- Home
- देश
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगलादेश के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन को पद संभालने पर बधाई दी है। श्री शहाबुद्दीन को भेजे पत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी के तौर पर उनका योगदान और एक न्यायविद के रूप में उनका अनुभव इस उच्च पद पर उनके बहुत काम आएगा।
भारत और बंगलादेश के बीच संबंध को साझा बलिदानों पर आधारित बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये संबंध दोनों देशों की जीवंत संस्कृति और लोगों के बीच आपसी संपर्क से मजबूत हुए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगलादेश का घनिष्ठ मित्र होने के नाते भारत दोनों देशों के लोगों के हित के लिए बहुआयामी भागीदारी को और आगे बढ़ाने के प्रति वचनबद्ध है। -
शाहजहांपुर (उप्र) . शाहजहांपुर में होली पर 'लाट साहब' का अनोखा और अजीबोगरीब जुलूस निकाले जाने का रिवाज हर साल लोगों के कौतूहल का विषय बनता है। इस साल भी इस जुलूस के लिए तैयारियां जोरों पर हैं और इसकी संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन बहुत एहतियात बरत रहा है। 'लाट साहब' का जुलूस शाहजहांपुर शहर कोतवाली क्षेत्र के फूलमती देवी मंदिर से शुरू होता है। लाट साहब के तौर पर एक व्यक्ति को चुना जाता है लेकिन उसकी पहचान गुप्त रखी जाती है। जुलूस संपन्न होने के बाद उसे तरह-तरह के पुरस्कारों और नकदी से नवाजा जाता है। लाट साहब का जुलूस काफी दिलचस्प और अनोखा होता है। इसमें काले लिबास पहने 'लाट साहब' की पहचान छुपाने के लिए उसे हेलमेट पहनाया जाता है। शहर स्थित देवी मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद लाट साहब भैंसा गाड़ी पर डाले गए तख्त पर विराजमान होते हैं। उनके साथ चलने वाले होरियारे उन्हें झाड़ू से बने पंखे से हवा करते हैं। इतना ही नहीं, वे होलिका माता का जयकारा करते हुए लाट साहब को जूते भी मारते हैं। किसी नाटक के भव्य और यथार्थपूर्ण मंचन सा लगने वाला यह जुलूस जब कोतवाली के अंदर प्रवेश करता है तो कोतवाल परंपरागत रूप से लाट साहब को सलामी देते हैं। उसके बाद लाट साहब कोतवाल से पूरे वर्ष हुए अपराधों का ब्यौरा मांगते हैं तो कोतवाल उन्हें एक शराब की बोतल तथा नगद धनराशि इनाम में देते हैं। यह जुलूस कोतवाली क्षेत्र से शुरू होकर चार किलोमीटर का सफर तय करता हुआ थाना सदर बाजार क्षेत्र तक जाकर लौटता है। यह बड़े लाट साहब का जुलूस होता है। शहर में लाट साहब के छह अन्य जुलूस भी निकलते हैं जो अलग-अलग मोहल्लों में आयोजित किए जाते हैं। स्वामी शुकदेवानंद महाविद्यालय के इतिहास विभाग के प्रभारी डॉक्टर विकास खुराना ने इस जुलूस के इतिहास के बारे में रविवार को बताया कि रोहिलखंड के नवाब अब्दुल्ला खान बहादुर रोहिल्ला ने वर्ष 1730 में शाहजहांपुर में हिंदू-मुस्लिमों के साथ मिलकर होली खेली थी। फिर हिंदुओं के आग्रह पर नवाब ऊंट पर बैठकर किले के बाहर निकले तो दोनों धर्मों के लोगों ने नारा लगाया कि "नवाब साहब आ गए।" इसी घटना की याद में हर साल होली पर एक जुलूस निकाले जाने का रिवाज शुरू हुआ। बाद में इसे लाट साहब का जुलूस का नाम दे दिया गया। उन्होंने बताया कि नवाब अब्दुल्ला खां अंग्रेजों के कट्टर विरोधी थे। वर्ष 1857 की क्रांति के बाद तत्कालीन ब्रिटिश सरकार के इशारे पर खां की याद में निकाले जाने वाले इस जुलूस का स्वरूप बदल दिया गया और समय के साथ यह और विकृत होता चला गया। आज आलम यह है कि इस जुलूस में लाट साहब को जूते तक मारे जाते हैं। अपनी तरह के इस अकेले और अजीबोगरीब जुलूस की चर्चा पूरे देश में होती है। इस बार भी लाट साहब के जुलूस के लिए तैयारियां जोरों पर हैं और पुलिस प्रशासन इसकी संवेदनशीलता को देखते हुए बहुत एहतियात बरत रहा है। जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि लाट साहब के जुलूस के लिए 12 जोनल मजिस्ट्रेट, 13 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 24 उप सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 87 स्टैटिक मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। स्टैटिक मजिस्ट्रेट संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेंगे। बाकी मजिस्ट्रेट पूरे जुलूस मार्ग पर तैनात किए जाएंगे। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) त्रिभुवन ने बताया कि लाट साहब के जुलूस मार्ग में निकलने वाली छोटी-छोटी गलियों को अवरोधकों से बंद कर दिया जाएगा। पूरे जिले में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। पुलिस अधीक्षक एस. आनंद ने बताया कि लाट साहब के जुलूस के लिए उन्होंने प्रशासन से पांच पुलिस क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारियों, एक कंपनी रैपिड एक्शन फोर्स, एक कंपनी पीएसी, 200 थाना प्रभारी निरीक्षक तथा 800 कांस्टेबल की मांग की है। इसके अलावा स्थानीय अभिसूचना इकाई द्वारा संदिग्ध लोगों तथा उपद्रवियों को भी चिन्हित किया जा रहा है। उपद्रवियों पर पैनी नजर रखी जाएगी किसी भी कीमत में हम माहौल खराब नहीं होने देंगे।
-file photo
- -
भोपाल । मध्यप्रदेश सरकार ने महिलाओं को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए आज एक अनूठी योजना का शुभारंभ किया है। लाडली बहना नाम की इस योजना के तहत प्रत्येक महिला को हर महीने एक हजार रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज अपने जन्मदिन के अवसर पर एक समारोह में रिमोट कंट्रोल के माध्यम से महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की शुरुआत की। उन्होंने योजना का शीर्षक गीत भी जारी किया। मुख्यमंत्री ने योजना का पहला फॉर्म स्वयं भरा। समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक मैं बेटियों की पूजा किया करता था, लेकिन मुझे अब अपनी बहनों में मां दुर्गा, लक्ष्मी और सरस्वती भी नजर आने लगी हैं।
तेईस से साठ वर्ष तक की महिलाएं इस योजना की पात्र होंगी। इस योजना का लाभ केवल उन्हीं महिलाओं को मिलेगा, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय ढाई लाख रुपये से कम है या जिनके पास पांच एकड़ से कम भूमि है। इस योजना के अंतर्गत 23 से साठ वर्ष तक की स्थानीय महिलाओं के खाते में प्रतिमाह एक हजार रुपये जमा किए जाएंगे। योजना के लिए आवेदन 25 मार्च से 30 अप्रैल तक किया जा सकता है और धनराशि का वितरण 10 जून से शुरू होगा। राज्य में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने, उनके स्वास्थ्य और पोषण में सुधार तथा परिवार से जुड़े फैसलों में उनकी भूमिका बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। -
नई दिल्ली। भारतीय नौसेना ने आज अरब सागर में पोत से छोड़ी जाने वाली ब्रह्मोस मिसाइल का सफल परीक्षण किया। इस मिसाइल को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन ने तैयार किया है।
भारतीय सौसेना ने एक ट्वीट में कहा कि मिसाइल के सफल परीक्षण से आत्मनिर्भरता को बल मिलेगा। मिसाइल का परीक्षण मिसाइल विध्वसंक युद्ध पोत कोलकाता से किया गया। -
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को सुजानपुर टीरा के चार दिवसीय राष्ट्रीय स्तर के होली उत्सव का उद्घाटन किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने प्राचीन राधे कृष्ण मंदिर में पूजा भी की और अपने परिवार तथा राज्य के लोगों के लिए आशीर्वाद मांगा।
अधिकारियों ने बताया कि सुक्खू ने विभिन्न सरकारी और निजी उद्यमियों द्वारा लगाई गई एक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनी में गहरी दिलचस्पी दिखाते हुए सुक्खू ने उद्यमियों और कलाकारों से अपने उत्पादों को बनाने तथा बेचने के लिए और अधिक उत्साह के साथ काम करने की अपील की। -
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में रविवार को एक बस, कार और ट्रक की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि कई अन्य घायल हो गये। घटिया थाना के प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि हादसा घटिया थाना क्षेत्र के उज्जैन-आगरा रोड पर निपनिया गांव के पास दोपहर बाद हुआ।
उन्होंने बताया कि एक निजी संगठन के छह कर्मचारी एक समारोह में शामिल होने कार से सोयत जा रहे थे तभी एक बस ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मारी, इससे कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
उन्होंने बताया कि कार में सवार लोगों को उज्जैन के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन की मौत हो गई और तीन अन्य का इलाज चल रहा है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस कार को पीछे से टक्कर मारने वाली बस और उसके चालक की तलाश कर रही है। चालक बस को लेकर मौके से फरार हो गया। -
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि नैनो डीएपी (डाई-अमोनियम फॉस्फेट) उर्वरक को मंजूरी मिलना किसानों का जीवन आसान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री मनसुख मांडविया के ट्वीट का जवाब देते हुए यह बात कही।
मांडविया ने एक दिन पहले नैनो तरल डीएपी उर्वरक को बाजार में उतारने के लिए मंजूरी दिए जाने की घोषणा की थी। इस मौके पर मांडविया ने कहा था कि उर्वरक के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता लाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है। नैनो तरल डीएपी को वर्ष 2021 में पहली बार पेश करने वाले उर्वरक सहकारी संघ इफको ने शुक्रवार को ही कहा था कि सरकार ने उसके नैनो डीएपी उर्वरक को बाजार में उतारने की मंजूरी दे दी है। -
मुंबई। महिलाओं को कर्ज देना पुरुष कर्जदारों की तुलना में कम जोखिम भरा होता है। कर्ज सूचना देने वाली कंपनी ट्रांसयूनियन सिबिल ने यह आकलन पेश किया है। एक अध्ययन नतीजों के मुताबिक, 57 प्रतिशत महिलाओं का क्रेडिट स्कोर उन्हें ‘विशिष्ट' श्रेणी में रखता है जबकि पुरुषों के मामले में यह आंकड़ा 51 प्रतिशत है।
खुदरा कर्ज को आम तौर पर अधिक सुरक्षित माना जाता है क्योंकि इस श्रेणी के ज्यादातर कर्जों में घर जैसी संपत्तियों को गिरवी रखा जाता है। ट्रांसयूनियन सिबिल ने कहा कि व्यक्तिगत ऋण और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पादों के लिए ऋण जैसे खपत-केंद्रित कर्ज भी महिलाओं के बीच लोकप्रिय हो रहे हैं।
कंपनी ने कहा, “जब महिला कर्जदार काम करती हैं और वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर हो जाती हैं तो वे अपने जीवन के लक्ष्यों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए ऋण अवसर तलाशती हैं।” इन आंकड़ों के अनुसार, महिलाएं भी व्यापारिक ऋण ले रही हैं और कुल कारोबारी ऋण में महिलाओं की हिस्सेदारी 32 प्रतिशत हो चुकी है। -
चंडीगढ़। पंजाब सरकार छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकारी स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लगाएगी। यह जानकारी एक बयान से मिली। स्कूल शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने रविवार को कहा कि इस परियोजना के लिए 26.40 करोड़ रुपये पहले ही जारी किए जा चुके हैं, जिसमें पंजाब के 15,584 सरकारी स्कूल शामिल होंगे।
बैंस ने कहा कि इसके साथ ही पंजाब के 80 फीसदी सरकारी स्कूल में सीसीटीवी कैमरे लगा दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) सरकार छात्रों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। -
कानपुर। कानपुर नगर के सजेती थाना क्षेत्र में रविवार को एक तेज रफतार डंपर (ट्रक) ने एसयूवी में टक्कर मार दी और उसे 100 मीटर तक घसीटता रहा। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में दो युवकों समेत तीन लोगों की मौत हो गयी।
सजेती थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) पवन कुमार ने बताया कि एमसीएल गैस कंपनी के मानव संसाधन विभाग में कार्यरत नरेन्द्र कुमार (28), अनिल कुमार (31) और उमेशचंद्र (59) सजेती स्थित एकलव्य इंटर कॉलेज में आयोजित एक समारोह में भाग लेने के लिए कन्नौज से एसयूवी से आ रहे थे।
उन्होंने बताया कि सजेती में गुजैना मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी एसयूवी को टक्कर मार दी और 100 मीटर तक घसीटता रहा। एसएचओ ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने नरेन्द्र कुमार और अनिल कुमार को मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल उमेशचंद्र को लाला लाजपत राय (एलआर) अस्पताल भेजा गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गयी। एसएचओ ने बताया कि डंपर जब्त कर लिया गया है, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। उन्होंने कहा कि भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। -
जयपुर। राजस्थान में स्थित सरिस्का बाध रिजर्व पिछले डेढ दशकों में बाघों की आबादी को सफलतापूर्वक बढ़ाने के बाद अब अपने वन क्षेत्र में जैवविविधता को बढ़ाने का प्रयास कर रहा है। इस दिशा में रिजर्व ने आने वाले दिनों में स्लॉथ बीयर (रीछ, भालू की प्रजाति) को वन क्षेत्र में शामिल करने क निर्णय लिया है।
रिजर्व के अधिकारियों ने बताया कि अगले कुछ दिनों में सरिस्का राष्ट्रीय उद्यान, जालोर जिले के सुंधा माता वन क्षेत्र से लाए गए दो जोड़े रीछों का नया घर होगा। सरिस्का बाघ परियोजना के क्षेत्रीय निदेशक रूप नारायण मीणा ने बताया, ‘‘हमें दो जोड़े स्लॉथ भालुओं (रीछ) को सारिका में स्थानांतरित करने की अनुमति मिल गई है। उनके पुनर्वास में मदद के लिए टीम बनायी गयी है।'' उन्होंने कहा कि भालू मुख्य रूप से जालोर में सुंधा माता वन क्षेत्र और माउंट आबू में मिलते हैं।
उन्होंने कहा, "रिजर्व की जैव विविधता को बढ़ाने के लिए स्लॉथ भालुओं के जोड़े को सरिस्का में स्थानांतरित किया जा रहा है।'' स्लॉथ भालू (रीछ) पश्चिमी भारत के अर्ध-शुष्क क्षेत्र की पहाड़ियों और पहाड़ों में पाए जाने वाले भालू की एक प्रमुख प्रजाति है। इसे ‘इंटरनेशनल यूनियन फॉर कंजर्वेशन ऑफ नेचर' द्वारा संवेदनशील (जो भविष्य में लुप्त हो सकते हैं) श्रेणी में सूचीबद्ध किया गया है।
सरिस्का बाघ रिजर्व बाघों के पुनर्वास कार्यक्रम की सफलता के लिए जाना जाता है। 2005 में सरिस्का में सभी बाघों के गायब होने के बाद, 2008 में पुनर्वास कार्यक्रम शुरू किया गया, जिसके तहत रणथंभौर बाघ अभयारण्य से दो बाघो को यहां लाया गया था। कार्यक्रम सफल रहा और रिजर्व में अब बाघों की संख्या बढ़कर 27 हो गयी है। इनमें 13 बाघिन, आठ बाघ और छह शावक हैं।
बाघों के अलावा सरिस्का में तेंदुआ, लकड़बग्घा, सियार, जंगली बिल्ली, बिल्लियों की अन्य प्रजातियां, भोडिया, सांभर, चितल, जंगली भालू सहित अन्य कई वन्य जीव हैं। -
नयी दिल्ली। रियल एस्टेट परामर्शदाता एनरॉक के एक अध्ययन से पता चला है कि 65 प्रतिशत महिलाएं निवेश के लिए रियल एस्टेट को तरजीह देती हैं जबकि 20 प्रतिशत महिलाएं शेयर बाजार और सिर्फ आठ प्रतिशत महिलाएं ही सोने में निवेश करना पसंद करती हैं। इस उपभोक्ता सर्वेक्षण के दौरान करीब 5,500 लोगों से सवाल किए गए, जिनमें से 50 प्रतिशत महिलाएं थीं।
इसके आधार पर तैयार रिपोर्ट के अनुसार, कम-से-कम 65 प्रतिशत महिला प्रतिभागियों ने रियल एस्टेट में निवेश करना चाहती हैं जबकि 20 प्रतिशत महिलाओं ने शेयर बाजार में निवेश को तरजीह दी। रिपोर्ट के अनुसार, सिर्फ आठ प्रतिशत महिलाओं ने सोना खरीदने और सात प्रतिशत ने सावधि जमाओं (एफडी) में निवेश को वरीयता दी।
एनरॉक ने एक अन्य अध्ययन का जिक्र करते हुए कहा कि 83 प्रतिशत महिलाएं 45 लाख रुपये से अधिक कीमत का मकान तलाश रही हैं। करीब 36 प्रतिशत महिलाओं ने 45-90 लाख रुपये कीमत वाले मकान को वरीयता दी जबकि 27 प्रतिशत ने 90 लाख रुपये से 1.5 करोड़ रुपये के बीच के मकान को तरजीह दी। वहीं 45 लाख रुपये से कम कीमत के मकान खरीदने की इच्छा जताने वाली महिलाओं की संख्या कम थी। -
जयपुर। राजस्थान के झुंझुनू जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। कोतवाली थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी पूर्व सैनिक विजेंद्र जाट ने बीती रात अपनी पत्नी सरोज देवी (42) को उस समय डंडे से मारा जब वह खाना बना रही थी। उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया, “प्राथमिक जांच के अनुसार, दोनों एक दूसरे के चरित्र पर शक करते थे। कल भी उनके बीच कहासुनी हो गई थी और गुस्से में आकर आरोपी विजेंद्र ने अपनी पत्नी को लाठी से पीटा।'' थानाधिकारी ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। थानाधिकारी ने बताया कि घटना के समय दंपती का 13 वर्षीय पुत्र घर में मौजूद था। -
नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से पहले शारीरिक तंदुरुस्ती को बढ़ावा देने के लिए रविवार को दिल्ली में एक ‘मेगा वॉकथॉन' का आयोजन किया। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि ‘वॉक फॉर हेल्थ' विषय पर आधारित ‘वॉकथॉन' विजय चौक से शुरू हुआ और कर्तव्य पथ, इंडिया गेट होते हुए निर्माण भवन पहुंचा।
मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों, सफदरजंग अस्पताल, राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल और लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज जैसे केंद्र सरकार के अस्पतालों के चिकित्सकों, नर्सों और कर्मचारियों ने भी ‘वॉकथॉन' में भाग लिया। शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए देश भर के जिला मुख्यालयों में ‘साइकलैथॉन' (साइकिल यात्रा) भी आयोजित किया गया। ‘साइकलैथॉन' का आयोजन ‘स्वस्थ महिला स्वस्थ भारत' विषय के तहत किया गया। -
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को जंबूरी मैदान से ‘‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना'' की शुरूआत की जिसके तहत राज्य की सभी पात्र महिलाओं को मासिक एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। प्रदेश सरकार विधानसभा चुनावों से कुछ महीने पहले इस योजना की शुरूआत करके राज्य की महिला मतदाताओं को लुभाने और उनके बूते फिर से सत्ता में लौटने का प्रयास कर रही है।
अपने 65वें जन्मदिन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक महिला के लिए इस योजना का आवेदन फॉर्म भरकर इसकी शुरूआत की। गौरतलब है कि योजना के तहत आयकर नहीं देने वाली और जिनके परिवार की वार्षिक 2.50 लाख रुपये से कम है, सहित कुछ अन्य शर्तों पर खरी उतरने वाली महिलाओं को प्रति माह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
सरकार का लक्ष्य ‘मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना' के माध्यम से राज्य की करीब एक करोड़ महिलाओं को आर्थिक सहायता देना है। मध्य प्रदेश में इस साल की अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। गौरतलब है कि सरकार द्वारा एक मार्च को पेश प्रदेश के बजट में इस योजना के लिए प्रावधान किया गया है। चौहान ने कहा, ‘‘संभावित लाभार्थी 15 मार्च से 30 अप्रैल तक आवेदन फार्म जमा कर सकती हैं।
जांच के बाद लाभार्थियों की सूची एक मई को और अंतिम सूची 31 मई को जारी की जाएगी। 10 जून से और उसके बाद हर महीने से लाभार्थियों को उनके खातों में वित्तीय सहायता मिलना शुरु हो जाएगी।'' मध्यप्रदेश में 2,60,23,733 महिला मतदाता पंजीकृत हैं। राज्य की कुल 230 विधानसभा सीटों में से 18 निर्वाचन क्षेत्रों में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक है।
इनमें आदिवासी बहुल बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, अलीराजपुर और झाबुआ जिले शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि नयी महिला मतदाताओं की संख्या में 2.79 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि पुरुष मतदाताओं के लिए यह 2.30 प्रतिशत है। अनुमान के मुताबिक 13.39 लाख नए मतदाताओं में 7.07 लाख महिलाएं हैं। -
नयी दिल्ली. केंद्र सरकार ने साबुत अरहर (तुअर) दाल पर लगे 10 प्रतिशत सीमा शुल्क को हटा दिया है। सरकार ने यह कदम अरहर दाल की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने के लिए उठाया है। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) ने तीन मार्च की एक अधिसूचना में कहा है कि तुअर (साबुत) दाल पर अब कोई सीमा शुल्क नहीं लगेगा।
यह आदेश चार मार्च से प्रभावी हो गया है। हालांकि साबुत तुअर दाल से इतर अन्य तुअर उत्पादों के आयात पर 10 प्रतिशत की दर से सीमा शुल्क लगता रहेगा। देशभर में तुअर दाल के कम उत्पादन की आशंका के बीच साबुत तुअर दाल पर से सीमा शुल्क हटाने का फैसला किया गया है। तुअर की दाल खरीफ की फसल है। कृषि मंत्रालय के शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, तुअर दाल का उत्पादन जुलाई 2022-जून 2023 सत्र में गिरकर 38.9 लाख टन रह सकता है जबकि पिछले सत्र में यह 43.4 लाख टन रहा था। -
अगरतला। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा है कि केंद्र और त्रिपुरा की नयी सरकार को टिपरा मोथा द्वारा उठाये गये मुद्दों को हल करने की जरूरत है। शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को यहां पहुंचने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोगों के विश्वास की पुष्टि करते हैं।
उन्होंने कहा, “भाजपा का मानना है कि त्रिपुरा आज जैसा है वैसा ही रहेगा, लेकिन टिपरा मोथा द्वारा उठाए गए मुद्दों को भी हल करने की जरूरत है। मुझे उम्मीद है कि नयी सरकार निश्चित रूप से शिकायतों को सुनेगी। चुनाव खत्म हो गए हैं। साथ काम करने में कोई बुराई नहीं है। मूल निवासियों से संबंधित मुद्दों को एक जगह बैठकर सुना जा सकता है।”
त्रिपुरा में हाल में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी टिपरा मोथा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार में शामिल होने की पेशकश को यह कहते हुए अस्वीकार कर दिया कि उसे मूल निवासियों के लिए एक अलग राज्य 'ग्रेटर टिपरालैंड' पर लिखित आश्वासन चाहिए। शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में प्रधानमंत्री मोदी के अच्छे काम की वजह से मिजोरम को छोड़कर पूर्वोत्तर के सभी राज्यों में भाजपा आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में आठ मार्च, जबकि मेघालय और नगालैंड में सात मार्च को शपथ ग्रहण समारोह होगा। शर्मा ने कहा कि त्रिपुरा में नयी सरकार चुनाव के उपरांत हुई हिंसा से निपटेगी और जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी। -
भोपाल. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पेड़ों के लिए एम्बुलेंस सेवा शुरु करने पर इंदौर नगर निगम की शनिवार को सराहना की। नगरीय निकाय ने पिछले सप्ताह कीटों से प्रभावित सड़कों के किनारे लगे पेड़ों की देखभाल के लिए यह सेवा शुरु की है। इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि एम्बुलेंस अब तक 50 पेड़ों की देखभाल कर चुकी है। मुख्यमंत्री चौहान ने आज पत्रकारों से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सही कहते हैं कि इंदौर समय से पहले चलता है।'' उन्होंने कहा, ‘‘इंदौर एक और नवाचार लेकर आया है.... अगर सड़क के किनारे का कोई पौधा या पेड़ बीमार हो जाता है तो एम्बुलेंस उसकी मदद के लिए दौड़ेगी, कीटनाशकों का छिड़काव करेगी और उसकी देखभाल करेगी।
-
नयी दिल्ली . राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद ने देशभर में शैक्षणिक सत्र 2023-24 से 57 शिक्षक शिक्षा संस्थानों में एकीकृत शिक्षक शिक्षा कार्यक्रम (आईटीईपी) शुरू किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। आईटीईपी को 2021 में अधिसूचित किया गया था और यह चार वर्षीय बीए.बीएड, बीएससी.बीएड और बीकॉम.बीएड की पेशकश करता है। अधिकारियों के मुताबिक, यह पाठ्यक्रम नए स्कूल ढांचे के चार चरणों - मूलभूत, प्रारंभिक, मध्य और माध्यमिक के लिए शिक्षकों को तैयार करेगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम की शुरू में प्रतिष्ठित केंद्र/राज्य सरकार के विश्वविद्यालयों/संस्थानों में प्रायोगिक आधार पर शुरुआत की गई थी। आईटीईपी उन सभी विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध होगा जो माध्यमिक के बाद शिक्षण के पेशे को चुनते हैं।
- -
मुंबई. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने शनिवार को कहा कि भारतीय संस्कृति में ‘‘सेवा''की अवधारणा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के विचार से बहुत पुरानी है। उन्होंने ‘सेवा भवन' के उद्घाटन के मौके पर कहा, ‘‘कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व की हालिया अवधारणा की तुलना में, जिसे हम ‘सेवा' कहते हैं, वह हमारे समाज में गहराई से समाई हुई है। सेवा के प्रति हमारा दृष्टिकोण यह है कि हम इसके बदले में कुछ भी अपेक्षा नहीं रखते हैं।'' भागवत ने कहा, ‘‘सेवा को कभी-कभी ‘सर्विस' के रूप में परिभाषित किया जाता है, लेकिन वहां (सर्विस के मामले में) आप बदले में कुछ उम्मीद करते हैं। हमारी सेवा की परंपरा में, लोगों को कभी प्रशंसा मिलती है तो कभी आलोचना और विरोध का भी सामना करना पड़ता है।
-
हुबली . कर्नाटक के हुबली में केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) के अधिकारियों ने शनिवार को एक कारोबारी के पास से तीन करोड़ रुपये नकद जब्त किए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सीसीबी ने एक ‘प्रतिष्ठित कारोबारी' के हुबली स्थित घर का घेराव किया और ‘बेहिसाब' नकदी बरामद की। पुलिस ने बताया कि कारोबारी के पास 500 रुपये मूल्य वर्ग में तीन करोड़ रुपये के नोटों की धनराशि को सही ठहराने के लिए कोई दस्तावेज या स्पष्टीकरण नहीं था। पुलिस ने एक बयान में कहा, “घर पर नकदी जमा करने के स्रोत और कारण का पता लगाने के लिए गहन जांच चल रही है और आयकर विभाग को भी इसके बारे में सूचित कर दिया गया है।” -
विशाखापत्तनम. केंद्रीय बंदरगाह एवं जहाजरानी मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने शनिवार को कहा कि सागरमाला परियोजना के अंतर्गत आंध्र प्रदेश में 1.1 लाख करोड़ रुपये की 110 परियोजनाएं चिह्नित की गई हैं। सोनोवाल ने यहां आयोजित वैश्विक निवेशक सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 32,000 करोड़ रुपये की 35 परियोजनाएं पहले ही पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से कुछ परियोजनाएं 'रोल ऑन रोल ऑफ' (रोरो), यात्री घाट, मछली पकड़ने, बंदरगाह आधुनिकीकरण और कौशल विकास आदि पर केंद्रित हैं। सोनोवाल ने कहा कि विशाखापत्तनम बंदरगाह पर वित्त वर्ष 2022-23 में माल की आवाजाही में 7.5 प्रतिशत की अच्छी वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि विशाखापत्तनम बंदरगाह पर 658 करोड़ रुपये के निवेश से जनवरी, 2023 में स्वीकृत छह परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
-
रीवा. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को रीवा जिले की तहसील मऊगंज को प्रदेश का 53 वां जिला बनाने की घोषणा की। मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं तथा सत्तारूढ़ भाजपा इसे जीतने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है। राजनीतिक पर्यवेक्षकों ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य प्रदेश मंत्रिमंडल में राजनीतिक रूप से अहम विंध्य क्षेत्र के लिए पर्याप्त प्रतिनिधित्व की कमी को लेकर सरकार के खिलाफ असंतोष को खत्म करना है। मऊगंज को जिला बनाने की लंबे समय से चली आ रही मांग ने हाल ही में जोर पकड़ा है।
चौहान ने यहां एक समारोह में संबल योजना के तहत 27,310 हितग्राहियों के बैंक खातों में सहायता के रूप में 605 करोड़ रुपये की राशि स्थानांतरित की। इस मौके पर उन्होंने कहा, ‘‘ 15 अगस्त को नवीन मऊगंज जिला (मुख्यालय) में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।'' इसके अलावा चौहान ने 738 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास किया जिनमें से कई मऊगंज में हैं। अधिकारिक सूत्रों ने कहा कि नई परियोजनाओं में 73.56 करोड़ रुपये के दस कार्य नये जिले में किए जायेंगे। चौहान ने मुख्य रूप से असंगठित मजदूरों की जरूरतों को पूरा करने वाली संबल योजना की खूबियों को गिनाते हुए कहा कि यह योजना जन्म से लेकर मृत्यु तक सहायता प्रदान करती है। पूर्ववर्ती कांग्रेस की कमलनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए चौहान ने कहा कि नाथ ने दिसंबर 2018 से मार्च 2020 तक मुख्यमंत्री के रूप में अपने 15 महीने के कार्यकाल के दौरान इस योजना को छोड़ दिया था। सूत्रों ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे नये मऊगंज जिले में चार तहसीलें होंगी - मऊगंज, हनुमना, नईगढ़ी और देवतालाब तथा इसकी आबादी छह लाख से अधिक है। नये जिले के निर्माण के साथ वर्तमान में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के दो विधानसभा क्षेत्र मऊगंज चले गए हैं। अब रीवा जिले में छह विधानसभा सीट रह गई हैं। रीवा संभाग में अब रीवा, मऊगंज, सतना, सीधी और सिंगरौली पांच जिले होंगे, जबकि विंध्य क्षेत्र में जिलों की संख्या आठ होगी। वरिष्ठ पत्रकार राजेश द्विवेदी ने बताया कि, ‘‘लोग लंबे समय से मऊगंज को जिला बनाने की मांग कर रहे थे। अब लोग सतना में मैहर को नया जिला बनाने की मांग करेंगे। इस मांग को लेकर मैहर में स्थानीय भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी के नेतृत्व में कई विरोध प्रदर्शन हुए हैं।'' द्विवेदी ने कहा कि चुनाव से पहले मऊगंज को जिला बनाने से भाजपा को बहुत अधिक राजनीतिक लाभ नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से केवल रामखेलावन पटेल ही मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व कर रहे थे, लेकिन अलग विंध्य प्रदेश की मांग जोर पकड़ने के बाद गिरीश गौतम को मप्र विधानसभा का अध्यक्ष बनाया गया। -
नयी दिल्ली. मौसम विभाग ने होली से पहले राजस्थान और पश्चिमी तथा मध्य भारत के बड़े हिस्से में गरज के साथ बौछारें पड़ने और ओलावृष्टि की संभावना जतायी है। देश भर में सात और आठ मार्च को होली का त्योहार मनाया जाएगा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उष्णकटिबंधीय मौसम प्रणालियों के कारण शनिवार से लेकर बुधवार तक गरज के साथ बौछारें पड़ने और ओलावृष्टि का पूर्वानुमान जताया है। आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में शनिवार और रविवार को छिटपुट बारिश या बर्फबारी की भी संभावना है। इसने कहा कि राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और गुजरात में 4-8 मार्च तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा कि शनिवार को दक्षिण हरियाणा में और रविवार तक पश्चिम राजस्थान में मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसने कहा कि आठ मार्च तक पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, गुजरात, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है। -
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे इस महीने की 21 तारीख को पूर्वोत्तर के लिए भारत गौरव रेलगाड़ी की शुरूआत करेगा। भारतीय रेलवे ने बताया कि सर्वोत्तम श्रेणी की वातानुकुलित भारत गौरव रेलगाड़ी असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, त्रिपुरा और मेघालय की यात्रा 15 दिन में पूरा करेगी। पूर्वोत्तर सर्किट का विषय है "पूर्वोत्तर की खोजः गुवाहाटी से आगे ।।२३सर्वोत्तम श्रेणी की भारत गौरव पर्यटक रेलगाड़ी नई दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। इस रेलगाड़ी में 156 यात्री सफर कर सकते हैं। भारत गौरव रेलगाड़ी में एसी-1 और एसी-2 श्रेणी के कोच हैं।
इस रेलगाड़ी का पहला ठहराव गुवाहाटी में है, जहां पर्यटक कामाख्या मंदिर और उमानंद मंदिर के दर्शन कर सकेंगे। कोविड-19 से सुरक्षा एवं बचाव संबंधित उपायों को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय ने 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी यात्रियों के लिए कोविड-19 टीकाकरण को अनिवार्य किया है। आरक्षण संबंधित सभी जरूरी विवरण आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।इस रेलगाड़ी की टिकट एसी-2 श्रेणी के लिए एक लाख छह हजार 9 सौ 90 रुपये प्रति यात्री और एसी-1 श्रेणी के लिए एक लाख 31 हजार 9 सौ 90 रुपये प्रति यात्री से शुरू है। टिकट में अन्य सभी लागत के अलावा रेलयात्रा, होटल का किराया, सभी प्रकार का शाकाहारी भोजन, हस्तांतरण लागत व संबंधित शहर में प्रमुख स्थानों का भ्रमण और यात्रा बीमा शामिल हैं। इस यात्रा के लिए पर्यटक ईएमआई भुगतान विकल्प की सुविधा भी ले सकते हैं। आईआरसीटीसी ने पर्यटकों को ईएमआई भुगतान विकल्प प्रदान करने के लिए पेटीएम और रेज़रपे भुगतान गेटवे के साथ साझेदारी की है।रेलगाड़ी में चढ़ने और उतरने की सुविधा दिल्ली, गाजियाबाद, अलीगढ़, टुंडला, इटावा, कानपुर, लखनऊ और वाराणसी स्टेशनों से उपलब्ध होगी।भारत में पर्यटन को बढ़ावा देने और दुनियाभर से पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए भारतीय रेलवे ने वर्ष 2021 में भारत गौरव योजना की शुरूआत की थी। यह योजना निजी क्षेत्र के हितधारकों द्वारा संचालित की जाने वाली "विषय आधारित" रेल सेवाओं को प्रोत्साहित करेगी



























.jpg)