मजदूर दिवस पर 21 कुम्हारों को इलेक्ट्रिक चाक, 200 ई-रिक्शा चालकों को आर्थिक सहायता
दुर्ग / अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर दुर्ग स्थित सेवा सदन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने अपने कर कमलों से हितग्राहियों को इलेक्ट्रिक चाक और अनुदान राशि का चेक वितरित किया। छत्तीसगढ़ माटीकला बोर्ड (ग्रामोद्योग विभाग) के माध्यम से दुर्ग जिले के 21 पंजीकृत कुम्हारों को निःशुल्क इलेक्ट्रिक चाक वितरित किए गए। इस योजना से प्रत्येक परिवार के तीन सदस्य लाभान्वित होंगे, जिससे कुल 63 लोगों को स्वरोजगार से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
इसके साथ ही कार्यक्रम में 200 ई-रिक्शा चालकों को पांच-पांच हजार रुपये की स्वेच्छानुदान राशि भी प्रदान की गई। इस सहायता से चालकों को आर्थिक मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार श्रमिकों और छोटे व्यवसायियों को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रही है, ताकि हर हाथ को रोजगार मिल सके। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ माटी कला बोर्ड के प्रबंधक श्री साकेत, श्री सुरेन्द्र कौशिक, श्री शिवेन्द्र परिहार, श्री कमलेश फेकर, श्री बंटी हरीश चौहान, श्री कौशल साहू, श्री महेन्द्र लोढ़ा, कुंभकार समाज के अध्यक्ष श्री इंद्र कंुभकार, पार्षद श्री मनीष साहू एवं श्री गोविंद देवांगन उपस्थित थे।













Leave A Comment