रताप सिंह गोपाल जी, समाजवादी पार्टी के नेता शिवप्रताप यादव भी खिचड़ी भोज में शामिल हुए। सपा विधायक महराजी प्रजापति से मीडिया के द्वारा पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि "सांसद के द्वारा हमको खिचड़ी भोज में आमंत्रित किया गया था और हम लोग उसी में आए हैं । सांसद ने हालचाल पूछा और बात हुई।” पत्रकारों से बात करते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि उनकी ओर से आयोजित यह कार्यक्रम कोई राजनीतिक नहीं है, यह निजी कार्यक्रम है, अमेठी परिवार के लोग, सम्मानित जन के साथ ही जनप्रतिनिधि भी आये। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में अमेठी की सांस्कृतिक धारा का परिचय दिखा है। स्मृति ने एक सवाल के जवाब में कहा, “आज मैं किसी भी राजनीतिक सवाल का जवाब नहीं दूंगी, इसके लिए अगली बार बात करुंगी।
-
मुंबई. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को जलगांव ले जा रहा एक विमान खराब मौसम के कारण सोमवार को मुंबई लौट आया। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि शिंदे और फडणवीस ‘ बंजारा कुंभ 2023' कार्यक्रम में हिस्सा लेने मुंबई से करीब 415 किलोमीटर दूर स्थित जलगांव जिले के जामनेर जा रहे थे। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य वक्ता थे। मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी ने बताया कि विमान ने मुंबई से उड़ान भरी लेकिन खराब मौसम के कारण उसे लौटना पड़ा। उन्होंने बताया कि शिंदे और फडणवीस बाद में वीडियो कांफ्रेंस के जरिए कार्यक्रम में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में बंजारा समुदाय के कई नेताओं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
-
नयी दिल्ली। सरकार ने खाद्य तेल निर्माताओं, पैकर्स और आयातकों को अनुचित कारोबारी तौर-तरीकों को रोकने के मकसद से पैकिंग के समय तापमान के बजाय उपरी लेबल पर मात्रा और वजन के संदर्भ में शुद्ध मात्रा का उल्लेख करने के लिए 15 जुलाई तक छह महीने का और समय दिया है। । इससे पहले, लेबलिंग को सही करने के लिए इकाइयों को 15 जनवरी की समयसीमा दी गई थी।
उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आदेश के अनुसार, ‘‘उद्योगों द्वारा अप्रयुक्त पैकेजिंग सामग्री को समाप्त करने के अनुरोध पर विचार करते हुए तापमान का उल्लेख किए बिना खाद्य तेलों आदि की शुद्ध मात्रा घोषित करने की समयसीमा छह महीने के लिए बढ़ा दी गई है।''
राज्यों के विधिक मापविज्ञान अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे खाद्य तेलों के निर्माताओं, पैकर्स और आयातकों के बीच तापमान का उल्लेख किए बिना जिंस को पैक करने के लिए जागरूकता पैदा करें और उन्हें यह सुनिश्चित करने की सलाह दें कि पैकेट में घोषित की गई मात्रा सही हो। चूंकि खाद्य तेल का वजन अलग-अलग तापमान पर भिन्न-भिन्न होता है, इसलिए कंपनियों से कहा गया है कि वे तापमान का उल्लेख किए बिना जिंस को पैक करें।
आदर्श रूप से, खाद्य तेल को 30 डिग्री सेल्सियस पर पैक किया जाना चाहिए। यदि खाद्य तेल को 21 डिग्री सेल्सियस पर पैक किया जाता है, तो वजन 919 ग्राम और 60 डिग्री सेल्सियस पर पैक किया जाता है, तो वजन 892.6 ग्राम होना चाहिए। यह सुनिश्चित करेगा कि उपभोक्ताओं को खरीद के समय पैक में खाद्य तेल की सही मात्रा मिले।
अनुचित कारोबारी तौर-तरीकों के संबंध में खाद्य तेल ब्रांड के खिलाफ बढ़ती उपभोक्ता शिकायतों के बीच यह कदम उठाया गया है। विधिक मापविज्ञान (पैकेटबंद सामग्री) नियम, 2011 के तहत, उपभोक्ताओं के हित में पैकेटबंद जिंसों पर अन्य घोषणाओं के अलावा वजन या माप की मानक इकाई के संदर्भ में शुद्ध मात्रा घोषित करना अनिवार्य है।फाइल फोटो
-
फर्रुखाबाद (उप्र)। फर्रुखाबाद जिले के अमृतपुर क्षेत्र में सगाई से एक दिन पहले एक युवक का शव कथित तौर पर पेड़ से लटकता मिला। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने सोमवार को बताया कि अमृतपुर थाना क्षेत्र के मोकुलपुर गांव के निवासी अंकित (18) का शव रविवार को गांव से बाहर कथित तौर पर एक पेड़ से लटकता मिला।
कुमार के मुताबिक परिवार वालों का कहना है कि अंकित की सोमवार को सगाई होनी थी। रविवार को जब वह खरीदारी करके लौटा, तो उसे किसी व्यक्ति ने फोन करके बाहर बुलाया उसके बाद शाम को उसका शव संदिग्ध हालात में एक पेड़ से लटकता मिला। उन्होंने बताया कि वह एक छात्र था। मामले की जांच जारी है। -
नयी दिल्ली। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को कहा कि पंद्रह साल से पुराने नौ लाख सरकारी वाहनों के एक अप्रैल के बाद सड़क पर चलाने से प्रतिबंधित कर दिया गया है। इनके स्थान पर नए वाहन लगाए जाएंगे। ये वाहन केंद्रीय और राज्य सरकारों, परिवहन निगमों और सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों में लगे हुए हैं।
उद्योग मंडल फिक्की के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि सरकार एथनॉल, मेथनॉल, बायो-सीएनजी, बायो-एलएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को सुविधाजनक बनाने के लिए कई कदम उठा रही है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने कहा, ''हमने अब 15 साल से ज्यादा पुराने नौ लाख से अधिक वाहनों को कबाड़ में बदलने की मंजूरी दे दी है।
इसके साथ ही प्रदूषण कर रहीं बसों और कारों के सड़क परिचालन पर रोक लगाकर उनके स्थान पर नए वाहनों को लाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।'' उन्होंने कहा, ''इससे वायु प्रदूषण काफी हद तक कम होगा।''
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की हाल में जारी अधिसूचना के अनुसार, पंद्रह साल पुराने केंद्र और राज्य सरकार के सभी वाहनों का पंजीकरण एक अप्रैल से रद्द कर दिया जाएगा और उन्हें कबाड़ कर दिया जाएगा। इनमें परिवहन निगमों और सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों में लगे वाहन शामिल हैं।
अधिसूचना के अनुसार, यह नियम देश की रक्षा के लिए अभियान में, कानून व्यवस्था लागू करने और आंतरिक सुरक्षा के लिए उपयोग किए जाने वाले विशेष उद्देश्य के वाहनों (बख्तरबंद और अन्य विशेष वाहन) पर लागू नहीं होगा। इसमें कहा गया है, '' पंजीकृत वाहन कबाड़ इकाई द्वारा ऐसे वाहनों को उनके पंजीकरण के दिन से 15 साल बाद मोटर वाहन (वाहनों के पंजीकरण और क्रियान्वयन कबाड़ इकाई) नियम, 2021 के अंतर्गत निष्क्रिय किया जाएगा।'' - नयी दिल्ली। संसद भवन की कैंटीन में अब खाने की सूची में ज्वार उपमा से लेकर बाजरे की खिचड़ी, रागी के लड्डू, बाजरे का चूरमा के अलावा बाजरे की राब और रागी मटर के शोरबे जैसे मोटे अनाज से बने ढेरों व्यंजनों को शामिल किया जाएगा।सरकार द्वारा मोटे अनाज को प्रोत्साहित करने के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 31 जनवरी से प्रारंभ हो रहे बजट सत्र से सांसदों, कर्मचारियों एवं आगंतुकों के लिये कैंटीन में रागी, ज्वार, बाजरा, राजगीरा, कंगनी आदि से बने व्यंजन परोसने की व्यवस्था की है।संसद भवन की कैंटीन में देश के विभिन्न इलाकों में प्रचलित मोटे अनाज से बने व्यंजन को खाने की सूची में शामिल किया गया है। यह पहल ऐसे समय में शुरू की गई है जब रविवार को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में अपने संबोधन में मोटे अनाज के महत्व को रेखांकित किया था।संसद भवन की कैंटीन में स्वास्थ्य को लेकर जागरूक लोगों को जई दूध, सोया दूध के अलावा, सूप में बाजरे की राब (राजस्थानी), रागी मटर का शोरबा और स्टार्टर के रूप में बाजरा प्याज का मुठिया (गुजरात), सांभर के साथ रागी रवा इडली, शाही बाजरे की टिक्की (मध्य प्रदेश) तथा ज्वार सब्जी उपमा (गुजरात) मिल सकेगा।इसके अलावा, संसद कैंटीन में रागी घी रोस्ट, रागी इडली, ज्वार सब्जी उपमा, और, मुख्य भोजन के रूप में मक्का/बाजरा/ज्वार की रोटी के साथ सरसों का साग, आलू की सब्जी के साथ रागी पूरी, लहसुन की चटनी के साथ बाजरे की खिचड़ी मिलेगी।साथ ही, शाही बाजरे की टिक्की (मध्य प्रदेश), रागी मूंगफली की चटनी के साथ डोसा (केरल), चौलाई का सलाद और कोर्रा बाजरा सलाद भी परोसी जाएगा। इसमें राजस्थानी राजगीरा पूरी और आलू की सब्जी भी परोसी जायेगी।संसद आने वाले आगंतुक अमरनाथ सलाद, मोटे अनाज से युक्त केशरी खीर, रागी के लड्डू आदि का भी लुत्फ उठा सकेंगे।गौरतलब है कि पिछले महीने कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शीतकालीन सत्र के दौरान सांसदों के लिये केवल मोटे अनाज से बने व्यंजनों का भोज दिया था।संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2023 को अंतरराष्ट्रीय मोटे अनाज का वर्ष घोषित किया है। भारत सरकार ने इस संबंध में प्रस्ताव पेश किया था।
-
नासिक (महाराष्ट्र). देवलाली में ‘स्कूल ऑफ आर्टिलरी' में रविवार को सेना द्वारा हथियारों के क्षमता प्रदर्शन और प्रशिक्षण के लिए आयोजित वार्षिक कार्यक्रम ‘एक्सरसाइज तोपची' का मुख्य आकर्षण स्वदेश निर्मित हथियार प्रणालियां थीं। यह कार्यक्रम लेफ्टिनेंट जनरल एस हरिमोहन अय्यर, एवीएसएम, कमांडेंट स्कूल ऑफ आर्टिलरी और कर्नल कमांडेंट रेजिमेंट ऑफ आर्टिलरी के नेतृत्व में हुआ। लेफ्टिनेंट जनरल अय्यर ने कहा, यह आयोजन भारतीय तोपखाने की क्षमता को दर्शाता है। इस वर्ष हमने ‘आत्मनिर्भरता' पर जोर दिया है। आज प्रदर्शित सभी हथियार प्रणाली और अन्य साजो-सामान भारतीय उद्योग की क्षमता को प्रदर्शित करते हैं।'' उन्होंने कहा कि के-9 वज्र, धनुष प्रणाली या एम 777 तोप प्रणाली समेत हथियार और अन्य प्रणालियों सभी को भारत में ही एकीकृत (असेंबल) किया गया है। सेना के एक अधिकारी ने कहा कि स्वाथी रडार सिस्टम, रिमोट संचालित वाहन भारत में बनाए गए हैं। लेफ्टिनेंट जनरल अय्यर ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि हम उत्साह के साथ आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं और भारतीय सेना तथा आर्टिलरी रेजिमेंट किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है।'' उन्होंने कहा कि धनुष तोप प्रणाली चार महीने पहले आई थी और साल के अंत में धनुष की पांच रेजिमेंट को भारतीय तोपखाने में शामिल किया जाएगा। ‘‘एक्सरसाइज तोपची'' के इस संस्करण में मोर्टार, रॉकेट, ड्रोन और विमानन संपत्ति शामिल करने के लिए मारक क्षमता और निगरानी उपकरणों का प्रदर्शन किया गया। ‘आत्मनिर्भर भारत' के अनुरूप, अभ्यास का मुख्य आकर्षण के-9 वज्र, धनुष, इंडियन फील्ड गन (आईएफजी)/लाइट फील्ड गन (एलएफजी) प्रणाली और पिनाका मल्टी-बैरल रॉकेट लांचर जैसे स्वदेशी रूप से निर्मित सैन्य साजो-सामान का प्रदर्शन था।
-
सूरत. गुजरात के सूरत शहर में विभिन्न कारोबारियों से एकत्र करीब 7.86 करोड़ के हीरे लेकर कथित तौर पर फरार हीरा बिचौलिये को अमूल्य रत्नों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया । पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। वराछा पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि आरोपी बेहतर कीमत दिलाने के नाम पर शहर के 32 अलग-अलग कारोबारियों से हीरों को एकत्र करने के बाद फरार हो गया था। उन्होंने बताया कि आरोपी अपना फोन अपनी भाभी के पास डाटा मिटाने के बाद नष्ट कर देने की ताकीद के साथ छोड़ गया था। अधिकारी ने बताया, ‘‘ भारतीय दंड संहिता की धारा -406(आपराधिक विश्वासघात) और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।'' उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपी के सुरेंद्रनगर निवासी रिश्तेदार के आवास पर नजर रख रही थी और उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी के पास से 2.9 लाख रूपये कीमत के चोरी गए हीरे और गहने मिले हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने दावा किया कि वह अपने पिता के हीरे के कारोबार से परेशान हो गया था और इन रुपयों से अपना गैराज का कारोबार शुरू करना चाहता था। -
नयी दिल्ली। रेलवे ने पशुओं को ट्रेन की चपेट में आने से बचाने के लिए मुंबई से अहमदाबाद के 622 किलोमीटर लंबे मार्ग पर धातु के बीम की बाड़ लगाने का काम शुरू कर दिया है। मुंबई-अहमदाबाद मार्ग पर बाड़ लगाने पर करीब 245.26 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
रेल मंत्रालय ने रविवार को कहा कि सभी आठ टेंडर दिए जा चुके हैं और काम जोरों से चल रहा है। मई के अंत तक काम पूरा होने की उम्मीद है। रेलवे ने कहा कि बाड़ काफी मज़बूत है व मोटी है और इसका इस्तेमाल राजमार्गों तथा एक्सप्रेसवे पर किया जाता है, खासकर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में ताकि गाड़ियों और राहगीरों को बचाया जा सके। रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक, पशु या इंसान के ट्रेन से टकराने से होने वाले नुकसान की घटनाएं पिछले साल की तुलना में इस वर्ष बढ़ी हैं। -
नयी दिल्ली. देश के 309 जिलों मे कराए गए एक अध्ययन में शामिल परिवारों में आधे से ज्यादा ने अपनी आय में 25 प्रतिशत तक गिरावट की आशंका जताई। ऑनलाइन मंच लोकल सर्किल्स ने रविवार को बताया कि ये परिवार आगामी बजट में राहत की उम्मीद कर रहे हैं।
पिछले साल 25 नवंबर से इस साल 25 जनवरी तक हुए इस अध्ययन के अनुसार 52 प्रतिशत उत्तरदाता मानते हैं कि छंटनी और भर्तियों में कमी के कारण आगामी छह से 12 महीनों तक आर्थिक अस्थिरता बनी रहेगी। लोकलसर्किल्स ने कहा कि इस अध्ययन के लिए उसने 309 जिलों के 37,000 परिवारों से राय ली। इनमें प्रथम श्रेणी, दूसरी श्रेणी और छोटे कस्बों के लोग शामिल हैं। अध्ययन में 64 प्रतिशत पुरुष और 36 प्रतिशत महिलाएं शामिल हैं। लोकलसर्किल्स के संस्थापक सचिन टपरिया ने कहा, ''हमारा अध्ययन संकेत देता है कि देश के ज्यादातर परिवार संकट का सामना कर रहे हैं और लोकलसर्किल्स को आयकर दरों में कमी और छूटों को बढ़ाने के लिए हजारों सुझाव मिले हैं।'' अध्ययन के अनुसार सात प्रतिशत उत्तरदाताओं ने चालू वित्त वर्ष में वार्षिक आय में 25 प्रतिशत तक गिरावट की आशंका जताई। इसके अलावा 22 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने 10-15 प्रतिशत गिरावट, 10 प्रतिशत ने 10 प्रतिशत तक की गिरावट और 21 प्रतिशत ने बिना किसी अनुमान के आय में कमी की आशंका जताई। रिपोर्ट के अनुसार 56 प्रतिशत उत्तरदाताओं को लगता है कि उनकी औसत बचत चालू वित्त वर्ष में घट जाएगी, जबकि सिर्फ 19 प्रतिशत ने बचत बढ़ने की उम्मीद जताई। -
नासिक. महाराष्ट्र के नासिक शहर में रविवार को 52 वर्षीय एक फल विक्रेता और उसके दो बेटों ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दीपक शिरोडे, उनके बेटे प्रसाद (26) और राकेश (23) दोपहर में शहर के सतपुर उपनगर के राधाकृष्ण नगर में स्थित अपने घर के तीन अलग-अलग कमरों में लटके पाए गए। उन्होंने कहा, ‘‘घर के अन्य सदस्य उस समय बाहर गए थे। जब वे शाम करीब चार बजे लौटे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा।'' अधिकारी ने कहा कि घर के बहीखाते में मिले एक नोट में एक साहूकार का नाम है, जो कथित तौर पर कर्जा चुकाने के लिए उन्हें परेशान कर रहा था, हालांकि नोट और इसकी प्रामाणिकता की पुष्टि की जा रही है। सतपुर पुलिस थाने के अधिकारी ने कहा, ‘‘दीपक फल विक्रेता था। ऐसा लगता है कि परिवार आर्थिक संकट में था। आगे की जांच की जा रही है।'' इस बीच, नासिक के पुलिस आयुक्त अंकुश शिंदे ने लोगों से कहा कि अगर साहूकार उन्हें परेशान कर रहे हैं तो वे सामने आकर शिकायत करें।
- काठमांडो । अयोध्या में निर्माणाधीन राम मंदिर में भगवान रामलला के बाल रूप की स्थापना के लिए कालीगंडकी नदी से लाई गई दो विशाल ‘शिला’ (पत्थर) जनकपुरधाम से सोमवार सुबह अयोध्या के लिए प्रस्थान करेगी। नेपाल से मिलने वाले पत्थर से भगवान राम के बाल रूप का निर्माण होगा। पत्थर को इकट्ठा करने और भेजने में सक्रिय जानकी मंदिर के महंत रामतपेश्वर दास के अनुसार, पत्थर को तराश कर भगवान राम का बाल रूप बनाया जाएगा और यह राम मंदिर के गर्भगृह में रखा जाएगा। उन्होंने कहा, राम मंदिर में जो मूल स्वरूप स्थापित किया जाएगा वह नेपाली शिला से तैयार किया जाएगा। उनके अनुसार मूर्ति को एक साथ दो शिलाओं से बनाया जाएगा। जानकी मंदिर के महंत रामरोशन दास वैष्णव ने कहा कि पत्थर से 10 महीने के भीतर भगवान राम की प्रतिमा तैयार हो जाएगी।राममंदिर के तीनों रास्तों को विकसित करने का काम तेजी से चल रहा है। ये तीन रास्ते रामपथ, रामजन्मभूमि पथ व भक्तिपथ हैं। इनमें से सुग्रीव किला से रामजन्मभूमि तक बन रहा जन्मभूमि पथ 31 मार्च तक तैयार हो जाएगा। इसका निर्माण 55 फीसदी पूरा हो चुका है। रामजन्मभूमि पथ की कुल लंबाई 566 मीटर है। इसकी लागत 39.06 करोड़ रुपये है।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कश्मीर की समृद्ध संस्कृति, कला और शिल्प का प्रदर्शन करने वाले वितस्ता कार्यक्रम के लिए संस्कृति मंत्रालय की सराहना की है। अमृत महोत्सव के एक ट्वीट के जवाब में प्रधानमंत्री ने कहा है कि यह कार्यक्रम कश्मीर की ऐतिहासिक पहचान को अन्य राज्यों में ले जाता है और एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना का प्रतीक है। वितस्ता कार्यक्रम इस महीने की 27 तारीख को आरम्भ हुआ था और यह कल तक चलेगा, इसमें कश्मीर की समृद्ध संस्कृति और शिल्प का प्रदर्शन किया जाता है।
-
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में भी बारिश होने से सर्दी बढ़ गई है। दिल्ली में कल से लगातार हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। आज सुबह साढ़े पांच बजे तक बीस दशमलव चार मिली मीटर वर्षा दर्ज हुई। कल अधिकतम तापमान 17 दशमलव दो डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से पांच डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान छह दशमलव चार डिग्री सेल्सियस रहा।मौसम विभाग ने आज बादल छाए रहने और हल्की वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान बीस से दस डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
राज्य के मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अधिकांश निचले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जबकि दो हजार दो सौ फीट से ऊपर के इलाकों में बर्फबारी जारी रहने की संभावना है। जिन क्षेत्रों में आज बर्फबारी हो सकती है उनमें उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ शामिल हैं।उत्तराखंड में देहरादून सहित लगभग सभी क्षेत्रों में बारिश हो रही है। देहरादून में बीती रात भारी वर्षा हुई है। राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश होने के कारण सर्दी एक बार फिर से बढ गई है।केदारनाथ धाम में सवेरे से ही बर्फबारी हो रही है और मैदानी हिस्सों में बारिश हो रही है। केदारनाथ धाम में भारी हिमपात के चलते लगभग तीन फिट की बर्फबारी हो चुकी है। भारत तिब्बत सीमा पुलिस, पुलिस और बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के कर्मचारी मंदिर की सुरक्षा के लिए मंदिर के पास तैनात हैं। दूसरे केदार मदमहेश्वर और तीसरे केदार तुंगनाथ में भी भारी बर्फबारी हो रही है।हिमाचल प्रदेश में ऊंचाई वाले इलाकों में कल रात से भारी बर्फबारी हो रही है, जिससे राज्य में ठंड बढ गई है। वहीं, शिमला सहित कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हुई।लाहौल स्पीति, चंबा, किन्नौर, कुल्लू, कांगड़ा, मंडी, सिमौर और शिमला जिलों के ऊपरी इलाकों में भारी हिमपात हुआ है। भारी बर्फबारी के कारण राज्य के ऊंचे इलाकों में चार राष्ट्रीय राजमार्गों सहित एक सौ 57 सड़कें बंद कर दी गई हैं। मौसम विभाग ने आज के लिए भी राज्य के मध्य और ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उन्होंने कहा कि मैदानी इलाकों में आंधी, बिजली चमकेगी और ओलावृष्टि होगी। - चंडीगढ़ । जी-20 अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय संरचना कार्य समूह की पहली बैठक आज और कल चंडीगढ़ में होगी। चंडीगढ़ में संवाददाताओं को जानकारी देते हुए आर्थिक कार्य विभाग में आर्थिक सलाहकार अनु पी. मथाई ने बताया कि यह कार्य समूह जी-20 वित्त ट्रैक के अंतर्गत महत्वपूर्ण कार्यों में से एक है। इसके माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय संरचना को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इसका उद्देश्य कमजोर देशों को हो रही कई चुनौतियों से निपटना भी है। बैठक में अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय संरचना की स्थिरता और एकजुटता बढ़ाने के तौर-तरीकों पर चर्चा होगी। बैठक में 21वीं शताब्दी की वैश्विक चुनौतियों से निपटने के बारे में भी विचार-विमर्श होगा। गरीब और कमजोर देशों को अधिक से अधिक सहायता प्रदान करने के अवसर तलाश करने पर भी बातचीत होगी।
-
नई दिल्ली। सरकार ने संसद के कल से शुरू होने वाले बजट सत्र से पहले आज सर्वदलीय बैठक बुलाई है। यह बैठक दोपहर 12 बजे संसद भवन परिसर में होगी। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी, केंद्रीय मंत्री और संसद के दोनों सदनों का प्रतिनिधित्व करने वाले राजनीतिक दलों के नेता इसमें भाग लेंगे। बैठक में सरकार सत्र के दौरान संसद के दोनों सदनों के सुचारू कामकाज को सुनिश्चित करने के लिए सभी राजनीतिक दलों से सहयोग मांगेगी। संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा। सत्र की शुरुआत में राष्ट्रपति दौपर्दी मूर्मू लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को केंद्रीय कक्ष में सुबह 11 बजे संबोधित करेंगी। सत्र के पहले दिन दोनों सदनों में आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा। वर्ष 2023-24 का केंद्रीय बजट पहली फरवरी को पेश किया जाएगा।
-
नयी दिल्ली. ‘अमृत उद्यान' समेत राष्ट्रपति भवन के उद्यानों को आम लोगों के लिए खोलने को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को ‘उद्यान उत्सव-2023' का उद्घाटन किया। राष्ट्रपति भवन के ‘मुगल गार्डन' का नाम बदलकर शनिवार को ‘अमृत उद्यान' किया गया। यह उद्यान साल में एक बार जनता के लिए खुलता है और लोग इस बार 31 जनवरी से इस उद्यान को देखने जा सकते हैं। राष्ट्रपति भवन द्वारा रविवार को जारी एक बयान में कहा गया कि अमृत उद्यान 31 जनवरी से 26 मार्च तक पूर्वाह्न 10 बजे से शाम चार बजे तक आगंतुकों के लिए खुला रहेगा। बयान के मुताबिक 28 मार्च से 31 मार्च तक उद्यान विशेष वर्ग के लिए खुला रहेगा। किसानों के लिए 28 मार्च को, दिव्यांग के लिए 29 मार्च को, रक्षा, अर्द्धसैनिक बलों और पुलिस कर्मियों के लिए 30 मार्च को और आदिवासी महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों सहित महिलाओं के लिए 31 मार्च को उद्यान खुला रहेगा। मूल रूप से, राष्ट्रपति भवन के उद्यान में ईस्ट लॉन, सेंट्रल लॉन, लॉन्ग गार्डन और सर्कुलर गार्डन शामिल हैं। पूर्व राष्ट्रपतियों डॉ ए पी जे अब्दुल कलाम और रामनाथ कोविंद के कार्यकाल के दौरान, हर्बल-एक, हर्बल-दो, बोन्साई गार्डन और आरोग्य वनम नामक कई उद्यान विकसित किए गए थे। इस साल के उद्यान उत्सव में, कई अन्य आकर्षणों के बीच, आगंतुक 12 अनूठी किस्मों के विशेष रूप से उगाए गए ट्यूलिप देख पाएंगे। लोग अपने स्लॉट पहले से ही ऑनलाइन बुक कर सकते हैं। ऑनलाइन स्लॉट बुक नहीं कराने की स्थिति में भी आगंतुकों को उद्यानों में प्रवेश मिल सकता है। हालांकि, उन्हें सुविधा काउंटर के साथ-साथ राष्ट्रपति भवन के गेट नंबर 12 के पास कियोस्क पर अपना पंजीकरण कराना होगा। राष्ट्रपति भवन ने शनिवार को एक बयान में कहा कि भीड़ से बचने और समय बचाने के लिए पहले से स्लॉट ऑनलाइन बुक करने की सलाह दी जाती है। सभी आगंतुकों के लिए प्रवेश और निकास राष्ट्रपति संपदा के गेट नंबर 35 से होगा। अमृत उद्यान 15 एकड़ में फैला हुआ है और इसमें 150 से अधिक किस्मों के गुलाब, और ट्यूलिप, एशियाई लिली, डैफोडील्स और अन्य सजावटी फूल हैं। मुगल गार्डन का नाम बदलकर अमृत उद्यान किए जाने से पूर्व सरकार ने पिछले साल दिल्ली के प्रतिष्ठित ‘राजपथ' का नाम बदलकर ‘कर्तव्य पथ' कर दिया था। केंद्र का कहना है कि इन चीजों के नाम में बदलाव औपनिवेशिक मानसिकता के निशान को हटाने का प्रयास है। राष्ट्रपति भवन के प्रसिद्ध उद्यानों का इतिहास फूलों के सुगंधित भंडार जितना समृद्ध है, और राष्ट्रपति भवन (मूल रूप से वायसराय हाउस के रूप में निर्मित) के निर्माण के साथ जुड़ा हुआ है, जिसे वास्तुकार सर एडविन लुटियंस द्वारा डिजाइन किया गया था। वर्ष 1911 में, किंग जॉर्ज ने दिल्ली में एक भव्य दरबार आयोजित किया, जहां उन्होंने राजधानी को कलकत्ता से दिल्ली स्थानांतरित करने की भी घोषणा की थी। लुटियंस और सर हर्बर्ट बेकर ने वायसराय हाउस और नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक को ‘नयी दिल्ली' के केंद्र में रखकर नयी शाही राजधानी को आकार दिया। शहर को आधिकारिक तौर पर 1926 में नामित किया गया था। स्वतंत्रता के बाद, वायसराय हाउस राष्ट्रपति भवन बन गया और रायसीना हिल से इंडिया गेट तक फैले ‘किंग्स-वे' का नाम बदलकर राजपथ कर दिया गया। शनिवार को मुगल गार्डन का नाम बदलने के बाद, राष्ट्रपति भवन सचिवालय ने भी अपनी वेबसाइट को अपडेट किया है, जिसमें प्रसिद्ध उद्यानों का संक्षिप्त इतिहास दिया गया है। वेबसाइट पर विवरण में लिखा है,15 एकड़ में फैले अमृत उद्यान को अक्सर राष्ट्रपति महल की आत्मा के रूप में चित्रित किया गया है और यह इसके योग्य भी है। अमृत उद्यान जम्मू कश्मीर के मुगल उद्यानों, ताजमहल के आसपास के उद्यानों और भारत तथा फारस की लघु चित्रकला से प्रेरित है।'' विवरण में कहा गया है कि सर एडविन लुटियंस ने 1917 की शुरुआत में ही बगीचों के डिजाइन को अंतिम रूप दे दिया था। हालांकि, इसमें 1928-1929 के दौरान पौधारोपण किया गया था। उद्यानों के लिए लुटियंस के सहयोगी बागवानी के निदेशक विलियम मस्टो थे। बयान में कहा गया है कि जिस तरह राष्ट्रपति भवन की इमारतों में वास्तुकला की दो अलग-अलग भारतीय और पश्चिमी शैलियां हैं, उसी तरह, लुटियंस ने बगीचों के लिए मुगल शैली और अंग्रेजी शैली की दो अलग-अलग बागवानी परंपराओं को एक साथ लेकर काम किया। बयान में कहा गया है कि मुगलकालीन नहरों, बगीचों और फूलों की क्यारियों को यूरोपीय शैली के फूलों के बगीचों, लॉन के साथ खूबसूरती से मिश्रित किया गया है। गुलाब आज भी प्रसिद्ध बगीचों की एक प्रमुख विशेषता है। उद्यानों में गुलाब की 159 प्रसिद्ध किस्में उगाई जाती हैं जो मुख्य रूप से फरवरी और मार्च के महीने में खिलते हैं। उद्यान में 101 ज्ञात प्रकार के बोगनवेलिया में से 60 किस्में हैं। बगीचे को ढकने वाली घास दूब घास है, जिसे मुगल गार्डन में रोपने के लिए मूल रूप से कलकत्ता (अब कोलकाता) से लाया गया था। विवरण में कहा गया, ‘‘उद्यान में लगभग 50 तरह के पेड़, झाड़ियां और लताएं हैं जिनमें मौलश्री वृक्ष, गोल्डन रेन ट्री, फूल वाले टार्च ट्री और कई अन्य शामिल हैं। वर्तमान में, राष्ट्रपति भवन के उद्यानों के विकास और रखरखाव के लिए 300 से अधिक स्थायी और अस्थायी कर्मचारी तैनात हैं।
- -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप के शुरुआती आयोजन में चैम्पियन बनी भारतीय टीम को रविवार को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘ भारतीय टीम को विशेष जीत के लिए बधाई। उन्होंने बेहतरीन क्रिकेट खेली है और उनकी सफलता कई उभरते हुए क्रिकेटरों को प्रेरित करेगी। टीम को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।'' शेफाली वर्मा की अगुवाई में भारत ने दक्षिण अफ्रीका में खेले गये फाइनल में इंग्लैंड का सात विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही महिला टीम ने किसी भी स्तर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के वैश्विक खिताब के सूखे को खत्म किया। सीनियर टीम सभी प्रारूपों में तीन मौकों पर विश्व कप के फाइनल में पहुंची है लेकिन हर बार खिताब से दूर रह गयी थी।
- -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि देश में घेरलू स्तर पर दाखिल किए जाने वाले पेटेंट की संख्या विदेशों से दाखिल किए जाने वाले पेंटेंट से अधिक हो गई है और उन्हें विश्वास है कि ‘तकनीकी दशक' होने का भारत का सपना इन नवोन्मेषकों के दम पर पूरा होगा। मोदी ने नए साल में अपने पहले ‘मन की बात' कार्यक्रम में कहा कि यह देश की बढ़ती वैज्ञानिक क्षमता को रेखांकित करता है। प्रधानमंत्री प्रौद्योगिकियों के विकास वाले इस दशक के लिए ‘तकनीकी दशक' शब्द का पहले भी प्रयोग कर चुके हैं। इनमें से बहुत सारी प्रौद्योगिकियां भारत में ईजाद की गई हैं। मोदी ने कहा कि पेटेंट दाखिल करने के मामले में भारत का विश्व में स्थान सातवां है, जबकि ट्रेडमार्क पंजीकरण में वह पांचवें नंबर पर है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में भारत के पेटेंट पंजीकरण में 50 फीसदी की वृद्धि हुई है, जबकि वैश्विक नवोन्मेष सूचकांक में भारत 2015 में 80वें स्थान के मुकाबले अब 40वें पायदान पर पहुंच गया है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि तकनीकी दशक बनने का भारत का सपना उसके नवोन्मेषकों और उनके द्वारा दाखिल किए जाने वाले पेटेंट से पूरा होगा। '' मोदी ने कहा कि प्रतिष्ठित भारतीय विज्ञान संस्थान ने 2022 में 145 पेटेंट कराए हैं, जो एक शानदार मिसाल है। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पद्म पुरस्कार से सम्मानित लोगों में संगीत की दुनिया को मजबूत करने वाले लोगों के अलावा कई आदिवासी या ऐसे लोग शामिल हैं, जो समुदाय के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से विजेताओं के बारे में पढ़ने की अपील की और कहा कि उनकी गाथाएं नयी पीढ़ियों को प्रेरित करेंगी।
- -
लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर थाना क्षेत्र में बदमाशों द्वारा एक मां-बेटे पर तेजाब हमला करने का मामला सामने आया है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
अधिकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे गोमतीनगर थाना क्षेत्र के विराम खंड-तीन में बाइक सवार दो बदमाशों ने घर में घुसकर विकास वर्मा (16) और उसकी मां अनीता वर्मा (40) के ऊपर तेजाब फेंक दिया। सहायक पुलिस आयुक्त वीरेंद्र विक्रम ने बताया कि मामले में अज्ञात युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि मां-बेटे को पहले राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूत्रों के अनुसार, हाथ में तेजाब की बोतल ले जाते बदमाशों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। -
जालोर। राजस्थान के जालोर में सड़क हादसे में वीरमदेव गवर्नमेंट कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष समेत 3 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग देर रात करीब 11.30 बजे आहोर की तरफ जा रहे थे। इस दौरान उनकी बोलेरो कैंपर की सामने से आए ट्रेलर से भिड़ंत हो गई।
आहोर थानाधिकारी गिरधर सिंह ने बताया कि जालोर कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष कालूसिंह भाटी निवासी टेकरा अपने साथियों के साथ आहोर की तरफ जा रहे थे। इस दौरान जालोर-आहोर रोड पर कानीवाड़ा मोड़ पर ट्रेलर से उनकी गाड़ी की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो कैंप के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कालूसिंह भाटी, करण सिंह निवासी कोराणा और भवरानी निवासी कैलाश चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कानीवाड़ा निवासी अजीतसिंह, राजेंद्र नगर (जालोर) निवासी गौरव प्रजापत और दो अन्य गंभीर घायल हो गए।
घायलों को जालोर अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में जोधपुर के एमडीएम अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि मृतकों के शव मॉच्र्युरी में रखवाए। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर बड़ी संख्या में आसपास से लोग इक_ा हो गए और पुलिस को हादसे की जानकारी दी। हादसे के बाद ट्रेलर का आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया। -
नयी दिल्ली. बिहार में नक्सल रोधी अभियान के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने 160 से अधिक आईईडी बरामद किए। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह बरामदगी शुक्रवार को राज्य के औरंगाबाद जिले के लदुइया पहाड़ इलाके के पास से की गयी। अधिकारियों ने बताया कि गश्ती दल ने पहले 13 प्रेशर आईईडी बरामद किए और बाद में पास की एक गुफा से करीब एक किलोग्राम वजन के 149 ऐसे बम बरामद किए। यह अभियान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और बिहार पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चलाया गया।
नक्सल रोधी अभियान बिहार के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चलाया गया। सुरक्षा बलों का कहना है कि इन इलाकों में से अधिकतर जगहों पर अब उनका नियंत्रण है। -
कलिम्पोंग. पश्चिम बंगाल के कलिम्पोंग जिले में शनिवार की रात बारात ले कर जा रही एक तेज रफ्तार कार पुल से नीचे गिर गयी, जिससे इस घटना में इसमें सवार चार लोगों की मौत हो गयी जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर आधी रात के बाद करीब रात एक बजे हुई। उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त कार में नौ लोग सवार थे। उन्होंने बताया कि यह वाहन वाहन पुल की दीवार से टकराकर नदी के किनारे गिर गया। अधिकारी ने बताया कि घटना में दो लोगों की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि अन्य सात अन्य घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए ऊदलाबाड़ी इलाके के एक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया । उन्होंने बताया कि बाद में घायलों को सिलीगुड़ी के एक अस्पताल में भेज दिया गया ।
अधिकारी ने बताया, ''दो और लोगों ने बाद में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में मरने वाले लोगों की पहचान की जा रही है।'' अधिकारी ने बताया कि बारात पड़ोसी जलपाईगुड़ी के बनारहाट इलाके से आ रही थी, तभी यह हादसा हुआ।



























