- Home
- देश
-
कोटा. राजस्थान के भरतपुर में रहने वाले आदित्य शर्मा और अनुराग शर्मा गैर हमशक्ल जुड़वा भाई हैं और उन्हें इस सप्ताह के शुरुआत में जेईई-मुख्य परीक्षा देनी थी, लेकिन वे इसमें शामिल नहीं हो पाए। दोनों ने शनिवार को आरोप लगाया कि ‘पहचान संदिग्ध' होने का हवाला देते हुए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने उनका प्रवेश पत्र रोक दिया जिसकी वजह से वे परीक्षा नहीं दे पाए। दोनों भाइयों ने दावा किया कि उन्हें 25 जनवरी को परीक्षा देनी थी और जयपुर परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया था, लेकिन प्रवेश पत्र देने से इनकार कर दिया गया। भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के अधिकारी पिता जिगनेश शर्मा ने बताया कि उनके बेटों ने अन्य जानकारी के साथ शपथपत्र दिया था कि वे जुड़वा भाई हैं और उन्हें पंजीकरण संख्या के साथ उक्त जानकारी प्राप्त होने की पावती मिली थी। उन्होंने बताया कि दोनों जुड़वा भाई अपनी मां के साथ परीक्षा से दो दिन पहले 23 जनवरी को जयपुर गए जहां पर उन्हें एनटीए की वेबसाइट से प्रवेश पत्र मिलना था। पिता ने आरोप लगाया कि आखिरी समय में एनटीए ने पहचान संदिग्ध होने का हवाला देते हुए प्रवेश पत्र देने से मना कर दिया जिससे दोनों भाइयों की साल भर की मेहनत बर्बाद हो गई। उन्होंने दावा किया कि दोनों भाइयों को 23 जनवरी को एनटीए की ओर से अलग-अलग ई-मेल प्राप्त हुए जिनमें कहा गया कि उनका प्रवेश पत्र रोका गया है और उनसे स्पष्टीकरण देने को कहा गया। पिता ने आरोप लगाया, ‘‘तत्काल दस्तावेजों के साथ स्पष्टीकरण ई-मेल के जरिये भेजने के बावजूद दोनों भाइयों को जवाब नहीं मिला। '' उन्होंने दावा किया कि उन्होंने कई बार ट्वीट किया और उनके बेटों ने एनटीए की हेल्पलाइन पर कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
-
धारवाड़. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश में दोषसिद्धि दर बढ़ाने और आपराधिक न्याय प्रणाली को फॉरेंसिक विज्ञान आधारित जांच के साथ एकीकृत करने की जरूरत पर शनिवार को बल दिया, ताकि भारत में कानून और व्यवस्था की स्थिति को ठीक किया जा सके। शाह ने इस बात पर प्रकाश डाला कि देश फॉरंसिक विज्ञान के क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश में पांच वर्षों में सबसे बड़ी संख्या में फॉरंसिक विज्ञान विशेषज्ञ होंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मैं देशवासियों से कह सकता हूं कि, पूरे विश्व में यदि किसी देश में पांच साल में सबसे ज्यादा फॉरेंसिक साइंस के विशेषज्ञ होंगे, तो वे भारत में होंगे। ऐसा इसलिए क्योंकि भारत का राष्ट्रीय फॉरंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय दुनिया का पहला ऐसा अनोखा विश्वविद्यालय है।'' यहां राष्ट्रीय फॉरंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय के एक ऑफ-कैंपस परिसर की आधारशिला रखने के बाद शाह ने कहा कि अपराध की दुनिया तेजी से बदल रही है, चाहे वह जाली मुद्रा हो, हवाला लेनदेन हो, सीमा से घुसपैठ हो, नशीले पदार्थ हो, साइबर अपराध हो, महिलाओं के खिलाफ अपराध हों, अपराधी पुलिस से काफी आगे निकल चुके हैं। उन्होंने कहा, ‘‘जब तक पुलिस अपराधियों से दो कदम आगे नहीं होगी, तब तक अपराध की रोकथाम असंभव है। यदि पुलिस को दो कदम आगे रहना है, तो हमें दोषसिद्धि की दर बढ़ानी होगी। जब तक जांच का आधार वैज्ञानिक नहीं होगा, हम दोषियों को अदालत में सजा नहीं दिला पाएंगे।''' उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे अपराधों के मामले में जिनमें छह साल से अधिक की सजा हो सकती है, फॉरंसिक विज्ञान अधिकारी को अपराध के स्थान पर पहले पहुंचना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने इसे शहरी क्षेत्रों में लागू करने के लिए कर्नाटक पुलिस की सराहना की और कहा कि यह अपराध का पता लगाने और दोषसिद्धि में मददगार होगा। इस कार्यक्रम में कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, राज्य सरकार के कई मंत्री, विधायक, गृह और पुलिस विभागों के शीर्ष अधिकारी उपस्थित थे। शाह ने कहा कि जैसे-जैसे भारत प्रगति कर रहा है, चुनौतियां भी बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि उन चुनौतियों के अनुसार विशेषज्ञों को तैयार करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था के लिए तीन हिस्से हैं, एक व्यावहारिक कानून व्यवस्था जिसे पुलिस संभालती है, अपराध की जांच जिसमें फॉरंसिक विज्ञान की बड़ी भूमिका है और फिर आपराधिक न्याय प्रणाली को मजबूत करना। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी न्याय प्रणाली में फॉरंसिक विज्ञान के साक्ष्य को महत्व दिया जाएगा, इसलिए हम वैज्ञानिक साक्ष्य के आधार पर अपराधियों को सजा देने के लिए आईपीसी, सीआरपीसी और भारतीय साक्ष्य अधिनियम में संशोधन कर रहे हैं।'' उन्होंने कहा कि अब यातना देने का दौर नहीं रहा। उन्होंने कहा कि कनाडा में दोषसिद्धि की दर 62 प्रतिशत, इज़राइल में 93 प्रतिशत, ब्रिटेन में 80 प्रतिशत और अमेरिका में 90 प्रतिशत है, जबकि भारत में यह 50 प्रतिशत है। शाह ने कहा, “हम इसमें पीछे नहीं रह सकते। देश में यदि कानून और व्यवस्था की स्थिति को ठीक करना है, तो हमें अपनी सजा की दर बढ़ानी होगी। हमें अपनी आपराधिक न्याय प्रणाली को फॉरंसिक विज्ञान आधारित जांच के साथ एकीकृत करना होगा।'' उन्होंने कहा कि कुछ जघन्य अपराधों के लिए फॉरंसिक विज्ञान जांच अनिवार्य की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि देशभर में छह साल से अधिक की सजा वाले अपराधों के लिए फॉरंसिक जांच को "अनिवार्य" बनाने के लिए, हमें नौ साल तक हर साल 8,000-10,000 फॉरंसिक विज्ञान विशेषज्ञों की आवश्यकता होगी। उन्होंने कहा कि अब, एनएफएसयू कैंपस धीरे-धीरे देश भर में विभिन्न स्थानों पर खुल रहे हैं, हमें 10,000 विशेषज्ञ मिलेंगे जो आने वाले वर्षों में आपराधिक न्याय प्रणाली को मजबूत करेंगे। शाह ने अपने संबोधन के दौरान देश में फॉरंसिक विज्ञान विभाग शुरू करने और इस विषय पर ध्यान केंद्रित करने के लिए पूर्व उप प्रधानमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री लालकृष्ण आडवाणी को श्रेय दिया। उन्होंने कहा, बाद में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने सर्वश्रेष्ठ-इन-क्लास फॉरंसिक विज्ञान प्रयोगशालाओं की पहल की और प्रशिक्षित विशेषज्ञों की कमी की पहचान की, जिसके परिणामस्वरूप गुजरात फॉरंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय की स्थापना हुई। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में अपने दूसरे कार्यकाल में, मोदी ने राष्ट्रीय फॉरंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय के बारे में सोचा और इसे स्थापित किया गया। शाह ने कहा कि उन्हें इसका गर्व है कि जब विश्वविद्यालय की स्थापना गुजरात में हुई तब वह राज्य के गृह मंत्री थे जबकि देश का गृह मंत्री रहते राष्ट्रीय स्तर पर इसकी स्थापना हुई। यह उल्लेख करते हुए कि धारवाड़ में राष्ट्रीय फॉरंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय के नौवे ऑफ-कैंपस परिसर की नींव रखी गई है, शाह ने कहा कि एनएफएसयू के इस परिसर में साइबर सुरक्षा, डिजिटल फॉरंसिक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डीएनए फॉरंसिक, खाद्य प्रसंस्करण, पर्यावरण फॉरंसिक और कृषि फॉरंसिक जैसे फॉरंसिक विज्ञान से संबंधित विषय विशेषज्ञ स्तर तक पढ़ाये जाएंगे।
-
मुंबई. संगीतकार और सितार वादक अनुष्का शंकर पांच फरवरी को लॉस एंजिलिस के माइक्रोसॉफ्ट थिएटर में आयोजित 65वें वार्षिक ग्रैमी पुरस्कार समारोह में प्रस्तुति देंगी। अनुष्का अपने नए एल्बम 'वल्चर प्रिंस' के गायक आरोज आफताब के साथ 'उधेरो ना' गीत पर प्रस्तुति देंगी। इस गीत को इस साल के ग्रैमी में सर्वश्रेष्ठ वैश्विक संगीत प्रदर्शन श्रेणी में नामांकित किया गया है।
मेट्रोपोल ऑर्केस्ट और जूल्स बकले के साथ शंकर की नवीनतम एल्बम 'बिटविन अस' को भी सर्वश्रेष्ठ वैश्विक संगीत एल्बम के लिए नामांकित किया गया है, जिससे वह एक वर्ष में दो ग्रैमी पुरस्कार में नामांकित होने वाली पहली भारतीय महिला संगीतकार बन गई हैं। उन्होंने कहा, ''तीसरी बार ग्रैमी अवार्ड्स प्रीमियर समारोह में प्रदर्शन करने को लेकर मैं बहुत खुश हूं। इस बार मैं अद्भुत आरोज आफताब के साथ मंच साझा करने के लिए उत्साहित हूं।'' दोनों 'उधेरो ना' गीत पर अपनी प्रस्तुति देगें। उन्होंने एक बयान में कहा, ''मैं आभारी हूं कि इस गीत और मेरे एल्बम 'बिटविन अस...' पर मेरे संगीत को फिर से नामांकन मिला है और इस विश्व मंच पर भारत और मेरे वाद्य यंत्र, सितार का प्रतिनिधित्व करने पर मुझे गर्व है।
वर्ष 2002 में शंकर के एलबम 'लाइव एट कार्नेगी हॉल' को विश्व संगीत श्रेणी में नामांकित किया गया था उस समय वो सबसे कम उम्र में ग्रैमी के लिए नामांकित होने वाली पहली भारतीय महिला बनीं थी। इसके अलावा वर्ष 2005 में वह ग्रैमी समारोह में प्रदर्शन करने वाली भारतीय संगीतकार भी थीं, वहीं उन्होंने 2016 और 2021 में भी समारोह में प्रदर्शन किया था। एल्बम 'राइज़', 'ट्रैवलर', 'ट्रेसेज़ ऑफ़ यू', 'होम', 'लैंड ऑफ़ गोल्ड' और 'लव लेटर्स' में उनके काम के लिए उन्हें सबसे बड़े संगीत पुरस्कारों में नामांकित किया गया था। 65वें ग्रैमी पुरस्कार समारोह का सीधा प्रसारण अकादमी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल और वेबसाइट पर किया जाएगा।
-
लखीमपुर खीरी (उप्र) .शहर कोतवाली क्षेत्र के पांगी गांव के पास शनिवार की शाम खीरी-बहराइच राजमार्ग पर सड़क किनारे खड़े लोगों को एक तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया जिससे कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में मारे गए लोगों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। खीरी के पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव कार्यों की निगरानी की। पुलिस अधीक्षक ने पत्रकारों को बताया कि हादसे में चार से पांच लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य के घायल होने की खबर है। उन्होंने कहा कि घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। साहा ने कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। -
जींद (हरियाणा) .जींद जिले में गांव रधाना के निकट जींद-गोहाना मार्ग पर शनिवार रात को तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई भिडंत में चार युवकों की मौत हो गई जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। स्थानीय लोग घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लाए, जहां चिकित्सकों ने एक युवक की गंभीर हालत देख पीजीआईएमएस,रोहतक रेफर कर दिया। सदर थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, गांव आसन निवासी नितिन (18) का शनिवार को जन्मदिन था। वह अपने दोस्तों गांव कालवा निवासी सुमित, गांव शामलो कलां निवासी गोबिंदा, गांव आसन निवासी शिव कुमार के साथ मोटरसाइकिल पर जींद में जन्मदिन मनाने आए हुए थे। रात को चारों मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल गांव रधाना के निकट जींद-गोहाना मार्ग पर पेट्रोल पंप के निकट पहुंची तो सामने से गोहाना की तरफ से आ रहे राम कालोनी जींद निवासी गौरव व हाउसिंग बोर्ड कालोनी निवासी सोनू की मोटरसाइकिल के साथ आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में नितिन, सुमित, गौरव और सोनू की मौके पर ही मौत हो गई जबकि शिव कुमार तथा गोबिंदा गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक नितिन के भाई मुकेश ने बताया कि शनिवार को ही नितिन 18 साल का हुआ था और सभी दोस्त जींद में जन्मदिन की पार्टी मनाने आए थे। पुलिस उपाधीक्षक रवि खुंडिया ने बताया कि हादसे में चार युवकों की मौत हुई है जबकि एक घायल की गंभीर हालत देख पीजीआईएमएस रोहतक रेफर किया गया है जबकि दूसरा घायल अस्पताल में ही उपचाराधीन है।
-
मुरैना. मध्य प्रदेश के मुरैना में शनिवार को भारतीय वायु सेना के दो लड़ाकू विमानों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने एक तेज धमाके की आवाज सुनी, आग के गोले जमीन पर गिरते हुए देखे और इसके बाद पास की झाड़ियों में पैराशूट से दो पायलट को उतरते देखा। भारतीय वायुसेना के दो लड़ाकू विमान (एक सुखोई एमकेआई और एक मिराज-2000) सुबह एक नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गए, जिसमें एक पायलट की मौत हो गई, जबकि दो अन्य पायलट घायल हो गए। दोनों विमानों का मलबा मुरैना जिले के पहाड़गढ़ इलाके में गिरा। मलबे का कुछ हिस्सा राजस्थान के भरतपुर क्षेत्र में भी गिरा, जो मध्यप्रदेश की सीमा से लगा हुआ है। दोनों लड़ाकू विमानों ने ग्वालियर हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी, जो भारतीय वायुसेना का एक अड्डा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटनास्थल पर एकत्र हुए लोगों ने दोनों पायलटों को झाड़ियों से बाहर निकाला और उन्हें जमीन पर लेटाया। इसके कुछ देर बाद वायुसेना का हेलीकॉप्टर आया और दोनों पायलटों को इलाज के लिए ग्वालियर ले जाया गया। उन्होंने कहा कि पहाड़गढ़ गांव से करीब चार किलोमीटर दूर 500 से 800 मीटर के क्षेत्र में दोनों विमानों का मलबा बिखरा हुआ था और उसमें आग लगी हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आसपास के लोगों ने मिट्टी फेंककर दोनों विमानों में लगी आग को बुझाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर जल्द ही आसपास के 15 गांवों के 1,500 से अधिक लोग आ गए। पहाड़गढ़ के सरपंच शैलेंद्र शाक्य ने घटनास्थल पर मौजूद मीडिया को बताया, ‘‘मैं कुछ लोगों के साथ खड़ा था। हमने बम विस्फोट की जैसी तेज आवाज सुनी। इसके बाद आसमान में आग की लपटें देखीं और आग के गोले गिरते देखे। इसके बाद एक विमान पहाड़गढ़ के जंगल इलाके में गिरते देखा और दूसरा विमान भरतपुर इलाके में।'' उन्होंने कहा, ‘‘इसी बीच, हमने दो पैराशूट नीचे आते देखे और हमने 15-20 मिनट तक दोनों के उतरने का इंतजार किया। इनमें दो लोग वर्दी में थे जो झाड़ियों में गिर गए और घायल हो गए। हमने उन्हें झाड़ियों से बाहर निकाला और जमीन पर लेटा दिया। हमने दोनों पायलटों से बात भी की। इसके बाद वायुसेना का एक हेलीकॉप्टर आया और उन्हें ग्वालियर ले गया।'' उन्होंने दावा किया कि मलबे के पास एक क्षत-विक्षत शव मिला है। स्थानीय एवं वायुसेना के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और तलाश अभियान शुरू किया। पहाड़गढ़ निवासी वीरू ने कहा कि वह सुबह करीब 10:30 बजे उस स्थान के करीब थे, जहां यह विमान हादसा हुआ था। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने एक विमान के सामने वाले भाग को आग की लपटों में देखा। मैंने थोड़ी दूर एक जगह से धुआं उठते देखा। हमने मिट्टी से आग बुझाने की कोशिश की क्योंकि उस समय हमारे पास वहां पर पानी नहीं था।'' उन्होंने दावा किया कि सरपंच शाक्य ने घटना के बाद पुलिस और दमकल विभाग को फोन किया। -
जींद. हरियाणा के जींद जिले के रानी तालब पर शनिवार को दिन दहाड़े बी फार्मेसी के पंचम सेमेस्टर के छात्र की चाकुओं से गोद कर हत्या कर दी गयी और घटना को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस ने मरने वाले युवक की साथी की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि लुदाना गांव का रहने वाला रोहित (23) बी फार्मेसी में पांचवे सेमेस्टर का छात्र था। उन्होंने बताया कि शनिवार को वह अपने दोस्त नितिन के साथ रानी तालाब के निकट कैफे में आया था जहां म्यूजिक बजाने को लेकर अज्ञात लडक़ों के साथ उनकी कहासुनी हो गई। उन्होंने बताया कि रोहित अपने दोस्तों के साथ कैफे से निकल कर झगड़े से बचने के लिए रानी तालाब की सीढियों पर चला गया, उसी दौरान हमलावर युवकों ने उसका पीछा कर रोहित तथा उसके दोस्त पर चाकू से वार कर दिया जिसमें रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि वारदात को अंजाम देकर हमलावर युवक मौके से फरार हो गए और घायल रोहित को उसके ही दोस्तों द्वारा उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर एसपी नरेंद्र बिजारनिया, शहर थाना प्रभारी रविंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालातों का जायजा लिया। शहर थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज से साक्ष्यों को जुटाया है। पुलिस की छह टीमें हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
-
मुंबई. अभिनेत्री राखी सावंत की मां जया भेड़ा का एंडोमेट्रियल (अंतर्गर्भाशयकला संबंधी) कैंसर के कारण शनिवार को मुंबई में एक अस्पताल में निधन हो गया। जुहू स्थित क्रिटिकेयर एशिया मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के निदेशक एवं श्वास रोग विशेषज्ञ दीपक नामजोशी ने कहा कि रात करीब नौ बजे जया भेड़ा ने अंतिम सांस ली। नामजोशी ने कहा, ‘‘राखी सावंत की मां को चौथे चरण का एंडोमेट्रियल कैंसर था जो मस्तिष्क, फेफड़े और यकृत तक फैल गया था। उन्हें करीब एक पखवाड़े पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पहले उनका दूसरे अस्पताल में इलाज हुआ और बाद में उन्हें यहां रेफर कर दिया गया था।
-
भुवनेश्वर। ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब दास पर रविवार दोपहर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि ब्रजराजनगर में एक एएसआई ने फायरिंग कर दी। उन्हें सीने में 4-5 गोलियां लगी हैं। उनकी हालत गंभीर है। नब दास कार्यक्रम में शामिल होने ब्रजराजनगर गए हुए थे। कार से उतरते ही एक एएसआई ने ही नब दास पर हमला किया। नव किशोर दास को क्षेत्र में प्रभावशाली नेता माना जाता है।
-
अहमदाबाद । गुजरात में पंचायत जूनियर क्लर्क भर्ती परीक्षा पेपर लीक होने के बाद स्थगित कर दी गई है। परीक्षा बोर्ड ने बयान जारी कर कहा कि कनिष्ठ लिपिक (प्रशासनिक/लेखा) की परीक्षा 29 जनवरी को विभिन्न जिलों में सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच होनी थी। रविवार सुबह पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उन्होंने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ पर एक कॉपी और प्रश्न पत्र जब्त किया है। बोर्ड ने अभ्यर्थियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया और उन्हें परीक्षा केंद्रों पर नहीं जाने की सूचना दी।
-
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज राष्ट्रपति भवन के उद्यान उत्सव 2023 का उद्घाटन करेंगी। इस उद्यान में दर्शक कई अन्य आकर्षणों के साथ-साथ, ट्यूलिप के फूलों की समय-समय पर खिलने वाली 12 अनूठी प्रजातियां देख सकेंगे। इस बार यह उद्यान लगभग दो महीने के लिए खुला रहेगा। आम जनता के लिए यह प्रत्येक सोमवार को छोड़कर 31 जनवरी से 26 मार्च तक खुलेगा। 28 से 31 मार्च तक विशेष श्रेणी के दर्शकों को प्रवेश दिया जाएगा। 28 मार्च को किसान, 29 मार्च को दिव्यांगजन, 30 मार्च को रक्षाबल, अद्धसैनिक बल और पुलिसकर्मी के लिए और 31 मार्च को महिलाओं, विशेष रूप से स्वयं सहायता समूहों की जनजातीय महिलाओं के लिए खुलेगा। दर्शकों के लिए प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक छह स्लॉट रखे गए हैं। लोग ऑन लाइन बुकिंग के माध्यम से अपने स्लॉट बुक कर सकते हैं। यह बुकिंग www.rashtrapatisachivalaya.gov.in पर की जा सकती हैं। दर्शक सीधे पहुंचकर भी उद्यान देख सकते हैं। इसके लिए राष्ट्रपति भवन के गेट नम्बर 12 के पास सुविधा काउंटर पर पंजीकरण करना होगा। दर्शकों को राष्ट्रपति एस्टेट के द्वार संख्या 35 से प्रवेश और निकास करना होगा।
स्वतंत्रता के 75 वर्ष के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे आजादी का अमृत उत्सव के अंतर्गत राष्ट्रपति ने इस उद्यान को अमृत उद्यान का नाम दिया है। दर्शक, राष्ट्रपति भवन का उद्यान देखने के अलावा बुधवार से रविवार तक राष्ट्रपति भवन भी देख सकते हैं। साथ ही मंगलवार से रविवार तक राष्ट्रपति भवन के संग्रहालय को भी देखा जा सकता हैं। इसके अतिरिक्त राजकीय अवकाश को छोड़कर प्रत्येक शनिवार को राष्ट्रपति के अंगरक्षकों के चेंज ऑफ गार्ड समारोह को भी देख सकते हैं। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सुबह 11 बजे आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे। यह रेडियो मासिक कार्यक्रम की 97वीं कड़ी होगी। यह कार्यक्रम आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार की वेबसाइट और न्यूज ऑन एआई आर मोबाइल ऐप पर प्रसारित किया जाएगा। आकाशवाणी समाचार, दूरदर्शन समाचार, प्रधानमंत्री कार्यालय तथा सूचना और प्रसारण मंत्रालय के यू-ट्यूब चैनलों पर भी इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा। हिन्दी प्रसारण के तुरंत बाद इसे क्षेत्रीय भाषाओं में प्रसारित किया जाएगा।
-
नई दिल्ली। विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने केवल दो वर्ष में चार स्वदेशी टीके विकसित कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने "मिशन कोविड सुरक्षा" के माध्यम से चार टीके उपलब्ध कराए हैं, कोवैक्सिन के उत्पादन में वृद्धि की है और भविष्य में टीकों के सुचारू विकास के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा तैयार किया है। ये टीके हैं जाइकोव-डी, कॉर्बवैक्स, जैमकोवैक और इनकोवैक। श्री सिंह ने कल नई दिल्ली में नासिका वैक्सीन की औपचारिक शुरुआत के बाद, डीबीटी के सचिव राजेश गोखले और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक के बाद यह बात कही। डॉक्टर सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि "मिशन कोविड सुरक्षा" के अंतर्गत भारत बायोटेक के मलूर केंद्र में और इंडियन इम्यूनोलॉजिकल्स लिमिटेड, हैदराबाद में कोवैक्सीन के लिए विनिर्माण सुविधाओं के विस्तार में भी सहायता दी गई है।
- धनबाद। झारखंड के धनबाद में शुक्रवार देर रात एक निजी नर्सिंग होम में आग लगने से दो डॉक्टरों समेत कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई।एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों में चिकित्सा प्रतिष्ठान के मालिक डॉक्टर विकास हाजरा, उनकी पत्नी डॉक्टर प्रेमा हाजरा, मालिक का भतीजा सोहन खमारी और घरेलू सहायिका तारा देवी शामिल हैं।अधिकारी के मुताबिक, रांची से करीब 170 किलोमीटर दूर धनबाद के बैंक मोड़ इलाके में स्थित नर्सिंग होम के स्टोर रूम में देर रात करीब दो बजे आग लग गई।धनबाद के उप-मंडलीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) प्रेम कुमार तिवारी ने ‘ बताया, “स्टोर रूम में आग लगने के बाद दम घुटने से नर्सिंग होम के मालिक और उनकी पत्नी सहित कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति घायल भी हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घटना के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।”तिवारी के मुताबिक, चार मृतकों की शिनाख्त की जा चुकी है, जबकि पांचवें की पहचान होना अभी बाकी है।सीएम हेमंत सोरेन ने दुख जताया"धनबाद स्थित हाजरा मेमोरियल अस्पताल में देर रात लगी आग से प्रसिद्ध डॉक्टर दंपती डॉ विकास और डॉ प्रेमा हाजरा समेत कुल 6 लोगों की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे।"
- गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में 70 साल के एक बुजुर्ग के 28 साल की अपनी बहू के साथ शादी रचाने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों के बीच यह शादी चर्चा का विषय बन गई है।बड़हलगंज पुलिस थाना के चौकीदार कैलाश यादव (70) इस क्षेत्र के छपिया उमराव गांव के निवासी हैं। पांच दिन पहले उन्होंने अपनी विधवा बहू पूजा से एक मंदिर में विवाह कर लिया। पूजा महज 28 वर्ष की है और वह चार साल पहले अपने पति की मौत के बाद से ही अपने ससुर के साथ रह रही है।पूजा उम्र में कैलाश से 42 वर्ष छोटी है, लेकिन उसने अपनी मर्जी से उसके साथ शादी की है। बड़हलगंज पुलिस थाना ने इस बात की पुष्टि की है कि इस अनोखी शादी के संबंध में दोनों में से किसी की ओर से भी कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई गई है।पुलिस के मुताबिक, कैलाश के तीन बेटे थे, जिनमें से पूजा का पति सबसे छोटा था। उसका बड़ा बेटा भी छपिया उमराव गांव में रहता है, जबकि दूसरा बेटा बड़हलगंज पुलिस थाना के लिए भोजन बनाता है।स्थानीय लोगों के अनुसार, चूंकि शादी के कुछ ही समय बाद पूजा के पति की मौत हो गई थी, इसलिए उसकी कोई संतान नहीं है और कैलाश की पत्नी 12 साल पहले गुजर गई थी। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों से कुछ लोग पूजा से शादी करने में रुचि दिखा रहे थे, लेकिन कैलाश ने उसे खुद ही शादी का प्रस्ताव दे दिया, जिसके बाद दोनों ने एक मंदिर में ब्याह रचा लिया।
- मुंबई। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह महाराष्ट्र के नए राज्यपाल होंगे। पंजाब की कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री रहे कैप्टन अमरिंदर सिंह पंजाब विधानसभा चुनाव के कुछ समय पहले कांग्रेस से अलग हो गए थे। इसके बाद वह बीजेपी में शामिल हुए थे। दरअसल महाराष्ट्र के मौजूदा राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने पद छोड़ने की इच्छा जताई थी। इसके बाद अमरिंदर सिंह को राज्यपाल बनाने का फैसला किया गया है।कोश्यारी छत्रपति शिवाजी को लेकर अपनी टिप्प्णी के कारण लगातार विपक्ष के निशाने पर रहे। इसके चलते उन्होंने पद से हटने की तैयारी की थी। भगत सिंह कोश्यारी ने सोमवार को कहा था कि माननीय प्रधानमंत्री के हालिया मुंबई दौरे के दौरान मैंने सभी राजनीतिक दायित्यों से मुक्त होने और बाकी जीवन पढ़ने-लिखने और अन्य गतिविधियों में बिताने की अपनी इच्छा के बारे में बताया था। उन्होंने कहा कि वह अपने जीवन का बाकी समय पढ़ने-लिखने समेत अन्य गतिविधियों में बिताना चाहेंगे। राजभवन की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, राज्यपाल ने कहा था कि माननीय प्रधानमंत्री से उन्हें हमेशा प्यार और स्नेह मिला और वह उम्मीद करते हैं इस संबंध में भी उन्हें वही स्नेह मिलेगा।
- नयी दिल्ली। केंद्र ने शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय को बताया कि 2018 की एक रिपोर्ट के मुताबिक देश के 53 ‘टाईगर रिजर्व’ में 2,967 बाघ हैं।शीर्ष न्यायालय अधिवक्ता अनुपम त्रिपाठी द्वारा 2017 में दायर की गई एक याचिका पर सुनवाई कर रही है। याचिका में विलुप्तप्राय बाघों को बचाने का अनुरोध किया गया है, जिनकी संख्या देश में घटती जा रही है।अतिरिक्त सॉलिसीटर जनरल (एएसजी) ऐश्वर्या भाटी ने न्यायमूर्ति के.एम. जोसेफ और न्यायमूर्ति बी वी नागरत्ना की पीठ को बताया कि बाघों के संरक्षण और उनकी संख्या बढ़ाने के लिए काफी कार्य किया गया है।शीर्ष न्यायालय ने इस दलील का संज्ञान लिया और विषय को मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया क्योंकि त्रिपाठी न्यायालय में उपस्थित नहीं थे। पीठ ने कहा, ‘‘एएसजी ऐश्वर्या भाटी की दलील सुनी। 2018 की गणना के मुताबिक, भारत के 53 टाईगर रिजर्व में 2,967 बाघ हैं। यह संख्या इस वन्य जीव की वैश्विक आबादी का 70 प्रतिशत है और ये आंकड़े बाघों की संख्या बढ़ने की ओर इशारा करते हैं। न्याय के हित में, याचिकाकर्ता को अवसर देने के लिए, सुनवाई तीन मार्च के लिए सूचीबद्ध की जाए।’’
-
नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका गणराज्य और भारत गणराज्य ने एशियाई देश में चीते को फिर से लाने में सहयोग करने हेतु एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। समझौते के अनुसार, फरवरी 2023 के दौरान 12 चीतों का एक प्रारंभिक जत्था दक्षिण अफ्रीका से भारत लाया जाना है। ये चीते 2022 के दौरान नामीबिया से भारत लाए गए आठ चीतों के साथ शामिल हो जायेंगे।
चीतों की आबादी को बढ़ाना भारत की प्राथमिकता है और इसके संरक्षण के महत्वपूर्ण एवं दूरगामी परिणाम होंगे, जिसका लक्ष्य कई पारिस्थितिक उद्देश्यों को हासिल करना होगा, जिसमें भारत में उनकी ऐतिहासिक सीमा के भीतर चीते की भूमिका को फिर से स्थापित करना और स्थानीय समुदायों की आजीविका संबंधी विकल्पों को बेहतर करना तथा उनकी अर्थव्यवस्थाओं को आगे बढ़ाना शामिल है। फरवरी में 12 चीतों के आयात के बाद, अगले आठ से 10 वर्षों के लिए सालाना 12 चीतों को स्थानांतरित करने की योजना है।पिछली शताब्दी में अधिक शिकार और निवास स्थान के नुकसान के कारण इस प्रतिष्ठित प्रजाति के स्थानीय स्तर पर विलुप्त हो जाने के बाद चीता को एक पूर्व दायरे वाले देश में फिर से लाने की पहल भारत गणराज्य की सरकार से प्राप्त अनुरोध के बाद की जा रही है। इस बहु-विषयक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रीय जैव विविधता संस्थान (एसएएनबीआई), दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रीय उद्यान (एसएएनपार्क), चीता रेंज विस्तार परियोजना, और दक्षिण अफ्रीका में लुप्तप्राय वन्यजीव ट्रस्ट (ईडब्ल्यूटी) के सहयोग से राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) और भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई) के साथ मिलकर वानिकी, मत्स्य पालन और पर्यावरण विभाग (डीएफएफई) द्वारा समन्वित किया जा रहा है।भारत में चीता को फिर से लाने से संबंधित यह समझौता ज्ञापन (एमओयू) भारत में चीता की व्यवहार्य और सुरक्षित आबादी स्थापित करने हेतु दोनों पक्षों के बीच सहयोग की सुविधा प्रदान करता है; संरक्षण को बढ़ावा देता है और यह सुनिश्चित करता है कि चीता के संरक्षण को बढ़ावा देने संबंधी विशेषज्ञता को साझा व आदान-प्रदान हो और उसके लिए आवश्यक क्षमता का निर्माण किया जाए। इसमें मानव-वन्यजीव संघर्ष समाधान, वन्यजीवों का कब्जा एवं स्थानांतरण और दोनों देशों में संरक्षण के कार्यों में सामुदायिक भागीदारी शामिल है। समझौता ज्ञापन के अनुसार, दोनों देश बड़े मांसाहारी जीवों के संरक्षण में प्रौद्योगिकी के हस्तांतरण, प्रबंधन, नीति और विज्ञान के क्षेत्र में पेशेवरों के प्रशिक्षण के माध्यम से सहयोग और उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करेंगे, और दोनों देशों के बीच स्थानांतरित चीतों के लिए एक द्विपक्षीय संरक्षकता की व्यवस्था बनायेंगे।इस समझौता ज्ञापन की शर्तों की प्रासंगिकता सुनिश्चित करने हेतु इसकी हर पांच साल में समीक्षा की जाएगी। -
नई दिल्ली। भारत ने सिंधु जल संधि में संशोधन के लिए पाकिस्तान को नोटिस जारी किया है। सूत्रों के अनुसार, सिंधु जल के संबंधित आयुक्तों के जरिए इस महीने की 25 तारीख को नोटिस दिया गया था। भारत ने पाकिस्तान से संधि का भौतिक उल्लंघन सुधारने के लिए 90 दिनों के भीतर अंतर-सरकारी वार्ता में भाग लेने के लिए कहा है।
सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तान के रवैये ने संधि के प्रावधानों और उनके कार्यान्वयन पर प्रतिकूल प्रभाव डाला है। इसलिए भारत को सिंधु जल संधि में संशोधन के लिए पाकिस्तान को ये नोटिस जारी करना पड़ा। सूत्रों ने कहा कि, भारत हमेशा से इस संधि को ज्यों का त्यों लागू करने का प्रबल समर्थक और एक जिम्मेदार भागीदार रहा है। 2017 से 2022 तक स्थायी सिंधु आयोग की पांच बैठकों के दौरान भारत ने आपसी सहमति से रास्ता खोजने के लिए प्रयास किया था, लेकिन पाकिस्तान ने विवाद निपटाने की प्रक्रिया से इनकार कर दिया। -
नई दिल्ली। मिस्र ने स्वेज नहर विशेष आर्थिक क्षेत्र में भारतीय उद्योगों को भूमि आवंटित करने की योजना बनाई है। शिखर बैठक को लेकर दोनों देशों की ओर से जारी संयुक्त बयान में कहा गया है कि भारतीय पक्ष प्रस्ताव के लिए मास्टर प्लान की व्यवस्था कर सकता है। यह प्रस्ताव मिस्र में उपलब्ध निवेश अवसरों का उपयोग करने के लिए विदेशी निवेश करने की क्षमता रखने वाली कंपनियों को प्रोत्साहित करने के भारत के प्रस्ताव के संदर्भ में है। बयान में कहा गया है, मिस्र अधिक भारतीय निवेश के प्रवाह का स्वागत करता है और लागू नियमों और रूपरेखा के अनुसार प्रोत्साहन और सुविधाएं देने का वायदा करता है। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने मिस्र में भारतीय निवेश के विस्तार का स्वागत किया है। दोनों देशों के बीच इस समय तीन अरब 15 करोड़ डॉलर से अधिक का व्यापार होता है। दोनों नेता परस्पर उभरते आर्थिक और निवेश के अवसरों का पता लगाने के लिए व्यवसायों को प्रोत्साहित करने पर सहमत हुए। दोनों नेताओं ने मजबूत द्विपक्षीय आर्थिक जुड़ाव की सराहना की और महामारी से उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद 2021-22 में सात अरब 26 करोड़ डॉलर के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर द्विपक्षीय व्यापार के मौजूदा स्तर पर संतोष व्यक्त किया। संयुक्त बयान में उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि व्यापार में विविधता लाने और मूल्यवर्धन पर ध्यान केंद्रित करके दोनों देशों द्वारा अगले पांच वर्षों के भीतर 12 अरब डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
-
नयी दिल्ली. अरुण कुमार सिंह को देश की सबसे बड़ी तेल एवं गैस उत्पादक कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) भी बन गए हैं। एक महीने पहले भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (बीपीसीएल) के सेवानिवृत्त प्रमुख को ओएनजीसी का चेयरमैन नियुक्त किया गया था। ओएनजीसी ने शेयर बाजारों को यह जानकारी दी।
ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) का प्रमुख परंपरागत रूप से चेयरमैन और प्रबंध निदेशक करता है। हालांकि, 31 मार्च, 2021 को शशि शंकर के सेवानिवृत्त होने के बाद इसका पूर्णकालिक प्रमुख नहीं था। सरकार ने सात दिसंबर को कुछ महीने पहले बीपीसीएल के प्रमुख के रूप में सेवानिवृत्त हुए अरुण कुमार सिंह को ओएनजीसी के चेयरमैन के रूप में नामित किया था। लेकिन उन्हें कंपनी का प्रबंध निदेशक नहीं बनाया गया था। अब उन्हें कंपनी का सीईओ भी नियुक्त किया गया है।
डीओपीटी के आदेश के अनुसार, 60 वर्षीय सिंह को उनके पदभार ग्रहण करने की तारीख से तीन साल के कार्यकाल के लिए नियुक्त किया गया है। उन्होंने सात दिसंबर, 2022 को कार्यभार संभाला। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, पटना से मैकेनिकल इंजीनियर, सिंह अक्टूबर, 2018 से सितंबर, 2021 तक बीपीसीएल के निदेशक (विपणन) थे, जिसके बाद उन्हें कंपनी के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक के रूप में पदोन्नत किया गया। सिंह 13 महीने बाद अक्टूबर, 2022 में 60 साल की सेवानिवृत्ति की आयु प्राप्त करने के बाद बीपीसीएल प्रमुख के रूप में सेवानिवृत्त हुए। महारत्न पीएसयू के प्रमुख के रूप में नियुक्त किए जाने वाले सेवानिवृत्त कार्यकारी का शायद यह पहला उदाहरण है। पेट्रोलियम मंत्रालय द्वारा गठित एक खोज-सह-चयन समिति ने 27 अगस्त, 2022 को छह उम्मीदवारों के साक्षात्कार के बाद सिंह पर ध्यान केंद्रित किया था। सिंह को 27 अगस्त के साक्षात्कार से पहले ही पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) का प्रमुख चुना गया था। तेल और गैस उद्योग में अपने लगभग 38 वर्षों के अनुभव में, उन्होंने बीपीसीएल में खुदरा, एलपीजी, पाइपलाइन और आपूर्ति श्रृंखला अनुकूलन जैसी व्यावसायिक इकाइयों और संस्थाओं का नेतृत्व किया है। -
नयी दिल्ली. केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर ने बुधवार को कहा कि डेटा और उपकरणों की बढ़ती कीमतें डिजिटलीकरण के तेजी से प्रसार के लिए चिंता का विषय हैं। केंद्रीय मंत्री की यह टिप्पणी देश की दूसरी सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल के हाल ही में न्यूनतम मासिक रिचार्ज योजना को लगभग 57 प्रतिशत बढ़ाने की पृष्ठभूमि में आई है। चंद्रशेखर ने कहा, ''डेटा या उपकरणों की लागत में वृद्धि चिंता का विषय है, क्योंकि इससे डिजिटलीकरण में बाधा पहुंचती है।'' मंत्री ने कहा कि उन्हें एयरटेल द्वारा मोबाइल सेवाओं की दरों में बढ़ोतरी के बारे में जानकारी नहीं थी। मंत्रालय ने बढ़ोतरी के अल्पकालिक या दीर्घकालिक प्रभाव के बारे में पता लगाने के लिए दूरसंचार नियामक ट्राई से संपर्क किया है। उन्होंने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध से दुनिया भर में कीमतों पर असर पड़ा है और डेटा मूल्य के प्रभाव की जांच करने की जरूरत है। भारती एयरटेल ने कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश पश्चिम समेत आठ सर्किल में 28 दिनों की मोबाइल फोन सेवा योजना के लिए अपने न्यूनतम रिचार्ज की कीमत लगभग 57 प्रतिशत बढ़ाकर 155 रुपये कर दी है। कंपनी ने अपने 99 रुपये के न्यूनतम रिचार्ज प्लान को बंद कर दिया है, जिसके तहत उसने 200 मेगाबाइट डेटा और 2.5 पैसे प्रति सेकंड की दर से कॉल की पेशकश की थी। कंपनी के नए 155 रुपये वाले प्लान में असीमित कॉलिंग के साथ एक जीबी डेटा और 300 एसएमएस की पेशकश की जा रही है।
-
नयी दिल्ली. सरकार जल्द ही स्मारक मित्र योजना के एक नये संस्करण की शुरुआत करेगी, जिसके तहत संस्कृति मंत्रालय भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के 1,000 स्मारकों के रख-रखाव के लिए निजी उद्योगों के साथ साझेदारी करेगा और लाइट एंड साउंड शो समेत अन्य गतिविधियां आयोजित करेगा। यह जानकारी एक शीर्ष अधिकारी ने बुधवार को दी। केंद्रीय संस्कृति सचिव गोविंद मोहन ने यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य 15 अगस्त तक संशोधित स्मारक मित्र योजना के तहत 500 स्थलों के लिए भागीदारों के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करना है, जब आजादी का अमृत महोत्सव समाप्त होगा।'' स्मारक मित्र योजना कुछ साल पहले पर्यटन मंत्रालय के तहत शुरू की गई थी, जिसमें किसी स्थल को रख-रखाव और अन्य संबंधित गतिविधियों के लिए गोद लेना शामिल है। मोहन ने कहा कि स्मारक मित्र योजना को कुछ महीने पहले पर्यटन मंत्रालय से संस्कृति मंत्रालय में स्थानांतरित कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि संशोधित स्मारक मित्र योजना उसकी वेबसाइट के साथ जल्द ही शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह योजना कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पर आधारित होगी। उन्होंने कहा कि वेबसाइट में स्थलों के नाम और अन्य संबंधित विवरण होंगे। मोहन ने कहा, ‘‘हम 1,000 स्मारकों के रख-रखाव, लाइट और साउंड शो करने और व्याख्या सेंटर चलाने के लिए निजी उद्योग के साथ साझेदारी करने के इच्छुक हैं। कोई भागीदार पूरी गतिविधियां या इसके एक खंड को ले सकता है।''
-
ठाणे. महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने 54 वर्ष के एक व्यक्ति को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से 19.6 लाख रुपये मूल्य की मेफेड्रोन जब्त की है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, 21 जनवरी को काशमीरा इलाके में गश्त के दौरान पुलिस के मादक पदार्थ रोधी इकाई के अधिकारियों ने एक व्यक्ति को मंदिर के पास संदिग्ध तरीके से घूमते हुए देखा। पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, संदिग्ध व्यक्ति पुलिसकर्मियों को देखकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। विज्ञप्ति में कहा गया है कि पुलिस ने पालघर जिले के नालासोपारा इलाके के रहने वाले आरोपी फहीम करीम खान के कब्जे से 98 ग्राम मेफेड्रोन जब्त की। इसमें कहा गया है कि आरोपी के खिलाफ स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम, (एनडीपीएस) के प्रावधानों के तहत एक मामला दर्ज किया गया। फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी को मेफेड्रोन कहां से मिली और वह इसे किसको बेचना चाहता था।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जल जीवन मिशन के तहत 11 करोड़ नल कनेक्शन प्रदान करने को एक ‘बड़ी उपलब्धि' बताया और बुधवार को कहा कि यह दर्शाता है कि देश भर में लोगों को पाइप से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जमीन पर कितना काम किया गया। इस मिशन का उद्देश्य 2024 तक महिलाओं और बच्चों पर विशेष ध्यान देने के साथ ही घरों में नल के पानी की आपूर्ति प्रदान करना है। मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘एक बड़ी उपलब्धि, जो संकेत देती है कि भारत के लोगों को 'हर घर जल' सुनिश्चित करने के लिए जमीन पर कितना काम किया गया। उन सभी को बधाई, जो इस पहल से लाभान्वित हुए हैं। इस मिशन को सफल बनाने के लिए जमीन पर काम करने वालों को शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री ने जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के एक ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए यह बात कही।
शेखावत ने कहा, 11 करोड़ नल कनेक्शन! हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण, मंत्रालय द्वारा जल जीवन मिशन के लिए निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए किए गए अथक प्रयास और जमीन पर हमारी टीम के प्रयासों ने इस मील के पत्थर को संभव बनाया है।'' उन्होंने कहा कि 11 करोड़ घरों में अब स्वास्थ्य और कल्याण सुनिश्चित हो गया है और जीवन का यह अमृत उनके दरवाजे तक पहुंच रहा है।


















.jpg)








