- Home
- देश
- जाजपुर (ओडिशा) । ओडिशा के जाजपुर जिले के कोरेई रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक मालगाड़ी बेपटरी होकर प्लेटफॉर्म तथा प्रतीक्षालय से टकरा गई, जिससे वहां खड़े यात्री उसकी चपेट में आ गए। हादसे में कम से कम तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि ढाई वर्षीय बच्चे समेत सात अन्य लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पूर्वी तटीय रेलवे (ईसीओआर) के अधिकारियों ने बताया कि हादसा सुबह करीब छह बजकर 44 मिनट पर हुआ, जब कुछ लोग प्लेटफॉर्म पर यात्री ट्रेन का इंतजार कर रहे थे।स्टेशन के कर्मचारियों ने बताया कि डांगोवापोसी से छत्रपुर जा रही खाली मालगाड़ी के ‘लोको पायलट’ (ट्रेन चालक) के अचानक ब्रेक लगाने से उसके आठ डिब्बे पटरी से उतर गए और प्लेटफॉर्म तथा प्रतीक्षालय से टकरा गए। इससे वहां मौजूद कुछ लोग इसकी चपेट में आ गए।बचाव अभियान पर नजर रखने वाले जाजपुर के अपर जिलाधिकारी अक्षय कुमार मलिक ने बताया कि कुछ डिब्बे ‘फुट-ओवर-ब्रिज’ पर जा चढ़े और प्रतीक्षालय तथा टिकट खिड़की पर गिर गए।पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पटरी से सभी डिब्बों को हटा दिया गया है और अब मलबे में किसी के दबे होने की आशंका नहीं है।उन्होंने कहा कि हादसे में घायल सात लोगों में से छह को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई जबकि एक की हालत गंभीर है।मृतकों की पहचान पार्बती बिंधानी, उनकी बेटी कंधेई और अन्य महिला अबसुम बीबी के रूप में हुई है। वहीं हादसे में बिंधानी के साथ मौजूद ढाई वर्ष का एक बच्चा बाल-बाल बच गया।कंधू बिधानी, जो मौके पर मौजूद नहीं थे, ने कहा कि उनकी मां और बहन कटक जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वे इलाज कराने के लिए कटक जा रहे थे।कंधेई के पति ने कहा कि वह रेलवे स्टेशन से बाहर गए हुए थे और इसी दौरान यह हादसा हुआ।मृतक के परिजनों ने मुआवजे के तौर पर 50 लाख रुपये या एक सदस्य को रेलवे में स्थायी नौकरी देने की मांग की है।सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए घटना के वीडियो में पटरी से उतरे डिब्बे प्लेटफॉर्म पर नजर आ रहे हैं। कुछ डिब्बों ने ‘फुट-ओवर-ब्रिज’ के एक द्वार को क्षतिग्रस्त कर दिया, जबकि अन्य ने बिजली के तारों को तोड़ दिया। स्टेशन परिसर की कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं।वीडियो में मौके पर मौजूद स्थानीय लोग भी मलबा हटाने में मदद करते और उसके नीचे लोगों को ढूंढते नजर आ रहे हैं।इस बीच, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जान गंवाने वाले लोगों के परिवार वालों को पांच-पांच लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल लोगों को एक-एक लाख रुपये, जबकि मामूली रूप से घायल लोगों को 25-25 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।वैष्णव ने उड़िया भाषा में ट्वीट किया, ‘‘ कोरेई ट्रेन हादसे में लोगों की मौत की खबर से बेहद दुखी हूं। जान गंवाने वालों के परिवार वालों को पांच-पांच लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल लोगों को एक-एक लाख रुपये और मामूली रूप से घायल लोगों को 25-25 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।’’मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी ट्वीट कर हादसे में लोगों के हताहत होने पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने जान गंवाने वाले लोगों के परिजन को दो-दो लाख रुपये देने और घायलों का मुफ्त इलाज किए जाने की घोषणा की है।पटनायक ने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री रमिला मलिक को मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने को कहा है।हावड़ा-चेन्नई मार्ग पर ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं क्योंकि हादसे के कारण दोनों लाइनें अवरुद्ध हो गईं।ईसीओआर ने मदद के लिए आपात ‘हेल्पलाइन नंबर’ 8455889905 (कोरेई स्टेशन), 0674-2534027 (भुवनेश्वर) और 0674-2492245 (खुर्दा रोड) जारी किए हैं।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल वर्चुअल माध्यम से लगभग 71 हजार नव-नियुक्त लोगों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर इन कर्मियों को सम्बोधित भी करेंगे। नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्रों की प्रतियां देशभर के 45 स्थानों पर सौंपी जायेंगी। रोजगार सृजन को मुख्य प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता पूरी करने की दिशा में यह रोजगार मेला महत्वपूर्ण कदम है। इस वर्ष अक्टूबर में रोजगार मेले के तहत नव-नियुक्त 75 हजार लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपे गये थे।
प्रधानमंत्री कर्मयोगी प्रारम्भ मॉडयूल की भी शुरूआत करेंगे। यह विभिन्न सरकारी विभागों में सभी नवनियुक्त कर्मियों के लिए ऑनलाइन आरम्भिक पाठ्यक्रम है। इसमें सरकारी सेवकों के लिए आचार-संहिता , कार्यस्थल पर नैतिकता, सत्यनिष्ठा और मानव संसाधन नीतियां शामिल हैं। इन कर्मियों को अपने ज्ञान, कौशल और दक्षता को बढ़ाने के लिए अन्य पाठ्यक्रम करने का भी अवसर मिलेगा। इसके लिए वेबसाइट है- igotkarmayogi.gov.in -
पटना/ बिहार के वैशाली में सड़क किनारे पीपल के पेड़ के नीचे खड़े होकर पूजा कर रहे लोगों पर नशे में धुत एक ड्राइवर ने ट्रक चढ़ा दिया। इसमें 30 लोग जख्मी हो गए। 8 की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में 6 बच्चे हैं। लोगों ने बताया कि अगर पेड़ नहीं होता तो 50 से ज्यादा जानें जातीं।
हादसा रविवार रात करीब 9 बजे सुल्तानपुर गांव के पास हुआ। पीपल के पेड़ के नीचे 60 से ज्यादा लोग भुंइया बाबा की पूजा करने जुटे थे। इस घटना के चश्मदीद अनुज कुमार राय बताते हैं कि पूजा लगभग पूरी हो चुकी थी। सब अपने-अपने घर लौटने वाले थे कि तभी हाजीपुर से महनार की तरफ जा रहा ट्रक लोगों को कुचलता चला गया और पेड़ से टकरा गया। अनुज के मुताबिक, अगर ट्रक पेड़ में नहीं टकराता तो कम से कम 50 से ज्यादा लोगों की मौत होती। -
शिमला. हिमाचल प्रदेश में कोविड-19 के चलते सुस्ती के बाद पर्यटन ने गति पकड़ ली है और इस साल 31 अक्टूबर तक पर्यटकों की संख्या में पिछले साल की इस अवधि के मुकाबले तीन गुना से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से मुहैया कराये गये आंकड़ों के मुताबिक राज्य में इस साल एक जनवरी से 31 अक्टूबर के बीच 1.28 करोड़ पर्यटक पहुंचे जिनमें 28232 विदेशी हैं। आंकड़ों के मुताबिक पिछले साल इसी अवधि में राज्य में पर्यटकों की संख्या केवल 41.03 लाख दर्ज की गई थी। कोरोना वायरस महामारी के कारण राज्य में पर्यटन और अन्य संबंधित उद्योगों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा, क्योंकि पर्यटकों की संख्या वर्ष 2020 में काफी घट गई। वर्ष 2019 के दौरान राज्य में 1.72 करोड़ पर्यटक पहुंचे, लेकिन वर्ष 2020 में यह संख्या लुढ़ककर 32.13 लाख हो गई। हालांकि, वर्ष 2021 में इसमें थोड़ा सुधार हुआ और पर्यटकों की यह संख्या 56.37 लाख हो गई। इस साल सबसे अधिक 20.63 लाख पर्यटक जून महीने में राज्य में आये, जबकि जनवरी में सबसे कम 7.69 लाख पर्यटक आए। कुल्लू और लाहौल स्पीति में कुल 30.4 लाख पर्यटक पहुंचे जो वर्ष 2022 के पिछले 10 महीनों के दौरान राज्य में आये पर्यटकों की कुल संख्या का 23.8 फीसदी है। रोहतांग दर्रे में 13058 फुट ऊंचे पहाड़ के नीचे निर्मित अटल सुरंग (सदाबहार सड़क) पर्यटकों की पसंदीदा जगह बनकर उभरी है। हिमाचल प्रदेश पर्यटन प्रदेश पर्यटन विभाग निगम (एचपीटीडीसी) के प्रबंध निदेशक एवं पर्यटन निदेशक अमित कश्यप ने कहा, ‘‘कोविड-19 के कारण जो लोग घरों में फंसे हुए थे, उन्होंने अब बाहर निकलना शुरू कर दिया है।
-
खगडिय़ा। खगडिय़ा में सोमवार की सुबह नाव पलट गई। नाव में सवार 8 लोग कोसी की उपधारा में डूब गए। स्थानीय लोगों की मदद से 6 महिला-पुरूष को बचा लिया गया जबकि दो महिला की डूबने से मौत हो गई। एसडीआरएफ की मदद से शव को बरामद कर लिया गया है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने बताया कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धुसमुरी विशनपुर पंचायत के कठोरा धार में नाव पलटने से एक पुरूष सहित 8 महिला डूब गयी थी। इसमें पंचायत के विशनपुर गांव के वार्ड 17 निवासी जितेन्द्र कुमार रजक उर्फ जीतो रजक की 32 वर्षीय पत्नी बबीता देवी एवं भदास गांव निवासी रूदल साह की 25 वर्षीय पत्नी नीतू देवी की डूबने से मौत हो गई। इसके अलावा विशनपुर गांव निवासी असरफी साह की 55 वर्षीय पत्नी अनिता देवी,बानो रजक का पुत्र राजेश रजक, भोला साह की पत्नी माला देवी सहित 6 लोगों को स्थानीय लोगों द्वारा बचा लिया गया। जिसका इलाज गांव के निजी क्लिनिक में किया जा रहा है।
डीएम ने एसडीआरएफ टीम को भेज दिया। एसडीआरएफ ने आधे घंटे में लापता महिलाओं का शव बरामद कर लिया। हल्का मुफस्सिल थानाध्यक्ष रत्नेश कुमार व हल्क कर्मचारी तरूण कुमार पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर आगे की कार्रवाई जा रही है। -
रीवा। रीवा में स्टेयरिंग फेल होने से बस पलट गई। हादसे में 15 यात्री घायल हुए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना सुबह 9.30 बजे गढ़ थाना इलाके के पचोखर गांव के पास हुई।
पुलिस के मुताबिक बस में 25 यात्री थे। घायलों को गंगेव अस्पताल भेजा गया। तीन मामूली घायल यात्रियों को गंगेव अस्पताल से इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। दो यात्रियों को रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया। बस गढ़ से रीवा आ रही थी। -
ग्वालियर। इंदरगंज इलाके में राजीव प्लाजा के पास हरेंद्र ट्रेडिंग कंपनी के कर्मचारी और अकाउंटेंट पर कट्टा अड़ाकर दो बदमाश 1.20 करोड़ रुपए लूट ले गए।
पुलिस ने बताया कि कंपनी के कर्मचारी विनोद गुर्जर और सुनील कुमार डीडी नगर से इंदरगंज बैंक ऑफ बड़ौदा में कैश जमा कराने जा रहे थे। जैसे ही वह राजीव प्लाजा के पास पहुंचे, सरेराह दो युवकों ने उन्हें रोका। कट्टा तानकर कार की डिकी खुलवाई और उसमें से रुपयों से भरा बैग निकाला और कट्टा लहराते हुए फरार हो गए। इतनी बड़ी लूट की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। -
उदयपुर। उदयपुर के गोगुंदा इलाके में 6 लोगों की संदिग्ध मौत हो गई है। गोगुंदा थाना क्षेत्र के झाडोली के पास गोल नेड़ी गांव में पुलिस को छह लोगों की लाश मिली है। मरने वालों में 4 बच्चे और एक दंपती है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
थानाधिकारी योगेन्द्र व्यास ने बताया कि शुरुआती जांच में लग रहा है कि परिवार के ही मुखिया ने सभी को मारकर खुद भी आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान प्रकाश (40) पिता सोहन, दुर्गा (35) पत्नी प्रकाश के रूप में हुई है। इनके चार बच्चे हैं। सबसे छोटा बेटा 4 महीने का है। फंदा ओढऩी का बनाया गया था। प्रकाश के घर के पास ही उसके दो भाइयों के घर हैं। खेत के किनारे इनके घर बने हुए हैं। तीन बच्चे गणेश (5), पुष्कर (4), रोशन (2) फंदे पर लटके मिले हैं। वहीं महिला अपने 4 महीने के बच्चे गंगाराम के साथ बिस्तर पर मृत मिली है। पुलिस प्राथमिक तौर पर सुसाइड का केस मान रही है।
थानाधिकारी योगेन्द्र व्यास ने बताया कि मृतक प्रकाश तीन महीने पहले ही गुजरात के सूरत से लौटा था। रसोई में साफ-सफाई का काम करता था। काफी समय से बीमार चल रहा था। इस वजह से काम पर वापस लौटा नहीं था। पुलिस प्राथमिक तौर पर आर्थिंक तंगहाली का बड़ा कारण मानते हुए इसे सुसाइड का मान रही है। थानाधिकारी योगेन्द्र व्यास ने बताया कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। -
ग्रेटर नोएडा. उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में स्थित हर गांव एवं सेक्टर में स्थित घरों से नये साल के से कूड़ा उठाया जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रितु माहेश्वरी ने शनिवार को विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर यह जानकारी दी। एक कार्यक्रम में शामिल होने आयी रितु माहेश्वरी ने कहा कि घर-घर जा कर कूड़ा उठाने के अभियान से से ग्रेटर नोएडा के कुछ सेक्टर एवं गांव अछूते हैं। उन्होंने कहा कि नए साल की शुरुआत में ही इन गांवों व शहरों में घरों से कूड़ा उठाने वाली एजेंसी का चयन कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके अलावा मार्च 2023 तक ग्रेटर नोएडा में 200 शौचालय सीट लगवाने का लक्ष्य रखा गया है ।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की दाहिनी आंख का रविवार को यहां आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल) में मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया गया। यह जानकारी राष्ट्रपति भवन ने एक विज्ञप्ति में दी।विज्ञप्ति में कहा गया कि मुर्मू की सर्जरी सफल रही और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। चौंसठ वर्षीय मुर्मू की 16 अक्टूबर को आर्मी हॉस्पिटल में बायीं आंख का मोतियाबिंद का ऑपरेशन हुआ था।राष्ट्रपति भवन ने कहा, ‘‘भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की दाहिनी आंख की आज सुबह (20 नवंबर, 2022) आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल), नयी दिल्ली में मोतियाबिंद की सर्जरी की गई। सर्जरी सफल रही और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।’’मुर्मू ने 25 जुलाई को भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी।
- बुलढाणा । प्रसिद्ध अभिनेता अमोल पालेकर और उनकी लेखक तथा फिल्मकार पत्नी संध्या गोखले ने रविवार को यहां महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में भारत जोड़ो यात्रा में भाग लिया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की पदयात्रा के महाराष्ट्र चरण के आखिरी दिन पालेकर और उनकी पत्नी यहां यात्रा में शामिल हुए, जहां से रात को यह यात्रा मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी।कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से राहुल के साथ पालेकर और गोखले की तस्वीरें साझा की गई हैं।पार्टी ने ट्वीट किया, ‘‘देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए आज प्रसिद्ध अभिनेता और फिल्म निर्देशक अमोल पालेकर अपनी पत्नी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। देश की आवाज उठाने के लिए धन्यवाद ।’’इससे पहले सिने जगत से पूजा भट्ट, रिया सेन,सुशांत सिंह, मोना अम्बेगांवकर, रश्मि देसाई और आकांक्षा पुरी जैसी विभिन्न हस्तियों ने भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लिया था।
- भोपाल। फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप की ओपनिंग सेरेमनी भारतीय समयानुसार शाम साढ़े सात बजे और मैच साढ़े नौ बजे से होगी। ये वर्ल्ड कप मध्य प्रदेश के लिए खास है। क्योंकि इसमें मंडला-नैनपुरी की बेटी शेफाली चौरसिया अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी। फुटबॉल वर्ल्ड कप के दौरान कतर में शैफाली के 13 शो होने वाले हैं।शेफाली मंडला के पान कारोबारी संतोष चौरसिया की बेटी हैं। 29 वर्षीय शेफाली को बचपन से गायन का शौक था, वे इस विधा में कई अवॉर्ड भी अपने नाम कर चुकी हैं। शेफाली अब फुटबॉल वर्ल्ड कप में मुंबई के म्यूजिशियन मिलिंद वानखेड़े और उनकी टीम के साथ कतर में परफॉर्मेंस देंगी। शेफाली इसे किसी सपने से कम नहीं मान रहीं।फुटबॉल के इस महाकुंभ में भारत से 70 सदस्यों का एक दल कतर पहुंचा है। शेफाली को ग्रेविटास मैनेजमेंट स्र्नंश्व संयुक्त अरब अमीरात की ओर से बुलावा आया है। अलखोर के फेन जॉन में शैफाली और टीम के कुल 13 शो होंगे। शेफाली ने बताया कि फीफा वर्ल्ड कप में खेले जाने वाले मैच के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से मनोरंजन के लिए इनके द्वारा गाये गीतों के शो को प्रदर्शित किया जाएगा। जो मैच के बीच होने वाले अंतराल में प्रदर्शित होंगे। शेफाली का मानना है कि फुटबॉल के महाकुंभ में प्रदर्शन करना सपनों के साकार होने जैसा है।
-
गोपेश्वर . उत्तराखंड के चमोली जिले के देवाल इलाके में पिंडर नदी की एक सहायक नदी में चार किशोर डूब गए। यह जानकारी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को दी। चमोली के पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल ने कहा कि 15-17 साल के किशोर शुक्रवार से लापता थे। उन्होंने बताया कि किशोरों के परिवार के सदस्यों ने पूरी रात उनकी तलाश की, लेकिन चारों किशोर नहीं मिले। उन्होंने कहा कि शनिवार को पिंडर नदी की सहायक कैल नदी में एक तलाशी एवं बचाव अभियान शुरू किया गया और चारों के शव बरामद किए गए। डोभाल ने बताया कि मृतकों की पहचान प्रियांशु बिष्ट, गौरव सिंह, अंशुल बिष्ट और अनिल मिश्रा के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वे क्रमश: धारा गांव, ओडर गांव, सोदिग सरकोट और इछोली के रहने वाले थे।
-
अमेठी . जिले के रामगंज थाने में तैनात कांस्टेबल विनय सिंह की शनिवार सुबह अचानक हृदय गति रुकने से मौत हो गई। अमेठी के पुलिस अधीक्षक इलामारन ने बताया कि हेड कांस्टेबल विनय सिंह (50)ड्यूटी पर थे, तभी अचानक हृदय गति रुकने से उनकी मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि सिंह के सहकर्मी उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भादर लेकर गए, जहां उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इलामारन ने बताया कि सिंह अमेठी जिले के रामगंज थाने में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। वह पड़ोसी जौनपुर जनपद के रहने वाले थे।
-
शिमला. मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने हिमाचल प्रदेश में स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था पर शनिवार को संतोष जताया जहां इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपीएटी मशीनों को रखा गया है। विधानसभा चुनाव के बाद ये स्ट्रांग रूम रात-दिन सीसीटीवी कैमरों एवं सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में हैं। सिरमौर, सोलन और बिलासपुर जिलों की चार दिवसीय यात्रा पर आये गर्ग ने पच्छाड़ और नाहन विधानसभा क्षेत्रों में सरहान एवं नाहन में स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्रों का निरीक्षण किया। गर्ग ने कहा, ‘‘मैं उम्मीदवारों के कुछ प्रतिनिधियों से भी मिला जो स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्रों एवं उनके आसपास की गयी सुरक्षा से संतुष्ट जान पड़े।'' गर्ग ने कहा कि ईवीएम को स्ट्रांग रूम से मतगणना केंद्रों तक ले जाने के मार्गों की भी समीक्षा की। उनका कहना था कि सिरमौर जिले में पांच स्ट्रांग रूम हैं तथा उन सभी की सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को मतदान हुआ था और अब आठ दिसंबर को मतगणना होगी।
-
वेरावल । गुजरात में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार तेज हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश के आगामी 25 वर्ष के सुनहरा भविष्य तय करने के लिए डबल इंजन की सरकार जरूरी है। श्री मोदी आज वेरावल में एक चुनाव रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार नागरिकों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और मछुआरों को सशक्त बनाने के नई नीतियां लाई हैं। प्रधानमंत्री ने मुफ्त घरेलू रसोई गैस कनेक्शन, घर घर नल से जल और आयुष्मान भारत जैसी सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। श्री मोदी ने कहा कि भाजपा ने सदैव देश और आम लोगों के विकास के लिए काम किया है।
राजकोट जिले के धोराजी में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि गुजरात आज सभी क्षेत्रों में फल-फूल रहा है और समय आ गया है कि आने वाले 25 वर्षों में राज्य को समृद्ध बनाने के लिए आगे बढ़ा जाए। श्री मोदी ने कहा कि दो दशक पहले सौराष्ट्र क्षेत्र में पानी का गंभीर संकट होता था, लेकिन भाजपा सरकार के लगातार प्रयासों से नर्मदा नदी का पानी सौराष्ट्र पहुंचा, जिससे इस क्षेत्र में पानी की कमी दूर हुई। प्रधानमंत्री ने सौराष्ट्र की समृद्धि में सुजलम सुफलम योजना की भूमिका को उजागर किया। उन्होंने कहा कि बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराकर भाजपा सरकार ने क्षेत्र का विकास सुनिश्चित किया है। प्रधानमंत्री ने विकास को चुनने और आगामी 25 वर्षों में राज्य को विकास की नई ऊंचाईयों तक ले जाने के लिए लोगों से भाजपा को वोट देने को कहा। -
नई दिल्ली। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग- यूजीसी ने चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दे दिया है। ये कार्यक्रम वर्ष 2023-24 से अधिकांश राज्यों के और सभी 45 केंद्रीय विश्वविद्यालयों तथा निजी विश्वविद्यालयों में लागू किया जाएगा। इन पाठ्यक्रमों के नियम अगले सप्ताह सभी विश्वविद्यालयों के साथ साझा किए जाएंगे।
-
नयी दिल्ली. प्रख्यात उर्दू उपन्यासकार खालिद जावेद को रविवार को वर्ष 2022 का प्रतिष्ठित जेसीबी साहित्य पुरस्कार प्रदान किया गया। इस साल पुरस्कार की दौड़ में पांच रचनाएं थीं, जिनमें से ‘द पैराडाइज ऑफ फूड' के लेखक खालिद जावेद को यह पुरस्कार प्रदान किया गया। यहां आयोजित समारोह में पुरस्कार स्वीकार करते हुए खालिद ने कहा कि यह मेरे लिए सर्वाधिक खुशी का क्षण है। इस बार पुरस्कार के लिए 'शार्टलिस्ट' की गईं सभी पांच रचनाएं अनूदित थीं।
‘द पैराडाइज ऑफ फूड' का अनुवाद बारां फारूकी ने किया है। जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में प्रोफेसर खालिद जावेद के उपन्यास का मुकाबला बुकर पुरस्कार से सम्मानित गीतांजलिश्री के उपन्यास ‘टॉम्ब ऑफ सैंड', मनोरंजन बायापरी के उपन्यास ‘ईमान', शूदेन काबिमो के उपन्यास ‘सॉंग ऑफ द सॉइल', और शाली टॉमी के उपन्यास ‘वल्ली' से था। पुरस्कार के तहत 25 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाती है। जेसीबी के संस्थापक जोसेफ बैमफोर्ड ने डिजिटल माध्यम से पुरस्कार की घोषणा की। -
देहरादून. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मृदा चिकित्सा और प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए चंपावत जिले के नवयोग ग्राम में मिट्टी स्नान किया। मिट्टी का लेप लगाए हुए धामी की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
धामी ने प्राकृतिक चिकित्सा और योग पर एक सम्मेलन का उद्घाटन करने के लिए शुक्रवार को टनकपुर के नवयोग ग्राम में मिट्टी स्नान किया। धामी ने मृदा चिकित्सा के बाद कहा, ‘‘ उत्तराखंड में प्राकृतिक संसाधनों की भरमार है। प्राकृतिक चिकित्सक प्रकृति आधारित उपचारों को अपनाकर मानव जीवन को रोग मुक्त बनाने का प्रयास करते हैं। '' उन्होंने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देना उनकी सरकार की प्रतिबद्धता है।
मुख्यमंत्री ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के परिणामस्वरूप आज पूरी दुनिया में योग को स्वस्थ जीवन की नींव के रूप में स्वीकार किया गया है। -
मुंबई. भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक गिरीश चंद्र मुर्मू ने शनिवार को कहा कि लेखाकार संघ को तकनीकी बदलावों से परिचित रहने की जरूरत है। उन्होंने विश्व लेखाकार कांग्रेस (डब्ल्यूसीओए) में कहा, ''व्यवसाय में नए साधनों के विकास के साथ पारिस्थितिकी तंत्र में बड़े पैमाने पर बदलाव हो रहा है। ये बदलाव लेखांकन परंपरा और सोच को चुनौती देंगे।'' मुर्मू ने कहा, ''कैग और लेखाकार संघ को न केवल खुद तकनीकी बदलावों से परिचित होना होगा" उन्होंने कहा कि वैश्विक मूल्य श्रृंखला, अंतरराष्ट्रीय लेनदेन और क्रिप्टोकरेंसी से जुड़ी कुछ अन्य चुनौतियां भी हैं। उन्होंने साथ ही कहा कि अज्ञात वित्तीय लेनदेन को पकड़ना वित्तीय लेखांकन के लिए एक बड़ी चुनौती होगी।
-
नयी दिल्ली. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता हरीश रावत द्वारा लिखे गए लेखों पर आधारित एक पुस्तक का शनिवार को विमोचन किया। ‘मेरा जीवन लक्ष्य उत्तराखंडियत' नामक इस पुस्तक का ‘पाखी प्रकाशन' ने संपादन किया है।
प्रकाशन की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर प्रियंका गांधी ने इस पुस्तक का विमोचन किया। यह पुस्तक उत्तराखंड के जनमानस को समर्पित है।'' इसमें यह भी कहा गया है कि यह पुस्तक हरीश रावत द्वारा समसामयिक विषयों विशेषकर उत्तराखंड से जुड़े पहलुओं पर लिखे लेखों का एक संकलन है। विमोचन के अवसर पर प्रियंका और रावत के अलावा उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल और कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। -
नयी दिल्ली. पूर्व नौकरशाह अरुण गोयल को शनिवार को चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया। गोयल 1985 बैच के पंजाब कैडर के अधिकारी रहे हैं। वह मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय के साथ निर्वाचन आयोग का हिस्सा होंगे। सरकार ने एक विज्ञप्ति के माध्यम से गोयल की नियुक्ति की जानकारी दी। सुशील चंद्र मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से मई में सेवानिवृत्त हुए थे। उनके स्थान पर राजीव कुमार नए मुख्य चुनाव आयुक्त बने। -
उत्तरकाशी .उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में ब्रह्मखाल के निकट शनिवार को एक कार के गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार पांच व्यक्तियों की मौत हो गयी और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। धरासू पुलिस थाना प्रभारी ऋतुराज ने बताया कि उत्तरकाशी से पुरोला जा रही एक कार धरासू-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूर्वाह्न करीब 11 बजे 400 मीटर गहरी खाई में गिर गई। उन्होंने बताया कि इस घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्होंने बताया कि सामली देवी नामक घायल महिला को पहले ब्रह्मखाल के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे उत्तरकाशी जिला अस्पताल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है और मृतकों के निकट संबंधियों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दिये जाने की घोषणा की है। उन्होंने इस दुर्घटना की मजिस्ट्रेट से जांच के आदेश दिये हैं।
मृतकों की पहचान बलबीर चौहान, प्रेम लाल, गंगी देवी, अमर सिंह और रामकली के रूप में की गयी है। ये सभी उत्तरकाशी जिले के उपरादी, पुरोला और तिलोथ सहित विभिन्न हिस्सों के निवासी हैं। घटना के सटीक कारण की जानकारी अभी नहीं मिली है।
चमोली जिले में एक वाहन के शुक्रवार को गहरी खाई में गिर जाने से 12 व्यक्तियों की मौत हो गयी थी। इसके एक दिन बाद यह दुर्घटना हुई है। -
धौलपुर (राजस्थान). जिले में एक तहसीलदार ने पेड़ से लटक कर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि 35 वर्षीय आशाराम गुर्जर करौली जिले की मासलपुर तहसील में पदस्थापित थे। उन्होंने बताया कि गुर्जर का शव आज धौलपुर में बड़ी सदर थाना क्षेत्र में स्थित उनके गांव गढ़ी जखौदा में एक पेड़ लटका हुआ मिला। उन्होंने बताया कि आज सुबह स्थानीय लोगों ने शव को पेड़ से लटका देखा और पुलिस केा सूचित किया।
गुर्जर का हाल ही में अलवर से करौली तबादला हुआ था और कार्यभार संभालने के बाद वे दो दिन पहले अपने घर आए थे। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। -
वाराणसी . मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी और तमिलनाडु में भारतीय संस्कृति के सभी तत्व समान रूप से संरक्षित हैं और आज हो रहे दक्षिण और उत्तर के अद्भुत संगम से सहस्त्राब्दियों पुराने संबंध को फिर से नवजीवन प्राप्त हो रहा है। ‘काशी तमिल संगमम्' के उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने अपना संबोधन तमिल में शुरू किया और सभी का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन आजादी के अमृत काल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत' की परिकल्पना को जीवंत कर रहा है। वाराणसी में आयोजित हो रहे एक महीने लंबे ‘काशी तमिल संगमम्' में तमिलनाडु से छात्रों, शिक्षकों, शिल्पकारों और साहित्यकारों के अलावा अध्यात्म, उद्योग जगत, विरासत, नवाचार, व्यवसाय, देवालय व्यवस्था, ग्रामीण पृष्ठभूमि तथा संस्कृति से जुड़े 12 समूह वाराणसी का दौरा कर विषय विशेषज्ञों से संवाद करेंगे। ये लोग प्रयागराज और अयोध्या भी जाएंगे। आदित्यनाथ ने , ‘‘भगवान श्रीराम द्वारा श्रीरामेश्वरम में स्थापित पवित्र ज्योतिर्लिंग है और काशी में विराजमान भगवान आदि विश्वेश्वर पवित्र ज्योतिर्लिंग के रूप में पूजित हैं। दोनों ज्योतिर्लिंग काशी और तमिलनाडु के संबंधों के केंद्रबिंदु हैं। भगवान श्रीराम और भगवान शिव के माध्यम से निर्मित इस संबंध सेतु को आदि शंकराचार्य ने भारत के चारों कोनों में पवित्रपीठ की स्थापना कर आगे बढाया। और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महायज्ञ को गति दे रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘तमिलनाडु की तेनकाशी में भगवान विश्वनाथ का एक प्रचीन मंदिर है। तेनकाशी का अर्थ है दक्षिण की काशी। पांड्य वंश के सम्राट ने काशी से शिवलिंग लाकर तेनकाशी में स्थापित किया था। तमिलनाडु में शिवकाशी भी है।'' उन्होंने कहा, ‘‘काशी के धार्मिक महत्व के कारण देश के सभी भागों के लोग सदियों से यहां आते रहे हैं। गंगा जी के तट पर बसी ये पवित्र नगरी भारत की धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बनी हुई है। इसी प्रकार तमिलनाडु प्राचीन काल से ही ज्ञान, कला और संस्कृति का केंद्र रहा है, जिसे पांड्य, चोल, पल्लव आदि राजाओं ने विस्तार दिया।'' मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘समस्त भारतीय भाषाएं सभी को अपने में समाहित करती हैं। यह समावेश सांस्कृतिक प्रेरणा का स्रोत रहा है जो समाज में सद्भाव और समरसता बनाये हुए है।'' इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।
‘काशी तमिल संगमम्' के उद्घाटन समारोह में केन्द्रीय शिक्षामंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, केन्द्रीय शिक्षा राज्यमंत्री एल मुरुगन, सांसद इलियाराजा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री पी राधाकृष्णन, भारतीय जनता पार्टी की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के अन्नामलाई, आईआईटी चेन्नई के निदेशक प्रोफेसर बी. कामाकोली, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के कुलपति सुधीर जैन आदि मौजूद थे।

.jpg)

























.jpg)