सत्येंद्र कर व टीकम वर्मा की जोड़ी बैडमिंटन युगल के फाइनल में
-रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई-2: स्व. देवेंद्र कर स्मृति बैडमिंटन युगल प्रतियोगिता
रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई-2 (इंडोर गेम) के तहत आयोजित स्व. देवेंद्र कर स्मृति बैडमिंटन युगल प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को सेमीफाइनल और क्वार्टर फाइनल मैच खेले गए। यूनियन क्लब में खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में सत्येंद्र कर व टीकम वर्मा की जोड़ी ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अमित मिश्रा व शुभम वर्मा को 30-15 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
मुकाबले की शुरुआत से ही सत्येंद्र और टीकम ने आक्रामक खेल दिखाया। दोनों खिलाड़ियों के बीच तालमेल शानदार रहा और उन्होंने स्मैश व नेट प्ले के जरिए लगातार अंक बटोरे। अमित और शुभम ने वापसी की कोशिश की, लेकिन विपक्षी जोड़ी ने उन्हें ज्यादा अवसर नहीं दिए।
इससे पहले क्वार्टर फाइनल में अमित मिश्रा व शुभम वर्मा की जोड़ी ने सत्यप्रकाश दुबे व इम्तियाज अंसारी की जोड़ी को 30-22 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। यह मुकाबला अपेक्षाकृत संघर्षपूर्ण रहा, जिसमें दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। अंततः अमित और शुभम ने संयमित खेल दिखाते हुए जीत अपने नाम की।
ग्रुप ए के नॉकआउट दौर में भी रोचक मुकाबले हुए। टिकेश्वर पटेल व अभिषेक की जोड़ी ने राजेंद्र निगम व शंकर चंद्राकर की जोड़ी को 30-13 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इस मैच में टिकेश्वर और अभिषेक ने शुरुआत से बढ़त बनाए रखी और एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की। इसी क्रम में चंदन साहू व सुशील अग्रवाल की जोड़ी ने हिमांशु शर्मा व सुखनंदन बंजारे को 30-8 से हराकर अपनी ताकत का परिचय दिया। यह मुकाबला पूरी तरह एकतरफा रहा, जिसमें विजेता जोड़ी ने आक्रामक खेल से विपक्षी टीम को दबाव में रखा।
वहीं संतोष साहू (सीनियर) व शुभोदय सिकदार की जोड़ी ने लविंदर सिंघौत्रा व रोहित बर्मन को 30-17 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। इस मैच में अनुभव और सामंजस्य का बेहतर तालमेल देखने को मिला, जिसने जीत की राह आसान की। मैच के निर्णायक विजय मिश्रा, कमलेश गोगिया, सत्येंद्र कर, टीकम वर्मा, चंदन साहू व लविंदर सिंघोत्रा रहे।
आज के मैच--
19 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से युगल के क्वार्टर फाइनल, दूसरा सेमीफाइनल व फाइनल मैच खेले जाएंगे। सभी खिलाड़ियों को निर्धारित समय पर यूनियन क्लब में उपस्थित होना अनिवार्य है।
1. चंदन साहू-सुशील अग्रवाल/संतोष साहू-शुभोदय सिकदार के बीच (क्वार्टर फाइनल)
2. रामेश्वर मिश्रा-विजय गुर्जर/टिकेश्वर पटेल-अभिषेक सिंह के बीच (क्वार्टर फाइनल)
3. दूसरा सेमीफाइनल : दोनों क्वार्टर फाइनल की विजेता टीम के बीच
3. फाइनलः सत्येंद्र कर-टीकम वर्मा/दूसरा सेमीफाइनल विजेता के बीच











Leave A Comment