चौदह वर्ष की जेंसी ने सानिया का 24 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, फाइनल में पहुंची
कोलकाता। चौदह वर्ष की जेंसी कानाबर पेशेवर एकल फाइनल में पहुंचने वाली सबसे युवा भारतीय महिला टेनिस खिलाड़ी बन गई जिन्होंने सानिया मिर्जा का 24 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा । गुजरात की जेंसी ने नीदरलैंड की फ्लोरेंटाइन डेकेर्स को एचसीएल आईटीएफ डब्ल्यू15 कोलकाता टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में 6 . 1, 6 . 0 से हराया । चौदह वर्ष 11 महीने की जेंसी का सामना अब शीर्ष वरीयता प्राप्त इंडोनेशिया की प्रिस्का मेडेलिन नुगरोहो से होगा । सानिया ने 2002 में रिकॉर्ड बनाया था जब वह 15 वर्ष और 10 महीने की उम्र में हैदराबाद आईटीएफ एकल फाइनल में पहुंची थी । जेंसी ने अब तक चारों मुकाबले एक भी सेट गंवाये बिना जीते हैं । पहले मैच में हमवतन रिया सचदेवा को 6 . 1, 6 . 2 से हराने के बाद उन्होंने डेनमार्क की एलेना जे को 6 . 3, 6 . 0 से हराया । क्वार्टर फाइनल में उन्होंने रूस की मारिया कालयाकिना को 7 . 6, 6 . 2 से मात दी । दूसरे सेमीफाइनल में नुगरोहो ने थाईलैंड की कामोंवान योडपेच को 6 . 1, 6 . 4 से हराया ।










Leave A Comment