- Home
- देश
- बीकानेर. जिले के नोखा थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी जीप में सवार होकर मौके से फरार हो गए। नोखा पुलिस थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने बताया कि मंगलवार सुबह खेत में सो रहे रामेश्वर बिश्नोई (40) की जीप में सवार होकर आए लोगों ने गोली मार कर हत्या कर दी। अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए कई स्थानों पर दबिश दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मामला पारिवारिक रंजिश का है।अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
- नयी दिल्ली. दिवंगत फोटो पत्रकार दानिश सिद्दीकी को दूसरा पुलित्ज़र पुरस्कार दिए जाने के बाद उनके पिता ने अपने पुत्र को याद करते हुए उन्हें बहादुर, दुनिया में दुख व दर्द के प्रति सहानुभूति रखने वाले एवं एक गंभीर पेशेवर और इसके साथ ही अपने परिवार की सुरक्षा की चिंता करने वाला बेटा बताया। दानिश के पिता अख्तर सिद्दीकी ने कहा, "हमें उस पर गर्व है लेकिन हमें उसकी कमी खलती है।"उल्लेखनीय है कि दानिश सहित चार भारतीयों को ‘फीचर फोटोग्राफी श्रेणी' में प्रतिष्ठित पुलित्ज़र पुरस्कार 2022 से सम्मानित किया गया है। सिद्दीकी (38) की पिछले साल जुलाई में अफगानिस्तान में मौत हो गई थी। अफगानिस्तान में अफगान सैनिकों और तालिबान के बीच गोलीबारी की तस्वीरें लेते समय उनकी मौत हो गई थी। सिद्दीकी को दूसरी बार पुलित्ज़र पुरस्कार से नवाजा गया है। 2018 में भी रॉयटर्स के साथ काम करते हुए उन्हें रोहिंग्या शरणार्थी संकट संबंधी तस्वीरों के लिए पुलित्ज़र पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उन्होंने अफगानिस्तान तथा ईरान में युद्ध, हांगकांग में प्रदर्शन और नेपाल में भूकंप जैसी महत्वपूर्ण घटनाओं की तस्वीरें ली थीं। उनके पिता ने कहा, "... इस पुरस्कार के बारे में जानकर उसे जरूर खुशी होती। उसने अपने समर्पण, कड़ी मेहनत, मूल्य-आधारित कार्य से हमें गौरवान्वित किया है, हमारे परिवार को और पत्रकारिता समुदाय को गौरवान्वित किया है।'' उन्होंने कहा कि उनका पुत्र अपने काम से अमर हो गया है। उन्होंने कहा, "दुनिया उसे सम्मानित कर रही है। उसे इस साल अप्रैल में बोस्टन विश्वविद्यालय द्वारा सम्मानित किया गया। इससे पहले कई अन्य पुरस्कार दिए गए। दुनिया उसके काम और योगदान को मान्यता दे रही है। दुर्भाग्य से वह अपना काम और योगदान जारी रखने के लिए मौजूद नहीं है। हमें सुबह से ढेर सारे संदेश मिल रहे हैं। उसे सम्मानपूर्वक याद किया जा रहा है।" परिवार ने उनकी विरासत का सम्मान करने के लिए दानिश सिद्दीकी फाउंडेशन की स्थापना की है।दानिश के पिता ने कोविड -19 महामारी की दूसरी लहर के दौरान अपने बेटे के काम को याद करते हुए कहा कि सभी प्रकार के जोखिमों के बावजूद दानिश ने काम जारी रखा था। उन्होंने कहा, ‘‘वह देश भर में, अस्पतालों में, कोविड वार्डों, मुर्दाघरों, कब्रिस्तानों में गया। उसने उन दिनों काफी काम किया। उसका विचार यह दिखाना था कि लोग किस प्रकार पीड़ित हैं... उसने अपने व्यक्तिगत स्वास्थ्य और अपने परिवार की कीमत पर जोखिम उठाया।'' अख्तर सिद्दीकी ने कहा कि उनका बेटा अपने दो छोटे बच्चों और अपने वृद्ध माता-पिता की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर भी बहुत सतर्क था। उन्होंने कहा कि वह संक्रमण से बचाव का खासा ध्यान रखता था।
- लखीमपुर खीरी (उप्र) .लखीमपुर खीरी शहर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात को तीन हथियारबंद युवकों ने चाकू मारकर एक युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) संदीप सिंह ने पत्रकारों को बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। जय प्रकाश मिश्रा (32) सोमवार की रात हाथीपुर-मेला मैदान मार्ग पर आनंद टॉकीज के सामने एक पान की दुकान पर खड़े थे तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवक वहां आए। एक युवक ने मिश्रा पर पीछे से हमला किया और उनके शरीर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट करने के बाद हमलावर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। गंभीर हालत में मिश्रा को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्या के मकसद का पता नहीं चल सका है।
- नयी दिल्ली. शिशुओं के साथ सफर कर रहे यात्रियों के लिए रेल यात्रा को आरामदेह बनाने के मकसद से रेलवे ने प्रायोगिक तौर पर लखनऊ मेल की निचली बर्थ में मुड़ने योग्य ‘बेबी बर्थ' लगाई है। अधिकारियों के मुताबिक, ‘बेबी बर्थ' पर यात्रियों से मिली प्रतिक्रिया के आधार पर इसे अन्य ट्रेन में भी उपलब्ध कराने की योजना बनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि ‘बेबी बर्थ' निचली बर्थ से जुड़ी होगी, जिसे उपयोग में न होने के दौरान नीचे की तरफ मोड़कर रखा जा सकेगा। अधिकारियों के अनुसार, ‘बेबी बर्थ' 770 मिलीमीटर लंबी और 255 मिलीमीटर चौड़ी होगी, जबकि इसकी मोटाई 76.2 मिलीमीटर रखी गई है। लखनऊ मेल में 27 अप्रैल को द्वितीय केबिन की निचली बर्थ संख्या 12 और 60 में ‘बेबी बर्थ' लगाई गई थी। उत्तर रेलवे के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘यह प्रयोग के आधार पर किया गया है और जब हमें यात्रियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलेगी, तब इसका विस्तार किया जाएगा। कुछ और ट्रेन में इसे लगाने तथा लोगों की प्रतिक्रियाएं जानने के बाद हम रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र में जरूरी विवरण डालेंगे, जहां इसे बुक करने का अनुरोध किया जा सकता है।'' अधिकारी ने कहा, ‘‘बुकिंग व्यवस्था वैसे ही होगी, जैसे हम फिलहाल वरिष्ठ नागरिकों के लिए निचले बर्थ की पेशकश करते हैं। यात्री के यह बताने पर कि वह बच्चे के साथ यात्रा करेगा, हम उसे यह बर्थ दे देंगे। हालांकि, यह योजना अभी शुरुआती दौर में है।'' फिलहाल उन महिलाओं के लिए निचली बर्थ को बुक कराने की कोई व्यवस्था नहीं है, जो शिशुओं के साथ सफर करती हैं।
- बहराइच . बहराइच जिले की दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र की पुलिस ने छह तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 153 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजे की अन्तरराष्ट्रीय बाजार में कीमत डेढ़ करोड़ रुपये बताई है। बहराइच के पुलिस अधीक्षक (एसपी) केशव कुमार चौधरी ने मंगलवार को पत्रकारों से बताया कि सोमवार को थाना दरगाह शरीफ अंतर्गत बख्शीपुरा क्षेत्र में पुलिस की जांच के दौरान चार बाइक पर सवार छह लोगों के कब्जे से 153 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि तस्करों के कब्जे से तस्करी कर ले जाया जा रहा गांजा के अलावा आठ मोबाइल, चार मोटरसाइकिल, तीन इलेक्ट्रॉनिक धर्मकांटे समेत अन्य सामान पुलिस ने जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये है। एसपी ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों के खिलाफ मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े कानून (एनडीपीएस एक्ट) की धारा में मामला दर्ज कर विधिक प्रक्रिया पूरी कर मंगलवार को जेल भेज दिया गया है।
- नयी दिल्ली. दैनिक उत्पाद बनाने वाली कंपनी प्रॉक्टर एंड गैंबल (पीएंडजी) महिलाओं के नेतृत्व वाले व्यवसायों का समर्थन करने के लिए वर्ष 2025 तक 500 करोड़ रुपये खर्च करेगी। कंपनी ने भारत में महिलाओं और पुरुषों के बीच समानता को मजबूती देने के अपने प्रयासों के तहत मंगलवार को यह घोषणा की। घरेलू बाजार में एरियल, टाइड, व्हिस्पर, जिलेट, ओरल बी, हेड एंड शोल्डर्स और विक्स जैसे उत्पादों की बिक्री करने वाली पीएंडजी इंडिया ने एक बयान में कहा, ‘‘इस पहल के तहत महिलाओं के नेतृत्व वाले व्यवसायों का समर्थन करने के लिए कंपनी अब वर्ष 2025 तक 500 करोड़ रुपये का खर्च करेगी। इसमें 200 करोड़ की रुपये की वृद्धि की गई है।'' इससे पहले पीएनजी इंडिया ने 2021-25 के दौरान महिलाओं के स्वामित्व और नेतृत्व वाले व्यवसायों का समर्थन करने के लिए 300 करोड़ रुपये की मदद की घोषणा की थी।
- नयी दिल्ली | शिशुओं के साथ सफर करने वाली महिला यात्रियों की रेल यात्रा को आरामदेह बनाने के मकसद से रेलवे ने प्रायोगिक तौर पर लखनऊ मेल की निचली बर्थ में मुड़ने योग्य ‘बेबी बर्थ' लगाई है। अधिकारियों के मुताबिक, ‘बेबी बर्थ' पर यात्रियों से मिली प्रतिक्रिया के आधार पर इसे अन्य ट्रेन में भी उपलब्ध कराने की योजना बनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि ‘बेबी बर्थ' निचली बर्थ से जुड़ी होगी, जिसे उपयोग में न होने के दौरान नीचे की तरफ मोड़कर रखा जा सकेगा। अधिकारियों के अनुसार, ‘बेबी बर्थ' 770 मिलीमीटर लंबी और 255 मिलीमीटर चौड़ी होगी, जबकि इसकी मोटाई 76.2 मिलीमीटर रखी गई है। लखनऊ मेल में 27 अप्रैल को एसी -3 कोच की निचली सीट संख्या 12 और 60 में ‘बेबी बर्थ' लगाई गई। उत्तर रेलवे के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘यह प्रयोग के आधार पर किया गया है और जब हमें यात्रियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलेगी, तब इसका विस्तार किया जाएगा। कुछ और ट्रेन में इसे लगाने तथा लोगों की प्रतिक्रियाएं जानने के बाद हम रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र में जरूरी विवरण डालेंगे, जहां इसे बुक करने का अनुरोध किया जा सकता है।'' अधिकारी ने कहा, ‘‘बुकिंग व्यवस्था वैसे ही होगी, जैसे हम फिलहाल वरिष्ठ नागरिकों के लिए निचली सीट की पेशकश करते हैं। यात्री के यह बताने पर कि वह बच्चे के साथ यात्रा करेगा, हम उसे यह सीट दे देंगे। हालांकि, यह योजना अभी शुरुआती दौर में है।'' फिलहाल शिशुओं के साथ सफर करने वाली महिला यात्रियों के लिए निचली सीट को बुकर कराने की कोई व्यवस्था नहीं है। सूत्रों ने कहा कि इस सुविधा का विस्तार होने एवं उसका वाणिज्यीकरण होने के बाद उसका उपयेाग करने वाली महिलाओं को इस सेवा के लिए अधिक भाड़ा देना होगा। रेलवे फिलहाल 5 से 12 साल के बच्चों के लिए पूरा किराया वसूलता है, पहले यह किराये का 50 फीसदी राशि होती थी।
- अमेठी . जिले के एक स्कूल की छात्रा की भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) जाने की इच्छा पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने तुरंत कहा कि वह खुद उसे अगले महीने इसरो लेकर जाएंगी। गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र के दुर्गन भवानी धाम के निकट एक निजी शिक्षण संस्थान का उद्घाटन करने मंगलवार को पहुंचीं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने जब संजय गांधी पॉलिटेक्निक जगदीशपुर की छात्रा नीतू मौर्या को टैबलेट देते हुए पूछा, ‘‘तुम आगे क्या करना चाहती हो?'' तो नीतू ने कहा, ‘‘मैं इसरो जाना चाहती हूं और वैज्ञानिक बनना चाहती हूं।'' इस पर, केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘यह छात्रा इसरो जाना चाहती है, वैज्ञानिक बनना चाहती है। इस छात्रा को मैं अगले महीने स्वयं इसरो लेकर जाऊंगी।'' उन्होंने कहा कि अमेठी के लिए यह गर्व की बात होगी कि यहां की एक छात्रा इसरो जाना चाहती है और वैज्ञानिक बनना चाहती है। एक दिन नीतू जरूर अमेठी का नाम रोशन करेंगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘मैं छात्र-छात्राओं से अपील करना चाहती हूं, वह जो कुछ करना चाहते हैं, मैं उनकी हर संभव मदद करने के लिए तैयार हूं।'' ईरानी ने कहा, ‘‘अमेठी जिला में अब तक 11672 छात्र-छात्राओं को टैबलेट और स्मार्टफोन का वितरण किया गया है, मैं इसके लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद करती हूं।'' उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने छात्र-छात्राओं को टैबलेट और स्मार्टफोन उपलब्ध करा कर शिक्षा में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने का काम किया है। इससे पूर्व ईरानी ने जयपुरिया शिक्षण संस्थान का उद्घाटन किया और वहां छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन और टैबलेट का वितरण किया।
- पटना. बिहार में फालसा और अंजन के पेड़ विलुप्त होने के कगार पर हैं और राज्य सरकार ने इसका कारण जानने के लिए सर्वेक्षण कराने का फैसला किया है। बिहार राज्य जैव विविधता बोर्ड के अध्यक्ष डी. के. शुक्ला ने कहा कि फालसा सबसे पहले गया में मिला था और वहां से बौद्ध विद्वान उसे वाराणसी और फिर दुनिया भर में ले गए। उन्होंने कहा कि फालसा का फल पकने पर बैंगनी रंग का होता है और इसका आकार एक से दो सेंटीमीटर तक है। शुक्ला ने कहा कि यह फल विभिन्न प्रकार के विटामिन से भरा होता है और इसमें खनिज भी होते हैं तथा यह आसानी से पचने योग्य होता है। कहा जाता है कि गर्मी के महीनों में इस फल और इसके रस का प्रभाव काफी ठंडा होता है।शुक्ला ने कहा कि अंजन के पेड़ों की घटती संख्या भी गंभीर चिंता का विषय है। अंजन का पेड़ झुकी हुई शाखाओं के साथ, 25-30 मीटर की ऊंचाई तक बढ़ता है। एक समय यह कैमूर जिले के जंगलों में बहुतायत में पाया जाता था। बिहार के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश से इन दोनों पेड़ों के लुप्त होने के सही कारण का पता लगाने के लिए राज्यव्यापी सर्वेक्षण कराने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के दौरान विशेषज्ञ अन्य लुप्तप्राय वृक्षों की भी सूची तैयार करेंगे।इन दोनों पेड़ों के विलुप्त होने के संभावित कारणों के बारे में शुक्ला ने कहा कि इस बात से कोई भी इनकार नहीं कर सकता है कि वनों की कटाई और बढ़ते प्रदूषण जैसी मानवीय गतिविधियों के कारण राज्य में कई पौधों को नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह चिंता का विषय है और इन दो पेड़ों के लुप्त होने के कारणों का पता लगाने के लिए जल्द ही एक विस्तृत सर्वेक्षण किया जाएगा।
- कौशांबी (उप्र) .कौशांबी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक व्यक्ति ने अपने ही बेटे को गोली मार दी जिसकी अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) हेमराज मीणा ने बताया कि थाना क्षेत्र के फतेहपुर सहाबपुर गांव निवासी आरोपी शिवनारायण पटेल ने आज दोपहर अपने बेटे बृजेश (40) को अपनी लाइसेंसी दोनाली बंदूक से कथित तौर पर गोली मार दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल बेटे को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी पिता पर पिपरी थाना क्षेत्र में चार अपराधिक मामले दर्ज हैं। पटेल के खिलाफ आखिरी मामला वर्ष 1986 में दर्ज हुआ था और उसी आधार पर थाने में उसकी हिस्ट्रीशीट भी खोली गई थी। एसपी ने कहा कि उसी वक्त आरोपी के शस्त्र लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्यवाही भी की गई थी और इस बात की जांच की जा रही है कि उसके शस्त्र के लाइसेंस की बहाली किस तरह की गई है। उन्होंने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मीणा ने बताया कि आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना की जांच की जा रही है।
-
नई दिल्ली । भारत के उड्डयन नियामक डीजीसीए ने मंगलवार को कहा कि नौ पायलट और चालक दल के 32 सदस्य एक जनवरी से 30 अप्रैल के बीच उड़ान से पहले किये गए ‘अल्कोहल टेस्ट' (शराब के सेवन का पता लगाने के लिए की गई जांच) में असफल रहे। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एक बयान में कहा, ‘‘उनमें से दो पायलट और चालक दल के दो सदस्यों को जांच में दूसरी बार असफल रहने के लिए तीन साल की अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया है।'' उसने कहा कि शेष सात पायलट और चालक दल के 30 सदस्यों को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया गया क्योंकि वे पहली बार बीए (ब्रेथलाइज़र) जांच में पॉजिटिव पाये गए थे। डीजीसीए के अनुसार, इंडिगो के चार पायलट और चालक दल के 10 सदस्य, गो फर्स्ट के एक पायलट और चालक दल के पांच सदस्य, स्पाइसजेट के एक पायलट और चालक दल के छह सदस्य, एयर इंडिया एक्सप्रेस का एक पायलट और एयरएशिया इंडिया के चालक दल के चार सदस्य उक्त अवधि में उड़ान पूर्व अल्कोहल जांच में विफल रहे। विमानन नियामक ने कहा कि विस्तारा का एक पायलट और चालक दल के दो सदस्य, एलायंस एयर का एक पायलट और एयर इंडिया के चालक दल के पांच सदस्य भी जांच में विफल रहे। डीजीसीए ने पिछले महीने कहा था कि एयरलाइंस को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके पायलट और चालक दल के सदस्यों में से 50 प्रतिशत का ‘अल्कोहल टेस्ट' हो। कोविड-19 महामारी के प्रकोप से पहले, चालक दल के सभी सदस्यों को उड़ान से पहले शराब सेवन का पता लगाने के लिए इस जांच से गुजरना पड़ता था। हालांकि जब महामारी आयी, तो जांच कुछ महीनों के लिए स्थगित कर दी गई। इसके बाद, जांच फिर से शुरू की गई लेकिन चालक दल के सदस्यों के केवल एक छोटे हिस्से के लिये।
- मुम्बई । शिवसेना विधायक और महाराष्ट्र के मंत्री आदित्य ठाकरे ने मंगलवार को कहा कि वह महाराष्ट्र में ‘राम राज्य' लाने के लिए भगवान से आशीर्वाद मांगने के उद्देश्य से 10 जून को अयोध्या जायेंगे। दिलचस्प है कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख और उनके चाचा राज ठाकरे ने घोषणा की थी कि वह जून के पहले सप्ताह में अयोध्या की यात्रा करेंगे। जब आदित्य से उत्तर प्रदेश के भाजपा सांसद बृजभूषण शरण द्वारा मनसे प्रमुख को अयोध्या की यात्रा करने से पहले अतीत में उत्तर भारतीयों का अपमान करने को लेकर माफी मांगने का अल्टीमेटम दिये जाने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सामान्य तौर पर वह दूसरे दलों एवं ‘ बीत गयी बातों' के बारे में बात नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि सबसे अच्छी बात है कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण से जुड़ा संघर्ष उच्चतम न्यायालय के 2019 के आदेश से समाप्त हो गया। शिवसेना नेता ने कहा, ‘‘ हम महाराष्ट्र में जो काम कर रहे है और देश में जो काम करने की हमारी मंशा है, उनके लिए आशीर्वाद मांगने हेतु हम (अयोध्या) जा रहे हैं। हम महाराष्ट्र में भी रामराज्य लाने के लिए भगवान राम का दर्शन करने जा रहे हैं।'' राज्य के पर्यावरण मंत्री एक कार्यक्रम के बाद नांदेड़ में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।आदित्य ठाकरे ने कहा कि शिवसेना के कार्यकर्ता राजनीति की खातिर अयोध्या नहीं जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ अयोध्या हमारी ताकत एवं समर्पण का स्रोत है। हम आशीर्वाद मांगने जा रहे हैं। महा विकास अघाड़ी के तौर पर हम समाज के हर वर्गको साथ लेकर आगे बढ़ रहे है। महाराष्ट्र देश की वित्तीय शक्ति है। यदि महाराष्ट्र को आगे ले जाया जाता है तो देश भी आगे बढ़ेगा।'' भाजपा पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे ने कहा कि शिवसेना को हिंदुत्व या हिंदू धर्म के बारे में नहीं पढ़ाया जाए।
-
नयी दिल्ली | केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि सरकार ने 2024 तक सड़क हादसों में होने वाली मौतों में 50 प्रतिशत कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री गडकरी ने एक कार्यक्रम में अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा एक गंभीर मुद्दा है और सड़क हादसों की कतई कोई गुजाइंश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े मुद्दों का सामूहिक ढंग से समाधान करने के लिए संबंधित पक्षों को संवेदनशील बनाने पर जोर भी दिया। उन्होंने कहा कि सर्वाधिक दुर्घटना वाले स्थानों (ब्लैक स्पॉट) के संदर्भ में तत्काल कदम उठाये जाने चाहिए।
-
दमोह . मध्य प्रदेश के दमोह जिले में एक अज्ञात वाहन और मोटरसाइकिल की टक्कर में 65 वर्षीय बुजुर्ग और उसके 20 वर्षीय पोते की मौत हो गयी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। बटियागढ़ थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि हादसा सोमवार रात दूल्हा देव गांव के पास हुआ जब व्यक्ति अपने परिवार के एक सदस्य के विवाह का निमंत्रण परिचितों को देने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद दादा-पोते दोनों को बटियागढ़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान कादर खान और उनके पोते इरशाद खान के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। -
अलीराजपुर. मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले में शादी पार्टी के लोगों को ले जा रहे एक मिनी ट्रक के पुलिया से गिर जाने से तीन लोगों की मौत हो गयी और 20 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अलीराजपुर के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि यह दुर्घटना सोमवार रात चंद्रशेखर आजाद थाना क्षेत्र के करेटी गांव हुई। पीड़ित लोग चंद्रशेखर आजाद नगर में एक शादी में शामिल होने जा रहे थे। अधिकारी ने बताया कि हादसे में मारे गए लोगों की पहचान प्रकाश सोलंकी (20), लाला खराडी (60) और पंकज सोलंकी (15) के रुप में हुई है। तीनों पड़ोसी झाबुआ जिले के भुतखेड़ी गांव के रहने वाले थे। उन्होंने कहा कि हादसे में 20 लोग घायल हो गए हैं । गंभीर रुप से कुछ घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना पर दुख व्यक्त किया है और अधिकारियों को घायलों का समुचित इलाज करने के निर्देश दिए हैं।
-
चंडीगढ़। मोहाली में सोमवार रात को पंजाब पुलिस की खुफिया इकाई के मुख्यालय परिसर में एक धमाका हुआ। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि धमाका रात करीब 7:45 बजे हुआ और इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। फोरेंसिक दल को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। गौरतलब है कि 24 अप्रैल को चंडीगढ़ स्थित बुड़ैल जेल के पास विस्फोटक सामग्री बरामद होने के कुछ दिन बाद धमाके की यह घटना हुई है। -
जौनपुर (उप्र)। जौनपुर जिले के मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के रानीपट्टी गांव में सोमवार को आठवीं कक्षा के एक छात्र का शव उसके स्कूल के पीछे संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक मड़ियाहूं के.के. चौबे ने बताया कि कम्पोजिट विद्यालय रानी पट्टी के प्रधानाचार्य शशांक मिश्र ने सोमवार सुबह प्रार्थना कराई उसके बाद कक्षाओं में पढ़ाई शुरू हुई। सुबह करीब आठ बजे किसी बाहरी व्यक्ति ने आकर बताया कि स्कूल के पीछे कमरे की खिड़की से गमछे के साथ एक छात्र लटका है। जिसके बाद सभी लोग उस स्थान पर पहुंचे। वहां पहुंचे स्कूल स्टाफ ने छात्र की पहचान दिलीप यादव (13) के रूप में की। इसके बाद शव को फंदे से नीचे उतारा गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रधानाचार्य शशांक मिश्रा ने बताया कि कक्षा आठ का छात्र बीते तीन दिन से स्कूल नहीं आ रहा था। वह कब स्कूल परिसर में आया और ये घटना हुई इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। -
आगरा,(उप्र),। आगरा में तेजाब हमले में एक ही परिवार के तीन लोग झुलस गये और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि शक के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार कोल्हाई थानाक्षेत्र के शाहगंज में रविवार को असलम अपनी पत्नी, बेटा, बेटी और भाई के साथ छत पर सो रहे थे। रात में उनपर किसी ने तेजाब फेंक दिया। इससे असलम की पत्नी, भाई और बेटी जल गए, इन्हें एसएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। असलम के शरीर पर तेजाब का कोई निशान नहीं है। असलम ने अपने पड़ोस में रहने वाले कल्लू पर शक किया, पुलिस ने कल्लू और उसके परिवार के लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। जांच में कल्लू की छत पर तेजाब के निशान मिले हैं। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि पूछताछ में सामने आया है कि आठ साल पहले असलम का भाई कल्लू के भाई की पत्नी को भगा कर ले गया था, इसके बाद से दोनों के बीच में रंजिश थी, मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। -
कानपुर (उप्र)। राज्य संचालित आश्रय गृह में चोरी के मामले में मुख्य संदिग्ध के तौर पर बंद एक युवती ने सोमवार को बाथरूम में फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार उन्नाव जिले के मगरवारा की रहने वाली सुदामा (32) को रविवार को नवाबगंज पुलिस थाने में चोरी के एक मामले में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। महिला घरेलू सहायिका के तौर पर एक घर में काम करती थी जहां वह आभूषणों की चोरी के मामले में संदिग्ध थी। नवाबगंज पुलिस ने सुदामा को राजकीय आशा ज्योति आश्रय गृह में दाखिल किया था। उसे सोमवार को फिर से पुलिस के सामने पेश होने का निर्देश दिया था। कानपुर के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) पश्चिम ब्रजेश श्रीवास्तव ने बताया कि रहस्यमय परिस्थिति में महिला की मौत की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि महिला का पोस्टमार्टम तीन चिकित्सकों के पैनल द्वारा किया गया है और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई है। उन्होंने बताया कि विसरा भी सुरक्षित रखा गया है और मामले की जांच के आदेश दे दिये गये हैं। -
नयी दिल्ली | कांग्रेस के 'चिंतन शिविर' से पहले पार्टी के संगठनात्मक मामलों से संबंधित कार्य समूह ने सुझाव दिया है कि अधिकतम पांच साल के कार्यकाल के बाद अखिल भारतीय और राज्य इकाइयों के पदाधिकारियों को आराम दिया जाना चाहिये। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। मुकुल वासनिक की अध्यक्षता वाले कार्यकारी समूह ने ''एक व्यक्ति, एक पद'' के फार्मूले को अपनाने सहित संगठन में बदलाव के लिए कई सिफारिशें की हैं। कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) ने सोमवार को अपनी बैठक में सिफारिशों पर चर्चा की।
इन सिफारिशों पर पार्टी के नेता 13 से 15 मई तक राजस्थान के उदयपुर में होने वाले 'चिंतन शिविर' में विचार करेंगे और अंतिम फैसला लेंगे। समिति ने सुझाव दिया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) और प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के सभी पदाधिकारियों का अधिकतम कार्यकाल पांच साल का होना चाहिए, इसके बाद उन्हें तीन साल का आराम दिया जाना चाहिये। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में कृषि से संबंधित एक अन्य कार्य समूह ने सभी फसलों के एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) के लिए कानूनी गारंटी और निर्धारित दर से कम दाम पर फसल खरीदने वाले के लिए दंडनीय प्रावधान का सुझाव दिया। समिति ने सुझाव दिया है कि फसलों का एमएसपी स्वामीनाथन समिति के ''सी-2 फॉर्मूले'' के अनुसार तय किया जाए। समिति ने यह भी कहा कि फसल बीमा योजना किसानों के लिए पर्याप्त नहीं है। समिति ने किसानों के साथ परामर्श के बाद आयात शुल्क तय करने का आह्वान किया है। पार्टी ने अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति, महिलाओं एवं अल्पसंख्यकों के कल्याण, युवा मामलों, कृषि, संगठनात्मक मामलों, राजनीतिक और आर्थिक मुद्दों पर चर्चा करने व सिफारिशें देने के लिए छह अलग-अलग समूहों का गठन किया है। -
भोपाल। मध्य प्रदेश के पांच जिलों में सोमवार को लू की स्थिति बनी रही । रतलाम में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान (आईएमडी) ने सोमवार को कहा कि बाड़मेर और बीकानेर के बाद भारत में रतलाम में सबसे अधिक तापमान रहा। बाड़मेर और बीकानेर में क्रमश: 46.3 और 46.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान हैं कि मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में चार दिनों तक और लू चल सकती है।
मौसम विभाग के अधिकारी ने कहा कि रतलाम, राजगढ़, गुना, खरगोन और खंडवा में लू की स्थिति बनी हुई है।
मध्य प्रदेश के चार प्रमुख शहरों भोपाल में 42.9, इंदौर में 42.8, जबलपुर में 42 और ग्वालियर में 42.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। -
नयी दिल्ली | बाल विवाह प्रतिषेध (संशोधन) विधेयक का अध्ययन कर रही संसद की एक समिति से स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि प्रस्तावित कानून शिशु मृत्यु दर और मातृ मृत्यु दर को कम करने में मदद कर सकता है। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। विधेयक का अध्ययन कर रही शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल संबंधी संसदीय स्थायी समिति के समक्ष अनेक गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) तथा थिंक-टैंक ने सोमवार को अपना पक्ष रखा। समिति के सूत्रों ने बताया कि भाजपा के राज्यसभा सदस्य विनय सहस्रबुद्धे की अध्यक्षता वाली समिति को विधेयक पर जानकारी देते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि जल्दी विवाह और जल्दी बच्चे को जन्म देना जच्चा-बच्चा दोनों की सेहत पर प्रतिकूल असर डाल सकता है। मंत्रालय के अधिकारी कुल मिलाकर विधेयक के समर्थन में थे और उन्होंने यह सुझाव भी दिया कि विधेयक से शिशु मृत्यु दर और मातृ मृत्यु दर कम हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस विधेयक से बच्चों का कद कम रह जाने जैसे मामलों को रोकने में भी मदद मिल सकती है। केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने पिछले साल 21 दिसंबर को विपक्षी दलों के विरोध के बीच संसद में विधेयक प्रस्तुत किया था। उन्होंने विधेयक को आगे अध्ययन के लिए संसदीय स्थायी समिति को भेजे जाने की मांग की थी। विधेयक का अध्ययन कर रही समिति का कार्यकाल इस साल मार्च में तीन महीने बढ़ाया गया था।
-
मुंबई | उपनगरीय विले पार्ले में 350 बिस्तरों वाले नानावती-मैक्स अस्पताल ने अपनी क्षमता दोगुना से अधिक करने के लिए अगले दो वर्षों में 700 करोड़ रुपये के निवेश की सोमवार को घोषणा की। एक बयान में कहा गया है कि 2024 में विस्तार कार्य पूरा होने के बाद अस्पताल में बिस्तरों की संख्या 950 हो जाएगी और यह पश्चिमी भारत में निजी क्षेत्र के सबसे बड़े अस्पतालों में से एक होगा। बयान में कहा गया है कि विस्तार से 5,000 से अधिक डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसमें कहा गया है कि समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों के लिए हर पांच में से एक बिस्तर निर्धारित किया जाएगा। अस्पताल का उद्घाटन 1950 में तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने किया था, जबकि कैंसर शाखा का उद्घाटन नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मदर टेरेसा ने किया था। वर्तमान में, डॉक्टरों और नर्सों सहित 1,500 स्वास्थ्य पेशेवर इस अस्पताल में काम करते हैं। अस्पताल के विस्तार के लिए सोमवार को एक समारोह में आधारशिला रखी गई जिसमें आदित्य ठाकरे, उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगी अनिल परब, सांसद गजानन कीर्तिकर और मैक्स हेल्थकेयर के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अभय सोई शामिल थे। सोई ने कहा, “विस्तार से न सिर्फ मुंबई के निवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होंगी बल्कि महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों के लोगों को भी इससे फायदा होगा। -
नयी दिल्ली | दिल्ली सरकार का परिवहन विभाग ‘फूड हब' विकसित करने और रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए बस डिपो और टर्मिनलों की पहचान कर रही है। हाल में राज्य सरकार की एक उच्च स्तरीय बैठक में विभाग को ऐसे डिपो और टर्मिनल की पहचान करने के लिए कहा गया जहां ‘फूड कोर्ट' या ‘फूड प्लाजा' स्थापित किये जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार योजना के पहले चरण में ऐसी ही एक स्थान विकसित करने का इरादा रखती है। परिवहन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, इस संबंध में काम चल रहा है और दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) अन्य एजेंसियों के साथ सहयोग कर रहा है। -
मुंबई |मुंबई के बांद्रा बैंडस्टैंड इलाके में बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बंगले 'मन्नत' के पास स्थित 21 मंजिला आवासीय इमारत में सोमवार शाम भीषण आग लग गई। यह जानकारी दमकल विभाग के एक अधिकारी ने दी।दमकल अधिकारी के मुताबिक आग 21 मंजिला इमारत की 14वीं मंजिल पर लगी। इसे ‘स्तर-दो' आग के तौर पर वर्गीकृत किया गया है। अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग को शाम करीब सात बजकर 45 मिनट पर इस बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की आठ गाड़ियां, सात जंबो टैंकर और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी), अडाणी बिजली के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए । अधिकारी ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है ।



























