- Home
- बिजनेस
- नयी दिल्ली। औषधि क्षेत्र की कंपनी डिवीज लेबोरेट्रीज ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 606.46 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध लाभ अर्जित किया है, जो एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले 16.71 फीसदी अधिक है। कंपनी ने शेयर बाजार की दी सूचना में बताया कि जुलाई-सितंबर 2020 की तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 519.59 करोड़ रुपये रहा था। वित्त वर्ष 2021-22 की दूसरी तिमाही में मजबूत बिक्री होने से उसका लाभ बढ़ा है। पिछली तिमाही में कंपनी की समेकित कुल आय भी बढ़कर 2,006.62 करोड़ रुपये हो गई जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 1,762.94 करोड़ रुपये रही थी। डिवीज लेबोरेट्रीज ने कहा कि कोविड-19 महामारी की वजह से उसके परिचालन और आपूर्ति शृंखला पर कोई असर नहीं पड़ा है। इसके अलावा वित्तीय एवं गैर-वित्तीय परिसंपत्तियों की रिकवरी भी महामारी की मार से बची रही है।
- नयी दिल्ली। औषधि विनिर्माता सुवेन फार्मास्युटिकल्स ने वित्त वर्ष 2021-22 की दूसरी तिमाही में 97 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध लाभ कमाया है। कंपनी ने शेयर बाजार को सूचना दी कि जुलाई-सितंबर 2021 तिमाही में उसका शुद्ध लाभ पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 31 फीसदी बढ़ गया। जुलाई-सिंतबर 2020 तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 74 करोड़ रुपये था। हैदराबाद स्थित कंपनी के मुताबिक, गत 30 सितंबर को समाप्त तिमाही में उसका परिचालन राजस्व 301 करोड़ रुपये रहा जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह 237 करोड़ रुपये था। सुवेन फार्मास्युटिकल्स के मुताबिक, उसके कारोबार एवं अनुसंधान गतिविधियों पर कोविड-19 महामारी का प्रभाव अब भी बना हुआ है। भारत के अलावा उसकी अमेरिकी अनुषंगी सुवेन फार्मा इंक यूएसए भी इससे प्रभावित है। कंपनी ने कहा, "कंटेनरों की किल्लत होने से खेप पहुंचने में हो रही देरी, परिवहन एवं वितरण लागत बढ़ने और दवा-निर्माण सामग्रियों के समय पर न मिलने से भी हमारे परिचालन एवं मुनाफे पर असर पड़ा है।
- नयी दिल्ली। देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो दस नवंबर से अहमदाबाद-रांची मार्ग पर उड़ानों का संचालन शुरू करेगी। कंपनी ने शनिवार को जारी बयान में बताया कि अहमदाबाद-रांची मार्ग पर उसकी उड़ानें सप्ताह में चार दिन संचालित होंगी। गत एक नवंबर से अहमदाबाद-जोधपुर के बीच उसकी उड़ानें शुरू हो चुकी हैं। इसके अलावा इंडिगो ने दो नवंबर से बेंगलूरु-राजकोट, कोलकाता-कोयंबटूर, दिल्ली-त्रिवेंद्रम और डिब्रूगढ़-दिमापुर मार्गों पर भी अपनी उड़ानें शुरू कर दी हैं। घरेलू विमानन बाजार में 57.5 फीसदी हिस्सेदारी रखने वाली इंडिगो ने गत सितंबर में 22.66 लाख यात्रियों का परिचालन किया था।
-
नयी दिल्ली। उद्योग मंडल पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) ने बुधवार को कहा कि जिंसों की आसमान छूती कीमतें कंपनियों, खासकर सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) के कीमत लागत मार्जिन को बुरी तरह प्रभावित कर रही हैं। उद्योग मंडल ने साथ ही कहा कि मुद्रास्फीति को संतुलित करने और मुद्रा स्थिरता बनाए रखने में भारतीय रिजर्व बैंक की महत्वपूर्ण भूमिका है। पीएचडीसीसीआई ने उन क्षेत्रों का खाका तैयार करते हुए पांच सुझाव दिए, जिनपर रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास के दूसरे कार्यकाल के दौरान ध्यान दिया जाना चाहिए। उद्योग मंडल की यह टिप्पणी उन्हीं सुझावों का हिस्सा है। पीएचडीसीसीआई ने केंद्रीय बैंक के गवर्नर के रूप में दास की पुन: नियुक्ति की सराहना करते हुए कहा, "उनके शानदार नेतृत्व में रिजर्व बैंक ने महामारी की शुरुआत के बाद से इसके प्रभाव को कम करने और अर्थव्यवस्था में नकदी बढ़ाने के लिए कई पारंपरिक उपाय किए।" उसने कहा कि दास को अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान पांच प्रमुख सुझावों पर ध्यान देना चाहिए।
इनमें 5,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लिए उच्च आर्थिक वृद्धि के रास्ते को प्राप्त करना और बनाए रखना शामिल है। पीएचडीसीसीआई ने सुझाव दिया, "जिंसों की आसमान छूती कीमतें कंपनियों विशेष रूप से एमएसएमई के मूल्य लागत मार्जिन को गंभीर रूप से प्रभावित कर रही हैं। इसलिए, इस मोड़ पर, देश में मुद्रास्फीति को संतुलित करने और उच्च वृद्धि हासिल करते हुए मुद्रा स्थिरता बनाए रखने के लिए रिजर्व बैंक की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है।" उद्योग मंडल ने साथ ही कहा कि दास को मुद्रास्फीति के दबाव को संतुलित करते हुए प्रणाली में पर्याप्त नकदी बनाए रखने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। -
मुंबई। बैंक कर्ज 22 अक्टूबर को समाप्त पखवाड़े में 6.84 प्रतिशत बढ़कर 110.46 लाख करोड़ रुपये रहा। वहीं जमा 9.94 प्रतिशत बढ़कर 157.12 लाख करोड़ रुपये हो गया। भारतीय रिजर्व बैंक के बुधवार को जारी आंकड़े के अनुसार पिछले साल 23 अक्टूबर को समाप्त इसी पखवाड़े में बैंक ऋण 103.39 लाख करोड़ रुपये और जमा 142.92 लाख करोड़ रुपये थे। आठ अक्टूबर को समाप्त पिछले पखवाड़े में बैंक ऋण में 6.48 प्रतिशत और जमा में 10.16 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। वित्त वर्ष 2020-21 में, बैंक ऋण में 5.56 प्रतिशत और जमा में 11.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। -
मुंबई । इक्विटी में सीधे निवेश करने वाले युवाओं की संख्या बढ़ रही है। यह बताता है कि उनका ध्यान लंबी अवधि के रिटर्न पर है न कि तत्काल कर बचत पर। एक सर्वे में यह कहा गया है। जेरोधा, अपस्टॉक्स और एंजेलऑन जैसी ब्रोकरेज कंपनियां और एचडीएफसी सिक्योरिटीज, आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, जियोजीत आदि जैसे स्थापित कंपनियों ने महामारी के बाद से अपने नए ग्राहकों की संख्या को दोगुना से अधिक कर लिया है। इन सभी ब्रोकरेज कंपनियो का कहना है कि उनके 70 प्रतिशत से अधिक नए ग्राहक पहली बार के निवेशक हैं और 30 वर्ष से कम उम्र के हैं। मई 2020 और सितंबर 2021 के बीच, बीएसई का उपयोगकर्ता आधार लगभग दोगुना होकर आठ करोड़ से अधिक हो गया, जिनमें अंतिम एक करोड़ केवल जून 2021 के पहले सप्ताह और सितंबर के तीसरे सप्ताह के बीच निवेश किए थे। ऑनलाइन सर्वेक्षण पिछले सप्ताह 18-50 आयु वर्ग के दो लाख लोगों के बीच किया गया था।
एक ऑनलाइन निवेश मंच ग्रो (सेक्वॉया कैपिटल, वाईकॉम्बिनेटर, रिबिट कैपिटल, टाइगर ग्लोबल आदि द्वारा समर्थित) द्वारा किए गए सर्वेक्षण के अनुसार, सर्वे में शामिल प्रतिभागियों में से 81 प्रतिशत अपने पैसे को शेयर बाजारों में और इसके बाद म्यूचुअल फंड में निवेश कर रहे हैं। वे बचत और धन में दीर्घकालीन वृद्धि पर ध्यान केंद्रित करते हैं, न कि तत्काल कर बचत पर। - नयी दिल्ली। केंद्र ने राजस्व की भरपाई को लेकर बुधवार को जीएसटी क्षतिपूर्ति मद में राज्यों को 17,000 करोड़ रुपये जारी किए। वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इसके साथ ही 2021-22 के दौरान राज्यों/केंद्र शासित क्षेत्रों को अब तक कुल 60,000 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति राशि जारी की जा चुकी है। माल एवं सेवा कर (जीएसटी) परिषद के फैसले के अनुसार, चालू वित्त वर्ष के दौरान जीएसटी क्षतिपूर्ति मद में राशि जारी होने में कमी के एवज में 1.59 लाख करोड़ रुपये का ऋण राज्यों को पहले ही जारी किया जा चुका है। केंद्र ने चालू वित्त वर्ष में राज्यों को दी जाने वाली जीएसटी क्षतिपूर्ति मद में 2.59 लाख करोड़ रुपये की कमी का अनुमान लगाया है। इसमें से इस साल लगभग 1.59 लाख करोड़ रुपये उधार लेने होंगे। केंद्र को विलासिता और समाज के नजरिए से अहितकर वस्तुओं पर उपकर के माध्यम से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक जमा होने की उम्मीद है। यह राज्यों को माल और सेवा कर (जीएसटी) के कार्यान्वयन की वजह से राजस्व में हुई कमी की भरपाई के लिए दिया जाएगा। विशेषज्ञों के अनुसार, कर संग्रह बजट में निर्धारित लक्ष्य से अधिक होने की उम्मीद है क्योंकि अर्थव्यवस्था के पुनरुद्धार के साथ संग्रह में सुधार हुआ है। अक्टूबर में जीएसटी संग्रह बढ़कर 1.30 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो जुलाई 2017 में जीएसटी व्यवस्था के लागू होने के बाद से दूसरी सर्वाधिक राशि है। इससे पहले अप्रैल 2021 में 1.41 लाख करोड़ रुपये का सबसे ज्यादा जीएसटी संग्रह हुआ था।
- नयी दिल्ली। वैश्विक बाजारों में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में गिरावट आने तथा रुपये के मूल्य में सुधार से राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना 375 रुपये टूटकर 46,411 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 46,786 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।चांदी की कीमत भी 898 रुपये की गिरावट के साथ 62,052 रुपये प्रति किलोग्राम रह गयी। पिछले कारोबारी सत्र में यह 62,950 रुपये प्रति किलो बंद हुई थी। बुधवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 22 पैसे मजबूत होकर 74.46 रुपये प्रति डॉलर हो गया।अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना गिरावट के साथ 1,781 डॉलर प्रति औंस रह गया जबकि चांदी 23.48 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रही। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, ‘‘अमेरिका के जिंस एक्सचेंज कॉमेक्स में सोने की हाजिर कीमत बुधवार को 0.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,781 डॉलर प्रति औंस रह गयी। इससे सोने की कीमतों में गिरावट का रुख रहा।
- नयी दिल्ली। सरकार ने आम लोगों को महंगाई से कुछ राहत देने के लिये बुधवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया। ईँधन के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद केंद्र ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में क्रमश: पांच रुपये तथा 10 रुपये की कटौती की। दिवाली की पूर्व संध्या पर की गयी इस घोषणा से ईंधन की आसमान छूती कीमतों को नीचे लाने में मदद मिलेगी और महंगाई की मार झेल रहे आम आदमी को भी कुछ राहत मिलेगी। एक आधिकारिक बयान में कहा गया, "भारत सरकार ने कल से पेट्रोल और डीजल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में क्रमश: पांच रुपये और 10 रुपये की कमी करने का एक महत्वपूर्ण फैसला किया है। इससे पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी आएगी।" बयान के मुताबिक किसानों ने अपनी कड़ी मेहनत से, ‘लॉकडाउन' के दौरान भी आर्थिक वृद्धि की गति को बनाए रखा और डीजल पर उत्पाद शुल्क में भारी कमी से उन्हें आगामी रबी सीजन के दौरान प्रोत्साहन मिलेगा। हाल के महीनों में, कच्चे तेल की कीमतों में वैश्विक स्तर पर उछाल देखा गया है। इस वजह से हाल के हफ्तों में पेट्रोल और डीजल की घरेलू कीमतों में वृद्धि हुई है, जिससे मुद्रास्फीति संबंधी दबाव बढ़ गया है।
- नयी दिल्ली। केंद्र ने बुधवार को कहा कि उसने अब तक देश भर के प्रमुख बाजारों में अपने बफर स्टॉक से 1.11 लाख टन प्याज जारी किया है। इससे खुदरा कीमतों में 5-12 रुपये प्रति किलो की कमी आई है। इस बफर प्याज को दिल्ली, कोलकाता, लखनऊ, पटना, रांची, गुवाहाटी, भुवनेश्वर, हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, मुंबई, चंडीगढ़, कोच्चि और रायपुर जैसे प्रमुख बाजारों में जारी किया गया था। इसके अलावा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गुजरात के स्थानीय बाजारों में प्याज को उतारा गया था।उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘बफर स्टॉक के जरिए प्याज की कीमतों को भी स्थिर किया जा रहा है। प्याज की कीमतों को कम करने के केंद्र के प्रयासों के अब परिणाम सामने आ रहे हैं।'' प्याज की कीमतें अब पिछले साल की तुलना में सस्ती हैं, क्योंकि इस प्रमुख सब्जी का औसत अखिल भारतीय खुदरा मूल्य 40.13 रुपये प्रति किलोग्राम है, जबकि थोक बाजार में यह 31.15 रुपये प्रति किलोग्राम है। इसमें कहा गया है कि दो नवंबर तक बफर स्टॉक से कुल 1,11,376.17 टन प्याज प्रमुख बाजारों में लाया गया था। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, इस हस्तक्षेप से खुदरा कीमतों को अब तक 5-12 रुपये प्रति किलोग्राम तक कम करने में मदद मिली है। उदाहरण के लिए, दिल्ली में, खुदरा प्याज की कीमतें तीन नवंबर को घटकर 44 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई हैं, जो 20 अक्टूबर को 49 रुपये थी। मुंबई में, प्याज की कीमतें 14 अक्टूबर के 50 रुपये प्रति किलोग्राम के उच्च स्तर से घटकर अब 45 रुपये रह गई हैं। आंकड़ों से पता चलता है कि कोलकाता में प्याज की खुदरा कीमत 17 अक्टूबर के 57 रुपये प्रति किलोग्राम से घटकर 45 रुपये रह गई, जबकि चेन्नई में यह 13 अक्टूबर के 42 रुपये प्रति किलोग्राम से घटकर 37 रुपये रह गई है। मंत्रालय के अनुसार, प्याज की कीमतें अक्टूबर के पहले सप्ताह से बढ़ने लगी थीं, क्योंकि बारिश के कारण आपूर्ति श्रृंखला बाधित हुई थी। कीमतों को कम करने के लिए, सरकार ने ‘फर्स्ट-इन-फर्स्ट-आउट (फीफो) सिद्धांत पर बफर स्टॉक से प्याज की सुनियोजित और लक्षित तरीके से बाजार में लाना शुरू किया है, जो कीमतों को कम करने और न्यूनतम भंडारण हानि सुनिश्चित करने के दोहरे उद्देश्यों से प्रेरित है। सरकार ने बाजार में जारी करने के अलावा सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को भंडारण स्थानों से उठान के लिए 21 रुपये प्रति किलो की दर से बफर प्याज की पेशकश की है। यह राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को या तो खुदरा उपभोक्ताओं को खुदरा दुकानों के माध्यम से सीधे आपूर्ति के माध्यम से या कीमतों को कम करने के लिए प्रमुख बाजारों में जारी करने के माध्यम से बाजार में हस्तक्षेप करने की स्थिति में लायेगा। मदर डेयरी के सफल बिक्री केन्द्र को 26 रुपये किलो प्याज की पेशकश की गई है और इसने 400 टन उठा लिया है। नगालैंड को भी बफर प्याज की आपूर्ति की जा रही है। कीमतों में कमी लाने के लिए प्रभावी बाजार हस्तक्षेप के उद्देश्य से मूल्य स्थिरीकरण कोष (पीएसएफ) के तहत प्याज बफर को बनाए रखा गया है। इसमें कहा गया है कि वर्ष 2021-22 के दौरान बफर के लिए कुल 2.08 लाख टन प्याज की खरीद की गई, जो 2 लाख टन के लक्ष्य से थोड़ा अधिक है।
- नयी दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने बुधवार को कर्ज पर लगने वाले ब्याज को 0.05 प्रतिशत घटाकर 6.50 प्रतिशत कर दिया। पीएनबी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि रेपो से जुड़ी ब्याज दर (आरएलएलआर) को आठ नवंबर से 6.55 फीसदी से घटाकर 6.50 फीसदी कर दिया गया है। आरएलएलआर में कमी के साथ आवास, कार, शिक्षा, व्यक्तिगत ऋण सहित सभी कर्ज सस्ते हो जाएंगे। उल्लेखनीय है कि बैंक ने पिछली बार 17 सितंबर को अपने रेपो आधारित ब्याज को 6.80 फीसदी से घटाकर 6.55 फीसदी कर दिया था।
-
मुंबई। अमेरिका की रेस्तरां श्रृंखला सबवे अगले एक दशक में अपने रेस्तरां की संख्या को मौजूदा 700 से बढ़ाकर तीन गुना करेगी। उसने मंगलवार को एवरस्टोन ग्रुप के साथ मास्टर फ्रेंचाइजी करार की घोषणा की। एवरस्टोन सिंगापुर मुख्यालय वाली निजी निवेश कंपनी है जिसका निजी इक्विटी और रियल एस्टेट में छह अरब डॉलर से अधिक का निवेश है। इस करार के बाद सबवे भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश में अपने रेस्तरांओं की संख्या को बढ़ाकर 2,000 से अधिक करेगी। अभी उसके रेस्तरांओं की संख्या 700 है। सबवे के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जॉन चिडसे ने कहा, ‘‘हम भारत और दक्षिण एशिया में एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। एवरस्टोन के पास क्षेत्र में रेस्तरांओं के परिचालन का गहन अनुभव और ज्ञान है।'' इस करार के वित्तीय पक्ष की जानकारी नहीं मिली है।
- -
नयी दिल्ली। एयरएशिया इंडिया ने मंगलवार को कहा कि यात्रियों द्वारा निश्चित शुल्क का भुगतान करने पर उन्हें अतिरिक्त तीन किलो या पांच किलो वजन के सामान वाला बैग अपने साथ ले जाने की अनुमति होगी। तीन किलो के लिये शुल्क 600 रुपये और पांच किलो के लिये 1,000 रुपये है। यात्रियों को अबतक एयर एशिया इंडिया के उड़ानों में अतिरिक्त सामान (केबिन बैगेज) ले जाने की अनुमति नहीं थी। अन्य घरेलू एयरलाइंस की तरह एयर एशिया इंडिया यात्रियों को अपने साथ सात किलो वजन के सामान वाला बैग ले जाने की अनुमति देती है। एयरलाइन ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि नई सेवा ‘कैरी ऑन एक्स्ट्रा' के तहत यात्री 10 किलो सामान से लदा बैग अपने साथ यात्रा के दौरान ले जाना चाहते हैं, उन्हें 600 रुपये शुल्क देना होंगे। अगर यात्री 12 किलो वजन के सामान से लदा बैग ले जाना चाहते हैं, उन्हें 1,000 रुपये बतौर शुल्क देने होंगे। -
नयी दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में निवेश में तेजी लाने के इरादे से मंगलवार को पेट्रोलियम और इस्पात मंत्रालयों के पूंजी व्यय की समीक्षा की। उन्होंने समीक्षा बैठक में मंत्रालयों से पूंजी व्यय की राशि को पहले जारी करने को कहा। उन्होंने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय तथा इस्पात मंत्रालय के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। आधिकारिक बयान के अनुसार वित्त मंत्री ने तीनों मंत्रालयों में पूंजी व्यय के मामले में अच्छी प्रगति पर गौर किया। उन्होंने 2021-22 की तीसरी तिमाही और वित्त वर्ष 2022--23 की पहली छमाही में पूंजी व्यय में तेजी लाने को कहा। सीतारमण ने कहा कि सरकार के लिये बुनियादी ढांचा परियोजनाएं प्राथमिकता है और केंद्रीय बजट में प्रस्तावित पूंजी व्यय प्रोत्साहन के दृष्टिकोण को प्राप्त करने के लिए यह आवश्यक है कि भौतिक तथा वित्तीय परियोजनाओं के मामले में लक्ष्यों के अनुसार पूंजी व्यय वित्त वर्ष की शुरुआती तिमाहियों के दौरान किये जाएं। वित्त वर्ष 2021-22 के बजट में 5.54 लाख करोड़ रुपये के पूंजी व्यय का प्रस्ताव किया गया है। यह 2021-21 के बजट अनुमान से 34.5 प्रतिशत अधिक है।
- नयी दिल्ली। जाने-माने उद्योगपति मुकेश अंबानी की रिलायंस जियो पूर्वी लद्दाख के डेमचोक में मोबाइल फोन सेवा शुरू करने वाली पहली कंपनी बन गयी है। कंपनी ने सीमावर्ती गांव में फोन पर बातचीत और इंटरनेट के लिये 4जी सेवा शुरू की है। लेह के सांसद जामयांग सेरिंग नामग्याल ने डेमचोक में जियो मोबाइल टावर का उद्घाटन किया और सीमावर्ती गांव, सेना, आईटीबीए तथा यात्रियों के लिए 4जी सेवाओं की शुरूआत की। उन्होंने सीमावर्ती गांव चुशुल में मोबाइल टावर का उद्घाटन करने के बाद कहा, ‘‘यह निश्चित रूप से सीमा सुरक्षा के साथ-साथ सीमावर्ती गांवों की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करेगा।'' कार्यक्रम के बारे में ट्विटर पर जानकारी देते हुए नामग्याल ने कहा, ‘‘रिजांग ला के रास्ते पैंगोंग-चुशुल-सागा की यात्रा करने वाले ग्रामीणों, सेना और पर्यटकों के लिए 4 जी इंटरनेट सेवा की शुरुआत।'' समुद्र तल से 13,000 फुट से अधिक ऊंचाई पर स्थित डेमचोक चीन से सटा सीमावर्ती क्षेत्र है। दूरसंचार सेवाओं की शुरुआत के साथ इस क्षेत्र में तैनात जवानों और स्थानीय निवासियों के लिए संचार की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। डेमचोक के अलावा लद्दाख के सीमावर्ती गांव चुशुल, न्योमा थारुक और दुरबुक में भी 4जी सेवाओं का उद्घाटन किया गया। लद्दाख में जियो नेटवर्क को तीन फाइबर मार्गों, लेह-श्रीनगर, लेह-मनाली (हिमाचल प्रदेश) और लेह-गुरे के माध्यम से जोड़ा गया है। उन्होंने दूरसंचार सेवाओं के लिये जियो अधिकारियों को धन्यवाद भी दिया।
- मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर शक्तिकांत दास ने मंगलवार को बैंकों से जोखिमों के उभरते संकेतों को लेकर सतर्क रहने और इसे कम करने के लिये जरूरी उपाय करने करने को कहा। आरबीआई ने एक बयान में कहा कि दास ने सार्वजनिक क्षेत्र और निजी क्षेत्र के कुछ बैंकों के प्रबंध निदेशकों और मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (सीईओ) के साथ वीडियो कांफ्रेन्स के माध्यम से अलग-अलग बैठकें की। दास ने अपने संबोधन में बैंकों की वित्तीय स्थिति और परिचालन में आए सुधार का उल्लेख किया। इससे वित्तीय स्थिरता सुदृढ़ हुई है। आरबीआई के अनुसार उन्होंने आर्थिक गतिविधियों के पुनरुद्धार में बैंकों की तरफ से आवश्यक सहायता को जारी रखने की जरूरत है। बयान में कहा गया है, ‘‘उन्होंने बैंकों को जोखिमों या संकट के उभरते संकेतों को लेकर सतर्क रहने और इन्हें कम करने के लिये जरूरी उपाय करने करने की सलाह दी।'' बैठक में खासकर सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) को कर्ज प्रवाह, दबाव वाली संपत्ति की स्थिति तथा बैंकों के वित्तीय प्रौद्योगिकी इकाइयों से जुड़ने समेत अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इन बैठकों में आरबीआई के डिप्टी गवर्नर एम के जैन, एम राजेश्वर राव और टी रवि शंकर भी शामिल हुए।
- मुंबई। घरेलू कपड़ा निर्यातक पश्चिमी बाजार में सबसे बड़े खरीदारी सत्र के दौरान बड़े ऑर्डर प्राप्त करने के लिए तैयार हैं और इससे उनकी शुद्ध आय लगभग 20 प्रतिशत तक बढ़ सकती हैं। क्रेडिट रेटिंग एजेंसी क्रिसिल की एक रिपोर्ट में यह बात कही गई है। क्रिसिल ने कपड़ा उद्योग के परिदृश्य को सुधारते हुए सकारात्मक कर दिया है। क्रिसिल ने 50 कंपनियों के विश्लेषण के आधार पर एक परिपत्र में कहा कि घरेलू वस्त्र के निर्यातक इस वित्त वर्ष में 20 प्रतिशत राजस्व वृद्धि हासिल करने के लिए तैयार हैं और उनकी वैश्विक बाजार हिस्सेदारी बढ़ेगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि अनुमानित वृद्धि तीन बातों पर निर्भर करती है - अमेरिका में मजबूत खुदरा बिक्री और अन्य निर्यात बाजारों में आगामी त्योहारी मौसम के लिए बेहतर परिदृश्य, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर निरंतर ध्यान देना और बड़े ग्राहकों द्वारा अपनाई गई 'चाइना प्लस वन' सोर्सिंग रणनीति। एजेंसी के अनुसार, कुल 55,000 करोड़ रुपये के घरेलू वस्त्र उद्योग में निर्यात का हिस्सा 60 प्रतिशत है, जिसमें टेरी तौलिए, चादरें / स्प्रेड, तकिये के कवर, पर्दे, कालीन आदि शामिल हैं।
- नयी दिल्ली। सोनालिका ट्रैक्टर्स की कुल ट्रैक्टर बिक्री अक्टूबर में 5.3 प्रतिशत बढ़कर 17,130 इकाई रही। इससे पिछले साल की समान अवधि में कंपनी ने 16,268 ट्रैक्टर बेचे थे। कंपनी ने मंगलवार को बयान में कहा अप्रैल-अक्टूबर के दौरान उसकी कुल ट्रैक्टर बिक्री 6.56 प्रतिशत बढ़कर 85,068 इकाई रही है। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में कंपनी ने 79,829 ट्रैक्टर बेचे थे। सोनालिका ट्रैक्टर्स के कार्यकारी निदेशक रमन मित्तल ने कहा कि कंपनी ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के बाद से ही अपनी तैयारियां शुरू कर दी थीं। उन्होंने कहा, ‘‘आमतौर पर किसान त्योहारों के समय अपनी मौजूदा ट्रैक्टरों का अद्यतन करते हैं।
- नयी दिल्ली। टाटा समूह की खुदरा कंपनी ट्रेंट लिमिटेड ने मंगलवार को बताया कि सितंबर, 2021 को समाप्त दूसरी तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध मुनाफा 79.99 करोड़ रहा। ट्रेंट ने बीएसई को दी गई सूचना में कहा कि कंपनी को एक साल पहले जुलाई-सितंबर तिमाही में 78.56 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था। जुलाई-सितंबर, 2021 के दौरान कंपनी की परिचालन आय दोगुना होकर 1,178.08 करोड़ रुपये हो गयी, जो एक साल पहले की समान अवधि में 585.37 करोड़ रुपये थी। तिमाही के दौरान कंपनी का कुल खर्च 1,116.56 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले के 708.20 करोड़ रुपये के मुकाबले 57.66 प्रतिशत अधिक है।
- नयी दिल्ली। महानायक अमिताभ बच्चन के 'मधुशाला के नॉन फंजीबल टोकन (एनएफटी) संग्रह', हस्ताक्षर किये गए पोस्टर और संग्रहणीय वस्तुओं को 'बियॉन्डलाइफ' क्लब द्वारा आयोजित नीलामी के पहले दिन 520,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 3.8 करोड़ रुपये) की बोलियां प्राप्त हुई हैं। अगस्त में, रिती एंटरटेनमेंट और 'गार्जियन लिंक डॉट आईओ' के बीच एक उद्यम 'बियॉन्डलाइफ डॉट क्लब' ने घोषणा की थी कि बच्चन मंच पर अपना एनएफटी संग्रह शुरू करेंगे। एनएफटी एक डिजिटल लेजर पर संग्रहीत डेटा की एक इकाई है, जिसे ब्लॉकचेन कहा जाता है। यह डिजिटल संपत्ति को अद्वितीय होने को प्रमाणित करता है और इसलिए यह विनिमेय योग्य नहीं होता। एनएफटी का उपयोग फोटो, वीडियो, ऑडियो और अन्य प्रकार की डिजिटल फाइलों जैसी वस्तुओं का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया जा सकता है।
- मुंबई। सार्वजनिक क्षेत्र के भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने अपने डिजिटल मंच ‘योनो' पर पूर्व-स्वीकृत दोपहिया ऋण योजना की पेशकश की है। हालांकि, इसके लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा और ऋण राशि तीन लाख रुपये से कम होनी चाहिए। बैंक पहले ही ऑनलाइन या योनो ने आवेदन करने पर आवास ऋण के ब्याज पर 0.05 प्रतिशत की छूट देता है।बैंक ने एक बयान में कहा कि एसबीआई के सभी पात्र ग्राहक योनो ऐप के जरिये बिना किसी शाखा में जाए डिजिटल दोपहिया ऋण का लाभ उठा सकते हैं। एसबीआई ने कहा कि ग्राहक ‘ईजी राइड' ऋण के तहत अधिकतम तीन लाख रुपये और न्यूनतम 20,000 रुपये का कर्ज अधिकतम चार साल के लिए ले सकते हैं और इसके लिए 10.5 प्रतिशत प्रतिवर्ष की दर से ब्याज लगेगा।
- नयी दिल्ली ।जर्मनी की लक्जरी कार विनिर्माता ऑडी को उम्मीद है कि अगले कुछ वर्षों के दौरान भारत में उसका कारोबार तेजी से बढ़ेगा। इसको देखते हुए कंपनी अपने बिक्री नेटवर्क का विस्तार करने तथा इलेक्ट्रिक वाहनों सहित नए उत्पादों को पेश करने की योजना बना रही है। ऑडी इंडिया के प्रमुख बलबीर सिंह ढिल्लों ने कहा, ‘‘हम इस साल पहले ही आठ उत्पाद पेश कर चुके हैं और क्यू5 इस महीने नौवां उत्पाद होगा। साल के पहले नौ महीनों में, पिछले साल की समान अवधि की तुलना में बिक्री लगभग 123 प्रतिशत बढ़ी।'' उन्होंने कहा, ‘‘इस दौरान देश के लक्जरी कार खंड में 41 फीसदी की वृद्धि हुई। उन्होंने कहा कि बीएस-4 से बीएस-6 व्यवस्था में बदलाव के दौरान कंपनी प्रभावित हुई, लेकिन अब चीजें वापस पटरी पर आ गई हैं। ऑडी ने पिछले साल अप्रैल से भारत में अपनी डीजल गाड़ियों को बंद कर दिया और तब से कंपनी पेट्रोल और इलेक्ट्रिक मॉडल पर ध्यान केंद्रित कर रही है। ढिल्लों ने कहा कि क्यू5 की पेशकश के साथ इस साल तथा अगले साल इसका बिक्री पर सकारात्मक असर देखने को मिलेगा। इस दौरान उन्होंने उच्च दोहरे अंक की वृद्धि हासिल करने की उम्मीद जताई।
- नयी दिल्ली। वैश्विक बाजारों में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में कल रात तेजी लौटने के बीच राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोना 53 रुपये मजबूत होकर 46,844 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 46,791 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी की कीमत भी 45 रुपये की तेजी के साथ 63,333 रुपये प्रति किलोग्राम हो गयी। पिछले कारोबारी सत्र में यह 63,288 रुपये प्रति किलो बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी क्रमश: 1,793 डॉलर प्रति औंस और 23.95 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रहे। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, अमेरिका के जिंस एक्सचेंज कॉमेक्स में सोने की हाजिर कीमत मंगलवार को 1,793 डॉलर प्रति औंस पर अपरिवर्तित रहने से सोने की कीमतों में स्थिरता रही।
- नयी दिल्ली। घरेलू इस्पात विनिर्माता जेएसपीएल ने मंगलवार को कहा कि चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही के दौरान उसका संचयी शुद्ध लाभ लगभग तीन गुना होकर 2,584 करोड़ रुपये रहा।जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड (जेएसपीएल) ने शेयर बाजार को बताया कि एक साल पहले की इसी अवधि में उसका शुद्ध लाभ 897 करोड़ रुपये था।कंपनी ने बताया कि जुलाई-सितंबर तिमाही के दौरान कंपनी की कुल आय बढ़कर 13,615 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 8,295 करोड़ रुपये थी। समीक्षाधीन अवधि में कंपनी का खर्च बढ़कर 10,109 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 7,066 करोड़ रुपये था ।
-
नयी दिल्ली। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने जरूरी पंजीकरण कराए बिना निवेश सलाहकार सेवाएं देने के लिए प्रोफिशिएंट रिसर्च और उसके भागीदारों पर पूंजी बाजार में कामकाज पर चार साल का प्रतिबंध लगा दिया है। निवेश सलाहकार विनियम, 2013 के तहत ऐसा प्रमाणन अनिवार्य है।
प्रोफिशिएंड के इन भागीदारों में विधि सिंह परिहार, मोहम्मद सोहेल खान और अल्तमश शेख शामिल हैं। खान के खिलाफ कोई निर्देश जारी नहीं किया गया है क्योंकि वह केवल दो महीने के लिए भागीदार थे और उन्होंने एक सितंबर, 2014 से इस्तीफा दे दिया था। प्रोफिशिएंट रिसर्च ने जुलाई 2014 से नवंबर 2016 के दौरान परामर्श शुल्क के नाम पर करीब 48 लाख रुपये जुटाए थे। सेबी ने प्रोफिशिएंट, विधि सिंह परिहार और अल्तमश शेख को प्रॉफिशिएंट रिसर्च के नाम पर की गयी गैर पंजीकृत निवेश सलाहकार गतिविधियों के संबंध में ग्राहकों/निवेशकों से शुल्क या किसी भी दूसरे रूप में मिले पैसे को तीन महीने के भीतर वापस करने का निर्देश दिया है।
























.jpg)


.jpg)