कॉल सेंटर बना राहत का माध्यम, 2 घंटे में सुलझी गैस सिलेंडर की समस्या
-जिला हेल्पलाइन में शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, मिला नया सिलेंडर
-नागरिक ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
रायपुर / आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संचालित जिला हेल्पलाइन नंबर एक बार फिर प्रभावी साबित हुई है। गुढ़ियारी, श्रीनगर रोड निवासी श्री सुरेंद्र अग्रवाल को गैस सिलेंडर की समस्या से जूझना पड़ रहा था, जिसका समाधान हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के मात्र दो घंटे के भीतर कर दिया गया। श्री अग्रवाल के घर का गैस सिलेंडर समाप्त होने के बाद उन्होंने नया सिलेंडर बुक किया था। सिलेंडर तो समय पर प्राप्त हो गया, लेकिन उसका नोजल खराब होने के कारण उसका उपयोग संभव नहीं हो पा रहा था। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक सहायता नहीं मिल सकी। लगातार हो रही असुविधा के कारण परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसी दौरान उन्हें जिला हेल्पलाइन नंबर, कॉल सेंटर की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होने के बाद जिला प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया। परिणामस्वरूप मात्र दो घंटे के भीतर नया गैस सिलेंडर उपलब्ध करा दिया गया, जिससे समस्या का तत्काल समाधान हो गया। त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए श्री अग्रवाल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय तथा जिला प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 9977222564, 9977222574, 9977222584 और 9977222594 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।










.jpg)
Leave A Comment