- Home
- देश
-
गोपेश्वर. उच्च गढवाल हिमालयी क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध हेमकुंड गुरूद्वारे के लिए भी एक दिन में अधिकतम पांच हजार श्रद्धालुओं को ही दर्शन की अनुमति मिलेगी और चारधामों की तरह इसके लिए भी श्रद्धालुओं को पंजीकरण कराना होगा । हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा प्रबंधक ट्रस्ट के उपाध्यक्ष नरेन्द्रजीत सिंह बिंद्रा ने रविवार को यहां एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि हेमकुंड साहिब की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को पर्यटन विभाग की वेबसाइट पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा । उन्होंने बताया कि आनलाइन और आफलाइन दोनों तरीके से राज्य सरकार की वेबसाइट से पंजीकरण किया जा सकता है । उन्होंने बताया कि ऋषिकेश में बने केंद्रों में आफलाइन पंजीकरण किया जा सकता है । हेमकुंड साहिब के कपाट 22 मई से खुल रहे है और राज्य सरकार तथा गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी ने प्रतिदिन दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 5000 निर्धारित कर दी है । -
बिजनौर. उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के शिवाला कलां थाना क्षेत्र के एक गांव में उधार के 30 रुपये मांगने पर तीन लोगों ने दुकानदार की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना शनिवार रात की है और पुलिस आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राम अर्ज के मुताबिक, शिवाला कलां थाना क्षेत्र के टांडा ढाकी गांव में परचून की दुकान चलाने वाले यशपाल (50) शनिवार रात जब उधार के 30 रुपये मांगने पहुंचे तो टीम लोगो ने उनकी लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। राम अर्ज के अनुसार, गंभीर रूप से घायल यशपाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी है। -
उत्तरकाशी. गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन को आए दो तीर्थयात्रियों की रविवार को ह्रदयाघात से मौत हो गयी जबकि श्रद्धालुओं की मौत के बढते आंकड़ों से अलर्ट मोड में आए स्वास्थ्य विभाग ने जांच के बाद 25 यात्रियों को जानकी चट्टी से ही लौटा दिया । यमुनोत्री दर्शन के लिए आए पश्चिम बंगाल के कूच विहार जिलके निवासी पुरनेंद्र सरकार (70) का सुबह स्यानाचट्टी में अचानक स्वास्थ्य खराब हो गया । उन्हें तत्काल बड़कोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया । गंगोत्री दर्शन के लिए गुजरात के सूरत से आए एक अन्य तीर्थयात्री प्रमोद भाई (62) की तबीयत गंगनानी में खराब हो गयी जिन्हें तत्काल उत्तरकाशी जिला चिकित्सालय लाया गया जहां उनकी मृत्यु हो गयी । उनकी मृत्यु का कारण ह्रदयाघात बताया जा रहा है । ताजा आंकड़ों को मिलाकर उत्तरकाशी जिले में स्थित यमुनोत्री और गंगोत्री धामों के दर्शन को आए अब तक 18 श्रद्धालुओं की मृत्यु हो चुकी है । साढे़ 10 हजार फीट से अधिक की उंचाई पर स्थित यमुनोत्री धाम के पैदल रास्ते में ही 14 तीर्थयात्रियों की मौत हो चुकी है । मौत के आंकड़ों में लगातार वृद्धि से अलर्ट मोड में आए स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने यात्रा पड़ावों पर तीर्थयात्रियों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी है, जिसके तहत रक्तचाप, रक्त में शर्करा का स्तर, ऑक्सीजन स्तर की जांच की जा रही है । करीब 25 यात्रियों को स्वास्थ्य जांच के बाद चिकित्सकों की सलाह पर यमुनोत्री के पड़ाव जानकीचट्टी से ही वापस लौटा दिया गया। इस संबंध में उत्तरकाशी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ केएस चौहान बताया कि तीर्थयात्रियों की यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग पर दोबाटा बड़कोट, जानकीचटटी तथा गंगोत्री धाम यात्रा मार्ग पर हीना में स्क्रीनिंग की जा रही है तथा उनकी बीमारी के बारे में भी जानकारी ली जा रही है । उन्होंने बताया कि शनिवार तक 1442 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है जिनमें से 25 चिकित्सकों की सलाह पर जानकी चट्टी से ही वापस रवाना हो गये । -
देहरादून. उत्तराखंड सरकार ने कहा है कि चारधामों में प्रतिदिन दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की निर्धारित संख्या तक ही पंजीकरण संभव होंगे और असुविधा से बचने के लिए पंजीकरण की उपलब्धता की जांच के बाद ही कार्यक्रम बनाया जाए । प्रदेश के पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा चारों धामों —बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री—की क्षमता (कैरींग कैपेसिटी) को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन दर्शन के लिए तीर्थयात्रियों की संख्या निर्धारित कर दी है, जिसके अनुरूप पंजीकरण पोर्टल पर सॉफ्टवेयर को डिजाइन कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिन तिथियों में निर्धारित सीमा तक पंजीकरण हो चुके हैं उन तिथियों पर और अधिक पंजीकरण नहीं किया जा सकता । अधिकारी ने कहा कि दर्शनार्थियों को अगली उपलब्ध तिथियों पर पंजीकरण कराने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजीकरण करते समय श्रद्धालुगण उपलब्धता की जांच करने के बाद ही मंदिरों के भ्रमण का अपना कार्यक्रम बनाएं । पिछले दो साल कोविड के कारण बाधित रही चारधाम यात्रा में इस बार श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और शनिवार तक 4,63,830 श्रद्धालु मंदिरों के दर्शन कर चुके हैं । चारधाम यात्रा की शुरूआत तीन मई को अक्षय तृतीया के पर्व पर गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिरों के कपाट खुलने के साथ हुई थी । केदारनाथ के कपाट छह मई को जबकि बदरीनाथ के कपाट आठ मई को खुले थे । श्रद्धालुओं की बढती संख्या के मददेनजर राज्य सरकार ने चारों धामों में प्रतिदिन दर्शनार्थियों की संख्या निर्धारित कर दी है । बदरीनाथ दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या प्रतिदिन 16000, केदारनाथ के लिए 13000, गंगोत्री के लिए 8000 और यमुनोत्री के लिए 5000 तय की गयी है । - नयी दिल्ली। सरिता माली की कहानी किसी परिकथा जैसी लग सकती है। सरिता मुंबई की झोपड़पट्टी में पैदा हुई, नगर निगम के स्कूल में पढ़ीं और फिर सड़कों पर ट्रैफिक सिग्नल पर फूल बेचने के लिए गाड़ियों के पीछे दौड़ती रही। लेकिन कुछ बनने का सपना हमेशा उसकी आंखों में समाया रहा। उसने कभी अपने हालात और अपनी किस्मत को दोष नहीं दिया क्योंकि उसे अपने पिता की सीख हमेशा याद रही कि शिक्षा एकमात्र ऐसा हथियार है, जो उसे जहालत की इस जिंदगी से छुटकारा दिला सकता है। इसी शिक्षा को सरिता ने जादू की छड़ी बना लिया जिसने उसकी किस्मत पलट दी और मुंबई की झुग्गी बस्ती से आज वह अमेरिका की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी आफ कैलिफोर्निया, सांता बारबरा में हिंदी में पीएचडी करने के लिए दाखिला पा चुकी है। उसके पिता उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से ताल्लुक रखते हैं जहां उनकी जाति को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) में गिना जाता है। लेकिन रोजी-रोटी की तलाश में वह मुंबई आ गए और ट्रैफिक सिग्नलों पर फूल मालाएं बेचने का काम शुरू किया। सरिता छठवीं कक्षा में पढ़ती थी, जब पिता के साथ उसे भी मुंबई के ट्रैफिक सिग्नल्स पर फूल बेचने के लिए गाड़ियों के पीछे दौड़ना पड़ता था। दोनों बाप-बेटी को फूल बेचकर दिनभर में मुश्किल से 300 रुपए कमाई होती थी। मुंबई के घाटकोपर इलाके के पास की झुग्गी में पली-बढ़ी सरिता ने बचपन में लड़की होने और अपने गहरे सांवले रंग को लेकर भेदभाव देखा था। हालांकि हर कदम पर उसके पिता ने उसका साथ दिया। दसवीं के बाद सरिता ने इलाके के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाना शुरू कर दिया। वह पढ़ने की अपने पिता की इच्छा पूरी करना चाहती थी। पैसे बचाकर उसने केजे सोमैया कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स में दाखिला लिया। उससे प्रेरित होकर बड़ी बहन और दो भाइयों ने भी पढ़ाई को नहीं रोका। उनके पिता को बीए, एमए की डिग्रियों की समझ नहीं है लेकिन वह इतना जरूर जानते हैं कि शिक्षा सबसे बड़ी ताकत है। फेसबुक पोस्ट में सरिता माली ने अपने संघर्षों की दास्तां शेयर की है। उसने लिखा कि अमेरिका के दो विश्वविद्यालयों में मेरा चयन हुआ है- यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफ़ोर्निया और यूनिवर्सिटी ऑफ वॉशिंगटन... मैंने यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफ़ोर्निया को वरीयता दी है। मुझे इस यूनिवर्सिटी ने मेरिट और अकादमिक रिकॉर्ड के आधार पर अमेरिका की सबसे प्रतिष्ठित फेलोशिप में से एक 'चांसलर फ़ेलोशिप' दी है।सड़क पर फूल बेचते हुए भी सरिता को उसके पापा समझाते थे कि पढ़ाई ही सभी भाई-बहनों को इस श्राप से मुक्ति दिला सकती है। सरिता के अनुसार, ‘‘पिता हमसे कहते थे, अगर हम नहीं पढ़ेंगे तो हमारा पूरा जीवन खुद को जिंदा रखने के लिए संघर्ष करने और भोजन की व्यवस्था करने में बीत जाएगा। हम इस देश और समाज को कुछ नहीं दे पाएंगे और उनकी तरह अनपढ़ रहकर समाज में अपमानित होते रहेंगे।'' इसी भूख अत्याचार, अपमान और आसपास होते अपराध को देखते हुए 2014 में सरिता जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में हिंदी साहित्य में स्नातकोत्तर की उपाधि लेने आई।जेएनयू में पढ़ाई करना भी सरिता के जीवन की सबसे बड़ी महत्वाकांक्षा थी क्योंकि एक बार जब वह अपनी नानी के यहां गई तो उसने देखा कि उसका ममेरा भाई जेएनयू में दाखिले की तैयारी कर रहा था। उसके मामा ने उसकी मां को कहा कि जेएनयू में जो दाखिला पा जाता है, वह वहां से 'कुछ' बनकर ही निकलता है। और यहीं से सरिता को जेएनयू जाकर 'कुछ' बनने की धुन लग गई। हालांकि वह कहती है, ‘‘उस समय नहीं पता था कि जेएनयू क्या है। लेकिन ये ‘कुछ' बनने के लिए मैंने बारहवीं में ही ठान लिया कि मुझे जेएनयू में ही दाखिला लेना है।'' और तीन साल की मेहनत के बाद उनका ओबीसी सीट पर हिंदी एमए प्रथम वर्ष में दाखिला हो गया। सरिता कहती हैं कि जेएनयू में दाखिला उनकी जिंदगी का एक महत्वपूर्ण मोड़ था और इसके लिए उन्होंने तीन साल तक मेहनत की थी। सरिता दिल्ली के जेएनयू के अकादमिक जगत, शिक्षकों और प्रगतिशील छात्र राजनीति को अपने व्यक्तित्व को गढ़ने का श्रेय देती है। वह कहती है, ‘‘जेएनयू ने मुझे सबसे पहले इंसान बनाया। जेएनयू ने मुझे वह इंसान बनाया, जो समाज में व्याप्त हर तरह के शोषण के खिलाफ बोल सके। मैं बेहद उत्साहित हूं कि जेएनयू ने अब तक जो कुछ सिखाया उसे आगे अपने शोध के माध्यम से पूरे विश्व को देने का एक मौका मुझे मिला है।'' साल 2014 में 20 साल की उम्र में जेएनयू में स्नातकोत्तर (पीजी) करने आई सरिता अब यहां से एमए, एमफिल की डिग्री लेकर इस साल पीएचडी की थीसिस जमा करने के बाद अमेरिका में दोबारा पीएचडी करने जा रही हैं। वहां वह ‘भक्ति काल के दौरान निम्नवर्गीय महिलाओं का लेखन' विषय पर शोध करेंगी।
-
कोलकाता. टेलीविजन की लोकप्रिय बांग्ला अभिनेत्री पल्लबी डे रविवार को दक्षिण कोलकाता में अपने किराए के अपार्टमेंट में फंदे से लटकी मिलीं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 21 वर्षीय डे को नजदीकी अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित कर दिया गया। डे ने अप्रैल में दक्षिण कोलकाता के गरफा इलाके में अपार्टमेंट किराए पर लिया था। डे अपने ‘‘लिव इन पार्टनर'' के साथ अपार्टमेंट में रहती थीं। अपार्टमेंट की देखदेख करने वाले एक व्यक्ति ने संवाददाताओं को बताया कि डे के साथी ने बेडरूम में शव फंदे से लटकता हुआ पाए जाने के बाद उनको बुलाया। उन्होंने कहा कि अपार्टमेंट में देखरेख करने वाले अन्य कर्मियों के साथ शव को नीचे उतारा और तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हम सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रहे हैं। फिलहाल हम डे के साथी से घटना का विवरण समझने का प्रयास कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद और जानकारी मिल पाएगी।' -
तिरुवनंतपुरम. दक्षिण पश्चिम मानसून के दस्तक देने से कई दिन पहले ही केरल में बारिश का दौर शुरू हो गया है। इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को राज्य के पांच जिलों में रविवार और सोमवार को मूसलाधार बारिश होने की चेतावनी जारी की है। आईएमडी ने एर्णाकुलम, इडुकी, त्रिशूर, मलाप्पुरम और कोझिकोड में रविवार को भारी बारिश होने के मद्देनजर ‘‘रेड अलर्ट'' जारी किया है। वहीं विभाग ने सोमवार के लिए एर्णाकुलम, इडुकी, त्रिशूर, कोझिकोड और कन्नूर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक कासरगोड को छोड़कर राज्य के बाकी जिलों के लिए रविवार को ‘ऑरेंज अलर्ट'' जारी किया गया है। केरल के राजस्व मंत्री के.राजन ने मीडिया को बताया कि सभी जिलाधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के निर्देश दिए गए हैं। राजन ने कहा, ‘‘ हमने मुख्य सचिव की अध्यक्षता में शनिवार को बैठक की थी। सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। इस समय नदियां उफान पर नहीं हैं। हमने पहाड़ी जिलों के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं और खतरा विश्लेषकों को स्थिति पर करीब से नजर रखने को कहा है।'' उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों को सतर्क कर दिया गया है और जरूरत पड़ने पर खतरे वाले इलाकों से बिना देरी लोगों को निकाला जाएगा। राजन ने कहा,‘‘इस समय राहत शिविर खोलने की जरूरत नहीं है। लेकिन हमें सतर्क रहने की जरूरत है क्योंकि अगर बारिश जारी रहती है तो भूस्खलन की आशंका है।'' मौसम विभाग के मुताबिक रेड अलर्ट का अभिप्राय है कि 24 घंटे में करीब 20 सेंटीमीटर बारिश हो सकती है। वहीं ऑरेंज अलर्ट का अभिप्राय है कि इस अवधि में छह से 20 सेंटीमटर तक बारिश हो सकती है, जबकि येलो अलर्ट के तहत 24 घंटे में छह से 11 सेंटीमीटर बारिश होने की संभावना होती है। मौसम वैज्ञानिकों ने शनिवार को एर्णाकुलम और इडुकी के लिए रेड अलर्ट जारी किया था। एर्णाकुलम में पूरी रात हुई बारिश की वजह से रविवार को शहर में जलजमाव की स्थिति रही। जलजमाव से प्रभावित परिवारों के लिए दो शिविर खोले गए हैं। कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी होने के मद्देनजर राज्य सरकार और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) ने लोगों को नदियों और जलाशयों से दूर रहने को कहा है। -
मुंबई. अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी (आईफा) ने रविवार को घोषणा की कि उसने आईफा पुरस्कारों के 22वें संस्करण का आयोजन अब जुलाई में करने का फैसला किया है क्योंकि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने राष्ट्रपति और अबू धाबी के शासक शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान के निधन के बाद 40 दिनों के शोक की घोषणा की है। 2022 आईफा वीकेंड एंड अवार्ड्स समारोह मूल रूप से मई में आयोजित होना था, लेकिन यह अब 14 से 16 जुलाई तक यास द्वीप, अबू धाबी में होगा। मीडिया में जारी एक बयान में अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी और भारतीय फिल्म उद्योग ने संयुक्त अरब अमीरात के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। बयान के अनुसार, ‘‘यूएई के लोगों और सरकार के साथ एकजुटता में और यूएई में राष्ट्रीय शोक के मद्देनजर 19 से 21 मई 2022 तक यास द्वीप, अबू धाबी में आयोजित होने वाले आईफा सप्ताहांत और पुरस्कारों के 22वें संस्करण को स्थगित कर दिया गया है।'' बयान में कहा गया, ‘‘अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी (आईफा) ने फैसला किया है कि 2022 आईफा वीकेंड एंड अवार्ड्स समारोह 14 से 16 जुलाई 2022 तक आयोजित किए जाएगा।'' नए आईफा कार्यक्रम की पुष्टि और इस पर अपडेट जल्द ही साझा किए जाएंगे। जिन ग्राहकों ने टिकट और पैकेज खरीदे हैं, उनसे संबंधित कंपनियां कार्यक्रम की नयी तारीखों के पुनर्निर्धारण के लिए संपर्क करेंगी। -
मुंबई. अमिताभ बच्चन, तापसी पन्नू और एसएस राजामौली सहित अन्य फिल्म हस्तियों ने थॉमस कप का खिताब जीत कर इतिहास रचने वाली भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए बधाई दी। विश्व चैंपियनशिप के पदक विजेताओं लक्ष्य सेन और किदांबी श्रीकांत के अलावा सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की दुनिया की आठवें नंबर की जोड़ी ने बैंकॉक में खेले गये फाइनल में 14 बार की चैम्पियन इंडोनेशिया को पटखनी देते हुए यादगार जीत दर्ज की। जीत के तुरंत बाद, बच्चन ने टीम की प्रशंसा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘भारत! भारत !! भारत .. !! #थॉमस कप #टीम इंडिया #गर्व।'' बैडमिंटन फ्रेंचाइजी ‘पुणे 7 एसेस' की मालिक पन्नू ने कहा, ‘‘ऐतिहासिक !!!! पहली बार फाइनल में पहुंचने के बाद भारत ने थॉमस कप जीता !!! खिलाड़ियों को सलाम।'' दक्षिण के स्टार वेंकटेश दग्गुबाती ने जीत को "असाधारण" करार दिया।
उन्होंने लिखा, ‘‘भारतीय बैडमिंटन टीम को असाधारण जीत के लिए बधाई । थॉमस कप घर आ रहा है।''
अनिल कपूर ने फाइनल की तस्वीरों को साझा करते हुए लिखा, ‘‘यह अविश्वसनीय है। #टीम इंडिया को बधाई !! ऐतिहासिक क्षण।'' "आरआरआर" के निर्देशक राजामौली ने भारतीय टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए लिखा, ‘‘भारतीय #बैडमिंटन टीम द्वारा एक अविश्वसनीय उपलब्धि! प्रतिष्ठित #थॉमस कप को घर लाने के लिए बधाई।'' अभिनेता जावेद जाफरी इसकी तुलना 1983 क्रिकेट विश्व कप की जीत से करते हुए लिखा, ‘‘ "भारतीय बैडमिंटन ने आज इतिहास बना दिया है। थॉमस कप की पहली जीत को वही करना चाहिए जो 1983 के विश्व कप की जीत ने भारतीय क्रिकेट के लिए किया था। आइए इन खिलाड़ियों को खुश करें जो प्रशंसा और प्रशंसकों के बड़े वर्ग से दूर रहते हैं। बधाई टीम इंडिया -
नयी दिल्ली. खाद्य मंत्रालय ने रविवार को कहा कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत छह राज्यों में गेहूं की खरीद की अवधि 31 मई तक बढ़ा दी गई है। इन राज्यों में गेहूं की खरीद इस महीने की शुरुआत में ही बंद होने वाली थी। राजस्थान में गेहूं की खरीद 10 मई को बंद होने वाली थी और उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, गुजरात और हिमाचल प्रदेश में गेहूं खरीद 15 मई को बंद होने वाली थी। चालू विपणन वर्ष 2022-23 में गेहूं की खरीद अप्रैल में शुरू हुई थी। गेहूं की ज्यादातर खरीद वर्ष के पहले कुछ महीनों में होती है। खाद्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘जिन गेहूं उत्पादक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में गेहूं की खरीद जल्द बंद होने वाली थी उनसे केंद्र ने कहा है कि अब खरीद 31 मई 2022 तक चलेगी।' - नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि भारत और नेपाल के संबंध ‘‘अद्वितीय’’ हैं। उन्होंने यह टिप्पणी बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर पड़ोसी देश की अपनी यात्रा से एक दिन पहले की।यहां जारी बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले महीने नेपाली प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा की भारत यात्रा के दौरान हुई ‘‘लाभप्रद’’ चर्चा के बाद दोबारा उनसे मिलने को लेकर उत्सुक हूं।उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष जलविद्युत, विकास और संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को विस्तार देने को लेकर बनी समझ को आगे बढ़ाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल यात्रा से पहले जारी बयान में कहा, ‘‘हमारे नेपाल के साथ संबंध अद्वितीय हैं। भारत और नेपाल के बीच सभ्यतागत और लोगों से लोगों के संबंध हमारे करीबी रिश्तों की स्थायी इमारत पर खड़े हैं।’’उन्होंने कहा, ‘‘मेरी इस यात्रा का उद्देश्य समय की कसौटी पर खरे उतरे इन संबंधों को और मजबूत करना है, जिन्हें सदियों से पोषित किया गया है और ये हमारे आपसी मे लजोल के लंबे इतिहास में दर्ज हैं।’’उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार को एक दिवसीय यात्रा पर भगवान बुद्ध के जन्मस्थान लुम्बिनी जाएंगे। वर्ष 2014 में पद संभालने के बाद प्रधानमंत्री की यह पांचवी नेपाल यात्रा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘‘ मैं बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर मायादेवी मंदिर में पूजा-अर्चना करने को लेकर उत्सुक हूं। भगवान बुद्ध के पवित्र जन्मस्थान पर श्रद्धा प्रकट करने वाले लाखों भारतीयों का अनुकरण कर सम्मानित महसूस कर रहा हूं।’’उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीऔर देउबा लुम्बिनी में बातचीत करेंगे जिसके केंद्र में जल विद्युत और संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहायोग बढ़ाना होगा।
- वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में ज्ञानवापी मस्जिद परिसर का सर्वे-वीडियोग्राफी कार्य रविवार को दूसरे दिन भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी रहा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।मस्जिद समिति की आपत्तियों के बीच पिछले सप्ताह सर्वेक्षण को रोक दिया गया था। समिति ने दावा किया था कि सर्वे के लिए अदालत द्वारा नियुक्त अधिवक्ता आयुक्त को परिसर के अंदर वीडियोग्राफी कराने का अधिकार नहीं था।वाराणसी के पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने रविवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, "ज्ञानवापी मस्जिद परिसर में सर्वेक्षण शुरू हो गया है।"वहीं, वाराणसी के जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने भी ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रविवार को लगातार दूसरे दिन ज्ञानवापी मस्जिद परिसर में सर्वे-वीडियोग्राफी कार्य हो रहा है।अधिकारियों ने कहा कि शनिवार को सर्वे प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई थी और किसी को कोई आपत्ति नहीं थी।सर्वे के लिए जाते समय विशेष अधिवक्ता आयुक्त विशाल सिंह ने कहा, “मेरे साथ उच्चतम न्यायालय के अधिवक्ता राजेंद्र नाथ पांडेय भी सर्वे के दौरान मस्जिद परिसर में मौजूद रहेंगे। बाकी शनिवार वाली ही पूरी टीम रविवार को अंदर जा रही है।”सिंह के मुताबिक, पूरी कोशिश होगी कि आज सर्वे पूरा कर लिया जाए और 17 मई को अदालत में रिपोर्ट पेश की जाए।जिलाधिकारी शर्मा ने बताया था कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार को ज्ञानवापी मस्जिद परिसर की वीडियोग्राफी की गई और सर्वे का करीब 50 फीसदी काम पूरा हो गया।उन्होंने कहा था कि सर्वे का काम रविवार को भी जारी रहेगा।शनिवार को ज्ञानवापी मस्जिद परिसर में सर्वे कार्य सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक ही किया गया। इसमें सभी पक्षकार और उनके अधिवक्ता व सहायक मौजूद रहे। सरकार की तरफ से पक्षकार राज्य सरकार, जिलाधिकारी (वाराणसी), पुलिस आयुक्त, काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी भी वहां उपस्थित थे।शर्मा के अनुसार, इस कार्यवाही में सभी पक्षों ने न्यायालय के आदेश का पालन किया। उन्होंने कहा कि लगातार चार घंटे तक हुए सर्वे में लगभग 50 प्रतिशत से अधिक स्थानों का सर्वे किया जा चुका है।शर्मा ने बताया कि सर्वे का कार्य गोपनीय कार्य है और यह अदालत की निगरानी में किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि ज्ञानवापी मस्जिद प्रतिष्ठित काशी विश्वनाथ मंदिर के करीब स्थित है। स्थानीय अदालत महिलाओं के एक समूह द्वारा इसकी बाहरी दीवारों पर मूर्तियों के सामने दैनिक प्रार्थना की अनुमति की मांग वाली याचिका पर सुनवाई कर रही है।वाराणसी की एक अदालत ने ज्ञानवापी-श्रृंगार गौरी परिसर का सर्वे-वीडियोग्राफी कार्य कराने के लिए नियुक्त अधिवक्ता आयुक्त (कोर्ट कमिश्नर) अजय मिश्रा को पक्षपात के आरोप में हटाने की मांग संबंधी याचिका बृहस्पतिवार को खारिज कर दी थी। अदालत ने स्पष्ट किया था कि ज्ञानवापी मस्जिद के अंदर भी वीडियोग्राफी कराई जाएगी।दीवानी अदालत के न्यायाधीश (सीनियर डिवीजन) दिवाकर ने अधिवक्ता आयुक्त मिश्रा को हटाने संबंधी याचिका को नामंजूर करते हुए विशाल सिंह को विशेष अधिवक्ता आयुक्त और अजय प्रताप सिंह को सहायक अधिवक्ता आयुक्त के तौर पर नियुक्त किया था।उन्होंने संपूर्ण परिसर की वीडियोग्राफी करके 17 मई तक रिपोर्ट पेश करने के निर्देश भी दिए थे।
-
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. माणिक साहा ने आज त्रिपुरा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने अगरतला में राजभवन में उन्हें शपथ दिलाई। वे राज्य के 12वें मुख्यमंत्री हैं। निवर्तमान मुख्यमंत्री बिप्लव कुमार देव, केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव, भारतीय जनता पार्टी की पूर्वोत्तर राज्य इकाई के संगठन महासचिव अजय जामवाल और अन्य केन्द्रीय नेता सहित भाजपा के मंत्री, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर मौजूद थे।
-
पटना। छपरा में गंडक नदी में नाव डूबने से बाप-बेटे समेत 3 लोग लापता हो गए। घटना के बारे में स्थानीय लोगों ने बताया कि लगुनिया निवासी भरत राय के बेटे की बारात लौटकर आने के बाद रिश्तेदारी में आए लड़के गंडक नदी में तरबूज तोड़ने के लिए चले गए। ड़ेंगी नाव पर सवार होकर नदी पार करने लगे। बीच नदी में नाव पहुंचने के बाद डगमगाने लगी और एकतरफा होकर नदी में डूब गई। नाव पलटने से नाव पर सवार सभी लोग पानी में डूब गए। शोर मचाने पर स्थानीय नाविक और गोताखोर रेस्क्यू में जुटे हैं। लापता लोगों में तीन लोग की पहचान लगुनिया निवासी विजय राय(40वर्ष), विजयर राय के पुत्र रितिक कुमार (13वर्ष) और रिश्तेदारी में आये मढ़ौरा के संजय कुमार(14 वर्ष) के रुप मे हुई है। गंडक नदी के धारा में तेज बहाव होने के कारण लापता लोगों को तलाशने में परेशानी हो रही है। -
औरंगाबाद। सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य घायल हैं। रविवार तड़के सुबह बारात से लौट रही एक कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। हादसा नवीनगर- जपला मुख्य पथ पर हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के अकौनी गांव में हुआ। कार में सवार पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 2 लोग की हालत गंभीर है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए उत्तर प्रदेश के वाराणसी अस्पताल भेजा गया है। मृतकों में सारे लोग झारखंड के छतरपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। छतरपुर से ही बरात औरंगाबाद के नवीनगर आई थी। मृतकों में छतरपुर के खातिन निवासी सुनील कुमार के पुत्र रंजीत कुमार, खजुरी निवासी चंदीप राम के पुत्र अभय कुमार, सड़मा के उपेंद्र चंद्रवंशी के पुत्र अक्षय कुमार एवं छतरपुर के प्रदीप गुप्ता के पुत्र शुभम कुमार व संजय चंद्रवंशी के पुत्र बबलू कुमार शामिल हैं। -
पटना। चकाई थाना अंतर्गत रामधाडीह गांव स्थित अजय डैम में नहाने के दौरान 3 बच्चों की डूबकर मौत हो गई। तेज गर्मी से राहत के लिए बच्चे डैम में नहा रहे थे। इसी दौरान गहरे पानी में चले गए और एक-एक कर तीनों ही डूब गए। मृतक बच्चों की पहचान प्रिंस कुमार (17), शिवम कुमार (12) और सौरभ कुमार (10) के रूप में हुई है। -
करनाल। हरियाणा के जिला करनाल के असंध से बल्ला रोड पर ट्रक-कार के बीच टक्कर में 4 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। एयरबैग तक फट गया। मरने वालों में तीन रिश्तेदार और एक उनका दोस्त शामिल है। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सब इंस्पेक्टर जांच अधिकारी ने बताया कि ट्रक पानीपत से आ रहा था और कार पानीपत जा रही थी। अचानक दिल्ली हेरिटेज स्कूल के पास दोनों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई। दो घायलों को पहले असंध नागरिक अस्पताल में ले जाया गया, वहां से उन्हें कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया, जहां पर दोनों घायलों ने दम तोड़ दिया।
सब इंस्पेक्टर जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस के पास हादसे की सूचना आई थी। दिल्ली हेरिटेज स्कूल के पास ट्रक-कार की टक्कर हुई। दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। एक की रास्ते में मौत हुई। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भेजा, लेकिन बचाया नहीं जा सका। -
सिरोही। भीषण सड़क हादसे में तीन महीने की बच्ची सहित 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। रॉन्ग साइड से आ रहा एक ट्रॉला पहले एक ट्रक से जा भिड़ा और फिर दो कारें ट्रक में घुस गई। तेज रफ्तार होने के कारण ट्रक से भिड़ी पहली कार के परखच्चे उड़ गए। वहीं, उसकी पीछे वाली कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
डीएसपी पारसा राम चौधरी ने बताया कि घटना रविवार सुबह सिरोही में ब्यावर-पिंडवाड़ा फोरलेन हाईवे की है। बेटी को कॉन्स्टेबल परीक्षा दिलाने जा रहे रेवदर निवासी उनाराम की ईको कार तेज रफ्तार में होने के कारण ट्रक से भिड़ गई। इसमें सवार छह लोगों की मौत हो गई। हादसा सिरोही से करीब 21 किलोमीटर दूर उथमण टोल प्लाजा के पास हुआ। यहां एक ट्रॉला अचानक अनियंत्रित होकर शिवगंज की तरफ जा रहे ट्रक से जा भिड़ा। रेवदर (सिरोही) के उडवारिया निवासी उनाराम पुत्र ओटाराम देवासी अपनी बेटी सुगना कुमारी को कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा दिलवाने के लिए पाली जा रहा था। सुगना की परीक्षा दोपहर की पारी में थी, लेकिन भीषण हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पालड़ी एम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। हादसे में घायल 5 लोगों को शिवगंज के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनको सिरोही अस्पताल रेफर कर दिया गया। मरने वालों में तीन महीने की एक बच्ची भी शामिल है। हादसे में मरने वाले दो लोगों की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में 2 लोगों ने दम तोड़ दिया।
डीएसपी पारसा राम चौधरी ने बताया कि हादसे में मृतक मोरली निवासी पोनी देवी पत्नी लखमा देवासी के परिजनों ने बताया कि पोनी देवी शिवगंज जाने के लिए अपने 2 बच्चों के साथ कार में बैठी थी, लेकिन रास्ते में सड़क हादसा हो गया। हादसे में गंभीर घायल पोनी देवी ने सिरोही अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पोनी देवी की 3 महीने की बेटी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरी बेटी पार्वती (5) की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है। -
भुवनेश्वर। ओडिशा में कांग्रेस के पूर्व विधायक सरोज पाधी यहां स्थित अपने आवास से 12 मई से लापता हैं और अब तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पूर्व विधायक के बेटे संगीत पाधी ने यहां कैपिटल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है और सरोज पाधी के अपहरण की आशंका जताई है। पाधी गंजम जिले की अस्का सीट से विधायक रह चुके हैं। प्राथमिकी के मुताबिक, सरोज पाधी 12 मई को एक फोन आने के बाद सुबह करीब सात बजे घर से निकले थे और उसके बाद वापस नहीं आए। भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त प्रतीक सिंह ने कहा कि पाधी का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। -
फतेहपुर (उप्र)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मलवां थाना की पुलिस और विशेष कार्यबल (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने शनिवार को वाहन जांच में एक डीसीएम (छोटे ट्रक) से हरियाणा प्रांत से तस्करी कर ले जाई जा रही करीब 25 लाख रुपये कीमत की अवैध शराब बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । नगर क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) दिनेशचंद्र मिश्रा ने बताया कि शनिवार को मलवां थाना पुलिस कोटिया मोड़ के समीप वाहन जांच कर रही थी, तभी प्रयागराज की विशेष कार्यबल (एसटीएफ) की टीम भी मौके पर पहुंची और मुखबिर की सूचना पर वाहन जांच के दौरान एक डीसीएम को रोक कर तलाशी ली, जिससे पुलिस ने भारी मात्रा में हरियाणा प्रांत की विभिन्न ब्रांडों की शराब बरामद करने के साथ दो आरोपियों को गिरफ़तार कर लिया। उन्होंने बताया कि पकड़े गए तस्करों ने अपने नाम वंशी कुमार उर्फ डोलू एवं धर्मवीर उर्फ सोनू बताया । उन्होंने बताया कि दोनों हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले हैं । पुलिस ने दोनो आरोपियों को विधिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया । सीओ ने बताया कि बरामद शराब में अलग-अलग ब्रांडों की अवैध अंग्रेजी शराब 3,180 बोतल व बियर के 384 कैन कुल 1241 लीटर शराब बरामद की गई है। उन्होने बताया कि बरामद शराब की कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। सीओ ने बताया कि तस्करी में शामिल चार अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
-
काठमांडू | गुजरात के एक सर्जन दम्पती ने शुक्रवार को माउंट एवरेस्ट फतह करके ऐसा करने वाले पहले भारतीय चिकित्सक दम्पती बनने का रिकॉर्ड बनाया। एक अन्य पर्वतारोही ने पूरक ऑक्सीजन का इस्तेमाल किये बिना ही दुनिया की चौथी ऊंची चोटी को फतह किया। नेपाल की मीडिया ने शनिवार को यह खबर दी। स्टोरी एडवेंचर के प्रबंध निदेशक ऋषि भंडारी ने कहा कि डॉ. हेमंत ललितचंद्र लेउवा और उनकी पत्नी डॉ. सुरभिबेन हेमंत लेउवा शुक्रवार की सुबह साढ़े आठ बजे 8,849 मीटर ऊंची माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचे और दुनिया की सबसे ऊंची चोटी को फतह करने वाले पहले भारतीय चिकित्सक दम्पती का रिकॉर्ड अपने नाम किया। ‘द हिमालयन टाइम्स' ने खबर दी है कि डॉ. हेमंत एनएचएल निगम मेडिकल कॉलेज में सर्जरी के प्रोफेसर हैं और उनकी पत्नी सुरभि गुजरात विद्यापीठ में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। समाचार पत्र ने एक अलग रिपोर्ट में पीक प्रोमोशन प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक बाबू शेरपा के हवाले से खबर दी है कि लद्दाख का एक पर्वतारोही स्कालजंग रिग्जिन ने शुक्रवार की सुबह 8,516 मीटर ऊंची माउंट ल्होत्से की चोटी को फतह किया। रिग्जिन (41) पहले भारतीय पर्वतारोही हैं जो पूरक ऑक्सीजन की सहायता के बिना माउंट अन्नपूर्णा की चोटी पर चढ़ने में कामयाब रहे। शेरपा ने कहा कि रिग्जिन ने 28 अप्रैल को माउंट अन्नपूर्णा को फतह किया था। उन्होंने कहा कि रिग्जिन 16 दिन के भीतर दो बार बिना पूरक ऑक्सीजन की मदद से 8000 मीटर से अधिक ऊंची चोटी लांघने वाले पहले भारतीय हैं।
-
अलीराजपुर। मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले में पिकअप जीप की चपेट में आने से छह वर्षीय बच्ची की मौत के बाद क्रोधित भीड़ ने वाहन में आग लगा दी और वाहन चालक को कथित रूप से आग में फेंक दिया जिससे उसकी मौत हो गयी। कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक सखाराम सेंगर ने बताया कि जिला मुख्यालय से लगभग 38 किलोमीटर दूर बरझार चौराहे के पास हुई। पिकअप जीप से कुचलकर छह वर्षीय बालिका कांजी की मौत हो गयी जिसके बाद क्रोधित भीड़ ने पिकअप जीप में आग लगा दी। सेंगर ने कहा, ‘‘ भीड़ ने चालक मगन सिंह (43) को पकड़ कर उसकी पिटाई की और फिर वाहन में आग लगाकर उसे लपटों में फेंक दिया। चालक गंभीर रुप से झुलस गया और उसे बेहतर उपचार के लिए गुजरात के दाहोद ले जाया गया लेकिन शनिवार को उसकी मौत हो गयी।'' उन्होंने कहा कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है तथा घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है जिसके आधार पर आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
-
गुवाहाटी। लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण पूर्वोत्तर फ्रंटियर रेलवे (एनएफआर) के लुमडिंग-बदरपुर खंड में कई ट्रेन रद्द कर दी गई हैं। रेलवे के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के चलते लुमडिंग मंडल के लुमडिंग-बदरपुर पर्वतीय खंड के अनेक हिस्सों में जलभराव को देखते हुए कई ट्रेन रद्द अथवा आंशिक तौर पर रद्द कर दी गई हैं। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकारण की एक रिपोर्ट के अनुसार दीमा हसाओ में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश के कारण जिले में जनजीवन प्रभावित हुआ है और कई रिहायशी तथा वाणिज्यिक इमारतों को नुकसान पहुंचा है। उपायुक्त नाज़रीन अहमद ने एक परामर्श जारी कर लोगों को यात्रा से बचने को कहा है क्योंकि भारी बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं जिससे सड़कों की हालत खराब है। -
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा के खेरागढ़ के थाना बसई जगनेर के गांव गुगावंद में शुक्रवार की रात शराबी पति से परेशान पत्नी ने धारदार हथियार से हमला कर पति को कथित तौर पर घायल कर दिया जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गयी । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि मरने वाले की पहचान देवेंद्र (35) के रूप में की गयी है । उन्होंने बताया कि कल रात वह शराब पी कर घर आया ।उन्होंने बताया कि इस पर पत्नी गिरजा देवी ने उसे खरी-खोटी सुनायी । उन्होंने बताया कि इस पर दोनों के बीच विवाद हो गया, पत्नी ने पति पर धारदार हथियार से वार कर दिया । पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आरोपी पत्नी की तलाश जारी है । उन्होंने बताया कि पत्नी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है । -
श्रीनगर। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने शनिवार को आतंकवादी षडयंत्र के मामले में कश्मीर घाटी के चार स्थानों की तलाशी ली। एजेंसी ने इस दौरान पाकिस्तान से संचालित लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े द रेजिस्टेंस फोर्स (टीआरएफ) के दो ओवरग्राउंट वर्कर (ओजीडब्ल्यू) को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। एनआईए के प्रवक्ता ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के बारामुला और कुपवाड़ा जिले में एक-एक स्थान पर और दक्षिण कश्मीर के पुलवामा और शोपियां में एक-एक स्थान पर तलाशी ली गई। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान डिजिटल उपकरण जैसे मोबाइल फोन, लैपटॉप, सिम कार्ड और मेमोरी कार्ड अपराध में संलिप्तता से जुड़ी सामग्री जिसका इसका इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बनाने में होता है, जिहादी साहित्य जब्त किया गया। एनआईए ने जिन ओजीडब्ल्यू को गिरफ्तार किया है उनकी पहचान बारामूला निवासी मुश्ताक भट और कुपवाडा निवासी फयाज अहमद खान के तौर पर की गई है। प्रवक्ता ने बताया कि वे आतंकवादियों की रणनीतिक सहायता करने, आतंकवादी दुष्प्रचार करने और टीआरएफ के लिए लोगों को कट्टर बनाने और भर्ती करने में सहयोग करने के लिए पाकिस्तान में मौजूद आकाओं के संपर्क में थे। उन्होंने बताया कि एनआईए ने पिछले साल 18 नवंबर को टीआरएफ की गतिविधियों और उसके स्वघोषित कमांडर सज्जाद गुल के खिलाफ मामला दर्ज किया था। अधिकारी ने बताया कि गुल जम्मू-कश्मीर में युवाओं को कट्टर बनाने, आतंकवादी संगठन में भर्ती करने एवं प्रेरित करने, केंद्र शासित प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों में हिंसक गतिविधियों में संलिप्त है। प्रवक्ता ने बताया कि गुल और लश्कर के उसके अन्य सहयोगी कमांडर ओजीडब्ल्यू की भर्ती पूर्व निर्धारित लक्ष्य की टोह लेने, समन्वय करने और गोला-बारूद का परिवहन करने, सुरक्षा बलों पर हमले और लक्षित हत्याओं को अंजाम देने में आतंकवादियों की सहायता करने के लिए कर रहे हैं। एनआईए ने कहा कि इस मामले में आगे की जांच जारी है।











.jpg)
.jpg)














