- Home
- देश
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के 73वें गणतंत्र दिवस पर शुभकामनाओं के लिए बृहस्पतिवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों का आभार जताया और कहा कि वह फ्रांस के साथ भारत के सामरिक संबंधों को प्रगाढ़ बनाने को उत्सुक हैं और एक खुले व शांतिपूर्ण हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए संयुक्त रूप से काम करने को तत्पर हैं। मैक्रों ने 26 जनवरी को भारत के 73वें गणतंत्र दिवस के मौके पर देशवासियों को बधाई देते हुए हिंदी में ट्वीट किया, ‘‘हमारी हिंद-प्रशांत महत्वाकांक्षा और साझा परियोजनाएं जारी हैं और जारी रहेंगी!'' प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रेंच भाषा में ट्वीट कर शुभकामनाओं के लिए मैक्रों का आभार जताया।उन्होंने कहा, ‘‘शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद मेरे मित्र इमैनुअल मैक्रों। हमारी विशिष्ट और बहुआयामी सामरिक साझेदारी को और प्रगाढ़ करने के लिए मैं उत्सुक हूं। साथ ही एक खुले और शांतिपूर्ण हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए मैं आपके साथ मिलकर काम करना चाहूंगा। भारत-फ्रांस दोस्ती अमर रहे।
- नोएडा (उप्र) ।थाना सेक्टर 39 क्षेत्र में स्थित दो दुकानों का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाशों ने लाखों रुपए की कीमत का सामान चोरी कर लिया। वहीं, थाना सेक्टर 20 क्षेत्र के निठारी गांव में स्थित एक दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपए का सामान चोरी कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के प्रवक्ता ने बताया कि छलेरा गांव में हार्डवेयर की दुकान चलाने वाले संदीप चौहान ने बुधवार रात को थाना सेक्टर 39 में रिपोर्ट दर्ज कराई कि अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान का ताला तोड़कर वहां रखे लाखों रुपए की कीमत के पीतल के नल, ताले व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए। थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के ही खजूर कॉलोनी में मोबाइल फोन की दुकान चलाने वाले महावीर पुत्र राधेश्याम ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान का ताला तोड़कर वहां रखे कीमती मोबाइल फोन तथा नकदी आदि चोरी कर लिए हैं। प्रवक्ता ने बताया कि एक अन्य मामले में थाना सेक्टर 20 क्षेत्र के निठारी गांव में रहने वाले अमित कुमार ने थाना सेक्टर 20 में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने 10 हजार रुपए की नकदी, लैपटॉप, मॉनिटर, प्रिंटर आदि चोरी कर लिया है। उन्होंने बताया कि सभी मामलों में घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। वहीं, पुलिस ने बुधवार रात को गश्त के दौरान तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। इनके पास से पुलिस ने एक दुकान से चोरी किया हुआ सामान बरामद किया है। थाना सेक्टर 20 के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार रात को गश्त पर निकली पुलिस ने एक सूचना के आधार पर तीन चोरों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने दो देसी तमंचा, कारतूस, निठारी गांव में रहने वाले एक व्यक्ति की दुकान का ताला तोड़कर चोरी किया हुआ प्रिंटर, कैमरा, टी-शर्ट, लैमिनेशन मशीन, सहित भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाशों ने चोरी की कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
- नयी दिल्ली।देश भर से 180 कलाकृतियां इस बार सेंटर ऑफ इंटरनेशनल मॉडर्न आर्ट (सीमा) अवार्ड्स के लिए स्पर्धा में हैं, जिसका उद्देश्य भारत में वास्तविक दृश्य कला प्रतिभा की खोज, प्रचार और पोषण करना है। सेंटर ऑफ इंटरनेशनल मॉडर्न आर्ट (सीमा), आर्ट एंड हेरिटेज फाउंडेशन के सहयोग से पांच फरवरी को कोलकाता के ताज बंगाल में एक कार्यक्रम में पुरस्कारों के चौथे संस्करण की घोषणा करेगा। वर्ष 2014-2015 में शुरू किया गया सीमा अवार्ड्स दृश्य कला में उत्कृष्टता को चिह्नित और सम्मानित करता है। सीमा की निदेशक राखी सरकार ने कहा, ‘‘सीमा अवार्ड्स देने का विचार देश भर के कलाकारों को एक निष्पक्ष, खुला और सुलभ मंच प्रदान करना है क्योंकि नयी आवाजों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर हासिल करना असंभव नहीं तो मुश्किल जरूर होता है। सीमा अवार्ड्स का प्रत्येक संस्करण लगभग 200 कलाकारों को भारतीय कला जगत की नामचीन हस्तियों से मिलने और उनके सामने अपनी कृतियों को प्रस्तुत करने का मौका देता है।'' सीमा अवार्ड्स के विजेता को पांच लाख रुपये, एक ट्रॉफी प्रदान की जाती है। पहले और दूसरे स्थान पर रहने वाले को ट्रॉफी के साथ क्रमश: तीन लाख और दो लाख रुपये दिए जाते हैं। इसके अतिरिक्त, एक लाख रुपये के दो विशेष जूरी पुरस्कार और 50,000 रुपये के दो विशेष उल्लेखनीय पुरस्कार और 25,000 रुपये के चार प्रतिभा पुरस्कार और 20,000 रुपये का एक निदेशक पुरस्कार है। कलाकृतियों का चयन दो-स्तरीय चयन मंडल के माध्यम से किया जाता है। इसमें प्रारंभिक चयन और अंतिम चयन मंडल शामिल होते हैं। इस वर्ष के पुरस्कारों के साथ सीमा अवार्ड्स शो होगा, जहां प्रारंभिक चयन मंडल द्वारा चुनी गई कलाकृतियां एक महीने के लिए प्रदर्शित होंगी। इस वर्ष पूरे संग्रह को कोलकाता में दो स्थानों सीमा गैलरी और जीईएम सिनेमा में पांच से 27 फरवरी तक प्रदर्शित किया जाएगा।
- बक्सर।बिहार के बक्सर जिले के मुरार थाना क्षेत्र के अमसारी गांव में संदिग्ध हालत में पांच लोगों की मौत हो गयी जबकि दो अन्य अस्पताल में उपचाराधीन हैं । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । जिलाधिकारी अमन समीर ने बृहस्पतिवार को बताया कि प्रथम दृष्टया यह बात सामने आयी है कि इस हादसे में जो लोग हताहत हुए हैं उन्हें सफेद रंग का रसायन सेवन करने के लिए दिया गया था। पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार सिंह के साथ हादसा स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से जो डिब्बे बरामद हुए है, उनके किसी प्रकार के अवशेष बरामद नहीं हुए हैं फिर भी उसे विश्लेषण के लिए भेजा जाएगा । उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान आनंद कुमार सिंह (28), मिंकू सिंह (35), भिरूग सिंह (48), शिव मोहन यादव (55) एवं सुखु मुसहर (52) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में बीमार पडे़ दो अन्य उपचाराधीन हैं ।
- मुंबई। विख्यात गायिका लता मंगेशकर की हालत में सुधार हो रहा है लेकिन अब भी वह आईसीयू में हैं। उनके परिवार ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। मंगेशकर (92) की जांच में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई थी जिसके बाद उन्हें आठ जनवरी को दक्षिण मुंबई स्थित ब्रीच कैंडी अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती किया गया था। उनके परिवार की ओर से साझा की गई ताजा जानकारी के अनुसार, मंगेशकर की हालत में सुधार देखा जा रहा है लेकिन उन्हें आईसीयू में रखा जाएगा। परिवार की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, “डॉक्टर के अनुसार लता दीदी का मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल के आईसीयू में उपचार जारी रहेगा। आज सुबह उनकी चिकित्सकीय वायु नली हटाकर (एक्सटूबेशन) देखा गया। अभी उनकी हालत में सुधार देखा जा रहा है लेकिन वह डॉ प्रतीत समदानी के नेतृत्व वाले चिकित्सकों के दल की निगरानी में रहेंगी। हम आपकी प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के आभारी हैं।
- नयी दिल्ली। केंद्र सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि कुछ जगहों पर कोविड संक्रमण के मामले कम होने या उनमें कोई परिवर्तन नहीं होने के संकेत मिले है लेकिन इस प्रवृत्ति पर गौर करने की जरूरत है। सरकार ने कहा कि हालांकि देश के 400 जिलों में कोविड-19 की साप्ताहिक संक्रमण दर 10 प्रतिशत से ज्यादा है। सरकार ने कहा कि कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, गुजरात, आंध्र प्रदेश, राजस्थान में कोविड-19 के सर्वाधिक मामले आ रहे हैं। उसने कहा कि संक्रमण में वृद्धि को रोकने के लिए सतर्कता बरतने की जरूरत है। सरकार ने कहा कि साथ ही महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, ओडिशा, हरियाणा, पश्चिम बंगाल में कोविड-19 के मामलों और संक्रमण दर में गिरावट आई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘स्पष्ट रुझान हैं कि कोविड-19 के कुछ मामलों में ही ऑक्सीजन युक्त बिस्तरों या आईसीयू बिस्तरों की आवश्यकता हुई।'' उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा, कोविड-19 के उपचाराधीन मामलों और मौत के मामले पहले की लहरों की तुलना में वर्तमान लहर के दौरान बहुत कम हैं।'' कोविड-उपयुक्त व्यवहार बरतने में किसी भी तरह की ढिलाई के खिलाफ चेतावनी देते हुए, अग्रवाल ने कहा कि 400 जिलों में 10 प्रतिशत से अधिक साप्ताहिक कोविड संक्रमण दर की सूचना है, जबकि 141 जिलों में यह 26 जनवरी को समाप्त सप्ताह में पांच से 10 प्रतिशत के बीच थी। उन्होंने कहा कि दिसंबर में जीनोम अनुक्रमण में ओमीक्रोन स्वरूप के 1,292 मामले मिले और जनवरी में यह संख्या बढ़कर 9,672 हो गई। अग्रवाल ने कहा, ‘‘कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों के मामले में शीर्ष 10 राज्यों का देश में कुल उपचाराधीन मामलों में 77 प्रतिशत से अधिक का योगदान है। इनमें से 90 प्रतिशत से अधिक मरीज घर में पृथक-वास में हैं।'' उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में, भारत में कोविड संक्रमण की दूसरी और तीसरी लहर के दौरान प्रमुख आंकड़ों की तुलना प्रस्तुत की। इसमें बताया गया कि पिछले साल सात मई को दूसरी लहर के चरम पर होने पर 4,14,188 नए मामले सामने आए और 3,679 मौतें हुईं। उस दिन कम से कम 17,40,446 जांच की गई और पूर्ण टीकाकरण वाले लोगों का अनुपात लगभग तीन प्रतिशत था। इस साल 21 जनवरी को 3,47,254 नए मामले सामने आए और 435 मौतें हुईं। उस दिन कुल 19,35,912 जांच की गई और पूरी तरह से टीका लगाए गए लोगों का अनुपात लगभग 75 प्रतिशत था। उन्होंने कहा कि 11 राज्यों में 50,000 से अधिक उपचाराधीन मरीज हैं जबकि कर्नाटक, महाराष्ट्र और केरल में तीन लाख से अधिक मरीज हैं। टीकाकरण कवरेज के बारे में संवाददाता सम्मेलन में बताया गया कि भारत के 95 प्रतिशत वयस्कों को कोविड-19 टीके की पहली खुराक दी गई है, जबकि 74 प्रतिशत को टीके की दोनों खुराक दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि देश में 97.03 लाख स्वास्थ्यकर्मियों, अग्रिम मोर्चे के कर्मियों और 60 वर्ष तथा उससे अधिक उम्र के लोगों को कोविड-19 रोधी टीके की ‘एहतियाती' खुराक दी गई। उन्होंने कहा कि साथ ही, 15-18 वर्ष आयु वर्ग के 59 प्रतिशत किशोरों को अब तक कोविड टीके की पहली खुराक मिल चुकी है। मीडिया में आई उन खबरों के बारे में पूछे जाने पर कि क्या सभी के लिए तीसरी खुराक की जरूरत है, इस पर चर्चा हो रही है, अग्रवाल ने कहा कि ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने कहा, ‘‘जब भी कोई विज्ञान और साक्ष्य-आधारित चर्चा होगी हम आपके साथ तथ्यात्मक जानकारी साझा करेंगे। भारत में जिस भी टीके की शुरुआत की गई है, वह संबंधित तकनीकी समूह को सौंपे गए सबूतों पर आधारित है और इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए।'' उन खबरों पर कि केंद्र के दिशानिर्देशों के बावजूद, निजी प्रैक्टिस करने वाले कुछ चिकित्सकों द्वारा मोलनुपिरवीर दवा को अभी भी दिया जा रहा है, अग्रवाल ने कहा कि यह बहुत महत्वपूर्ण है कि प्रोटोकॉल को जमीनी स्तर पर लागू किया जाए। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास एक कार्यबल और एक संयुक्त निगरानी समूह है जिसमें तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हैं। उनके अनुसार, दी जाने वाली दवाओं का विवरण प्रदान किया गया है और हम सभी से उनका पालन करने का अनुरोध करते हैं।'' यह पूछे जाने पर कि क्या कोविड संक्रमण की तीसरी लहर पहले ही चरम पर जा चुकी है, अग्रवाल ने कहा कि हालांकि देश के कुछ भौगोलिक क्षेत्रों में मामलों की संख्या एक हद तक कम हो गई है और कुछ क्षेत्रों में संक्रमण फैलने की दर भी कम हो गई है, ऐसे क्षेत्र भी हैं जहां संक्रमण फैला है और मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि समग्र तस्वीर अभी सामने नहीं आई है।
- ग्वालियर। ग्वालियर के पुरानी छावनी कृष्णानगर में मकान की छत गिरने से मां-बेटी की मौत हो गई। वहीं भाई-बहन घायल हैं। पुलिस के अनुसार घटना सुबह 4 बजे की बताई जा रही है। ऊषा शाक्य (38 साल) और राधा शाक्य (21 साल) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। 13 साल की रिद्धिमा और भाई राहुल घायल हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में दाखिल कराया है।
- रोहतक। हरियाणा के रोहतक शहर में एक महिला घर में घुसकर 50 हजार की नकदी व लाखों के गहनों से भरे बैग लेकर फरार हो गई। घर में 4 दिन बाद शादी है और परिवार वाले इसकी तैयारियों में जुटे हुए थे। इस बीच, पहले से महिला आई और चाय पीने की कहकर घर की मालकिन को किचन में भेज दिया। इसके बाद कमरे से नकदी व गहनों से भरा बैग लेकर भाग गई। पीडि़त घर की मालकिन ने पुलिस चौकी अनाज मंडी में केस दर्ज कराकर महिला की तलाश करने की गुहार लगाई है।पुलिस ने बताया कि शहर में भिवानी चुंगी के पास रहने वाली सोमा ने बताया है कि 30 जनवरी को उनकी बेटी की शादी होने वाली है। इसके कामों में घर के सभी लोग व्यस्त थे कि इस बीच बुधवार शाम गली से गुजर रही महिला अचानक उनके घर में आ गई और एक कप चाय पिलाने की कहने लगी। इस बीच, उनकी बेटी आई और किसी काम के लिए पैसे मांगे तो उन्होंने उस महिला के सामने ही बेड पर रखे बैग से पैसे निकाल कर दिए। इसके बाद वह बेड पर ही बैग को छोड़कर महिला के लिए चाय बनाने चली गईं। चाय लेकर आईं तो वहां महिला नहीं थी और बैग भी नहीं था।पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता सोमा ने बताया कि जब उन्हें महिला कमरे में नहीं मिली तो उन्होंने बाहर निकल कर देखा। उस समय महिला अपने हाथ में बैग को लिए तेज कदमों से गली में जाते हुए दिखी। उन्होंने उसे आवाज लगाई, लेकिन उसने पीछे मुड़कर नहीं देखा। इस पर उन्हें शक हुआ तो उन्होंने कमरे में आकर सामान चेक किया, वहां बैग नहीं था।पुलिस के अनुसार सोमा ने बताया कि उन्हें नहीं पता कि वह कहां की रहने वाली है। कुछ दिन पहले ही उससे जानकारी हुई थी। गली में आते जाते राम-राम हो जाया करती थी। इसी का फायदा उठाकर महिला ने उनके घर से चोरी कर ली। मामले में पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला की तलाश की जा रही है।
- श्रीगंगानगर। जिले के जैतसर इलाके में गांव नौ जीबी के पास बुधवार को कार और बाइक की टक्कर में मां और बेटे की मौत हो गई। वे गांव 11 जीबी के रहने वाले हैं और बाइक पर सवार होकर गांव नौ जीबी में सत्संग सुनने जा रहे थे। सत्संग स्थल के गेट पर ही बाइक की सामने से आ रही कार से टक्कर हो गई। हादसे में बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। महिला को सूरतगढ़ के एपेक्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया है। इस संबंध में मृतक के भाई ने बुधवार शाम पुलिस को रिपोर्ट दी।पुलिस ने बताया कि मृतक के भाई गांव 11 जीबी निवासी मलकीत सिंह पुत्र दीदार सिंह ने बताया कि भाई हरमीत सिंह और मां जोगेंद्र कौर बुधवार को सत्संग सुनने के लिए बाइक पर निकले थे। नौ जीबी डेरे के गेट पर पहुंचने के दौरान सामने से आ रही कार की बाइक से टक्कर हो गई। हादसा होने साथ ही आसपास के लोगों ने उन्हें संभाला। बाइक हरमीत सिंह चला रहा था। हादसा होने के साथ ही वह सड़क पर गिरा और उसकी मौत हो गई। वहीं, उसकी मां जोगेंद्र कौर को भी गंभीर चोट आईं। आसपास के लोगों ने किसी तरह से उनके बारे में जानकारी जुटाई और मलकीत सिंह को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे मलकीत ने पुलिस को सूचना दी।पुलिस ने हरमीत का शव सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया वहीं मलकीत सिंह अपनी घायल मां को लेकर हॉस्पिटल पहुंचा। जहां इलाज के दौरान उसकी मां ने भी दम तोड़ दिया। हादसे के ठीक बाद कार सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आसपास के लोगों और मृतक के भाई से जानकारी जुटाकर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
- मुंबई। मुंबई के बांद्रा इलाके में बुधवार को एक बहुमंजिला इमारत गिरने से उसके मलबे में दबकर एक वरिष्ठ नागरिक और तीन किशोरियों सहित नौ लोग घायल हो गए। स्थानीय निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई के पश्चिमी इलाके बेहराम नगर में अपराह्न तीन बजकर करीब 50 मिनट पर चार मंजिला इमारत गिर गयी। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग और पुलिस कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारी ने बताया कि हादसे में घायल तीन किशोरियों सहित नौ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि घायलों में 64 साल के एक वरिष्ठ नागरिक भी हैं। उन्होंने बताया कि घायलों में से एक ही हालत गंभीर है, जबकि अन्य लोगों की हालत स्थिर बतायी जा रही है। अधिकारी ने बताया कि आधा दर्जन एम्बुलेंस, पांच दमकल गाड़ियां और एक बचाव वैन मौके पर भेजे गए।
- नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने संसद के बजट सत्र का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए 31 जनवरी को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने राज्यसभा और लोकसभा में राजनीतिक दलों के सदन के नेताओं को बैठक के लिए बुलाया है। कोविड स्थिति को देखते हुए बैठक वर्चुअली होगी।संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू हो रहा है। सत्र सुबह 11 बजे संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण से शुरू होगा। अगले दिन 1 फरवरी को बजट पेश किया जाएगा। बजट सत्र का पहला भाग 11 फरवरी तक चलेगा। एक महीने के अवकाश के बाद दूसरा भाग 14 मार्च से शुरू होगा और 8 अप्रैल को संपन्न होगा। बजट सत्र के दौरान संसद के दोनों सदनों में कोविड से बचाव के लिए ऐहतियाती दूरी के नियम का पालन किया जाएगा। 2 फरवरी से नए नियम लागू हो जाएंगे।
- भदोही (उत्तर प्रदेश) । भदोही जिले में चुनाव की रंजिश को लेकर कोइरौना इलाके के बहपुरा शेरपुर गांव के प्रधान की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।भदोही के पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि यह घटना मंगलवार रात को लगभग 10 बजे हुई। उन्होंने बताया कि बहपुरा शेरपुर गांव के प्रधान कन्हैया लाल निषाद (52) देर शाम साइकिल से बाजार गए थे और देर रात घर लौटते वक्त उनकी कुल्हाड़ी से गला काट कर हत्या कर दी गई।कुमार ने बताया कि उनका शव बुधवार सुबह गंगा किनारे कोइरौना थाना क्षेत्र में सड़क किनारे पाया गया। उन्होंने बताया कि लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में निषाद के भतीजे छोटे लाल निषाद ने गांव के ही निवासी ओम प्रकाश यादव, अरुण यादव और आशुतोष कुमार दुबे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि इसमें आरोप लगाया गया है कि प्रधान के चुनाव में कन्हैया लाल निषाद की जीत के बाद से ही इन आरोपियों की उनसे रंजिश हो गई थी। कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि गांव में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
- नयी दिल्ली। रेलवे ने अपनी भर्ती परीक्षाओं की चयन प्रक्रिया को लेकर परीक्षार्थियों के हिंसक विरोध-प्रदर्शन के बाद गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी (एनटीपीसी) और लेवल-1 की परीक्षाएं स्थगित करने का फैसला किया है। रेलवे के एक प्रवक्ता ने बुधवार को यह जानकारी दी।प्रवक्ता ने बताया कि रेलवे ने एक उच्च स्तरीय समिति भी बनाई है, जो विभिन्न रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की ओर से आयोजित परीक्षाओं में सफल और असफल होने वाले परीक्षार्थियों की शिकायतों की जांच करेगी।प्रवक्ता के मुताबिक, दोनों पक्षों की शिकायतें और चिंताएं सुनने के बाद समिति रेल मंत्रालय को एक रिपोर्ट सौंपेगी।रेलवे ने कहा, ‘परीक्षार्थियों ने आरआरबी द्वारा 14-15 जनवरी 2022 को जारी एनटीपीसी की केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना (सीईएन 01/2019) के प्रथम चरण के कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) के नतीजों के संबंध में जो चिंताएं और शंकाएं जाहिर की हैं, उन पर गौर करने के लिए एक उच्च अधिकार समिति का गठन किया गया है।’रेलवे प्रवक्ता के मुताबिक, समिति प्रथम चरण के सीबीटी के नतीजों के साथ-साथ उस कार्य प्रणाली का विश्लेषण करेगी, जिसके आधार पर आवेदकों का दूसरे दौर के सीबीटी के लिए चयन किया गया था।प्रवक्ता ने बताया कि विश्लेषण प्रक्रिया में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि चयनित आवेदकों पर कोई असर न पड़े, न ही सीईएन आरआरसी 01/2019 में दूसरे चरण के सीबीटी का समावेशन प्रभावित हो।रेलवे ने एक मेल आईडी भी जारी किया है जिसके जरिये परीक्षार्थी समिति से अपनी चिंताएं और सुझाव साझा कर सकते हैं।रेलवे ने बताया कि सभी आरआरबी के अध्यक्षों को भी उनके मौजूदा स्रोतों के जरिये परीक्षार्थियों की शिकायतें प्राप्त करने, उन्हें संकलित करने और उच्च स्तरीय समिति को भेजने का निर्देश दिया गया है।रेलवे प्रवक्ता के मुताबिक, परीक्षार्थियों को समिति के सामने उनकी चिंताएं जाहिर करने के लिए 16 फरवरी तक का समय दिया गया है। समिति इन चिंताओं पर गौर करने के बाद चार मार्च 2022 तक अपनी सिफारिशें पेश करेगी।रेलवे ने कहा, ‘15 फरवरी 2022 से शुरू हो रहे सीईएन 01/2019 (एनटीपीसी) के दूसरे चरण के सीबीटी और 23 फरवरी को शुरू हो रहे सीईएन आरआरसी 01/2019 के प्रथम चरण के सीबीटी को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।’उच्च स्तरीय समिति में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं प्रमुख कार्यकारी निदेशक (औद्योगिक संबंध) दीपक पीटर, कार्यकारी निदेशक प्रतिष्ठान (आरआरबी) के सदस्य सचिव राजीव गांधी, पश्चिमी रेलवे के मुख्य कार्मिक अधिकारी (प्रशासन) के सदस्य आदित्य कुमार, चेन्नई आरआरबी के सदस्य अध्यक्ष जगदीश एल्गार और भोपाल आरआरबी के सदस्य अध्यक्ष मुकेश गुप्ता शामिल हैं।मंगलवार को रेलवे ने एक नोटिस जारी कर परीक्षार्थियों को चेतावनी दी थी कि प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों की रेलवे में भर्ती पर हमेशा के लिए पाबंदी लगा दी जाएगी। यह चेतावनी बिहार में कई जगहों पर प्रदर्शनकारी परीक्षार्थियों के रेलवे पटरियों पर धरने पर बैठने के मद्देनजर आई थी।
- अमरावती। आंध्र प्रदेश सरकार ने बुधवार को मौजूदा 13 जिलों में से 13 नए जिले बनाने के लिए अधिसूचना का मसौदा जारी किया, जिसके बाद राज्य में जिलों की कुल संख्या 26 हो जाएगी। मुख्य सचिव समीर शर्मा ने मसौदा अधिसूचना में कहा, 'सरकार, एपी जिला (गठन) अधिनियम, 1974 की धारा 3 (5) के तहत संबंधित क्षेत्रों के बेहतर प्रशासन और विकास को ध्यान में रखते हुए एक नया जिला बनाने का प्रस्ताव करती है।' प्रत्येक जिले के लिए अलग से मसौदा अधिसूचना जारी की जाएगी।उन्होंने मौजूदा जिलों के भीतर रहने वाले उन लोगों से 30 दिनों के भीतर आपत्तियां और सुझाव मांगे हैं, जो नए जिले बनाने से प्रभावित हो सकते हैं। राज्यपाल बिस्वभूषण हरिचंदन ने अपने गणतंत्र दिवस के संबोधन में नए जिलों के निर्माण का उल्लेख किया और कहा कि वे इस तेलुगु नव वर्ष के दिन उगादी (2 अप्रैल को) पर यह काम पूरा हो जाएगा। राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा, 'लोगों को अधिक कुशल सेवाएं और सुशासन प्रदान करने के लिए, हम उगादी के शुभ दिन पर राज्य में 13 और जिले बनाएंगे। दो जिले विशेष रूप से आदिवासी आबादी के लिए होंगे।'
- नयी दिल्ली। भारत के 73वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मशहूर क्रिकेटरों जोंटी रोड्स और क्रिस गेल को पत्र लिखकर भारत से उनके ‘प्रगाढ संबंधों’ की सराहना की है । दक्षिण अफ्रीका के रोड्स मुंबई इंडियंस के पूर्व क्षेत्ररक्षण कोच हैं और साल में काफी समय भारत में रहते हैं ।उन्होंने अपनी बेटी का नाम भी ‘इंडिया’ रखा है । वहीं वेस्टइंडीज के क्रिस गेल आईपीएल में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के कारण भारत में काफी लोकप्रिय है । मोदी ने रोड्स को लिखे पत्र में लिखा ,‘‘ मैं आपको हमारे गणतंत्र दिवस की शुभकामनायें देता हूं ।’’ उन्होंने लिखा ,‘‘इतने वर्षों में भारत और इसकी संस्कृति से आपका प्रगाढ संबंध हो गया है । यह साबित हो गया जब आपने अपनी बेटी का नाम इस महान देश के नाम पर रखा । आप हमारे देशों के बीच मजबूत संबंधों के विशेष दूत हैं ।’’रोड्स ने यह पत्र सोशल मीडिया पर साझा किया है । इसमें आगे लिखा है,‘‘ भारत ऐतिहासिक सामाजिक आर्थिक बदलाव के दौर से गुजर रहा है । मुझे यकीन है कि इससे जीवन का सशक्तिकरण होगा और वैश्विक कोष में योगदान दे सकेंगे ।’’ रोड्स और गेल दोनों ने प्रधानमंत्री मोदी को इस पत्र के लिये धन्यवाद दिया है । रोड्स ने ट्वीट किया ,‘‘ आपके इन शब्दों के लिये धन्यवाद नरेंद्र मोदीजी । हर बार भारत आकर मैं एक इंसान के रूप में काफी परिपक्व होता गया हूं । मेरा पूरा परिवार भारत के साथ गणतंत्र दिवस मना रहा है । भारत के लोगों के अधिकारों की रक्षा करने वाले संविधान के महत्व का सम्मान । जय हिंद ।’’गेल ने ट्वीट किया ,‘‘ मैं भारत को 73वें गणतंत्र दिवस की बधाई देता हूं । सुबह उठा तो प्रधानमंत्री मोदी का निजी संदेश मिला जिसमें उनके और भारत के लोगों के साथ मेरे करीबी व्यक्तिगत संबंधों का जिक्र था । यूनिवर्सल बॉस की ओर से बधाई और प्यार ।’’ गेल, डेविड वॉर्नर और एबी डिविलियर्स जैसे क्रिकेटरों के चाहने वालों की भारत में कमी नहीं है । आईपीएल की वजह से दुनिया भर के स्टार क्रिकेटर काफी समय भारत में बिताते हैं जिससे उन्हें भारत के करीब आने का मौका मिला है ।
- नयी दिल्ली। गणतंत्र दिवस के अवसर पर बुधवार को राजपथ पर परेड में निकली वायु सेना की झांकी में देश की पहली महिला राफेल लड़ाकू विमान पायलट शिवांगी सिंह ने भी भाग लिया। वह वायु सेना की झांकी का हिस्सा बनने वाली दूसरी महिला लड़ाकू विमान पायलट हैं।पिछले साल फ्लाइट लेफ्टिनेंट भावना कंठ वायु सेना की झांकी का हिस्सा बनने वाली देश की पहली महिला लड़ाकू विमान पायलट थीं। वाराणसी से ताल्लुक रखने वाली शिवांगी सिंह 2017 में वायु सेना में शामिल हुई थीं और महिला लड़ाकू विमान पायलटों के वायु सेना के दूसरे बैच में शामिल हुईं। राफेल उड़ाने से पहले वह मिग-21 बाइसन विमान उड़ाती रही हैं।वह पंजाब के अंबाला स्थित वायु सेना के गोल्डन ऐरोज स्क्वाड्रन का हिस्सा हैं। वायु सेना की झांकी का शीर्षक 'भारतीय वायु सेना, भविष्य के लिए परिवर्तन' है। झांकी में मिग-21, जी-नेट, हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर और राफेल विमान के स्केल डाउन मॉडल के साथ-साथ अश्लेषा रडार भी प्रदर्शित किए गए हैं। राफेल लड़ाकू विमान का पहला बैच 29 जुलाई, 2020 में भारत पहुंचा था। फ्रांस से 36 लड़ाकू विमानों के सौदे के क्रम में देश में अब तक 32 राफेल विमान आ चुके हैं और चार राफेल विमान इस साल अप्रैल तक आ सकते हैं।
- नयी दिल्ली।गणतंत्र दिवस परेड में भारतीय नौसेना की झांकी में 1946 के नौसैनिक विद्रोह को दर्शाया गया, जिसने देश के स्वतंत्रता आंदोलन में एक महत्वपूर्ण योगदान दिया था। इसकी मार्चिंग टुकड़ी का नेतृत्व एक महिला अधिकारी ने किया।गौरतलब है कि 18 फरवरी, 1946 को रॉयल इंडियन नेवी के ‘तलवार’ जहाज पर सवार नौसैनिकों द्वारा विद्रोह शुरू किया गया था और बाद में 78 जहाज इसका हिस्सा बन गए। गणतंत्र दिवस परेड के दौरान झांकी में नौसेना की ‘कॉम्बैट रेडी, क्रेडिबल एंड कोहेसिव’ (युद्ध के लिए तैयार, विश्वसनीय और एकजुटता) नीति को प्रदर्शित किया गया।नौसैनिक दल में 96 पुरुष, तीन प्लाटून कमांडर और एक टुकड़ी कमांडर शामिल थे। इसका नेतृत्व लेफ्टिनेंट कमांडर आंचल शर्मा ने किया, जो भारतीय नौसेना वायु स्क्वाड्रन (आईएनएएस) 314 में तैनात एक पर्यवेक्षक अधिकारी हैं। आंचल शर्मा 2016 में नौसेना में शामिल हुईं थी। 22 जनवरी को उन्होंने कहा था कि उनकी टुकड़ी का उत्साह एवं ऊर्जा अद्वितीय है और गणतंत्र दिवस परेड में इसका नेतृत्व करना वास्तव में एक सम्मान की बात है। देश, स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने को ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के रूप में मना रहा है और इसके मद्देनजर झांकी में भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में नौसेना के योगदान का विशेष उल्लेख था।झांकी के आगे के हिस्से में नौसैनिक विद्रोह को दर्शाया गया है, जबकि झांकी के पिछले हिस्से में भारतीय नौसेना की ‘मेक इन इंडिया’ पहलों को दर्शाया गया है। इसमें 1983 से 2021 की अवधि के दौरान के समय को विशेष रूप से दिखाया गया।हवा में हल्के लड़ाकू विमान के साथ स्वदेशी विमानवाहक पोत विक्रांत का मॉडल झांकी का आकर्षण केंद्र रहा।झांकी में बांयी तरफ स्वदेशी मिसाइल कार्वेट कोरा, विध्वंसक पोत विशाखापत्तनम, फ्रिगेट शिवालिक और दांयी तरफ पी-75 पनडुब्बी कलवरी, फ्रिगेट गोदावरी और विध्वंसक पोत दिल्ली के मॉडल भी दिखाए गए। निचले हिस्से पर लगे फ्रेम में नौसेना के विभिन्न मंचों द्वारा किए स्वदेशी निर्माण को दर्शाया गया।परेड में, भारतीय नौसेना के 72-पुरुष बैंड का नेतृत्व मास्टर चीफ पेटी ऑफिसर संगीतकार एवं उप लेफ्टिनेंट विन्सेंट जॉनसन ने किया। इस दौरान नौसेना के ब्रास बैंड ने भारतीय नौसेना का गीत ‘जय भारती’ बजाया। जॉनसन ने ड्रम मेजर के रूप में नौसैनिक बैंड का नेतृत्व किया। यह 18वीं बार था, जब वह गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बने।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने निर्माण उद्योग में डीजल के उपयोग पर चिंता जताते हुए मंगलवार को कहा कि क्षेत्र को जीवाश्म ईंधन की जगह जैव-एथनॉल, एलएनजी और सीएनजी जैसे वैकल्पिक ईंधन के उपयोग की दिशा में काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह न केवल खतरनाक उत्सर्जन को कम करेगा बल्कि भारी आयात बिल में भी कटौती करेगा। उद्योग मंडल सीआईआई के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि फिलहाल भारत अपनी कुल जरूरत का 85 प्रतिशत कच्चा तेल आयात करता है। इस पर सालाना आठ लाख करोड़ रुपये खर्च होते हैं। यह अर्थव्यवस्था पर काफी बड़ा बोझ है। उन्होंने कहा, ‘‘फिलहाल, डीजल का बड़े पैमाने पर निर्माण उद्योग में उपयोग हो रहा है। दुर्भाग्य से, यह ग्रीन हाउस गैस उत्सर्जन के लिये भी काफी जिम्मेदार है।'' मंत्री ने कहा, ‘‘...हमें डीजल के स्थान पर अन्य वैकल्पिक ईंधन का उपयोग करना होगा। खतरनाक उत्सर्जन को कम करने के साथ भारी आयात बिल में कमी लाने के लिये यह जरूरी है।'' सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने कहा कि अगर हम डीजल के स्थान पर जैव ईंधन का उपयोग नहीं करते हैं, तो अगले पांच साल में देश का कच्चे तेल का आयात बिल 25 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा। गडकरी ने यह भी कहा कि वह अपने चीनी कारखानों में बायोडीजल का उपयोग कर रहे हैं, और ट्रैक्टरों को सीएनजी पर चलाने के लिये उसमें जरूरी बदलाव किये गये हैं।
- नयी दिल्ली । सेवामुक्त किए गए भारतीय नौसैन्य पोत (आईएनएस) खुखरी को बुधवार को दीव प्रशासन को सौंप दिया जाएगा ताकि इसे एक पूर्ण संग्रहालय के रूप में विकसित किया जा सके। भारतीय नौसेना ने यह जानकारी दी। नौसेना द्वारा मंगलवार को जारी बयान में कहा गया कि 32 साल की सेवा के बाद पिछले साल 23 दिसंबर को मिसाइल कार्वेट ‘आईएनएस खुखरी' को सेवामुक्त कर दिया गया था। आईएनएस खुखरी को अपनी सेवा के दौरान पश्चिमी और पूर्वी दोनों बेड़ों का हिस्सा होने का गौरव प्राप्त हुआ। भारतीय नौसेना ने कहा, "एक पोत कभी नहीं मरता, ऐसा कहा जाता है। वह एक नए अवतार में फिर से जन्म लेता है।" इसने कहा कि खुखरी संग्रहालय विकसित करने के लिए दीव प्रशासन ने 2019 में रक्षा मंत्रालय से इसे सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए उपहार में देने के वास्ते संपर्क किया था। बयान में कहा गया, "जब देश अपना 73वां गणतंत्र दिवस मना रहा है, तो वह खुखरी संग्रहालय में आयोजित होने वाले एक समारोह में दीव प्रशासन को सौंप दिया जाएगा। पोत को एक पूर्ण संग्रहालय के रूप में विकसित करने की योजना है।
- कोलकाता। भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची में शामिल नए मतदाताओं को डाक के माध्यम से मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) भेजने का निर्णय लिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि सेवा 25 जनवरी को शुरू की जाएगी जिस दिन राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा, “हम मतदाता पहचान पत्र लोगों को डाक से सीधे भेजना शुरू करेंगे। सेवा आधिकारिक तौर पर राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शुरू की जाएगी।” अधिकारी ने कहा कि आयोग नए मतदाताओं को पहचान पत्र के साथ एक किट भी भेजेगा। उन्होंने कहा कि पैकेट में ईवीएम, मतदान का तरीका समेत अन्य जानकारियां होंगी। अधिकारी ने कहा कि इस साल के मतदाता दिवस की थीम 'हमारे मतदाताओं को सशक्त, सतर्क बनाना और सुरक्षा तथा सूचना प्रदान करना' है।
- नयी दिल्ली। पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा के मामलों की जांच कर रहे केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारियों के अलावा रेलवे में रिश्वत के बड़े मामलों का भंडाफोड़ करने वाले एक अधिकारी एजेंसी के उन 29 कर्मियों में शामिल हैं जिन्हें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। तत्कालीन केंद्रीय मंत्री शीला कौल से कथित रूप से जुड़े आवास घोटाले, नेवल वार रुम लीक मामले, एक प्रवासी व्यवसायी के अपहरण और उसकी रिहाई के अलावा अन्य उच्च प्रोफ़ाइल भ्रष्टाचार रोधी मामलों की जांच का नेतृत्व करने वाले संयुक्त निदेशक रमनीश गीर को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति का प्रतिष्ठित पुलिस पदक मिला है। वह सीबीआई के उन चार संयुक्त निदेशकों में शामिल हैं जिन्हें पिछले साल पश्चिम बंगाल राज्य विधानसभा चुनाव के बाद सामने आये हिंसा के मामलों की निगरानी के लिए दिल्ली से पश्चिम बंगाल भेजा गया था। पदक से सम्मानित अन्य व्यक्तियों में अतिरिक्त एसपी सतीश कुमार राठी, अनिल कुमार यादव, डिप्टी एसपी नट राम मीणा, एएसआई बंसीधर बिजार्निया और हेड कांस्टेबल महबूब हसन शामिल हैं। सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक डीआईजी अखिलेश कुमार सिंह सहित एजेंसी के 23 अधिकारियों को दिये गए, जो पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा के कई मामलों के प्रभारी भी हैं। एक अन्य डीआईजी नितिन दीप ब्लागन को भी सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है जिन्होंने पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के एक वरिष्ठ इंजीनियर से जुड़े एक करोड़ रुपये रिश्वत मामले सहित कई हाई प्रोफाइल भ्रष्टाचार के मामलों की जांच की। पदक पाने वाले अन्य कर्मियों में अतिरिक्त एसपी अरविंद कुमार उपाध्याय, डिप्टी एसपी आनंद कृष्णन टीपी, संजय कुमार गौतम, विकास कुमार पाठक, आलोक कुमार शाही और सुब्रमण्यम देवेंद्रन, इंस्पेक्टर नकुल सिंह यादव, अमित कुमार, राकेश रंजन और महेश विजय पारकर, उप निरीक्षक अनिल कुमार, एएसआई धर्मिंदर सिंह, हेड कांस्टेबल चंदर पाल, लोगनाथन रंगासामी, के वी जगन्नाथ रेड्डी, हरभान सिंह और महेश माधवराव गजरलवार, कांस्टेबल आर. जयशंकर और कौशल्या देवी, कार्यालय अधीक्षक ओम प्रकाश नैथानी और अपराध सहायक सत्यब्रत साहा शामिल हैं।
- -सम्मानित होने वालों में राजनांदगांव के 3 जवान भी शामिलनयी दिल्ली। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के अठारह कर्मियों को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर वीरता पदक सहित विभिन्न पुलिस सेवा पदकों से अलंकृत किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा मंगलवार को जारी एक अधिसूचना में कहा गया है कि तीन कर्मियों को वीरता के लिए पुलिस पदक (पीएमजी) से सम्मानित किया गया है, तीन को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और 12 को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र में फरवरी, 2018 में एक भीषण मुठभेड़ के दौरान माओवादियों का मुकाबला करने के लिए सहायक कमांडेंट अशोक कुमार, निरीक्षक सुरेश लाल और नीला सिंह की टीम को पीएमजी दिया गया है। इस अभियान में दो वांछित माओवादी मारे गये थे और इस दौरान भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया था। विशिष्ट सेवा पदक पाने वालों में उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अजय पाल सिंह हैं, जो 1990 में एक अधिकारी के रूप में इसमें शामिल हुए थे। सिंह वर्तमान में उत्तराखंड के मसूरी में आईटीबीपी अधिकारियों की प्रशिक्षण अकादमी में तैनात हैं। उन्होंने आईटीबीपी की विभिन्न प्रशिक्षण इकाइयों के अलावा अरुणाचल प्रदेश, लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के साथ-साथ जम्मू कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों सेवाएं दी है। डीआईजी रमाकांत शर्मा और जी. सी. उपाध्याय को भी विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है।
- ठाणे। महाराष्ट्र में ठाणे जिले की शाहपुर तालुका के लाहे गांव में हथियारबंद डकैतों ने एक कंपनी के कारखाने से 40 लाख रुपये मूल्य का तांबा लूट लिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रविवार और सोमवार की दरमियानी रात कम से कम 12 डकैत कारखाने में घुसे और उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को बांधकर तांबे को अपनी गाड़ियों में भरा और वहां से फरार हो गए। घटना में कोई जख्मी नहीं हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
- नयी दिल्ली। एक नवीनतम अध्ययन में खुलासा हुआ है कि देश में वर्ष 2012 से 2019 के बीच गधों की आबादी में 61 प्रतिशत की कमी आई है और इसके कारणों में उनकी उपयोगिता में कमी, चोरी, गैर कानूनी तरीके से वध, चारागाहों की कमी शामिल है। यह अध्ययन ब्रिटेन स्थित अंतरराष्ट्रीय अश्व धर्मार्थ संस्था ‘ब्रुक' की भारत में इकाई ब्रुक इंडिया (बीआई)ने किया है जिसका उद्देश्य भारत में गधों की खाल के व्यापार की मौजूदगी को समझना था। अध्ययन के लिए महाराष्ट्र, गुजरात, बिहार, राजस्थान, आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश के इलाकों का दौरा किया गया और लोगों का साक्षात्कार लिया गया। ये वे इलाके हैं जहां पर जीविकोपार्जन गणना के मुताबिक वर्ष 2012 से 2019 के बीच गधों की आबादी में कमी आई है। अध्ययन में रेखांकित किया गया कि साक्षरता दर में वृद्धि, ईंट भट्टों में मशीनीकरण और सामान ढोने के लिए गधों के बजाय खच्चर के इस्तेमाल भी इनकी आबादी में कमी आने के कारणों में शामिल हैं। अध्ययन के मुताबिक महाराष्ट्र में इन आठ सालों के दौरान गधों की आबादी में 39.69 प्रतिशत की कमी आई है जबकि आंध्रप्रदेश में गधों की आबादी में 53.22 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। इसी प्रकार, राजस्थान में वर्ष 2012-2019 के बीच गधों की आबादी में 71.31 प्रतिशत, गुजरात में 70.94 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश में 71.72 प्रतिशत और बिहार में 47.31 प्रतिशत की कमी आई है। अध्ययन में कहा गया कि नेपाल की खुली सीमा और गधों की खरीद-बिक्री के लिए मेला का आयोजन भी इस धारणा को खारिज करता है कि देश गधों की अवैध हत्या से मुक्त है। अध्ययन में पाया गया कि जिंदा गधों, उनकी खाल और मीट का अवैध निर्यात सीमापार आसान रास्तों से हो रहा है। अध्ययन में रेखांकित किया गया, ‘‘ गधों के कारोबारी और उनके पालक दावा करते हैं कि वे गधों की अवैध परिवहन और खरीद-बिक्री के बारे में जानते हैं। वे निश्चित हैं कि गधों का सामान्य इस्तेमाल जैसे सामान या लोगों को ढोने में नहीं होगा।'' जांच में पता चला कि गधों की खाल की तस्करी अन्य देशों के लिए की जाती है जिसका इस्तेमाल विभिन्न बीमारियों के इलाज में होता है।
- नयी दिल्ली। सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन के पुरुष एकल के फाइनल को एक खिलाड़ी के कोविड-19 पॉजिटिव पाये जाने के बाद ‘कोई मुकाबला नहीं' घोषित कर दिया गया है और अब पुरस्कार राशि दोनों खिलाड़ियों के बीच बांटी जाएगी। विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने मंगलवार को जारी बयान में कहा, ‘‘सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय 2022 के पुरुष एकल के फाइनल में पहुंचे दोनों खिलाड़ियों को विश्व रैंकिंग के अंक और पुरस्कार राशि का समान हिस्सा मिलेगा।'' इसमें कहा गया है, ‘‘एक फाइनलिस्ट को कोविड-19 के लिये पॉजिटिव पाया गया था, जबकि अन्य फाइनलिस्ट को उसका करीबी संपर्क माना गया है, इसलिए पुरुष एकल फाइनल को ‘कोई मुकाबला नहीं' घोषित किया गया है।'' फाइनल मुकाबला रविवार को फ्रांस के दो खिलाड़ियों अर्नाड मर्कल और लुकास क्लियरबोट के बीच खेला जाना था। भारतीय स्टार पी वी सिंधू ने हमवतन मालविका बंसोड़ को हराकर महिला एकल का खिताब जीता था।



























