मुंगेली पुलिस की पहल: 23 बच्चों ने किया रायपुर एयरपोर्ट का शैक्षणिक भ्रमण, पायलट बनने के लिए हुए प्रेरित
मुंगेली। पुलिस परिवार कल्याण योजना के तहत मुंगेली पुलिस द्वारा एक अभिनव पहल करते हुए पुलिस कर्मियों के बच्चों को कैरियर मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डा का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान कुल 23 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और उड्डयन क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम के संरक्षण, पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को रक्षा सेवाओं एवं नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों से अवगत कराना और उन्हें पायलट जैसे प्रतिष्ठित पेशे के लिए प्रेरित करना था।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को हवाई अड्डे की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था और विमान संचालन की बारीकियों से परिचित कराया गया। साथ ही भारतीय वायु सेना, थल सेना, नौसेना, तटरक्षक बल, नागरिक उड्डयन एवं सीआईएसएफ में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम का समन्वय जिला पुलिस मुंगेली द्वारा बीसीएएस रायपुर के सहयोग से किया गया।
इस अवसर पर बच्चों को फाइटर पायलट विंग कमांडर विवेक कुमार साहू एवं भारतीय वायु सेना के अन्य अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर भी मिला। अधिकारियों ने पायलट एवं तकनीकी विशेषज्ञ बनने की प्रक्रिया, आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, शारीरिक मापदंड और चिकित्सा मानकों की जानकारी साझा की।
विद्यार्थियों को प्रशिक्षण विमान का अवलोकन भी कराया गया, जहां उन्होंने कॉकपिट के उपकरणों और नियंत्रण प्रणाली को नजदीक से देखा। यह अनुभव उनके लिए अत्यंत उत्साहजनक और प्रेरणादायक साबित हुआ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि पुलिस परिवार के बच्चों को बेहतर मार्गदर्शन और अवसर मिल सकें। यह पहल न केवल ज्ञानवर्धक रही, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हुई।













Leave A Comment