भिलाई में राजमिस्त्री ने लगा ली फांसी...! पुलिस जांच में जुटी
भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में सारंगढ़ के माल्दा गांव निवासी गेंदराम रात्रे 46 साल ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। गेंदराम पेशे से राजमिस्त्री था और अपनी पत्नी के साथ स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में पुष्पक नगर में काम करने आया था। गेंदराम की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे पढऩे की कोशिश की जा रही है।
स्मृति नगर चौकी प्रभारी प्रमोद श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें शुक्रवार दोपहर को सूचना मिली थी कि पुष्पक नगर में सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पेड़ की डाली से लटका हुआ है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। तलाशी लेने पर मृतक के पैंट की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट पढऩे में नहीं आ रहा है। पुलिस ने उसे जब्त कर लिया है, जिसे एक्सपर्ट से पढ़वाया जाएगा। वहीं उसकी शर्ट की जेब से आधार कार्ड, गुटखा और कागज के टुकड़े मिले हैं। आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान गेंदराम के रूप में हुई। जेब से मिले कागज में दो मोबाइल नंबर मिले, जिसमें एक गेंदराम के बड़े भाई और दूसरा उसके बेटे का था। पुलिस ने उन नंबर में फोन करके जानकारी दी तो पता चला की उसकी पत्नी भी यहीं उसके साथ है। पुलिस गेंदराम की पत्नी और परिजनों से पूछताछ कर रही है।
Leave A Comment