- Home
- देश
-
गाजियाबाद. उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में एक कुत्ते को लेकर एक माली ने एक नलसाज (प्लंबर) की कथित रूप से कैंची घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को बताया कि विक्टोरिया पार्क में आरोपी माली छत्रपाल ने मुस्तकीम नाम के नलसाज को कैंची घोंप दी। उन्होंने बताया कि 27 वर्षीय मुस्तकीम बिहार के अररिया का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक, मुस्तकीम को यह पसंद नहीं था कि आरोपी छत्रपाल कुत्ते को खाना खिलाए, क्योंकि कुत्ता उसपर अक्सर भौंकता था। पुलिस ने बताया कि पिछले हफ्ते जब कुत्ता मुस्तकीम पर भौंका तो उसने जानवर को चाकू से जख्मी कर दिया और आरोपी छत्रपाल तबसे जख्मी कुत्ते का ध्यान रख रहा था। रविवार को मुस्तकीम ने आरोपी छत्रपाल द्वारा कुत्ते को खाना खिलाने पर आपत्ति जताई तो दोनों में हाथापाई हो गई और आरोपी छत्रपाल ने अपनी कैंची मुस्तकीम के सीने में घोंप दी। इंदिरापुरम के क्षेत्राधिकारी अभय मिश्रा ने बताया कि मुस्तकीम जख्मी हालत में अपने एक रिश्तेदार के यहां गया, जो उसे निजी अस्पताल लेकर गई, जहां मुस्तकीम की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी छत्रपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है।
-
नयी दिल्ली। संसद की एक समिति ने सोमवार को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से आग्रह किया कि कोविड के मद्देनजर लॉकडाउन के दौरान विकास के ग्राफ को देखते हुए वह एनिमेशन, दृश्य प्रभाव, गेमिंग और कॉमिक्स (एवीजीसी) क्षेत्र को प्रोत्साहित करे। संसद में पेश संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी स्थायी समिति की रिपोर्ट के अनुसार, वह इस बात को नोट करके चिंतित है कि राष्ट्रीय एनिमेशन, दृश्य प्रभाव, गेमिंग एवं कॉमिक्स उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने की घोषणा के आठ वर्ष बाद भी इस पर अमल नहीं हो पाया है। समिति ने कहा कि राष्ट्रीय एनिमेशन, दृश्य प्रभाव, गेमिंग एवं कॉमिक्स उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने की परियोजना वास्तव में वित्त वर्ष 2014-15 की बजट घोषणा का हिस्सा थी जिसके लिये 167.7 करोड़ रूपये की प्रशासनिक मंजूरी की बात कही गई थी और इसे वर्ष 2016- 17 से 2019-20 के दौरान चार वर्षों की अवधि में लागू किया जाना था। वित्त वर्ष 2022-23 के अनुदान की मांगों संबंधी समिति के 34वें प्रतिवेदन में समिति ने इस बात पर चिंता व्यक्त की है कि करीब 8 वर्ष बाद भी राष्ट्रीय एनिमेशन, दृश्य प्रभाव, गेमिंग एवं कॉमिक्स उत्कृष्टता केंद्र स्थापित नहीं किया जा सका है। समिति ने कहा कि एनिमेशन, दृश्य प्रभाव, गेमिंग और कॉमिक्स (एवीजीसी) क्षेत्र तेजी से बढ़ रहा है और खासतौर पर लॉकडाउन की अवधि में इसमें विकास देखा गया है। रिपोर्ट के अनुसार, लोग वास्तव में गेमिंग उद्योग से जुड़े हैं और यह प्रति वर्ष 20 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है और मंत्रालय को इसे प्रोत्साहित करने की जरूरत है।
-
नयी दिल्ली। केंद्र सरकार ने सोमवार को कहा कि पूरे देश में आधारभूत अवसंरचना के विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए साल 2020-21 में करीब 31 लाख पेड़ काटे गए, लेकिन राष्ट्रीय राजधानी में एक भी पेड़ नहीं काटा गया। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि वन संरक्षण कानून के तहत मिली अनुमति के साथ 2020-21 में 30,97,721 पेड़ काटे गए और इसके एवज में पौधारोपण पर 359 करोड़ रुपये खर्च किए गए। मंत्री के अनुसार, पेड़ों की कटाई के लिए संबंधित राज्यों या केंद्रशासित प्रदेशों की ओर से पेड़ों की कटाई की अनुमति विभिन्न कानूनों, नियमों और अदालती आदेश के मुताबिक दी जाती है। बहरहाल, 2020-21 में 30,97,721 पेड़ों की कटाई के प्रस्ताव को मंजूरी वन संरक्षण अधिनियम, 1980 के प्रावधानों के तहत दी गई। -
नयी दिल्ली। सरकार ने सोमवार को कहा कि केंद्रीय विद्यालय (केवी) खोलना एक सतत प्रक्रिया है, इन्हें मानकों के आधार पर खोला जाता है और यह कहना गलत है कि भारत सरकार इन विद्यालयों को नहीं खोलना चाहती है। लोकसभा में केंद्रीय विद्यालय खोलने को लेकर कुछ सदस्यों के सवालों के जवाब में शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने यह बात कही। प्रधान ने कहा, ‘‘ मैं बहुत जिम्मेदारी के साथ कहना चाहता हूं कि केंद्रीय विद्यालय स्थापित करने के संबंध में क्षेत्रवार लंबित मुद्दों और केंद्रीय विद्यालय संगठन के रूख के बारे में लिखित में सदस्यों को अवगत कराऊंगा।'' उन्होंने कहा कि इस विषय पर कुछ विसंगतियां हैं लेकिन यह कहना अनुचित है कि भारत सरकार केंद्रीय विद्यालय नहीं खोलना चाहती है। मंत्री ने कहा, ‘‘ हम मानकों के आधार पर इन्हें खोलना चाहते हैं। हर बार दो-तीन साल पर एक बैच निकलता है। लगभग हर जिले में केवी खुले हैं।'' उन्होंने कहा कि हमें यह समझना होगा कि बच्चों की पढ़ाई की संवैधानिक व्यवस्था में इन विद्यालयों में केंद्रीय कर्मचारियों के बच्चों को पढ़ाने की व्यवस्था है। एक प्रश्न के लिखित उत्तर में शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि पूरे देश में एक समान शिक्षा प्रदान करने हेतु रक्षा, अर्द्धसैनिक कर्मियों, केंद्रीय स्वायत्त निकायों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, केंद्रीय उच्च शिक्षण संस्थान सहित केंद्र सरकार के कर्मियों के बच्चों की शैक्षिक जरूरतों को पूरा करने के लिये केंद्रीय विद्यालय खोले जाते हैं । उन्होंने कहा कि नये केंद्रीय विद्यालय खोलने के प्रस्तावों पर तभी विचार किया जाता है जब भारत सरकार के मंत्रालयों एवं विभागों / राज्य सरकारों एवं संघ राज्य क्षेत्र के प्रशासनों द्वारा प्रायोजित किया जाता है तथा नया केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिये संसाधनों की प्रतिबद्धता व्यक्त की जाती है। मंत्री ने कहा कि राज्य/क्षेत्र/जिले के आधार पर केंद्रीय विद्यालय नहीं खोले जाते हैं।
-
नयी दिल्ली। विश्व के कई भागों में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में वृद्धि और अंतरराष्ट्रीय यात्रा को लेकर सामने आने वाली दिक्क्तों के मद्देनजर सरकार 18 साल से अधिक आयुवर्ग के सभी लोगों को कोविड-रोधी टीके की बूस्टर खुराक की अनुमति दिए जाने पर विचार कर रही है। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। वर्तमान में स्वास्थ्यकर्मियों, अग्रिम मोर्चा कर्मियों और 60 साल से अधिक आयु वाले लाभार्थियों को टीके की बूस्टर खुराक दी जा रही है। सूत्रों ने कहा, ''विश्व के कई भागों में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में वृद्धि और अंतरराष्ट्रीय यात्रा को लेकर सामने आने वाली दिक्क्तों के मद्देनजर सरकार 18 साल से अधिक आयुवर्ग के सभी लोगों को कोविड-रोधी टीके की बूस्टर खुराक की अनुमति दिए जाने पर विचार कर रही है।'' देश में गत 16 मार्च से 12-14 साल के आयुवर्ग के बच्चों का टीकाकरण शुरू किया गया है। इससे पहले, भारत में टीकाकरण अभियान के पहले चरण की शुरुआत 16 जनवरी 2021 को की गई थी। -
मुंबई .भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने कानपुर स्थित पीपल्स कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड का लाइसेंस निरस्त कर दिया है। केंद्रीय बैंक ने कहा कि इस बैंक के पास पूंजी की कमी है और आमदनी की भी संभावनाएं नहीं हैं, जिसके चलते इसका लाइसेंस रद्द किया जा रहा है। रिजर्व बैंक ने सोमवार को बयान में इस सहकारी बैंक का लाइसेंस रद्द करने की जानकारी देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के सहकारिता आयुक्त एवं सहकारी समिति पंजीयक को इस बैंक का कामकाज समेटने का आदेश जारी करने को कहा गया है। इसके साथ ही बैंक के लिए एक परिसमापक भी नियुक्त करने का अनुरोध किया गया है। बैंक का परिसमापन होने पर प्रत्येक जमाकर्ता जमा बीमा एवं ऋण गारंटी निगम (डीआईसीजीसी) से पांच लाख रुपये तक का जमा बीमा दावा कर सकेगा। बैंक की तरफ से दी गई सूचना के मुताबिक, उसके 99 प्रतिशत जमाकर्ता डीआईसीजीसी से अपनी समूची जमा राशि बीमा के तौर पर पाने के हकदार होंगे। आरबीआई ने कहा कि पीपल्स कोऑपरेटिव बैंक के पास समुचित पूंजी और आय संभावनाएं नहीं हैं। इसके अलावा यह बैंक बैंकिंग नियमन अधिनियम, 1949 की शर्तों का पालन करने में भी असफल रहा है। लाइसेंस निरस्त हो जाने पर यह बैंक किसी भी तरह का बैंकिंग कार्य नहीं कर पाएगा। -
नयी दिल्ली. केन्द्र सरकार ने रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) द्वारा विकसित व्यापारिक एवं मनोरंजन केन्द्र ‘जियो वर्ल्ड सेंटर' की सुरक्षा केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के 200 से अधिक सशस्त्र जवानों को सौंपी है। यह केंद्र फीफा फुटबॉल मैदान से लगभग 12 गुना बड़ा और न्यूयॉर्क में एम्पायर स्टेट बिल्डिंग के आकार का 10.3 गुना है। इसे महाराष्ट्र की राजधानी में टोनी बांद्रा कुंद्रा कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) में 18.5 एकड़ में बनाया गया है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की सुरक्षा के तहत लाया जाने वाला यह तीसरा आरआईएल प्रतिष्ठान है। इससे पहले नवी मुंबई में ‘द रिलायंस आईटी पार्क' और गुजरात के जामनगर में ‘रिलायंस रिफाइनरी' की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआईएसएफ को सौंपी गयी है। सूत्रों ने बताया कि लगभग 230 सीआईएसएफ कर्मियों को सेंटर में तैनात किया जाएगा, और वे उसे आतंकवाद निरोधी सुरक्षा देंगे। सीआईएसएफ महीने के अंत तक कार्यभार संभाल लेगा।
- नयी दिल्ली। भगवान शिव, भगवान विष्णु और जैन परंपरा आदि से संबद्ध 29 कलाकृतियों को ऑस्ट्रेलिया ने भारत को लौटा दिया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन्हें लौटाने के लिए अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष स्कॉट मॉरिसन का आभार जताया। सरकार ने सोमवार को यह जानकारी दी। मोदी ने इन कलाकृतियां का निरीक्षण भी किया जो अलग-अलग समयावधि की हैं, जिसमें से कुछ तो 9-10वीं शताब्दी की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष मॉरिसन के साथ ऑनलाइन वार्ता की और इन कलाकृतियों को लौटाने के लिए मॉरिसन का धन्यवाद किया प्रधानमंत्री कार्यालय ने मोदी के हवाले से ट्वीट किया, “ प्राचीन भारतीय कलाकृतियों को लौटाने की पहल के लिए मैं आप को विशेष रूप से धन्यवाद देना चाहता हूं।” उन्होंने कहा, “इनमें राजस्थान, पश्चिम बंगाल, गुजरात, हिमाचल प्रदेश के साथ कई अन्य भारतीय राज्यों से अवैध तरीकों से निकाली गयी सैकड़ों वर्ष पुरानी मूर्तियां और चित्र हैं।” पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने ट्विटर पर बताया कि ये कलाकृतियां छह श्रेणियों, ‘शिव तथा उनके शिष्यों', ‘शक्ति की पूजा', ‘भगवान विष्णु तथा उनके रूप', जैन परंपरा, चित्र और सजावटी वस्तुओं से संबंधित हैं। उसमें बताया गया है कि ये प्राचीन वस्तुएं राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल की हैं। वहीं, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने बताया कि 2014 से अब तक 228 कलाकृतियां भारत को लौटाई जा चुकी हैं। एएसआई ने एक ट्वीट किया, ‘‘ भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण को ऑस्ट्रेलिया से 29 कलाकृतियां मिली हैं। 1976 से 2013 के बीच कुल 13 कलाकृतियां लौटाई गई थी। 2014 से लेकर अब तक कुल 228 कलाकृतियां लौटाई गई हैं।
-
बेंगलुरु. कर्नाटक के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री के. सुधाकर ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि युद्धग्रस्त यूक्रेन से लौटे मेडिकल के लगभग 700 छात्र इस राज्य के 60 कॉलेजों में अपनी पढ़ाई जारी रख सकें। हालांकि, उन्होंने कहा कि छात्रों को आधिकारिक तौर पर कॉलेजों में शामिल नहीं किया जाएगा, लेकिन समाधान मिलने तक उन्हें पढ़ाई करने और प्रैक्टिस की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। मंत्री ने आज विधान सौध में छात्रों के साथ बैठक के बाद यह बात कही।
सुधाकर ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव, चिकित्सा शिक्षा निदेशक, राजीव गांधी स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति, रजिस्ट्रार, कुछ चिकित्सा कॉलेजों के निदेशकों और डीन की एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि समिति छात्रों के शैक्षणिक भविष्य पर विचार करने वाले पहलुओं पर गौर करेगी और राज्य सरकार को एक रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। उनके कार्यालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में उनके हवाले से बताया कि रिपोर्ट के आधार पर, सरकार राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) और केंद्र सरकार से छात्रों के भविष्य की रक्षा के लिए उपाय करने का अनुरोध करेगी। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के आधार पर केंद्र सरकार को आवश्यक अनुरोध सौंपे जाएंगे और एनएमसी अंतिम फैसला करेगी। -
नयी दिल्ली. मत्स्यपालन, डेयरी और पशुपालन मंत्री संजीव कुमार बालयान ने सोमवार को पॉल्ट्री उद्योग से टीकों तथा पोषण बढ़ाने वाले उत्पादों पर आयात निर्भरता को कम करने के लिये अनुसंधान पर ध्यान केंद्रित करने को कहा। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के कार्यक्रम में बालयान ने सभी संबंधित पक्षों को जोड़ने के लिये पॉल्ट्री परामर्श समिति के पुनर्गठन की भी सिफारिश की। मंत्री ने उद्योग से टीकों और पोषण बढ़ाने वाले उत्पादों के आयात पर निर्भरता कम करने के लिये अनुसंधान एवं विकास पर ध्यान केंद्रित करने को कहा। वित्त वर्ष 2022-23 के बजट में मंत्रालय के लिये 6,407 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। यह 2021-22 के मुकाबले 44 प्रतिशत अधिक है। मत्स्यपालन, डेयरी और पशुपालन विभाग के सचिव अतुल चतुर्वेदी ने कहा कि उद्योग को अपने उत्पादों को प्रतिस्पर्धी बनाने के लिये प्रभावी और टिकाऊ समाधान लाने की जरूरत है ताकि हम न केवल भारत में प्रोटीन आवश्यकताओं को पूरा कर सकें बल्कि दुनिया को निर्यात भी कर सकें। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से व्यावहारिक और टिकाऊ पॉल्ट्री उद्योग बनाने की दिशा में सस्ती गुणवत्तापूर्ण खाद्य उत्पादों की उपलब्धता पर भी ध्यान देने की जरूरत है।
-
इंदौर. मध्यप्रदेश की एक प्रमुख बिजली वितरण कम्पनी ने कागज पर छपने वाले बिलों की तादाद सीमित करने की योजना बनाई है और उसके स्थान पर उपभोक्ताओं को उनके मोबाइल पर ऑनलाइन बिल भेजने का फैसला किया है। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अमित तोमर ने सोमवार को बताया कि प्रायोगिक परियोजना के तहत राज्य की औद्योगिक नगरी पीथमपुर के 18,000 उपभोक्ताओं को पीडीएफ प्रारूप में ऑनलाइन बिल भेजे जाएंगे। उन्होंने बताया,‘‘हम पीथमपुर के उपभोक्ताओं को उनके मोबाइल नंबरों पर बिजली बिलों की पीडीएफ प्रति भेजेंगे। जिन उपभोक्ताओं ने हमें अपने ई-मेल पते दिए हैं, उन्हें ई-मेल पर भी बिजली बिल प्रदान किए जाएंगे।'' कम्पनी के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि कागज पर छपने वाले बिजली बिलों की तादाद को शहरी क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से घटाया जाएगा जिससे न केवल बिल छपवाने में होने वाला खर्च बचेगा, बल्कि इन्हें उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर बांटने के मानवीय श्रम की भी बचत होगी। उन्होंने कहा,"कागजी बिल घटने से पर्यावरण को भी फायदा होगा।" अधिकारी ने बताया कि पश्चिमी मध्यप्रदेश के 15 जिलों में बिजली आपूर्ति का जिम्मा संभालने वाली कंपनी फिलहाल हर महीने करीब 44 लाख बिजली बिल कागज पर छपवा कर उपभोक्ताओं तक पहुंचाती है। - नयी दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने, सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई)के कोविड रोधी टीके ‘कोविशील्ड' की निर्माण यात्रा पर आधारित एक कॉफी टेबल पुस्तक का लोकार्पण किया है। इस पुस्तक का शीर्षक “द शील्ड: कोविशील्ड” है और इसे प्रकाश कुमार सिंह ने लिखा है। सिंह, सीरम इंस्टिट्यूट में सरकारी और नियामक मामलों के निदेशक हैं। शाह ने एसआईआई के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अदार पूनावाला की उपस्थिति में रविवार को पुस्तक का लोकार्पण किया। प्रयोगशाला से शुरू होकर जनता तक पहुंचने की कोविशील्ड की यात्रा से पाठकों को अवगत कराना, इस किताब का उद्देश्य है। अदार ने ट्वीट किया , “आज माननीय श्री अमित शाह से मुलाकात हुई और भारत में टीके के संबंध में हमारी नई परियोजनाओं के मसलों पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान उन्होंने ‘द शील्ड: कोविशील्ड' नामक पुस्तक का लोकार्पण किया जो हमारे निदेशक प्रकाश कुमार सिंह द्वारा लिखी गई है। आपके मूल्यवान समय और दिशा निर्देश के लिए धन्यवाद।” पुस्तक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वक्तव्य को उद्धृत किया गया है जिसमें उन्होंने कहा, “भारत में दुनिया के सबसे बड़े और तेजी से चलाया गया टीकाकरण अभियान भारतीय विज्ञान, उद्यम और 130 करोड़ भारतीयों की सामूहिक शक्ति की जीत है।” पुस्तक में, कंपनी के अध्यक्ष डॉ साइरस पूनावाला ने प्रधानमंत्री और भारत सरकार को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया है। कोविशील्ड टीके ने कोविड-19 महामारी के विरुद्ध लड़ाई में एक अहम हथियार की भूमिका निभाई है।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) ने सोमवार को सरकारी बैंकों और सरकारी विभागों से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि दोषी को सजा जरूर मिले। सीवीसी ने भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ जुर्माने पर अमल नहीं करने का भी उल्लेख किया। इस संबंध में वर्ष 2020 और वर्ष 2021 के लिए अनुपालन रिपोर्ट अंतिम रूप से 30 जून तक सीवीसी को भेजने के लिए कहा गया है। सीवीसी की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि विभागीय कार्यवाही पूरी होने के बाद यदि आरोप साबित होते हैं तो आरोपी अधिकारी के खिलाफ अंतिम आदेश जारी किये जाएं और उस पर उचित जुर्माना भी लगाया जाए। आदेश के मुताबिक आयोग और मुख्य सतर्कता अधिकारी को भी जारी किये गये अंतिम आदेश से अवगत कराया जायेगा। आदेश में यह भी कहा गया है कि आयोग के संज्ञान में आया है कि कई मामलों में जुर्माना लगाने वाले अंतिम आदेश के जारी होने के बाद भी इस पर वास्तव में अमल नहीं किया गया। आयोग के मुताबिक इससे अनुशासनात्मक कार्यवाही की पूरी प्रकिया निष्फल हो जाती है। आदेश में कहा गया है कि इसलिये आयोग ने यह फैसला लिया है कि संबंधित संगठन के मुख्य सतर्कता अधिकारी आरोपी अधिकारी के खिलाफ जारी किये गये अंतिम जुर्माना आदेश पर अमल की पुष्टि करेंगे।
-
नई दिल्ली। दिल्ली में आम आदमी पार्टी सरकार एक ऐसा स्कूल बनाने जा रही है जहां बच्चों को फौज में भर्ती होने की ट्रेनिंग दी जाएगी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि कल 23 मार्च को शहीद-ए-आज़म भगत सिंह का शहादत दिवस है। पिछले साल हमने ऐलान किया था कि दिल्ली में एक ऐसा स्कूल बनाएंगे जहां बच्चों को फौज में भर्ती होने की ट्रेनिंग दी जाएगी। उस स्कूल नाम शहीद भगत सिंह आम्र्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी स्कूल होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि ये स्कूल पूरी तरफ मुफ़्त होगा और आवासीय होगा। यहां पर एक्सपर्ट फैकल्टी खासकर सेना, नौसेना और वायुसेना के रिटायर्ड ऑफिसर को ट्रेनिंग कराने के लिए लाया जाएगा। दिल्ली में रहने वाला कोई भी बच्चा यहां दाखिला ले सकता है, इसमें 9वीं और 11वीं कक्षा में दाखिला होगा।
---- - नयी दिल्ली.। 125 वर्षीय योग गुरु स्वामी सिवानंद जब राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों पद्मश्री सम्मान लेने नंगे पैरों राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में पहुंचे तो वहां मौजूद सभी लोगों ने अपने स्थान पर खड़े होकर तालियां बजाकर उनका सम्मान किया। सोमवार को सम्मान प्राप्त करने से पहले सिवानंद ने जब राष्ट्रपति कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नमस्कार किया तो एक बार फिर सभी ने उनके सम्मान में तालियां बजाईं। उनके नमस्कार के जवाब में प्रधानमंत्री मोदी ने तुरंत हाथ जोड़ा और नतमस्तक हुए।सफेद धोती-कुर्ता पहने योग गुरु मंच पर पहुंचने से पहले दो बार फिर नतमस्तक हुए और राष्ट्रपति कोविंद ने आगे बढ़कर उन्हें सहारा दिया और उन्हें खड़ा किया। उसके बाद राष्ट्रपति ने उन्हें पद्मश्री पुरस्कार और प्रशस्तिपत्र से सम्मानित किया। योग गुरु को सम्मानित करने के दौरान राष्ट्रपति कोविंद उनसे बातचीत करते नजर आए और जब दोनों ने तस्वीरें खिंचवाईं तो दरबार हॉल फिर से तालियों से गूंज उठा। स्वामी सिवानंद ने अपना पूरा जीवन मानव मात्र के कल्याण में समर्पित किया है।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने सोमवार को शाम राष्ट्रपति भवन में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह में पद्म पुरस्कार प्रदान किए। राष्ट्रपति कोविंद ने सीडीएस जनरल बिपिन रावत और राधेश्याम खेमका को मरणोपरांत पद्म विभूषण से अलंकृत किया। जनरल रावत की बेटियों- कृतिका और तारिणी तथा राधेश्याम खेमका के बेटे कृष्ण कुमार ने अलंकरण प्राप्त किया। वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद, टाटा संस के अध्यक्ष एन. चंद्रशेखरन, पैरालम्पिक पदक विजेता देवेंद्र झाझरिया, पूर्व नियंत्रक और महालेखा परीक्षक राजीव महर्षि, सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक साइरस पूनावाला, समाज कल्याण कार्यकर्ता सच्चिदानंद स्वामी और शास्त्रीय गायक राशिद खान को पद्म भूषण से अलंकृत किया गया। गायक गुरमीत बावा को मरणोपरांत पद्मभूषण दिया गया।चौवन लोगों को पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किए गए। पद्म पुरस्कार पाने वालों में से कई ऐसे व्यक्ति हैं, जिनके बारे में लोगों को ज्यादा जानकारी नहीं हैं, इनमें 125 वर्षीय योगाचार्य स्वामी शिवानंद भी शामिल हैं। सफेद कुर्ता और धोती पहने, नंगे पैर शिवानंद जब पुरस्कार के लिए गए तो लोगों ने उनके सम्मान में तालियां बजाईं, इस दौरान शिवानंद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने झुके तो प्रधानमंत्री तुरंत उठे और उनका अभिवादन स्वीकार किया। ये पुरस्कार कला, सामाजिक कार्य, लोक मामलों, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल आदि विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ठ कार्य करने वालों को प्रदान किए जाते हैं। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। इस साल कुल 128 पद्म पुरस्कार दिए जा रहे हैं जिनमें दो युग्म पुरस्कार (युग्म पुरस्कारों को एकल पुरस्कार गिना जाता है) शामिल हैं। वर्ष 2022 के लिए कुल चार पद्म विभूषण, 17 पद्म भूषण और 107 पद्मश्री पुरस्कार दिए जा रहे हैं। पुरस्कार पाने वालों की सूची में 34 महिलाएं हैं। इसके अलावा 13 लोगों को पद्म पुरस्कार मरणोपरांत प्रदान किये जा रहे है। इस संबंध में अगला समारोह 28 मार्च को होगा।
- खरगोन . मध्यप्रदेश में खरगोन जिले के बडवाह में महेश्वर रोड पर एक टोल टैक्स नाके से एक वाहन को निकलने पर हुए मामूली विवाद के बाद टोल कर्मचारियों और वाहन चालकों के बीच जमकर मारपीट हुई। बडवाह के थाना प्रभारी जगदीश गोयल ने सोमवार को बताया कि रविवार रात हुई इस घटना के मामले में टोल कर्मचारियों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विवेचना कर आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी की जद में आ गई है जिसके फुटेजों के आधार पर जांच की जा रही है। गोयल ने बताया कि विवाद की शुरूवात टोल पर गलत साइड से एक वाहन ले जाने पर हुआ। जब टोल कर्मचारियों ने इस वाहन को रोका तो नाराज वाहन चालक ने फोन पर अपने दोस्तों एवं दूसरे वाहन चालकों को भी बुला लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई।
- शिमला. हिमाचल प्रदेश के उना जिले में सोमवार को श्रद्धालुओं को ले जा रहा एक ट्रक पलट जाने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए। राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि श्रद्धालु ट्रक में सवार होकर मैरी मेला इलाके से लौट रहे थे, जो उना के पंजाओ इलाके में पलट गया। उन्होंने बताया कि इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और करीब 25-30 लोग घायल हुए हैं। अधिकारी ने बताया कि ये सभी श्रद्धालु पंजाब से हैं। घायलों का आंब स्थित सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि और अधिक विवरण का इंतजार है।
- नयी दिल्ली. ‘आम आदमी पार्टी' (आप) ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह, पार्टी के विधायक राघव चड्ढा, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली के संकाय सदस्य संदीप पाठक, शिक्षाविद् अशोक कुमार मित्तल और व्यवसायी संजीव अरोड़ा को पंजाब से राज्यसभा के लिए पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। पार्टी के सभी पांच उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए यहां पंजाब विधानसभा परिसर पहुंचे।पंजाब से राज्यसभा के पांच सदस्यों सुखदेव सिंह ढींडसा (शिरोमणि अकाली दल), प्रताप सिंह बाजवा (कांग्रेस), श्वेत मलिक (भाजपा), नरेश गुजराल (शिरोमणि अकाली दल) और शमशेर सिंह दुल्लो (कांग्रेस) का कार्यकाल नौ अप्रैल को समाप्त हो रहा है। हरभजन सिंह पूर्व भारतीय स्पिनर हैं, जबकि मित्तल फगवाड़ा स्थित ‘लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी' (एलपीयू) के संस्थापक हैं। चड्ढा पंजाब में ‘आप' के राजनीतिक मामलों के सह-प्रभारी हैं और दिल्ली के राजिंदर नगर से विधायक भी हैं, जबकि पाठक आईआईटी दिल्ली में सहायक प्रोफेसर हैं और अरोड़ा लुधियाना के कपड़ा व्यवसायी हैं। सभी पांच उम्मीदवारों का संसद के उच्च सदन के लिए चुना जाना तय है, क्योंकि ‘आप' ने हाल ही में हुए राज्य विधानसभा चुनाव में 117 में से 92 सीटें जीती थीं। नामांकन दाखिल करने के बाद हरभजन सिंह ने कहा कि वह खेलों को बढ़ावा देने के लिए काम करेंगे।राज्यसभा के लिए ‘आप' की सूची में हिंदू समुदाय के चार और एक सिख सदस्य के शामिल होने पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता एवं मौजूदा विधायक सुखपाल खैरा ने ट्वीट किया, ‘‘ अगर आम आदमी पार्टी द्वारा संभावित राज्यसभा उम्मीदवारों की यह सूची सही है तो यह पंजाब के लिए सबसे दुखद खबर होगी और यह हमारे राज्य के लिए पहला भेदभाव होगा। हम किसी भी गैर पंजाबी को नामांकित किए जाने का कड़ा विरोध करते हैं। यह ‘आप' के कार्यकर्ताओं के साथ भी एक मजाक है, जिन्होंने पार्टी के लिए कड़ी मेहनत की है।'' इस बीच, शिरोमणि अकाल दल (शिअद) के नेता हरचरण बैंस ने भी राज्यसभा नामांकन के लिए ‘आप' की आलोचना की।बैंस ने कहा, ‘‘ मंत्रिमंडल गठन के दौरान आप की पंजाब इकाई के जाति एवं धार्मिक संवेदनशीलता के सम्मान करने को लेकर बहुत कुछ कहा गया था। हालांकि, यह मानदंड बहस का विषय है, अगर इसे लागू किया जाता है, तो आप के राज्यसभा उम्मीदवारों के बारे में क्या कहेंगे? चार हिंदू, उनमें से दो गैर-पंजाबी और एक सिख। जाट, दलित, मुस्लिम, इसाई कोई नहीं।'' आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि सोमवार है, जबकि नामांकन दस्तावेजों की जांच मंगलवार को की जाएगी। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 24 मार्च है। राज्यसभा की छह राज्यों में 13 सीटों के लिए 31 मार्च को मतदान होना है। मतगणना भी उसी दिन की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया दो अप्रैल से पहले पूर्ण की जानी है।
- भरूच . गुजरात के भरूच शहर में सोमवार को एक पुराना मकान ढहने से तीन भाई-बहनों की मौत हो गई, जबकि उनकी एक अन्य बहन घायल हो गई। बी-संभाग थाने के एक अधिकारी ने बताया कि शहर के बंबाखाना इलाके में सोमवार को सुबह एक मंजिला जीर्ण-शीर्ण मकान ढह गया, जिससे दस साल की बच्ची सहित चार भाई-बहन मलबे में फंस गए। हादसे के समय उनके माता-पिता काम पर गए थे। अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग के कर्मियों ने चारों को मलबे से बाहर निकाला। निशा गुर्जर (10), प्रिंस गुर्जर (14) और अंजना गुर्जर (22) को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया। उनकी बहन गायत्री बेन (18) का इलाज जारी है।
- बदायूं (उप्र) . बदायूं के सहसवान कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात एक बाइक के ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना सहसवान-कछला मार्ग पर गांव बक्सर के पास हुई। गांव कोतलनगला निवासी राजकुमार (26) रविवार रात अपने खेत के मालिक नीरज के बेटे अभिनय (12) और बेटी निक्की (18) को किसी काम से अपनी बाइक से सहसवान ले जा रहे थे, तभी रास्ते में विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद राहगीरों ने आनन-फानन में घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने अभिनय और राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। निक्की की हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया है। सहसवान कोतवाली के निरीक्षक संजीव शुक्ला ने बताया कि ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतकों के परिजनों की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
- ठाणे . महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कलवा में आवासीय क्वार्टर में रखे एक गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से एक गैस आपूर्ति एजेंसी के चार कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। ठाणे नगर निगम (टीएमसी) के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) के प्रमुख अविनाश सावंत ने बताया कि घटना रविवार आधी रात को हुई। उन्होंने कहा, ‘‘ चारों कर्मचारी 80 से 90 प्रतिशत तक झुलए गए हैं। उन्हें कलवा के सरकारी शिवाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।'' कर्मचारियों के आवासीय क्वार्टर शिव शक्ति नगर क्षेत्र में गैस एजेंसी के कार्यालय के पास स्थित हैं। सावंत ने बताया कि दमकल विभाग के कर्मचारी और आरडीएमसी का एक दल रविवार आधी रात को मौके पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि सत्यम यादव (20), अनुराज सिंह (29), रोहित यादव (20) और गणेश गुप्ता (19) हादसे में झुलस गए। विस्फोट के कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है।-file photo
- वेलिंग्टन। न्यूजीलैंड के तट पर तूफानी मौसम के कारण एक नौका के डूबने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लोग लापता हैं। नौका में करीब 10 लोग सवार थे। पुलिस ने सोमवार को बताया कि उत्तरी तट पर नॉर्थ केप में रविवार रात हुए हादसे में पांच लोगों को बचाया गया है। सोमवार सुबह हेलीकॉप्टर की मदद से दो शव पानी में से निकाले गए। तीसरा शव नौका द्वारा चलाए तलाश अभियान में बरामद हुआ। पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘‘लापता दो लोगों का पता लगाने के लिए जल, थल एवं वायु सेवाओं द्वारा तलाश अभियान चलाया जा रहा है।'' उन्होंने बताया कि बचाए गए पांच लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है।
-
बहादुरगढ़। हरियाणा के बहादुरगढ़ शहर में एक किराएदार ने ही मकान मालिक की अलमारी तोड़कर कैश और आभूषण चोरी कर लिए। शहर थाना पुलिस ने आरोपी किराएदार के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बहादुरगढ़ शहर के छोटूराम पार्क स्थित फाउंडेशन पब्लिक स्कूल के पास गली नंबर-1 में रहने वाले रामकुमार ने बताया कि उनके घर में 5 कमरे है, जिन्हें उन्होंने किराए पर दिया हुआ है। साथ ही शहर के ही पटेल नगर में वह नया मकान बना रहा है, जिसमें चिनाई का काम चल रहा है। रविवार को वह पटेल नगर स्थित मकान पर गए हुए थे। पीछे से उनके कमरे में रखी अलमारी को तोड़कर उसमें रखा 1 लाख रुपए का कैश और सोने की 4 अंगुठी चोरी कर ली।
पुलिस के अनुसार रामकुमार की माने तो चोरी उनके घर में ही रहने वाले एक किराएदार ने की है, लेकिन किराएदार का नाम पता उन्हें मालूम नहीं है, चूंकि एक माह पहले ही उन्होंने उसे 2 हजार रुपए किराए पर कमरा दिया था। उस वक्त आरोपी ने खुद के पास कोई आईडी नहीं होने की बात की थी। साथ ही कहा था कि जब वह घर जाएगा तो आईडी लाकर उन्हें दे देगा। चोरी की वारदात के बाद से किराएदार गायब है। उन्होंने चोरी का शक किराएदार पर ही जताया है। पुलिस ने अज्ञात किराएदार के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी हैं। -
आगरा. आगरा जिले के थाना पिनाहट क्षेत्र के अंतर्गत रविवार को दोपहर में चंबल नदी में डूबने से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। इस संबंध में थाना पिनाहट के निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि नदी में उतरे एक युवक का पैर फिसल गया और वह पानी में डूबने लगा जिस पर उसे बचाने के लिये साथ आए तीन दोस्त भी नदी में कूद गए। उन्होंने बताया कि वे उसे बचा नहीं पाए और खुद भी डूबने लगे। इस दौरान वहां अफरा-तफरी मच गई और इस दौरान दो अन्य युवकों ने नदी में डूब रहे चारों से एक युवक को किसी तरह बाहर निकाल लिया लेकिन तीन अन्य युवक डूब गए। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस के आने पर तीनों को बाहर निकाला जा सका। तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी अनुसार अंकित, भोला, शिवा और गोलू अपने दो अन्य साथी नीशू और दीपक के साथ नहर पर गये थे। वे चंबल के किनारे बैठे थे, तभी अंकित का पैर फिसल गया और वह नदी में गिर गया। उसे बचाने को गोलू, शिवा और भोला नहर में कूद गये। वे सभी डूबने लगे ऐसे में गोलू को नीशू और दीपक ने किसी तरह बाहर निकाल लिया लेकिन वहीं शिवा, भोला और अंकित डूब गये, जिन्हें सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से बाहर निकालवाया। तीनों को पहले सीएचसी पिनाहट ले जाया गया जहां से डॉक्टरों ने उन्हें आगरा रैफर कर दिया। आगरा में डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।








.jpg)



.jpg)

.jpg)
.jpg)











