संघर्ष से सफलता तक: धमधा की नम्रता यादव ने 92% अंक के साथ रचा इतिहास
दुर्ग। दुर्ग जिले के धमधा स्थित बजरंग चौक की रहने वाली छात्रा नम्रता यादव ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और दृढ़ संकल्प के आगे आर्थिक कठिनाइयाँ भी छोटी पड़ जाती हैं। सरस्वती शिशु मंदिर, धमधा की इस मेधावी छात्रा ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाई स्कूल परीक्षा 2026 में 92 प्रतिशत अंक (कुल 552) प्राप्त कर प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की और पूरे नगर का नाम रोशन किया।
नम्रता के विषयवार अंक इस प्रकार हैं—
हिंदी: 97,
अंग्रेज़ी: 89,
संस्कृत: 87,
गणित: 97,
विज्ञान: 86,
सामाजिक विज्ञान: 96 अंक
गणित और हिंदी में उनके उत्कृष्ट अंक उनकी मजबूत शैक्षणिक पकड़ को दर्शाते हैं।
नम्रता का परिवार साधारण आय वर्ग से जुड़ा है। उनके पिता श्री धन्नुलाल यादव साइकिल से गांव-गांव जाकर छोटा व्यापार करते हैं, जबकि दादा जी श्री संतु यादव गाय चराकर एवं दूध बेचकर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करते हैं।
सीमित संसाधनों के बावजूद नम्रता ने अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित रखा। परिवार के सहयोग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपनी निरंतर मेहनत के बल पर उन्होंने यह सफलता अर्जित की।
नम्रता की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बन गई है। यह सफलता उन विद्यार्थियों के लिए स्पष्ट संदेश है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदार हो, तो किसी भी परिस्थिति में सफलता प्राप्त की जा सकती है।
उनके चाचा श्री राजू लाल यादव फोटोग्राफी के क्षेत्र में कार्यरत हैं, वहीं दूसरे चाचा श्री अनिल यादव ‘बबलू हिंद एथलेटिक्स क्लब’ के माध्यम से युवाओं को सेना में भर्ती के लिए निशुल्क प्रशिक्षण देकर समाज सेवा का कार्य कर रहे हैं।













Leave A Comment