नवा तरिया आय के जरिया’ अभियान से ग्रामीणों को मिली नई आजीविका की राह
0- ग्राम सभाओं में जल संरक्षण एवं आय बढ़ाने के उपायों की दी गई जानकारी
रायपुर. जनपद पंचायत आरंग अंतर्गत 14 अप्रैल से 16 अप्रैल तक विभिन्न ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इन ग्राम सभाओं में ‘मोर गांव मोर पानी’ महाअभियान के तहत ‘नवा तरिया आय के जरिया’ योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
ग्राम सभाओं के दौरान ग्रामीणजनों को नए तालाब (नवा तरिया) निर्माण से होने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा अधिक से अधिक संख्या में तालाब निर्माण हेतु प्रेरित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, युवाओं एवं ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही।
उच्च कार्यालय से प्राप्त निर्देशानुसार जनपद पंचायत आरंग के 16 ग्राम पंचायतों में 20 नवा तरिया (नए तालाब) निर्माण कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई है। साथ ही अन्य ग्राम पंचायतों से भी प्रस्ताव प्राप्त हो रहे हैं, जिन्हें शीघ्र ही प्रशासकीय स्वीकृति हेतु अग्रेषित किया जाएगा।
यह कार्य विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) VB-G RAM G के माध्यम से कराया जा रहा है। योजना के तहत नवा तरिया निर्माण से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे तथा भू-जल स्तर में सुधार आएगा।
नवनिर्मित तालाबों में मत्स्य पालन को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे स्व-सहायता समूहों एवं स्थानीय युवाओं की आय में वृद्धि होगी। इसके साथ ही तालाबों के आसपास उन्नत कृषि एवं सिंचाई की व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे रबी फसलों के लिए जल उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
तालाब के मेढ़ों पर फलदार वृक्ष जैसे कटहल, मुनगा, पपीता, नींबू एवं आम के पौधों का रोपण किया जाएगा तथा ‘बाड़ी’ विकास के माध्यम से सब्जी उत्पादन को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को अतिरिक्त आय प्राप्त होगी।
यह समग्र कार्य अभिसरण के तहत कृषि, उद्यानिकी एवं मत्स्य पालन विभाग के सहयोग से किया जाएगा। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन के नेतृत्व में यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हो रही है।
--











.jpg)

Leave A Comment