कलेक्टर ने सेवा सहकारी समिति परसतराई में पहुँचकर व्यवस्थाओं का किया अवलोकन
0- खाद, बीज की उपलब्धता एवं वितरण आदि के संबंध में ली जानकारी
बालोद. कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज गुण्डरदेही विकासखण्ड के सेवा सहकारी समिति मर्यादित परसतराई में पहुँचकर वहाँ के व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आगामी खरीफ सीजन में किसानों को समुचित मात्रा में खाद, बीज उपलब्ध कराने हेतु सेवा सहकारी समिति में खाद, बीज की समुचित उपलब्धता एवं उनके वितरण के संबंध में सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक एवं कर्मचारियों से जानकारी ली। श्रीमती मिश्रा ने समिति प्रबंधक से खाद, बीज के मांग हेतु पत्र प्रेषित करने के संबंध में भी जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने मौके पर उपस्थित किसानों से चर्चा कर सेवा सहकारी समिति परसतराई में खाद, बीज की उपलब्धता एवं वितरण आदि के व्यवस्थाओं के संबंध में पूछताछ की। कलेक्टर ने कहा कि डीएपी खाद का आयात अन्य देशों से किया जाता है। जिसके फलस्वरूप इसके भण्डारण में कभी-कभी थोड़ा समय लग जाता है। लेकिन शासन द्वारा इसके विकल्प के रूप में अन्य खाद की भी समुचित उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। श्रीमती मिश्रा ने मौके पर उपस्थित सभी कृषकों को अनिवार्य रूप से मृदा परीक्षण कार्ड बनाने तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से इसके संबंध में नियमित रूप से जानकारी प्राप्त करने की समझाईश दी। इस दौरान उन्होंने किसानों को भविष्य में जल संकट के रोकथाम उपाय सुनिश्चित करने हेतु ग्रीष्मकालीन धान के बदले कुसुम, चना, सरसों तथा अन्य दलहन एवं तिलहन फसलों का उत्पादन करने को कहा। उन्होंने कहा कि इन फसलों के उत्पादन में धान की अपेक्षा पानी की खपत कम होने के अलावा इसमें कम मेहनत तथा आमदनी भी अधिक होती है। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी ने भी किसानों को आवश्यक जानकारियां दी। इस मौके पर उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्री आरपी राठिया एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।








.jpg)
.jpg)


Leave A Comment